अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ट्रंप ने कहा कि जल्द ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि क्या हमास सच में शांति चाहता है या नहीं.
सुमंत सिंह और अंशुल सिंह
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर हमास ग़ज़ा से सत्ता और नियंत्रण छोड़ने से इनकार करता है, तो उसे 'पूरी तरह से ख़त्म' कर दिया जाएगा.
यह बयान उन्होंने अमेरिकी न्यूज़ चैनल सीएनएन से इंटरव्यू में दिया.
ट्रंप से शनिवार को सीएनएन के जेक टैपर ने टेक्स्ट मैसेज के ज़रिए पूछा कि अगर हमास सत्ता में बने रहने पर अड़ा रहता है तो क्या होगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जवाब दिया, "पूरी तरह से ख़त्म कर दिया जाएगा!"
उन्होंने कहा कि जल्द ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि क्या हमास सच में शांति चाहता है या नहीं.
ट्रंप ने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनका युद्ध विराम प्रस्ताव हक़ीक़त बनेगा.
शनिवार को इससे पहले राष्ट्रपति ने कहा था कि इसराइल ने उनके युद्ध विराम प्रस्ताव पर सहमति जताई है. सोशल मीडिया पर पोस्ट में उन्होंने कहा कि अब प्रशासन हमास की पुष्टि का इंतज़ार कर रहा है.
दिल्ली में हुए चौथे कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-अमेरिका संबंधों पर खुलकर बात की.
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कुछ मतभेद ज़रूर हैं, लेकिन इन्हें ज़्यादा बढ़ा-चढ़ाकर नहीं देखना चाहिए.
जयशंकर ने कहा, “हाँ, आज हमारे और अमेरिका के बीच कुछ मुद्दे हैं. इसका बड़ा कारण ये है कि हमारे बीच ट्रेड से जुड़े मसलों पर अभी तक कोई ठोस समझौता नहीं हो पाया है. इसी वजह से भारत पर कुछ टैरिफ़ लगाए गए हैं. इसके अलावा एक और टैरिफ़ हमें अनुचित लगता है, क्योंकि वो हमें इसलिए निशाना बना रहा है कि हमने रूस से एनर्जी खरीदी, जबकि कई और देश ऐसा कर रहे हैं, जिनके रूस से संबंध हमसे कहीं ज़्यादा तनावपूर्ण हैं.”
विदेश मंत्री ने आगे कहा कि इन मतभेदों को इतना बड़ा नहीं मानना चाहिए कि ये दोनों देशों के रिश्तों को प्रभावित करे.
उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि इन मुद्दों को इतना बड़ा बना देना चाहिए कि वे हमारे पूरे रिश्ते को प्रभावित करें. हमें इसे संतुलन के साथ देखना चाहिए. समस्याएं हैं, मुद्दे हैं, और कोई भी इसे नकार नहीं रहा है. इन मुद्दों पर बातचीत और समाधान ज़रूरी है और हम वही करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन मुझे नहीं लगता कि इसे उसकी वास्तविकता से ज़्यादा बढ़ा-चढ़ाकर देखा जाना चाहिए.''
विदेश मंत्री ने आगे कहा, ''मैं ये भी कहना चाहूँगा कि भारत-अमेरिका के रिश्तों का बड़ा हिस्सा सामान्य रूप से चलता रहा है, और कुछ मामलों में तो पहले से भी बेहतर तरीके से आगे बढ़ रहा है.”
जयशंकर ने अपने बयान से यह साफ़ किया कि मौजूदा व्यापारिक मतभेदों के बावजूद दोनों देशों के बीच सहयोग जारी है.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रविवार को कहा कि ग़ज़ा में युद्ध अभी 'ख़त्म नहीं' हुआ है. उन्होंने बताया कि हमास के क़ब्जे से बंधकों की रिहाई पहला चरण है. इसके बाद क्या होगा, इस पर अब भी चर्चा जारी है.
उन्होंने अमेरिकी न्यूज़ चैनल एनबीसी के एक कार्यक्रम में कहा कि हमास ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव और बंधक रिहाई के ढांचे पर 'मूल रूप से' सहमति जताई है. इस पर अमल के लिए तैयारियां चल रही हैं.
रूबियो ने कहा, "उन्होंने इस बात पर भी सामान्य रूप से सहमति जताई है कि इसके बाद क्या होगा, इस पर काम किया जाएगा. अभी बहुत से बिंदुओं पर विस्तार से सहमति बननी बाकी है."
रूबियो ने एनबीसी से कहा कि अमेरिका को बहुत जल्द पता चल जाएगा कि मौजूदा बातचीत के दौरान हमास वास्तव में गंभीर है या नहीं.
उन्होंने कहा, "हमारी पहली प्राथमिकता, जिस पर हमें उम्मीद है कि जल्दी प्रगति हो सकती है, वह है सभी बंधकों की रिहाई. इसके बदले इसराइल को 'येलो लाइन' तक पीछे हटना होगा- यानी अगस्त के मध्य में जिस स्थिति में इसराइल ग़ज़ा में था."
रूबियो का कहना है, "यह सारा काम कठिन होगा, लेकिन बेहद ज़रूरी है, क्योंकि इसके बिना स्थायी शांति संभव नहीं होगी."
उत्तर प्रदेश के रायबरेली ज़िले में एक शख़्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है. कांग्रेस पार्टी ने इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है.
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "रायबरेली में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या करने की खबर बेहद दुखद है. शोकाकुल परिजनों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं."
कांग्रेस ने आगे लिखा, "ये घटना बताती है कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों को खुली छूट दे रखी है. ख़ास तौर से दलितों के खिलाफ अपराध को लेकर वो आंख मूंदकर बैठे हैं."
घटना के बारे में एक्स पर जानकारी देते हुए रायबरेली पुलिस ने बताया कि 'थाना ऊंचाहार पुलिस टीम की तरफ़ से युवक को चोर सझकर तथा पीटकर उसकी हत्या करने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया.'
पुलिस अधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने कहा, "ये पांच अभियुक्त- वैभव सिंह, विपिन मौर्या, विजय कुमार, सहदेव और सुरेश कुमार हैं. ये लोग हरिओम नामक युवक के साथ मारपीट कर हत्या करने के मामले में संलिप्त थे. घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है."
समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के एक्स अकाउंट से लिखा गया, "भाजपा सरकार दलितों की हत्या में नंबर 1 है."
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भूस्खलन के कारण हुई लोगों की मौत पर बीजेपी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरा है.
सिलीगुड़ी से बीजेपी के विधायक शंकर घोष ने कहा, "उत्तर बंगाल में लोग मर रहे हैं और मुख्यमंत्री कार्निवल (दुर्गा पूजा से संबंधित) मनाने में व्यस्त हैं. उत्तर बंगाल के प्रति उनका नज़रिया यही है."
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि वह सोमवार सुबह उत्तर बंगाल के लिए रवाना होंगे.
इससे पहले दार्जिलिंग में भूस्खलन पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरी चिंता व्यक्त की थी.
ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, "पिछली रात उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के कई क्षेत्रों में अचानक हुई भारी बारिश और बाहर से नदियों में आए पानी की वजह से बाढ़ आ गई है. इससे मुझे गहरी चिंता और दुख पहुंचा है. इस आपदा में कुछ लोगों की जान जाने की दुखद खबर मिली है. मैं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और हर संभव मदद तुरंत भेजी जाएगी."
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शिकागो में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए नेशनल गार्ड के 300 जवानों की तैनाती की मंज़ूरी दी है.
यह फ़ैसला उस वक़्त आया जब इमिग्रेशन अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के नियंत्रण वाले शिकागो में प्रदर्शनकारियों का सामना किया.
अधिकारियों के अनुसार, एक 'हथियारबंद महिला' को गोली मारी गई, जिसने दावा किया था कि उसने और उसके साथियों ने सरकारी (इमिग्रेशन से संबंधित) वाहनों में टक्कर मारी थी.
विपक्षी नेता कई हफ़्तों से ट्रंप की इस योजना की आलोचना कर रहे हैं और उन्होंने इसे सत्ता के दुरुपयोग की कोशिश बताया है. इलिनॉय के गवर्नर जेबी प्रित्ज़कर ने कहा कि ट्रंप 'जानबूझकर एक संकट खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं.'
होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की सहायक सचिव ट्रिशिया मैक्लॉफ़लिन ने बयान में कहा, "एजेंट अपने वाहन नहीं हिला पा रहे थे और उन्हें बाहर निकलना पड़ा. जिन चालकों ने सरकारी वाहन को टक्कर मारी, उनमें से एक के पास सेमी-ऑटोमैटिक हथियार था."
उन्होंने आगे कहा, "लॉ एनफोर्समेंट अधिकारियों को अपने हथियार इस्तेमाल करने पड़े और एक अमेरिकी नागरिक पर आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी."
पाकिस्तानी नागरिकों के ग़ज़ा जा रही नावों पर सवार होने को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "पाकिस्तान अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ सक्रिय रूप से संपर्क में है ताकि उसके नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. इन्हें इसराइली सेना ने अवैध रूप से हिरासत में लिया है."
विदेश मंत्रालय ने बताया कि एक मित्र यूरोपीय देश में मौजूद कूटनीतिक सूत्रों से पुष्टि हुई है कि पूर्व सीनेटर मुश्ताक अहमद इसराइली सेना की हिरासत में हैं और सुरक्षित हैं.
विदेश मंत्रालय ने कहा, "हमें बताया गया है कि सीनेटर मुश्ताक को स्थानीय कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया जाएगा. जैसे ही उन्हें निर्वासन (डिपोर्टेशन) के आदेश मिलेंगे, उनकी वतन वापसी की प्रक्रिया तेज़ी से पूरी की जाएगी."
इसराइल ने समुद्री रास्तों से ग़ज़ा जा रहीं नावों से हिरासत में लिए गए 470 लोगों को देश से बाहर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
बुधवार से शुक्रवार के बीच कई नावों को रोका गया था और उनमें सवार सैकड़ों लोगों को हिरासत में लेकर इसराइल ले जाया गया.
इसराइली विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि चार इतालवी नागरिकों को पहले ही वापस भेजा जा चुका है और बाकी लोगों को भी जल्द ही डिपोर्ट किया जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट 6 अक्तूबर यानी सोमवार को सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि की याचिका पर सुनवाई करेगा.
इस याचिका में डॉ. गीतांजलि ने सोनम की राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत हुई गिरफ़्तारी को चुनौती दी और रिहाई की मांग की है.
इस मामले की सुनवाई जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच करेगी.
24 सितंबर को लद्दाख में विरोध प्रदर्शन हुए थे, इस दौरान हिंसा भड़की थी.
सोनम वांगचुक पर लद्दाख में हिंसक प्रदर्शन भड़काने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, वह इस आरोप से इनकार करते हैं.
ब्रिटेन के ईस्ट ससेक्स में एक मस्जिद को आग लगाकर नुक़सान पहुंचाया गया है, जिसे पुलिस हेट क्राइम यानी नफ़रत से जुड़ा अपराध मानकर जांच कर रही है.
शनिवार रात करीब 9:50 बजे (ब्रितानी समयानुसार) फायर ब्रिगेड को पीसहेवन टाउन के फिलिस एवेन्यू पर मौजूद मस्जिद में आग लगने की सूचना मिली.
ससेक्स पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन मस्जिद के मुख्य प्रवेश द्वार और बाहर खड़ी एक गाड़ी को नुक़सान हुआ है.
जांच अधिकारी कैरी बोहाना ने कहा, "हमें पता है कि इससे मुस्लिम समुदाय में चिंता बढ़ी है और इसका असर ज़रूर पड़ा है."
मस्जिद के एक कर्मचारी, जिन्होंने अपना नाम न बताने की शर्त पर बीबीसी को बताया कि दो लोग मस्जिद के मुख्य दरवाज़े से अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन दरवाज़ा बंद था. इसके बाद उन्होंने दरवाज़े और पास खड़ी एक कार के पास कोई तरल पदार्थ डाला और आग लगा दी.
उन्होंने बताया कि उस समय मस्जिद में दो लोग मौजूद थे जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था.
ब्राइटन केम्पटाउन और पीसहेवन के लेबर सांसद क्रिस वार्ड ने मस्जिद पर हमले को 'घृणित' बताया.
उन्होंने कहा, "इस हिंसा और घृणा का हमारे शांतिपूर्ण, सहिष्णु स्थानीय समुदाय में कोई स्थान नहीं है. हम इसे जड़ से उखाड़ फेंकेंगे और हम सभी प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं."
महिला वनडे विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे मैच के दौरान कीट पतंगों ने खेल में बाधा डाली है.
मैदान में उड़ते कीड़े खिलाड़ियों के सिर पर मंडरा रहे हैं और आंखों में घुस रहे हैं, जिससे बल्लेबाज़ों और गेंदबाज़ों दोनों को परेशानी हो रही है. इस वजह से मैच को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था.
हालांकि थोड़ी देर बाद खेल फिर शुरू हो गया, लेकिन यह समस्या अब भी बनी हुई है.
पाकिस्तान की खिलाड़ी 'स्प्रे' करती भी नज़र आईं.
भारतीय टीम पहले बल्लेबाज़ी कर रही है और 30 ओवरों में तीन विकेट खोकर 131 रन बना चुकी है.
इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी का फैसला किया था. मैच श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रातभर हुए रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद यूक्रेन में पांच लोगों की मौत हो गई है और हज़ारों लोग बिजली के बिना रहने को मजबूर हैं.
पोलैंड की सेना ने पुष्टि की है कि यूक्रेन के पड़ोसी पोलैंड ने पोलिश हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लड़ाकू विमान तैनात किए हैं.
हमले के दौरान पश्चिमी यूक्रेन के लवीव शहर को निशाना बनाया गया. पश्चिमी यूक्रेन के प्रमुख मैक्सिम कोजित्स्की ने कहा कि चार लोग मारे गए और अन्य घायल हो गए. ज़ापोरज़िया में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई.
ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने 50 से ज़्यादा मिसाइलें और लगभग 500 हमलावर ड्रोन दागे.
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस ने यूक्रेनी सैन्य और बुनियादी ढांचे के ठिकानों पर सफलतापूर्वक 'बड़े पैमाने पर' हमला किया है.
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भूस्खलन पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरी चिंता व्यक्त की है.
ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, "पिछली रात उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के कई क्षेत्रों में अचानक हुई भारी बारिश और बाहर से नदियों में आए पानी की वजह से बाढ़ आ गई है. इससे मुझे गहरी चिंता और दुख पहुंचा है. इस आपदा में कुछ लोगों की जान जाने की दुखद खबर मिली है. मैं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और हर संभव मदद तुरंत भेजी जाएगी."
उन्होंने आगे लिखा, "मैं बीती रात से लगातार स्थिति पर नज़र रखे हुए हूं. मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और उत्तर बंगाल के ज़िलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठकें की हैं. मैं कल ख़ुद मुख्य सचिव के साथ उत्तर बंगाल जा रही हूं."
सीएम ममता बनर्जी ने अपील करते हुए कहा कि उत्तर बंगाल में मौजूद पर्यटकों से अनुरोध है कि वे जहां हैं, वहीं रहें. पुलिस उन्हें सुरक्षित बाहर निकालेगी और इसका सारा ख़र्च सरकार उठाएगी.
पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक इस समय राजस्थान की जोधपुर सेंट्रल जेल में हैं. शनिवार यानी चार अक्तूबर को सोनम वांगचुक के बड़े भाई त्सेतन दोरजे और वकील मुस्तफ़ा हाजी ने उनसे मुलाक़ात की.
बड़े भाई के मुताबिक़, सोनम वांगचुक ने लद्दाख और भारत की जनता के लिए निम्नलिखित संदेश भेजा है:
लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लेह में 24 सितंबर को हिंसक प्रदर्शन हुए थे.
इसके बाद शिक्षाविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को उनके गांव उलेटोक्पो से गिरफ़्तार किया गया था. उन्हें
महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में मुक़ाबला खेला जा रहा है.
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीता और फ़ील्डिंग का फ़ैसला किया है. इस बार भी दोनों टीमों की कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया. भारत की तरफ़ से हरमनप्रीत कौर कप्तानी कर रही हैं और फ़ातिमा सना पाकिस्तान की कप्तान हैं.
इससे पहले पुरुषों के एशिया कप में भी भारत और पाकिस्तान की टीमें फ़ाइनल समेत तीन बार आमने-सामने हुई थीं और उसमें भी दोनों टीमों के कप्तानों ने एक भी बार हाथ नहीं मिलाया था.
क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टीम 25 दिन में चौथी बार एक-दूसरे के ख़िलाफ़ मैदान पर उतर रही हैं.
तीन बार पुरुष टीमें एशिया कप में एक-दूसरे से टकराई थी. वहीं चौथी बार दोनों देश की महिला टीमें वनडे विश्व कप में आमने-सामने हैं.
भारतीय प्लेइंग इलेवन: स्मृति मांधना, प्रतिका रावल, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह
पाकिस्तानी प्लेइंग इलेवन: मुनीबा अली, सदफ़ शम्स, सिदरा अमीन, आलिया रियाज़, नतालिया परवेज़, फ़ातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, डायना बेग, सिद्रा नवाज़ (विकेटकीपर), नाशरा संदू, सादिया इक़बाल
बिहार चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है.
प्रेस कॉन्फ़्रेंस की शुरुआत में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार में सफलता के साथ एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हुई है.
ज्ञानेश कुमार का कहना है कि 15 दिन में वोटर आईडी कार्ड मिल जाएगा.
बिहार विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को ख़त्म हो रहा है. ऐसे में राज्य में चुनाव नवंबर, 2025 तक होने हैं.
पिछला विधानसभा चुनाव (2020) कोरोना महामारी के साये में तीन चरणों में 28 अक्तूबर से 7 नवंबर के बीच हुआ था.
भारत में कोरोना महामारी के दौरान का ये पहला बड़ा चुनाव था और कई तरह के दिशानिर्देश इसको लेकर जारी किए गए थे.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और बिजली गिरने से कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है. नेपाल के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह जानकारी दी है.
नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (एनईए) ने बीबीसी नेपाली सेवा को बताया कि अलग-अलग घटनाओं में अब तक आठ लोगों के लापता होने की जानकारी है, जबकि 11 लोग घायल हैं.
एनईए ने बताया कि मरने वाले लोगों में से 14 लोगों की मौत इलम में विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन की चपेट में आने से हुई है.
एनईए के प्रवक्ता शांति महत ने बीबीसी को बताया, "इलम में भूस्खलन से चौदह लोगों की मौत हो गई है और खोतांग में एक व्यक्ति की नदी में डूबने से मौत हो गई है. इसी तरह उदयपुर में एक अन्य व्यक्ति की नदी में डूबने से मौत हो गई है. रौतहट ज़िले में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है."
एनईए के मुताबिक़, इन आपदाओं से हुए नुक़सान का अनुमान लगाया जा रहा है.
सरकार ने कोशी, मधेश, बागमती, गंडकी और लुम्बिनी प्रांतों में भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है और लोगों को आपदाओं से बचने के लिए चेतावनी जारी की है.
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भूस्खलन से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है.
एडिशनल एसपी अभिषेक रॉय ने बताया, "मलबे में हमने अभी तक सात लोगों के शव बरामद किए हैं. बाकी दो लोगों की जानकारी भी हमारे पास है. उनके शव बरामद करने का काम चल रहा है."
उन्होंने बताया, "कुर्सियांग से दार्जिलिंग की ओर जाने वाले रास्ते में दिलाराम के पास भूस्खलन हुआ है. रास्ता अभी बंद है, इसे खोलने की कोशिश की जा रही है. रोहिणी रोड भी ब्लॉक है. गौरीशंकर के पास भूस्खलन हुआ है. उसे भी खोलने की कोशिश कर रहे हैं"
एडिशनल एसपी ने बताया, "पंखाबाड़ी रोड की स्थिति बहुत ख़राब है. तिनधरिया रोड खुला हुआ है. हमारी कोशिश है कि सभी पर्यटकों को तिंडरिया की ओर से नीचे ला सकें."
दार्जिलिंग की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "दार्जिलिंग में पुल दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से बहुत दुखी हूं. अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदनाएं. घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं."
प्रधानमंत्री ने कहा, "भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए दार्जिलिंग और आसपास के इलाक़ों की स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है. प्रभावित लोगों को हर संभव मदद की जाएगी."
आईसीसी महिला विश्व कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुक़ाबला होना है. यह मैच श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा.
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पाकिस्तानी कप्तान फ़ातिमा सना ने कहा कि उनकी टीम का फ़ोकस मैच खेलना होगा और खेल भावना के तहत जो भी चीज़ें हैं उन्हें पूरा करना होगा.
फ़ातिमा से सवाल किया गया कि 'पिछले वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच से ख़ूबसूरत तस्वीरें सामने आईं थीं. भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ी बिस्मिल्लाह मारूफ़ की बच्ची के साथ तस्वीरें खिंचवाईं थीं. क्या आप इस तरह के पल को मिस करेंगी?'
इस पर फ़ातिमा सना ने कहा, "हमारा मेन गोल खेलना होता है. हमारा यही फ़ोकस होता है कि गेम पर फ़ोकस करें. जिस तरह से दूसरी टीमों के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं, हम कोशिश करेंगे कि खेल भावना के तहत जो भी चीज़ें आती हैं उन्हें पूरी करें."
उन्होंने कहा, "पास्ट में जो भी चीज़ें थीं, जिस तरह से बिस्मा जी के साथ सब एंज्वॉय कर रहे थे. एक खिलाड़ी के तौर पर ये सब चीज़ें अच्छी लगती हैं. लेकिन पहली चीज़ तो यही है कि आप जिसके लिए यहां पर हो उस पर फ़ोकस करो."
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दोपहर तीन बजे से मैच शुरू होगा.