अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के ख़िलाफ़ चल रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को हटाने की मांग की है
ओडिशा: पुरी भगदड़ पर कांग्रेस और बीजेडी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Shama Mohamed/X
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद (फ़ाइल फ़ोटो)
ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ पर कांग्रेस और बीजू जनता दल ने वहां की राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं.
रविवार को हुई भगदड़ में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हैं.
पुरी सीट से बीजू जनता दल (बीजेडी) विधायक सुनील कुमार मोहंती ने कहा, "अगर एक तरफ़ से एंट्री और दूसरी तरफ़ से एग्ज़िट होता, तो भीड़ एक जगह नहीं रुकती."
उन्होंने कहा, "जैसे ये घटना हुई है ये कभी नहीं होती. इस बार के रथ यात्रा में मैनेजिंग कमेटी नहीं बनाई गई है."
बीजेडी विधायक ने कहा, "प्रशासनिक अधिकारी कहीं न कहीं भीड़ प्रबंधन में विफल हो गए हैं. उनकी ज़िम्मेदारियां ठीक से नहीं बांटी गई हैं. इस घटना में क़ानून विभाग पूरा एक्शन ले."
वहीं इस मामले पर कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने कहा, "बहुत दुख की बात है कि जब लोग प्रार्थना के लिए जाते हैं और उनकी मौत हो जाती है."
उन्होंने कहा, "हमने देखा था कि उत्तर प्रदेश के कुंभ में भी भगदड़ हुई थी और उसके बाद ज़िम्मेदार कोई भी नहीं. यहां भी कोई ज़िम्मेदार नहीं है बस मुख्यमंत्री ने कहा मुझे माफ़ करो."
"ये ग़लत है. किसी को इस्तीफ़ा देना चाहिए, किसी को ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए, तभी ये आगे नहीं होगा. हमारी जनता की जो ज़िंदगी है उसे महत्व देना ही पड़ेगा."
भारतीय रेलवे ट्रेनों में रिज़र्वेशन से जुड़ी व्यवस्था में करेगा ये बदलाव
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
भारतीय रेलवे ट्रेनों में रिज़र्वेशन से जुड़ी व्यवस्था में एक बदलाव करने जा रहा है.
अभी तक जहां रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के रवाना होने से क़रीब 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था, वहीं अब यह चार्ट 8 घंटे पहले ही तैयार हो जाएगा.
रेल मंत्रालय के मुताबिक़ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है और अब इसे जल्द ही लागू किया जाएगा.
रेलवे के मुताबिक़ ये कदम दूर दराज़ के इलाक़ों में रहने वाले लोगों के मद्देनजर उठाया गया है.
इसका मतलब हुआ कि अगर कोई व्यक्ति स्टेशन से 4-5 घंटे की दूरी पर रहता है तो उसे पहले से ही पता होगा कि उसका टिकट कन्फ़र्म हुआ है या नहीं, ताकि वो इसी के मुताबिक़ अपने घर से स्टेशन के लिए रवाना हो.
रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने लिया ये बड़ा फ़ैसला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की का कहना है कि ओटावा संधि से बाहर निकलने के बाद यूक्रेन लैंडमाइंस का इस्तेमाल कर सकेगा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जो आधिकारिक तौर पर देश की सशस्त्र सेनाओं को लैंडमाइंस के इस्तेमाल की इजाज़त देगा.
यूक्रेन ने इससे पहले ओटावा संधि पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत लैंडमाइंस के इस्तेमाल पर प्रतिबंध था.
हालाँकि रूस ने कभी भी इस संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए. उस पर युद्ध के दौरान लैंडमाइंस का इस्तेमाल करने का आरोप है.
यूक्रेन का तर्क है कि ऐसे हथियारों का इस्तेमाल न करना उसे नुक़सान में डाल रहा है.
हालांकि राष्ट्रपति जे़लेंस्की के आदेश को अब यूक्रेन की संसद से मंजू़री मिलना बाकी है.
वहीं आधिकारिक तौर पर पोलैंड, फिनलैंड और तीनों बाल्टिक देशों यानी एस्टोनिया, लातविया और लिथुआनिया ने कहा है कि वे भी ओटावा संधि से बाहर निकलेंगे.
नेतन्याहू को लेकर ट्रंप ने इसराइली अदालत से क्या मांग की है?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले भी इसराइली पीएम पर लगे आरोपों को हटाने की मांग की है
अमेरिका के राष्ट्रपतिडोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के ख़िलाफ़ चल रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को हटाने की मांग की है.
उनका कहना है कि ये आरोप ग़ज़ा में युद्धविराम की कोशिशों में रुकावट पैदा कर रहे हैं.
बिन्यामिन नेतन्याहू पर साल 2019 में रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी और भरोसा तोड़ने के आरोप लगाए गए थे, हालांकि उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है.
इसराइल के विपक्षी नेताओं ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि ट्रंप को इसराइल के न्यायिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए.
साथ ही उन्होंने नेतन्याहू पर राष्ट्र की सुरक्षा की बजाय अपने व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है.
वहीं इसराइल की एक अदालत ने राजनयिक और सुरक्षा मुद्दों के कारण प्रधानमंत्री की गवाही को दो हफ़्तों के लिए स्थगित करने के उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.
प्रधानमंत्री को अपने ख़िलाफ़ चल रहे मामले में कोर्ट में गवाही देनी थी.
कोलकाता: छात्रा से बलात्कार मामले में पुलिस कार्रवाई पर उठाए जा रहे सवाल, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Sanjay Das
इमेज कैप्शन, लालबाज़ार में पुलिस मुख्यालय के सामने बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
कोलकाता में लॉ कॉलेज की छात्रा से कॉलेज परिसर में हुई बलात्कार की घटना को लेकर विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला तेज़ हो रहा है.
यहां रविवार को भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और सीपीएम के अलावा कई अन्य संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया.
इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग की एक टीम भी यहां पहुंच गई है. टीम ने रविवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया.
टीम की प्रमुख अर्चना मजूमदार ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कोलकाता पुलिस पर सहयोग न करने और जानकारी मुहैया न कराने का आरोप लगाया है.
उन्होंने आरोप लगाया, "पुलिस महिला या उसके परिजनों से हमें मुलाक़ात नहीं करने दे रही है."
दूसरी ओर, इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी के सदस्यों की संख्या पांच से बढ़ाकर नौ कर दी गई है.
एसआईटी का कहना है कि उसने छात्रा और अभियुक्तों का डीएनए टेस्ट कराने के लिए सैंपल इकट्ठा कर लिए हैं.
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में आज लालबाज़ार में पुलिस मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया, जहां उनकी पुलिस के साथ झड़प भी हुई. कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है.
पार्टी इस घटना के बाद से ही महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे़ की मांग कर रही है. ममता प्रदेश की गृह मंत्री भी हैं.
इससे पहले प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को शनिवार रात हिरासत में रहने के बाद रविवार सुबह रिहा किया गया.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "इस घटना के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन और तेज़ किया जाएगा. पार्टी की चार-सदस्यीय एक जांच टीम भी कोलकाता का दौरा करेगी."
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा- 'बंगाल महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित'
इमेज स्रोत, Kunalghosh/X
तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने पश्चिम बंगाल को महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित प्रदेश बताया है.
साथ ही उन्होंने दावा किया है कि बंगाल में सामाजिक अपराध कम हो गए हैं.
टीएमसी नेता का बयान ऐसे समय में आया जब हाल ही में कोलकाता के लॉ कॉलेज में छात्रा से बलात्कार का मामला सामने आया है.
इससे पहले आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना का मामला, मीडिया की सुर्खियों में छाया रहा था.
कुणाल घोष ने कहा, "बंगाल में पुलिस एक्शन लेती है. यहां सामाजिक अपराध कम हो गया है. बंगाल महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित प्रदेश है."
चीन की मदद से इंडोनेशिया ने बनाई एक बड़ी फैक्ट्री, ई-बैटरी का करेगा उत्पादन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोओ सुबिअंतो (फ़ाइल फ़ोटो)
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबिअंतो ने राजधानी जकार्ता के पास एक बड़ी फैक्ट्री का उद्घाटन किया है. इस फैक्ट्री में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बैटरियां बनाई जाएंगी.
इंडोनेशिया में छह अरब डॉलर की इस फैक्ट्री का निर्माण एक चीनी कंपनी के सहयोग से किया जा रहा है. यहां सोलर पैनलों के लिए बैटरी स्टोरेज भी तैयार किया जाएगा.
इस निवेश परियोजना के तहत कई अन्य सुविधाओं का भी निर्माण होना है, जो हलमाहेरा द्वीप पर बनाई जाएंगी.
पर्यावरण कार्यकर्ता इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं, उनका कहना है कि यह परियोजना पर्यावरण को नुक़सान पहुंचाएगी.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार इंडोनेशिया के पास ई-बैटरी बनाने के लिए निकल के रूप में कुछ कच्चा माल है, अब वो चीन की मदद से इसका इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है.
बिहार: मनोज झा ने चुनाव आयोग पर उठाया सवाल, कहा- 'अपनी विश्वसनीयता खो रहे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा (फ़ाइल फ़ोटो)
चुनाव आयोग की ओर से बिहार में मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सांसद मनोज कुमार झा ने सरकार पर तंज कसा है.
उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "जो 37 फ़ीसदी लोगों को जन्म प्रमाण पत्र दिखाना होगा वह ज़्यादातर वैसे लोग हैं जो पलायन कर के रह रहे हैं."
मनोज कुमार झा ने कहा, "ये साल में 3-4 बार घर आते हैं, इनमें ग़रीब हैं, दलित, पिछड़े और मुसलमान हैं. आप इन्हें इस प्रक्रिया के तहत ख़ारिज करना चाहते हैं. क्योंकि जो पार्टी अभी केंद्र की सत्ता में है, उसके सर्वे उसको डरा रहे हैं."
टीएमसी नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा था कि "हमारे पास सबूत हैं कि बंगाल के लिए बीजेपी के ताज़ा आंतरिक सर्वेक्षण से पता चला है कि बीजेपी को बंगाल विधानसभा चुनावों में 46 से 49 सीटें मिलेंगी. इसीलिए अभी ये अचानक किया जा रहा है. हताशा में इस तरह का कदम उठाया जा रहा है."
आरजेडी सांसद मनोज झाने कहा, "मैं तो सिर्फ़ ये कहूंगा कि माननीय चुनाव आयोग आपका काम है निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव करना. ये खोखले शब्द नहीं है, हर का विश्वास जीतना पड़ता है, लेकिन माफ़ी के साथ कहता हूं कि दिन ब दिन आप अपनी विश्वसनीयता खो रहे हैं."
चुनाव आयोग ने 24 जून को एक प्रेस रिलीज़ जारी कर कहा था कि बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) आयोजित किया जाएगा.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, "स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी वैध नागरिकों के नाम मतदाता सूची (ईआर) में शामिल किए जाएं ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. कोई भी अयोग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल न हो और मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता लाई जा सके."
कॉल लीक के बाद इस देश में भीषण प्रदर्शन, पीएम के इस्तीफ़े की हो रही मांग
इमेज स्रोत, Reuters
थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा के ख़िलाफ़ राजधानी बैंकॉक की सड़कों पर हज़ारों की तादाद में लोग प्रदर्शन करते हुए उनके इस्तीफे़ की मांग की है.
शिनावात्रा और कंबोडिया के पूर्व नेता हुन सेन के साथ हुई फ़ोन कॉल लीक हो गई थी, जिसके बाद से प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हो रहे हैं.
हाल ही में सीमा पर हुई एक घटना को लेकर की गई इस कॉल में, शिनावात्रा ने हुन सेन को 'चाचा' कहकर संबोधित किया और कहा कि इस विवाद को संभाल रहे थाई सेना के कमांडर "सिर्फ़ अच्छा दिखना चाहते थे और उन्होंने ऐसे बयान दिए जो किसी काम के नहीं थे."
इस कॉल से थाईलैंड में जनता का गुस्सा भड़क गया है और सत्तारूढ़ गठबंधन के एक प्रमुख सहयोगी ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
हालांकि पैतोंगटार्न ने इस कॉल के लिए माफ़ी मांगी, लेकिन साथ ही इस कॉल का बचाव करते हुए इसे 'बातचीत की तकनीक' बताया.
पैतोंगटार्न ने पत्रकारों से कहा कि विरोध प्रदर्शन करना लोगों का अधिकार है, बशर्ते यह शांतिपूर्ण हो.
ओडिशा: पुरी में हुई भगदड़ पर सीएम मोहन चरण माझी ने मांगी माफ़ी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी (फ़ाइल फ़ोटो)
ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने माफी मांगी है.
सीएमओ ओडिशा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा है कि रथयात्रा के दौरान भगदड़ की दुर्घटनापूर्ण घटना में मारे गए लोगों के निकट परिजनों को 25 लाख की आर्थिक मदद दी जाएगी.
इसके लिए प्रशासनिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं जिसका नेतृत्व उन्नयन कमिश्नर करेंगे. साथ ही पुरी जिले के कलेक्टर और एसपी का तबादला कर दिया गया है.
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया के ज़रिए जानकारी दी है कि पुरी के नए कलेक्टर चंचल राणा होंगे, वहीं पिनाक मिश्रा एसपी का दायित्व ग्रहण करेंगे.
वहीं सीएम ने ज़िम्मेदारी में अवहेलना के आरोप में डीसीपी विष्णु पति और कमांडेंट अजय पाढ़ी को निलंबित कर दिया गया है.
जगन्नाथपुरी की रथ यात्रा विश्व प्रसिद्ध है और इसी रथ यात्रा में हिस्सा लेने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु सरधाबाली पहुंचते हैं. लेकिन भगदड़ के कारण तीन लोगों की मौत हो गई.
मुख्यमंत्री ने कहा है कि उन्हें इस घटना का दुख है और उन्होंने निजी तौर पर और राज्य सरकार की तरफ से लोगों से माफी मांगी है.
ओडिशा: पुरी में हुई भगदड़ पर बोले राहुल गांधी- 'यह त्रासदी एक गंभीर चेतावनी'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सासंद राहुल गांधी ने ओडिशा के पुरी में हुई भगदड़ पर प्रतिक्रिया दी है
ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि यह त्रासदी एक गंभीर चेतावनी है.
इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग घायल हैं.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पुरी में रथ यात्रा के दौरान हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना और घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं."
साथ ही उन्होंने ओडिशा सरकार से राहत कार्यों में तेज़ी लाने की अपील की है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वो इसमें हर संभव मदद करें.
उन्होंने लिखा, "यह त्रासदी एक गंभीर चेतावनी है, ऐसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की गंभीरता से तैयारी और समीक्षा होनी चाहिए. जीवन की रक्षा सर्वोपरि है और इस ज़िम्मेदारी में कोई चूक स्वीकार्य नहीं है."
चारधाम यात्रा एक दिन के लिए स्थगित, क्या है वजह, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Uttarkashi District Administration
इमेज कैप्शन, उत्तरकाशी में भूस्खलन के बाद बचाव और राहत कार्य जारी है
उत्तराखंड में हो रही लगातार भारी वर्षा और इस कारण भूस्खलन की आशंकाओं को देखते हुए चारधाम यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है.
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
उन्होंने कहा, “यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा के मद्देनज़र यह एहतियाती कदम उठाया गया है, ताकि मार्गों पर फंसे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके. संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और राहत एवं बचाव दलों को भी सक्रिय किया गया है.”
गढ़वाल आयुक्त पांडेय ने बताया, “आगे की यात्रा को लेकर निर्णय सोमवार को मौसम की स्थिति और मार्गों की समीक्षा के बाद लिया जाएगा. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन के जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम सामान्य होने तक आगे के लिए न निकलें.”
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार, 29 और 30 जून को प्रदेश के कई इलाक़ों में भारी से भारी वर्षा होने की संभावना है.
उन्होंने बताया, “ज़िला उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में आज और कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. बाक़ी के अन्य ज़िलों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है.”
“इन दो दिनों में बारिश की अच्छी एक्टिविटी देखने को मिलेगी. इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाक़ों में जल स्तर का बढ़ना देखने को मिलेगा.”
अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
उत्तरकाशी भूस्खलन: दो मजदूरों के शव मिले, सात की तलाश जारी, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, @UttarkashiPol
इमेज कैप्शन, उत्तरकाशी में बचाव और राहत कार्य जारी है
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सिलाई बैंड के पास हुए भूस्खलन में लापता नौ मजदूरों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं. बाकी सात मजदूरों की तलाश अभी जारी है.
यह जानकारी उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने दी है.
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के अनुसार, यह घटना रविवार तड़के यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड से चार किलोमीटर आगे सिलाई बैंड के पास हुई.
इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस घटना को लेकर एक्स पर जानकारी साझा की थी.
उन्होंने लिखा, "जनपद उत्तरकाशी की बड़कोट तहसील के सिलाई बैंड क्षेत्र में हुए भूस्खलन की दुखद घटना में कुछ श्रमिकों के लापता होने की सूचना मिली है."
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "एसडीआरएफ, एनडीआरएफ समेत अन्य टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. मैं लगातार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हूं और ईश्वर से सभी के सुरक्षित होने की प्रार्थना करता हूं."
परमाणु निगरानी संस्था ने ईरान की यूरेनियम संवर्धन क्षमता को लेकर किया यह दावा
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, रफ़ाएल ग्रोसी ने बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी मीडिया नेटवर्क सीबीएस न्यूज़ को इंटरव्यू दिया है
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक रफ़ाएल ग्रोसी का कहना है कि ईरान के पास कुछ महीनों के भीतर फिर से यूरेनियम संवर्धन शुरू करने की क्षमता है.
बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि अमेरिका के हमलों से ईरान के परमाणु ठिकानों को क्षति तो हुई है, लेकिन पूरी तरह से नष्ट नहीं हुआ है.
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक ने यह बात ऐसे समय में बोली है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों को पूरी तरह से 'नष्ट कर दिया' है.
इसराइल ने 13 जून को ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला कर दावा किया था कि वो परमाणु बनाने के क़रीब है. इसके बाद अमेरिका ने ईरान के फ़ोर्दो, नतांज़ और इस्फ़हान परमाणु ठिकानों पर हमला किया था.
इसराइल और अमेरिका के हमले पर ईरान ने भी जवाबी हमला किया था.
भोपाल में 90 डिग्री मोड़ वाले फ़्लाईओवर मामले पर सीएम ने की ये कार्रवाई, शुरैह नियाज़ी, भोपाल से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, शुरैह नियाज़ी
इमेज कैप्शन, 90 डिग्री मोड़ वाले रेलवे ओवरब्रिज में कई ख़ामियां सामने आई थीं
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में 90 डिग्री मोड़ वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण में ख़ामियों के मामले में सात इंजीनियरों को निलंबित कर दिया. साथ ही रिटायर्ड इंजीनियर के ख़िलाफ़ भी विभागीय जांच की जाएगी.
सरकार ने इस आरओबी की डिज़ाइन बनाने और निर्माण करने वाली दो फ़र्मों को भी ब्लैक लिस्ट कर दिया है.
सस्पेंड होने वालों में दो चीफ़ इंजीनियर हैं. इन इंजीनियरों और फ़र्मों ने ही आरओबी की डीपीआर बनाई और उसके बाद स्वीकृति देकर निर्माण कराया.
आशंका जताई जा रही थी कि इसमें आवागमन होने पर हादसे हो सकते हैं. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसकी जांच करवाई और रिपोर्ट आने के बाद ज़िम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री यादव ने ऐशबाग आरओबी के निर्माण में हुई ‘गंभीर लापरवाही’ का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिये थे.
उन्होंने कहा, ‘‘जांच रिपोर्ट के आधार पर लोक निर्माण विभाग के आठ इंजीनियरोंके ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई है. दो मुख्य अभियंताओं सहित सात अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. एक रिटायर्ड एसई के ख़िलाफ़ विभागीय जांच की जाएगी."
उन्होंने कहा, ‘‘इस परियोजना में आरओबी का त्रुटिपूर्ण डिज़ाइन प्रस्तुत करने पर निर्माण एजेंसी एवं डिज़ाइन कंसल्टेंट, दोनों को ब्लैकलिस्ट किया गया है.’’
मुख्यमंत्री ने कहा है कि आरओबी में आवश्यक सुधार के लिए कमेटी बनाई गई है और सुधार के बाद ही आरओबी का लोकार्पण किया जाएगा.
ओडिशा: पुरी में हुई भगदड़ पर पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने सरकार पर उठाए सवाल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रशासन के राहत-बचाव कार्य पर भी सवाल उठाए हैं
ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ पर पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रतिक्रिया दी है.
नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि पुरी में हुई इस दुखद भगदड़ में अपनी जान गंवाने वाले तीनों श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं.
उन्होंने कहा है कि इस हृदय विदारक घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना महाप्रभु जगन्नाथ से करता हूं.
नवीन पटनायक ने बताया है कि 'प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस भयानक त्रासदी के शुरू में श्रद्धालुओं के परिजनों ने ही राहत कार्य शुरू किया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई सरकारी मशीनरी मौजूद नहीं थी. ये लापरवाही दिखाता है.'
ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं.
ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ में तीन की मौत, 6 घायल, संदीप साहू भुवनेश्वर से, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Biswaranjan Mishra
इमेज कैप्शन, ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़
ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं.
पुरी के जिलाधिकारी सिद्धार्थ एस. स्वाईं ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी है.
रथ यात्रा संपन्न होने के एक दिन बाद आज तड़के पुरी में रथ पर सवार त्रिमूर्ति (जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा) को देखने के लिए भीड़ उमड़ी थी, जहां यह हादसा हुआ.
रथ यात्रा के दौरान भगदड़ में मौतें पहले भी हुई हैं, लेकिन यह पहला मौका है जब रथ यात्रा संपन्न होने के बाद भगदड़ मची है.
दुर्घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुरी के जिलाधिकारी सिद्धार्थ एस. स्वाईं ने कहा कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं.
उन्होंने कहा, "तड़के चार और पांच बजे के बीच भीड़ काफी बढ़ गई और भगदड़ मच गई. कुल 9 लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती किया गया. उनमें से तीन की मौत हो गई है. बाकी 6 की हालत अभी खतरे से बाहर है. घटना कैसे घटी, इसकी जांच की जाएगी. लेकिन फिलहाल प्रशासन दर्शन व्यवस्था को नियंत्रित करने पर जोर दे रहा है."
ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भूस्खलन, 9 मजदूर लापता
इमेज स्रोत, @UttarkashiPol
इमेज कैप्शन, बचाव और राहत कार्य जारी है
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सिलाई बैंड के पास भूस्खलन के कारण नौ मजदूर लापता हैं. उत्तरकाशी पुलिस ने इसकी जानकारी दी है.
उत्तरकाशी पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालीगाड़ से करीब 4-5 किलोमीटर दूर सिलाई बैंड के पास अतिवृष्टि (भूस्खलन) के कारण 9 मजदूरों के लापता होने की सूचना है."
पुलिस ने आगे बताया, "पुलिस, एसडीआरएफ, एनएच बड़कोट, स्वास्थ्य विभाग आदि टीमों द्वारा राहत एवं खोज-बचाव का कार्य किया जा रहा है."
पुलिस के मुताबिक़, लेबर कैंप भूस्खलन की चपेट में आ गया. कैंप में 19 श्रमिक रह रहे थे. इनमें से दस श्रमिक सुरक्षित हैं और इन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी एक्स पर इससे जुड़ी जानकारी दी है.
उन्होंने एक्स पर लिखा है, "जनपद उत्तरकाशी की बड़कोट तहसील के सिलाई बैंड क्षेत्र में हुए भूस्खलन की दुखद घटना में कुछ श्रमिकों के लापता होने की सूचना मिली है."
"एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित अन्य दल घटनास्थल पर पहुंचकर सघन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. इस मामले में लगातार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हूं. ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं."