You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चैंपियंस ट्रॉफी: इंग्लैंड को हराकर ऑस्ट्रेलिया ने रचा इतिहास, इंगलिस चमके

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी में अभी तक का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करके इतिहास रचा है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और अश्वनी पासवान

  1. चैंपियंस ट्रॉफी: इंग्लैंड को हराकर ऑस्ट्रेलिया ने रचा इतिहास, इंगलिस चमके

    लाहौर में खेले गए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के चौथे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर इतिहास रच दिया है.

    इंगलिस की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया.

    इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 352 रन की चुनौती रखी थी. लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बेहद रोमांचक मुकाबले में इस लक्ष्य को 15 गेंद शेष रहते हुए ही हासिल कर लिया.

    ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया. इंग्लैंड की शुरुआत को अच्छी नहीं रही 6 ओवर के अंदर ही उसके दो विकेट गिर गए थे.

    लेकिन बेन डकेट ने 165 और जो रूट ने 68 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड के 351 रन के स्कोर तक पहुंचने में अहम भूमिका अदा की.

    ऑस्ट्रेलिया के लिए बेन ड्वारश्विस ने तीन विकेट लिए.

    इस लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने भी 27 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे. हालांकि शॉर्ट ने 63 और लाबुशेन ने 47 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को मुकाबले में वापस ला दिया.

    इसके बाद इंगलिस ने कैरी के साथ मिलकर मोर्चा संभाला. कैरी ने 69 रन बनाए. इंगलिस 86 गेंद में 120 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाई. मैक्सवेल ने भी 15 गेंद में पर नाबाद 32 रन बनाए.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  3. चमगादड़ में मिला नया वायरस, जिसके कोविड-19 की तरह इंसानों में फैलने का खतरा

    चीनी शोधकर्ताओं ने कहा है कि चमगादड़ों में एक नए कोरोना वायरस का पता लगाया गया है जो कोविड-19 संक्रमण करने वाले सार्स सीओवी-2 वायरस की तरह काम करता है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार ये वायरस इंसानी शरीर में प्रवेश करने के लिए सार्स सीओवी-2 वायरस की तरह ही सेल सरफेस प्रोटीन का इस्तेमाल करता है.

    इसके बाद अब ये चिंता बढ़ गई है कि किसी दिन ये वायरस इंसानों में फैल सकता है.

    हालांकि चीनी शोधकर्ताओं ने कहा है कि ये नया वायरस सार्स सीओवी-2 की तरह आसानी से इंसानी शरीर में प्रवेश नहीं करता.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने कहा है कि इस स्टडी का नेतृत्व शी ज़ेंगली नाम की चीनी वैज्ञानिक ने किया है जो विवादित वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ़ वायरोलॉजी में भी काम कर चुकी हैं.

    ये स्टडी सेल नाम की एक वैज्ञानिक पत्रिका में प्रकाशित की गई है. इसमें इस नए वायरस का नाम एककेयू5-सीओवी-2 बताया गया है.

    अमेरिका ने आरोप लगाया था कि कोविड-19 वायरस की उत्पत्ति वुहान के इसी लैब से हुई थी. हालांकि चीन की सरकार ने अमेरिका के इन आरोपों को खारिज करती रही है.

  4. शिवराज सिंह ने की किसानों से मुलाक़ात, एमएसपी की क़ानूनी गारंटी पर क्या बोले?

    केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की क़ानूनी गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले किसानों के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक बताया है.

    किसानों के साथ बातचीत के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि उनकी बातचीत अच्छी रही है.

    किसानों से उनकी अगली बैठक 19 मार्च को होनी है.

    किसान संगठनों और उनके प्रतिनिधियों से मुलाक़ात के बाद चौहान ने पत्रकारों से कहा, ''दोनों किसान संगठनों से बहुत सद्भावपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई है. किसान कल्याण के सारे कामों को जो मोदी सरकार की प्राथमिकता है, उन्हें बातचीत में शामिल किया गया है.''

    ''हमने किसान नेताओं की बातों को ध्यान से सुना है. अच्छी चर्चा हुई है. ये चर्चा आगे भी जारी रहेगी. और अगली बैठक 19 मार्च को यहीं चंडीगढ़ में होगी.''

    केंद्र सरकार और किसानों की मीटिंग में शामिल होने के लिए अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल भी बातचीत के लिए पहुंचे थे.

    केंद्र सरकार की ओर से शिवराज चौहान के साथ प्रह्लाद जोशी भी मीटिंग के लिए पहुंचे थे.

    वहीं पंजाब की तरफ से मंत्री हरपाल चीमा, गुरमीत सिंह खुडियां और लाला चंद कटारूचक भी वहां थे.

    बातचीत से पहले चीमा ने उम्मीद जताई कि बातचीत में किसानों की समस्याओं का समाधान निकल सकता है.

  5. हमास ने छह बंधकों को रिहा किया, इसराइल करेगा 600 से ज़्यादा फ़लस्तीनी कैदियों को रिहा

    ग़ज़ा में इसराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम के तहत हमास ने शनिवार को छह बंधकों को रिहा कर दिया है.

    इन छह बंधकों के नाम हिशाम अल-सैयद, एलिया कोहेन, ओमर शेम टोव, ओमर वेंकर्ट, अवेरा मंगिस्टू और ताल शोहम हैं.

    शर्तों के अनुसार इसके बदले इसराइल अपनी जेलों में बंद 602 फलस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा.

    इसराइल और हमास का समझौता तीन चरणों में लागू होना है.

    पहले चरण में इसराइल की जेलों में बंद फ़लस्तीनी कैदियों के बदले हमास के कब्ज़े में मौजूद बंधकों को रिहा किया जाएगा.

    इसके बाद गज़ा से इसराइली सेना धीरे-धीरे पीछे हटेगी और फिर आख़िरी चरण में ग़ज़ा के पुनर्निर्माण का काम होना है.

    ये भी पढ़ें-

  6. चैंपियंस ट्रॉफ़ी: ऑस्ट्रेलिया ने अब तक इंग्लैंड के ख़िलाफ कितने रन बनाए

    पाकिस्तान के लाहौर में खेले जा रहे चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 के एक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने अब तक इंग्लैंड के ख़िलाफ 31 ओवर में 203 रन चार विकेट खोकर बना दिए हैं.

    मार्नस लाबुशेन 47 रन और जोश इंगलिस 44 रन बनाकर खेल रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया को अब जीत के लिए 149 रनों की ज़रूरत है.

    ऑस्ट्रेलिया को ये मैच जीतने के लिए 352 रन बनाने हैं.

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ इंग्लैंड ने 50 ओवर में 351 रन बनाए हैं.

  7. तेलंगाना में निर्माणाधीन एसएलबीसी सुरंग में हादसा: पीएम मोदी ने सीएम रेवंत रेड्डी से की बात, क्या कहा?

    तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कनाल (एसएलबीसी) सुरंग में हुए हादसे में कई मज़दूरों के घायल होने और आठ लोगों के सुरंग के भीतर फंसे होने की ख़बर है.

    इस बीच मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ़ोन पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से बात की और राहत कार्यों के बारे में जानकारी ली.

    उन्होंने बचाव कार्य के लिए सभी तरह की मदद का आश्वासन भी दिया.

    शनिवार शाम राज्य के सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि सुरंग में फंसे आठ लोगों को बाहर निकालने के लिए सरकार हर कोशिश कर रही है.

    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ़ की मदद मांगी है.

    ये भी पढ़ें-

  8. पूर्व आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास को मिली ये ज़िम्मेदारी

    भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूसरा प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई और पीटीआई ने इसकी पुष्टि की.

    तमिलनाडु कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दास का कार्यकाल प्रधानमंत्री के कार्यकाल तक या अगले आदेश तक होगा.

    शक्तिकांत दास आरबीआई के गर्वनर और 15वें वित्त आयोग के सदस्य रह चुके हैं.

    गुजरात कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पीके मिश्रा फिलहाल प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत हैं.

  9. डोनाल्ड ट्रंप के भारत को 21 मिलियन डॉलर देने वाले बयान पर कांग्रेस ने क्या कहा?

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत में 'वोटर टर्नआउट' बढ़ाने के लिए 2.10 करोड़ डॉलर की कथित फंडिंग के मामले पर दिए गए नए बयान पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है.

    कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "आज मोदी के दोस्त डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ये 21 मिलियन डॉलर हमने हमारे दोस्त नरेंद्र मोदी को दिए हैं."

    "आज चारों तरफ चुप्पी है."

    पवन खेड़ा ने सवाल किया, "क्यों चुप हो गए, सन्नाटा क्यों है?"

    उन्होंने कहा, '' हम जानना चाहते हैं कि ये 21 मिलियन डॉलर कहां गए.''

    पवन खेड़ा ने कहा, "ट्रंप के कहने से ये साबित हो गया है कि ये 21 मिलियन डॉलर दोस्त नरेंद्र मोदी को चुनावों को प्रभावित करने और वोटर टर्नआउट बढ़ाने के लिए दिए गए."

    "हम जो बार-बार बोलते हैं कि शाम को पांच बजे वोटिंग बंद होनी चाहिए. पांच से छह बजे के बीच में महाराष्ट्र में जो दस से 12 फ़ीसदी वोटिंग बढ़ जाती है तो क्या टर्नआउट इसी पैसे से बढ़ रहा है. हम ये जानना चाहते हैं."

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मेरे मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत में 'वोटर टर्नआउट' के लिए 21 मिलियन डॉलर दिए जा रहे हैं.

    इस पूरे मामले पर शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन की ओर से भारत में चुनावी फंडिंग के बारे में दी गई जानकारी से देश के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई है.

    विवाद क्या है?

    ये विवाद टेस्ला स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क के नेतृत्व में सरकारी खर्चों में कटौती के लिए बने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी यानी (डीओजीई) के फैसले से जुड़ा है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने यूएसएड को बंद करके उसे विदेश मंत्रालय में शामिल करने का घोषणा की थी.

    इसने फंडिंग से कटौती के जो फ़ैसले लिए उसमें "कंसोर्टियम फॉर इलेक्शन एंड पॉलिटिकल प्रोसेस स्ट्रेंथनिंग" यानी दुनिया भर में चुनाव और वोटिंग के जरिये लोकतंत्र को मजबूत करने का प्रोजेक्ट भी शामिल था.

    इस प्रोग्राम को मिलने वाले फंड में से 486 मिलियन डॉलर की कटौती कर दी गई. कहा जा रहा है कि इसी फंडिंग में से 2.10 करोड़ डॉलर भारत के हिस्से का था.

    ये भी पढ़ें-

  10. चैंपियंस ट्रॉफ़ी: ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड ने दिया 352 रन का टारगेट, बेन डकेट ने रचा ये इतिहास

    पाकिस्तान के लाहौर में खेले जा रहे चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 के एक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ इंग्लैंड ने 50 ओवर में 351 रन बनाए हैं.

    ऑस्ट्रेलिया को ये मैच जीतने के लिए 352 रन बनाने होंगे.

    इंग्लैंड की ओर से सबसे अधिक रन बल्लेबाज बेन डकेट ने बनाए.उन्होंने 165 रनों की पारी खेली.

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि बेन डकेट पहले खिलाड़ी है जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफ़ी के इतिहास में 150 रन बनाए हैं.

    वहीं जो रूट ने 68 रनों की पारी खेली. इसके अलावा इंग्लैंड की ओर से कोई खिलाड़ी नहीं चला.

    हालांकि जोफ़्रा आर्चर ने दस गेंद पर 21 रनों की पारी खेली.

    ये भी पढ़ें-

  11. 'वोटर टर्नआउट' के लिए कथित फंडिंग पर फिर बोले ट्रंप- 'मेरे मित्र मोदी को 21 मिलियन डॉलर दिए जा रहे'

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत में 'वोटर टर्नआउट' बढ़ाने के लिए 2.10 करोड़ डॉलर की कथित फंडिंग का मामला फिर से उठाया.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मेरे मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत में 'वोटर टर्नआउट' के लिए 21 मिलियन डॉलर दिए जा रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "हम भारत में वोटर टर्नआउट के लिए 21 मिलियन डॉलर दे रहे हैं. हमारा क्या? मैं भी तो वोटर टर्नआउट चाहता हूँ."

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले भी कहा था कि भारत को चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए 2.10 करोड़ डॉलर क्यों दिए जाने चाहिए. वो मामले पर लगातार बयान दे रहे हैं.

    इस पूरे मामले पर शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन की ओर से भारत में चुनावी फंडिंग के बारे में दी गई जानकारी से देश के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई है.

    विवाद क्या है?

    ये विवाद टेस्ला स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क के नेतृत्व में सरकारी खर्चों में कटौती के लिए बने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी यानी (डीओजीई) के फैसले से जुड़ा है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने यूएसएड को बंद करके उसे विदेश मंत्रालय में शामिल करने का घोषणा की थी.

    इसने फंडिंग से कटौती के जो फ़ैसले लिए उसमें "कंसोर्टियम फॉर इलेक्शन एंड पॉलिटिकल प्रोसेस स्ट्रेंथनिंग" यानी दुनिया भर में चुनाव और वोटिंग के जरिये लोकतंत्र को मजबूत करने का प्रोजेक्ट भी शामिल था.

    इस प्रोग्राम को मिलने वाले फंड में से 486 मिलियन डॉलर की कटौती कर दी गई. कहा जा रहा है कि इसी फंडिंग में से 2.10 करोड़ डॉलर भारत के हिस्से का था.

    ये भी पढ़ें-

  12. एअर इंडिया के विमान में शिवराज सिंह चौहान को 'टूटी सीट' मिलने पर कांग्रेस ने क्या कहा?

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के एअर इंडिया के विमान में ‘टूटी और धंसी सीट' देने के मामले पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी.

    कांग्रेस ने कहा, "मोदी सरकार ने हर सेक्टर का भट्ठा बैठा दिया है."

    कांग्रेस ने दावा किया कि रेल और प्लेन दोनों में यात्री परेशान हैं.

    कांग्रेस ने कहा, "लोग शिकायत करते रहते हैं और वीडियो बनाते रहते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती. अब शिवराज सिंह चौहान को दिक्कत हुई है तो ट्वीट कर रहे हैं. हो सकता है इस पर एक्शन भी लिया जाए."

    "लेकिन हालात सुधरने वाले नहीं हैं, क्योंकि कोई भी सिस्टम ऊपर से ठीक होता है. ऊपर तो 'सब चंगा सी' का ढोल पीटने से ही फुर्सत नहीं. लोग परेशानी झेलते हैं."

    इससे पहले शिवराज सिंह ने कहा था, "मैंने एअर इंडिया की फ्लाइट एआई 436 में टिकट करवाया था. मुझे सीट क्रमांक 8-सी आवंटित हुई. मैं जाकर सीट पर बैठा. सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी, बैठना तकलीफ़दायक था.”

    उन्होंने साथ ही कहा कि यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें ख़राब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है.

  13. क्रिप्टोकरेंसी के इतिहास की 'सबसे बड़ी' चोरी कहां हुई, बायबिट ने बताया

    क्रिप्टोकरेंसी के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी, बायबिट ने बताया है कि हैकर्स ने 1.5 अरब डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी चोरी कर ली है.

    क्रिप्टोकरेंसी बाज़ार के इतिहास की ये सबसे बड़ी चोरी है.

    दुबई स्थित कंपनी बायबिट के संस्थापक ने यूर्ज़स से कहा कि उनके फंड 'सुरक्षित' है और कोई प्रभावित हुआ है तो उनका पैसा वापस कर देंगे.

    कंपनी ने बताया कि हैकर्स ने इथेरियम डिजिटल कॉइन वॉलेट से पैसे चोरी किए हैं.

    चोरी के बाद इथेरियम की कीमत चार फ़ीसदी तक गिर गई है.

    बायबिट के संस्थापक ने कहा कि ये पैसा कंपनी या पार्टनर से लोन लेकर कवर किया जा सकता है.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, तेलंगाना: निर्माणाधीन सुरंग का हिस्सा गिरा, सीएम कार्यालय ने क्या बताया

    तेलंगाना के अमराबाद में एक निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा गिर गया है. इस हादसे में कई मज़दूर घायल हो गए हैं.

    प्रदेश के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी दी है कि निर्माणाधीन एसएलबीसी सुरंग की छत का एक हिस्सा गिर गया है.

    उन्होंने लिखा, "सुरंग में छत गिरने और कई लोगों के घायल होने की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को सतर्क किया है. जिला कलेक्टर, एसपी, अग्निशमन विभागऔर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर और राहत कार्य शुरू करने का आदेश दिया गया है."

    मुख्यमंत्री ने ये भी जानकारी दी है कि आदेश मिलने के बाद सिंचाई मंत्री, सिंचाई सलाहकार और अन्य अधिकारी विशेष हेलीकॉप्टर से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं.

    एक वरिष्ठ पुलिस के हवाले से पीटीआई ने जानकारी दी है कि हादसा कितना बड़ा है इसका अंदाज़ा लगाने के लिए निर्माण कार्य कर रही कंपनी की टीम सुरंग के भीतर गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने कंपनी से मिली जानकारी के हवाले से कहा है कि हादसे के कारण कम से कम छह मज़दूर सुरंग के भीतर फंस गए हैं.

    एसएलबीसी सुरंग (श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कनाल) प्रोजेक्ट का हिस्सा है और ये टनल नालगोंडा जिले में बनाई जा रही थी.

    इस टनल के ज़रिए श्रीशैलम प्रोजेक्ट से कृष्णा नदी का पानी नालगोंडा जिले तक पहुंचाया जाना है.

    तेलंगाना के सिचांई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने बीते साल कहा था कि 30 ट्रिलियन मीट्रिक टन की क्षमता वाला ये टनल प्रतिदिन चार हज़ार क्यूसेक पानी नालगोंडा तक पहुंचा सकेगा.

  15. चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025: ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीता, गेंदबाज़ी चुनी

    पाकिस्तान के लाहौर में खेले जा रहे चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 के एक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी है.

    दोनों ही टीम का चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 का पहला मैच है.

    इंग्लैड प्लेइंग इलवेन

    फिल सॉल्ट, बेन डकेट, जेमी स्मिथ, जो रूट, हैरी ब्रुक, जोस बटलर (कप्तान), लियम लिविंगस्टन, ब्राइडन क्रार्स, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद और मार्क वुड.

    ऑस्ट्रेलिया प्लेइंग इलवेन

    ट्रेविस हेड, मैट शॉर्ट, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंगलिस, एलेक्स कैरी, ग्लेन मैक्सवेल, बेन ड्वारश्विस, नेथन एलिस, एडम जाम्पा और स्पेंसर जॉनसन.

  16. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके आप पढ़ सकते हैं.

  17. एयर इंडिया के विमान की ‘टूटी सीट’ के बारे में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्या बताया?

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फ़ेसबुक पर एयर इंडिया को टैग करते हुए शनिवार को एक पोस्ट में विमान में यात्रा के दौरान बैठने के लिए दी गई टूटी सीट की शिकायत की है.

    उन्होंने लिखा, “आज मुझे भोपाल से दिल्ली आना था, पूसा में किसान मेले का उद्घाटन, कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक और चंडीगढ़ में किसान संगठन के माननीय प्रतिनिधियों से चर्चा करनी है.”

    “मैंने एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 436 में टिकिट करवाया था. मुझे सीट क्रमांक 8- सी आवंटित हुई. मैं जाकर सीट पर बैठा. सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी, बैठना तकलीफदायक था.”

    केंद्रीय मंत्री ने लिखा, “जब मैंने विमानकर्मियों से पूछा कि ख़राब सीट थी, तो आवंटित क्यों की? उन्होंने बताया कि प्रबंधन को पहले सूचित कर दिया था कि ये सीट ठीक नहीं है. इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए. ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं.”

    “सहयात्रियों ने मुझे बहुत आग्रह किया कि मैं उनसे सीट बदल कर अच्छी सीट पर बैठ जाऊं, लेकिन मैं अपने लिए किसी और मित्र को तकलीफ क्यों दूं? मैंने फ़ैसला किया कि मैं इसी सीट पर बैठकर अपनी यात्रा पूरी करूंगा.”

    उन्होंने लिखा, “मेरी धारणा थी कि टाटा प्रबंधन के हाथ में लेने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन ये मेरा भ्रम निकला. मुझे बैठने में कष्ट की चिंता नहीं है, लेकिन यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें ख़राब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है.”

    “क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है? क्या आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मज़बूरी का फ़ायदा उठाता रहेगा.”

  18. इसराइली बंधक शिरी बिबास का परिवार उनके शव को लेकर क्या बोला?

    इसराइली बंधक शिरी बिबास के परिवार ने कहा है कि शुक्रवार को हमास ने जो शव इसराइल को सौंपा है, वो शिरी का ही है.

    परिवार की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि 'हमारी शिरी की कैद में रहने के दौरान हत्या कर दी गई थी. वो अब घर लौट चुकी हैं.'

    हालांकि, इसराइल के जिन फ़ॉरेंसिक अधिकारियों ने शव का परीक्षण किया है, उनकी ओर से अब तक इस बात की पुष्टि नहीं की गई है कि यह शव शिरी बिबास का है.

    बिबास के परिवार ने कहा, “16 महीनों से हम इस निश्चितता की तलाश में थे, और अब वो हमारे पास है. इसमें कोई सुख तो नहीं है, लेकिन हम समापन की शुरुआत की उम्मीद करते हैं.”

    हमास के एक सीनियर अधिकारी ने बीबीसी से इस बात की पुष्टि की थी कि शुक्रवार शाम हमास ने रेड क्रॉस को एक शव सौंपा था.

    इससे पहले, गुरुवार को हमास ने चार शव भेजे थे. इनमें से एक शव शिरी बिबास का होने का दावा किया गया था. लेकिन, इसराइल द्वारा की गई जांच के बाद पता लगा था कि वो शव किसी अज्ञात महिला का था.

    इसे लेकर इसराइल ने हमास पर युद्ध विराम समझौते की शर्तों को तोड़ने का आरोप लगाया था.

    दरअसल, हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को 33 साल की शिरी बिबास को उनके दो बच्चों 5 साल के एरियल और दो साल के कफ़ीर के साथ बंधक बना लिया था.

    इन लोगों की मौत की ख़बर से इसराइल में शोक की लहर देखी गई थी.

  19. डोनाल्ड ट्रंप ने शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल सीक्यू ब्राउन को पद से हटाया, रशेल लुकर, बीबीसी न्यूज़, वॉशिंगटन

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूएस के जॉइंट चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ के चेयरमैन सीक्यू ब्राउन को पद से हटा दिया है. वह अमेरिका के शीर्षस्थ अधिकारी थे.

    यह फ़ैसला शीर्ष सैन्य नेतृत्व में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. इसकी जानकारी डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर साझा की. ट्रंप ने बताया कि पांच अन्य शीर्ष अधिकारियों को भी हटाया गया है.

    उन्होंने लिखा, “मैं जनरल चार्ल्स ‘सीक्यू’ ब्राउन को हमारे देश की 40 साल से ज़्यादा सेवा करने के लिए धन्यवाद देता हूं. वह वर्तमान में हमारे चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ के चेयरमैन भी रहे.”

    जनरल ब्राउन अमेरिका के इतिहास में इस पद को संभालने वाले दूसरे काले अधिकारी थे. इस पद पर आसीन व्यक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले पर राष्ट्रपति और रक्षा मंत्री को सलाह देता है.

    इससे पहले, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने जनरल ब्राउन को लेकर कहा था कि उनको हटाया जाना चाहिए. शुक्रवार के बाद रक्षा मंत्री हेगसेथ ने दो और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटाने की घोषणा की थी.

    इनमें चीफ़ ऑफ़ नेवल ऑपरेशन एडम लिसा फ़्रेंचेटी और वाइस चीफ़ ऑफ़ द एयर फ़ोर्स जनरल जिम स्लिफ़ शामिल हैं.

    एडम लिसा फ़्रेंचेटी पहली महिला थीं, जिन्होंने नौसेना का नेतृत्व किया. इन तीनों शीर्ष अधिकारियों को शुक्रवार को हटा दिया गया. इनकी नियुक्ति पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा की गई थी.

  20. राजस्थान में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में रातभर क्यों दिया धरना?, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए

    राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को हंगामा हुआ. इसकी वजह भाजपा सरकार में मंत्री अविनाश गहलोत द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को 'दादी' कहना था.

    इस बात पर विपक्ष ने विरोध जताया और हंगामा किया. इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह समेत छह विधायकों को निलंबित कर दिया गया.

    विपक्षी विधायकों ने 'दादी' को असंसदीय शब्द बताते हुए सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की थी. लेकिन, विधानसभा अध्यक्ष ने इससे इनकार कर दिया.

    इसके बाद, कांग्रेस विधायक वेल में आ गए और जमकर हंगामा हुआ. तीन बार विधानसभा की कार्यवाही स्थगित की गई, लेकिन विवाद नहीं थमा.

    इसके बाद, राज्य में भाजपा सरकार के मुख्य सचेतक जागेश्वर गर्ग के प्रस्ताव पर कांग्रेस विधायकों को निलंबित कर दिया गया.

    विधायकों के निलंबन के विरोध में बाकी कांग्रेसी विधायकों ने विधानसभा में रात भर धरना दिया.

    देर रात राज्य गृह मंत्री जवाहर सिंह बेढम, मंत्री जोगाराम पटेल और मंत्री सुमित गोदारा ने नेता प्रतिपक्ष से बात की, लेकिन बातचीत विफल रही.

    मंत्री अविनाश गहलोत ने क्या कहा था?

    प्रश्नकाल के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा था, "2023-2024 बजट में या पहले बजटों में हर बार आपकी दादी के नाम पर योजनाएं रखी गईं."

    इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने विरोध दर्ज किया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया.

    विवाद बढ़ने के बाद मंत्री अविनाश गहलोत का बयान भी सामने आया.

    उन्होंने कहा, "टीकाराम जूली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंदिरा गांधी को दादी माना है. अब आपत्ति क्यों? हम महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता नहीं मानते क्या? उनके ही शब्द मैंने कहे हैं, फिर किस बात की माफ़ी मांगू?"

    वहीं, सरकार में मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, "दादी असंसदीय शब्द नहीं, बल्कि सम्मानसूचक शब्द है."

    विवाद बढ़ने के बाद से ही विधानसभा में कांग्रेस विधायक धरने पर बैठे हैं. शनिवार को सभी ज़िलों में कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार में मंत्री अविनाश गहलोत के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करेगी.

    नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा, "जिस प्रकार से दिल्ली की संसद में भाजपा तानाशाही कर रही है, उसी पैटर्न पर राजस्थान में भजनलाल सरकार उतर आई है."

    "देश के लिए शहीद होने वाली सम्मानित नेता श्रीमती इंदिरा गांधी पर मंत्री अविनाश गहलोत द्वारा स्तरहीन अशोभनीय टिप्पणी की जाती है, लेकिन सस्पेंड हमारे विधायकों को किया गया है यह दिखाता है कि भाजपा केवल तानाशाहीपूर्ण रवैये से काम करना चाहती है."