स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड का नया वेरिएंट मिलने की रिपोर्ट का खंडन किया

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड के नए वेरिएंट XE के मुंबई में मिलने की रिपोर्टों का खंडन किया है. इससे कुछ घंटे पहले ही मुंबई नगर निगम ने कोरोना के XE वेरिएंट से संक्रमण का पहला मामला सामने आने की जानकारी दी थी.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से भारतीय मीडिया में प्रकाशित रिपोर्टों में कहा गया है कि आईएनएसएसीओजी (इंस्कॉग) के जेनोमिक विशेषज्ञों ने XE वेरिएंट का पहला मामला बताए जा रहे मरीज़ की फ़ाइलों का विस्तृत विश्लेषण किया है और पाया है कि ये वेरिएंट XE वैरिएंट के जेनोमिक सीक्वेंस से मेल नहीं खाता है.
समाचार वेबसाइट डीएनए और मनी कंट्रोल ने स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारिक सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है.
बीएमसी के मुताबिक़ मंगलवार को मुंबई में 230 सैंपल्स की जाँच हुई थी, जिनमें से 228 ओमिक्रॉन से संक्रमित थे, इनमें से एक XE और एक अन्य कापा वेरिएंट से संक्रमित था.
बीएमसी की तरफ से बताया गया है कि एक्सई वेरिएंट से संक्रमित व्यक्ति में कोई गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं.
भारत में ओमिक्रॉन वेरिएंट का असर उतना नहीं दिखा था, जितना डेल्टा का था. अब भी भारत में क़रीब एक हज़ार कोरोना संक्रमण के मामले हर दिन आ रहे हैं.
भारत में कोविड महामारी से मरने वालों की कुल संख्या पाँच लाख 21 हज़ार से भी अधिक है.


















