You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: भारत ने वैक्सीन के निर्यात पर फ़िलहाल रोक लगाई

भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बीबीसी को बताया है कि भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने वैक्सीन के निर्यात पर फ़िलहाल पाबंदी लगा दी है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना: भारत ने वैक्सीन के निर्यात पर फ़िलहाल लगाई रोक

    भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बीबीसी को बताया है कि भारत ने फ़िलहाल कुछ समय के लिए ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका द्वारा विकसित कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड के निर्यात पर रोक लगा दी है.

    मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण आने वाले हफ़्तों में वैक्सीन की घरेलू माँग में इज़ाफ़ा होगा और यहां वैक्सीन की ज़रूरत पड़ेगी.

    हालांकि अधिकारियों ने इसे वक़्ती क़दम क़रार दिया है लेकिन इससे अप्रैल के आख़िर तक वैक्सीन की निर्यात पर असर पड़ेगा.

    कोवैक्स योजना के तहत आने वाले क़रीब 190 देशों पर इसका असर पड़ेगा.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के नेतृत्व में चल रही कोवैक्स योजना का मक़सद सभी देशों में कोरोना वैक्सीन को सुनिश्चित कराना है.

    भारत ने अब तक 76 देशों में कोरोना वैक्सीन की क़रीब छह करोड़ डोज़ भेजा है.

    बुधवार को क़रीब 47 हज़ार संक्रमण के नए मामले सामने आए और 275 लोगों की मौत हुई.

    साल 2021 में भारत में एक दिन में कोरोना संक्रमितों की यह सबसे बड़ी संख्या है.

    भारत ने एक अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका दिए जाने का फ़ैसला किया है.

    इसलिए टीके की माँग में इज़ाफ़ा लाज़िमी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के एक सूत्र ने बीबीसी संवाददाता सौतिक बिस्वास को बताया कि, "निर्यात पर रोक सिर्फ़ कुछ समय के लिए लगाया गया है और घरेलू माँग को प्राथमिकता देनी होगी."

    मंत्रालय के एक सूत्र ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि ''गुरुवार से कोई निर्यात नहीं होगा, जब तक कि भारत में हालात स्थिर नहीं हो जाते.''

    लेकिन इस फ़ैसले पर अभी तक भारत सरकार या वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया की तरफ़ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

    वैक्सीन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी एसआईआई ने एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन के यूके, ब्राज़ील, सऊदी अरब और मोरक्को जाने वाली खेप को फ़िलहाल रोक दिया है.

    भारत सरकार ने कोरोना वैक्सीन कार्यक्रम की शुरुआत 16 जनवरी से की थी और अब तक चार करोड़ 70 लाख लोगों को टीका दिया जा चुका है.

    लेकिन इस बीच भारत मे ंकोरोना की दूसरी लहर की आशंका बढ़ गई है.

    भारत में अधिकारी अगले सात महीनों में 60 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका देने की उम्मीद कर रहे हैं.

  2. जेईई-मेन मार्च के परिणाम घोषित, 13 छात्रों को मिले 100 फ़ीसद नंबर

    इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के मार्च सत्र के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के हवाले से कहा है कि इस परीक्षा में 13 छात्रों को 100 परसेंटाइल अंक मिले हैं.

    16 से 18 मार्च 2021 तक यह परीक्षा आयोजित की गई थी.

    एनटीए ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in और जेईई मेन की वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर नतीजे जारी कर दिए गए हैं.

  3. छत्तीसगढ़: एक दिन में कोरोना से रिकॉर्ड 28 मौतें

    आलोक पुतुल

    रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2100 नए मामले सामने आए हैं. इसके अलावा कोरोना से 28 मौतें हुईं हैं जो कि पिछले एक साल में राज्य में एक दिन में होने वाली सबसे ज़्यादा मौतें हैं. इससे पहले कभी एक दिन में छत्तीसगढ़ में कोरोना से इतने लोगों की मौत नहीं हुई थी.

    कोरोना महामारी से एक दिन में मौत के मामले में छत्तीसगढ़ देश में तीसरे नंबर पर रहा.

    महाराष्ट्र में 24 घंटे में सबसे ज़्यादा 132 लोगों की जान गई, पंजाब में 53 और छत्तीसगढ़ में 24 घंटे में 20 लोगों की कोरोना से मौत हुई.

    छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना से 3982 लोगों की मौत हो चुकी है.

  4. अफ़ग़ान शांति प्रक्रिया में भारत की भागीदारी बढ़नी चाहिए: अफ़ग़ान विदेश मंत्री

    अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री हनीफ़ अतमार इन दिनों भारत के आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली आए हुए हैं.अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री हनीफ़ अतमार ने भारतीय नेतृत्व से अफ़ग़ानिस्तान में जारी शांति और सुलह प्रक्रिया में भारत की बड़ी भूमिका की माँग की है.

    भारत के दौरे पर दिल्ली पहुँचे हनीफ़ अतमार ने सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करने के बाद मंगलवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मुलाक़ात की.अफ़ग़ान विदेश मंत्री ने 'राष्ट्रपति ग़नी की नई शांति योजना', अफ़ग़ानिस्तान के अंदर चल रही बातचीत प्रक्रिया और पिछले हफ़्ते मॉस्को में हुई 'विस्तारित तिकड़ी' वार्ता के बारे में भारत को बताया है.राजधानी दिल्ली में आधिकारिक मुलाक़ातों के बाद भारतीय महिला पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, "अफ़ग़ानिस्तान की शांति और सुरक्षा में भारत का वैध हित है और हम चाहते हैं कि इस प्रक्रिया में भारत की बड़ी भूमिका हो."

    उन्होंने बताया कि उनका देश यह सुनिश्चित करने के लिए बातचीत कर रहा है कि अफ़ग़ानिस्तान अंतरराष्ट्रीय आतंकवादियों का सुरक्षित आश्रय न बन सके.

    माना जाता है कि अगर तालिबान से युद्ध विराम के लिए सहमति हो जाती है, तो साल भर के भीतर वहां नए चुनाव हो जाएंगे. इसके बाद चुनी हुई सरकार को सत्ता सौंप दी जाएगी.

    इसके उलट अमेरिकी विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन के एक लीक हुए पत्र के अनुसार अमेरिका का प्रस्ताव है कि बातचीत के ज़रिए चुनाव से पहले दोनों पक्षों की एक मिली-जुली अंतरिम सरकार का गठन हो.

  5. दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी की नज़र अब सौर ऊर्जा पर

    दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अब सौर ऊर्जा का उत्पादन बढ़ाने में तेजी से जुटी है. इसके साथ ही कंपनी अपनी छोटी खानों को बंद कर रही है.

    सीआईएल की योजना अब एक अन्य सरकारी कोयला कंपनी एनएलसी इंडिया के साथ मिलकर 3,000 मेगावाट के सोलर इनर्जी प्रोजेक्ट में निवेश करने की है.

    कंपनी यह भी चाहती है कि देश में सोलर प्रोजेक्ट के लिए न्यूनतम क़ीमत लगाकर ऐसी परियोजनाएं हासिल करे. सबसे अधिक कोयला पैदा करने वाली कंपनी की नीति में इसे बहुत बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

    कंपनी के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल ने रॉयटर्स के साथ एक इंटरव्यू में कहा, ''अगले दो या दशक में हम कोयले का बिज़नेस ख़ोने जा रहे हैं.आने वाले सालों में कोयले की जगह सोलर इनर्जी ले लेगी.''

    सीआईएल जिस प्रोजेक्ट में एनएलसी इंडिया का पार्टनर बनने जा रही है, उसकी अनुमानित लागत 12,500 करोड़ रुपए है. अनुमान है कि 2024 तक इस लागत का क़रीब आधा सीआईएल की ओर से निवेश होगा.

    कोल इंडिया ने अप्रैल 2017 से मार्च 2020 के बीच अपनी 82 खानों को बंद कर दिया है, जबकि अपने कर्मचारियों की संख्या में 18,600 की कटौती कर दी है. प्रमोद अग्रवाल का अनुमान है कि कार्यबल में अभी और कटौती होगी.

    उनके अनुसार इससे होने वाली बचत को फिर सोलर वेफर (सौर उपकरण) को बनाने में पुनर्निवेश किया जाएगा. ऊर्जा उत्पादन में परिवर्तन भारत फिलहाल थर्मल पावर के लिए हर साल 100 करोड़ टन कोयले का उपयोग करता है.

    चीन के बाद इस मामले में भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है. केंद्रीय कोयला मंत्रालय के अनुसार, इनमें से भी क़रीब 70 फ़ीसदी यानी 71 करोड़ टन कोयले का उत्पादन अकेले कोल इंडिया करती है.

    अमेरिकी इनर्जी इन्फॉरमेशन एजेंसी के अनुसार यह आंकड़ा 2019 में अमेरिका के कुल कोयला उत्पादन से भी थोड़ा ज्यादा है. भारत का मानना है कि पर्यावरण में हो रहे बदलावों के चलते ऊर्जा स्रोतों में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

    भारत जलवायु परिवर्तन पर हुए पेरिस समझौते का मुख्य हस्ताक्षरी है. लिहाज़ा भारत का वादा है कि वह 2030 तक 2005 के कार्बन उत्सर्जन स्तर में 35 फ़ीसदी की कटौती कर लेगा. पिछले साल देश का कार्बन उत्सर्जन कई दशकों में पहली बार घटा था.

    हालांकि जानकारों का मानना है कि कोरोना महामारी के चलते लगे सख़्त लॉकडाउन और उसके चलते कोयले की ख़पत में कमी होने से ऐसा हुआ था.

    भारत को उम्मीद है कि अगले साल यानी 2022 तक अक्षय ऊर्जा का उत्पादन बढ़कर 175 गीगावाट हो जाएगा. जबकि 2030 तक इसे 450 गीगावाट तक ले जाने का लक्ष्य है.

  6. झांसी में नन के उत्पीड़न का मामला: अमित शाह ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केरल के कांजीरापल्ली में एक चुनावी रैली में भरोसा दिलाया है कि झांसी में ननों के साथ कथित उत्पीड़न के मामले में शामिल लोगों के खिलाफ़ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी.

    उन्होंने कहा कि मैं केरल के लोगों को भरोसा देता हूं कि इस घटना के पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय मिलेगा.

    यह मामला भाजपा की ओर से कांजीरापल्ली सीट के प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री केजे अल्फोंस के समक्ष भी उठाया गया था. इससे पहले केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने उत्तर प्रदेश के झांसी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा ननों के एक समूह का कथित उत्पीड़न करने की कड़ी निंदा की थी.

    उन्होंने अमित शाह को लिखे अपने पत्र में केंद्र से मांग की थी कि इस मामले में शमिल लोगों पर कार्रवाई हो. पिनाराई विजयन का कहना है कि ऐसी घटनाएं देश की छवि को धूमिल करती हैं.

    उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में शामिल लोग संविधान द्वारा दिए गए निजी अधिकारों की आज़ादी को बाधित करते हैं.

    पी विजयन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो हुआ वह इस देश में नहीं होना चाहिए. यह बहुत गंभीर मामला है और ऐसे मामलों के लिए वह राज्य बदनाम है.

    विजयन ने दावा किया कि उनकी सरकार केरल में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की किसी मुहिम को पनपने नहीं देगी.

    आख़िर हुआ क्या था

    ख़बरों के अनुसार दो दिन दिन पहले ट्रेन से जा रहे ईसाइयों के एक समूह को झांसी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर परेशान किया और डराया था.

    बताया गया है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से शिकायत की थी कि दो महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए दो नन जबरदस्ती ले जा रही हैं. इसके बाद पुलिस ने सभी चार महिलाओं को ट्रेन से उतारकर हिरासत में ले लिया था.

    हालांकि जांच के बाद पुलिस ने कहा कि शिक़ायत निराधार थी. पुलिस के अनुसार इसके बाद अगली ट्रेन से चारों महिलाओं को ओडिशा में उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया.

    इससे पहले केरल कैथोलिक बिशप काउंसिल ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से दोषी अपराधियों के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी.

  7. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से. 24 मार्च 2021

  8. पेट्रोल और डीजल का अगले 8-10 सालों तक जीएसटी में आना संभव नहीं: सुशील मोदी

    राज्यसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा के दौरान सुशील मोदी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल से सभी राज्यों को क़रीब दो लाख करोड़ रुपये का कर राजस्व मिलता है.

    जीएसटी काउंसिल के पूर्व संयोजक और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को संसद में कहा है कि पेट्रोल और डीजल को अगले आठ से 10 सालों तक जीएसटी सिस्टम के तहत ला पाना संभव नहीं है.

    इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा था कि जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक में पेट्रोल और डीजल को जीएसटी सिस्टम के तहत लाने पर विचार किया जाएगा.

    लेकिन आज राज्यसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा के दौरान सुशील मोदी ने बताया कि इन दोनों उत्पादों को जीएसटी के तहत लाने पर सभी राज्यों को हर साल क़रीब दो लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ेगा.

    उन्होंने कहा कि फिलहाल केंद्र और राज्य सरकारें कुल मिलाकर पांच लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर पेट्रोलियम उत्पादों से वसूलती हैं.

    सुशील मोदी फ़िलहाल भाजपा के राज्यसभा सांसद है और कुछ महीने पहले तक बिहार के उपमुख्यमंत्री होने के साथ राज्य का वित्त विभाग भी देख रहे थे.

    जानकारों के अनुसार पेट्रोलियम उत्पादों के सस्ता होने की उम्मीद कर रहे लोगों के लिए जीएसटी काउंसिल के पूर्व संयोजक का बयान अहम है.

  9. महाराष्ट्र में अब तक के घटनाक्रम पर FB LIVE

    FB LIVE: महाराष्ट्र की राजनीति में हर रोज़ एक नया मोड़ आ रहा है. आज सचिन वाझे पर यूएपीए क़ानून के तहत मामला दर्ज किया गया और सर्वोच्च न्यायालय ने परमबीर सिंह की याचिका पर सुनवाई से इनक़ार कर दिया. उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास गाड़ी में विस्फोटक मिलने से लेकर अब तक के घटनाक्रम पर बीबीसी मराठी के संपादक आशीष दीक्षित से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता मोहम्मद शाहिद.

  10. एंटीलिया केस: सचिन वाझे के ख़िलाफ़ एनआईए ने 'आतंकवाद' विरोधी क़ानून लगाया

    उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास एक गाड़ी में विस्फोटक मिलने के मामले की जांच कर रही नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने मुंबई पुलिस के गिरफ़्तार पुलिस अधिकारी सचिन वाझे पर यूएपीए क़ानून के तहत मामला दर्ज किया है.

    अनलॉफ़ुल ऐक्टिविटिज (प्रिवेंशन) एक्ट देश में चरमपंथी गतिविधियों से जुड़े आपराधिक मामलों में लागू किया जाता है.

  11. अर्नब गोस्वामी को गिरफ़्तार करने से तीन दिन पहले उन्हें नोटिस दें: बॉम्बे हाई कोर्ट

    टीआरपी घोटाला मामले में बुधवार को बॉम्बे हाई कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिए कि वह रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ़ अर्नब गोस्वामी को गिरफ़्तार करने से पहले उन्हें तीन दिन पहले नोटिस दे.

    अर्नब गोस्वामी इस समय आत्महत्या के लिए उकसाने के एक अन्य मामले में ज़मानत पर हैं.

    अर्नब गोस्वामी को 53 साल के एक इंटीरियर डिज़ाइनर अन्वय नाइक की कथित आत्महत्या के मामले में गिरफ़्तार किया गया था.

    अर्नब गोस्वामी को बीते साल 4 नवंबर को मुंबई में उनके घर से गिरफ़्तार किया गया था और 11 नवंबर को उन्हें सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिल गई थी.

  12. बिहार विधानसभा में हंगामा: नीतीश ने जताया अफ़सोस, तेजस्वी बोले- सत्ता किसी की बपौती नहीं

    बिहार विधानसभा में मंगलवार को पुलिस विधेयक को लेकर हुए हंगामे के बाद राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पर अफ़सोस जताया है.

    पटना में मौजूद पत्रकार नीरज प्रियदर्शी ने बताया कि सदन से पुलिस और प्रशासन कर्मियों ने विपक्षी विधायकों को घसीटकर ले जाकर बाहर फेंका था. विपक्षी दल आरजेडी का कहना है कि इस घटना में 2 महिलाओं समेत 12 विधायकों को चोटें आई हैं.

    इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “सदन बहुमत और नियमों से चलता है ना कि ज़ोर-ज़बरदस्ती से. जो लोग भी सदन में इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं वह अपना नुक़सान कर रहे हैं. पता नहीं ऐसे लोगों के कौन सलाहकार हैं जो उन्हें अपना ही नुक़सान करने की सलाह दे रहे हैं.”

    बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष पद पर जेडीयू विधायक महेश्वर हजारी के निर्वाचन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन को संबोधित कर रहे थे.

    महेश्वर हजारी के निर्वाचन की घोषणा होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ख़ुशी जताई.

    उन्होंने कहा,“जिन लोगों ने उपाध्यक्ष पद पर सामने से उम्मीदवार खड़ा किया वह आज सदन से ग़ायब हैं. सत्ता पक्ष की तरफ़ से महेश्वर हजारी के पक्ष में कुल 4 प्रस्ताव आए थे, जबकि विपक्ष ने अपने उम्मीदवार के लिए 6 प्रस्ताव रखे थे. लेकिन आज सदन में उनकी ग़ैर-मौजूदगी बता रही है कि बहुमत को लेकर उनके दिमाग़ में भी स्थिति स्पष्ट है."

    वहीं नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा के अंदर विधायकों के साथ जिस तरह का दुर्व्यवहार हुआ है वह अलोकतांत्रिक है.

    उन्होंने कहा, “मेरा नाम तेजस्वी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके कठपुतली अधिकारियों को अच्छे से पता होना चाहिए कि कोई भी सरकार स्थायी नहीं होती है. हमारे पास सभी का फ़ुटेज है. जनतंत्र में जनता मालिक होती है. सत्ता किसी की बपौती नहीं है.”

    “विधानसभा के अंदर माननीय विधायकों के साथ जिस तरह का दुर्व्यवहार और मारपीट की गई वह पूर्णत: अलोकतांत्रिक है. इन्होंने एक असंसदीय परंपरा स्थापित की है. यदि मुख्यमंत्री इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए माफ़ी नहीं मांगते हैं, तो हम शेष कार्यकाल के लिए विधानसभा का बहिष्कार कर सकते हैं.”

    विधानसभा में विपक्षी विधायकों की पिटाई से नाराज़ विपक्ष आज सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर रहा है.

    विधानसभा की कार्यवाही जारी है लेकिन विपक्ष सदन में मौजूद नहीं है. विपक्ष सदन से बाहर विधान मंडल परिसर में अपना समानांतर सदन चला रहा है.

    विपक्षी सदस्यों ने आरजेडी विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार भूदेव चौधरी को स्पीकर बना कर कार्यवाही शुरू की है.

  13. बंगाल के लोग दीदी का 'खेला' समझ चुके हैं: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं. राज्य के दक्षिणी क्षेत्र कांथी में आयोजित भाजपा की एक चुनावी रैली में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल सरकार पर जमकर निशाना साधा है.

    ममता बनर्जी के लिए बार-बार 'दीदी' का संबोधन करते हुए उन्होंने कहा कि जब जरूरत होती है तो तब दीदी कहीं दिखती नहीं लेकिन जब चुनाव आता है तो कहती हैं, सरकार दुआरे-दुआरे. यही इनका खेल है. लेकिन उनका यह खेल अब राज्य का बच्चा-बच्चा समझ गया है.

    उन्होंने कहा कि राज्य में हिंसा और बम धमाकों की ख़बरें अब आम हो गई हैं.

    प्रधानमंत्री ने कहा, ''बम धमाकों से लोगों का पूरा घर उड़ जाता है और दीदी की सरकार सिर्फ़ देखती रहती हैं. हमें इस स्थिति को मिलजुल कर बदलना है. बंगाल को शांति-स्थिरता और बम-बंदूकों के साथ हिंसा से आज़ादी चाहिए.''

    पीएम मोदी ने लोगों से कहा कि आप सब ने दीदी को 10 साल काम करने का मौका दिया. अब लोगों के बीच आकर उन्हें अपने काम का हिसाब देना चाहिए.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना: भारत के 18 राज्यों में नया 'डबल म्यूटेंट' वैरिएंट मिला

    भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश के 18 राज्यों में कोरोना वायरस का एक नया ‘डबल म्यूटेंट' वैरिएंट मिला है.

    साथ ही मंत्रालय ने ये भी कहा है कि अभी तक के आंकड़ों से यह स्पष्ट नहीं है कि क्या देश में कोरोना के बढ़ रहे संक्रमण और वायरस के नए किस्म में कोई संबंध है.

    कोरोना वायरस का यह नया वैरिएंट विदेशों में भी मिल चुका है. पिछले कुछ वक़्त से दुनिया समेत भारत में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर तेज़ी से बढ़ रहे हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना की नई किस्म के अभी पर्याप्त मामले नहीं मिले हैं. हालाँकि बताया गया है कि वायरस की यह नई किस्म शरीर के इम्यून सिस्टम से बचकर संक्रामकता को बढ़ाता है.

    वायरस का यह म्यूटेशन क़रीब 15 से 20 फ़ीसदी नमूनों में पाया गया है जबकि यह चिंता पैदा करने वाली पहले की किस्मों से मेल नहीं खाता.

    महाराष्ट्र से मिले नमूनों के विश्लेषण से पता चला है कि दिसंबर 2020 की तुलना में नमूनों में ई484क़्यू और एल452आर म्यूटेशन के अंशों में बढ़ोतरी हुई है.

    अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के देश आने पर और अन्य रोगियों से लिए गए नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग और इसके विश्लेषण के बाद पाया गया है कि इस किस्म से संक्रमित लोगों की संख्या 10 है.

  15. पीएम के पद का सम्मान, पर मोदी बहुत झूठे इंसान हैं: ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विष्णुपुर की एक चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘झूठा’ बताया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ममता बनर्जी ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री की कुर्सी का सम्मान करती हूँ, लेकिन यह कहते हुए मुझे बहुत अफ़सोस होता है कि नरेंद्र मोदी एक बहुत ही झूठे इंसान हैं.”

    उन्होंने कहा, “हमने कभी बाहर से आकर बंगाल में बसे लोगों को बाहरी नहीं कहा. चाहे वो किसी भी राज्य से आये हों. लेकिन पान मसाला चबाने वाले, तिलकधारी लोगों को जिन्हें उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले उपद्रव करने के लिए भेजा गया है, वो हमारे लिए बाहरी गुंडे हैं.”

    पीएम मोदी के बारे में ममता बनर्जी ने कहा, “मोदी को सिर्फ़ बड़ी बातें बनानी आती हैं. वो बड़े से बड़े वादे करते हैं, जैसे हर भारतीय के अकाउंट में 15 लाख रुपये भेजने का वादा. पर हक़ीक़त ये है कि एलपीजी के दाम आसमान छू रहे हैं.”

    पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर में हुई एक चुनावी जनसभा में पीएम मोदी ने कहा था, “वंदे मातरम की भावना भारत को एक सूत्र में बांधती है, लेकिन दीदी (ममता बनर्जी) हमें बार-बार बाहरी बता रही हैं.”

    पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को अब स्थिरता, शांति और हिंसा से आज़ादी चाहिए.

    पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटे हैं जिनपर आठ चरण में मतदान होगा और मतों की गणना 2 मई को होगी.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व मुंबई पुलिस चीफ़ परमबीर सिंह की याचिका पर सुनवाई से किया इनकार

    सर्वोच्च न्यायालय ने पूर्व मुंबई पुलिस चीफ़ परमबीर सिंह की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है.

    सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि वे मामले को सुनवाई के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट जाएं.

    महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर उगाही का आरोप लगाने वाले आईपीएस अधिकारी परमबीर सिंह ने अपनी याचिका में देशमुख पर लगाये आरोपों की सीबीआई जाँच की माँग की थी.

    सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय किशन कौल ने कहा कि ‘जो मामला आप उठा रहे हैं, वो वाक़ई गंभीर है. लेकिन इसपर सुनवाई बॉम्बे हाई कोर्ट में होनी चाहिए. वहाँ आप सीबीआई जाँच की माँग करें.’

    परमबीर सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय से अपनी याचिका वापस ले ली है.

    उन्होंने न्यायालय को बताया कि वे आज ही बॉम्बे हाई कोर्ट में अपनी याचिका दाखिल करेंगे.

  17. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कोरोना वैक्सीन लेने का दावा, पर कोई तस्वीर नहीं

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कोविड-19 का टीका लगवा लिया है. राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने ऐसा दावा किया है.

    हालांकि, राष्ट्रपति कार्यालय ने पुतिन के टीका लेते समय का कोई फ़ोटो जारी नहीं किया है.

    पुतिन ने बंद दरवाज़ों के भीतर टीकाकरण का विकल्प चुना है. उनकी ओर से यह भी नहीं बताया गया कि व्लादिमीर पुतिन को किस कंपनी का टीका लगाया गया है.

    जानकारों के अनुसार, उनके इस क़दम से टीके को लेकर पैदा हुई गलतफ़हमियाँ दूर नहीं हो सकती हैं.

    मगर दिमित्री पेसकोव ने दावा किया है कि "रूस के तीनों टीके बिल्कुल विश्वसनीय, बहुत अच्छे और प्रभावी हैं."

    बीबीसी से बातचीत के दौरान उन्होंने इस सुझाव को खारिज कर दिया कि राष्ट्रपति के टीका लेते समय का फ़ोटो जारी करने से रूस के बहुसंख्यक लोगों को टीका लेने की प्रेरणा मिलेगी.

    प्रवक्ता ने बताया कि ‘रूसी लोग हमारी बातों पर यक़ीन कर लेंगे कि राष्ट्रपति पुतिन ने टीका लिया है.’

    पर आलोचकों को लगता है कि उनके इस क़दम से टीकाकरण की धीमी गति में थोड़ी ही वृद्धि हो पायेगी. वह इसलिए भी कि रूसी वैक्सीन को लेकर पूरी दुनिया में काफ़ी आशंकाएं व्यक्त की गई थीं. वहीं रूस ने अपने तीनों टीकों के बारे में कोई भी आंकड़ा कभी दुनिया से शेयर नहीं किया.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, चीफ़ जस्टिस बोबड़े ने की जस्टिस रमन्ना को अगला सीजेआई बनाने की सिफ़ारिश

    भारत के मुख्य न्यायाधीश शरद अरविंद बोबड़े ने केंद्र सरकार को एक पत्र भेजकर सुप्रीम कोर्ट के दूसरे वरिष्ठतम न्यायाधीश, न्यायमूर्ति एनवी रमन्ना को अगले मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफ़ारिश की है.

    मुख्य न्यायाधीश एसए बोबड़े 23 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने वाले हैं.

    उनके बाद जस्टिस रमन्ना के अगले सीजेआई के रूप में शपथ लेने की संभावना है.

  19. पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में मामूली गिरावट, एक साल में पहली बार घटे दाम

    पेट्रोल की क़ीमत बुधवार को 18 पैसे और डीज़ल की क़ीमत 17 पैसे कम हुई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बीते एक वर्ष में तेल की क़ीमतों में यह पहली कटौती है.

    इस गिरावट के बाद दिल्ली में पेट्रोल 90.99 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल 81.30 रुपये प्रति लीटर हो गया है.

    रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर आज की क़ीमतों की तुलना ठीक साल भर पहले की क़ीमतों से करें तो 24 मार्च 2020 को दिल्ली में पेट्रोल का दाम 69.59 रुपये प्रति लीटर था, यानी साल भर में पेट्रोल 21.40 रुपये प्रति लीटर महँगा हो चुका है.

    वहीं डीज़ल भी 24 मार्च 2020 को 62.29 रुपये प्रति लीटर था, यानी डीजल भी साल भर में 19.01 रुपये प्रति लीटर महँगा हो गया है.

    पेट्रोल-डीज़ल की लगातार बढ़ती क़ीमतों से राहत के लिए पेट्रोल व डीज़ल को जीएसटी के दायरे में लाने की माँग लंबे समय से उठती रही है.

    हाल ही में वित्त मंत्री ने कहा था कि ‘पेट्रोल व डीज़ल को जीएसटी की परिधि में लाने का फ़िलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है.’

    पर मंगलवार को उन्होंने कहा कि जीएसटी काउंसिल की आगामी बैठक में अगर राज्य पेट्रोल व डीज़ल को जीएसटी के दायरे में लाने का मसला उठाते हैं, तो वे चर्चा के लिए तैयार हैं.

    मंगलवार को लोकसभा में वित्त विधेयक पर जवाब के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि सिर्फ़ केंद्र ही नहीं, राज्य भी पेट्रोल व डीजल पर टैक्स वसूलते हैं, इसलिए राज्यों को भी टैक्स घटाना होगा.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: एक बार फिर तेज़ी से बढ़ रहा संक्रमण, 24 घंटे में 47 हज़ार से ज़्यादा मामले