कुश्ती छोड़ने को लेकर अब क्या बोलीं विनेश फोगाट

पेरिस ओलंपिक में कुश्ती इवेंट के फाइनल मुकाबले से पहले अयोग्य करार दिए जाने के बाद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कुश्ती को अलविदा कहने का एलान किया था.

सारांश

  • हिज़बुल्लाह की ओर से इसराइल पर किए गए हमले का हूती विद्रोहियों और हमास ने किया समर्थन
  • टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया है. यह बांग्लादेश की पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में पहली जीत है
  • उत्तरी पाकिस्तान में एक बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है. एक अन्य हादसे में दक्षिण पश्चिमी पाकिस्तान में 12 लोगों की मौत हुई है
  • जन सुराज के मुखिया प्रशांत किशोर ने कहा, 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी उनकी पार्टी
  • विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से जातिगत जनगणना की बात दोहराई है
  • मैसेंजिंग ऐप टेलीग्राम के फ़ाउंडर और मालिक पावेल दुरोव को फ़्रांस की पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है

लाइव कवरेज

सौरभ यादव

  1. ...तो अब मुझे यानी सौरभ यादव को अनुमति दीजिए. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ आपसे फिर मिलेंगे.

    जाने से पहले एक नज़र डालते हैं दिन की बड़ी ख़बरों पर. इन ख़बरों को आप दिए गए लिंक या बीबीसी हिंदी डॉट कॉम पर जाकर विस्तार से भी पढ़ सकते हैं.

    - रविवार सुबह इसराइल ने हिज़बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर लेबनान में हवाई हमले किए. इसके बाद हिज़बुल्लाह ने जवाबी कार्रवाई में 300 से ज़्यादा रॉकेट और ड्रोन दाग़े. इसराइल और हिज़बुल्लाह के एक दूसरे पर हमलों पर हमास और हूती विद्रोहियों ने क्या प्रतिक्रिया दी, अमेरिका ने क्या कहा? जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    - नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) में सुधारों की लंबे समय से चल रही मांग के बीच शनिवार को केंद्र सरकार ने यूनिफ़ाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) को मंज़ूरी दी. दोनों पेंशन योजनाओं में क्या अंतर है और यूपीएस को लेकर क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट और कर्मचारी यूनियन. यह जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - असम के धींग इलाके़ में नाबालिग़ के साथ हुए कथित गैंगरेप के बाद वहां की महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं. शहर में दुकानें बंद करा दी गई हैं. सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सुरक्षा की मांग कर रही हैं. वहीं दूसरी तरफ मामले के एक अभियुक्त को दफ़नाने के लिए ज़मीन देने से उसके गांव वालों ने इनकार कर दिया है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें.

    - कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त को पुलिस ग़िरफ़्तार कर चुकी है. लेकिन घटना के बाद से ही आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप कुमार घोष पर आरोप लगते रहे हैं. कौन हैं संदीप कुमार घोष, ये जानने के लिए लिंक पर क्लिक कर पढ़िए पूरी ख़बर.

  2. कुश्ती छोड़ने को लेकर अब क्या बोलीं विनेश फोगाट

    विनेश फोगाट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय पहलवान विनेश फोगाट

    पेरिस ओलंपिक में कुश्ती इवेंट के फाइनल मुकाबले से पहले अयोग्य करार दिए जाने के बाद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कुश्ती को अलविदा कहने का एलान किया था.

    पेरिस ओलंपिक से वापस आने के बाद विनेश फोगाट का देश में भव्य स्वागत किया गया था.

    अब उन्होंने कुश्ती में अपने भविष्य को लेकर एक बार फिर से टिप्पणी की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने कहा, "मेरे मन में विचार चल रहा है, क्योंकि किसी भी खिलाड़ी के लिए खेल छोड़ना आसान नहीं होता, मेरे लिए भी आसान नहीं है.”

    उन्होंने कहा, “मेरे साथ जो हुआ उससे मैं भावनात्मक रूप से टूट गई हूं. मेरा शरीर काम कर रहा है लेकिन मानसिक रूप से मैं टूट चुकी हूं.”

    विनेश फोगाट ने कहा, “जिस दिन मैं शांत होकर, अपने आप के साथ बैठूंगी तो शायद मैं अपना भविष्य तय कर सकूंगी कि क्या करना है.”

  3. इसराइल पर हमले के बाद हिज़बुल्लाह के प्रमुख ने जारी किया बयान

    हिज़बुल्लाह के प्रमुख शेख़ हसन नसरल्लाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हिज़बुल्लाह के प्रमुख शेख़ हसन नसरल्लाह

    इसराइल ने हिज़बुल्लाह के कई ठिकानों को निशाना बनाकर लेबनान में हवाई हमले किए हैं. वहीं हिज़बुल्लाह ने इसराइल पर 300 रॉकेट दागने का दावा किया.

    हिज़बुल्लाह के प्रमुख शेख़ हसन नसरल्लाह ने कहा है कि समूह ने अपने कमांडर फौद शुक्र की हत्या का बदला लिया है, हालांकि इसका बदला लेने में उसे कई कारणों से देर हो गई.

    उन्होंने कहा, "हिज़बुल्लाह ने 110 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद इसराइली सेना के एक ठिकाने को निशाना बनाया. ये जगह तेल अवीव से डेढ़ किलोमीटर दूर है."

    उन्होंने दावा किया कि सभी ड्रोन इसराइली हवाई क्षेत्र में घुसने में सफल रहे.

    उन्होंने कहा कि रविवार के हमले में हिज़बुल्लाह ने सटीक मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल नहीं किया लेकिन ज़रूरत पड़ने पर बाद में उन्हें तैनात कर सकता है.

    हसन नसरल्लाह ने कहा, "हिज़बुल्लाह ने इसराइल के रिहायशी क्षेत्रों और उसके बुनियादी ढांचे को निशाना न बनाकर हत्या का बदला लेने का निर्णय लिया है."

  4. बिन्यामिन नेतन्याहू ने हिज़बुल्लाह पर किए हमले को लेकर कहा- यह कहानी का अंत नहीं

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि रविवार को इसराइल की ओर से हिज़बुल्लाह पर किए गए हमले उसके सैन्य अभियान में “कहानी का अंत नहीं” हैं.

    कैबिनेट बैठक के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि हम हिज़बुल्लाह पर अचानक हमले कर रहे हैं. यह इसराइल के उत्तर में स्थिति को बदलने और नागरिकों को सुरक्षित उनके घर वापस लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

    प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि इसराइली सेना ने नागरिकों और सैनिकों को निशाना बनाकर दागे गए रॉकेटों को तबाह कर दिया है.

    उन्होंने कहा कि देश के मध्य भाग को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले को भी नाकाम कर दिया गया है.

  5. हिज़बुल्लाह के हमलों का हूती विद्रोहियों और हमास ने किया समर्थन

    इसराइल की तरफ से हिज़बुल्लाह पर दागे गए रॉकेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल की तरफ से हिज़बुल्लाह पर दागे गए रॉकेट

    इसराइल ने हिज़बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर लेबनान में हवाई हमले किए हैं.

    वहीं हिज़बुल्लाह ने इसराइल पर 300 रॉकेट दागने का दावा किया.

    हमास ने कहा है कि वह हिज़बुल्लाह की तरफ से इसराइल पर किए हमले का स्वागत करता है.

    टेलीग्राम पर हमास की तरफ से जारी बयान में इसराइल के अंदर किए गए इस हमले की प्रशंसा की गई है. हमले को "प्रमुख प्रतिक्रिया" बताया गया है.

    हमास ने कहा कि वरिष्ठ कमांडर फौद शुक्र के मारे जाने के बाद वह हिज़बुल्लाह की इस मज़बूत कार्रवाई की सराहना करता है.

    बयान में कहा गया है कि फ़लस्तीन और लेबनान के लोगों के खिलाफ की गई आपराधिक कार्रवाई को बख्शा नहीं जाएगा.

    इस बीच हिज़बुल्लाह की मीडिया की ओर से टेलीग्राम पर किए गए पोस्ट में हिज़बुल्लाह के दो लड़ाकों के मारे जाने की पुष्टि की गई है.

    हूती विद्रोहियों ने हिज़बुल्लाह की कार्रवाई का किया समर्थन

    यमन के हूती विद्रोहियों ने हिज़बुल्लाह की तरफ से इसराइल पर की गई इस कार्रवाई को साहसिक बताया है.

    ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इसराइल की ओर से यमन के एक बंदरगाह पर किए हमले के जवाब में हमला शुरू करने की धमकी दी है.

    इसराइल ने कहा है कि उसकी ओर से वो हमला हूती विद्रोहियों की तरफ से तेल अवीव में किए गए ड्रोन हमले के जवाब में किया गया था.

  6. इसराइल के हमलों के बीच लेबनान के प्रधानमंत्री ने बुलाई आपात बैठक

    लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती

    इसराइली हमलों के बीच लेबनान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने मंत्रियों के साथ आपात बैठक की है.

    लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक देश के दक्षिणी भाग की स्थिति पर चर्चा करने के लिए लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मकाती ने मंत्रियों के साथ आपात बैठक की है.

    बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मकाती ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि वह बढ़ती स्थिति को रोकने के लिए लेबनान के मित्रों के साथ लगातार संपर्क में हैं.

    उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि लेबनान ग़ज़ा में युद्धविराम के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करता है.

  7. महिला कलाकार के आरोपों के बाद निर्देशक रंजीत ने केरल चलचित्र अकादमी से दिया इस्तीफ़ा, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    निर्देशक रंजीत ने केरल चलचित्र अकादमी के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफ़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, निर्देशक रंजीत ने केरल चलचित्र अकादमी के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफ़ा

    एक बांग्ला अभिनेत्री सहित अन्य महिला अभिनेत्रियों की ओर से एक निर्देशक और अभिनेता पर 'अनुचित व्यवहार' और 'यौन उत्पीड़न' के आरोप लगाए गए थे.

    इसके बाद दो प्रमुख मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के संगठनों के प्रमुखों पर गाज गिरी है.

    जस्टिस हेमा की अगुवाई वाली समिति की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में महिला कलाकारों, सहायक निर्देशकों, जूनियर कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अन्य लोगों के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न और भेदभाव के आरोपों की पुष्टि की गई है.

    बांग्ला अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा ने मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत पर आरोप लगाया था कि एक साल पहले मुलाक़ात के दौरान रंजीत ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था.

    इन आरोपों के बाद मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत ने केरल चलचित्र अकादमी के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. उन्होंने संस्कृति मंत्री शाजी चेरियन को अपना इस्तीफ़ा सौंपा.

    ऑडियो बयान में रंजीत ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया और कहा कि इस मामले में “असली पीड़ित” वो खुद हैं.

    उन्होंने कहा, “यहां पर वो (अभिनेत्री श्रीलेखा) शिकारी है और मैं शिकार हूं. अगर वो कोई क़ानूनी कार्रवाई करती हैं तो मैं उसका सामना उसी तरह से करूंगा.”

    हेमा कमेटी की रिपोर्ट भारत के किसी भी भाषा के फ़िल्म उद्योग में महिलाओं के काम के हालात के बारे में पहली रिपोर्ट है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हेमा कमेटी की रिपोर्ट भारत के किसी भी भाषा के फ़िल्म उद्योग में महिलाओं के काम के हालात के बारे में पहली रिपोर्ट है

    यूथ कांग्रेस, बीजेपी और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ़) सरकार में सहयोगी सीपीआई की नेता एनी राजा ने निर्देशक रंजीत के इस्तीफ़े की मांग की थी.

    केरल यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष अबिन वारके ने बीबीसी हिंदी को बताया कि बांग्ला अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा ने मामला न दर्ज कराने का निर्णय लिया था, जिसके बाद मैंने जांच शुरू करने और कार्रवाई करने के लिए डीजीपी से शिकायत की.

    उन्होंने बताया कि “मैंने जस्टिस हेमा की रिपोर्ट में किए गए खुलासों की जांच के लिए और रंजीत का समर्थन करने के लिए संस्कृति मंत्री शाजी चेरियन के ख़िलाफ़ भी इसी तरह की शिकायत डीजीपी से की थी.''

    केरल सरकार के मंत्री एमबी राजेश ने बीबीसी हिंदी को बताया कि सरकार क़ानूनी प्रक्रिया का पालन करेगी और पीड़ितों को न्याय दिलाएगी.

    मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का रुख़ साफ है. उनका कहना है कि अगर कोई पीड़िता शिकायत दर्ज कराने के लिए सामने आती हैं तो सरकार ये सुनिश्चित करेगी कि उन्हें न्याय मिले.

  8. बिहार में 243 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर (फाइल फोटो)

    चुनाव रणनीतिकार और जन सुराज अभियान के मुखिया प्रशांत किशोर ने 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है.

    प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पार्टी जन सुराज 2025 में बिहार में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

    उन्होंने कहा, “पार्टी की ओर से कम से कम 40 महिला उम्मीदवार खड़ी होंगी.”

    उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में 2030 में कम से कम 70-80 महिलाओं को प्रशिक्षित करके उनके पीछे अपनी ताकत, बुद्धि, शक्ति और व्यवस्था लगाकर उन्हें नेत्री बनाने का अभियान शुरू किया गया है.

    प्रशांत किशोर ने कहा, “ये कोई महिला प्रकोष्ठ की बैठक नहीं है. यह महिलाओं को सही मायने में नेत्री बनाने का प्रयास है.”

    उन्होंने कहा है कि जब तक महिलाओं को आर्थिक आज़ादी नहीं मिलेगी तब तक उनकी भागीदारी समाज में समानता के आधार पर नहीं हो सकती. इसलिए जन सुराज का जो पूरा अभियान है, वह सबसे पहले महिलाओं को विधानसभा में जिताकर पहुंचाएगा.

    प्रशांत किशोर ने कहा कि 2025 में जब जन सुराज की सरकार बनेगी तो साल भर के अंदर बिहार से किसी भी बच्चे, बेटे, पति, पिता और किसी के भाई को मजबूरी में 10-12 हज़ार रुपये के रोज़गार के लिए बिहार छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा.

    उन्होंने कहा है, “हमने इसका पूरा ब्लू प्रिंट जारी किया है और उस पर आज महिलाओं की सहमति ली गई है.”

  9. इसराइल और लेबनान के बीच बढ़े तनाव को लेकर अमेरिका ने क्या कहा

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन

    इसराइल के हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर हमला करने के बाद से उसका लेबनान के साथ तनाव बढ़ा हुआ है.

    इसराइल ने हिज़बुल्लाह के कई ठिकानों को निशाना बनाकर लेबनान में हवाई हमले किए हैं. वहीं हिज़बुल्लाह ने इसराइल पर 300 रॉकेट दागने का दावा किया.

    लेबनान और इसराइल के बीच चल रहे ताज़ा तनाव को लेकर अमेरिका ने प्रतिक्रिया दी है.

    व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति बाइडन इसराइल और लेबनान के बीच चल रहे घटनाक्रम पर नज़र बनाए हुए हैं.

    वो शाम से ही राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के संपर्क में हैं.

    राष्ट्रपति जो बाइडन के निर्देश पर वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी इसराइल में अपने समकक्षों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं.

    व्हाइट हाउस की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है, “हम इसराइल का उसकी रक्षा करने में लगातार समर्थन और क्षेत्र में स्थिरता लाने के लिए काम करते रहेंगे."

  10. कौन हैं इसराइल पर हमले करने वाला हिज़बुल्लाह समूह

    ड्रिल करते हिज़बुल्लाह समूह के लड़ाके

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ड्रिल करते हिज़बुल्लाह समूह के लड़ाके

    हिज़बुल्लाह लेबनान में ईरान से समर्थन प्राप्त शिया इस्लामी राजनीतिक पार्टी और अर्द्धसैनिक संगठन है. वर्ष 1992 से इसकी अगुवाई हसन नसरल्लाह कर रहे हैं. इस नाम का मायने ही अल्लाह का दल है.

    1980 के दशक की शुरुआत में लेबनान पर इसराइली कब्ज़ें के दौरान ईरान की वित्तीय और सैन्य सहायता से हिज़बुल्लाह का उदय हुआ.

    हिज़बुल्लाह के नेता शेख़ हसन नसरल्लाह ने दावा किया है कि समूह के पास 100,000 लड़ाके हैं, हालांकि स्वतंत्र अनुमान के अनुसार लड़ाकों की संख्या 20,000 और 50,000 के बीच है.

    दक्षिणी इसराइल पर हमास के हमले बाद से इसराइल और हिज़बुल्लाह के बीच क्रॉस बॉर्डर फायरिंग जारी है. हमास के हमले में 1200 लोगों की मौत हुई थी और 240 लोगों को बंधक बना लिया गया था.

    इसके बाद से इसराइल ने ग़ज़ा पर हमला कर दिया था. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हमले में अब तक लगभग 40 हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.

    हिज़बुल्लाह पर वर्षों से इसराइली और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए बमबारी और षड्यंत्र रचने का आरोप लगता रहा है. पश्चिमी देश, इसराइल, अरब खाड़ी देशों और अरब लीग हिज़बुल्लाह को 'आतंकवादी' संगठन मानते हैं.

    हिज़बुल्लाह समूह के बारे में अधिक जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  11. बांग्लादेश ने पाकिस्तान को टेस्ट मैच में हराकर रचा इतिहास

    बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हराया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हराया

    पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही टेस्ट क्रिकेट सिरीज़ के पहले मैच में बांग्लादेश ने मेज़बान देश को हराकर इतिहास रच दिया है.

    दोनों देशों के बीच ये मैच पाकिस्तान के रावलपिंडी के क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया.

    बांग्लादेश की टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान पर यह पहली जीत है.

    इससे पहले दोनों देशों के बीच खेले गए 13 मैच में से पाकिस्तान ने 12 मैच में जीत दर्ज की थी जबकि एक मैच ड्रॉ हो गया था.

    पाकिस्तान को हराने के साथ ही अब भारत और दक्षिण अफ़्रीका की टीमें ही बची हैं जिन पर बांग्लादेश ने अभी तक टेस्ट मैच में जीत हासिल नहीं की है.

    दोनों देशों के बीच खेले जा रहे इस मैच में पाकिस्तान ने पहली पारी में बल्लेबाज़ी करते हुए छह विकेट के नुक़सान पर 448 रन बनाए थे.

    जवाब में बल्लेबाज़ी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 565 रन बनाए. बांग्लादेश की पहली पारी ख़त्म होने के बाद उसके पास 117 रन की लीड थी.

    दूसरी पारी खेलने उतरी पाकिस्तान की टीम महज़ 146 रन ही बना पाई और बांग्लादेश को जीत के लिए 30 रन का लक्ष्य दिया.

    बांग्लादेश ने दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी करते हुए 6.3 ओवर में 30 रन बनाकर दस विकेट से मैच जीत लिया.

    पाकिस्तान की ओर से पहली पारी में बल्लेबाज़ी करते हुए सऊद शकील (141) और मोहम्मद रिज़वान (171) ने शतकीय पारी खेली.

    बांग्लादेश की ओर से पहली पारी में मुशफिकुर रहीम ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 191 रन बनाए थे और उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

  12. ताज़ा हमलों को लेकर अब तक क्या बोले इसराइल और हिज़बुल्लाह, मध्य-पूर्व से बीबीसी संवाददाता ह्यूगो बाचेगा

    इसराइल ने हिज़बुल्लाह पर किए हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने हिज़बुल्लाह पर किए हमले

    हिज़बुल्लाह के वरिष्ठ सैन्य कमांडर फौद शुक्र के मारे जाने के बाद, लगभग एक महीने से लेबनान, इसराइल और पूरे क्षेत्र को हिज़बुल्लाह की जवाबी कार्रवाई का इंतज़ार था.

    इसी साल जुलाई के आख़िर में अगस्त महीने की शुरूआत में लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाके़ दाहिया में स्थित एक रिहायशी इमारत पर इसराइल की ओर से किए गए हमले में फौद शुक्र की मौत हुई थी.

    फौद शुक्र की मौत के बाद हिज़बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह ने जवाबी कार्रवाई का वादा किया था.

    रविवार को हिज़बुल्लाह ने कहा है कि उसने पहले चरण की जवाबी कार्रवाई में रॉकेट और ड्रोन से हमले किए हैं. हिज़बुल्लाह ने अपने इस हमले को सफल बताया है.

    समूह के नेता नसरल्लाह रविवार को इस संबंध में एक भाषण देंगे जिस पर बीबीसी बारीक़ नज़र रख रहा है. उम्मीद की जा रही है कि उनके भाषण से समूह की आगे की कार्रवाई के बारे में पता चलेगा.

    वहीं इसराइल का कहना है कि उसने हिज़बुल्लाह की योजनाओं को विफल करते हुए, सुबह-सुबह उस पर हमला किया है.

    इसराइली सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि हिज़बुल्लाह के कुछ निशाने मध्य इसराइल में थे. हालांकि ये टारगेट हिज़बुल्लाह के हमले से अछूते रहे हैं.

    इसराइली सेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर दिया बयान
    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर कहा कि रविवार सवेरे उसने 100 लड़ाकू विमानों की मदद से उत्तर और केंद्रीय इसराइल पर हुए हमलों का मुक़ाबला किया. सेना ने कहा कि उसने हिज़बुल्लाह के 40 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है.

    रविवार हुए ताजा हमलों से हिज़बुल्लाह और इसराइल के बीच और अधिक तनाव बढ़ने की चिंता को बढ़ा दिया है. अभी तक इसराइल और हिज़बुल्लाह के बीच की कार्रवाई सीमावर्ती इलाकों तक ही सीमित रही है.

    रविवार सुबह इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के एक बार फिर कहा है कि देश के उत्तरी इलाके़ में विस्थापित किए गए लोगों को फिर से बसाने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं.

    उन्होंने कहा, "जो भी हमें नुक़सान पहुंचाने की कोशिश करेगा, हम उसे नुक़सान पहुंचाएंगे."

    ये हमले तब हुए हैं जब ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के समझौते के प्रयास जारी हैं. लड़ाई में वृद्धि के बावजूद ये उम्मीद की जा रही है कि वार्ता बाद में भी जारी रहेगी.

    वीडियो कैप्शन, इसराइली सेना ने कहा- उनके लड़ाकू विमान हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर हमला कर रहे हैं.
  13. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तानः अलग-अलग हादसों में 30 से अधिक लोगों की हुई मौत

    पाकिस्तान में बस हादसे में कई लोगों की हुई मौत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में बस हादसे में कई लोगों की हुई मौत

    उत्तरी पाकिस्तान में एक बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है.

    अधिकारियों के मुताबिक़ ये घटना पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर और पंजाब प्रांत के बॉर्डर पर स्थित आज़ाद पत्तन क़स्बे के पास हुई है.

    बीबीसी की उर्दू सेवा से बात करते हुए पुंछ के डिप्टी कमिश्नर सरदार वहीद ने कहा है कि बस में ड्राइवर समेत 23 लोग सवार थे, जिनमें 19 पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल था.

    उनके मुताबिक़ सभी लोगों की मौके़ पर ही मौत हो गई जबकि उनके शवों को कहोटा अस्पताल ले जाया गया है.

    दक्षिण पश्चिमी पाकिस्तान में हुई एक अन्य दुर्घटना में ईरान से धार्मिक यात्रा करके लौट रहे 12 लोगों की मकरान तटीय हाइवे पर हुए हादसे में मौत हो गई.

    इस घटना में बस के ब्रेक फेल होने के बाद ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई.

    रविवार को हुई इन दो दुर्घटनाओं से कुछ दिन पहले ही पड़ोसी देश ईरान में हुई एक बस दुर्घटना में 8 पाकिस्तानी श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी.

  14. इसराइली हमले में लेबनान में तीन लोगों की हुई मौत

    इसराइल ने लेबनान में हिज़बुल्लाह के ठिकानों को बनाया निशाना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने लेबनान में हिज़बुल्लाह के ठिकानों को बनाया निशाना

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश के दक्षिणी इलाके में इसराइल की ओर से किए गए हमले में तीन लोगों की मौत हुई है.

    इसराइल ने हिज़बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर लेबनान में हमले किए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि लेबनान के दक्षिणी शहर ख़ियाम में एक कार पर हमले में एक व्यक्ति की जान गई है.

    एक अलग बयान में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि तिरि गांव में इसराइल की ओर से किए गए हमले में दो लोगों की मौत हुई है.

    इसके बारे में और अधिक जानकारी नहीं दी गई है.

    इससे पहले हिज़बुल्लाह ने हमले में शिया अमल आंदोलन के एक सेनानी की मौत की पुष्टि की थी.

    हिज़बुल्लाह और इसराइल के बीच इस समय तनाव बढ़ा हुआ है.

    इसराइल ने हिज़बुल्लाह के कई ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए हैं.

    वहीं हिज़बुल्लाह ने इसराइल पर तीन सौ रॉकेट दागने का दावा किया है.

  15. नमस्कार

    अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    आज भारत समेत दुनिया की कुछ अहम ख़बरों पर हमारी नज़र है. इसी लाइव पेज में इनमें से कुछ ख़बरें आप नीचे की तरफ़ जाकर पढ़ भी सकते हैं.

    इसराइली सेना ने लेबनान में हिज़बुल्लाह के ठिकानों के ऊपर हमला कर दिया है. अगर आप इसराइल के इस ताज़ा हमले के पीछे की वजहों को जानना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करें.

    केंद्र सरकार ने यूनिफ़ाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) का एलान किया है. ऐसे में आपके मन में भी इस योजना से जुड़े कई तरह के सवाल हो सकते हैं. अपने सभी सवालों के जवाब के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    भारतीय अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर पिछले कई दिनों से स्पेस में ही फंसे हुए हैं. अब नासा ने बताया है कि वे कब और कैसे धरती पर वापस आएंगे. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    विवेचना में आप पढ़ सकते हैं सम्राट अशोक की कहानी. जिन्होंने अंग्रेज़ों से भी हज़ारों साल पहले भारत के सबसे बड़े हिस्से पर राज किया था. पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    इससे आगे अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक दिनभर की दूसरी बड़ी ख़बरें लाइव पेज के ज़रिए पहुंचाते रहेंगे.

  16. इसराइली हमले को लेकर लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय और सरकारी मीडिया ने क्या कहा

    इसराइल का लड़ाकू विमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल का लड़ाकू विमान

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इसराइली हमले में अभी तक एक व्यक्ति की मौत हुई है. इसके अलावा दो लोग घायल हुए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि लेबनान के दक्षिणी शहर ख़ियाम में एक कार पर हमले में एक व्यक्ति की जान गई है.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, "दक्षिणी लेबनान के शहरों पर आज सुबह हुए इसराइली हमले में दो लोग घायल हुए हैं. इनमें से एक व्यक्ति सीरिया का नागरिक है."

    वहीं लेबनान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी (एनएनए) ने बताया है कि, इसराइली विमानों ने ऐन काना, कफ़र फ़िला, लौइज़ेह, बसालिया और कफ़र मेल्की के शहर के बाहरी इलाक़ोंऔरचकिफ़ कैसल को निशाना बनाया है.

    इसके अलावा इसराइल ने कथित तौर पर बीर कल्ब इलाक़े के साथ-साथ साजद, कफ़र फ़िला और सरबा के शहरों के बाहरी इलाकों को भी निशाना बनाया है.

    वहीं इसराइल का कहना है कि “लेबनान स्थित आतंकवादी समूह हिज़बुल्लाह” उन पर बड़े स्तर पर हमले की तैयारी कर रहा था. इसे रोकने के लिए उसने आत्मरक्षा में हमला किया है.

    हिज़बुल्लाह का कहना है कि उसने इसराइल के उत्तरी भाग में 11 सैन्य स्थलों को निशाना बनाकर 320 से अधिक रॉकेट दागे हैं.

  17. यूपीएस और राहुल गांधी के जातिगत जनगणना वाले बयान पर क्या बोले जीतनराम मांझी

    जीतन राम मांझी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जीतन राम मांझी (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्र सरकार की यूनिफ़ाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) की बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में मंत्री जीतनराम मांझी ने तारीफ़ की है.

    उन्होंने कहा, “इस योजना से 25 लाख कर्मचारियों को फ़ायदा मिलेगा. अगर राज्य सरकारें इसे मंज़ूर कर देती हैं तो 90 लाख कर्मचारियों को फ़ायदा होगा. यह एक ऐतिहासिक कदम है.”

    राहुल गांधी के जातिगत जनगणना के दावों पर उन्होंने कहा, “पहले राहुल गांधी सत्ता में आएं तब वे जातिगत जनगणना कराएंगे. अभी वे सपना देख रहे हैं.”

    वहीं चंपाई सोरेन के एनडीए के साथ आने के सवाल पर जीतनराम मांझी ने कहा कि 'हम चंपाई सोरेन का स्वागत करते हैं. जो उनके साथ हुआ वही हमारे साथ भी हुआ था. लेकिन यह उनका फ़ैसला होगा.'

    वहीं दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने यूनिफ़ाइड पेंशन स्कीम की आलोचना में कहा, “देश की तमाम विपक्षी पार्टियां जो कह रही थीं वो सही था. हम जनता की आवाज़ बुलंद कर रहे थे.”

    उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झूठे घमंड में सरकारी मुलाज़िमों को दबा रही थी. मुझे लगता है कि भारतीय सेना में जाने के लाखों लोगों के सपने को तोड़ने वाले अग्निवीर के फैसले को भी ये सरकार वापस लेगी.

  18. इसराइल में 48 घंटे के लिए लगाई गई इमरजेंसी, पीएम नेतन्याहू आपात बैठक में क्या बोले

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने तेल अवीव में इमरजेंसी नेशनल सिक्योरिटी मीटिंग को संबोधित किया है.

    अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “हम अपने देश की रक्षा करने और निवासियों को सुरक्षित रूप से उनके घरों तक वापस लाने के लिए सब कुछ करने के लिए तैयार हैं. जो कोई भी हमें चोट पहुंचाने की कोशिश करेगा, हम उसे चोट पहुंचाएंगे.”

    नेतन्याहू ने यह भी कहा कि हमारी सेना ने इसराइल पर हमला करने के लिए हिज़बुल्लाह की तैयारी का पता लगाने के लिए दिन-रात काम किया है.

    इसराइली प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सेना की तैयारी के चलते हम हिज़बुल्लाह के हज़ारों रॉकेटों को नष्ट करने में सफल हो पाए हैं.

    हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर हमले के मद्देनज़र इसराइल में एहतियातन 48 घंटे के लिए इमरजेंसी लगा दी गई है.

  19. विराट कोहली ने शिखर धवन के रिटायरमेंट पर लिखा एक भावुक संदेश

    विराट कोहली और शिखर धवन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली और शिखर धवन (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शिखर धवन के रिटायरमेंट पर एक एक्स पोस्ट के ज़रिए अपनी प्रतिक्रिया साझा की है.

    कोहली ने लिखा, “अपने शानदार डेब्यू से लेकर भारत के सबसे भरोसेमंद ओपनर बनने तक आपने हमें अनगिनत यादें दी हैं.”

    विराट ने शिखर के लिए लिखा कि खेल के प्रति आपका जुनून, आपकी खेल भावना और आपकी खास मुस्कान हमेशा याद आएगी, लेकिन आपकी विरासत हमेशा जिंदा रहेगी.

    पूर्व भारतीय कप्तान ने अपने साथी खिलाड़ी को याद करते हुए लिखा, “यादों, कभी ना भूल सकने वाले प्रदर्शन और हमेशा दिल से नेतृत्व करने के लिए धन्यवाद. मैदान से बाहर, आपकी अगली पारी के लिए शुभकामनाएं गब्बर.”

    शनिवार को पूर्व भारतीय क्रिकेट बल्लेबाज़ शिखर धवन ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों ही क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी.

  20. पेरिस पैरालंपिक में रवाना होने से पहले भारतीय खिलाड़ियों ने क्या कहा

    भारतीय पैरालंपिक कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय पैरालंपिक कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    पेरिस में ओलंपिक के आयोजन के बाद अब 28 अगस्त से पैरालंपिक खेल समारोह की शुरुआत होने वाली है.

    पैरालंपिक खेल समारोह में रवाना होने से पहले भारतीय खिलाड़ियों और पैरालंपिक कमेटी के अध्यक्ष ने मीडिया से बात की.

    भारतीय पैरालंपिक कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने एएनआई से कहा, “मैं हर खिलाड़ी को निजी तौर पर जानता हूं. मैं अपने खिलाड़ियों की मेहनत के आधार पर यह कह सकता हूं कि हम 25 से ज़्यादा मेडल जीतेंगे और भारत टॉप 20 में रहेगा. हमारे सभी खिलाड़ी मेडल के दावेदार हैं.”

    वहीं समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए साक्षी कसाना ने कहा, “किसी भी खिलाड़ी का यह सपना होता है कि उसे ओलंपिक या पैरालंपिक में हिस्सा लेने का मौक़ा मिले.”

    साक्षी ने कहा कि 'मैं उत्साहित हूं. मैंने इसके लिए बहुत मेहनत भी की है. मैं लगातार चार साल से इसके लिए ट्रेनिंग कर रही थी.'

    साक्षी पेरिस पैरालंपिक खेलों में डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

    वहीं शॉर्ट पुट प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी सचिन किलहारी ने कहा, “यह मेरा पैरालंपिक डेब्यू है. मेरी वर्ल्ड चैंपियनशिप भी अच्छी रही है. उम्मीद है कि मैं गोल्ड जीतूंगा. मेरे कोच, पैरलंपिक कमेटी और मेरे फ़ीज़ियो सभी ने मेरा बहुत साथ दिया है.”