यूएन अफ़ग़ानिस्तान की समस्या दूर कर सकता है, ऐसा सोचना ‘कल्पना’ है - गुटरेश
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटरेश ने बुधवार को कहा कि ये सोचना कि संयुक्त राष्ट्र अफ़गानिस्तान की समस्याओं को हल कर सकता है "मात्र एक कल्पना" है और बेहतर समावेशी तालिबान सरकार के लिए मध्यस्थता करने की इसकी क्षमता सीमित है.
तालिबान से विदेशी सेनाओं के वापस लौटने के एक महीने बाद समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में गुटरेश से जब पूछा गया कि क्या अफ़ग़ानिस्तान की दुर्दशा को सुधारने का दबाव वो महसूस कर रहे हैं, उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि ये निराधार उम्मीद है" और संयुक्त राष्ट्र का अंतरराष्ट्रीय संगठन अभी भी वहां ज़मीन पर काम कर रहा है.
अमेरिका समेत दूसरे देशों की कोशिशों और ख़र्च का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, "सभी संसाधनों के साथ वो अफ़ग़ानिस्तान की समस्याओं को हल करने में विफल रहे हैं. अब ये सोचना कि उन ताकतों और धन के बिना, वो समस्याएं जिन्हें वो दशकों तक हल नहीं कर सके, उन्हें हम हल कर सकते हैं, केवल कल्पना है.”
अफ़ग़ानिस्तान को "एक नाटकीय मानवीय आपदा के कग़ार पर" बताते हुए गुटरेश ने कहा कि उनकी मानवीय मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र है और वो हरसंभव कोशिश करेगा.