You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

'सुरक्षा ख़तरे' के मद्देनज़र यूएस कैपिटल बिल्डिंग को बंद किया गया - आज की बड़ी ख़बरें

जो बाइडन के अमेरिकी राष्ट्रपति पद संभालने से दो दिन पहले सुरक्षा कारणों से वॉशिंगटन डीसी की कैपिटल बिल्डिंग को बंद कर दिया गया है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, आंदोलनकारी किसानों से 10वें चरण की वार्ता को सरकार ने टाला

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार केंद्र सरकार ने आंदोलनकारी किसानों से विवादित कृषि क़ानूनों पर 10वें चरण की वार्ता को टाल दिया है. यह वार्ता 19 जनवरी को होने वाली थी.

    आंदोलनकारी किसान क़रीब दो महीने से दिल्ली की सीमाओं पर मोदी सरकार के तीनों नए कृषि क़ानूनों को रद्द करने की माँग कर रहे हैं जबकि सरकार इसके लिए तैयार नहीं है.

    कृषि क़ानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों का कहना है कि यह खेती-किसानी के ख़िलाफ़ है और इससे किसानों की आजीविका प्रभावित होगी.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, ‘सुरक्षा ख़तरे’ के मद्देनज़र यूएस कैपिटल बिल्डिंग को बंद किया गया

    जो बाइडन के अमेरिकी राष्ट्रपति पद संभालने से दो दिन पहले सुरक्षा कारणों से वॉशिंगटन डीसी की कैपिटल बिल्डिंग को बंद कर दिया गया है.

    अमेरिकी कांग्रेस का घर कहे जाने वाली कैपिटल बिल्डिंग पर 6 जनवरी को ट्रंप समर्थकों ने धावा बोला था जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी.

    इमारत के पास तैनात पत्रकारों ने बताया है कि बाइडन के पद ग्रहण की रिहर्सल को स्थगित कर दिया गया है और वहां पर घोषणा जारी है.

    सुरक्षा बेहद कड़ी है और हज़ारों नैशनल गार्ड को तैनात किया गया है.

    चश्मदीदों ने कैपिटल के पास धुआं उठते देखा है. वॉशिंगटन डीसी फ़ायर सर्विस का कहना है कि आग की घटना क़रीब में ही हुई थी जिस पर क़ाबू पा लिया गया है.

    कैपिटल स्टाफ़ को अलर्ट किया गया है कि कॉम्प्लेक्स को बंद कर दिया गया है और अब कोई अंदर या बाहर नहीं जा सकता है.

  3. पीएम मोदी सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बनाए गए

    गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करके बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया गया है.

    उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए लिखा है कि सोमनाथ तीर्थ क्षेत्र के विकास के प्रति प्रधानमंत्री मोदी का समर्पण अद्भुत रहा है.

    अमित शाह ने लिखा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि मोदी जी की अध्यक्षता में ट्रस्ट, सोमनाथ मंदिर की गरिमा व भव्यता को और बढ़ाएगा.”

  4. अर्नब गोस्वामी के बारे में क्या बोले इमरान ख़ान?

    रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के एडिटर-इन-चीफ़ अर्नब गोस्वामी और बार्क के पूर्व सीईओ पार्थो दासगुप्ता के बीच हुई कथित व्हॉट्सएप चैट्स के लीक होने का विवाद अब पाकिस्तान तक पहुँच गया है.

    साथ ही सोशल मीडिया पर भी इस मसले पर बहस छिड़ गई है. अर्नब गोस्वामी की इस कथित चैट में पुलवामा हमले और फिर बालाकोट स्ट्राइक्स का ज़िक्र किया गया है.

    इन चैट्स के स्क्रीनशॉट्स वायरल होने के बाद कई हलकों में सवाल उठाए जा रहे हैं कि पुलवामा हमले और बालाकोट पर भारत की सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी अर्नब गोस्वामी को पहले से कैसे थी?

    सोशल मीडिया पर अर्नब समर्थक और विरोधी दोनों अपने-अपने विचार रख रहे हैं. विपक्षी कांग्रेस ने भी इस मामले में अपना बयान जारी किया है.

    सोमवार को बहस तब और तेज़ हो गई, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने भी इस मसले को लेकर एक के बाद एक कई ट्वीट किए.

  5. असम में 29 दिनों से धरने पर बैठे इन लोगों की मांगें क्या हैं?

    असम में 29 दिनों से मिसिंग जनजाति के 1480 परिवार धरने पर बैठे हैं.

    तिनसुकिया शहर के बोरगुरी में एक खुले मैदान में यह धरना चल रहा है.

    दरअसल, लाइका और दोधिया गांव के लोग स्थायी पुनर्वास के लिए आंदोलन कर रहे हैं.

    कड़ाके की ठंड में क़रीब 1500 प्रदर्शनकारी प्लास्टिक के अस्थाई तंबू में रह रहे हैं.

    धरना दे रही दो महिलाओं और एक बुज़ुर्ग की मौत हो चुकी है और कई लोग बीमार हैं.

  6. मिलिए 103 साल की उम्र में मतदान करने वाले भारत के इस वोटर से

    ये भारत के पहले वोटर श्याम शरण नेगी हैं. उन्होंने 103 साल की उम्र में हिमाचल प्रदेश के पंचायत चुनाव में वोट दिया.

    श्याम शरण नेगी जब मतदान के लिए आए तो उनके लिए लाल कालीन बिछाया गया था.

    उन्होंने कहा कि वो स्वतंत्र भारत में हुए सभी लोकसभा, विधानसभा और पंचायती चुनावों में वोट डालते आए हैं

  7. कर्नाटक में कोविड का टीका लगने के बाद एक व्यक्ति की मौत

    कर्नाटक के बेल्लारी में कोविड वैक्सीन लेने के बाद एक व्यक्ति की कथित तौर पर हृदय गति रुक जाने के कारण मौत हो गई है.

    बेंगलुरु में मौजूद पत्रकार इमरान क़ुरैशी को एक अधिकारी ने बताया कि 43 साल के नागराज को संदूर सदर अस्पताल में शनिवार को कोरोना का टीका दिया गया था.

    शनिवार को ही देश भर में कोरोना के टीकाकरण का कार्यक्रम शुरू हुआ था.

    बेल्लारी के उपायुक्त मालापति पवन कुमार ने बीबीसी हिंदी को बताया कि नागराज का पोस्टमॉर्टम कर लिया गया है और इसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जा रही है.

    मामला एडवर्स इफ़ेक्ट फ़ॉलोइंग इम्यूनाइज़ेशन कमेटी के संज्ञान में लाया गया है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के एक अधिकारी ने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान बताया कि नागराज की मौत श्वसन तंत्र के नाकाम हो जाने के कारण हुई है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, ‘तांडव’ के कास्ट और क्रू ने ‘बिना शर्त’ माफ़ी मांगी

    अमेज़न प्राइम की वेब सिरीज़ ‘तांडव’को लेकर बढ़ते विवाद के बीच इस सिरीज़ के निर्माण से जुड़े क्रू और कास्ट ने ‘बिना शर्त’माफ़ी मांगी है.

    इस सिरीज़ के निर्देशक अली अब्बास ज़फ़र ने इससे जुड़ा बयान ट्वीट किया है.

    बयान में लिखा है कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं और आस्थाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था. इसमें कहा गया है कि तांडव वेब सिरीज़ ‘कल्पनाओं पर आधारित है’और इसकी ‘किसी व्यक्ति या घटना से समानता होती है तो यह मात्र एक संयोग है.’

    इसके साथ ही बयान में लिखा है कि इस सिरीज़ को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से चर्चा हुई है और मंत्रालय ने विभिन्न पहलुओं पर जो चिंताएं उनके समक्ष पेश की गई हैं उनको बताया गया है.

    ग़ौरतलब है कि वेब सिरीज़ के रिलीज़ होने के बाद से इसके कुछ सीन पर आपत्ति जताई जा रही थी, जिसको लेकर मंत्रालय से इस सिरीज़ को हटाने की मांग तक सोशल मीडिया पर की जा रही थी.

    सोमवार को उत्तर प्रदेश में इस सिरीज़ के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत भी दर्ज की गई है और कहा गया है कि यह हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाती है.

  9. कोरोना वैक्सीन का 580 लोगों पर एडवर्स इफे़क्ट, क्या आप भी हिचक रहे हैं?

    भारत में कोरोना का टीकाकरण शुरू हुए तीन दिन हो चुके हैं. भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ अब तक 3 लाख 81 हज़ार से ज़्यादा लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है.

    इसी बीच अब तक 580 लोगों को टीका लगने के बाद 'एडवर्स इफ़ेक्ट' (प्रतिकूल प्रभाव) देखने को मिला है. ये कुल लोगों को लगे टीके का मात्र 0.2 फ़ीसदी ही है. यानी कुल मिलाकर देखें तो 0.2 फ़ीसदी लोगों में टीका लगने के बाद परेशानी देखी गई.

    फिर भी भारत सरकार पहले दो दिन में अपने टीकाकरण अभियान के लक्ष्य को केवल 64 फ़ीसदी ही हासिल कर पाई है. पहले दो दिन में सरकार तक़रीबन 3 लाख 16 हज़ार लोगों को कोरोना का टीका लगाना चाहती थी, लेकिन केवल 2 लाख 24 हज़ार लोगों को ही टीका लग पाया.

  10. कोरोना के डर से शिकागो एयरपोर्ट पर तीन महीने छुपकर रहने वाला हिंदुस्तानी

    अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक़, एक शख़्स महामारी में यात्रा करने से इतना डर गया कि वो तीन महीने तक शिकागो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक सुरक्षित क्षेत्र में बिना किसी को बताए रहता रहा.

    36 वर्षीय आदित्य सिंह को शनिवार को तब गिरफ़्तार किया गया जब एयरलाइन स्टाफ ने उनसे अपनी पहचान बताने के लिए कहा.

    आदित्य ने जवाब में एक बैज की ओर इशारा किया, लेकिन ये बैज एक ऑपरेशन मैनेजर का था. उस मैनेजर ने अक्टूबर में अपना बैज खोने की शिकायत दर्ज कराई थी.

    पुलिस के मुताबिक़, आदित्य सिंह 19 अक्टूबर को एक विमान में लॉस एंजीलिस से ओ'हारे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे थे.

  11. मणिपुर: लेख लिखने पर हिरासत में लिए गए पत्रकारों को छोड़ा गया

    मणिपुर पुलिस ने स्थानीय न्यूज़ पोर्टल के जिन दो संपादकों को रविवार की सुबह हिरासत में लिया था उन्हें सोमवार की दोपहर क़रीब साढ़े तीन बजे ज़मानत पर छोड़ दिया गया.

    इस दौरान दोनों पत्रकारों ने पुलिस को लिखित में दिया है कि वे ऐसी ग़लती दोबारा नहीं करेंगे.

    दरअसल पुलिस ने इन दोनों पत्रकारों को राज्य के विद्रोही आंदोलन से जुड़े एक लेख के प्रकाशन को लेकर पकड़ा था.

    पुलिस हिरासत में रहे पत्रकार पाओजेल चाओबा ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल 'द फ्रंटियर मणिपुर' के कार्यकारी संपादक हैं. वहीं धीरेन सदोकपम पोर्टल के संपादक हैं.

  12. FB Live: कैपिटल हिल की घटना के बाद क्या हैं हालात?, वॉशिंगटन से बीबीसी संवाददाता विनीत खरे

  13. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर' सुनिए संदीप सोनी के साथ.

  14. पाकिस्तान के सिंध में पीएम मोदी के पोस्टर लेकर निकाली गई रैली

    पाकिस्तान की सड़कों पर नरेंद्र मोदी, जो बाइडन और कमला हैरिस के पोस्टर थामे लोग. पाकिस्तान के सिंध प्रांत में आज़ादी समर्थक रैली निकाली गई.

    रविवार को आयोजित इस रैली में प्रदर्शनकारियों ने सिंधुदेश बनाने की मांग की. 17 जनवरी को जी एम सैयद की जयंती थी, वो आधुनिक सिंधी राष्ट्रवाद के संस्थापकों में से एक थे.

  15. वेब सिरीज़ 'तांडव' को लेकर विवाद, यूपी में दर्ज हुई एफ़आईआर

    अमेज़न प्राइम वीडियो पर 15 जनवरी को रिलीज़ हुई वेब सिरीज़ 'तांडव' के रिलीज़ होने के बाद से ही इस पर विवाद शुरू हो गया है. कई संगठन और बीजेपी नेता इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं. इस सिरीज़ को लेकर लखनऊ के हज़रतगंज थाने में एफ़आईआर दर्ज कराई गई है.

    एफ़आईआर में कहा गया है कि इस सिरीज़ में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया गया है और जातीय भेदभाव से भरी टिप्पणी की गई है. ये एफ़आईआर अमरनाथ यादव नाम के सब-इंस्पेक्टर ने दर्ज कराई है जो खुद हज़रतगंज थाने में तैनात हैं.

    लखनऊ में मौजूद बीबीसी के सहयोगी पत्रकार समीरात्मज मिश्र ने बताया कि अमेज़न प्राइम वीडियो की ओरिजिनल कंटेंट हेड अपर्णा पुरोहित, वेब सीरीज़ के निर्देशक अली अब्बास जफ़र, निर्माता हिमांशु कृष्ण मेहरा, लेखक गौरव सोलंकी सहित एक अन्य के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कराया गया है.

    एफ़आईआर में सिरीज़ के कुछ दृश्यों और संवादों पर आपत्ति जताते हुए कहा गया है, "वेब सीरीज़ के पहले एपिसोड के 17वें मिनट में हिंदू देवी-देवताओं को गलत ढंग से रूप धारण कर धर्म से जोड़कर अमर्यादित तरीके से बोलते दिखाया गया है. ये धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला है. इसी तरह पहले एपिसोड के 22वें मिनट में जातिगत द्वेष फ़ैलाने वाले संवाद का इस्तेमाल किया गया है. पूरी वेब सिरीज़ में प्रधानमंत्री जैसे गरिमामय पद को ग्रहण करने वाले व्यक्ति का चित्रण अत्यंत अशोभनीय ढंग से किया गया है और जातियों को छोटा-बड़ा दिखाकर विभक्त करने वाले और महिलाओं का अपमान करने वाले दृश्य हैं."

  16. तांडव वेब सिरीज़ में अपने किरदार पर ज़ीशान अयूब ने क्या कहा?

    तांडव वेब सिरीज़ इन दिनों खासी चर्चा में है. कई लोग इस वेब सिरीज़ की आलोचना कर रहे हैं.

    लोगों का कहना है कि वेब सिरीज़ में हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है. इस वेब सिरीज़ में छात्र राजनीति पर कहानी गढ़ी गई है.

    ज़ीशान अयूब ने इसमें शिवा नाम का किरदार निभाया. ज़ीशान के साथ बीबीसी हिंदी के लिए ख़ास बातचीत की सुप्रिया सोगले ने.

  17. भारत-नेपाल संबंध: पीएम मोदी नेपाली विदेश मंत्री से क्यों नहीं मिले?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ज्ञवाली के बीच क्यों मुलाक़ात नहीं हो पायी?

    इसको लेकर भारत और नेपाल के कूटनीतिक हलकों में राय बंटी हुई है.

    मगर दोनों ही देशों में विश्लेषकों के बीच इस बात पर तो सहमति नज़र आई कि नेपाल के विदेश मंत्री के दौरे से कम से कम दोनों देश सीमा और मानचित्र को लेकर पैदा हुए विवाद पर बातचीत करने के लिए राज़ी तो हुए.

    ज्ञवाली का दौरा अपने आप में दिलचस्प इस मायने में माना जा रहा है कि भारत आने से ठीक पहले नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कहा था कि वो कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा के 370 वर्ग किलोमीटर के इलाक़े को नेपाल के अधीन लाना चाहते हैं.

  18. कोरोना वैक्सीन लगवाने से क्या आप भी हिचक रहे हैं?

    भारत में कोरोना का टीकाकरण शुरू हुए दो दिन हो चुके हैं. भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ अब तक 2 लाख 24 हज़ार से ज़्यादा लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है.

    इसी बीच पिछले दो दिनों में 447 लोगों को टीका लगने के बाद 'एडवर्स इफ़ेक्ट' (प्रतिकूल प्रभाव) देखने को मिला है. ये कुल लोगों को लगे टीके का मात्र 0.2 फ़ीसदी ही है. यानी कुल मिलाकर देखें तो 0.2 फ़ीसदी लोगों में टीका लगने के बाद परेशानी देखी गई.

    फिर भी भारत सरकार पहले दो दिन में अपने टीकाकरण अभियान के लक्ष्य को केवल 64 फ़ीसदी ही हासिल कर पाई है. पहले दो दिन में सरकार तक़रीबन 3 लाख 16 हज़ार लोगों को कोरोना का टीका लगाना चाहती थी, लेकिन केवल 2 लाख 24 हज़ार लोगों को ही टीका लग पाया.

    कई राज्यों में टीका लगवाने वाले लोग पहले दिन टीकाकरण केंद्र पर नहीं पहुँचे. दिल्ली की बात करें तो तय लोगों में से केवल 54 फ़ीसदी लोगों को ही टीका लगा.

  19. आज का कार्टून: कोरोना का फ़ेयरवेल!

  20. सात दिन से फंसे हुए चीनी खान मज़दूरों के नोट से जगी बचाव की उम्मीद

    चीन की एक सोने की खदान में एक हफ़्ते पहले धमाका हो गया था और कई खनन कर्मी ज़मीन के नीचे फंस गए थे. बचाव दल का कहना है कि उनमें से 12 अब भी ज़िंदा हैं.

    वहां के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, फंसे खनन कर्मियों ने घटना के सात दिन बाद किसी तरह बचाव दल को एक नोट भेजा है कि “उन तक पहुंचने की कोशिशों को रोका ना जाए.”

    धमाके के बाद से लापता अन्य 10 खान मज़दूरों के बारे में अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है.

    चीन में खनन दुर्घटनाएं असामान्य नहीं हैं. सुरक्षा नियमों को ठीक से लागू ना किए जाने की वजह से अकसर ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं.

    पूर्वी चीन की शानदोंग प्रांत के पास स्थित हुशन खदान में 10 जनवरी को धमाका हुआ था. इस धमाके की वजह से खदान से निकलने का रास्ता बंद हो गया और खदान का कम्युनिकेशन सिस्टम भी ख़राब हो गया. इस वजह से 22 कर्मचारी वहीं फंस गए थे.

    सरकारी मीडिया के अनुसार, बचाव दल एक संकीर्ण शाफ्ट के ज़रिए कुछ खनन कर्मियों से संपर्क बनाने में कामयाब रहा.

    उन्होंने महसूस किया कि जो रस्सियां उन्होंने खान में डाली, उन्हें कोई खींच रहा है. इसके बाद उस छेद के ज़रिए खाना, दवाइयां, पेपर और पेंसिल अंदर पहुंचाए गए.

    शाफ्ट से भेजे गए नोट के मुताबिक़, खदान के बीच वाले हिस्से में 12 लोग जिंदा हैं, जबकि अन्य 10 की स्थिति स्पष्ट नहीं है.

    ख़बर के मुताबिक़, 12 खनन कर्मियों ने और दवाइयां और घायलों के लिए मेडिकल टेप मांगी.

    साथ ही उन्होंने कहा कि वहां अंडरग्राउंड पानी का स्तर बहुत ज़्यादा है.

    चीनी मीडिया की ख़बर के मुताबिक़, फंसे खनन कर्मियों के बचाव की उम्मीद में और भी कई शाफ्ट खोदे जा रहे हैं. माना जा रहा है कि ये लोग प्रवेश द्वार से क़रीब 600 मीटर नीचे हैं और उन्हें बचाया जा सकता है.