You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत-नेपाल के बीच पहली रेल सेवा का उद्घाटन, देउबा बोले- सीमा विवाद सुलझाने के लिए साझा व्यवस्था बने

भारत और नेपाल ने शनिवार को सीमा पार रेलवे नेटवर्क समेत कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस मौके पर भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने कहा कि दोनों देशों के बीच चल रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए कोई साझा व्यवस्था बने.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. भारत-नेपाल के बीच पहली रेल सेवा का उद्घाटन, देउबा बोले- सीमा विवाद सुलझाने के लिए साझा व्यवस्था बने

    भारत और नेपाल ने शनिवार को सीमा पार रेलवे नेटवर्क समेत कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया.

    इस मौके पर भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने कहा कि दोनों देशों के बीच चल रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए कोई साझा व्यवस्था बने.

    दोनों देशों के आपसी हितों के मुद्दों पर बातचीत के बाद भारत के पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने बिहार के जयनगर से नेपाल के कुर्था तक रेल नेटवर्क का वर्चुअल मोड के जरिये उद्घाटन किया.

    इसके साथ ही 90 किलोमीटर की एक पावर ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन किया गया. दोनों पीएम ने नेपाल में रूपे पे-कार्ड भी लॉन्च किया.

    बिजली,स्वच्छ ऊर्जा और पेट्रोलियम सप्लाई पर समझौते

    भारत और नेपाल के बीच दो साल पहले सीमा विवाद को लेकर तनातनी हुई थी. लेकिन देउबा के दौरे पर इसकी छाया नहीं दिखाई पड़ी. इस मौके पर दोनों देशों ने आपसी सहयोग के लिए एक विजन डॉक्यूमेंट पेश किया.

    इसके तहत बिजली क्षेत्र में सहयोग और नेपाल को पेट्रोलियम प्रोडक्ट की सप्लाई के लिए समझौते किए गए. स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग के लिए भी समझौते हुए.

    मोदी और देउबा ने पत्रकारों से कहा कि दोनों के बीच बातचीत में सीमा से जुड़े सवालों पर बातचीत हुई. देउबा का कहना था कि सीमा विवाद सुलझाने के लिए दोनों देश के बीच संयुक्त व्यवस्था बने.

    दोनों के बीच बातचीत में मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा का अवांछित तत्वों की ओर से दुरुपयोग न होने दिया जाए.

    दोनों पीएम की ओर से पत्रकारों से बातचीत के बाद भारत के विदेश सचिव हर्षवर्द्धन श्रृंगला ने कहा कि दोनों देशों के बीच यही समझ बनी है कि द्विपक्षीय मुद्दों को आपसी बातचीत के जरिये जिम्मेदाराना तरीके से सुलझाया जाए. मुद्दों का राजनीतिकरण न हो.

    दोनों देशों के रिश्तों में 2020 में उस वक्त तनाव दिखा था जब नेपाल ने एक ऐसा राजनीतिक नक्शा प्रकाशित किया था, जिसमें भारत के लिम्पियाधुरा, कालापानी और लिपुलेख को उसका हिस्सा दिखाया गया था.

    नेपाली नेता बोले, दोनों देशों में रोटी-बेटी का रिश्ता और मजबूत होगा

    नेपाल के राजनीतिक दल लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि भारत-नेपाल के बीच पहली ब्रॉड गेज रेल सेवा की शुरुआत से दोनों पड़ोसी देशों के बीच सदियों से चला आ रहा रोटी-बेटी का रिश्ता और मजबूत होगा.

    लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के नेता राकेश मिश्रा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "जयनगर-कुर्था रेल सेवा से दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध और मजबूत होंगे. इस रेल सेवा से भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता और बढ़ेगा. इससे दोनों मुल्कों के लोग और करीब आएंगे."

    ये रेल सेवा बिहार के जयनगर से जनकपुर (नेपाल) के कुर्था स्टेशन को जोड़ेगी. जयनगर-कुर्था रेल खंड 68.7 किलोमीटर लंबे जयनगर-बिजलपुर-बरबीदास रेल लिंक का हिस्सा है. ये नेपाल को भारत सरकार की ओर से दी गई 8.77 अरब नेपाली रुपये की मदद से तैयार किया जा रहा है.

    राकेश मिश्रा का कहना है कि इस रेल सेवा से न केवल सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक संबंध मजबूत होंगे बल्कि दोनों देशों के बीच पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. अधिकारियों ने बताया कि दोनों देश जयनगर-कुर्था रेलवे सेक्शन में आठ स्टेशन, छह रेलवे हॉल्ट और 47 रोड क्रॉसिंग होंगे.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, राजस्थान: करौली में नवरात्र पर बाइक रैली में हिंसा, शहर में कर्फ्यू लगाया गया

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के करौली ज़िले में पहले नवरात्र पर हिंदू संगठनों की ओर से शनिवार शाम निकली जा रही बाइक रैली पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाज़ी की जिसके बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए.

    शहर की क़रीब आधा दर्जन दुकानों में आग लगा दी गई. रिपोर्टें हैं कि दो मोटर साइकिलें भी जलाई गई हैं. ज़िला प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है.

    शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और इंटरनेट सेवाएं बंद करने के लिए भी प्रशासन तैयारी कर रहा है.

    राजस्थान पुलिस के एडिशनल डायरेक्टर गोविंद पारीक ने जानकारी दी, "करौली में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 50 पुलिस अधिकारियों सहित 600 से अधिक पुलिसकर्मियों को करौली में तैनात किया है. एडीजी संजीव नार्झरी, आईजी भरत मीणा, डीआईजी राहुल प्रकाश एवं एसपी मृदुल कछवाहा भी तैनात किए गए हैं. आईजी भरतपुर प्रफुल कुमार खमेसरा और आईजी कानून व्यवस्था भरत मीणा पंहुचे मौके पर हैं."

    करौली के कलेक्टर राजेंद्र सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "कानून व्यवथा बनाए रखने के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन कंट्रोल में है."

    करौली ज़िले में इन दिनों कैला देवी का मेला भी जारी है जिसमें राजस्थान समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्यप्रदेश समेत देश भर से लाखों श्रद्धालुओं का आना जारी है.

    इसे देखते हुए भी पुलिस प्रशासन किसी तरह से कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ने देने के प्रयास कर रहा है.

    इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया है, "करौली में हुई घटना को लेकर डीजी, पुलिस से बात कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली है. पुलिस को हर उपद्रवी से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं. मैं आमजन से अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें."

    अतिरिक्त महानिदेशक कानून व्यवस्था व्वस्था हवा सिंह घुमरिया ने भी शांति की अपील है.

  3. पेट्रोल-डीज़ल के दाम से जुड़े सवाल पर भड़के योग गुरु रामदेव

    योग गुरु रामदेव तेल के दाम पर पूछे गए सवाल को लेकर एक पत्रकार पर भड़क गए और उन्हें धमकाने लगे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

    हरियाणा के करनाल में एक कार्यक्रम में महंगाई पर योग गुरु रामदेव बोल रहे थे उसी दौरान एक पत्रकार ने उनसे उनके एक पुराने बयान पर स्पष्टीकरण मांगा.

    रामदेव ने यूपीए-2 सरकार के समय एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि देश में पेट्रोल 40 रुपये प्रति लीटर और गैस सिलेंडर 300 रुपये का होना चाहिए. इस बयान पर सवाल पूछने के बाद रामदेव पत्रकार पर भड़क गए.

  4. महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने प्रभाकर साइल की मौत को बताया संदिग्ध, दिए जांच के आदेश

    आर्यन खान ड्रग्स केस में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के स्वतंत्र गवाह प्रभाकर साइल की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है. पुलिस ने ये जानकारी दी है. महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने साइल की मौत को संदिग्ध करार दिया है और डीजीपी रजनीश सेठ को इसकी जांच कराने को कहा है.

    पुलिस ने इससे पहले दिन में कहा था कि 37 साल के प्रभाकर साइल को शुक्रवार को अपने घर माहुल (मुंबई) में दिल का दौरा पड़ा था. उसके बाद उसे घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को एक सीनियर पुलिस अफसर ने बताया कि प्रभाकर साइल पिछले कुछ दिनों से माहुल में किराये के एक मकान में रह रहा था. इस बात का अभी पता नहीं चल पाया है कि वह इसमें क्यों शिफ्ट हुआ था.

    प्रभाकर साइल के वकील तुषार खंडारे ने पुष्टि की है कि साइल की मौत हार्ट अटैक से हुई है. प्रभाकर साइल के परिवार को इसमें किसी साजिश की आशंका नहीं है.

    प्रभाकर साइल ने एनसीबी के गवाह केपी गोसावी का बॉडीगार्ड होने का दावा किया था. उसने हलफनामा दायर कर कहा था आर्यन खान को छोड़ने के लिए उसने गोसावी को किसी से 25 करोड़ रुपये का सौदा करते सुना था.

    एनसीबी ने बाद में कोर्ट में कहा था कि प्रभाकर साइल अपनी गवाही से मुकर गया था.

    बॉलीवुड स्टार शाहरुख खाने के बेटे आर्यन खान को पिछले साल 3 अक्टूबर को मुंबई समुद्र तट पर एक क्रूज से गिरफ्तार किया गया था.

    आर्यन और उनके साथ 19 लोगों को एनडीपीसी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था. उन लोगों पर ड्रग्स रखने, इसका सेवन और खरीद-बिक्री करने का आरोप था.

    इस मामले में आर्यन समेत 18 लोगों को जमानत मिल गई थी, जबकि दो अन्य लोग अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं.

  5. दो सिर और तीन हाथ वाले बच्चे क्यों पैदा होते हैं?

    हाल ही में मध्य प्रदेश के रतलाम में एक महिला ने एक ऐसे अनोखे बच्चे को जन्म दिया है जिसके दो सिर और तीन हाथ हैं. इस बच्चे को एक तरह की बॉडी डीफॉर्मिटी है और इस बच्चे की ये ख़ास स्थिति चर्चा में थी.

    बॉडी डिफॉर्मिटी के ख्याल से मन में बहुत सारे सवाल आ सकते हैं. इसमें से एक बड़ा सवाल ये है कि नवजात बच्चों के शरीर में विकृतियां आख़िर क्यों होती है और क्या इन विकृतियों का इलाज संभव है?

    रतलाम के इस बच्चे की बात की जाए तो डॉक्टरों के अनुसार इसे पेरापेगस डाईसिफलस है, जो आंशिक जुड़वापन का एक बहुत ही दुर्लभ प्रकार है. लेकिन विकृतियों के कई अन्य प्रकार भी हैं.

    इंदौर के एमवाई अस्पताल के डॉक्टर बृजेश कुमार लाहोती कहते हैं कि शरीर की इन विकृतियों को मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट कहा जा सकता है.

  6. तेंदुलकर से आगे निकले न्यूज़ीलैंड के टॉम लाथम, जन्मदिन पर सबसे अधिक रन का बनाया रिकॉर्ड

    न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज टॉम लाथम ने शनिवार को अपने बर्थडे पर वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक रन बना कर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

    शनिवार को उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ 123 गेंदों पर 140 रन की नाबादी पारी खेली. शनिवार को ही लाथम का जन्मदिन है.

    इससे पहले 24 अप्रैल को अपने जन्मदिन पर सचिन तेंदुलकर ने वनडे में सबसे अधिक रन बनाने का रिकार्ड बनाया था.

    तेंदुलकर ने 1998 में 24 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोका-कोला कप के फाइनल में 131 गेंद पर 134 रनों की पारी खेली थी.

    लाथम से पहले न्यूज़ीलैंड के एक और खिलाड़ी रॉस टेलर ने अपने जन्मदिन पर बड़ी पारी खेली थी. 2011 में उन्होंने वनडे में 131 रनों की पारी खेली थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक श्रीलंकाई बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने 2008 में अपने जन्मदिन पर एक वनडे मैच में 130 रन बनाए थे. वहीं भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली ने 1993 में अपने जन्मदिन पर 100 रन बनाए थे.

    शनिवार को नीदरलैंड के खिलाफ 123 गेंद की अपनी नाबाद पारी में लाथम ने दस चौके और पांच छक्के लगाए. सातवें विकेट के लिए उन्होंने ब्रेसवेल के साथ 90 रनों की साझेदारी की.

    न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए. जबकि, नीदरलैंड्स की टीम सिर्फ 146 रन पर आउट हो गई.

  7. बीबीसी इंडिया बोल, 02 अप्रैल 2022, भारत की विदेश नीति की तारीफ़ क्यों?, सुनिए मोहनलाल शर्मा से

  8. नेपाल में भारत की मदद से बन रहीं रेल लाइनों का काम कहां तक पहुंचा?

    भारत और नेपाल के बीच निर्माणाधीन रेलवे का उद्घाटन शनिवार को दोनों देशों के प्रधानमंत्री ने किया है.

    नेपाल में भारत के सहयोग से बन रही अंतरदेशीय रेलवे लाइन की एक बार फिर चर्चा हो रही है.

    नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने शनिवार को भारत की यात्रा के दौरान वर्चुएल माध्यम से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जयनगर-कुर्था रेल सेवा का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया.

    इस परियोजना में भारत ने रेल लाइन बिछाई है जबकि नेपाल ने अपने ख़र्च पर दो ट्रेनें ख़रीदी हैं. डेढ़ साल बाद इस सेवा का उद्घाटन हुआ है.

    शनिवार को उद्घाटन के बाद जयनगर-कुर्था रेलवे सेवा रविवार से शुरू हो जाएगी. ये नेपाल के धनुषा ज़िले को भारत के बिहार से जोड़ेगी.

    यह खंड भारतीय सहायता से निर्माणाधीन 69 किलोमीटर के जयनगर-जनकपुर-बरदीवास रेलवे का हिस्सा है.

  9. फेसबुक ने बिना बताए रोका एक्सेस, यूजर्स का फूटा गुस्सा

    अपना फेसबुक अकाउंट एक्सेस न कर पाने की वजह से दुनिया भर के कई यूजर्स ने कड़ी नाराजगी जताई है. शुक्रवार को कई फेसबुक यूजर्स के अकाउंट पर अचानक ये मैसेज दिखा, '' आपका फेसबुक अकाउंट डिजेबल हो गया है क्योंकि आपने हमारा कम्यूनिटी स्टैंडर्ड फॉलो नहीं किया है. यह फैसला बदला नहीं जा सकता.''

    अचानक इस तरह के मैसेज मिलने से नाराज एक यूजर ने बीबीसी से कहा कि इससे पहले फेसबुक की ओर से कोई चेतावनी नहीं दी गई थी. इस समस्या की कोई वजह भी नहीं बताई गई है. इस तरह की शिकायतें मिलने के बाद फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है.

    मेटा के एंडी स्टोन ने ट्वीट कर कहा, ''हमें पता है कि कुछ यूजर्स को अपना फेसबुक अकाउंट एक्सेस करने में दिक्कत आ रही है. हम जल्द से जल्द इस परेशानी को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं.''

    हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि इस समस्या से कितने लोग प्रभावित हुए और आखिर दिक्कत क्या थी.

    फेसबुक अकाउंट लॉक होने की समस्या से जूझ रहीं पीआर कंस्लटेंट जेन रॉबर्ट्स ने बीबीसी से कहा, '' मैंने फेसबुक पर पिछले कुछ वक्त से कुछ भी पोस्ट या कमेंट नहीं किया है. इसलिए यह तो बिल्कुल नहीं हो सकता कि मैंने ऐसा कुछ किया है जो आपत्तिजनक हो''.

    रॉबर्ट्स फेसबुक का बहुत ज्यादा इस्तेमाल नहीं करती हैं लेकिन अपने अकाउंट को लॉक पाना उनके लिए परेशान करने वाला है.

    उन्होंने कहा, ''यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान और पारिवारिक समारोहों में खिंची गई मेरी कई तस्वीरें फेसबुक पर ही हैं.''

    ''मेरे पास अब 15 साल से भी ज्यादा वक्त तक का कोई कंटेंट नहीं होगा. लिहाजा दुखी होना लाजिमी है.''

    उन्होंने कहा, ''दरअसल इस समस्या की वजह के बारे में पता न होना काफी तनाव बढ़ाने वाला है. हमारे पास इसे सुलझाने का कोई साधन भी नहीं है. कोई चेतावनी न देना और फिर हमारे अपने डेटा तक एक्सेस बंद हो जाना दिमाग खराब कर देने वाला है.''

  10. अरुणाचल प्रदेश: असम राइफल्स के सैनिकों ने 'ग़लती से चलाई गोलियां', दो स्थानीय युवक घायल

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    नगालैंड के मोन जिले के ओटिंग गांव में सेना की गोली से 6 आम नागरिकों की मौत के बाद एक बार फिर असम राइफल्स के सैनिकों द्वारा अरुणाचल प्रदेश के तिराप जिले में दो युवकों पर "गलती से" गोलीबारी करने की घटना सामने आई है.

    यह घटना शुक्रवार की शाम की बताई जा रही है. जिला प्रशासन की एक जानकारी के अनुसार जिले के चासा गांव में रहने वाले 28 वर्षीय नोकफुआ वांगपन और 23 वर्षीय रामवांग वांगसा गोलीबारी की इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए है.

    घायल हुए दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए शुक्रवार की रात डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

    तिराप जिले के जिला उपायुक्त तारो मिज़े ने मीडिया के समक्ष इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया, "चासा गांव के चार युवक पास की नदी में मछली पकड़कर शाम को घर लौट रहे थे तभी असम राइफल्स के जवानों ने उग्रवादी होने के संदेह में गलती से इन युवकों पर उस समय गोलियां चला दीं."

    जिला उपायुक्त के अनुसार घटना स्थल पर गोलीबारी की आवाज सुनकर जमा हुए आसपास के ग्रामीणों से सुरक्षा बलों के जवानों ने माफी भी मांगी और दोनों घायलों को मुआवजा देने का भी वादा किया है.

    इलाके में असम राइफल्स के 12 पैरा स्पेशल फोर्सेज के जवान काउंटर इंसर्जेंसी ऑपरेशन चला रहे थे और उस दौरान यह घटना हो गई. बता दें कि "ग़लत पहचान" के एक ऐसे ही मामले में पिछले 4 दिसंबर को नागालैंड के मोन जिले के ओटिंग गांव में भारतीय सेना की गोलीबारी में छह नागरिक मारे गए थे.

    उस घटना के बाद ओटिंग गाँव के ग़ुस्साए लोगों ने एक फ़ौजी कैंप पर हमला कर दिया था और उस दौरान सेना के साथ हुई झड़प में और आठ गाँव वालों समेत एक फ़ौजी की भी मौत हुई थी.

  11. मोर पालन से लाखों की कमाई कर रहा ये शख़्स

    पेशे से किसान मोहम्मद शाह अली ने शौक-शौक में चार साल पहले मोर का एक जोड़ा ख़रीदा.

    अब चार साल बाद उनके फार्म में 100 से ज़्यादा मोर मौजूद हैं.

    शाह अली न केवल इन्हें पालते हैं, बल्कि इन्हें बेचकर लाखों कमा रहे हैं.

    देखिए हमारे सहयोगी शाहनवाज़ रॉकी की बांग्लादेश से रिपोर्ट

  12. तमिलनाडु के तिरुप्पत्तुर में खाई में गिरा पिकअप ट्रक, 7 की मौत, 14 घायल

    तमिलनाडु के तिरुप्पत्तुर ज़िले में बड़े हादसे की ख़बर है. एक पिकअप ट्रक के खाई में गिर जाने से 7 लोगों की मौत हो गई, वहीं 14 लोग घायल हो गए हैं.

    पिकअप ट्रक से कुछ महिलाओं समेत कई लोग मंदिर जा रहे थे, ये मंदिर पहाड़ी की चोटी पर स्थित है.

    एक पुलिस अधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को बताया कि एक मोड़ पर पिकअप ट्रक के ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया और ट्रक खाई में जा गिरा.

    उन्होंने कहा, ''हमें 7 लोगों की मौत और 14 लोगों के घायल होने की ख़बर है. आगे की जांच के लिए अधिकारी घटनास्थल पर गए हैं.''

    इस हादसे के एक वीडियो में पानी की बोतलें और चप्पलें इधर-उधर बिख़री हुई दिखाई दे रही हैं, महिलाएं और बच्चे ट्रक से कहीं दूर ज़मीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं. अब इस हादसे को लेकर केस दर्ज़ कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है.

  13. सोनिया ने मनरेगा को लेकर मोदी सरकार को घेरा, अनुराग ठाकुर ने दिया जवाब

    लोकसभा में गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मनरेगा का मुद्दा उठाया. उन्होंने मनरेगा के बजट में कटौती को लेकर मोदी सरकार को घेरा. सोनिया गांधी ने मनरेगा से जुड़ी कुछ मांगें भी लोकसभा में रखीं.

    सोनिया गांधी के सवालों पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि यूपीए के समय जो बजट होता था, उतना भी खर्च नहीं होता था.

  14. ट्विटर पर मोदी और योगी के फॉलोअर बने शिवपाल, क्या सपा में सबकुछ ठीक है?

    अखिलेश यादव और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के चीफ शिवपाल सिंह यादव के बीच दूरियां बढ़ने की अटकलें और तेज़ हो गई हैं. शनिवार को उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को ट्विटर पर फॉलो करने की शुरुआत कर इन अटकलों को और हवा दे दी. इससे इन कयासों को और बल मिला है कि अखिलेश के चाचा शिवपाल कभी भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.

    शिवपाल सिंह यादव अब बारह लोगों को फॉलो करने लगे हैं. इनमें नरेंद्र मोदी, दलाई लामा, भारत के राष्ट्रपति, पीएमओ और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हैं.

    शिवपाल सिंह यादव ने यूपी चुनाव से पहले अपनी पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का गठबंधन समाजवादी पार्टी से किया था. हालांकि शिवपाल समाजवादी पार्टी के चिह्न पर चुनाव लड़े थे. लेकिन चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी के विधायकों की मीटिंग में उनके शामिल न होने के बाद ये अटकलें लगने लगी थीं कि अखिलेश यादव से उनकी दूरियां एक बार फिर बढ़ गई हैं.

    शिवपाल ने कहा था कि उन्हें मीटिंग में नहीं बुलाया गया, जबकि अखिलेश ने कहा था कि चूंकि वह गठबंधन में शामिल पार्टी के नेता हैं इसलिए उन्हें नहीं बुलाया गया. शनिवार को जैसे ही उन्होंने पीएम मोदी, योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को ट्विटर पर फॉलो करना शुरू किया, वैसे ही ये अटकलें और तेज हो गईं कि शिवपाल समाजवादी पार्टी गठबंधन का दामन छोड़ कर अब जल्दी ही बीजेपी में शामिल होंगे.

    इससे पहले, विधायक पद की शपथ लेने के बाद शिवपाल ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी. उन्होंने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया था. यह भी कहा था कि वक्त आने पर बोलेंगे. शिवपाल के ट्विटर पर मोदी, योगी आदित्यनाथ और दिनेश शर्मा को फॉलो करने से जुड़े सवाल पर समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने कहा, ''नए साल पर कुछ नया होना चाहिए. इसलिए शिवपाल जी ने नए साल (हिंदू नव वर्ष) पर नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ और दिनेश शर्मा को फॉलो करना शुरू किया. ''

    मिश्रा से पूछा गया कि क्या शिवपाल बीजेपी में जा सकते हैं. इस पर उन्होंने कहा,'' मैं संभावनाओं को खारिज नहीं कर रहा हूं. राजनीति में विकल्प हमेशा खुले होते हैं''.

  15. एक रुपये के लाखों सिक्के देकर ख़रीदी ड्रीम बाइक

    तमिलनाडु के सलेम ज़िले में रहने वाले भूपति इन दिनों चर्चा में हैं.

    यूट्यूबर भूपति ने सिर्फ़ सिक्के-सिक्के देकर एक बाइक खरीदी है. इतने सिक्कों को शोरूम तक ले जाना भी एक समस्या थी. भूपति ने इसका भी एक समाधान निकाला.

    रिपोर्टर और शूट – सुधाकर, बीबीसी के लिए

  16. रामविलास पासवान का बंगला खाली कराने पर तेजस्वी का तंज, कहा- बीजेपी ने 'हनुमान' का बंगला जला दिया

    आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने लोक जनशक्ति पार्टी सांसद चिराग पासवान के पिता रामविलास पासवान का बंगला खाली कराए जाने के बाद बीजेपी पर तंज कसा है.

    तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी ने 'हनुमान' का बंगला जला दिया. उन्होंने कहा, "रामविलास पासवान आखिरी वक्त तक बीजेपी के साथ खड़े रहे. लेकिन अब बीजेपी ने 'हनुमान' का बंगला जला दिया है. बीजेपी को समर्थन देने का यही नतीजा होता है. उन्होंने चिराग पासवान की पार्टी को तोड़ा और इसके नेताओं को भी अलग-थलग कर दिया."

    पिछले साल लोकजनशक्ति पार्टी में टूट के बाद चिराग पासवान ने कहा था कि उनकी राजनीतिक हत्या की कोशिश हो रही है. उस वक्त उन्होंने कहा था, ''मैंने हनुमान की तरह प्रधानमंत्री जी का हर मुश्किल दौर में साथ दिया, आज जब हनुमान का राजनीतिक वध करने का प्रयास किया जा रहा है, मैं ये विश्वास करता हूं कि ऐसे में राम खामोशी से नहीं देखेंगे."

    मोदी सरकार में मंत्री रहे रामविलास पासवान के पास लंबे समय से दिल्ली के जनपथ का 12 नंबर बंगला था. लेकिन उनके निधन के बाद सरकार ने उनके बेटे चिराग पासवान को बंगला खाली कराने का नोटिस दिया था. इसके खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी. लेकिन दिल्ली हाई कोर्ट ने यह याचिका खारिज कर दी थी.

    अदालत से याचिका खारिज होने के बाद चिराग पासवान ने बुधवार को यह बंगला खाली कर दिया.

    रामविलास पासवान के निधन के बाद चिराग इसी बंगले में रह रहे थे. समाचार एजेंसी एएनआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि अक्टूबर 2020 में रामविलास पासवान के निधन के बाद यह बंगला रेल और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को आवंटित कर दिया गया था. सांसद होने के नेता चिराग पासवान को अलग बंगला आवंटित किया गया है.

  17. रूस-यूक्रेन जंग से भागी गर्भवती मां अपने बच्चे को बुलाएंगी 'गंगा'

    "डर था कि कहीं रास्ते में लेबर पेन ना शुरू हो जाए पर जंग से भी निकलना ज़रूरी था. ये हमारा पहला बच्चा है. हमने बहुत सपने देखे हैं. मैं बस इसे बचाना चाहती थी, इसीलिए इतना खतरा मोल लिया."

    राजधानी कीएव में रह रहीं नीतू की प्रेग्नेन्सी का नवां महीना शुरू हो गया था जब रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया.

    ज़िंदगी एकदम खुशहाल चल रही थी. चार साल से यूक्रेन में रह रहे उनके पति अभिजीत एक छोटी सी फास्ट फूड शॉप चलाने लगे थे.

    पति-पत्नी ने अपने होनेवाले बच्चे की ज़रूरत का सारा सामान जुटाया था. छोटे-छोटे कपड़े, खिलौने, डायपर और वो सब कुछ जो बच्चे के पैदा होने के फौरन बाद चाहिए.

    जंग छिड़ने पर वो सब बदल गया. पांच दिन तक वो अपने अपार्टमेंट के नीचे के बंकर में रहे.

  18. राजकुमार राव के पैन कार्ड का ग़लत इस्तेमाल, एक्टर ने बताया 'धोखाधड़ी' हुई

    फ़िल्म अभिनेता राजकुमार राव ने शनिवार को बताया कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, किसी ने उनके पैन कार्ड का इस्तेमाल करके उनके नाम पर लोन ले लिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 37 वर्षीय राजकुमार राव ने दावा किया है कि इस धोखाधड़ी की वजह से उनका क्रेडिट स्कोर प्रभावित हुआ और उन्होंने क्रेडिट इन्फॉर्मेशन ब्यूरो लिमिटेड (सिबिल) के अधिकारियों से इस मामले की जांच के लिए आग्रह किया है.

    राजकुमार राव ने ट्वीट किया, "मेरे पैन कार्ड का ग़लत इस्तेमाल हुआ है. मेरे नाम पर 2500 रुपये की छोटी सी रकम किसी ने लोन ले ली है. इस वजह से मेरा सिबिल स्कोर प्रभावित हुआ है. सिबिल इसे प्लीज़ ठीक कर दें और इसके ख़िलाफ़ एहतियाती कदम उठाएं."

    सिबिल ने राजकुमार राव के आग्रह पर अभी तक आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है. राजकुमार राव की इस साल 'हिट', 'मोनिका, ओ माई डार्लिंग' और 'भीड़' जैसी फ़िल्में इस बरस रिलीज़ होने वाली हैं.

  19. COVER STORY: क्या युद्ध के विरोध की आवाज़ दबा रहा है रूस?

    रूस और यूक्रेन के बीच चल रही बातचीत में भले ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में कुछ हद तक सैन्य गतिविधियां कम करने का वादा किया हो, लेकिन ज़मीन पर अब भी लड़ाई जारी है.

    शांति अब भी दूर नज़र आ रही है. रूस में असंतोष की हर आवाज़ को दबाने की कोशिश भी जारी है. रूस से बीबीसी संवाददाता स्टीव रोज़नबर्ग की रिपोर्ट.

  20. रमजान से पहले वेस्ट बैंक में इसराइल-हमास झड़प फिर तेज़, तीन चरमपंथी मारे गए

    इसराइली सुरक्षा बलों के साथ झड़प में शनिवार को वेस्ट बैंक में तीन चरमपंथी मारे गए.

    वेस्ट बैंक में इसराइली सुरक्षाकर्मियों की ओर से लगातार जारी छापों के दौरान इन चरमपंथियों को मारा गया. रमजान का महीना शुरू होने से इसराइली सुरक्षा बलों और चरमपंथियों की बीच हिंसा ने वेस्ट बैंक में तनाव और बढ़ा दिया है.

    पिछले साल रमजान के दौरान इसराइली सेना और अल अक्सा मस्जिद में आने वाले फलस्तीनियों के बीच शुरू हुआ विवाद हमास और इसराइल के संघर्ष में बदल गया था.

    शनिवार को इसराइली पुलिस ने कहा कि जिहादियों के एक चरमपंथी गुट ने जेनिन शहर में उनकी गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान गोलियां चलानी शुरू कर दी. लेकिन जवाबी कार्रवाई में तीन चरमपंथियों की मौत हो गई.

    समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक इस ऑपेरशन के दौरान चार इसराइली सैनिक भी घायल हो गए. इनमें से एक गंभीर रूप से घायल है. इस्लामी जिहादी गुट ने इन तीनों मौतों को पुष्टि कर दी है. इस घटना के बाद हमास ने चेतावनी जारी की.

    वेस्ट बैंक में 22 मार्च को ही झड़पें शुरू हो गई थीं. शनिवार की झड़प इस संघर्ष की ताज़ा कड़ी है.