लाइव, महुआ मोइत्रा ने बीजेपी पर लगाया अंडे फेंकने का आरोप, प्रदेश अध्यक्ष ने दिया ये जवाब

महुआ मोइत्रा के दफ़्तर पर अंडे फेंके जाने के बाद उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा है. दूसरी ओर, इस मामले में सियासी बयानबाजी तेज़ हो गई है.

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • rajasthan
  • mbappe
  • digital detox
  • venezuela
  • fifa world cup
  • एक ऐसी बच्ची, जिसका 'जन्म' एक नहीं, दो बार हुआ!
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, शिवांगी जायसवाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. महुआ मोइत्रा ने बीजेपी पर लगाया अंडे फेंकने का आरोप, प्रदेश अध्यक्ष ने दिया ये जवाब

    महुआ मोइत्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अपने दफ़्तर के बाहर खड़े प्रदर्शनकारियों की वीडियो बनातीं महुआ मोइत्रा, उनका आरोप है कि कार्यालय के ऊपर अंडे के साथ पत्थर भी फेंके गए और एक पत्थर उन्हें भी लगा.

    टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के दफ़्तर पर अंडे फेंके जाने के बाद उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा है. दूसरी ओर, इस मामले में सियासी बयानबाजी तेज़ हो गई है.

    घटना को लेकर टीएमसी और बीजेपी एक-दूसरे के ऊपर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं.

    महुआ ने अब से थोड़ी देर पहले एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं डटी रहूंगी, मेरा झंडा डटा रहेगा. मृत्यु तक. बीजेपी वाले हमें चुप नहीं करवा सकेंगे."

    टीएमसी के कई नेताओं ने महुआ मोइत्रा के दफ़्तर पर हुए हमले की आलोचना की है.

    उधर, टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने घटना को बीजेपी की "सोची-समझी साजिश" बताते हुए कहा, "विपक्षी सांसद पर इस तरह का हमला लोकतंत्र पर सीधा हमला है." उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है.

    टीएमसी सांसद डोला सेन ने कहा, "हमें पता है कि कैसे लड़ना है और हम लड़ रहे हैं. जिनके हाथ में लॉ एंड ऑर्डर है, उनसे सवाल पूछिए. हम जनता और ममता बनर्जी पर भरोसा रखते हैं. इसी मुद्दे पर हम कैसे लड़ेंगे, कैसे सवाल उठाएंगे....ये सब आप देखेंगे. चिंतित मत होइए."

    बीजेपी ने क्या कहा?

    पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समित भट्टाचार्य ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अंडा फेंकना बंद होना चाहिए. उन्होंने कहा, "तृणमूल ही तृणमूल को मार रहा है. किसकी जेब में अंडा है, ये देखने के लिए कोई मेटल डिटेक्टर नहीं है. इसे तृणमूल को ही सुलझाना चाहिए."

    "तृणमूल को ये पता लगाना चाहिए कि कौन कार्यकर्ता किस नेता पर अंडा फेंक रहा है. अंडा फेंकना बंद होना चाहिए. पूरे देश में बंगाल की छवि खराब हो रही है."

    इसी मामले पर बीजेपी विधायक शंकर सिकदर ने कहा कि उनकी पार्टी इस तरह की घटनाओं को न तो प्रोत्साहित करती है और न ही करेगी.

    उनके मुताबिक़, "जिन लोगों को टीएमसी ने लंबे समय तक परेशान किया, वही अब इस तरह प्रतिक्रिया दे रहे हैं."

    सिकदर ने पहले हुई पत्थरबाजी की घटनाओं का भी जिक्र किया.

    पश्चिम बंगाल के मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने कहा, "यह जनता का गुस्सा है. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पहले हुई पत्थरबाजी को सही माना गया था, तो फिर अंडा फेंके जाने पर आपत्ति क्यों है. साथ ही उन्होंने टीएमसी नेतृत्व पर भी निशाना साधा."

  3. विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल केंद्र सरकार ने एक साल के लिए बढ़ाया

    विदेश सचिव विक्रम मिसरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राजनयिक विक्रम मिसरी विदेश सचिव नियुक्त होने से पहले उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (डिप्टी एनएसए) के रूप में कार्यरत थे

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी के कार्यकाल को एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है.

    एजेंसी के मुताबिक़, कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने उनके सेवा विस्तार को मंज़ूरी दे दी है. इसके साथ ही उनका कार्यकाल अब 14 जुलाई 2027 तक प्रभावी रहेगा.

    बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, 1989 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी विक्रम मिसरी का मौजूदा कार्यकाल 14 जुलाई 2026 को समाप्त होने वाला था.

    एसीसी ने एफ़आर 56(डी) के प्रावधानों के तहत उनके कार्यकाल में एक वर्ष का विस्तार देने का फैसला किया है.

    समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विक्रम मिसरी 14 जुलाई 2026 के बाद भी विदेश सचिव के पद पर बने रहेंगे और उनका कार्यकाल बढ़ाकर 14 जुलाई 2027 तक कर दिया गया है.

    राजनयिक विक्रम मिसरी विदेश सचिव नियुक्त होने से पहले उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (डिप्टी एनएसए) के रूप में कार्यरत थे.

  4. पंजाब: कांग्रेस कैंपेन कमिटी की कमान चरणजीत सिंह चन्नी को, प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे राजा वड़िंग

    चरणजीत सिंह चन्नी

    इमेज स्रोत, X/CHARANJITCHANNI

    इमेज कैप्शन, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी की प्रचार कमेटी का प्रमुख बनाया है

    पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलावों की घोषणा की है. जिसके तहत पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पार्टी की कैंपेन कमेटी का चेयरपर्सन बनाया गया है.

    ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार शाम को पंजाब कांग्रेस को लेकर एक सूची जारी की.

    इसके मुताबिक़, पंजाब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के पद पर फ़िलहाल अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बने रहेंगे. साथ ही, नेता विपक्ष के रूप में प्रताप सिंह बाजवा फिर नेतृत्व करेंगे.

    पार्टी की ओर से तीन नेताओं को कांग्रेस ने वर्किंग प्रेसिडेंट की ज़िम्मेदारी दी है, जिसमें सुखविंदर सिंह डेनी, राज कुमार वेरका और संगत सिंह घिलजियां शामिल हैं.

    उधर, विजय इंदर सिंगला को इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी और कोआर्डिनेशन कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है.

    कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी का चेयरमैन बनाया है. मैनिफ़ेस्टो कमेटी का चेयरपर्सन डॉ. अमर सिंह को बनाया गया है.

  5. मणिपुर में फिर हिंसा, 15 घर जलाए जाने के बाद सुरक्षाबलों को किया गया तैनात, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    सेना

    इमेज स्रोत, Dilip Kumar Sharma

    इमेज कैप्शन, मणिपुर में बीते तीन साल से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जारी हिंसा अभी थमी नहीं है. वहीं बीते फ़रवरी महीने से कुकी और तंगखुल नागा के आपस में झड़पों की ख़बरें हैं

    मणिपुर के कामजोंग ज़िले के फ़ाइमोल कुकी गांव में बुधवार को अज्ञात उपद्रवियों ने कथित तौर पर ग्रामीणों के घरों में आग लगा दी.

    कामजोंग ज़िले के पुलिस अधीक्षक थोलू रॉकी ने हिंसा की इस घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बीबीसी को बताया, "यह घटना बुधवार दोपहर क़रीब साढ़े 12 बजे की है. कुछ अज्ञात हमलावरों ने फ़ाइमोल कुकी गांव में आग लगा दी थी जिसमें कम से कम 15 घर जलकर राख़ हो गए."

    "जिस गांव में यह घटना हुई है, वह चस्साड पुलिस स्टेशन से लगभग 45 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में भारत-म्यांमार सीमा के पास पिलर नंबर 113 के नज़दीक है. पुलिस ने सुरक्षाबलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है."

    पुलिस अधीक्षक रॉकी ने कहा, "इस घटना में बर्मी शरणार्थियों के कुछ छोटे फूस के घर और तंगखुल समुदाय के कुछ घर पूरी तरह जलकर ख़ाक हो गए हैं."

    "लेकिन इस घटना में किसी के भी हताहत या घायल होने की जानकारी नहीं मिली है. पुलिस ने इन मामलों की गहन जांच के लिए स्वतः संज्ञान लेते हुए एक मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है."

    मणिपुर में बीते तीन साल से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जारी हिंसा अभी थमी ही नहीं है. बीते फरवरी महीने से कुकी और तंगखुल नागा भी आपस में लड़ रहे हैं.

    इस हिंसा में कुकी और तंगखुल समुदाय के 20 से अधिक लोग बीते 5 महीने में मारे जा चुके हैं.

    अपने घरों को छोड़ रहे ग्रामीण

    मौजूदा तनाव के कारण फाएमोल के ग्रामीणों ने अपना गांव छोड़ना शुरू कर दिया है. गांव के अधिकतर लोगों ने अस्थायी रूप से 11वीं असम राइफ्लस कैंप के पास शरण ले रखी हैं.

    पुलिस ने एक लिखित बयान में बताया, “फाइमोल गांव को जलाने की घटना के बदले में दोपहर करीब 2 बजे कुछ हथियारबंद बदमाश नागा शंखलोक तंगखुल नागा गांव को जलाने की कोशिश की थी.

    लेकिन सुरक्षाबलों की कार्रवाई के चलते वे नाक़ाम रहे. शंखलोक तंगखुल नागा भी भारत-म्यांमार बॉर्डर पिलर नंबर 101 के पास बसा है.”

    कामजोंग जिले के फुंगयार विधानसभा क्षेत्र के विधायक लिएशियो कीसिंग ने स्थानीय मीडिया के समक्ष कहा, "हिंसा वाला क्षेत्र उन इलाकों से सटा हुआ है जहां केएनए-बी और पीपुल्स डिफेंस फोर्स के कैडर सक्रिय हैं, जबकि दुर्गम इलाक़ा होने के कारण सूचना का प्रवाह और राज्य सुरक्षा बलों की आवाजाही बेहद सीमित है."

  6. भारत-ईरान संबंध: किस ओर बढ़ रहे हैं रिश्ते - दिनभर न्यूज़कास्ट

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. महुआ मोइत्रा के दफ़्तर पर फेंके गए अंडे, क्या है पूरा मामला

    महुआ मोइत्रा

    इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित महुआ मोइत्रा के स्थानीय ट्रांजिट पार्टी कार्यालय पर प्रदर्शनकारियों ने अंडों की बौछार की

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा बुधवार को अपने ही संसदीय क्षेत्र में एक उग्र विरोध प्रदर्शन का निशाना बन गईं.

    पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित उनके स्थानीय ट्रांजिट पार्टी कार्यालय पर प्रदर्शनकारियों ने अंडों की बौछार की.

    कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र की सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना का एक वीडियो साझा करते हुए इन्हें "बीजेपी की भीड़" कहा है.

    साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि डीजीपी उनका फ़ोन नहीं उठा रहे हैं, उनके शिकायत करने पर पुलिस तो आई मगर वह सिर्फ़ दूर से यह सब होता देख रही है.

    इस मामले में अभी पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है. महुआ ने एक अन्य वीडियो में दावा किया है कि उनके दफ़्तर के ऊपर अंडों के साथ पत्थर भी फेंके गए, जिसमें से एक पत्थर उनको भी लगा.

    वीडियो को इमारत की ऊपरी मंजिल से शूट किया गया है, वीडियो में पीछे से उनकी आवाज़ आ रही है और वह कह रही हैं, "सभी देख लें..बीजेपी के गुंडे मेरे कार्यालय के ऊपर सब्जियों और अंडों की बौछार कर रहे हैं."

    "वे लगातार अंडे फेंक रहे हैं. पश्चिम बंगाल में फैली अराजकता को देखिए. पूरे राज्य और पूरे देश को यह देखना चाहिए."

    वीडियो में देखा जा सकता है कि कई अंडे खिड़की में लगे कांच से टकरा रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

    साथ ही सांसद महुआ कह रही हैं, "यह मेरा लोकसभा क्षेत्र है, मैं अपने कार्यालय से कहीं नहीं जाने वाली. बीजेपी की भीड़ यहां बढ़ती जा रही है. वे चाहते हैं कि मैं यहां से जाने के लिए अपनी गाड़ी में बैठूं और फ़िर वो मेरे ऊपर अंडे और पत्थर फेंके."

  8. बेल्जियम की एक रिहायिशी इमारत में आग लगने से कई मौतें, पीएम वेवर ने दुख जताया

    लिंकेरोएवर इलाके में स्थित इमारत

    इमेज स्रोत, BELGA MAG/Belga/AFP

    इमेज कैप्शन, बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर आग लगने के बाद इससे काला और घना धुआं निकलता दिखाई दिया

    बेल्जियम के एंटवर्प शहर में दस मंजिला एक अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत हो गई है.

    बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने इस हादसे पर दुख जताया है.

    पुलिस के अनुसार, इस इमारत में 200 से अधिक लोग रहते हैं और कई शव बरामद किए जा चुके हैं. हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं.

    पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है. हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय समाचार पत्र डी स्टैंडर्ड को बताया कि इमारत की छत पर कुछ काम चल रहा था.

    एंटवर्प के लिंकेरोएवर इलाके में स्थित इस इमारत में स्थानीय समय के मुताबिक़ बुधवार सुबह करीब 10 बजे आग लगी.

    बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर आग लगने के बाद इससे काला और घना धुआं निकलता दिखाई दिया.

    इमारत के निवासी गीर्ट ड्यूल्फ ने बेल्जियम के सार्वजनिक टीवी चैनल को बताया, "घने धुएं के कारण हम अपने फ्लैट से बाहर नहीं निकल सके. हमने खुद को फ्लैट के अंदर सुरक्षित किया और बालकनी में इंतजार करने लगे. करीब 10 मिनट बाद दमकलकर्मी सीढ़ी की मदद से हमें बचाकर बाहर ले गए."

    एंटवर्प दमकल विभाग की प्रवक्ता मैरी डी क्लर्क ने कहा कि इमारत में घना धुआं और कम दृश्यता होने के कारण आग पर काबू पाने में काफ़ी मुश्किल हुई.

  9. भारत और पाकिस्तान ने कैदियों की सूची की अदला-बदली की

    भारत पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांसुलर एक्सेस समझौते के तहत हर साल दोनों देश अपने यहां बंद कैदियों की सूची का आदान-प्रदान करते हैं (सांकेतिक फ़ोटो)

    भारत और पाकिस्तान ने बुधवार को अपनी-अपनी हिरासत में बंद नागरिक कैदियों और मछुआरों की सूचियों का आदान-प्रदान किया.

    कांसुलर एक्सेस समझौते के तहत यह प्रक्रिया हर वर्ष 1 जनवरी और 1 जुलाई को नियमित रूप से की जाती है.

    राजनयिक माध्यमों के जरिए नई दिल्ली और इस्लामाबाद में एक-दूसरे के साथ सूची साझा की.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया, भारत ने पाकिस्तान को अपनी हिरासत में मौजूद 386 नागरिक कैदियों और 53 मछुआरों की जानकारी दी, जो पाकिस्तानी हैं.

    साथ ही, उन 188 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों की शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी की मांग दोहराई है, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है.

    साथ ही, पाकिस्तान से उन 13 भारतीय माने जाने वाले नागरिक कैदियों को तत्काल कांसुलर एक्सेस उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है, जिन्हें अब तक यह सुविधा नहीं मिली है.

    दूसरी ओर, पाकिस्तान ने भारत को अपनी हिरासत में मौजूद 52 नागरिक कैदियों और 198 मछुआरों की सूची सौंपी, जो भारतीय हैं या भारतीय माने जाते हैं.

  10. कार्टून: राहत की सांस

    बीबीसी कार्टून - जेट फ़्यूल के दाम घटे
    इमेज कैप्शन, जेट फ़्यूल की कीमतों में कमी पर आज का कार्टून
  11. केंद्र सरकार ने बताया, ई20 कार्यक्रम को 'प्रयोग' बताने वाली ख़बरें ग़लत

    पेट्रोल पंप

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, 20 फ़ीसदी इथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम को लेकर केंद्र सरकार ने 'भ्रामक' रिपोर्टों का खंडन किया है

    केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) कार्यक्रम किसी 'प्रयोग' के तौर पर नहीं चलाया जा रहा है.

    भारत के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने कुछ मीडिया रिपोर्टों का खंडन करते हुए लिखित बयान में कहा है कि इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में सरकार की ओर से ऐसी कोई दलील नहीं दी गई थी.

    केंद्र सरकार ने 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल को लेकर कहा है कि यह किसी प्रयोग के तहत नहीं किया जा रहा.

    भारत के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने ई20 ईंधन कार्यक्रम को इस रूप में प्रदर्शित करने वाली मीडिया रिपोर्टों का खंडन करते हुए अपना पक्ष स्पष्ट किया है.

    कार्यालय की ओर से कहा गया है कि 30 जून को कुछ मीडिया रिपोर्टें छपीं जिनमें भ्रामक दावे किए गए.

    प्रेस नोट के मुताबिक़, कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि ई20 कार्यक्रम अभी भी एक प्रयोग है और इसके प्रभाव अगले साल तक अधिक स्पष्ट होंगे. यह दावा पूरी तरह ग़लत है और अदालत के समक्ष दी गई वास्तविक दलीलों से मेल नहीं खाता.

  12. ईरान-अमेरिका के बीच चल रही बातचीत को लेकर अब क्या जानकारी सामने आई

    ईरान के विदेश मंत्री और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की मुलाक़ात और पीछे अमेरिकी उपराष्ट्रपति

    इमेज स्रोत, Nathan Howard-Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, 21 जून को स्विट्ज़रलैंड में अमेरिका, ईरान, पाकिस्तान और क़तर के बीच उच्च स्तरीय शांति वार्ता का पहला चरण आयोजित हुआ था (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता बुधवार को क़तर की राजधानी दोहा में चल रही है.

    इस मामले से जुड़े एक सूत्र के आधार पर रॉयटर्स ने ऐसा रिपोर्ट किया है कि यह परोक्ष तकनीकी वार्ता है.

    यह भी जानकारी मिली है कि इन वार्ताओं में क़तर और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं.

    सूत्र के मुताबिक़, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ और डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर ने तकनीकी बैठकों की तैयारी के लिए मंगलवार को क़तर के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की थी.

    हालांकि वे दोनों स्वयं बुधवार को हो रही वार्ताओं में शामिल नहीं हैं.

    17 जून को ईरान और अमेरिका के बीच 14 बिंदुओं वाले मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टेंडिंग (एमओयू) पर सहमति बनी थी.

    फिर 21 जून को स्विट्ज़रलैंड में अमेरिका, ईरान, पाकिस्तान और क़तर के बीच उच्च स्तरीय शांति वार्ता का पहला चरण आयोजित हुआ.

    इससे जंग पर लगाम लगी लेकिन बीते कुछ दिनों के दौरान अमेरिका और ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट में एक-दूसरे पर हमले किए हैं.

    दोनों ही देशों ने एक-दूसरे पर संघर्ष विराम को तोड़ने का आरोप लगाया है.

  13. मनरेगा की जगह आया नया क़ानून आज से पूरे देश में हुआ लागू, जानिए क्या होंगी मज़दूरी दरें

    देशभर में वीबी-जी राम जी अधिनियम लागू हो गया है, यह साल 2005 के मनरेगा की जगह ले रहा है

    इमेज स्रोत, @MoRD_GoI

    इमेज कैप्शन, देशभर में वीबी-जी राम जी अधिनियम लागू हो गया है, यह साल 2005 के मनरेगा की जगह ले रहा है

    केंद्र सरकार ने 1 जुलाई से देशभर में वीबी-जी राम जी अधिनियम के तहत दैनिक मज़दूरी दर लागू कर दी है. इसमें किसी भी राज्य में दैनिक मज़दूरी 300 रुपये से कम नहीं होगी.

    सरकार के अनुसार, अब किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में अधिसूचित मज़दूरी 300 रुपये प्रतिदिन से कम नहीं होगी.

    नई अधिसूचना के मुताबिक़ सभी 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मज़दूरी दरों में बढ़ोतरी की गई है.

    इससे दैनिक मज़दूरी की राष्ट्रीय औसत 298.8 रुपये से बढ़कर 327.4 रुपये हो गई है और औसतन पूरे देश में मज़दूरी में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है.

    सरकार के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में मज़दूरी में 15 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है.

    वहीं, हरियाणा में दैनिक मज़दूरी 409 रुपये, गोवा में 406 रुपये, केरल में 401 रुपये और सिक्किम के ऊंचाई वाले ग्राम पंचायत क्षेत्रों में 450 रुपये निर्धारित की गई है.

    कर्नाटक और पंजाब सहित कुछ अन्य राज्यों में भी मज़दूरी 360 रुपये से अधिक होगी.

    संसद ने पिछले साल दिसंबर में 'विकसित भारत- जी राम जी' बिल 2025 पारित किया था, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंज़ूरी मिल गई थी. यह क़ानून 1 जुलाई 2026 से लागू हो गया है.

    'विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' यूपीए सरकार के दौर की मनरेगा योजना की जगह ले रहा है.

    कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार साल 2005 में मनरेगा क़ानून लेकर आई थी जिसके तहत ग्रामीण इलाक़े के परिवारों को साल में 100 दिन रोज़गार की गारंटी थी.

    विपक्ष का आरोप है कि इस स्कीम में केंद्र सरकार को राज्यों की तुलना में 'ज़्यादा अधिकार' हैं जबकि राज्य सरकारों को पहले की तुलना में 'ज़्यादा पैसा' ख़र्च करना होगा.

  14. राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया ये फ़ैसला

    राघव चड्ढा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी को छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली हाई कोर्ट ने बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के ख़िलाफ़ कथित तौर पर मानहानि करने वाली कुछ ऑनलाइन पोस्ट हटाने का आदेश दिया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, राघव चड्ढा का कहना था कि संबंधित सामग्री (पोस्ट) से यह संदेश दिया जा रहा है कि उन्होंने पैसों के लिए ख़ुद को बेच दिया.

    राघव चड्ढा ने इस तरह की पोस्ट के ख़िलाफ़ दिल्ली हाई कोर्ट में अपील की थी.

    हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में व्यक्तित्व अधिकार (पर्सनैलिटी राइट्स) का सवाल नहीं उठता.

    राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के सदस्य थे. उन्हें आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सदस्य भी बनाया, लेकिन पिछले दिनों पार्टी के कुछ अन्य सांसदों के साथ वो बीजेपी में शामिल हो गए थे.

    आप छोड़ने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके ख़िलाफ़ टिप्पणी की.

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पीएम मोदी के बारे में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ये कहा

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर टिप्पणी की है. भारत में अमेरिकी दूतावास ने उनकी इस टिप्पणी को सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया है.

    मार्को रुबियो ने कहा, ''हम प्रधानमंत्री मोदी और उनके किए गए काम के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. वे ऐसे देश का नेतृत्व कर रहे हैं जो आर्थिक रूप से ज़बरदस्त तरक्की कर रहा है और एक ग्लोबल पावर के तौर पर अपनी पहचान बना रहा है.''

    मार्को रुबियो ने आगे कहा, ''एक ऐसा देश जिसकी ग्लोबल स्तर पर लिए जाने वाले फ़ैसलों में अहम भूमिका होती जा रही है.''

  17. टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के 'घर पर हमला', जारी किया सीसीटीवी फ़ुटेज

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, @abhishekaitc

    इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी ने सीसीटीवी फ़ुटेज जारी किया

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने घर पर हमले का आरोप लगाया है.

    अभिषेक बनर्जी ने इससे जुड़ा सीसीटीवी फ़ुटेज भी सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है.

    उन्होंने लिखा, ''आज तड़के एक व्यक्ति मेरे पारिवारिक आवास के बाहर आया, अपनी बाइक रोकी और मेरे घर पर पत्थर फेंके, जिससे पहली मंजिल की खिड़कियों के शीशे टूट गए.''

    अभिषेक बनर्जी ने आगे लिखा, ''यह सिर्फ कानून-व्यवस्था की नाकामी नहीं है. यह हिंसा को संस्थागत रूप देने का खतरनाक उदाहरण है. पुलिस कहां थी? किसके निर्देश पर इस व्यक्ति ने इतने बेखौफ होकर हमला किया और बिना किसी कार्रवाई के वहां से चला गया?''

    ''आज पश्चिम बंगाल की यही भयावह सच्चाई है. ऐसा शासन, जिसने हिंसा को सामान्य बना दिया है, गुंडों को बढ़ावा दिया है और ऐसा माहौल तैयार कर दिया है, जहां अपराध करने वाले लोगों को पूरा भरोसा है कि सरकार उनका संरक्षण करेगी.''

  18. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: राम गोपाल यादव का आरोप, '20 हज़ार करोड़ का घपला'

    राम गोपाल यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राम गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी मामले में बड़े लोग शामिल हैं

    अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में समाजवादी पार्टी के महासचिव राम गोपाल यादव ने बड़ा आरोप लगाया है.

    बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में राम गोपाल यादव ने कहा, "जो लोग गिरफ़्तार हुए हैं वह केवल धोखा है. इसमें बड़े-बड़े लोग शामिल हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "कम से कम 20 हज़ार करोड़ रुपये का घपला हुआ है. सोना-चांदी, जेवर… लोगों ने पचास-पचास किलो सोना दिया, हीरे के हार दिए लेकिन किसी को कुछ पता नहीं नहीं है."

    अयोध्या के राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की चोरी और गड़बड़ी के मामले में एसआईटी अब तक आठ अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर चुकी है.

    इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) की घोषणा की थी.

    हालांकि विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे पर राज्य और केंद्र की सरकार पर हमलावर हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

  19. जेट फ़्यूल में 5 रुपये प्रति लीटर की कमी, कमर्शियल सिलेंडर पर मिली इतनी राहत

    कमशियल गैस सिलेंडर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान युद्ध का कमर्शियल गैस की कीमतों और इसकी सप्लाई पर काफ़ी असर देखा गया (सांकेतिक तस्वीर)

    अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की कीमतें कम होने के बाद जेट फ़्यूल या एटीएफ़ (एविएशन टर्बाइन फ़्यूल) की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अब यह 110 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    वहीं बुधवार को होटलों और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाली कमर्शियल एलपीजी की कीमतों को लेकर भी राहत दी गई है. इसके तहत 19 किलो के सिलेंडर पर 183.50 रुपये की कटौती की गई है.

    पीटीआई के मुताबिक़ यह इस साल कीमतों में पहली कटौती है.

    28 फ़रवरी को इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमले शुरू किए थे. इसके जवाब में ईरान ने भी खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए और होर्मुज़ स्ट्रेट को तकरीबन पूरी तरह बंद कर दिया.

    होर्मुज़ स्ट्रेट दुनियाभर में तेल और गैस की सप्लाई का अहम मार्ग है. इसके बंद होने से ऊर्जा की सप्लाई पर असर पड़ा और इसकी कीमतों में उछाल आ गया.

    अमेरिका और ईरान के बीच फ़िलहाल स्थायी युद्धविराम समझौते की उम्मीद में तेल की कीमतों में कमी देखी जा रही है और इसकी सप्लाई भी बेहतर हुई है.

  20. अभिजीत दीपके ने कहा, 'पीएम मोदी के लिए 'वर्ल्ड टूर ज़्यादा ज़रूरी', सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में ये बताया

    सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं

    इमेज स्रोत, @abhijeet_dipke

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में जानकारी दी है.

    अभिजीत दीपके ने लिखा, "सोनम सर की सेहत हर घंटे बिगड़ती जा रही है, लेकिन उनका संकल्प अडिग है. धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना चाहिए."

    इससे पहले अभिजीत दीपके ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि सोनम वांगचुक का वज़न "भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से 2 किलो कम हो गया है और उनका ब्लड प्रेशर लगातार गिर रहा है."

    नीट पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर बीते बारह दिनों से सीजेपी विरोध प्रदर्शन कर रही है.

    उसकी मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा दें या उन्हें पद से हटाया जाए.

    सीजेपी पेपर लीक के मामले पर ज़िम्मेदारी तय करने की मांग कर रही है.

    इन्हीं मांगों को लेकर शिक्षाविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक रविवार से भूख हड़ताल पर हैं.

    मंगलवार को एक पत्रकार ने अभिजीत दीपके से पूछा कि प्रदर्शन के दौरान ही देशभर में दो अन्य परीक्षा के पेपर लीक हो गए, तो क्या सरकार को इसकी कोई फ़िक्र नहीं है?

    अभिजीत दीपके ने इस पर कहा, ''... मोदी जी के पास छोटे-छोटे काम के लिए वक़्त नहीं है. मुझे लगता है कि मोदी जी के पास दूसरे बहुत महत्वपूर्ण काम हैं. दूसरी पार्टी तोड़नी है. वर्ल्ड टूर करना है. बच्चों के एग्ज़ाम तो होते रहेंगे. उसमें क्या है.''