राजस्थान में शाम छह बजे से सुबह पांच बजे तक सभी शहरों में नाइट कर्फ़्यू- आज की बड़ी ख़बरें

देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों और उनके सटीक विश्लेषण के लिए बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर बनें रहें.

लाइव कवरेज

  1. पश्चिम बंगाल में तेजी से बढ़ रहा है संक्रमण, कवि शंख घोष भी चपेट में, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से

    शंख घोष

    इमेज स्रोत, PM Tewari

    पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमण रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहा है. मंगलवार को जहां 4,800 नए मामले सामने आए थे वहीं बुधवार को यह संख्या बढ़ कर 5,892 तक पहुंच गई. इस दौरान 24 लोगों की मौत हो गई जो हाल के महीनों में नया रिकॉर्ड है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है.

    इसी बीच, कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग ने कोविड प्रोटोकॉल लागू करने के मुद्दे पर 16 अप्रैल को यहां एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है.

    उधर, सीपीएम ने संक्रमण को ध्यान में रखते हुए बड़ी रैलियों की जगह छोटी सभाएं आयोजित करने और घर-घर जाकर प्रचार करने पर जोर देने का फैसला किया है. सीपीएम नेता सुजन चक्रवर्ती ने इसकी जानकारी दी.

    बीते 24 घंटे के दौरान राजधानी कोलकाता में डेढ़ हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. पड़ोसी उत्तर 24-परगना जिले में भी ऐसे मामलों की संख्या एक हजार से ऊपर पहुंच गई है. वहां पांचवें चरण में शनिवार को मतदान होना है.

    चुनाव प्रचार के साथ संक्रमण बढ़ने के मुद्दे पर दायर जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट ने मंगलवार को चुनाव आयोग से कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा था. उसके बाद ही आयोग ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है. उस बैठक में राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.

    जाने-माने कवि और ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता शंख घोष भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “पद्मभूषण विजेता कवि शंख घोष (89) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. फिलहाल उनको होम आइसोलेशन की सलाह दी गई है. उनको बुखार नहीं है. लेकिन वे बहुत कमजोर हैं. उनकी रिपोर्ट बुधवार शाम को आई.”

  2. राजस्थान: शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ़्यू, शैक्षणिक संस्थान भी बंद रहेंगे, मौहर सिंह मीणा, जयपुर से

    राजस्थान में नाइट कर्फ्यू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राजस्थान में नाइट कर्फ्यू

    राजस्थान में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने 14 अप्रैल को नई गाइडलाइन जारी की है.

    राज्य के सभी नगर निकाय क्षेत्र में शाम 6 से सुबह 5 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू रहेगा. सभी शैक्षणिक, कोचिंग संस्थाएं, लाइब्रेरीज़ बंद रहेंगी.

    दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं, जबकि आठवीं, नौवीं और ग्यारहवीं के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा प्रमोट किया जाएगा. मेडिकल, नर्सिंग महाविद्यालयों में अध्ययन कार्य जारी रहेगा और सभी निजी आयोजन में अधिकतम 50 लोग एकत्रित हो सकते हैं.

    हालांकि, विवाह के लिए एसडीएम कार्यालय से पहले अनुमति लेनी होगी. सार्वजनिक, राजनैतिक, खेल कूद सम्बंधी, मनोरंजन, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक समारोह, जुलूस, त्योहार की अनुमति नहीं होगी. स्विमिंगपूल, थियेटर, मल्टीप्लेक्स, मनोरंजन पार्क एवं सार्वजनिक स्थान बंद होंगे. जिन सरकारी और निजी कार्यालयों में 100 से अधिक कर्मचारी हैं, वहां सिर्फ़ 50 फीसदी ही आएंगे.

    कार्य स्थल पर पॉजिटिव या संभावित संक्रमण पर कार्यालय कक्ष 72 घंटे के लिए बंद रहेगा. मास्क पहने बिना ग्राहकों को सामान देने वाले दुकानदारों की दुकान 72 घण्टे के लिए सील कर दी जाएगी. रिक्शा चालक दो सवारी बैठा सकते हैं, चार पहिया वाहन में आरटीओ क्षमता के 50 प्रतिशत और बस में भी पचास प्रतिशत सवारी ही बैठाई जा सकती हैं.

    राज्य में आने से पहले 72 घंटे के अंदर आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगिटिव दिखाना अनिवार्य होगा, रिपोर्ट नहीं होने पर 15 दिन क्वारंटाइन रहना होगा. राजस्थान में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं.

    बीते 24 घण्टे में रिकॉर्ड 6200 पॉज़िटिव केस और 29 मौत हुई हैं. राज्य में 30 प्रतिशत संक्रमण के मामले और मौत मौत ग्रामीण क्षेत्र से दर्ज की जा रही हैं. जबकि 60 प्रतिशत मामले 45 वर्ष से कम उम्र के लोगों में मिल रहे हैं.

  3. कोरोना वैक्सीन के सैकड़ों डोज़ जयपुर के एक अस्पताल से गायब

  4. भारत में तेज़ी से बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले

    कोरोना मरीज़

    इमेज स्रोत, CG KHABAR

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 17,282 नए मामले सामने आए हैं. इस दौरान 9,952 लोग डिस्चार्ज हुए हैं और 104 लोगों की मौत हुई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक दिन में 20,510 नए मामलों का पता चला है. वहीं 24 घंटे में 67 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई है. इसके साथ ही राज्य में कोरोना की वजह से मौतों की संख्या बढ़कर 9,376 हो गई है.

    मध्यप्रदेश में भी कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़े हैं जहां बीते 24 घंटे में 9,720 नए मरीज़ों का पता चला है. राज्य में एक दिन में कोरोना मरीज़ों की ये अब तक की सबसे अधिक संख्या है.

    कोरोना टेस्ट

    इमेज स्रोत, Pradeep Gaur/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इसी तरह पंजाब में बीते 24 घंटे में 3,329 नए मरीज़ सामने आए हैं और इस दौरान राज्य में 63 मौतें दर्ज हुई हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों और उप-राज्यपालों के साथ कोरोना संक्रमण की मौजूदा स्थिति और टीकाकरण अभियान के बारे में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए बातचीत की है.

  5. राजस्थान: शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ़्यू की घोषणा

    मोहर सिहं मीणा

    जयपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान सरकार ने राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 16 अप्रैल से शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक सभी शहरों में नाइट कर्फ़्यू लगाने का फ़ैसला किया है.

    राजस्थान में कोरोना संक्रमण के मामलों में हर रोज़ इज़ाफ़ा होता जा रहा है. बीते 24 घंटे में राज्य में कोरोना संक्रमण के 6220 नए मामले आएर और इस दौरान 29 लोगों की मौत हुई.

    नाइट कर्फ़्यू के अलावा सरकार ने विवाह समारोह में अतिथियों की संख्या अधिकतम 50 कर दी है.

    सरकारी ऑफ़िस भी सिर्फ़ शाम चार बजे तक ही काम करेंगे.

  6. इशरत जहां केस: इंसाफ़ और इज़्ज़त के लिए एक अकेली मां की जंग

  7. दिनभर

  8. कोरोना के बढ़ते मामलों पर बोले मज़दूर 'लॉकडाउन दोबारा भीख मांगने पर मजबूर कर देगा'

  9. उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का नया कीर्तिमान

    कोरोना टेस्ट

    इमेज स्रोत, Pradeep Gaur/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    भारत के अन्य राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं जहां बुधवार को अब तक के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक दिन में 20,510 नए मामलों का पता चला है. वहीं 24 घंटे में 67 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई है. इसके साथ ही राज्य में कोरोना की वजह से मौतों की संख्या बढ़कर 9,376 हो गई है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  10. कोरोना वायरस की वजह से महाराष्ट्र में 14 अप्रैल की शाम से कड़े प्रतिबंध

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान ने हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद तहरीक-ए-लब्बैक पर लगाया प्रतिबंध

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Reuters

    पाकिस्तान ने बुधवार को एक कट्टरपंथी मज़हबी राजनीतिक दल पर 'आंतकवाद विरोधी क़ानून' के तहत बुधवार को प्रतिबंध लगा दिया.

    देश में पिछले तीन दिनों से 'तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान' के समर्थकों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हो रही है. इस संघर्ष में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है और 300 से ज़्यादा पुलिस वाले घायल हुए हैं.

    पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री शेख़ रशीद अहमद ने बताया कि साल 1997 के 'आंतकवाद विरोधी क़ानून' के नियम 11-बी के तहत 'तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान' को प्रतिबंधित कर दिया गया है.

    उन्होंने कहा, "मैंने इस सिलसिले में पंजाब सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मंज़ूर कर दिया है."

    शेख़ रशीद अहमद ने बताया कि पिछले दो दिनों में 'तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान' के समर्थकों के साथ झड़प में कम से कम दो पुलिस वाले मारे गए हैं जबकि 340 लोग घायल हुए हैं.

    कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ दो प्रदर्शनकारी भी मारे गए हैं.

    पार्टी के मुखिया मौलवी साद हुसैन रिज़वी की गिरफ़्तारी के बाद 'तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान' ने देश भर में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन छेड़ रखा है.

    पैग़म्बर मोहम्मद के रेखाचित्र के प्रकाशन के विरोध में टीएलपी ये माँग कर रही है कि फ्रांस के राजदूत को देश से निकाल दिया जाए और इसके लिए इमरान ख़ान की सरकार को 'तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान' ने 20 अप्रैल तक की मोहलत दे रखी है.

  12. कोरोना के चलते सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं पर क्या फ़ैसला हुआ?

    वीडियो कैप्शन, कोरोना के चलते सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं पर क्या फैसला हुआ?

    कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय ने सीबीएसई की 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं रद्द और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं टालने का फ़ैसला किया है.

    शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि 10वीं के नतीजे इंटरनल एसेसमेंट यानी बोर्ड के बनाए ऑबजेक्टिव क्राइटेरिया के आधार पर किए जाएंगे.

    वहीं 12वीं की परीक्षा को फ़िलहाल टाल दिया गया है. 12वीं की परीक्षा कराने को लकर बाद में फ़ैसला किया जाएगा.

    मंत्रालय का कहना है कि इसके लिए एक जून को एक बार फिर स्थिति की समीक्षा की जाएगी. सीबीएसई की परीक्षाएं 4 मई से 14 जून को होने वाली थीं.

  13. पश्चिम बंगाल चुनाव: भूटान से सटा आख़िरी गांव जहां न नेता पहुँचते हैं न विकास

    स्थानीय महिलाएं

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से क़रीब 650 किलोमीटर दूर भारत-भूटान सीमा पर बसा है उत्तरी बंगाल का आख़िरी गांव बिंदु. यहां से बहने वाली जल डाखा नदी भारत और भूटान की सीमा को परिभाषित करती है.

    महज़ कुछ फ़ीट चौड़ी नदी के एक ओर भारत है और दूसरी ओर नेपाल. जब हम नदी के क़रीब पहुँचे तो एक स्थानीय निवासी ने पीछे से चिल्लाते हुए मज़ाक़ में कहा, "भाई, उस पार नहीं चले जाना, वापस बुलाने की क़ानूनी प्रक्रिया बहुत लंबी है."

    बिंदु और उसके आसपास के गांव दूसरे शहरों और गांवों से कटे हुए दिखते हैं. सिलीगुड़ी से दूरी महज़ 100 किलोमीटर है, लेकिन सड़कों की हालत बहुत ख़राब है. यहां के लोगों के मुताबिक़ सड़कें बनती तो हैं, लेकिन बारिश आते ही ख़राब हो जाती हैं.

    बिंदु से क़रीब 10 किलोमीटर दूर झलॉन्ग नामक एक गांव में जब बीबीसी की टीम रुकी तो वहां के लोग हैरान रह गए.

    "यहां न नेता आते हैं, न मीडिया"

    गाड़ी से उतरते ही एक व्यक्ति ने कहा, "आप दिल्ली से आए हैं. ये पहली बार हुआ है कि दिल्ली के मीडिया के लोग यहां आए हैं. फ़र्स्ट टाइम. यहां कोई नहीं आता, न मीडिया वाले, न नेता, कोई नहीं."

    इसी गांव की कमला शर्मा कहती हैं, "हम बहुत ख़ुश हैं कि आप यहां आए. पहली बार."

    कमला ने बताया कि नदी के बिल्कुल पास बसे इस शहर में पानी की बहुत दिक़्क़त है.

  14. पाकिस्तान से 'नजदीकी' पर रूस ने भारत को दिलाया भरोसा

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भरोसा भारत को 'भरोसेमंद साझीदार' बताते हुए रूस ने बुधवार को कहा है कि दोनों देशों के बीच किसी किस्म की कोई गलतफहमी या मतभेद नहीं है.

    साथ ही रूस ने ये भी कहा कि पाकिस्तान के साथ उसका 'सीमित सहयोग' है जो दोनों देशों के 'स्वतंत्र संबंधों' की बुनियाद पर आधारित है.

    नई दिल्ली में रूसी दूतावास के डिप्टी चीफ़ रोमन बाबुश्किन ने नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के लिए भारत और पाकिस्तान की ओर से जताई गई प्रतिबद्धता का स्वागत भी किया.

    भारत और पाकिस्तान ने हाल ही में साल 2003 के संघर्ष विराम का पालन करने की बात कही थी. रूस का कहना है क्षेत्रीय स्थिरता के ये बेहद महत्वपूर्ण कदम हैं.

    बाबुश्किन के साथ ज्वॉयंट मीडिया ब्रीफिंग में रूसी राजदूत निकोलाय कुदाशेव ने पश्चिमी देशों की भारत-प्रशांत रणनीति की आलोचना करते हुए इसे ख़तरनाक और शीत युद्ध की मानसिकता को फिर से जगाने की कोशिश करार दिया.

    बाबुश्किन ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान को लेकर जो क्षेत्रीय सहमति बन रही है, भारत को उस प्रक्रिया का हिस्सा बने रहना चाहिए.

    उन्होंने ये भी कहा कि अफ़ग़ान शांति वार्ता को लेकर भारत और रूस का रवैया एक जैसा है.

    रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव हाल ही में भारत दौरे पर आए थे. नई दिल्ली के बाद उनका अगला पड़ाव इस्लामाबाद रहा.

    सर्गेई लावरोव की पाकिस्तान यात्रा की जिस तरह से भारतीय मीडिया में नकारात्मक रिपोर्टिंग हुई, उसके बारे में पूछे जाने पर बाबुश्किन ने कहा कि पाकिस्तान के साथ रूस के स्वतंत्र रिश्ते हैं और ये किसी के ख़िलाफ़ नहीं है.

  15. सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा अब 15 जून के बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने लिया फ़ैसला

    10वीं और 12वीं

    इमेज स्रोत, Sunil Ghosh/Hindustan Times via Getty Images

    सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा पर आख़िरकार सरकार ने बुधवार को फ़ैसला ले ही लिया.

    इस साल 10वीं के छात्र अब इंटरनल असेसमेंट के ज़रिए आगे की क्लास में जाएंगे.

    वहीं 12वीं की बोर्ड परीक्षा फ़िलहाल के लिए स्थगित करने का फ़ैसला किया गया है. 1 जून 2021 को दोबारा से इस पर विचार करने की बात कही गई है.

    केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की तरफ़ से जारी प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया. केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव , कैबिनेट सेक्रेटरी, स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा सचिव सभी इस बैठक में मौजूद थे.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बैठक में कहा, "छात्रों की सेहत हमारी प्राथमिकता है. लेकिन बच्चों के स्वास्थ्य के साथ ये भी ध्यान रखना है कि उनकी पढ़ाई पर इसका असर ना पड़े."

    सीबीएसई की 10वीं की परीक्षाएँ 4 मई से 7 जून 2021 के बीच होंनी थीं. वहीं 12वीं की परीक्षाएँ 4 मई ले 14 जून 2021 के बीच होने का एलान किया गया था.

    सामान्य तौर पर ये परीक्षाएं मार्च-अप्रैल में होती थीं, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इस बार बोर्ड की परीक्षाएं देर से करवाने का एलान किया गया था. इस बारे में छात्रों के लिए सुरक्षा के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए गए थे.

    इस साल की सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं में 21,50,761 बच्चे शामिल होने वाले थे जबकि 14,30,243 बच्चों के 12वीं की परीक्षा में शामिल होने की संभावना है.

  16. पाकिस्तान में स्कूली किताबों में हिंदुओं के बारे में क्या पढ़ाया जाता है?

    वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान में स्कूली किताबों में हिंदुओं के बारे में क्या पढ़ाया जाता है?

    पाकिस्तान में अगर आपका नाम किशोर, मुकेश या आकाश है, तो शायद कई बार आपके लिए अपना नाम बताना ही सबसे मुश्किल कदम हो सकता है. कुछ नहीं पता कि कब कौन पूछले कि आप भारत से कब आए?

    यह तब हो सकता है जब आप स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय में समाजिक विज्ञान या पाकिस्तान स्टडीज़ की किताबें पढ़ना शुरू करेंगे. लेकिन इन किताबों में ऐसा क्या हो सकता है जो हिंदुओं के लिए अपमानजनक है?

    आइए जानते हैं सिंध प्रांत के कुछ पाकिस्तानी हिंदू और मुस्लिम छात्रों की ज़बानी, जिन्होंने ये किताबें उन दिनों में पढ़ी थी जब वो छात्र थे.

  17. कोरोना की वजह से महाराष्ट्र में एक और मुसीबत आई

    वीडियो कैप्शन, कोरोना की वजह से महाराष्ट्र में एक और मुसीबत आई

    महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का सबसे ज़्यादा कहर दिख रहा है. इसके चलते महाराष्ट्र में 14 अप्रैल रात आठ बजे से 1 मई की सुबह सात बजे तक धारा 144 लागू कर दी गई है.

    महाराष्ट्र के पुणे में लिक्विड ऑक्सीजन सप्लाई करने में भी काफी दिक्कतें आ रही हैं. कोरोना के बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी चिंता जताई है.

    मंत्रालय का कहना है कि वो सभी राज्यों की मदद कर रहे हैं.

  18. वो भीमराव बाबासाहेब आंबेडकर जिन्हें आप नहीं जानते होंगे - विवेचना

    वीडियो कैप्शन, वो भीमराव बाबासाहेब आंबेडकर जिन्हें आप नहीं जानते होंगे - Vivechana

    भारत के लोकतंत्र और संविधान पर बाबासाहेब आंबेडकर की छाप तो सर्वविदित है लेकिन एक व्यक्ति के रूप में अम्बेडकर कैसे थे, इसके बारे में लोगों को कम पता है.

    भीमराव बाबासाहेब आंबेडकर की 130वीं जयंती पर रेहान फ़ज़ल याद कर रहे हैं बाबासाहेब के व्यक्तित्व के अनछुए पहलुओं को विवेचना में.

  19. सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा रद्द, 12वीं की परीक्षा टाली गई

    बच्चे

    इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/India Today Group/Getty Images

    कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय ने सीबीएसई की 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं रद्द और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं टालने का फ़ैसला किया है.

    शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि 10वीं के नतीजे इंटरनल एसेसमेंट यानी बोर्ड के बनाए ऑबजेक्टिव क्राइटेरिया के आधार पर किए जाएंगे.

    वहीं 12वीं की परीक्षा को फ़िलहाल टाल दिया गया है. 12वीं की परीक्षा कराने को लकर बाद में फ़ैसला किया जाएगा.

    मंत्रालय का कहना है कि इसके लिए एक जून को एक बार फिर स्थिति की समीक्षा की जाएगी.

  20. कोरोना: श्मशान कर्मचारियों का बुरा हाल, शवदाह के लिए लंबा इंतज़ार

    शवगृह के कर्मचारी.

    भारत में कोविड-19 की दूसरी लहर साल 1918 में आए स्पैनिश फ़्लू की कहानी दोहराती हुई दिख रही है.

    साल 1918 के अप्रैल-मई महीने में स्पैनिश फ़्लू की पहली लहर आई, जो यूरोप के कई देशों में फैली. लेकिन धीरे-धीरे से फ़्लू कम होता गया, लगा मामला ख़त्म होने वाला है, लेकिन ये 'तूफ़ान आने से पहले की ख़ामोशी' जैसी थी.

    अगस्त, 1918 में स्पैनिश फ़्लू का एक नया म्यूटेंट आया और ये इतना ख़तरनाक साबित हुआ कि किसी ने इसकी कल्पना तक नहीं की थी. यूरोप में ये ऐसे फैला, जैसे जंगल में आग फैल रही हो. ये तो बात थी साल 1918 की. अब ज़रा वर्तमान में आते है और बात भारत की करते हैं.

    भारत में कोरोना की दूसरी लहर इतनी ख़तरनाक हो चुकी है कि हर दिन औसतन डेढ़ लाख से ज़्यादा मामले सामने आ रहे हैं. मरने वालों का आँकड़ा प्रतिदिन 1000 से ज़्यादा हो चुका है. मरीज़ अस्पताल में अपने इलाज का इंतज़ार कर रहे हैं और तो और दाह संस्कार के लिए मृतकों के परिजनों को लंबा इंतज़ार करना पड़ रहा है.

    ऐसे में बीबीसी ने देश के सबसे ज़्यादा कोरोना संक्रमण वाले राज्य के शवगृहों में काम करने वाले कर्मचारियों और दाह संस्कार के लिए घंटों इंतज़ार करने वाले परिजनों से बात करके ये समझने की कोशिश की कि हालात कैसे हैं.