You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बीजेपी के झंडे के साथ आए लोगों ने दी गाली, फेंके पत्थर: राकेश टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने आरोप लगाया है कि बुधवार को ग़ाजीपुर बॉर्डर पर कुछ लोगों ने किसान आंदोलनकारियों पर हमला किया जिसमें कई किसान घायल हो गए.

लाइव कवरेज

विभुराज, वात्सल्य राय, प्रशांत चाहल and मोहम्मद शाहिद

  1. बीजेपी के झंडे के साथ आए लोगों ने दी गाली, फेंके पत्थर: राकेश टिकैत

    भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने आरोप लगाया है कि बुधवार को ग़ाजीपुर बॉर्डर पर कुछ लोगों ने किसान आंदोलनकारियों पर हमला किया जिसमें कई किसान घायल हो गए. टिकैत के मुताबिक हमला करने वालों के हाथ में बीजेपी के झंडे थे. टिकैत ने बताया कि इस मामले की पुलिस से शिकायत की गई है.

    राकेश टिकैत ने बतायाकि ये हमलावर बीते तीन दिनों से लगातार आ रहे थे.

    उन्होंने बताया, "बीते तीन दिन से बीजेपी के झंडे के साथ कुछ लोग यहां आ रहे थे. वो यहां हिंसा शुरू करना चाहते थे. आज वो स्टेज पर चढ़ गए. फिर नारेबाज़ी और पथराव होने लगा."

    टिकैत ने आरोप लगाया, "पथराव में हमारे कई लोग घायल हो गए. वो भी गाली दे रहे थे. हम पुलिस में इसकी शिकायत कर रहे हैं. हम चाहते हैं कि उन्हें गिरफ़्तार किया जाए."

    हालांकि, टिकैत ने ये भी कहा कि उन्हें लगता है कि हमला करने वाले बीजेपी के कार्यकर्ता नहीं थे.

    टिकैत ने कहा, "वो झंडे फेंककर भाग निकले. इसका मतलब है कि वो भाड़े के लोग थे."

    तीन कृषि क़ानूनों के विरोध में किसान बीते करीब सात महीने से दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं.

    जनवरी के आखिरी हफ़्ते में भी किसानों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर आंदोलनकारी किसानों के साथ टकराव शुरू करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था. उसके बाद किसान नेता राकेश टिकैत का देश के कई हिस्सों में समर्थन बढ़ गया था.

  2. यूपी: गंगा किनारे दफ़न शव बाहर आ रहे, प्रशासन करा रहा है दाह संस्कार

    प्रयागराज में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही पिछले दिनों रेत में दबाए गए शव बाहर दिखने लगे हैं.

    नगर निगम के अधिकारी इन लावारिस शवों का हिंदू रीति-रिवाज के साथ दाह संस्कार कर रहे हैं. अब तक 150 से भी ज़्यादा शवों का दाह संस्कार किया जा चुका है.

    प्रयागराज ज़िले के फाफामऊ इलाक़े में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान गंगा किनारे रेत में बड़ी संख्या में शव दफ़नाए गए थे. पिछले कई दिनों से हो रही बरसात और गंगा नदी में छोड़े गए पानी की वजह से जलस्तर बढ़ने लगा तो ये शव पानी में तैरने लगे या फिर रेत के हट जाने से बाहर दिखने लगे.

    प्रयागराज नगर निगम ने इन शवों का दाह संस्कार कराने का फ़ैसला लिया है.

    नगर निगम के ज़ोनल अधिकारी नीरज सिंह कहते हैं कि अब तक इस तरह के डेढ़ सौ से भी ज़्यादा शवों का दाह संस्कार किया जा चुका है.

  3. ब्रिटेन और अमेरिका लड़ाई के लिए उकसा रहे हैंः पुतिन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ब्रिटेन और अमेरिका पर लड़ाई के लिए उकसाने का आरोप लगाया है.

    पुतिन का ये बयान ब्रितानी युद्धपोत 'एचएमएस डिफेंडर' के रूसी नियंत्रण वाले क्रीमिया के सागर तट के पास से गुजरने के बाद आया है.

    पुतिन ने कहा कि ये यूक्रेन के पास मिलिट्री बेस स्थापित करने की कोशिश का हिस्सा है.

    राष्ट्रपति पुतिन टीवी पर रूसी लोगों के फोन कॉल का जवाब दे रहे थे. किसी ने उनसे पूछा कि क्या इस घटना से तीसरे विश्व युद्ध के शुरू होने का ख़तरा था.

    इस पर पुतिन ने जवाब दिया कि अगर 'एचएमएस डिफेंडर' डूब भी जाता तो ऐसा नहीं होने वाला था.

    उन्होंने कहा, "वे जानते हैं कि ये लड़ाई वे नहीं जीत सकते हैं. हम अपनी ज़मीन के लिए लड़ेंगे. हम हज़ारों मील की दूरी तय करके उनकी सरहदों तक नहीं गए थे."

    राष्ट्रपति पुतिन ने आरोप लगाया कि एक अमेरिकी जासूस विमान भी इस ऑपरेशन का हिस्सा था. 23 जून को जो कुछ हुआ था, उसे लेकर रूस के दावों को ब्रितानी नौसेना ने खारिज किया है.

    बीबीसी संवाददाता जोनाथन बियाले घटना के वक्त 'एचएमएस डिफेंडर' पर मौजूद थे. उन्होंने बताया कि रूसी लड़ाकू विमानों और तटरक्षक बल के जहाजों ने 'एचएमएस डिफेंडर' को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी. रूस की तरफ़ से गोलाबारी की भी गई लेकिन वो रेंज के बाहर थी.

    नौसेना को बयान को दोहराते हुए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि 'एचएमएस डिफेंडर' यूक्रेन के जल क्षेत्र से अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के अनुसार गुजर रहा था.

    दूसरी तरफ़ इसके ठीक दूसरे दिन एक अन्य घटना में हॉलैंड की नौसेना ने आरोप लगाया कि ब्लैक सी में रूस के लड़ाकू विमानों ने उसके जहाज एचएनएमएलएस इवर्टसेन को परेशान किया.

    पिछले हफ्ते 'एचएमएस डिफेंडर' की घटना के बाद रूस के विदेश मंत्रालय ने ब्रितानी राजदूत को बुलाकर आधिकारिक तौर पर अपना विरोध जतलाया.

    रूस ने कहा कि ये उसके क्षेत्र का उल्लंघन किया गया था. साल 2014 में रूस ने क्रीमिया को अपने दखल में ले लिया था लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय का एक बड़ा हिस्सा क्रीमिया को यूक्रेन का हिस्सा मानता है.

  4. उत्तर प्रदेश में होगी लोकतांत्रिक क्रांति: अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में ‘लोकतांत्रिक क्रांति’ होगी.

    उन्होंने बुधवार को कहा कि ये क्रांति मौजूदा ‘विघटनकारी और नकारात्मक’ राजनीति के ख़िलाफ़ होगी. प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल यानी 2022 के शुरुआत में होने हैं. अखिलेश यादव ने प्रदेश की बीजेपी सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम बताया है.

    अखिलेश यादव ने ट्विटर पर लिखा, "आज की विघटनकारी-रूढ़िवादी नकारात्मक राजनीति सत्ता के विरुद्ध एकजुट शोषित, उपेक्षित, उत्पीड़ित, अपमानित दलित, दमित, वंचित, ग़रीब, किसान, मज़दूर, महिला व युवाओं की ‘नयी राजनीति’ जन्म ले रही है. 2022 में उप्र में चुनाव नहीं लोकतांत्रिक क्रांति होगी."

    अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी साल 2012 से 2017 तक प्रदेश की सत्ता पर काबिज थी लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने तीन सौ से ज़्यादा सीटें हासिल कर सरकार बनाई. समाजवादी पार्टी को सिर्फ़ 47 सीटें मिलीं. लेकिन इस बार वो साढे तीन सौ सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं.

    अखिलेश ने कहा, "समाजवादी पार्टी 350 सीटें जीतेगी.” उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं."

    उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर भी भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “ किसानों को बदनाम करके भाजपा के हाथ सालों तक कुछ नहीं आने वाला.”

    अखिलेश यादव की पार्टी ने इस बार छोटे दलों से गठजोड़ करने का फ़ैसला किया है. अखिलेश यादव ने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था. 2019 के लोकसभा चुनाव में वो मायावती की बहुजन समाज पार्टी के साथ चुनाव में उतरे थे लेकिन दोनों ही मौकों पर समाजवादी पार्टी को ज़्यादा फ़ायदा नहीं हुआ.

  5. पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतें क्या यूपीए सरकार की देन?

    बीते दो महीने से पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है. देश के कुछ राज्यों में इनकी कीमतें 100 रुपये को पार कर गई हैं तो अन्य सभी राज्यों में ये आंकड़ा 100 रुपये के बेहद क़रीब है.

    मंगलवार को भी पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में 30 से 35 पैसे की वृद्धि हुई. देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को पेट्रोल 98.81 रुपये और डीज़ल 89.18 रुपये प्रति लीटर बिका. वहीं मुंबई, बेंगलुरू, पटना, भोपाल में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये से अधिक रही.

    पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें अप्रैल के महीने में लगातार 18 दिनों तक नहीं बढ़ाई गई थीं. जानकार इसके पीछे पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव को वजह बताते हैं. चुनावों के नतीजे 2 मई को आने थे और एक बार फिर ये कीमतें पहली मई से बढ़नी शुरू हो गईं.

    केवल मई के महीने में ही पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें 16 बार बढ़ीं. मई से जून के दरम्यान पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में 32 बार इज़ाफ़ा किया जा चुका है. बीते दो महीने के दौरान पेट्रोल और डीज़ल दोनों की कीमतों में अब तक क़रीब साढ़े आठ रुपये का इज़ाफ़ा किया जा चुका है.

  6. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 30 जून 2021, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली के साथ

  7. अफस्पा क़ानून के तहत नगालैंड और छह महीने के लिए 'अशांत क्षेत्र' घोषित

    नगालैंड राज्य के पूरे क्षेत्र को और छह महीने के लिए विवादास्पद अफस्पा क़ानून के तहत 'अशांत क्षेत्र' घोषित कर दिया गया है.

    आर्म्ड फोर्सेज़ (स्पेशल पावर्स) ऐक्ट यानी सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम के तहत सुरक्षा बलों को कहीं भी अपना अभियान चलाने और बिना किसी वारंट के किसी को भी गिरफ्तार करने का हक हासिल है.

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को इस सिलसिले में एक अधिसूचना जारी की. अधिसूचना में कहा गया है, "सरकार की ये राय है कि पूरा नगालैंड राज्य इतना अशांत और खतरनाक स्थिति में है कि प्रशासन की मदद के लिए सशस्त्र बलों का इस्तेमाल अपरिहार्य है."

    "इसलिए अब सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम की धारा 3 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए केंद्र सरकार पूरे नगालैंड राज्य को अशांत क्षेत्र घोषित करती है. ये आदेश 30 जून, 2021 से छह महीने की अवधि के लिए प्रभावी रहेगा."

    अफस्पा क़ानून नगालैंड में दशकों से लागू है. तीन अगस्त, 2015 को जब नगा विद्रोही गुट एनएससीएन-आईएम के महासचिव थुइंगालेंग मुइया और सरकार के वार्ताकार आरएन रवि के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में फ्रेमवर्क एग्रीमेंट पर दस्तखत हुए थे, तभी भी अफस्पा कानून को हटाया नहीं गया था.

  8. कनाडा में 50 डिग्री पहुँचा पारा, गर्मी से दम तोड़ रहे लोग

    कनाडा में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की वजह से कई लोगों की मौत हो गई है.

    वैंकूवर में पुलिस के मुताबिक उन्हें शुक्रवार से 130 से ज़्यादा लोगों की अचानक मौत होने की ख़बर मिली है.

    इनमें से ज़्यादातर लोग बुजुर्ग या किसी बीमारी से जूझ रहे थे. इन दिक्कतों के साथ गर्मी को मौत की अतिरिक्त वजह माना जा रहा है.

    कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया के लिटन में मंगलवार को तापमान 49.6 डिग्री सेंटिग्रेट दर्ज किया गया. ये लगातार तीसरा दिन था जब सबसे ज़्यादा तापमान का नया रिकॉर्ड बना.

    अमेरिका के उत्तर पश्चिम इलाक़े में भी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है. वहां भी कई मौतें होने की ख़बर मिली है.

  9. चीन से रिश्तों पर इमरान ख़ान ने अमेरिका को क्या कहा?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने चीन के सरकारी टीवी सीजीटीएन से बात करते हुए कहा है कि अमेरिका और पश्चिमी ताक़तों का पाकिस्तान जैसे देशों में पर चीन की ओर झुकाव कम करने का दबाव डालना बहुत अनुचित है.

    इमरान ख़ान ने यह बात चीन के सरकारी अंग्रेज़ी चैनल सीजीटीएन से चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के 100 साल और चीन-पाकिस्तान संबंधों के 70 साल पूरे होने पर कही है.

    इस बातचीत का वीडियो उन्होंने इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट किया है.

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चीन के साथ अपने रिश्तों को कभी भी निचले दर्जे पर नहीं ले जाएगा क्योंकि उनके संबंध बहुत गहरे हैं.

  10. यूएई दौरे पर आए इसराइल के विदेश मंत्री ने कहा, साथ मिलकर हम दुनिया बदल सकते हैं

    इसराइल के विदेश मंत्री येर लैपिड ने बुधवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात के साथ कई सहयोग समझौतों पर काम चल रहा है.

    संयुक्त अरब अमीरात और इसराइल ने सितंबर में ही अपने रिश्ते सामान्य किए हैं और इसके साथ ही पर्यटन, विमानन से लेकर वित्तीय सेवा क्षेत्र तक में नए समझौतों के लिए रास्ता खुल रहा है.

    येर लैपिड ने कहा, "हम जुलाई में और समझौते पर दस्तखत करने जा रहे हैं... इसराइल में. इसलिए इसका और विस्तार होने जा रहा है. इरादा ये है कि पहले सरकार, फिर कारोबार और बाद में जनता के बीच तालमेल बढ़े."

    एक दिन पहले ही येर लैपिड ने किसी खाड़ी देश में इसराइल के पहले दूतावास का अबू धाबी में उद्घाटन किया था.

    बुधवार को दुबई में इसराइल के वाणिज्य दूतावास की शुरुआत के मौके पर येर लैपिड ने कहा, "हम यहां आज जिसकी शुरुआत कर रहे हैं, वो एकमात्र वाणिज्य दूतावास नहीं होगा. ये एक सहयोग का केंद्र होगा. एक ऐसी जगह जो हमारी क्षमताओं के बारे में बताएगी कि हम साथ मिलकर सोच सकते हैं, साथ मिलकर आगे बढ़ सकते हैं और साथ मिलकर दुनिया बदल सकते हैं."

    दुबई में बुधवार को येर लैपिड एक्सपो 2020 भी जाएंगे जहां इसराइल 190 से भी अधिक देशों के साथ भाग ले रहा है.

  11. पंजाबः बादल ने कहा 'मिसगाइडेड मिसाइल' तो सिद्धू ने दिया जवाब...

    शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार को क्रिकेटर से कांग्रेस के विधायक बने नवजोत सिंह सिद्धू को 'मिसगाइडेड मिसाइल' करार देते हुए कहा कि वे खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाते हैं.

    इस पर नवजोत सिंह सिंद्धू ने कहा कि उनका मक़सद अकाली नेता के 'करप्ट बिज़नेस' को बर्बाद कर देना है.

    सुखबीर सिंह बादल का ये बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस का अंदरूनी घमासान सुर्खियों में है और सिद्धू की दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात हुई है.

    नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच इन दिनों सियासी खींचतान चल रही है और सिद्धू हाल में इस पर सार्वजनिक तौर से बयान दे चुके हैं.

    अमृतसर में मीडिया को संबोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सिद्धू किसी के दोस्त नहीं हो सकते हैं.

    बादल ने आरोप लगाया, "बीजेपी में शामिल होने के बाद जिन लोगों को उन्होंने 'माई-बाप' कहा, बाद में उन्हें ही 'चोर' कह दिया."

    एक सवाल का जवाब देते हुए बादल ने कहा, "नवजोत सिंह सिद्धू एक मिसगाइडेड मिसाइल हैं जिनका खुद पर नियंत्रण नहीं है. वो किसी भी भी दिशा में जा सकते हैं और कहीं भी टकरा सकते हैं."

    "उन्होंने पांच-छह डायलॉग याद कर लिए हैं, जिसका वे हर जगह इस्तेमाल करते हैं. ये आजमा कर उन्होंने सोनिया गांधी को प्रसन्न कर लिया. मुमकिन है कि वे पहले नरेद्र मोदी साहिब को भी खुश कर चुके हों. पंजाब को ऐसे व्यक्ति की ज़रूरत नहीं है जो ऐक्टिंग करता हो. पंजाब को ऐसे व्यक्ति की ज़रूरत है जो राज्य का नेतृत्व कर सके और उसे आगे ले जाए."

    सुखबीर सिंह बादल की टिप्पणी का जवाब देते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्विटर पर कहा, "सही रास्ते पर हूं और निशाने पर आपका करप्ट बिज़नेस है. जबतक कि पंजाब की बर्बादी पर बने सुख विलास को पंजाब के गरीबों के लिए सरकारी स्कूल और सरकारी अस्पताल में न बदल दूं, चैन से नहीं बैठूंगा."

  12. शेरनी के बाद अब कौन सा किरदार चाहती हैं विद्या बालन?

    विद्या बालन का ज़िक्र होता है तो ज़ेहन में साड़ी में सजी इस अभिनेत्री की 'परिणीता', 'कहानी', 'द डर्टी पिक्चर', 'मिशन मंगल' और 'शकुंतला देवी' जैसी तमाम महिला प्रधान फ़िल्में आती हैं जिसमें उन्होंने अपनी बेहतरीन अदाकारी से एक ऐसी गहरी छाप छोड़ी है जिसने उन्हें लीक से हटकर अभिनेत्री का दर्जा दिया. हर बार उनकी फ़िल्मों ने कामयाबी की एक नई मिसाल बनाई है.

    क़रीब दो दशकों से फ़िल्मों में अलग अलग किरदार निभाने वाली विद्या बालन कहती हैं कि वे वही कहानी और किरदार का रोल निभाती हैं जो उन्हें सम्मोहक लगता है और जिसे वो ना नहीं कह सकें. उन्हें महिला प्रधान फ़िल्मों का हिस्सा बनने में कोई आपत्ति नहीं है क्योंकि उन्हें फ़िल्म का 'हीरो' बनना पसंद है.

    विद्या बालन ने 90 के दशक में मशहूर कॉमेडी धारावाहिक 'हम पांच' में कान से कच्ची राधिका के किरदार से अपना अभिनय शुरू किया.

    माता-पिता के कहने पर उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने अभिनय से कुछ वक़्त के लिए विराम लिया. पढ़ाई ख़त्म होते ही विद्या ने फ़िल्मों में अभिनय की तरफ़ रुख़ किया.

  13. कश्मीर: एसपीओ पुलिसकर्मी क्या वाकई डंडे के भरोसे करते हैं सुरक्षा?

    भारतीय सेना के जवान लियाक़त भट्ट दक्षिणी कश्मीर के त्राल इलाक़े के रहने वाले हैं. बीते रविवार 25 वर्षीय लियाक़त जब सेना की ड्यूटी पर थे तब सशस्त्र चरमपंथी उनके घर में दाखिल हुए और उनके माता-पिता और बहन की गोली मार कर हत्या कर दी.

    उनके पिता फ़याज़ भट्ट (50) ने लंबे वक्त तक जम्मू कश्मीर पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिशियल यानी एसपीओ के तौर पर सेवाएं दी थीं.

    जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ कम से कम 30 हज़ार पुरुष और महिलाएं एसपीओ के तौर पर काम कर रहे हैं. वो नियमित नौकरी पाए पुलिसकर्मियों की तरह नहीं हैं. उन्हें मामूली मानदेय मिलता है. उन्हें प्रोविडेंट फंड और रिटायरमेंट के बाद किसी तरह की सुविधाएं नहीं मिलती हैं.

    पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक साल 1996 से चरमपंथी हमलों में पांच सौ से ज़्यादा एसपीओ जान गँवा चुके हैं. साल 1996 में ही सशस्त्र चरमपंथ से मुक़ाबले के लिए आम नागरिकों को 'मददगार बनाने' की नीति अमल में आई थी.

  14. रामदेव को सुप्रीम कोर्ट का फरमान, एलोपैथ पर दिए गए बयान का ओरिजिनिल वीडियो पेश करें

    सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को योग गुरु रामदेव को कोरोना महामारी के दौरान एलोपैथी मेडिसीन पर दिए गए उनके बयान का वास्तविक रिकॉर्ड अदालत में दाखिल करने को कहा है.

    चीफ़ जस्टिस एनवी रमन्ना ने योग गुरु की तरफ़ से पेश होने वाले सीनियर एडवोकेट मुकुल रोहतगी से पूछा, "जो उन्होंने कहा है, उसका ओरिजिनल रिकॉर्ड कहां है? आपने पूरी तस्वीर सामने नहीं रखी है."

    इस पर मुकुल रोहतगी ने सुप्रीम कोर्ट की बेंच को बताया कि वो रामदेव के बयान का ओरिजिनल वीडियो और उसका ट्रांसक्रिप्ट पेश कर देंगे. इस बेंच में चीफ़ जस्टिस के अलावा जस्टिस एएस बोपन्ना और जस्टिस हृषिकेश रॉय भी शामिल हैं.

    सुप्रीम कोर्ट ने मुकुल रोहतगी को इसकी इजाजत देते हुए मामले की सुनवाई की अगली तारीख पांच जुलाई तय कर दी.

    कोरोना महामारी के दौरान एलोपैथी चिकित्सा पद्धति पर रामदेव की कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने बिहार और छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करवाई थी.

    रामदेव ने इन्हीं मामलों की कार्यवाही रुकवाने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की है जिसपर सु्प्रीम कोर्ट में आज ये सुनवाई हुई.

    आईएमए के पटना और रायपुर चैप्टर्स ने रामदेव की टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज करवाई थी कि इससे कोरोना महामारी के रोकथाम की प्रक्रिया पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.

    रामदेव ने अपनी याचिका में पटना और रायपुर में दर्ज प्राथमिकी को दिल्ली हस्तांतरित करने का आवेदन किया है.

    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर हुई सुनवाई के दौरान मुकुल रोहतगी ने कोर्ट को बताया कि रामदेव एक पब्लिक फिगर हैं और योग और आयुर्वेद का वे प्रचार करते हैं. एक इवेंट के दौरान उन्होंने व्हॉट्सऐप पर आया एक मैसेज पढ़कर सुनाया था.

    मुकुल रोहतगी ने बताया कि रामदेव ने इस बात को लेकर स्पष्टीकरण दिया है उनके मन में डॉक्टरों या किसी के लिए कोई बैर नहीं है. लेकिन इसके बावजूद अलग-अलग जगहों पर उनके ख़िलाफ़ शिकायतें दर्ज कराई गईं.

  15. 'ज़ोर-ज़बरदस्ती और बलात्कार': मेरे योग स्कूल की जांच-पड़ताल

    मैं दुनिया के सबसे बड़े योग संस्थानों में से एक "शिवानंद" के साथ एक योग शिक्षिका के तौर पर उस समय तक जुड़ी रही जब तक कि मुझे एक सोशल मीडिया पोस्ट ने परेशान नहीं कर दिया. इस पोस्ट ने संस्थान में दशकों से जारी यौन शोषण के कई आरोपों को सबके सामने ला दिया.

    जब मैं अपनी उम्र के दूसरे दशक के बीच में थी, मेरा परिचय योग से हुआ और ये मेरे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन गया. कई समर्पित योगियों की तरह, ये मेरे लिए सिर्फ़ एक व्यायाम नहीं था, बल्कि जीवन जीने का एक तरीक़ा था. मैंने अपने स्थानीय शिवानंद सेंटर में सिर्फ़ योग सिखाया ही नहीं, बल्कि अपनी इच्छा से वहां खाना भी बनाया और यहाँ तक कि सफ़ाई भी की. शिवानंद की शिक्षाओं ने मेरे अस्तित्व के हर पहलू को प्रभावित किया.

    लेकिन फिर 2019 के दिसंबर महीने में, मुझे अपने फ़ोन पर एक नोटिफ़िकेशन मिला. यह पोस्ट मेरे शिवानंद फ़ेसबुक ग्रुप में संस्थापक स्वर्गीय स्वामी विष्णुदेवानंद के बारे में थी.

    जूली साल्टर नाम की एक महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि विष्णुदेवानंद ने कनाडा के शिवानंद मुख्यालय में उनका तीन साल तक यौन शोषण किया था.

  16. कोरोना: क्या अलग-अलग वैक्सीन की डोज़ होगी ज़्यादा कारगर?

    ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी की एक टीम द्वारा किए गए ट्रायल में ये जांच की गई कि कौन सी दो डोज़ ज़्यादा सुरक्षा देती है- दोनों फ़ाइज़र वैक्सीन की, दोनों एस्ट्राज़ेनेका की या फिर एक फ़ाइज़र और दूसरी एस्ट्राज़ेनेका की.

    सुरक्षा तो सभी तरीक़ों से मिली मगर स्टडी में इस बात की पुष्टि हुई कि किसी भी क्रम में कोविड की दो अलग-अलग वैक्सीन लगाने से वायरस को लेकर ज़्यादा एंटीबॉडीज़ बनीं.

    इस स्टडी के दौरान पहली और दूसरी डोज़ में चार हफ़्तों का अंतर रखा गया था.

  17. अमूल का दूध देश भर में दो रुपये लीटर महंगा हुआ

    एक जुलाई से देश भर में अमूल दूध के ग्राहकों को प्रति लीटर दो रुपये और देना होगा. गुजरात कॉपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने बताया कि तकरीबन 19 महीने के अंतराल पर दूध की कीमत बढ़ाई गई है. उनका कहना है कि दूध की कीमत बढ़ाना इसलिए ज़रूरी हो गया था क्योंकि उत्पादन लागत बढ़ गई थी.

    जीसीएमएमएफ के मार्केटिंग डायरेक्टर आरएस सोढ़ी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "कीमतों में ये वृद्धि अमूल दूध के हर ब्रैंड जैसे गोल्ड, ताज़ा, शक्ति, टी-स्पेशल के साथ-साथ गाय और भैंस वाले दूध पर भी लागू होगी."

    आरएस सोढ़ी का कहना है, "दूध की पैकेजिंग की लागत भी 30 से 40 फीसदी बढ़ गई है, ढुलाई का खर्च 30 फीसदी और ईंधन 30 फीसदी महंगा हो गया है. इसकी वजह से दूध का उत्पादन लागत बढ़ गया है."

  18. ट्विटर को दिल्ली पुलिस ने 'चाइल्ड पॉर्नोग्राफी वाले कॉन्टेंट' पर भेजा नोटिस

    दिल्ली पुलिस ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर को नोटिस जारी कर ये पूछा है कि उसनें अपने प्लेटफॉर्म पर चाइल्ड पॉर्नोग्राफी वाले कॉन्टेंट सर्कुलेट किए जाने के ख़िलाफ़ क्या कदम उठाए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से लिखा है कि ये नोटिस ट्विटर को मंगलवार को भेजा गया था. उन्होंने बताया कि ट्विटर को ऐसे कॉन्टेंट सर्कुलेट करने वाले यजूर एकाउंट्स के ब्यौरे देने के लिए भी कहा गया है.

    राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) की एक शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने ट्विटर के ख़िलाफ़ अपने प्लेटफॉर्म पर कथित तौर से चाइल्ड पॉर्नोग्राफी वाले कॉन्टेंट को जगह देने के लिए प्राथमिकी दर्ज की थी.

    पुलिस ने बताया कि इस मामले में इंडियन पीनल कोड और पोक्सो ऐक्ट के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    एनसीपीसीआर ने 29 मई को दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (साइबर सेल) अन्येश रॉय को चिट्ठी लिखकर ये पूछा था कि ट्विटर के ख़िलाफ़ कदम क्यों नहीं उठाया गया है.

    इस चिट्ठी में एनसीपीसीआर ने दिल्ली पुलिस के पास ये शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्विटर के प्लेटफॉर्म पर बाल यौन शोषण से जुड़ी सामाग्री आसानी से उपलब्ध है.

  19. कोरोना वायरस का डेल्टा प्लस वेरिएंट कितना ख़तरनाक?

    कोरोना वायरस, बीते दो साल से शायद इन शब्दों से आपने सबसे ज़्यादा नफ़रत की होगी. आखिर हो भी क्यों ना, कोरोना वायरस ने हम सभी का हाल जो इतना बेहाल किया हुआ है. कोरोना की एक लहर थमती नहीं है कि दूसरी लहर हिलोरें मारने लगती हैं.

    ये वायरस अपना रूप यानी वेरिएंट इतनी बार बदल चुका है कि अब इनका नामकरण तक करना पड़ गया. ऐसा ही एक वेरिएंट है डेल्टा प्लस, जो कि पूरी दुनिया में एक बार फिर से कोरोना के मामले तेज़ी से बढ़ा रहा है.

    आखिर कितना ख़तरनाक है यह डेल्टा प्लस वेरिएंट और क्या हमारे देश में कोरोना की तीसरी लहर इसी की वजह से आ सकती है?

    आइए थोड़ा डीटेल में बात करते हैं. डेल्टा प्लस वेरिएंट, डेल्टा वेरिएंट से ही जुड़ा है, जिसकी सबसे पहले भारत में ही पहचान की गई थी. यही डेल्टा वेरिएंट भारत में कोरोना की दूसरी लहर का कारण बना था. माइक्रो बायोलॉजिस्ट के मुताबिक़ कोविड-19 एक आरएनए वायरस है, लिहाजा इसकी म्यूटेट करने की क्षमता बहुत ज़्यादा है.

  20. मोदी सरकार क्या क़र्ज़ देकर सुधारेगी अर्थव्यवस्था?

    कोरोना से बुरी तरह मार खाई हुई अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कुल मिलाकर 6,28,993 करोड़ रुपए का नया पैकेज लाने का एलान किया है.

    इसके पहले भी मोदी सरकार क़रीब 24 लाख 35 हज़ार करोड़ रुपए के राहत और स्टिमुलस पैकेज देने का एलान कर चुकी है.

    लेकिन इसमें से ज़्यादातर रक़म क़र्ज़ के नाम पर ही दी जानी है. अब वो क़र्ज़ वापस आएगा या नहीं यह एक अलग सवाल है.

    लेकिन कोरोना राहत के पहले एलान के बाद से जितना कुछ सामने आया है, वो मोटे तौर पर उधार बाँटने की ही योजना है.