लाइव, भारत और इंग्लैंड के बीच आख़िरी मैच आधे घंटे की देरी से शुरू होगा, ये है वजह

यह मैच इंग्लैंड के साउथेम्प्टन स्थित ‘द रोज़ बोल’ स्टेडियम में खेला जा रहा है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • Maharashtra cylinder
  • gaza football
  • trump Iran
  • प्रशांत किशोर
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • पुणे में बारिश
  • समंदर का पानी खारा, नदी का पानी मीठा क्यों होता है?

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. भारत और इंग्लैंड के बीच आख़िरी मैच आधे घंटे की देरी से शुरू होगा, ये है वजह

    साउथेम्प्टन स्थित ‘द रोज बाउल’ स्टेडियम

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ट्रैफिक की वजह से भारतीय टीम स्टेडियम में देरी से पहुंची

    भारत और इंग्लैंड के बीच शनिवार को पांच मैचों की सिरीज़ का आख़िरी मैच खेला जा रहा है. यह मैच आधे घंटे की देरी से शुरू होगा.

    दरअसल, ट्रैफिक की वजह से भारतीय टीम स्टेडियम में देरी से पहुंची इसलिए टॉस भारतीय समयानुसार शाम 7:15 बजे और मैच 7:30 बजे शुरू होगा.

    इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    यह मैच इंग्लैंड के साउथेम्प्टन स्थित ‘द रोज़ बोल’ स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    इस सिरीज़ को इंग्लैंड ने 3-0 से पहले ही अपने नाम कर लिया है. वहीं, भारत ने अभी तक एक भी मैच नहीं जीता है.

  2. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोषी की सज़ा बरकरार रखते हुए कहा- 'रेप हुआ है या नहीं यह क़ानूनी निष्कर्ष है, मेडिकल नहीं'

    इलाहाबाद हाईकोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हाई कोर्ट ने कहा कि पुलिस जांच में ख़ामियां थीं क्योंकि रेप सर्वाइवर की सलवार जांच के लिए नहीं भेजी गई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि रेप हुआ है या नहीं यह क़ानूनी निष्कर्ष है, इसे सिर्फ़ मेडिकल आधार पर तय नहीं किया जा सकता है.

    कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगर सर्वाइवर की गवाही विश्वसनीय है और उसमें कोई मूलभूत कमी नहीं है, तो केवल मेडिकल साक्ष्य के पूरी तरह समर्थन न करने के आधार पर उसे ख़ारिज नहीं किया जा सकता.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, जस्टिस संजीव कुमार की एकल पीठ ने 1983 के रेप मामले में दोषी ठहराए गए वीर सिंह की आपराधिक अपील ख़ारिज कर दी. ट्रायल कोर्ट ने 1985 में उसे 14 वर्षीय लड़की से रेप के मामले में सात साल के कठोर कारावास की सज़ा सुनाई गई थी.

    हाई कोर्ट में दोषी की ओर से दलील दी गई कि चश्मदीद और मौखिक साक्ष्य का मेडिकल रिपोर्ट से समर्थन नहीं होता, इसलिए अभियोजन पक्ष की कहानी संदेहास्पद है.

    दोषी ने यह भी कहा कि सर्वाइवर की जांच करने वाली डॉक्टर ने बताया था कि उसका हाइमन सुरक्षित था, शरीर में शुक्राणु नहीं मिले थे और वह यह निश्चित रूप से नहीं कह सकती थीं कि रेप हुआ था या नहीं.

    इसके अलावा दोषी ने दलील दी कि एफ़आईआर दर्ज कराने में 24 घंटे की देरी हुई, जिसका अभियोजन पक्ष ने संतोषजनक कारण नहीं बताया.

    साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस जांच में ख़ामियां थीं क्योंकि सर्वाइवर की सलवार जांच के लिए नहीं भेजी गई थी और मामले का एक नामजद चश्मदीद मुक़दमे के दौरान अपने पहले के बयान से मुकर गया था.

  3. मध्य प्रदेश: दतिया से टिकट न मिलने पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा- 'उपद्रव नहीं करना चाहिए'

    नरोत्तम मिश्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि अगर पार्टी चाहेगी, तो वो चुनाव प्रचार में शामिल होंगे

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी ने टिकट नहीं दिया है.

    इस मामले के बाद उनके समर्थकों ने दतिया में विरोध प्रदर्शन किया और शनिवार सुबह पुलिस पर भी पथराव किया.

    इस पर नरोत्तम मिश्रा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात की है.

    उन्होंने एएनआई से कहा, "उपद्रव नहीं करना चाहिए, जहां तक इस्तीफ़े की बात है, हम समझाएंगे और मनाएंगे."

    उपद्रव पर उन्होंने कहा, "मैंने कल भी बात की और आज भी करूंगा और लगातार मेरी बातचीत है और सब मान जाएंगे."

    दतिया से बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के चुनाव प्रचार के सवाल पर बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "अगर पार्टी चाहेगी, तो मैं निश्चित रूप से चुनाव प्रचार में शामिल होऊंगा."

    उन्होंने कहा, "जो भी होगा, अच्छा ही होगा. हर कोई टिकट की उम्मीद कर रहा है. कोई दिक्कत नहीं है. मैं बिल्कुल भी दुखी नहीं हूं. पार्टी ने बहुत कुछ दिया है."

  4. अली ख़ामेनेई का शव दफ़नाने के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई का बयान आया सामने

    अली ख़ामेनेई और मोज़तबा ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पिता की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता बने मोजतबा ख़ामेनेई अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई ने एक संदेश में कहा है कि उनके पिता के "ख़ून का बदला हर हाल में" लिया जाएगा.

    मोजतबा खामेनेई के नाम से जारी एक लिखित संदेश में कहा गया है कि युद्ध के पहले दिन इसराइल और अमेरिका हमले में मारे गए आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत का बदला लिया जाएगा.

    पूर्व सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई के जनाज़े में शामिल होने वालों का शुक्रिया करते हुए उन्होंने अपने संदेश में कहा, "हम यह संकल्प लेते हैं कि आपके पाक ख़ून और इन दोनों युद्धों के सभी शहीदों के ख़ून का बदला इन अपराधी और बदनाम हत्यारों से लेंगे. यह बदला हमारी जनता की मांग है और इसे हर हाल में लिया जाएगा."

    अपने ताज़ा संदेश में मोजतबा ख़ामेनेई ने कहा, "इन अपराधियों की पूरी सूची हमारे पास मौजूद है. वो शांतिपूर्ण मौत का सपना अपने साथ क़ब्र में ले जाएंगे. उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि यह केवल मेरे या दूसरे अधिकारियों पर निर्भर नहीं है. हम रहें या न रहें, यह काम होकर रहेगा. जल्द ही दुनिया भर के आज़ादी पसंद लोग इस ज़िम्मेदारी का अपना हिस्सा निभाएंगे."

    उन्होंने कहा, "हमारी जनता इमाम हुसैन के ख़ून का बदला लेने वाली जनता है. इस महान राष्ट्र ने सालों तक अपने बेटों की क़ुर्बानी इमाम हुसैन के रास्ते में और उनके दुश्मनों के ख़िलाफ़ दी है. अब भी यह राष्ट्र उन्हीं और आज के हुसैनियों के ख़ून का बदला लेने के लिए खड़ा है."

    पिता की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता बने मोजतबा खामेनेई अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. वो न तो अली ख़ामेनेई की अंतिम यात्रा में दिखाई दिए, न ही उन्होंने कोई वीडियो या ऑडियो संदेश जारी किया है. अब तक उनके नाम से केवल लिखित संदेश ही जारी किए गए हैं.

  5. महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी की नई कार्रवाई, 940 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    महादेव ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर

    इमेज स्रोत, CG Khabar

    इमेज कैप्शन, महादेव ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर (फ़ाइल फ़ोटो)

    छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप और स्काईएक्सचेंज अवैध ऑनलाइन सट्टेबाज़ी नेटवर्क से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है.

    ईडी ने कारोबारी विकास गर्ग, उनके परिवार के सदस्यों और उनके नियंत्रण वाली कंपनियों की करीब 940 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है.

    इस ताज़ा कार्रवाई से पहले करीब 2,825 करोड़ रुपये मूल्य की देश-विदेश में स्थित संपत्तियां कुर्क, ज़ब्त या फ्रीज़ की जा चुकी हैं. इस मामले में अब कुल कुर्क, ज़ब्त और फ्रीज़ की गई संपत्तियों का मूल्य बढ़कर करीब 3,800 करोड़ रुपये हो गया है.

    ईडी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों में आवासीय भवन, भूमि, विभिन्न कंपनियों के इक्विटी शेयर और अन्य प्रतिभूतियां (सिक्योरिटीज) शामिल हैं.

    गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग के रहने वाले और जूस की दुकान चलाने वाले सौरभ चंद्राकर ने अवैध ऑनलाइन सट्टा ऐप का संचालन शुरू किया था.

    पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद सौरभ चंद्राकर ने अपना पूरा कारोबार श्रीलंका और दुबई में शिफ्ट कर लिया. आरोप है कि इस कारोबार को चलाने के लिए, उससे राजनेताओं, अफ़सरों, पत्रकारों ने कई सौ करोड़ रुपये वसूले.

    ईडी के एक अधिकारी ने कहा कि जांच की शुरुआत छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले में दर्ज एफआईआर और छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल में दर्ज अन्य मामलों के आधार पर की गई थी.

    जांच में सामने आया कि यह अवैध ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट फ्रेंचाइजी आधारित 'पैनल नेटवर्क' के ज़रिए संचालित होता था और इससे हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध आय अर्जित की जा रही थी.

    ईडी के अधिकारी ने कहा कि इस मामले में अब तक सात प्रोविज़नल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं. साथ ही विशेष पीएमएलए अदालत, रायपुर में अभियोजन शिकायतें और पूरक शिकायतें भी दाख़िल की गई हैं.

    इधर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कथित लेवी वसूली के मामले में पिछले तीन सालों से फरार, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के आत्मसमर्पण के बाद आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने दावा किया है कि अग्रवाल ने पार्टी फंड के नाम पर करीब 800 करोड़ रुपये जुटाए थे.

    अभी रामगोपाल अग्रवाल 17 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की हिरासत में हैं, जहां उनसे पूछताछ चल रही है.

    हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इस कार्रवाई का विरोध किया है.

    पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, "यह भाजपा सरकार का राजनैतिक षड्यंत्र है. विधानसभा चुनाव के समय से ही भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कांग्रेस के नेताओं के ख़िलाफ़ षड्यंत्र करती रही है. पहले केंद्रीय एजेंसियों को इस काम में लगाया गया और अब राज्य की जांच एजेंसी के माध्यम से षड्यंत्र किया जा रहा है."

  6. वियतनाम के इस द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलटी

    फु क्वोक द्वीप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    वियतनाम में मौजूद भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव के पलटने की जानकारी दी है.

    दूतावास ने एक्स पर लिखा, "वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कुछ घंटे पहले भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने की दुखद घटना सामने आई है."

    "घटना के सटीक विवरण जुटाए जा रहे हैं. स्थानीय प्रशासन की ओर से फ़िलहाल खोज और बचाव अभियान जारी है."

    इस नाव में कितने लोग सवार थे इसके बारे में दूतावास ने कोई भी जानकारी अब तक नहीं दी है.

    दूतावास ने बताया कि प्रभावित परिवारों को जानकारी और सहायता मुहैया कराने के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है.

    दूतावास ने कुछ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं: +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, +84 33 452 0414

    इन नंबरों पर परिवार के सदस्य संपर्क कर अपने परिजनों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

    वहीं, हनोई में भी एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिससे +84 91 308 9165 पर संपर्क किया जा सकता है.

  7. बांकीपुर से बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा के नाम वापस लेने पर बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष

    बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी(फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि बीजेपी उम्मीदवार इस बार भी बड़े अंतर से जीतेगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा के नाम वापस लेने के बाद बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "कारण तो सबको पता है. उन्होंने मुझे भी पत्र दिया है. आप लोगों के बीच जाकर भी उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि वो पारिवारिक कारणों की वजह से चुनाव लड़ने में असमर्थ हैं और पार्टी के लिए काम करते रहेंगे."

    "इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने नीरज कुमार सिन्हा को टिकट देने का फ़ैसला किया. वो बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं."

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि वो 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे.

    जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के उस बयान पर भी उन्होंने जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी के उम्मीदवार के हटने के बाद सम्राट चौधरी और बीजेपी को संघर्ष करना पड़ रहा है.

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशांत किशोर के बयान पर कहा, "वो विधानसभा चुनावों के दौरान भी ऐसी ही बातें कहते थे. प्रचार के लिए बाहरी लोगों को लाने से कोई फर्क नहीं पड़ता. नतीजों का इंतज़ार कीजिए, हमारा उम्मीदवार पिछली बार से भी बड़े अंतर से जीतेगा."

  8. मध्य प्रदेश: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर बोली कांग्रेस- बीजेपी यूज़ एंड थ्रो करती है

    प्रमोद तिवारी

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट नहीं मिला है. जिसके बाद उनके समर्थकों ने दतिया में विरोध प्रदर्शन किया और शनिवार सुबह पुलिस पर भी पथराव किया.

    अब इस मामले में कांग्रेस का बयान भी आया है.

    कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "बीजेपी यूज़ एंड थ्रो के सिद्धांत पर चलती है. वह नहीं चाहती कि कोई नेता इतना मज़बूत हो जाए कि आगे चलकर पार्टी के लिए चुनौती बन सके."

    उन्होंने कहा, "नरोत्तम मिश्रा प्रदेश के गृह मंत्री रहे हैं और लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हुए हैं. उनकी राजनीतिक हैसियत काफ़ी बढ़ गई थी."

    दूसरी ओर, प्रदेश सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी के अंदर लोकतंत्र है और बीजेपी कार्यकर्ता बहुत अनुशासित हैं.

    उन्होंने कहा, "जब हम बैठकर उनसे बात करेंगे तो सब एक साथ आ जाएंगे. मैं अभी कह सकता हूँ कि अशुतोष तिवारी बड़ी जीत दर्ज करेंगे."

    नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों की नाराज़गी के सवालों पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "हम उसका ध्यान रखेंगे. यह हमारे लिए बहुत छोटा मामला है. पार्टी सोच-समझकर फ़ैसले करती है और इसी वजह से हम बड़ी जीत हासिल करेंगे."

    उन्होंने कहा, "नरोत्तम जी भी पार्टी के लिए काम करेंगे. मैं आज ही यह कह रहा हूं. वह अच्छे और वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं. बहुत लोग चुनाव लड़ने की तैयारी करते हैं. विधानसभा की 230 सीटें हैं और लगभग 2,000 लोग टिकट की उम्मीद कर सकते हैं. लेकिन हर किसी को टिकट नहीं दिया जा सकता."

    गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है. नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन बीते विधानसभा चुनाव में वो हार गए थे.

  9. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  10. ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- अमेरिका के हालिया हमलों में 17 लोगों की मौत हुई

    ईरान में हमला

    इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका ने हाल ही में ईरान पर हमले किए थे (फ़ाइल फ़ोटो: ये तस्वीर एक मार्च की है)

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों में उनके यहां 17 लोग मारे गए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के सूचना केंद्र के प्रमुख हुसैन केरमानपूर ने बताया कि 8 और 9 जुलाई को हुए अमेरिकी हमलों में 115 लोग घायल हुए.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कुछ घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

    होर्मुज़ स्ट्रेट में तीन जहाज़ों को निशाना बनाए जाने के बाद अमेरिका ने ईरान के बंदर अब्बास, क़ेशम, सीरिक, चाबहार और बुशहर में हमले किए.

    इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को एक बार फिर ईरान को धमकी दी है.

    उन्होंने कहा कि अगर ईरान कोई कार्रवाई करता है या उनकी हत्या की कोशिश करता है तो अमेरिका ईरान पर बड़े हमले करेगा.

  11. मध्य प्रदेश: नरोत्तम मिश्रा ने टिकट कटने और दतिया में हुए हिंसक प्रदर्शन को लेकर क्या कहा

    नरोत्तम मिश्रा

    इमेज स्रोत, Facebook/@DrNarottamMisra

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने समर्थकों से संयम बरतने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा का दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट कट गया है. इसके बाद उन्होंने शनिवार को अपने समर्थकों से संयम बरतने की अपील की है.

    दरअसल, नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है, जिसके बाद दतिया में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

    इसके बाद नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को कहा, "यह पार्टी का फ़ैसला है. मैंने सोशल मीडिया पर पेट्रोल और मिट्टी का तेल डालने वाले वीडियो देखे हैं, कार्यकर्ताओं से अपील है कि ऐसा कोई काम ना करें."

    उन्होंने कहा कि पार्टी के मंच पर अपनी राय सही तरीके से रखी जाती है, इस तरह से नहीं.

    इससे पहले दतिया ज़िले के कलेक्टर स्वप्निल वानखेडे ने बताया कि दतिया में हुई पत्थरबाज़ी की वजह से आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए.

    उन्होंने कहा, "एसडीपीओ के हाथ में गंभीर चोट आई. एसपी और एएसपी भी घायल हुए. मेरे सिर पर भी लगी, हालांकि मैंने हेलमेट पहन रखा था."

    गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है. नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला.

  12. भारत के हाई जंपर सर्वेश कुशारे का डायमंड लीग में दमदार डेब्यू, टॉप-3 में बनाई जगह

    सर्वेश कुशारे

    इमेज स्रोत, Marco Mantovani/Getty Images

    इमेज कैप्शन, सर्वेश कुशारे डायमंड लीग में टॉप-3 में जगह बनाने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं

    भारत के हाई जंपर सर्वेश कुशारे ने शुक्रवार को मोनाको में डायमंड लीग में तीसरा स्थान हासिल किया.

    सर्वेश उन चार भारतीयों के ख़ास क्लब में शामिल हो गए, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में टॉप-3 में जगह बनाई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, महाराष्ट्र के 31 साल के सर्वेश कुशारे ने 2.12 मीटर, 2.16 मीटर, 2.20 मीटर, 2.23 मीटर और 2.26 मीटर ऊंचा जंप लगाया.

    लेकिन 2.28 मीटर की ऊंचाई पार करने में मुश्किल हुई और डायमंड लीग में डेब्यू करते हुए तीसरे स्थान पर रहे.

    वह डायमंड लीग में टॉप-3 में जगह बनाने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं.

    उनसे पहले भाला फेंकने वाले खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, लॉन्ग जंप के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर और पूर्व डिस्कस थ्रो खिलाड़ी विकास गौड़ा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.

  13. मध्य प्रदेश: दतिया के एसपी बोले- 3 हजार लोग ज़िले की शांति भंग करने की कोशिश कर रहे थे

    एसपी मयूर खंडेलवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम को करीब 3,000 लोगों ने दतिया ज़िले की शांति भंग करने की कोशिश की (फ़ाइल फ़ोटो)

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को दतिया उपचुनाव में टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है. दतिया में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

    दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम को करीब 3,000 लोग दतिया ज़िले की शांति भंग करने की कोशिश कर रहे थे और बाज़ार बंद कराने की भी कोशिश की.

    एसपी खंडेलवाल ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "इन लोगों ने यहां की सड़कों को लगभग 10 घंटे तक जाम कर रखा था. हम उन्हें कल रात से ही आचार संहिता का पालन करने और सड़क से हटने की सलाह दे रहे थे, क्योंकि गाड़ियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही थी."

    उन्होंने कहा, "समझाइश के दौरान अचानक उन्होंने पत्थरबाज़ी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इसके बाद उन्होंने और ज़्यादा पत्थरबाज़ी की, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है."

    इससे पहले दतिया ज़िले के कलेक्टर स्वप्निल वानखेडे ने बताया कि आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए.

    उन्होंने कहा, "एसडीपीओ के हाथ में गंभीर चोट आई. एसपी और एएसपी भी घायल हुए. मेरे सिर पर भी लगी, हालांकि मैंने हेलमेट पहन रखा था."

    गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है. नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला.

  14. डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, 'अगर मेरी हत्या की कोशिश की तो...'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Win McNamee/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली ख़ुफ़िया एजेंसी की रिपोर्टों में किए गए दावों के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी सरकार को धमकी दी है कि अगर ईरान कोई कार्रवाई करता है या उनकी हत्या की कोशिश करता है तो अमेरिका ईरान पर बड़े हमले करेगा.

    उन्होंने सोशल नेटवर्क 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "हज़ार मिसाइलें तैयार हैं और ईरान की तरफ़ निशाना साधे हुए हैं. अगर ईरानी शासन की धमकी के मुताबिक़ अमेरिकी राष्ट्रपति यानी मेरी हत्या की कोशिश की जाती है तो तुरंत हज़ारों मिसाइलें दाग़ी जाएंगी."

    ट्रंप ने यह भी लिखा, "ज़रूरी आदेश दिए जा चुके हैं और अमेरिकी सेना तैयार है... ईरान के सभी इलाक़ों को एक साल तक पूरी तरह तबाह कर दे, इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है."

    यह धमकी उस समय आई है जब इसराइली ख़ुफ़िया एजेंसी की रिपोर्टों में कहा गया कि ईरान ट्रंप की हत्या की नई साज़िश कर रहा है.

    जबकि ईरान के अधिकारियों ने पहले ही ट्रंप की हत्या की किसी भी साज़िश से इनकार किया है.

  15. भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच हुआ बड़ा समझौता, मिलकर पूरा करेंगे ये एजेंडा

    नरेंद्र मोदी और क्रिस्टोफ़र लक्सन

    इमेज स्रोत, Dean Purcell / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी

    भारत और न्यूज़ीलैंड ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना बढ़ाकर करीब 35 हज़ार करोड़ करने का लक्ष्य रखा है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ही न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन से मुलाक़ात की. इसमें 10 समझौतों (एमओयू) समेत 18 बड़े फ़ैसलों पर साइन हुए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दोनों देशों ने फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट यानी एफ़एटीए को जल्द लागू करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प भी लिया.

    मोदी और लक्सन ने अपनी मीटिंग के दौरान पश्चिम एशिया संघर्ष पर चिंता जताई और सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की.

    संयुक्त बयान में कहा गया, "उन्होंने होर्मुज़ स्ट्रेट से आवाजाही की पूरी स्वतंत्रता और व्यापारमार्ग की बहाली की मांग की, साथ ही शिपिंग पर किसी भी रोक का विरोध किया."

    दोनों नेताओं ने संघर्ष का शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान पाने के लिए बातचीत, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के पालन की अहमियत दोहराई.

    गौरतलब है कि पीएम मोदी छह से 11 जुलाई तक तीन देशों की यात्रा पर थे, जिसके अंतिम चरण में न्यूज़ीलैंड पहुंचे. वो आज ही नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

  16. ईरान से फिर बातचीत करने से ठीक पहले अमेरिका ने रखी ये मांग

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, SAUL LOEB / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तनाव और संघर्ष के बावजूद दोनों पक्ष बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका ने ईरान से शनिवार को प्रस्तावित वार्ता से पहले होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर सार्वजनिक आश्वासन देने की मांग की है. अमेरिकी प्रशासन चाहता है कि ईरान आधिकारिक रूप से घोषणा करे कि होर्मुज़ स्ट्रेट खुला है और वह कॉमर्शियल जहाज़ों पर गोलीबारी नहीं करेगा.

    सीबीएस न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस यह भी चाहता है कि ईरान सार्वजनिक रूप से स्वीकार करे कि कॉमर्शियल जहाज़ों पर गोलीबारी करना एक ग़लती थी.

    अमेरिकी मीडिया ने अज्ञात अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि ईरान ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकारों के साथ निजी बातचीत में स्वीकार किया कि जहाज़ों पर गोलीबारी 'एक ग़लती' थी.

    हालांकि, ईरान ने इसके लिए अपने ही एक बाग़ी गुट को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    दरअसल, जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम समझौते में ईरान ने कॉमर्शियल जहाज़ों को सुरक्षित मार्ग देने का वादा किया था.

    सीबीएस न्यूज़ के अनुसार, वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ईरान का कहना है कि कट्टरपंथियों का एक बाग़ी गुट कॉमर्शियल जहाज़ों पर गोलीबारी कर दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहा है.

    एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, "वे (ईरानी) फिर बातचीत की मेज़ पर आए और कहा कि हमसे ग़लती हो गई बातचीत जारी रखें."

  17. मध्य प्रदेश: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, एसपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल

    नरोत्तम मिश्रा

    इमेज स्रोत, DrNarottamMisra/ANI

    इमेज कैप्शन, नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने बीती रात नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया, जिससे लंबी दूरी तक वाहनों की क़तार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा का दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट कट गया है. जिसके बाद उनके समर्थकों ने दतिया में विरोध प्रदर्शन किया और शनिवार सुबह पुलिस पर भी पथराव किया.

    नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने बीती रात नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया, जिससे लंबी दूरी तक वाहनों की क़तार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.

    दतिया के कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा, "यह जाम सुबह 5 बजे तक लगा रहा और क़रीब 11 घंटे तक चला. जाम 20 से 25 किलोमीटर तक फैला हुआ था. इससे चार ज़िले प्रभावित हुए- दतिया, झांसी, शिवपुरी और ग्वालियर. इनमें सबसे ज़्यादा असर ग्वालियर पर पड़ा. कई बसें और एंबुलेंस भी जाम में फंस गई थीं."

    उन्होंने कहा, "हमने पूरी रात प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे. सुबह क़रीब 4 बजे हमने फिर से पुलिस बल बुलाया और उन्हें दोबारा समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फ़ायदा नहीं हुआ. इसके बाद उनकी तरफ़ से पथराव शुरू हो गया. भीड़ को पीछे हटाने के लिए हमने आंसू गैस के गोले छोड़े."

    "प्रदर्शनकारी दफ़्तर की इमारत के अंदर चले गए और वहीं से फिर पथराव करने लगे. हमारे आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए. एसडीपीओ के हाथ में गंभीर चोट आई. एसपी और एएसपी भी घायल हुए. मेरे सिर पर भी लगी, हालांकि मैंने हेलमेट पहन रखा था."

    वानखेड़े ने बताया कि कई वाहनों को पलट दिया गया और उनके शीशे तोड़ दिए गए. पुलिस की तीन-चार गाड़ियों और कई ट्रकों के शीशे भी तोड़े गए, जिससे बड़े स्तर पर हिंसा हुई.

    उन्होंने कहा, "इतना सब होने के बावजूद दतिया प्रशासन और पुलिस ने न तो लाठीचार्ज किया और न ही जवाब में पथराव किया. हमने पूरी कोशिश की कि मामला शांति से सुलझ जाए, लेकिन जब वे नहीं माने तो हमें आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा."

    दतिया के कलेक्टर ने कहा कि फ़िलहाल हम अंदर मौजूद प्रदर्शनकारियों से बाहर आने की अपील कर रहे हैं. अगर वे एक-एक करके बाहर आते हैं और अपने घर चले जाते हैं, तो हमें कोई परेशानी नहीं है, हम उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं करना चाहते.

    उन्होंने कहा, "लेकिन अगर वे बात नहीं मानते और पांच-दस लोगों के समूह में बाहर आने की कोशिश करते हैं, तो हम सख़्त कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं. हम इस स्थिति से सख़्ती से निपटेंगे."

    मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है.

    नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन पिछले चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती ने हरा दिया था.

    दतिया में उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द होने की वजह से होने जा रहा है.

    साल 1998 के बैंक धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने राजेंद्र भारती को तीन साल की सज़ा सुनाई थी.

    इसके बाद उनकी सदस्यता चली गई थी. इसी वजह से चुनाव आयोग ने उपचुनाव का एलान किया.

  18. फ़िलिपींस में 'बावी' तूफ़ान का कहर, भूस्खलन में 15 लोगों की मौत, केली एनजी

    बावी तूफ़ान

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, 'बावी' तूफ़ान क़रीब 1,000 किलोमीटर (620 मील) तक के क्षेत्र में फैला है

    दक्षिणी फ़िलिपींस में दशकों के सबसे शक्तिशाली तूफ़ानों में से एक 'बावी' के प्रभाव से हुए भूस्खलन में क़रीब 15 लोगों की मौत हो गई है.

    पूर्वी एशिया के कई देश भी इस भीषण तूफ़ान के असर को लेकर अलर्ट हो गए हैं.

    'बावी' तूफ़ान क़रीब 1,000 किलोमीटर (620 मील) तक के क्षेत्र में फैला है, जो प्रशांत महासागर से होते हुए ताइवान की ओर बढ़ रहा है. इसका आकार लगभग फ़्रांस के बराबर बताया जा रहा है.

    मौसम विभाग के अनुसार, तूफ़ान के कारण ताइवान के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों के साथ-साथ जापान के दूरदराज़ द्वीपों में भारी बारिश होने की संभावना है. शनिवार को इसके दक्षिण-पूर्वी चीन के तट से टकराने का अनुमान है.

    तूफ़ान के ख़तरे को देखते हुए कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि स्कूलों में क्लासेज़ स्थगित कर दी गई हैं. वहीं, लोग आवश्यक वस्तुओं का इकट्ठा कर रहे हैं, जिससे सुपरमार्केट की कई शेल्फ़ खाली हो गई हैं.

    फ़िलिपींस के मिंडानाओ द्वीप पर भारी बारिश के कारण कई परिवार भूस्खलन की चपेट में आ गए. बचाव दल अब भी लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं.

  19. ब्रिटेन की पूर्व मंत्री की मौत के मामले में 26 वर्षीय युवक गिरफ़्तार, माइकल शील्स मैकनामी

    एन विडकंब

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, 78 वर्षीय एन विडकंब का शव गुरुवार सुबह उनके घर पर मिला (फ़ाइल फ़ोटो)

    ब्रिटेन की पूर्व सांसद और सरकार में मंत्री रह चुकीं 78 वर्षीय एन विडकंब की मौत के मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय एक युवक को हत्या के संदेह में गिरफ़्तार किया है.

    डेवॉन और कॉर्नवाल पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ़्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि ब्रिटिश नागरिक आरोपी को डेवॉन के न्यूटन एबॉट से हिरासत में लिया गया है. फ़िलहाल उससे पूछताछ की जा रही है.

    दरअसल, पूर्व कंज़र्वेटिव मंत्री और रिफ़ॉर्म यूके की प्रवक्ता रह चुकीं एन विडकंब का शव गुरुवार सुबह डार्टमूर क्षेत्र के हेटर गांव स्थित उनके घर में मिला था. पुलिस के अनुसार, उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे.

    मामले की शुरुआती जांच में काउंटर टेरर पुलिसिंग की टीम भी शामिल हुई थी, लेकिन फ़िलहाल इस घटना को आतंकवाद से जुड़ा नहीं माना जा रहा है.

    असिस्टेंट चीफ़ कांस्टेबल मैट लॉन्गमैन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह संकेत मिले कि हत्या के पीछे कोई राजनीतिक मक़सद था. उन्होंने यह भी कहा कि फ़िलहाल यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि अभियुक्त एन विडकंब को जानता था या नहीं.

    उन्होंने बताया कि जांच अभी शुरुआती चरण में है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह आगे आकर जांच में सहयोग करे.

    इस घटना पर शुक्रवार दोपहर प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया.

  20. पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने ईरान के राष्ट्रपति से बातचीत में क्या कहा

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Arif Hudaverdi Yaman/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर शहबाज़ शरीफ़ ने बताया कि उनकी मसूद पेज़ेश्कियान से बातचीत हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने शुक्रवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से बातचीत की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है.

    पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने बताया है कि उन्होंने पेज़ेश्कियान से चर्चा के दौरान इस बात पर ज़ोर दिया है कि शांति कायम रखने के लिए कूटनीति ज़रूरी है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने शुक्रवार देर रात को एक्स पोस्ट में लिखा, "आज मैंने अपने भाई ईरान के राष्ट्रपति डॉ मसूद पेज़ेश्कियान से बात की. हमने बदलते हालात पर चर्चा की और इस बात पर ज़ोर दिया कि हाल के महीनों में मिली शांति को बचाने के लिए संयम, बातचीत और कूटनीति ज़रूरी है."

    उन्होंने लिखा, "मैंने दोहराया कि पाकिस्तान स्थायी शांति के लिए ईमानदार और सच्चा मध्यस्थ बनने की भूमिका निभाने को तैयार है. हमने यह भी तय किया कि इस्लामाबाद की हाल की यात्रा के दौरान बने द्विपक्षीय सहयोग के एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा."

    गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति स्थापित करवाने और युद्ध को पूरी तरह ख़त्म कराने के लिए पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है.