केंद्रीय
गृहमंत्री अमित शाह ने नए कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे किसानों से
कहा है कि केंद्र सरकार उनसे बात करने के लिए तैयार है. हालाँकि शाह ने इस बातचीत
के लिए एक शर्त भी रखी है.
उन्होंने
विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों से बुराड़ी मैदान में शिफ़्ट होने की अपील की है.
गृहमंत्री ने कहा,“जैसे ही किसान
तय जगह पर विरोध प्रदर्शन के लिए जाएंगे, केंद्र उनसे चर्चा के लिए तैयार होगा.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अमित
शाह की अपील गृह मंत्रालय के आधिकारिक वॉट्सऐप ग्रुप में फ़ॉरवर्ड की गई थी.
इस
अपील में उन्होंने कहा, “पिछले कुछ दिनों में पंजाब-हरियाणा
और देश के कुछ अन्य हिस्सों से किसान दिल्ली सीमा पर आए हुए हैं. पंजाब से आने वाले
किसानों ने दिल्ली सीमा के पास दो प्रमुख हाइवे पर डेरा डाल रखा है.''
''कम तापमान और
सर्दियों के कारण किसानों को परेशानी हो रही है. इसलिए मेरी अपनी किसान भाइयों से
एक विनम्र अपील है. सरकार ने आपके लिए दिल्ली के बुराड़ी मैदान में व्यवस्था की
है, जहाँ आप विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं.”
अमित शाह ने यह भी दुहराया कि केंद्र
सरकार ने तीन दिसंबर को किसानों के एक प्रतिनिधमंडल को उनकी समस्याओं के बारे में
बातचीत करने के लिए आमंत्रित किया है.
उन्होंने कहा, “कुछ किसान संगठनों और नेताओं ने
तीन दिसंबर के बजाय तुरंत बातचीत की माँग की है. इसलिए मैं सबको भरोसा दिलाना
चाहता हूँ कि जैसे ही आप प्रदर्शन के लिए बुराड़ी मैदान में जाएंगे, सरकार आपसे
चर्चा के लिए तैयार होगी.”
गृहमंत्री ने यह भी बताया कि पिछले 13 नवंबर को सरकार ने किसानों के मुद्दों
के बारे में विस्तार से विचार-विमर्श किया था. उन्होंने बताया कि इस बैठक में
केंद्र सरकार की ओर से कृषि मंत्री और रेल मंत्री मौजूद थे.
हालाँकि विरोध प्रदर्शन कर रहे किसा फ़िलहाल बुराड़ी मैदान में जाने के लिए
तैयार नज़र नहीं आ रहे हैं.