शनिवार को यूपी के बाराबंकी ज़िले से प्रियंका गांधी ने प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत की. यह यात्रा बाराबंकी से शुरू होकर, लखनऊ, उन्नाव, फ़तेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन से होते हुए झाँसी में ख़त्म होगी.
यात्रा का नेतृत्व पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी कर रहे हैं. प्रतिज्ञा यात्रा का दूसरा रूट वाराणसी से शुरू होकर रायबरेली में समाप्त होगा, जिसमें चंदौली, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और अमेठी ज़िले शामिल हैं. इसमे प्रमोद तिवारी समेत अन्य कांग्रेसी नेता शामिल होंगे.
यात्रा का तीसरा रूट पश्चिम उत्तर प्रदेश में सहारनपुर से शुरू होकर मथुरा में समाप्त होगा जिसमें मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदांयू, अलीगढ़, हाथरस, आगरा ज़िले शामिल होंगे. इसका नेतृत्व पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद करेंगे.
प्रियंका गांधी के नए एलान
शनिवार दोपहर प्रियंका गांधी लखनऊ से सटे ग्रामीण ज़िले बाराबंकी पहुँची और कांग्रेस की सात प्रतिज्ञाओं का एलान किया.
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 2022 विधान सभा चुनाव के लिए महिलाओं को अपना सबसे अहम मुद्दा बना रही है. पहले प्रियंका गांधी ने 40 प्रतिशत टिकट महिला प्रत्याशियों को देने की घोषणा की, उसके बाद उन्होंने कहा कि अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो सरकार इंटर पास लड़कियों को स्मार्ट फ़ोन और स्नातक लड़कियों को इलेक्ट्रानिक स्कूटी देगी.
महिलाओं और लड़कियों से जुड़ी दो घोषणाओं के साथ साथ प्रियंका ने पाँच और नए एलान किए जिसमें किसानों की क़र्ज़ माफ़ी 2500 रुपये में गेहूं धान, और 400 के रेट से गन्ने की ख़रीद. सबका बिजली बिल हाफ़ और करोना काल की मार झेल रहे छोटे व्यापारियों के बकाए की माफ़ी,करोना की आर्थिक मार झेल रहे परिवारों को 25,000 की आर्थिक मदद और 20 लाख लोगों को सरकारी रोज़गार देने के बड़े वादे शामिल हैं.
प्रियंका गांधी ने शनिवार को यात्रा को रवाना करते हुए कहा, "इस यात्रा से यह प्रतिज्ञा गाँव-गाँव जाएगी, और हम जन-जन तक बताएँगे की हमने यह प्रतिज्ञा क्यों लीं, और किस तरह से हम इन्हें पूरा करेंगे."
"फ़ोन, स्कूटी देना वोट पाने का नहीं, सशक्त बनाने का ज़रिया है"
मीडिया ने इस सवाल पर कि क्या लोगों का प्यार वोटों में तब्दील होगा, प्रियंका ने कहा, "मोहब्बत मोहब्बत होती है उसे क्वांटिफ़ाई नहीं किया जाता."
लड़कियों को स्मार्ट फ़ोन और ई स्कूटी दिए जाने वाली घोषणा के बारे में प्रियंका ने कहा कि, "कोई कहेगा की यह तोहफ़ा है, वोट चाहते हैं इसीलिए दे रहे हैं. बिल्कुल ग़लत बात है, यह तोहफ़ा नहीं है, यह एक माध्यम है, एक ज़रिया है जिससे आप सशक्त बन सकती हैं. आज जो स्मार्ट फ़ोन है, उसके ज़रिए महिला अपनी सुरक्षा कर सकती है. और ई स्कूटी है जो लड़कियाँ पढ़ रही हैं, जिनकी पढ़ाई पूरी हो गयी है और वो नौकरी कर रही हैं, उनको बहुत सहूलियत होगी."
हालांकि उत्तर प्रदेश की 403 सीटों वाली विधान सभा में कांग्रेस के सिर्फ़ सात विधायक हैं. बड़े बड़े चुनावी वायदे कर प्रियंका गांधी कांग्रेस को राज्य में फिर से टक्कर में लाने की कोशिश करती दिख रही हैं, लेकिन उनकी पार्टी के लिए चुनौती कठिन है.