आईपीएल 15 का पहला मुक़ाबलाः केकेआर ने छह विकेट से सीएसके को हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 18.3 ओवर में 133 रन बनाकर तीन विकेट से हरा दिया है.

लाइव कवरेज

अभय कुमार सिंह and दीपक मंडल

  1. आईपीएल 15 का पहला मुक़ाबलाः कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को छह विकेट से हराया

    रहाणे

    इमेज स्रोत, Twitter/IPL

    कोलकाता नाइट राइडर्स ने आज से शुरू हुए इंडियन प्रीमियर लीग के पंद्रहवा सीज़न के पहले मुक़ाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स को 18.3 ओवर में 133 रन बनाकर तीन विकेट से हरा दिया है.

    कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से अजिंक्य रहाणे ने 34 गेंद पर 44 रन, सैम बिलिंग्स ने 22 गेंद पर 25 रन और नीतिश राणा ने 17 गेंद पर 21 रन बनाए हैं.

    क्रिकेट

    इमेज स्रोत, ANI

    इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ़ 131 रन बनाए हैं.

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया था. सीएसके की शुरुआत बेहद ख़राब रही और ओपनर रितुराज गायकवाड़ पहले ही ओवर में शून्य पर आउट हो गए.

    केकेआर के गेंदबाज़ों ने शुरुआत से ही सीएसके पर दबाव बनाए रखा. सीएसके का दूसरा विकेट 28 रन पर गिरा जब डेवोन कॉनवे 8 गेंदों में सिर्फ़ 3 रन बनाकर आउट हुए.

    तीसरे नंबर पर आए रॉबिन उथप्पा ने तेज़ी से खेलते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया लेकिन वो भी 28 रन के निजी स्कोर पर विकेट गंवा बैठे.

    क्रिकेट

    इमेज स्रोत, ANI

    उनके बाद आए अंबाती रायडू 15 रन के स्कोर पर रन आउट हो गए. सीएसके के पहले चार विकेट 52 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे. छठे नंबर पर आए शिवम दुबे भी कुछ खास नहीं कर सके. दुबे सिर्फ़ तीन रन बनाकर आउट हो गए. एक समय सीएसके का स्कोर पर 10.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 61 रन था.

    सीएसके के नए कप्तान रविंद्र जडेजा और हाल ही में कप्तानी छोड़ने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने सातवें विकेट के लिए नाबाद 70 रनों की साझेदारी की. धोनी 38 गेंदों में 50 रन बनाकर नाबाद रहे. जडेला ने 28 गेंदों पर 26 रन बनाए.

    वानखेड़े स्टेडियम में पहले गेंदबाज़ी करने वाली टीम को फ़ायदा मिलता है. आज भी ऐसा ही हुआ.

    एक समय लग रहा ता कि सीएसके सौ रन का स्कोर मुश्किल से पार कर पाएगी. लेकिन धोनी और कप्तान रविंद्र जडेजा ने आख़िरी तीन ओवरों में 41 रन बनाए. पारी के आख़िरी ओवर में 18 रन बने.

  2. बेअंत सिंह हत्याकांड के अपराधी राजोआणा की दया याचिका पर केंद्र जल्द फ़ैसला ले: सुप्रीम कोर्ट

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
    बलवंत सिंह राजोआणा

    इमेज स्रोत, Bharat Bhushan/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बलवंत सिंह राजोआणा की फ़ाइल फ़ोटो

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा है कि पंजाब के मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में मौत की सज़ा का इंतज़ार कर रहे बलवंत सिंह राजोआणा की याचिका का जल्द निबटारा किया जाए.

    राजोआणा ने अपनी फांसी की सज़ा को आजीवन कारावास में बदलने की मांग की है. 1995 में पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या कर दी गई थी.

    दोषी क़रार दिए गए बलवंत सिंह ने केंद्र सरकार के समक्ष 25 मार्च 2012 को दया याचिका भी दायर की थी. इस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है.

    जस्टिस यूयू ललित, एस रविंद्र भट और पीएस नरसिम्हा की बेंच ने कहा कि इस मामले में अभी तक कुछ भी नहीं किया गया है. इससे पहले केंद्र सरकार ने अदालत से समय मांगा था.

    24 मार्च को जब ये याचिका अदालत के समक्ष आई तो जज इस बात से भी नाराज़ नज़र आए कि सरकार की तरफ़ से पेश हो रहे अभियोजक के पास इस बारे में स्पष्ट निर्देश नहीं थे.

    अदालत ने कहा है कि मामले से जुड़े सभी पक्ष जिसमें भारत की केंद्र सरकार और सीबीआई शामिल हैं, सभी को इसमें त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए.

    अदालत ने कहा है कि उसके समक्ष 30 अप्रैल से पहले एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश की जाए और उसे निर्णय के बारे में बताया जाए. 53 वर्षीय राजोआणा को चंडीगढ़ में सीबीआई की विशेष अदालत ने अगस्त 2007 में मौत की सज़ा सुनाई थी.

    1995 में पंजाब सिविल सचिवालय के बाहर हुए धमाके में मुख्यमंत्री बेअंत सिंह समेत 15 लोग मारे गए थे. 2012 में राजोआणा ने दया याचिका दायर की थी जिसके बाद तत्कालीन यूपीए सरकार ने उनकी फांसी रोक दी थी.

  3. राजस्थान: कांग्रेस विधायक के बेटे समेत पांच लोगों पर रेप केस में एफ़आईआर दर्ज

    सांकेतिक तस्वीर

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने राजस्थान के कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के बेटे दीपक मीणा और चार अन्य लोगों के खिलाफ एक नाबालिग लड़की से रेप के मामले की निष्पक्षता से जांच करने को कहा है.

    कांग्रेस विधायक के बेटे और चार अन्य के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया गया है. राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने राजस्थान के डीजीपी एम एल लाठेर को लिखी चिट्ठी में नाबालिग पीड़िता को सुरक्षा और काउंसिलिंग मुहैया कराने को कहा है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार मोहर सिंह मीणा ने बताया, "अलवर के राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ से कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के बेटे समेत पांच युवकों पर रेप के आरोप में दौसा के मंडावर में एफआईआर दर्ज हुई है. घटना मई 2021 की बताई जा रही है."

    उन्होंने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. अलवर जिले की राजगढ़ सीट से विधायक जौहरी लाल मीणा के बेटे दीपक मीणा और चार अन्य लोगों के खिलाफ दौसा जिले की एक पंद्रह साल की लड़की के साथ रेप करने का मामला दर्ज किया गया है.

    दौसा में मंडावर थाने के एसएचओ नाथू लाल के मुताबिक इनमें से एक आरोपी की पहचान विवेक शर्मा के तौर पर हुई है. उस पर पीड़िता का वीडियो अपलोड करने की धमकी देकर उससे 15 लाख रुपये रुपये और ज्वैलरी मांगने का आरोप है.

    एसएचओ के मुताबिक यह घटना फरवरी में हुई थी. उस वक्त आरोपी पीड़िता को माहवा-मंडावर रोड स्थित एक होटल में ले गए थे और वहां इस घटना को अंजाम दिया था.

  4. इलाज के लिए भारत कैसे बना विदेशियों का पसंदीदा ठिकाना

    ह्वान फ्रांसिस्को

    इमेज स्रोत, J PALADINES

    इमेज कैप्शन, ह्वान फ्रांसिस्को

    ह्वान फ्रांसिस्को पैलाडाइंस को जब चीज़ों दो-दो दिखने लगीं तो वो समझ गए कि कुछ ना कुछ ग़लत है.

    डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उनमें दिख रहे लक्षणों, जिनमें चीज़ों का दो-दो दिखना भी शामिल था, कि वजह उनके ब्रेन में ट्यूमर है. ये दस साल पहले की बात है.

    चिली के सेंटियागो के रहने वाले 56 वर्षीय ह्वान पेशे से इंडस्ट्रियल इंजीनियर हैं.

    ह्वान कहते हैं, "ये मेरी ज़िंदगी का बहुत मुश्किल दौर था. मेरा भाग्य है कि मेरे पास बहुत से दोस्त और साथ खड़े रहने वाला परिवार है. जो मेरी ताक़त हैं."

    सर्जनों ने ह्वान को बताया कि उनके ट्यूमर का आकार असामान्य है और इसे पूरी तरह ख़त्म करना आसान नहीं होगा. लेकिन रेडिएशन थेरेपी के बाद उनमें दिख रहे लक्षण समाप्त हो गए.

  5. यूक्रेन के मंत्रियों से मिले राष्ट्रपति बाइडन, अमेरिका ने दिया पूरी मदद का भरोसा

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शनिवार को पोलैंड की राजधानी वॉरसा में यूक्रेन के विदेश और रक्षा मंत्रियों से मुलाकात की. यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद बाइडन ने पहली बार यूक्रेनी मंत्रियों से मुलाकात की है.

    यूक्रेनी विदेश मंत्री दमित्रो कुलेबा और रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने यूक्रेन से निकल कर जो बाइडन से मुलाकात की है. इसे रूसी सेना के खिलाफ लड़ाई में यूक्रेन के आत्मविश्वास के तौर पर देखा जा रहा है.

    बाइडन और इन मंत्रियों की मुलाकात सिटी सेंटर में वॉरसा ट्रेन स्टेशन की दूसरी ओर मौजूद मेरिअट होटल में हुई. इस शहर में बड़ी तादाद में यूक्रेनी शरणार्थियों का आना लगातार जारी है

    समाचार एजेंसी एएफपी के रिपोर्टर ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान एक बड़ी सी मेज की एक ओर बाइडन, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन बैठे दिखे. दूसरी ओर कुलेबा और रेजनिकोव बैठे हुए थे.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने पत्रकारों ने कहा कि बैठक में अमेरिका की ओर से कहा गया है कि यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति इसकी दृढ़ प्रतिबद्धता बरकरार है.

    एंटनी ब्लिंकन और लॉयड ऑस्टिन ने कहा कि यूक्रेन को मानवीय सहायता, सुरक्षा और आर्थिक मदद मिलती रहेगी.

    इससे पहले बाइडन ने कुलेबा से यूक्रेन पर रूसी हमले से दो दिन पहले यानी 22 फरवरी को मुलाकात की थी. इसके बाद से कुलेबा ब्लिंकन से पोलैंड में 5 मार्च को मिले थे.

    बाइडन ने ब्रसेल्स में नेटो और ईयू के नेताओं से मुलाकात के बाद पोलैंड पहुंचे थे.

  6. दानिश आज़ाद अंसारी: योगी सरकार में इकलौते मुस्लिम मंत्री क्या बोले

    वीडियो कैप्शन, दानिश आज़ाद अंसारी: योगी सरकार में इकलौते मुस्लिम मंत्री क्या बोले?

    उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. उनके साथ 52 मंत्रियों ने शपथ ली जिनमें 2 उप-मुख्यमंत्री, 16 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्य मंत्री शामिल हैं.

    उत्तर प्रदेश की आबादी में क़रीब बीस प्रतिशत मुसलमान हैं, जबकि सरकार में सिर्फ़ एक मुसलमान मंत्री हैं. ये हैं उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे दानिश आज़ाद अंसारी.

  7. सऊदी कंपनी अरामको पर यमन के हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला

    सऊदी अरब, हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला

    इमेज स्रोत, EPA

    यमन के हूती विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों पर शुक्रवार को हमले किए हैं. वहीं सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन का कहना है कि सऊदी की सबसे बड़ी तेल कंपनी आरामको के जेद्दा स्थित पेट्रोलियम उत्पाद विपणन स्टेशन पर हमला हुआ है.

    इस हमले में दो भंडारण टैंकों में आग लग गई. हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ है. एक चश्मदीद के मुताबिक लाल सागर के तट पर बसे इस शहर में धुआं उठ रहा है. इसी सप्ताह यहां सऊदी अरब ग्रांड प्री का आयोजन होना है.

    ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने हाल के दिनों में सऊदी अरब के ठिकानों पर हमले तेज़ किए हैं. मुसलमानों का पवित्र महीना रमज़ान शुरू होने वाला है और उससे पहले अस्थायी संघर्ष विराम लागू हो सकता है.

    सऊदी गठबंधन का कहना है कि हमलों के बावजूद वो सब्र से काम ले रहा है. हालांकि गठबंधन सेनाओं ने शनिवार सुबह यमन में हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ सैन्य अभियान शुरू किया है. गठबंधन का कहना है कि इसका मकसद सऊदी के ऊर्जा ठिकानों को सुरक्षित करना है.

    सऊदी अरब, हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला

    इमेज स्रोत, AFP

    शुक्रवार को गठबंधन की तरफ़ से सरकारी मीडिया में जारी किए गए बयान में कहा गया है कि जेद्दा में हमले के बाद लगी आग पर नियंत्रण कर लिया गया है. वहीं सऊदी अरब के अलखबरिया टीवी चैनल पर प्रसारित लाइव फुटेज में अभी भी आग की लपटों को देखा जा सकता है.

    सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा है कि वो इन हमलों की आलोचना करता है और अगर इनकी वजह से वैश्विक तेल आपूर्ति में खलल पड़ता है तो इसके लिए वो ज़िम्मेदार नहीं होगा. ऊर्जी मंत्रालय ने कहा है कि ये हमले सऊदी अरब की तेल उत्पादन क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं. मंत्रालय ने ईरान पर हूती विद्रोहियों को हथियार देने के आरोप लगाए हैं.

    आरोप हैं कि ईरान हूतियों को मिसाइलें और हमलावर ड्रोन मुहैया करा रहा है. हालांकि ईरान हूतियों को हथियार देने के आरोपों को खारिज करता रहा है. इसी बीच अभी ताज़ा हमलों पर आरामको की तरफ से कोई बयान नहीं आया है.

    सऊदी गठबंधन का कहना है कि शनिवार को उसके अभियान में राजधानी सना में हूतियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया. इसके अलावा तटीय शहर हुदैदा पर भी हमले किए गए.

    सऊदी अरब, हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला

    इमेज स्रोत, EPA

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बात करन वाले एक चश्मदीद ने बताया है कि अभी भी हमले का शिकार बने स्टेशन से धुआं उठता दिख रहा है. इसी सप्ताह यहां सऊदी अरब ग्रांड प्री का आयोजन होना है. रेसिंग सर्किट से भी धुआं उठता दिख रहा है. फॉर्मूला वन की तरफ़ से कहा गया है कि रेस का आयोजन कार्यक्रम के अनुसार ही तय समय पर किया जाएगा.

    वहीं हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता ने कहा है कि शुक्रवार को जेद्दा में आरामको के स्टेशन पर हमलावर मिसाइलों से हमला किया गया जबकि रास तानूरा और राबिग रिफ़ायनरी पर हमलावर ड्रोन से हमला किया गया. हूतियों का दावा है कि उन्होंने राजधानी रियाद में भी अहम ठिकानों पर हमले किए हैं.

    सऊदी अरब के सरकारी मीडिया ने हाल ही में कहा है कि गठबंधन हूती विद्रोहियों के कई मिसाइल हमले नाकाम किए हैं. सऊदी अरब ने जिजान को निशाना बनाकर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को भी नष्ट कर दिया. हालांकि इससे एक बिजली विपणन प्लांट में सीमित दायरे में आग लग गई.

    अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने सऊदी के ठिकानों पर हुए हमलों की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि अमेरिका सऊदी अरब की सुरक्षा मज़बूत करने के लिए उसकी मदद करता रहेगा.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को मारपीट के एक मामले में एक साल की जेल की सज़ा सुनाई गई

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से
    दिग्विजय सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उज्जैन मारपीट मामले में एक साल की सजा सुनाई गई है. इंदौर जिला न्यायालय ने एक पुराने मामले में शनिवार को फैसला सुनाया.

    जिला न्यायालय ने अपने फैसले में दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू समेत छह लोगों को एक साल की सजा और पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है.

    मामला 17 जुलाई 2011 का है, जब दिग्विजय सिंह उज्जैन में एक होटल के उद्घाटन समारोह में गए थे. यहां दिग्विजय सिंह के काफिले को भाजयुमो कार्यकर्ता काले झंडे दिखा रहे थे.

    इस दौरान दिग्विजय सिंह के समर्थकों और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई थी.

    इस घटना के बाद पुलिस ने कांग्रेस के चार नेताओं पर केस दर्ज किया था. बाद में दिग्विजय सिंह और सांसद प्रेमचंद गुड्डू पर भी मामला दर्ज हुआ.

    थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद शासन की ओर से कोर्ट में अर्जी दायर कर मामले में दिग्विजय सिंह, प्रेमचन्द्र गूड्डू, हेमंत चौहान और दिलीप चौधरी को भी आरोपी बनाने की मांग की गई थी.

    दिग्विजय सिंह पर एक भाजयुमो कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का आरोप था.

  9. बिहार के मधेपुरा में महिला को बेरहमी से पीटने का मामला, दो की गिरफ़्तारी

    बिहार, मधेपुरा

    इमेज स्रोत, Aashish Kumar

    बिहार के मधेपुरा ज़िले का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक महिला सिर पर पल्लू रख कर खड़ी हैं और उनके आस-पास खड़े पुरुष स्थानीय भाषा में गुस्से में बोल रहे हैं.

    वीडियो में एक आदमी बांस की छड़ी को हल्की आग में तपाता भी दिख रहा है. इतने में गुस्साए लोग महिला को उस छड़ी से बेरहमी से पीटना शुरू कर देते हैं और महिला की साड़ी खोल देते हैं.

    सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अब तक इस मामले में दो लोगों की गिरफ़्तारी की है.

    पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया जाएगा.

    मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बीबीसी को बताया, "इस मामले में शंकर दास के साथ साथ एक और अभियुक्त की गिरफ़्तारी हो गई है. मामले मे सात लोगो के ख़िलाफ़ मुक़दमा दायर किया गया है. ये घटना 20 मार्च को ही घटी लेकिन पुलिस के संज्ञान मे ये मामला 23 मार्च को आया जब ये महिला सादर अस्पताल इलाज करने गईं. पूरे मामले मे एक जाति पंचायत बैठी जिसने इस महिला पर आरोप लगाते हुए पूरी घटना को अंजाम दिया."

  10. भारत में जेल की सज़ा काट चुके पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा गया

    वाघा बॉर्डर

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत ने शनिवार को अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिये तीन पाकिस्तानी कैदियों को वापस भेज दिया. ये कैदी भारत में तीन साल की जेल की सजा पूरी कर चुके थे.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक तीन पाकिस्तानी कैदियों समीरा अब्दुल रहमान, मुर्तजा अशगर अली और अहमद रजा को पाकिस्तान को सौंप दिया गया.

    मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है, ''अपनी तीन साल की सजा भुगत चुके तीन पाकिस्तानी कैदियों को अटारी-वाघा बॉर्डर से 26 मार्च को पाकिस्तान भेज दिया गया.''

    बयान में कहा गया है कि समीरा अब्दुल रहमान के साथ उनकी चार साल की बेटी सना फातिमा भी है.

    विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत सभी मानवीय मामलों को सुलझाने को सबसे ज्यादा अहमियत देता है. भारत चाहता है कि पाकिस्तान की जेलों में बंद भारतीय कैदियों और मछुआरों को जल्द रिहा कर वापस लौटाया जाए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, '' सरकार की लगातार कोशिश की वजह से पाकिस्तान की जेलों में बंद 20 और एक सिविलयन कैदी को इस साल वापस लाने में कामयाबी मिली है.''

  11. बीबीसी इंडिया बोल, 26 मार्च 2022, कॉलेज एडमिशन के लिए कॉमन टेस्ट कितना सही?, सुनिए मोहनलाल शर्मा के साथ

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  12. छत्तीसगढ़: बेटी के शव को कंधे पर ले जाते पिता का वायरल वीडियो

    वीडियो कैप्शन, छत्तीसगढ़: बेटी के शव को कंधे पर ले जाते पिता का वायरल वीडियो

    छत्तीसगढ़ के सरगुजा ज़िले का एक वीडियो वायरल हो गया है. बताया जा रहा है कि सरकारी अस्पताल से शव वाहन ना मिलने की वजह से पिता को बच्ची के शव को कंधे पर लेकर चलना पड़ा.

    वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने बच्ची की मौत के कुछ देर बाद शव वाहन उपलब्ध करवा दिया था. छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है.

  13. 'कश्मीर फाइल्स' के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री के विवादित बयान पर मुंबई पुलिस ने शिकायत दर्ज की

    विवेक अग्निहोत्री

    इमेज स्रोत, ANI

    कश्मीर फाइल्स' फिल्म के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ़ मुंबई पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है.अग्निहोत्री पर आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर भोपाली का मतलब समलैंगिक बताया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पत्रकार और पब्लिक रिलेशन मैनेजर रोहित पांडे ने अपनी शिकायत में कहा है कि 'कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने उनके पैतृक शहर भोपाल के लोगों का अपमान किया है.

    शिकायत के मुताबिक, ''उन्होंने मीडिया को दिए इंटरव्यू में जानबूझ कर बड़ी बेशर्मी और शरारतपूर्ण तरीके से भोपालियों को समलैंगिक कहा है.''

    एक पुलिस अधिकारी ने कहा है कि इस बारे में अग्निहोत्री के खिलाफ लिखित शिकायत कराई गई है. शिकायत में कहा गया है कि अग्निहोत्री के खिलाफ अवमानना के मामले में एफआईआर दर्ज की जाए.

    पिछले दिनों एक ऑनलाइन चैनल को दिए गए अग्निहोत्री के इंटरव्यू का एक वीडियो क्लिप वीडियो पर वायरल हो रहा था.

    इसमें वह ये कहते दिख रहे हैं, ''मैं भोपाल में पला-बढ़ा हूं. लेकिन मैं भोपाली नहीं हूं. क्योंकि उनका एक अलग अंदाज होता है, मैं कभी आपको अकेले में समझाऊंगा.''

    ''आप चाहें तो कभी किसी भोपाली से पूछ सकते हैं. किसी को बोलो ये भोपाली है, इसका सीधा सा मतलब है कि ये होमोसेक्सुअल है. मतलब नवाबी शौक वाला.''

  14. कश्मीर के वो चुनाव जिससे पड़ी हिंसा की नींव - विवेचना

    वीडियो कैप्शन, कश्मीर के वो चुनाव जिससे पड़ी हिंसा की नीव - Vivechana

    कश्मीर में 1987 के विधानसभा चुनाव में जीत रहे एक उम्मीदवार को साज़िश के तहत हराया गया.

    उसी ने आगे चलकर हिजबुल मुजाहदीन की नींव रखी और सैय्यद सलाहुद्दीन के नाम से जाना गया.

    सुनिए पूरी कहानी विवेचना में रेहान फ़ज़ल से.

  15. 'कश्मीर फाइल्स' : केजरीवाल ने कहा-कश्मीरी पंडितों के पलायन पर राजनीति कर रही है बीजेपी

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फिल्म 'कश्मीर फाइल्स' से जुड़े विवाद में बीजेपी पर फिर हमला किया है.

    उन्होंने बीजेपी पर ''कश्मीरी पंडितों'' के पलायन पर '' राजनीति'' करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी बताए कि उसने पिछले आठ साल में कितने कश्मीरी पंडितों को घाटी में बसाया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक केजरीवाल ने कहा कि कश्मीर फाइल्स फिल्म को यूट्यूब पर पर अपलोड कर देना चाहिए. इससे होने वाली अब तक की कमाई कश्मीरी पंडितों के कल्याण पर खर्च की जानी चाहिए.

    केजरीवाल ने कहा, '' बीजेपी बताए कि क्या इसने पिछले आठ साल में कश्मीरी पंडितों के एक भी परिवार को दोबारा घाटी में बसाया है?''

    दिल्ली सरकार का बजट पेश किए जाने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, '' बीजेपी इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है. हम चाहते हैं कि 'कश्मीर फाइल्स' फिल्म को यूट्यूब पर अपलोड कर दिया जाए और इससे जो कमाई हो उसे कश्मीरी पंडितों के कल्याण पर खर्च किया जाए''

    इससे पहले गुरुवार को उन्होंने दिल्ली विधानसभा के सत्र के दौरान 'कश्मीर फाइल्स' को टैक्स फ्री करने की भी आलोचना की थी. उन्होंने कहा था कि फिल्म बनाने वालों को इसे यूट्यूब पर अपलोड कर देना चाहिए ताकि सभी लोग इसे फ्री में देख सकें.

    कश्मीर फाइल्स कई राज्यों में टैक्स फ्री कर दी गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा था कि ऐसी फिल्में कई बार बनाई जानी चाहिए. उन्होंने कुछ दिनों पहले बीजेपी संसदीय दल की बैठक में कहा था कि फिल्म में वो सच दिखाया गया है जिसे कई सालों तक दबाया गया.

  16. आदित्य ठाकरे जिस कंपनी के निदेशक थे, वो कंपनी खोजने गए तो क्या मिला? बीबीसी पड़ताल

    आदित्य ठाकरे
    इमेज कैप्शन, आदित्य ठाकरे

    महाराष्ट्र की महाविकास आघाडी सरकार के वन और पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे 2014 से 2019 तक पांच साल तक कोमो स्टॉक एंड प्रॉपर्टीज (एलपीपी) कंपनी के निदेशक पद पर थे.

    आदित्य ठाकरे ने 2019 में कंपनी छोड़ दी थी. लेकिन वर्तमान में नंदकिशोर चतुर्वेदी, जिन पर हवाला ऑपरेटर होने का आरोप है, वे इस कंपनी के निदेशक हैं.

    भाजपा ने इसी नंदकिशोर चतुर्वेदी के आदित्य ठाकरे के साथ संबंध होने का आरोप लगाया है.

    भाजपा नेताओं ने मांग की है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को इस पूरे मामले की जांच करनी चाहिए.

    ये कंपनी फिलहाल कौन सा व्यवसाय करती है? क्या नंदकिशोर चतुर्वेदी के साथ कोई संपर्क हो पाता है? इन बातों का पता लगाने के लिए हमने इस कंपनी के पते पर जाकर पूछताछ की.

  17. पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमत बढ़ने पर कांग्रेस ने कहा- जनता की जेब 'बेशर्मी से काटा जाना' बंद हो

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कांग्रेस पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर एक बार फिर हमला किया है.

    पिछले पांच दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम चार बार बढ़ाए जाने से नाराज कांग्रेस ने कहा कि जनता की जेब को इस 'बेशर्मी से काटा जाना' बंद हो.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बढ़ती महंगाई के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए ट्वीट किया, ''राजा करे महल की तैयारी, प्रजा बेचारी महंगाई की मारी.''

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ''मोदी सरकार में महंगाई- "तारीख़ नई,तकलीफ़ वही" आज की सुबह भी महंगाई से शुरू. आज फिर से रेट ₹0.80 बढ़ा दिए. नए भारत में डीज़ल-पेट्रोल का रोज़ नया रेट. लगातार 5 दिन 4 हमला, 3.2 रुपये प्रति लीटर की लूट. भाजपा का जारी है- 'ज़श्न भरा शपथ', जनता को हर रोज़ महंगाई की चपत?''

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कहा, ''सिर्फ इसी सप्ताह पेट्रोल की कीमत 3.20 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई है. चुनाव से पहले चार महीने तक पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाए गए.लेकिन अब पांच दिन में ही चार बार इनके दाम बढ़ा दिए गए. जनता की जेब बेशर्मी से काटी जा रही है. इसे तुरंत रोका जाना चाहिए.''

    शनिवार को पेट्रोल और डीजल के दाम 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए गए. पिछले पांच दिनों में इनके दाम चौथी बार बढ़े हैं. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेट्रोल-डीजल के दाम में मौजूदा इजाफे के लिए रूस और यूक्रेन की जंग को जिम्मेदार ठहराया है.

  18. पाकिस्तान, क़तर के बाद चीन और रूस के नेताओं का काबुल दौरा, अफ़ग़ानिस्तान में आख़िर हो क्या रहा है?

    तालिबानी नेता के साथ चीनी विदेश मंत्री वांग यी

    इमेज स्रोत, MFA

    इमेज कैप्शन, तालिबानी सरकार के उप प्रधानमंत्री के साथ चीनी विदेश मंत्री वांग यी

    चीन के विदेश मंत्री वांग यी गुरुवार की सुबह अपनी विदेश यात्रा पर काबुल पहुंचे. यहां उन्होंने तालिबान के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की.

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान के सत्ता अपने हाथों में लेने के बाद वांग यी पहली बार वहां का दौरा कर रहे थे.

    तालिबान के सत्ता में आने के बाद से अब तक, चीन की ओर से काबुल पहुंचने वाले वे चीन सरकार के सर्वोच्च अधिकारी हैं.

    तालिबान के विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्ताकी ने काबुल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. विदेश मंत्रालय में बैठक के बाद, वांग यी ने तालिबान के पहले उप प्रधानमंत्री अब्दुल ग़नी बरादर और तालिबान के गृह मंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी से भी मुलाक़ात की.

    गुरुवार की शाम को ही, रूसी राष्ट्रपति के विशेष दूत ज़मीर काबुलोव भी काबुल पहुंचे. उन्होंने तालिबान के पहले उप प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और विदेश मंत्री सहित तालिबान नेतृत्व के अधिकारियों के साथ बात की.

  19. यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में लगभग खत्म हो चुकी है कांग्रेस : अमित शाह

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि चार राज्यों में बीजेपी की भारी जीत इस बात का सुबूत है कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और परियोजनाओं को मंजूर किया है.

    शनिवार को उन्होंने कहा, ''पीएम मोदी भारत को सुरक्षित, समृद्ध और शक्तिशाली बनाने चाहते हैं और लोगों ने उनकी इस योजना पर अपनी सहमति की मुहर लगाई है.''

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अमित शाह ने गुजरात में अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में कहा कि यूपी, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में लगभग खत्म हो गई है.

    शाह यहां भोयन मोती गांव में एक जनसभा में बोल रहे थे. वह यहां 34 गांवों के लिए 22 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास करने आए थे. ये परियोजनाएं उनके लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर के लिए शुरू की जा रही हैं.

    इससे पहले शाह ने गुजरात के पहले ऑडियोलोजी स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी कॉलेज और डाइट सेंटर का उद्घाटन किया. यह सेंटर सोला सिविल अस्पताल में बनाया गया है. इस तरह का सेंटर शुरू करने वाला गुजरात देश का पांचवां राज्य है.

    शाह ने कहा कि वह अपने लोकसभा क्षेत्र में लंबे समय के बाद आए हैं क्यों कि वो पांच राज्यों के चुनाव अभियान और प्रबंधन में व्यस्त थे.

    उन्होंने कहा कि चार राज्यों में बीजेपी जीती और उसे सरकार बनाने में कामयाबी हासिल हुई. बीजेपी की प्रचंड जीत ने यह साबित कर दिया है कि लोगों का भरोसा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बना हुआ है

  20. यूक्रेन पर हमले को कैसे देखते हैं रूस के लोग

    वीडियो कैप्शन, यूक्रेन पर हमले को किस तरह से देखते हैं रूस के लोग

    लगभग एक महीने से रूस यूक्रेन के बीच युद्ध हो रहा है, लेकिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे कभी जंग नहीं कहा है. वो इसे एक 'स्पेशल ऑपरेशन' कहते हैं.

    यूक्रेन पर हमले के विरोध में रूस में सड़कों पर भी प्रदर्शन किए गए.

    वहीं पश्चिमी मुल्कों के लगाए आर्थिक प्रतिबंधों की वजह से रूस में कई लोगों की ज़िंदगी बदल गई है.

    देखिए बीबीसी रूसी सेवा के संपादक स्टीव रोज़नबर्ग की रिपोर्ट.