एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या

शनिवार की देर रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट में उन पर कई राउंड फायरिंग की गई. इसके बाद उन्हें गंभीर स्थिति में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया जा रहा है कि उन्हें छाती पर गोलियां लगी थीं.

सारांश

  • दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर रहे जीएन साईबाबा का शनिवार शाम को हैदराबाद के निम्स अस्पताल में निधन हो गया है.
  • तमिलनाडु ट्रेन हादसा: रेलवे ने कहा 13 अक्तूबर सुबह तक पूर्ण रूप से बहाल हो जाएगी रेलवे लाइन.
  • शनिवार को आरएसएस ने 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है.
  • गुजरात: मेहसाणा के जासलपुर गांव में एक निजी कंपनी की दीवार गिरने से छह लोगों की मौत हो गई है.
  • बांग्लादेश में पूजा मंडप पर हमले और मंदिर से चोरी के मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या

    बाबा

    इमेज स्रोत, Baba Siddique/X

    एनसीपी (अजीत पवार गुट) नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.

    शनिवार की देर रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट में उन पर कई राउंड फायरिंग की गई. इसके बाद उन्हें गंभीर स्थिति में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया जा रहा है कि उन्हें छाती पर गोलियां लगी थीं.

    उन पर उस समय हमला किया गया जब वो अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर जा रहे थे. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मुताबिक़, इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.

    इसी साल फरवरी में कांग्रेस छोड़कर बाबा सिद्दीकी एनसीपी (अजीत पवार गुट) में शामिल हुए थे. वो पिछले 48 साल से कांग्रेस में थे.

    घटना के बारे में जानकारी देते हुए सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, ''बाबा सिद्दीकी पर जानलेवा हमला हुआ था, उनकी मृत्यु हो गई. यह एक दुखद घटना है. दो आरोपी गिरफ्तार हैं, एक फरार है. कमिश्नर ने मुझे बताया है कि तीसरे आरोपी को भी जल्द पकड़ा जाएगा. एक आरोपी हरियाणा का है और एक उत्तर प्रदेश का.''

  2. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक्त आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को अनुमति दीजिए. हमने इस पेज के माध्यम से भारत समेत देश दुनिया की अहम ख़बरें आप तक पहुंचाने की कोशिश की.

    इसके अलावा बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर भी कुछ ख़ास रिपोर्ट्स प्रकाशित की गई हैं. आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके दिनभर की कुछ महत्वपूर्ण ख़बरें पढ़ सकते हैं.

    दशहरे (विजयादशमी) के मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नागपुर स्थित मुख्यालय में संघ प्रमुख मोहन भागवत का दिया भाषण इस समय राजनीतिक गलियारों में चर्चा में है. विजयादशमी पर मोहन भागवत के भाषण की तीन बातें और उनके राजनीतिक मायने. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    लेबनान पर इसराइल के ज़मीनी हमले को दो सप्ताह पूरे होने वाले हैं, जबकि मध्यपूर्व में इसराइल का युद्ध दूसरे साल में प्रवेश कर चुका है. इसराइल के लेबनान में हमले से नेतन्याहू के अगले कदम के बारे में क्या पता चलता है? खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    भारत में एक दंपति का कहना है कि वे ख़ुश हैं क्योंकि अदालत ने अस्पताल को उनके मर चुके बेटे के जमे हुए सीमन (वीर्य) का सैंपल उन्हें सौंपने का आदेश दिया है ताकि वे सरोगेसी की मदद से एक बच्चे को जन्म दे सकें. मर चुके बेटे का स्पर्म हासिल करने के लिए चार साल तक चली क़ानूनी लड़ाई का मामला. मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    जम्मू कश्मीर चुनाव में हार के बाद क्या होगा पीडीपी और इंजीनियर रशीद का सियासी भविष्य? पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  3. जीएन साईबाबा का निधन, सर्जरी के बाद उभरी जटिलताओं के चलते अस्पताल में थे भर्ती

    जीएन साईबाबा
    इमेज कैप्शन, जीएन साईबाबा (फ़ाइल फोटो)

    दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर रहे जीएन साईबाबा का शनिवार शाम को हैदराबाद के निम्स अस्पताल में निधन हो गया. उन्होंने शाम आठ बजकर 36 मिनट में अंतिम सांस ली.

    जानकारी के मुताबिक़ साईबाबा अस्पताल में भर्ती थे. बीते महीने उनके गॉल ब्लैडर हटाने की सर्जर हुई थी जिसके बाद उभरी जटिलताओं के सिलसिले में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनका दिल काम नहीं कर रहा था.

    डॉक्टर उन्हें सीपीआर दे रहे थे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. इसके बाद निम्स के डॉक्टरों ने साईबाबा के निधन की घोषणा कर दी.

    उनकी पत्नी वसंता ने एक बयान जारी किया है जिसमें उन्होंने बताया है, "पिछले महीने 28 सितंबर को हैदराबाद के निम्स अस्पताल में पित्ताशय निकालने के सफल ऑपरेशन के बाद साईबाबा स्वस्थ हो गए थे."

    "लेकिन उनके पेट में दर्द की शिकायत हुई. ऑपरेशन के छह दिन बाद पेट के अंदर उस जगह संक्रमण शुरू हो गया, जहां पित्ताशय को हटाकर स्टंट लगाया गया था."

    "पिछले एक हफ़्ते से साईबाबा को 100 डिग्री फ़ारेनहाइट से अधिक बुखार और पेट में तेज दर्द हो रहा था. वो डॉक्टर की निगरानी में थे."

    "इसके बाद 10 अक्तूबर को साईबाबा के पेट में जहां सर्जरी की गई थी वहां से मवाद निकाला गया. इसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था."

    "पेट में सूजन के कारण उन्हें काफी दर्द था. सर्जरी वाली जगह के पास इंटर्नल ब्लीडिंग हो रही थी, जिससे पेट में सूजन आ गई और उनका ब्लड प्रेशर कम हो गया था."

    "शनिवार को उनका हार्ट काम नहीं कर रहा था, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर दिया लेकिन साईबाबा की जान नहीं बच सकी."

    कौन थे जीएन साईबाबा?

    जीएन साईबाबा

    इमेज स्रोत, Sushil Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जीएन साईबाबा (फ़ाइल फोटो)

    जीएन साईबाबा दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफ़ेसर थे, जिन्हें साल 2014 में गै़रक़ानूनी गतिविधियां रोकथाम क़ानून (यूएपीए) के तहत गिरफ़्तार किया गया था.

    उन पर माओवादी संगठनों के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया गया था.

    साल 2017 में उन्हें दोषी क़रार देते हुए अदालत ने उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई थी लेकिन 14 अक्तूबर 2022 को बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच ने जीएन साईबाबा को रिहा कर दिया.

    24 घंटे के अंदर ही 15 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस बेला त्रिवेदी की विशेष बेंच ने हाई कोर्ट के फ़ैसले को पलट दिया था.

    सुप्रीम कोर्ट का मानना था कि साईबाबा समेत अन्य अभियुक्त ‘राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता के ख़िलाफ़ बेहद गंभीर अपराध के दोषी हैं.’

    इस साल पांच मार्च को बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच ने उन्हें एक बार फिर बरी कर दिया और कहा कि इंटरनेट से कम्युनिस्ट या नक्सल साहित्य डाउनलोड करना या किसी विचारधारा का समर्थक होना यूएपीए अपराध के तहत नहीं आता है.

    इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने एक बार फिर साईबाबा की रिहाई के बॉम्बे हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया था.

  4. दशहरा के मौके पर क्या बोले उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे

    एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे

    दशहरा के मौके पर मुंबई में शिव सेना के दोनों गुटों की सभाएं आयोजित हुई हैं.

    शिवाजी पार्क में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे ने कहा है, "अमित शाह महाराष्ट्र आए और कहा कि इस बार केवल महायुति, लेकिन 2019 में उन्होंने कुछ और कहा था.”

    उद्धव ठाकरे ने कहा, "मैं सिर्फ खुद के लिए नहीं लड़ रहा हूं, आप सब के लिए लड़ रहा हूं. उन्होंने धारावी को अदानी को बेच दिया और धारावी के लोग समस्याओं का सामना कर रहे हैं."

    उद्वव ठाकरे ने कहा है, "मैं आपको विश्वास दिलाता हूं और वादा करता हूं कि जब हम सत्ता में आएंगे तो इस प्रोजेक्ट को रद्द कर देंगे."

    वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने आज़ाद मैदान में आयोजित दशहरा के कार्यक्रम में कहा है, "हमारी सरकार ने धारावी प्रोजेक्ट शुरू किया है और धारावी के लोगों मैं आपको यह बता दूं कि विपक्ष चाहे जो कहे हमारी सरकार अच्छे घर देने जा रही है."

    उन्होंने कहा है, "महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनने जा रही है. मराठी भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने के लिए मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं."

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, भारतीय बल्लेबाज़ों का आतिशी प्रदर्शन, बांग्लादेश को दिया 298 रनों का लक्ष्य

    सैमसन ने 111 रन और सूर्यकुमार यादव ने 75 रन बनाए

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सैमसन ने 111 रन और सूर्यकुमार यादव ने 75 रन बनाए

    तीसरे टी20 मैच में भारतीय बल्लेबाज़ों की शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत ने बांग्लादेश के आगे 298 रनों का लक्ष्य रखा है.

    भारत ने पूरे 20 ओवरों में 6 विकेट के नुक़सान पर 297 रन बनाए.

    भारत की ओर से सबसे अधिक 111 रन संजू सैमसन ने बनाए. इसके लिए उन्होंने 47 गेंदें खेलीं.

    वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंदों में 75 रन बनाए.

    संजू सैमसन ने 40 गेंदों में शतक बनाया. ये भारत की ओर से टी20 क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज़ शतक है.

  6. दशहरा के मौक़े पर कश्मीरी पंडितों को लेकर क्या बोले फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

    फारूक अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मीडिया से बात करते हुए फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

    जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुखिया फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा है कि कश्मीरी पंडितों को वापस आना चाहिए.

    दशहरा पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने ये बातें कही हैं.

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा है, "वक्त आ गया है कश्मीरी पंडितों को घर वापस आना चाहिए और जल्द ही वापस आना चाहिए."

    उन्होंने कहा है, "हमारी तरफ से सारी पहल होगी. हम सिर्फ कश्मीरी पंडितों के बारे में नहीं सोचते हैं बल्कि हम जम्मू के लोगों के बारे में भी सोचते हैं."

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा है, "जम्मू के लोगों के साथ भी हमें अच्छा बर्ताव करना है उनको महसूस होना चाहिए कि नेशनल कॉन्फ्रेंस की हुकूमत उनकी दुश्मन नहीं है."

    उन्होंने कहा है, "हम भारतीय हैं और यहां हम सबको साथ लेकर चलना चाहते हैं."

  7. संजू सैमसन ने भारत की ओर से जड़ा दूसरा सबसे तेज़ टी20 शतक

    संजू सैमसन

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे तीसरे टी20 मैच में भारतीय बल्लेबाज़ों ने शानदार बल्लेबाज़ी की है.

    भारत की ओर से बल्लेबाज़ी करने उतरे संजू सैमसन ने 40 गेंदों पर शतक बनाया है. ये उनका पहला टी20 शतक है जबकि भारत की ओर से किसी बल्लेबाज़ का ये दूसरा सबसे तेज़ शतक है. पहला सबसे तेज़ शतक रोहित शर्मा के नाम है जो उन्होंने 35 गेंदों में बनाया था.

    नौवें ओवर में सैमसन ने लगातार पांच गेंदों पर पांच छक्के भी लगाए.

    पहला विकेट गिरने के बाद बल्लेबाज़ी करने आए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी विस्फोटक पारी खेली है. उन्होंने संजू सैमसन का भरपूर साथ दिया.

    भारतीय प्लेइंग स्क्वॉड-

    संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नितिश रेड्डी, हार्दिक पांडया, रियान पराग, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और मयंक यादव.

  8. हरियाणा: सीएम नायब सैनी ने कहा 17 अक्तूबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह

    नायब सैनी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हरियाणा के सीएम नायब सैनी

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि 17 अक्तूबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा.

    नायब सैनी ने कहा है, "17 अक्तूबर को प्रधानमंत्री से समय मिला है. उससे पहले हमारे विधायक दल की बैठक होगी."

    उन्होंने कहा है, "17 तारीख को हरियाणा में शपथ ग्रहण समारोह होगा, उसमें हमारे ऑब्जर्वर आएंगे. ऑब्जर्वर विधायकों से बात करेंगे और जो भी विधायकों का निर्णय होगा वो सर्वोपरी है."

    नायब सैनी ने कहा है, “कांग्रेस भ्रष्टाचार के अंदर फंसी हुई पार्टी है. वो झूठ का सहारा लेकर सत्ता में आना चाहते थे. लोग अब उनके चेहरे को जान चुके हैं कि वो झूठ बोलते हैं.”

  9. बांग्लादेश के ख़िलाफ़ तीसरे टी20 मैच में भारत ने टॉस जीतकर किया बल्लेबाज़ी का फैसला

    अभ्यास के दौरान भारतीय खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभ्यास के दौरान भारतीय खिलाड़ी

    भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरे टी20 मैच का टॉस हो चुका है. टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया है.

    तीन टी20 मैचों की इस सिरीज़ में भारत पहले ही बांग्लादेश को दो मैचों में हराकर सिरीज़ अपने नाम कर चुका है.

    भारतीय प्लेइंग इलेवन-

    संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्या कुमार यादव (कप्तान), नितिश रेड्डी, हार्दिक पांडया, रियान पराग, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और मयंक यादव

    बांग्लादेश प्लेइंग इलेवन-

    परवेज हुसैन इमोन, लिटन दास (विकेटकीपर), नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), तंजीद हसन, तौहीद हृदोय, महमुदुल्लाह, मेंहदी हसन, तस्कीन अहमद, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान और तंजीम हसन साकिब.

    इससे पहले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मैच भारत ने 86 रनों से जीत हासिल की थी.

  10. मध्य प्रदेश: पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह के बेटे का वीडियो वायरल, पुलिसकर्मी के मुंह पर छोड़ रहे सिगरेट का धुआं, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    विक्रम आदित्य सिंह

    इमेज स्रोत, Viral Video

    इमेज कैप्शन, वायरल वीडियो में आदित्य विक्रम सिंह

    मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों से सांसद रहे लक्ष्मण सिंह के बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भतीजे आदित्य विक्रम सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो पुलिसकर्मी के मुंह पर सिगरेट का धुंआ छोड़ते दिख रहे हैं.

    शनिवार 12 अक्टूबर की सुबह गुना ज़िले से एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें आदित्य विक्रम सिंह गुना के राघौगढ़ के कनारा बैंक तिराहे पर पुलिस से बहस करते हुए दिख रहे हैं.

    पुलिस स्थानीय कॉलेज के बच्चों के साथ मिलकर महिलाओं की सुरक्षा एवं महिलाओं के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन करवा रही थी. तभी आदित्य विक्रम सिंह ने कार्यक्रम को रुकवाकर पुलिस से बदतमीज़ी की.

    वायरल वीडियो में आदित्य विक्रम सिंह नुक्कड़ नाटक कर रहे छात्र छात्राओं को वहां से चले जाने को कहते हुए दिखाई दे रहे हैं.

    इस मामले में गुना पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है जिसमें लिखा है, “पुलिस जेपी कॉलेज के बच्चों के साथ मिलकर महिलाओं की सुरक्षा पर एक नुक्कड़ नाटक आयोजित करवा रही थी. इसी दौरान पूर्व सांसद एवं पूर्व चाचौडा विधायक लक्ष्मण सिंह के पुत्र आदित्य विक्रम सिंह द्वारा शासकीय कार्य में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक रवि भिलाला से कार्यक्रम करने के विरोध में बहस की है”

    पुलिस ने एफआईआर में आगे लिखा है, “आदित्य विक्रम सिंह की ओर से कहा गया कि कोई कार्यक्रम नहीं होगा सभी को हटाओ और कार्यक्रम के बीच में आकर सभी बालक बालिकाओं को नुक्कड़ सभा बन्द करने के लिए कहा. मुझ थाना प्रभारी की तरफ से समझाए जाने पर उन्हें धक्का दिया गया और अन्य स्टाफ को भी अपशब्द कहे गए और अभद्रता पूर्वक व्यवहार किया गया”.

  11. तमिलनाडु में हुई दो ट्रेनों की टक्कर के बाद कब रेल यातायात होगा बहाल?

    रेलवे लाइन को ठीक करने में जुटे कर्मी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रेलवे लाइन को ठीक करने में जुटे कर्मी

    शुक्रवार की रात चेन्नई के पास एक पैसेंजर ट्रेन के खड़ी मालगाड़ी से टकराने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में पैसेंजर ट्रेन के 13 डिब्बे पटरी से उतर गए थे.

    इस ट्रेन हादसे की जांच करने के लिए जांच दल घटनास्थल पर पहुंच गया है. रेलवे लाइन को ठीक करने के लिए भी तेज़ी के साथ काम किया जा रहा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ इस रेल हादसे में अभी तक 19 लोगों के घायल होने की ख़बर है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने रेलवे के हवाले से कहा है कि लाइन को ठीक करने के लिए तेज़ी से काम किया जा रहा है. 13 अक्तूबर की सुबह तक लाइन को ठीक कर दिया जाएगा.

    पीटीआई के अनुसार रेलवे ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. रेलवे ने कहा कि कावराईपेट्टई में चार लाइनों को अप लाइन और अप लूप लाइन को आज रात बहाल किए जाने की उम्मीद है, जबकि दो अन्य लाइनों को कल सुबह तक ठीक किए जाने की उम्मीद है.

  12. गुजरात: मेहसाणा में दीवार गिरने से 6 लोगों की हुई मौत, प्रधानमंत्री ने जताया दुख

    घटनास्थल पर जारी राहत एवं बचाव कार्य

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, घटनास्थल पर जारी राहत एवं बचाव कार्य

    गुजरात के मेहसाणा ज़िले के कड़ी तालुका के जासलपुर गांव में एक निजी कंपनी की दीवार गिरने से छह लोगों की मौत हो गई है.

    मेहसाणा की ज़िला विकास अधिकारी (डीडीओ) हसरत जैसमीन ने मामले की पूरी जानकारी दी है.

    डीडीओ ने बताया है कि कड़ी तालुका के जासलपुर गांंव के पास में एक निजी कंपनी में यह घटना हुई है.

    उन्होंने बताया है कि दोपहर के 12:45 के आसपास यह हादसा हुआ है. दीवार धसने से 9-10 लोग दब गए थे. जिसमें आठ पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं.

    डीडीओ ने बताया है कि अभी तक 6 शवों को बरामद किया गया है. 19 साल के एक लड़के को ज़िंदा बचाया गया है.

    उन्होंने कहा है कि 'अनुमान के मुताबिक अभी 2-3 लोग और मलबे में दबे हुए हैं. भगवान से हम यही दुआ कर रहे हैं वो लोग जीवित मिलें.'

    घटना पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख

    मेहसाणा में हुई इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री के कार्यालय ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर ट्वीट कर दुख जताया है.

    प्रधानमंत्री ने कहा है, “गुजरात के मेहसाणा में दीवार गिरने से हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है. इसमें जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं हैं.”

    उन्होंने कहा है, “ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहन करने का संबल प्रदान करे. इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की देख-रेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटा है.”

    पीएमओ कार्यालय ने कहा है, “गुजरात के मेहसाणा में हुए हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये दिए जाएंगे. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे."

  13. आरएसएस के 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर प्रधानमंत्री मोदी ने ये कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

    अगले साल 2025 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे हो जाएंगे. शनिवार को आरएसएस ने 100वें वर्ष में प्रवेश किया है, जिसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा है, “राष्ट्र सेवा में समर्पित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानि आरएसएस आज अपने 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है.”

    उन्होंने कहा है, “अविरल यात्रा के इस ऐतिहासिक पड़ाव पर समस्त स्वयंसेवकों को मेरी हार्दिक बधाई और अनंत शुभकामनाएं. मां भारती के लिए यह संकल्प और समर्पण देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करने के साथ ही ‘विकसित भारत’ को साकार करने में भी नई ऊर्जा भरने वाला है.”

    इससे पहले विजयदशमी के अवसर पर नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया था.

  14. हरियाणा चुनाव पर ओवैसी के बयान पर क्या बोले कांग्रेस और बीजेपी नेता

    रवि किशन और पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रवि किशन और पवन खेड़ा

    हरियाणा चुनाव में कांग्रेस की हार पर एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर राजनीतिक बयानबाज़ियों का दौर शुरू हो गया है.

    एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा था, “मोदी जी हरियाणा का इलेक्शन गलती से जीत गए. लेकिन मैं तो वहां पर नहीं था. वरना लोग बोलते हम उनकी ‘बी टीम’ हैं.”

    ओवैसी के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा है, "हम अगर संघ समर्थित भाजपा की ब्रैंड पॉलिटिक्स के ख़िलाफ हैं. कोई भी जो धर्म को आगे रखकर पॉलिटिक्स करेगा हम उसके ख़िलाफ रहेंगे. हम बार बार कहते हैं कि यह देश संविधान से चलेगा."

    वहीं बीजेपी नेता रवि किशन ने कहा है, "झूठ हमेशा हारेगा, सच को हरा नहीं सकते और सच मोदी जी हैं. झूठ परोसा गया था लोकसभा के चुनाव में. झूठ की और काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती है.

    उन्होंने कहा है, "सपा के और कांग्रेस के सांसदों को खोजा जा रहा है कि कहां हैं और उनका कोई पता नहीं है. वहां की जनता त्राहिमाम कर रही है."

    रवि किशन ने कहा है, "झूठ को भारत पहचान गया है एक बार लोकसभा के चुनाव में धोखा हो चुका है."

    उन्होंने कहा है, "असदुद्दीन ओवैसी जो भी बोल रहे हैं, क्यों बोल रहे हैं और उनके दिमाग में क्या चल रहा है उनका खेला वही जानें. लेकिन एक प्रधान सेवक को हरा पाना, एक फकीर को हराना असंभव है."

  15. बांग्लादेश में पूजा मंडप पर हमले और मंदिर से चोरी के मामले पर भारत ने ये कहा

    बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन करते हुए हिंदू समुदाय के लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन करते हुए हिंदू समुदाय के लोग (फाइल फोटो)

    बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों में चोरी और उनको क्षति पहुंचाने के मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है

    ढाका पुलिस के अनुसार बांग्लादेश में इस महीने चल रही दुर्गा पूजा समारोह से जुड़ी करीब 35 घटनाओं के बाद 17 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है, "हमने ढाका के तांतीबाज़ार में पूजा मंडप पर हुए हमले और सतखिरा में जेशोरेश्वरी काली मंदिर में हुई चोरी की घटना को गंभीरता के साथ नोट किया है."

    मंत्रालय के बयान में कहा गया है, "यह बहुत ही खेदजनक घटनाएं हैं. हमने कई दिनों से देखा है कि व्यवस्थित पैटर्न का पालन करते हुए मंदिरों और देवताओं को क्षति पहुंचाई जा रही है."

    विदेश मंत्रालय ने कहा है, "हम बांग्लादेश सरकार से हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करते हैं."

  16. हरिद्वार: जेल में रामलीला के दौरान दो कैदी भागे, जांच जारी

    हरिद्वार के डीएम करमेंद्र सिंह

    इमेज स्रोत, Screen Grab/ANI

    इमेज कैप्शन, हरिद्वार के डीएम करमेंद्र सिंह

    उत्तराखंड के हरिद्वार में बीती रात दो कैदी जेल से भाग गए हैं. यह घटना उस वक्त की है जब जेल में रामलीला चल रही थी.

    ज़िला मैजिस्ट्रेट करमेंद्र सिंह ने बताया कि जेल में रामलीला चल रही थी इसी दौरान पंकज और रामकुमार नाम के कैदी भागे हैं.

    उन्होंने कहा, “पंकज हत्या का दोषी है और रामकुमार पर अपहरण और फिरौती का मामला चल रहा है. जेल में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसकी वजह से सीढ़ी रखी हुई थी.”

    “जेल में रामलीला चल रही थी, जिसकी वजह से पूरा स्टाफ रामलीला में व्यस्त था और कैदी भी रामलीला देख रहे थे. इस मौके का फायदा उठाते हुए दोनों कैदियों ने सीढ़ी और अपने अन्य सामान का इस्तेमाल करते हुए भाग गए.”

    ज़िला मैजिस्ट्रेट ने कहा है कि “यह निश्चित तौर पर जेल प्रशासन की लापरवाही है. एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है. साथ ही विभागीय जांच और मैजिस्ट्रियल जांच भी कराई जाएगी.”

    इस मामले को लेकर एसएसपी प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि “पुलिस चेकिंग कर रही है और निर्धारित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. जल्द ही इनको खोजकर जो भी वैधानिक कार्रवाई है वो करेंगे.”

    उन्होंने बताया कि “भागा हुआ कैदी पंकज, प्रवीण वाल्मीकि गैंग से जुड़ा हुआ है.”

  17. भारत बनाम बांग्लादेश: तीसरे टी-20 मैच में क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम

    पहले टी-20 मैच के दौरान भारतीय टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पहले टी-20 मैच के दौरान भारतीय टीम

    भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरा टी-20 मुक़ाबला शनिवार की शाम सात बजे से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा.

    तीन टी-20 मैचों की सिरीज़ भारत पहले ही 2-0 से जीत चुका है. अगर भारत यह आख़िरी मैच भी जीत जाता है तो वह इस सिरीज़ को क्लीन स्वीप कर लेगा.

    इससे पहले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मैच भारत ने 86 रनों से जीत हासिल की थी.

    वहीं पहले टी-20 मैच को भी भारत ने सात विकेट से जीता था. यह मैच छह अक्तूबर को ग्वालियर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था.

    टी-20 सिरीज़ से पहले भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ भी हुई थी. उसे भारत ने क्लीन स्वीप किया था.

  18. नमस्कार

    अब तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक दिन की अहम ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    आप हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं. अभी तक की कुछ महत्वपूर्ण ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - इसराइल के लेबनान में हमले से नेतन्याहू के अगले कदम के बारे में क्या पता चलता है?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - ढाई घंटे हवा में चक्कर लगाकर इमरजेंसी लैंडिंग करने वाले विमान के पायलट और क्रू की इतनी चर्चा क्यों?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - हरियाणा: अब क्या होगा भूपेंद्र सिंह हुड्डा का सियासी भविष्य?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - राम मनोहर लोहिया से महात्मा गांधी ने जब सिगरेट छोड़ने के लिए कहा- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, जबालिया रिफ़्यूजी कैंप पर इसराइली हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत

    इसराइली हमले में घायल हुई बच्ची

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुक्रवार को पूरे ग़ज़ा पट्टी में इसराइली हमले में मारे गए लोगों की संख्या 61 हो गई है.

    इसराइल ने ग़ज़ा पर एक और हमला किया है, जिसमें कम से कम 20 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

    यह ताज़ा हमला शुक्रवार को उत्तरी ग़ज़ा के जबालिया ज़िले और रेफ़्यूज़ी कैंप पर किया गया था.

    हालांकि समाचार एजेंसी एफ़पी के अनुसार, मरने वालों की संख्या 30 तक पहुंच गई है.

    हमास संचालित सिविल डिफ़ेंस एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि स्थानीय समयनुसार रात के 9 बजकर 40 मिनट पर हवाई हमला हुआ. उस वक़्त मरने वालों की संख्या 12 थी जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.

    उत्तरी ग़ज़ा में सिविल डिफ़ेंस एजेंसी के निदेशक अहमद अल-ख़ालूत ने कहा कि अलग-अलग हमलो में 18 लोगों की जान गई है.

    ये हमले आठ अलग-अलग स्कूलों पर किए गए जहां पर शरणार्थियों के लिए कैंप बने हुए थे.

    वहीं ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पतालों में ईंधन के लिए एक ‘अर्जेंट कॉल’ जारी किया है. इसका मतलब यह है कि ग़ज़ा के अस्पतालों को तत्काल ईंधन उपलब्ध कराए जाने की ज़रूरत है.

    एक टेलीग्राम पोस्ट में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि "घायलों और बीमार लोगों की जान बचाने के लिए तत्काल तौर पर ईंधन की ज़रूरत है है, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए."

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने उत्तरी ग़ज़ा से लोगों को खाली करने का आदेश जारी किया है जिसके बाद बड़ी संख्या में विस्थापित बाहर निकल रहे हैं.

    डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (एमएसएफ़) ने कहा है कि जबालिया रेफ़्यूजी कैंप में हज़ारों लोग फंसे हुए ह ैं.

    एमएसएफ़ की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर ने एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा है कि किसी को भी अंदर या बाहर जाने की इजाज़त नहीं दी जा रही है.

    एमएसएफ़ के ड्राइवर हैदर भी कैंप में फंसे हुए हैं और उन्होंने कहा, "मुझे यहां डर लग रहा है और मैं बाहर निकलने को लेकर भी डरा हुआ हूं."

    इसराइली सेना ने एक सप्ताह पहले इस इलाक़े पर फिर से हमला करना शुरू किया था. उसका दावा है कि जबालिया के पास हमास के फिर से इकट्ठा होने को लेकर सैन्य अभियान चलाया जा रहा है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने स्वास्थ्यकर्मियों के हवाले से कहा कि शुक्रवार को पूरे ग़ज़ा पट्टी में इसराइली मिलिटरी के हमलों में 61 लोग मारे गए हैं.

  20. हरियाणा चुनाव में हम नहीं गए फिर कैसे जीत गए मोदी: असदुद्दीन औवेसी

    असदुद्दीन ओवैसी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी (फ़ाइल फ़ोटो)

    हैदराबाद के सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए- इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने हरियाणा चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, “मोदी जी हरियाणा का इलेक्शन गलती से जीत गए. लेकिन मैं तो वहां पर नहीं था. वरना लोग बोलते हम उनकी ‘बी टीम’ हैं. ”

    ओवैसी ने बिना नाम लिए ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “वे हार गए वहां (हरियाणा) पर. उन लोगों को समझ नहीं आ रहा कि शेरवानी, सर पर टोपी और भड़काऊ भाषण देने वाला तो नहीं आया तो हम कैसे हार गए. मैं उन लोगों से कहना चाह रहा हूं कि मोदी को अगर हराना है तो आपको सबको साथ लेकर चलना होगा. आप अकेले कुछ भी नहीं कर पाएंगे.”

    असदुद्दीन ओवैसी पर विपक्षी पार्टियां अकसर ही बीजेपी की ‘बी टीम’ होने का आरोप लगाती रहती हैं.

    बीती आठ तारीख़ को हरियाणा और जम्मू कश्मीर चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे. हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में बीजेपी को 48, कांग्रेस को 37, इंडियन नेशनल लोकदल को दो और निर्दलीयों को तीन सीट पर जीत मिली थी.

    हालांकि नतीजे घोषित होने से पहले लगभग सभी एग्जिट पोल्स में कांग्रेस की जीत की संभावनाएं जताई गई थीं.

    वहीं जम्मू कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों में से नेशनल कॉन्फ़्रेंस को 42, बीजेपी को 29, कांग्रेस को छह, पीडीपी को तीन, जेपीसी को एक और निर्दलीयों को सात सीटों पर जीत मिली थी.