You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल हिज़्बुल्लाह संघर्ष: रविवार को क्या कुछ हुआ, अहम बातें जानिए

इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमला करने के बाद रविवार को यमन में हूती विद्रोहियों को भी निशाना बनाया. रविवार को इसराइली सेना ने हिज़्बुल्लाह पर भी कई हमले किए.

सारांश

  • इसराइली सेना ने यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर किया हमला
  • नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम 170 लोगों की मौत
  • मोहम्मद यूसुफ़ ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के सिलेक्टर पद से दिया इस्तीफ़ा
  • कोसी बैराज में 56 साल में जलस्तर सबसे ज़्यादा, बिहार के कई इलाक़े बाढ़ से प्रभावित
  • हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की मौत पर इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ये ‘ऐतिहासिक मोड़ है.’

लाइव कवरेज

  1. नमस्ते और शुभरात्रि!

    इस वक़्त भारत में रात के 10 बजे रहे हैं.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आज हमने आप तक भारत समेत दुनिया की बड़ी ख़बरें पहुंचाने की कोशिश की.

    नेपाल में भारी बाढ़ के कारण कम से कम 170 लोगों की मौत हो गई है. मगर एक युवक की काफी तारीफ़ हो रही है. इस युवक ने बाढ़ के दौरान कुछ लोगों की जान बचाने की कोशिश की. पूरी कहानी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हिज़्बुल्लाह और ईरान की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है. ऐसे में जब हसन नसरल्लाह की इसराइली हमले में जान गई तो इसका ईरान पर क्या असर होगा? ये विश्लेषण पढ़ने के लिए आप क्या क्लिक करें.

    पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से सात अरब डॉलर का क़र्ज़ आने वाले दिनों में मिलेगा. इससे पाकिस्तान में आम लोगों की ज़िंदगी पर क्या असर होगा? ये समझने के लिए आप इस रिपोर्ट को क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    आप भारत के पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ब्रजेश मिश्रा के बारे में जानते हैं? वो किसी के लिए अक्खड़ थे तो किसी के लिए शातिर. ब्रजेश मिश्रा के बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    अब हमें अनुमति दीजिए.

    बीबीसी हिंदी की टीम 30 सितंबर की सुबह एक नए लाइव पेज के साथ आपके सामने होगी. तब तक आप बीबीसी हिंदी के साथ बने रहिए.

    शुभ रात्रि.

  2. इसराइल हिज़्बुल्लाह संघर्ष: रविवार को क्या कुछ हुआ, अहम बातें जानिए

    इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमला करने के बाद रविवार को यमन में हूती विद्रोहियों को भी निशाना बनाया.

    इसराइली सेना ने बयान जारी कर ये जानकारी दी है. रविवार को इसराइली सेना ने हिज़्बुल्लाह पर भी कई हमले किए.

    रविवार को इस संघर्ष में क्या क्या हुआ, जानिए अहम बातें:

    • लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि सिडोन शहर के पास ऐन अल-डेलब पर हुए इसराइली हमले में 24 लोगों की मौत हुई है, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं. इन हमलों को लेकर इसराइल ने कहा है कि वह हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बना रहा है.
    • इससे पहले इसराइल ने यमन में हूती विद्रोहियों पर हमला किया. इसराइली सेना ने बताया कि उसने यमन में उन बंदरगाहों और बुनियादी ढाचों पर हमला किया है, जिसका इस्तेमाल ईरान के हथियारों को ले जाने के लिए किया जा रहा था.
    • वहीं अमेरिका ने इस संघर्ष को लेकर कहा कि अमेरिका एक ‘शॉर्ट नोटिस’ पर सेना तैनात करने की क्षमता रखता है. अमेरिका ने कहा कि वह ईरान और ईरान समर्थित प्रॉक्सी को स्थिति का फायदा उठाने या संघर्ष को बढ़ाने से रोकने के लिए प्रतिबद्ध है.
    • रविवार को लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी एनएनए ने बताया कि 23 सितंबर से अब तक 36 हज़ार से अधिक सीरियाई और 41,300 लेबनानी लोग सीमा पार कर सीरिया गए हैं. ये आंकड़े लेबनान के मंत्री की एक रिपोर्ट के हवाले से दिए गए हैं.
    • इससे पहले इसराइल ने दावा किया कि शुक्रवार को नसरल्लाह पर किए हमले में हिज़्बुल्लाह के अन्य 20 बड़े नेता भी मारे गए हैं. आईडीएफ ने कहा कि उसने नसरल्लाह की सुरक्षा इकाई के प्रमुख इब्राहिम हुसैन जाज़िनी और समीर तौफीक दीब को निशाना बनाया है.
    • ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने एक बयान में आईआरजीसी ऑपरेशन के डिप्टी कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अब्बास निलफोरुशन की मौत की पुष्टि की. निलफोरुशन की मौत 27 सितंबर को इसराइली हमले में हुई थी.
  3. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइली सेना ने बताया- यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों को बनाया गया निशाना

    इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमला करने के बाद अब यमन में हूती विद्रोहियों को निशाना बनाया है.

    इसराइली सेना ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि “आज बड़े पैमाने पर हुए हवाई अभियानों में वायुसेना के दर्जनों लड़ाकू विमानों ने हूती विद्रोहियों के सैन्य ठिकानों पर हमला किया.”

    ये हमले यमन के रस इस्सा और होदेइदाह इलाकों में किए गए.

    इसराइली सेना ने कहा, “आईडीएफ ने तेल आयात के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बंदरगाह और पावर प्लांट पर हमला किया.”

    आईडीएफ ने दावा किया है कि उसने उन बंदरगाहों और बुनियादी ढाचों पर हमले किए हैं, जिनका इस्तेमाल ईरानी हथियारों को ले जाने के लिए किया जा रहा था.

  4. इसराइल-हिज़्बुल्लाह संघर्ष की वजह से 80 हज़ार लोग लेबनान से सीरिया गए

    इसराइल-हिज़्बुल्लाह संघर्ष की वजह से बड़े पैमाने पर लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ रहा है.

    नए आंकड़ों के मुताबिक़- 23 सितंबर से अब तक 36 हज़ार से अधिक सीरियाई और 41,300 लेबनानी लोग सीमा पार कर सीरिया गए.

    लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी एनएनए ने बताया कि यह आंकड़े लेबनान के मंत्री ने एक रिपोर्ट में दिए हैं.

    इस बीच शेल्टरों में विस्थापित लोगों की संख्या एक लाख सोलह हज़ार से अधिक हो गई है.

    संयुक्त राष्ट्र रिफ्यूजी एजेंसी के उच्चायुक्त ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लेबनान से सीरिया के लिए भाग रहे "हजारों परिवारों" के बारे में पोस्ट किया.

    सरकार की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ लेबनान में लोगों के लिए अब 777 शेल्टर हैं, जिनमें स्कूल और कृषि केन्द्र भी शामिल हैं.

  5. कर्नाटक: कुमारस्वामी और एसआईटी प्रमुख के बीच हुए विवाद का पूरा मामला, इमरान कुरैशी, बीबीसी बेंगलुरू के लिए

    केंद्रीय उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी के अधिकारियों पर दिए बयान के बाद लोकायुक्त पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) के प्रमुख ने अपने स्टाफ को पत्र लिखा है.

    उन्होंने स्टाफ से कहा है कि वो "अभियुक्त" एचडी कुमारस्वामी के बयान से विचलित ना हों, जिन्होंने उनके खिलाफ "झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए हैं और धमकियां दी हैं".

    कुमारस्वामी के खिलाफ भूमि अधिसूचना रद्द करने के मामले में जांच चल रही है.

    कर्नाटक लोकायुक्त के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एम चंद्रशेखर ने इस मामले में जांच कर रहे अपने 80 सदस्यों के स्टाफ को एक पत्र में लिखा है, "जैसा कि आप जानते हैं कि एसआईटी ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से अभियुक्तों के ख़िलाफ़ मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी है. जमानत पर रिहा अभियुक्त एचडी कुमारस्वामी ने हमें अपना काम करने से रोकने के लिए ऐसा किया है."

    चंद्रशेखर ने अपने पत्र में लिखा है, "ऐसा लग रहा है कि उनका उद्देश्य मुझ पर हमला करके एसआईटी के अधिकारियों के मन में भय पैदा करना है. लेकिन एक अभियुक्त, चाहे वह कितना भी बड़ा और शक्तिशाली क्यों न हो, एक अभियुक्त ही होता है. ऐसे आरोपों और धमकियों से हमारे उत्साह में कोई कमी नहीं आनी चाहिए."

    दरअसल, एचडी कुमारस्वामी ने अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर कई सवाल किए थे.

    उन्होंने मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री के अलावा राज्य के गृह मंत्री से भी ये पूछा था कि कितने अधिकारियों को अलग-अलग पदों का वादा किया गया था.

    एचडी कुमारस्वामी ने कहा था, ''आप उनसे क्या करवा रहे हैं? बीके सिंह बेंगलुरु पुलिस के आयुक्त हैं. चंद्रशेखर भी आयुक्त या सीआईडी ​​प्रमुख हैं. आपने कितनी बार अधिकारियों से ये चर्चा की है कि कुमारस्वामी को कैसे फंसाया जाए?''

    कुमारस्वामी ने अधिकारियों पर कई आरोप लगाते हुए कहा, ''ज़मीन के डीनोटिफिकेशन के मामले में चार्जशीट दाखिल करने की अनुमति मांगने की जानकारी लीक होने पर चंद्रशेखर ने कैसे राज्यपाल के सचिवालय पर छापा मारने की योजना बनाई थी? हिमाचल प्रदेश कैडर का यह अधिकारी यहां काम करने के लिए मांगे गए पांच साल से ज़्यादा समय तक कैसे रहा?''

    लोकायुक्त पुलिस के सूत्रों के अनुसार, कुमारस्वामी के बयान से एसआईटी के अधिकारी इतने परेशान थे कि वे टीम का हिस्सा नहीं बनना चाहते थे.

    इससे पहले कुमारस्वामी से शुक्रवार को दो घंटे तक पूछताछ की गई थी. मामले के मुख्य अभियुक्त पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा से 21 सितंबर को लगभग ढाई घंटे से ज़्यादा समय तक पूछताछ की गई.

    यह मामला बेंगलुरु के गंगेनाहल्ली में 1.1 एकड़ जमीन से जुड़ा है. 5 जून, 2020 को मुख्यमंत्री रहते हुए येदियुरप्पा ने इससे जुड़ी अधिसूचना को वापस ले लिया था.

    उस जमीन की जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी कुमारस्वामी की सास विमला के पास थी, जिन्हें इस अधिसूचना को वापस लिए जाने का फायदा हुआ था. कुमारस्वामी ने शुक्रवार को लोकायुक्त कार्यालय के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है.

    जब से राज्यपाल गहलोत ने मुडा (मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण) मामले में सिद्धारमैया को कारण बताओ नोटिस भेजा है, तब से सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के नेताओं, खासकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कुमारस्वामी और भाजपा नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला बढ़ गया है.

  6. इसराइल- हिज़्बुल्लाह संघर्ष: आज क्या कुछ हुआ, 7 बातें जानिए

    इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच जंग जारी है. इसराइली हमलों में हिज़्बुल्लाह के कई शीर्ष नेता मारे गए हैं. इस बीच इसराइली सेना ने हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले और तेज़ कर दिए हैं.

    आज यानी 29 सितंबर को इस संघर्ष में अब तक क्या कुछ हुआ? जानिए सात ख़ास बातें

    1. इसराइल ने कहा- हिज़्बुल्लाह के मुख्यालय पर जो हमला किया था, उसमें हसन नसरल्लाह के अलावा अलग-अलग रैंक के 20 और हिज़्बुल्लाह नेताओं मारे गए हैं. इसमें हिज़्बुल्लाह के दक्षिणी फ्रंट के नेता अली कराकी की भी मौत हुई है. इसराइली सेना के मुताबिक- नसरल्लाह की सुरक्षा यूनिट के प्रमुख इब्राहिम हुसैन जज़ीनी और सलाहकार समीर तॉफीक दिब भी मारे गए हैं.

    2. इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के गढ़ दाहीह में दोबारा हमले शुरू कर दिए हैं. इसराइली सेना ने कहा है कि उसने पिछले कुछ घंटों में लेबनान में बेरुत के दाहीह में हिज़्बुल्लाह के कई और ठिकानों पर हमले किए हैं. इन हमलों में हिज़्बुल्लाह के रॉकेट लॉन्चर्स और हथियारों के ठिकानों को निशाना बनाया गया है.

    3. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, लेबनान में बेरुत के दक्षिणी हिस्से से इसराइली हमले में मारे गए हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह का शव मिल गया है. बेरुत में जहां हवाई हमला हुआ था, वहां से नसरल्लाह का शव बरामद किया गया है.

    4. लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने कहा है कि इसराइली हवाई हमलों के कारण लेबनान में अब तक का “सबसे बड़ा पलायन” हो सकता है. उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “विस्थापित लोगों की संख्या दस लाख तक पहुंच सकती है.”

    5. लेबनान के पीएम नजीब मिकाती ने कहा है कि इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए ‘कूटनीति के अलावा और कोई रास्ता नहीं है’. उन्होंने कहा कि वो युद्ध विराम का “स्वागत” करते हैं और अगर ऐसा कुछ संभव हो पाता है तो संघर्ष विराम ग़ज़ा और लेबनान, दोनों ही जगहों पर लागू होना चाहिए. लेबनान के सूचना मंत्री ने भी कहा कि इसराइल के साथ युद्ध विराम को लेकर बातचीत अभी भी जारी है.

    6. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने एक बयान में आईआरजीसी ऑपरेशन के डिप्टी कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अब्बास निलफोरुशन के इसराइली हमले में मारे जाने की पुष्टि की है. बयान में "रेसिस्टेंस फ्रंट” और ईरान की रक्षा में निलफोरुशन की भूमिका की तारीफ़ की गई.

    7. इसराइल सेना ने बताया कि रेड सी से इसराइल के दक्षिणी हिस्से की तरफ आ रहे एक ड्रोन को रोका गया है. आईडीएफ ने ये भी बताया कि लेबनान की तरफ से आठ और हमले इसराइल की तरफ किए गए हैं. कुछ ही समय पहले इसराइल के उत्तरी हिस्से में सायरन के ज़रिए इसे लेकर चेतावनी भी दी गई है. वहीं संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी ने कहा है कि उसने 10 लाख लोगों को मदद मुहैया कराने के लिए इमरजेंसी ऑपरेशन शुरू किया है.

  7. इसराइल ने कहा- हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर फिर शुरू किए हमले

    इसराइली सेना ने बेरुत में हिज़्बुल्लाह के गढ़ दाहीह में फिर से हमले शुरू करने की बात कही है.

    एएफपी के मुताबिक- संवाददाताओं ने इस इलाके में धमाकों की तेज़ आवाज़ सुनी और धुएं का गुबार उठता देखा.

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने पिछले कुछ घंटों में लेबनान में हिज़्बुल्लाह के कई ठिकानों पर हमले किए हैं.

    सेना के मुताबिक़- इन हमलों का मकसद हिज़्बुल्लाह के रॉकेट लॉन्चर्स और हथियारों के ठिकानों को निशाना बनाना था.

    इसी बीच समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, लेबनान में बेरुत के दक्षिणी हिस्से से इसराइली हमले में मारे गए हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह का शव मिल गया है.

    रॉयटर्स के मुताबिक बेरुत में जहां हवाई हमला हुआ था, वहां से नसरल्लाह का शव बरामद किया गया है.

    सुरक्षा से जुड़े एक सूत्र और एक मेडिकल सूत्र का हवाला देते हुए रॉयटर्स ने कहा है कि शरीर पर कोई घाव सामने से दिखाई नहीं दे रहे थे.

    हिज़्बुल्लाह ने शनिवार को ही अपने नेता हसन नसरल्लाह की मौत की पुष्टि की थी.

    इस बीच हिज़्बुल्लाह ने अपने एक और नेता गुट के दक्षिणी फ्रंट के कमांडर अली कराकी की मौत की पुष्टि की है.

    आईडीएफ ने बताया था कि हवाई हमले में नसरल्लाह के साथ ही अली कराकी को भी मार गिराया गया था.

    हिज़्बुल्लाह ने टेलीग्राम के ज़रिए अली कराकी की मौत की जानकारी दी है.

  8. भारत बनाम बांग्लादेश टेस्ट मैच: बारिश के कारण कानपुर में तीसरे दिन का खेल रद्द

    भारत और बांग्लादेश के बीच चल रही टेस्ट सिरीज़ में रविवार यानी मैच के तीसरे दिन भी बारिश के कारण खेल नहीं खेला जा सका.

    खराब मौसम के चलते तीसरे दिन का खेल भी रद्द हो गया है.

    बीसीसीआई ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा है, “गीली आउटफील्ड के कारण कानपुर में तीसरे दिन का खेल रद्द हो गया है.”

    बारिश के कारण शनिवार को दूसरे दिन का खेल भी शुरू ही नहीं हो पाया था.

    मैच के पहले दिन भी 35 ओवर का ही खेल हो पाया था. पहले दिन 35 ओवर खत्म होने तक बांग्लादेश ने तीन विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए थे. उसके बाद मौसम खराब होने की वजह से मैच को रोक दिया गया था.

    पहले दिन का मैच रद्द घोषित होने तक क्रीज़ पर बांग्लादेशी बल्लेबाज़ मोमिनुल हक और मुशफ़िकुर रहीम मौजूद थे.

    भारत की ओर से आकाश दीप ने दो विकेट हासिल किए थे. वहीं आर अश्विन को पहले दिन के खेल तक एक विकेट मिला था.

  9. इसराइली हमलों के बाद लेबनान के पीएम ने अब क्या कहा

    लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने रविवार को कहा कि इसराइली हवाई हमलों के कारण लेबनान में आज तक का “सबसे बड़ा पलायन” हो सकता है.

    उन्होंने कैबिनेट की एक आपातकाल बैठक बुलाई थी. जिसके ठीक बाद पीएम मिकाती ने पत्रकारों से कहा, “विस्थापित लोगों की संख्या दस लाख तक पहुंच सकती है.”

    मिताकी ने बताया कि कई लोग लेबनान के दक्षिणी हिस्से और पूर्व में बेका घाटी की तरफ से पलायन कर रहे हैं. उन्होंने आगे बताया कि इनमें से कई ऐसे लोग हैं जो लेबनान के नागरिक नहीं हैं.

    संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी ने हाल ही में कहा है कि उसने 10 लाख लोगों को मदद मुहैया कराने के लिए इमरजेंसी ऑपरेशन शुरू किया है.

    पीएम मिकाती ने कहा कि इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए ‘कूटनीति के अलावा और कोई रास्ता नहीं है’.

    इसके पहले लेबनान के मंत्री ने कहा था कि इसराइल के साथ युद्ध विराम को लेकर बातचीत अभी भी जारी है.

    अब लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने पत्रकारों से कहा है कि वो युद्ध विराम का “स्वागत” करते हैं.

    उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कुछ संभव होता है तो संघर्ष विराम ग़ज़ा और लेबनान, दोनों ही जगहों पर लागू होना चाहिए.

  10. हिज़्बुल्लाह नेता नसरल्लाह की मौत के बाद कश्मीर के कई इलाक़ों में प्रदर्शन, माजिद जहांगीर, बीबीसी के लिए

    इसराइली हमले में हिज़्बुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह की मौत के बाद कश्मीर के कई इलाकों में प्रदर्शन हुए.

    श्रीनगर और बडगाम के अलावा घाटी के बारामूला के कुछ इलाकों में भी हज़ारों लोग सड़कों पर उतरे और हसन नसरल्लाह पर हुए जानलेवा हमले के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया.

    प्रदर्शन करने वालों में नौजवान, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जो इसराइल और अमेरिका के खिलाफ नारे लगा रहे थे. ये प्रदर्शन कश्मीर के शिया इलाकों में देखने को मिले हैं.

    कश्मीर ज़ोन के इंस्पेक्टर जनरल का कहना है कि कहीं से भी किसी भी झड़प की कोई ख़बर नहीं आई और हालात को काबू में रखा गया.

    प्रदर्शन में शामिल एक प्रदर्शनकारी ने बीबीसी को बताया कि शनिवार शाम को उनके इलाके (श्रीनगर) में लोगों की एक बड़ी तादाद ने हसन नसरल्लाह की मौत के खिलाफ प्रदर्शन किया. उनका ये भी कहना था कि जब प्रदर्शनकारी श्रीनगर के सईदा कदल से आगे खानयार की तरफ बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोका और उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया.

    उनका कहना था कि उसके बाद रात देर तक प्रदर्शनकारी सड़कों पर मौजूद थे और अपने प्रदर्शन को जारी रखा.

    श्रीनगर के क़रीब बडगाम ज़िले के कई इलाकों में भी हसन नसरल्लाह की मौत के ख़िलाफ़ हज़ारों लोगों ने प्रदर्शन किए.

    चुनाव और सियासी दल

    इस बीच कश्मीर में जारी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए जारी प्रचार को आज यानी रविवार को कई सियासी दलों ने रद्द कर दिया है.

    नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा रूहुल्लाह ने एक्स हैंडल पर लिखा है, "मैं अपने प्रचार को बंद कर रहा हूँ."

    पीडीपी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने भी अपने चुनावी प्रचार को बंद किया है.

    एक्स पर उन्होंने लिखा है, “मैं लेबनान और ग़ज़ा के शहीदों के साथ, खास़तौर पर हसन नसरल्लाह के साथ एकजुटता में खड़ी हूं. इस कारण मैं रविवार के लिए अपनी चुनावी प्रचार रद्द कर रही हूं. इस दुख की घड़ी में हम फ़लस्तीन और लेबनान के लोगों के साथ खड़े हैं.”

    बीजेपी नेता कवींद्र गुप्ता ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “हसन नसरल्लाह की मौत से महबूबा मुफ्ती को इतना दर्द क्यों हो रहा है? जब बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम होता है तब इनकी आवाज़ बंद हो जाती है.”

    पुलिस ने क्या कहा?

    कश्मीर ज़ोन के इंस्पेक्टर जनरल विधि कुमार बिरदी ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया कि शनिवार को श्रीनगर और बडगाम के कुछ इलाकों में हसन नसरल्लाह की मौत की खबर के बाद प्रदर्शन हुए हैं और हर इलाके में पुलिस ने हालात को काबू में रखा.

    उनका ये भी कहना था कि किसी भी जगह से किसी भी झड़प की कोई खबर नहीं है.

  11. ईरान ने माना- इसराइली हमले में हुई ईरानी कमांडर की मौत, घोनचेह हबीबीआज़ाद, बीबीसी मॉनिटरिंग

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने एक बयान में आईआरजीसी ऑपरेशन के डिप्टी कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अब्बास निलफोरुशन के इसराइली हमले में मारे जाने की पुष्टि की है.

    इस बयान में अब्बास निलफोरुशन की मौत पर आईआरजीसी की जवाबी कार्रवाई का कोई ज़िक्र नहीं है. हालांकि आईआरजीसी ने लेबनान में इसराइली कार्रवाई की आलोचना की है.

    आईआरजीसी ने इससे पहले कई बार हमास नेता इस्माइल हानिया की मौत का बदला लेने की बात कही थी. इस्माइल हानिया की जुलाई के अंत में तेहरान में हत्या कर दी गई थी.

    बयान में आईआरजीसी ने अब्बास निलफोरुशन को अपना "लेबनान में सैन्य सलाहकार" बताया.

    बयान में "रेसिस्टेंस फ्रंट” और ईरान की रक्षा में निलफोरुशन की भूमिका की तारीफ़ की गई.

    अली ज़ाहेदी के बाद निलफोरुशन को 2019 में आईआरजीसी के डिप्टी ऑपरेशन्स के तौर पर नियुक्त किया गया था. इससे पहले वो आईआरजीसी की कमांड एंड स्टाफ यूनिवर्सिटी के प्रमुख थे.

  12. नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कम से कम 120 लोगों की मौत, एलेक्स फिलिप्स, बीबीसी न्यूज़, संजय ढकाल, बीबीसी नेपाली

    नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से अभी तक कम से कम 120 लोगों की मौत हो गई है.

    दो दिनों की भारी बारिश के बाद काठमांडू के आसपास के इलाके पानी में डूबे हुए हैं. दर्जनों लोग अभी भी लापता हैं.

    लोग घरों की छतों पर फँसे हुए हैं. नदी के पास के इलाकों में कई घर सैलाब में डूबे गए हैं. कई हाईवे भी जाम हैं.

    हालांकि मंगलवार तक बारिश जारी रहने का अनुमान है. लेकिन रविवार को मौसम में कुछ सुधार की उम्मीद की जा रही थी.

    नेपाल की सरकार के मुताबिक- ''अभी तक तीन हज़ार से ज़्यादा लोगों को बचाया जा चुका है. बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है.''

  13. हसन नसरल्लाह की मौत के बाद भी लेबनान में इसराइली हमले जारी

    हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की मौत के बाद भी लेबनान में इसराइल के हमले जारी हैं.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लेबनान के दक्षिणी भाग में कम से कम 6 लोग मारे गए हैं. हिज़्बुल्लाह के गढ़ माने जाने वाली बेका घाटी में भी 9 लोगों के मारे जाने की खबर है.

    वहीं इसराइली सेना का कहना है कि उसने एक ड्रोन को रोका है.

    इसराइल का कहना है कि उत्तरी इलाक़े में सीमापार से गोलीबारी हो रही है. इसी के साथ-साथ वो दक्षिणी हिस्से से भी खतरे का सामना कर रहा है.

    इसराइल डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने बताया है कि रेड सी से इसराइल के दक्षिणी हिस्से की तरफ आ रहे एक ड्रोन को रोका गया है.

    शनिवार को इसराइल ने कहा था कि यमन से हूती विद्रोहियों ने भी इसराइल की ओर मिसाइल दागी थी जिसे रोकने में वो कामयाब हुए थे. हूती विद्रोही समूह को ईरान का समर्थन मिला हुआ है और वो इसराइल को अपना दुश्मन मानते हैं.

    रॉयटर्स और एएफपी समाचार एजेंसियों के मुताबिक- शनिवार की मिसाइल को इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के हवाई अड्डे पर आने के समय दागा गया था.

    आईडीएफ ने ये भी बताया है कि लेबनान की तरफ से आठ और हमले इसराइल की तरफ किए गए हैं. कुछ ही समय पहले इसराइल के उत्तरी हिस्से में सायरन के ज़रिए इसे लेकर चेतावनी भी दी गई है.

  14. मोहम्मद यूसुफ़ ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के सिलेक्टर पद से दिया इस्तीफ़ा

    पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के सिलेक्टर मोहम्मद यूसुफ़ ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि वो व्यक्तिगत कारणों से ये इस्तीफ़ा दे रहे हैं.

    उन्होंने लिखा, “मैं व्यक्तिगत कारणों से पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सिलेक्टर पद से इस्तीफ़े की घोषणा करता हूं. ऐसी अविश्वसनीय टीम की सेवा करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान रहा है और मुझे पाकिस्तान क्रिकेट के विकास और सफलता में योगदान देने पर गर्व है.”

    “मुझे हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा और भावना पर पूरा भरोसा है और हमारी टीम को शुभकामनाएं देता हूं कि वो शीर्ष पर पहुंचने के लिए कोशिशें जारी रखें.”

  15. कोसी बैराज में 56 साल में जलस्तर सबसे ज़्यादा, बिहार के कई इलाक़े बाढ़ से प्रभावित

    नेपाल में भारी बारिश की वजह से रविवार सुबह 5 बजे वीरपुर के कोसी बैराज से साढ़े छह लाख क्यूसेक से ज़्यादा पानी छोड़ा गया है. यह बीते 56 साल में पानी की सबसे बड़ी मात्रा है.

    इसकी वजह से बिहार में कोसी के किनारे बसे कई इलाक़ों में बाढ़ के हालात बन गए हैं और लोग सुरक्षित ठिकानों की तरफ पलायन कर रहे हैं.

    कोसी नदी को 'बिहार का शोक' भी कहा जाता है, इसमें पहले भी कई विनाशकारी बाढ़ आ चुकी हैं.

    कोसी के इलाक़े में अभी भी कई लोग घरों में फंसे हुए हैं और उन्हें बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीम काम कर रही है.

    भारी बारिश के बाद नेपाल की बागमती नदी में पानी का स्तर बहुत बढ़ा हुआ है.

    कोसी और गंडक बैराज पर 27 सितंबर की शाम पानी का अलर्ट जारी किया गया था. हालांकि सुबह पांच बजे के बाद कोसी और गंडक बैराज पर पानी कम हो रहा है.

    कोसी रैंज के डीआईजी मनोज कुमार ने बीबीसी को बताया है, "इस बार अच्छी बात यह रही कि डिपार्टमेंट के सारे पूर्वानुमान सही रहे हैं. हमने कई इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है. कुछ लोग अपने घर को नहीं छोड़ पाए हैं, वो कॉल कर रहे हैं. इसके लिए एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीम लगी हुई है."

    उन्होंने बताया है कि सुबह पांच बजे यहां पानी अधिकतम स्तर तक पहुंच गया था, जो अब कम हो रहा है. इसमें सुपौल के दो-तीन थाना क्षेत्र ज़्यादा प्रभावित हैं, जिनमें मरौना, बिशनपुर से इलाक़ों से लोगों की कॉल आ रही है.

    मनोज कुमार के मुताबिक़ नदी की धार अभी काफ़ी तेज़ है जिसकी वजह से उन इलाक़ों में नाव नहीं जा पा रही है.

    इस बीच, बिहार में कुछ इलाकों में बाढ़ की आशंका पर आरजेडी सांसद मीसा भारती ने कहा है, "टेलीविजन के माध्यम से हम लोगों ने देखा कि कोसी का जो बैराज है, उसके सारे गेट खोल दिए गए हैं, और पानी का स्तर काफ़ी ऊपर है.’"

    "अगर कोई बाढ़ की स्थिति पैदा होती है तो हम उम्मीद करते हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री, और जितने मंत्री और संबंधित पदाधिकारी हैं, वो तैयार बैठे होंगे."

  16. दिल्ली में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी की मौत, कार ने बाइक को सड़क पर 10 मीटर तक घसीटा

    दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल को बीती रात दिल्ली के नांगलोई इलाके़ में एक कार ने सड़क पर 10 मीटर तक घसीटा, जिसके बाद पुलिसकर्मी की मौत हो गई.

    डीसीपी आउटर दिल्ली पुलिस जिमी चिराम ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में घटना की जानकारी दी है.

    डीसीपी ने बताया, “दिल्ली पुलिस के कॉन्सटेबल संदीप 2018 बैच के पुलिसकर्मी थे और नांगलोई पुलिस स्टेशन इलाके में तैनात थे. ये देर रात करीब सवा दो बजे की घटना है."

    "संदीप अपनी बाइक पर ड्यूटी पर गश्त के लिए निकले थे. वीणा एनक्लेव के पास वो जब बाएं मुड़े तो एक कार को क्रॉस किया. उन्होंने उस कार को रुकने के लिए कहा. पर इसके बाद कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी और सड़क पर दस मीटर तक घसीटा. इस बीच संदीप की एक और कार से टक्कर हुई और उन्हें सिर पर गहरी चोटें आईं."

    "मुझे लगता है कि इसी कारण उनकी मौत हुई लेकिन बाकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी. उस कार को हमने ज़ब्त कर लिया है. घटनास्थल की भी हमने जांच कर ली है. पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है.”

  17. हसन नसरल्लाह की मौत के बाद ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाने की मांग की

    हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की मौत के बाद ईरान ने संयुक्त राष्ट्र संघ के सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाने की मांग की है.

    संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत आमिर इरवानी ने परिषद के 15 सदस्यों को पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनके देश के राजनयिक परिसर या किसी राजदूत पर किसी भी तरह का हमला होता है, तो तेहरान इसे बर्दाश्त नहीं करेगा.

    इरवानी ने कहा, ‘‘ईरान इंटरनेशनल लॉ के तहत अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने में बिल्कुल संकोच नहीं करेगा. राष्ट्र और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सभी मामलों की रक्षा के लिए ईरान हर संभव क़दम उठाएगा.’’

    इरवानी ने कहा, ‘‘हम सुरक्षा परिषद से अपील करते हैं कि इसराइल के ख़िलाफ़ ‘निर्णायक फ़ैसला’ ले, ताकि ईरान खुद को युद्ध में धकेले जाने की स्थिति को टाल सके."

    ईरान लंबे समय से हिज़्बुल्लाह को आर्थिक और सैन्य तौर पर मदद करता रहा है.

    इससे पहले, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई ने कहा था कि नसरल्लाह की मौत ऐसा मामला नहीं है, जिसका बदला नहीं लिया जाएगा.

  18. हसन नसरल्लाह को लेकर महबूबा मुफ़्ती के चुनाव प्रचार रोकने पर बीजेपी ने क्या कहा?

    पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की इसराइली हमले में मौत के बाद रविवार के लिए अपनी चुनावी सभाएं रद्द कर दी हैं.

    महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को एक्स पर लिखा, “मैं लेबनान और ग़ज़ा के शहीदों के साथ, खास़तौर पर हसन नसरल्लाह के साथ एकजुटता में खड़ी हूं. इस कारण मैं कल के लिए अपनी चुनावी प्रचार रद्द कर रही हूं. इस दुख की घड़ी में हम फ़लस्तीन और लेबनान के लोगों के साथ खड़े हैं.”

    इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई हैं. इसको लेकर बीजेपी महबूबा मुफ्ती पर हमलावर है.

    बीजेपी नेता कवींद्र गुप्ता ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “हसन नसरल्लाह की मौत से महबूबा मुफ्ती को इतना दर्द क्यों हो रहा है? जब बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम होता है तब इनकी आवाज़ बंद हो जाती है.”

    “इसराइल पर हमले करने वाला हिज़्बुल्लाह कमांडर अगर मारा जाता है तो ये एक दिन के लिए प्रचार बंद कर देती हैं. ये घड़ियाली आंसू हैं, लोग इनकी मंशा समझते हैं. जिस आदमी ने पूरी दुनिया में आतंक फैलाया था उसका मरना ही ठीक है.”

    बीजेपी नेता अल्ताफ़ ठाकुर की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा, “वैसे ते दुनिया में कहीं भी जंग नहीं होनी चाहिए. लेकिन महबूबा मुफ्ती यहां मज़हबी कार्ड खेल रही हैं. ये उनका चुनावी स्टंट है. यहां के मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने के लिए उन्होंने ये कार्ड खेला है.”

  19. छत्तीसगढ़ में आईईडी ब्लास्ट में पांच सीआरपीएफ़ जवान हुए घायल, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर ज़िले में संदिग्ध माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ़ के पाँच जवान घायल हुए हैं.

    यह विस्फोट उस समय हुआ, जब सुरक्षाबलों के जवान एक नक्सल ऑपरेशन के लिए निकले हुए थे.

    पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, “शनिवार को तर्रेम क्षेत्र के अंतर्गत चिन्नागेलुर सीआरपीएफ़ कैम्प से जवानों का एक दल डिमाइनिंग ड्यूटी पर निकला था. तर्रेम और गुंडम के बीच, एक आईईडी बरामद किया गया. इस आईईडी को निष्क्रिय करने के दौरान ग़लती से इसमें विस्फोट हो गया. जिसमें पाँच जवान घायल हुए हैं.”

    पुलिस के अनुसार घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए ज़िला मुख्यालय लाया जा रहा है.

    बस्तर में आईईडी निष्क्रिय करते समय कई बार सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने के मामले सामने आए हैं.

    हाल के दिनों में ऐसे वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें सुरक्षाबल के जवान, बिना किसी सुरक्षा इंतज़ाम के डंडे से सड़क के नीचे दबाए विस्फोटकों को निकालने की कोशिश करते हुए नज़र आ रहे हैं.

    इसी तरह से बिना सुरक्षा इंतज़ाम के विस्फोटक निकालने के दौरान कई लोगों की मौत भी हो चुकी है.

    पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बीबीसी से कहा कि ताज़ा घटना किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी जाँच की जाएगी.

  20. उदयनिधि स्टालिन को तमिलनाडु का उपमुख्यमंत्री बनाने पर बीजेपी क्या बोली

    तमिलनाडु बीजेपी के उपाध्यक्ष नारायणन तिरुपति ने राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन को उपमुख्यंत्री बनाने पर राज्य सरकार पर हमला बोला है.

    पिछले साल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन की 'सनातन धर्म' पर टिप्पणी पर काफ़ी विवाद हुआ था. उस वक़्त भी वो बीजेपी नेताओं के निशाने पर थे.

    उस वक़्त द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) नेता और तमिलनाडु सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने 'सनातन धर्म को मिटाने' के मुद्दे को लेकर हो रहे एक सम्मेलन में कहा था, ''सनातन धर्म मलेरिया, डेंगू की तरह है जिसे मिटाना ज़रूरी है.''

    नारायणन तिरुपति का कहना है, “हम इससे इनकार नहीं करते हैं कि मंत्री या उपमुख्यमंत्री नियुक्त करना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है, लेकिन उदयनिधि स्टालिन में उपमुख्यमंत्री बनने की परिपक्वता नहीं है, बल्कि वो तो मंत्री बनने के लिए भी परिपक्व नहीं हैं."

    नारायणन तिरुपति ने उदयनिधि स्टालिन के 'सनातन' पर दिए गए बयान का ज़िक्र करते हुए कहा है कि ऐसे व्यक्ति तो उपमुख्यमंत्री बनाया जाना तमिलनाडु सरकार की बात है.

    ख़बरों के मुताबिक़ उदयनिधि आज यानी रविवार को शपथ लेंगे. इस दिन राज्य सरकार में बनाए गए कुछ अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे.

    नारायण तिरुपति के अलावा बीजेपी प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने भी सवाल किया है कि क्या उदयनिधि को सनातन पर दिए गए उनके बयान का पुरस्कार दिया गया है.

    इससे पहले शनिवार को तमिलनाडु सरकार ने मंत्रिमंडल में फेरबदल का फैसला लिया, जिसमें कुछ चेहरों की मंत्री के तौर पर वापसी हुई है.