ट्रंप के टैरिफ़ प्लान को लेकर क्या बोले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि 2 अप्रैल से कई देशों पर अमेरिका के नए टैरिफ़ लागू हो जाएंगे. इसे लेकर कनाडा की क्या तैयारी है?

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और हिमांशु दुबे

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  2. ट्रंप के टैरिफ़ प्लान को लेकर क्या बोले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी?

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि कनाडा की प्रतिक्रिया ट्रंप की घोषणा पर निर्भर होगी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि 2 अप्रैल से कई देशों पर अमेरिका के नए टैरिफ़ लागू हो जाएंगे. इसे लेकर कनाडा की क्या तैयारी है?

    कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से यही सवाल किया गया था. इसके जवाब में कार्नी ने संवाददाताओं से कहा, “हम अमेरिकी श्रमिकों की तुलना में कनाडा के निर्माताओं और श्रमिकों का नुक़सान नहीं होने देंगे.”

    कार्नी ने कहा कि "समान अवसर तैयार" करने के लिए कुछ मुद्दे हैं, जिन पर कनाडा अपनी ओर से काम कर सकता है. हालांकि, यह भी इस बात पर निर्भर करता है कि अमेरिका किस तरह के व्यापक कदम उठाता है.

    उन्होंने कहा कि इस मामले में कनाडा की प्रतिक्रिया 'समझदारी से भरी' होगी.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वो 2 अप्रैल से नए टैरिफ़ लगाएंगे.

  3. आईपीएलः लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स के सामने रखा 172 रन का टारगेट

    आईपीएल 2025

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और लखनऊ सुपर जायंंट्स के कप्तान ऋषभ पंत

    आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के तहत मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच खेला जा रहा है.

    लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुक़सान पर 171 रन बनाए, और पंजाब किंग्स को 172 रन का टारगेट दिया.

    लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से एडेन मारकम ने 18 गेंदों पर 28 रन, निकोलस पूरन ने 30 गेंदों पर 44 रन, आयुष बदानी ने 33 गेंदों पर 41 रन बनाए.

    अब्दुल समद ने 12 गेंदों पर 27 रनों की आतिशी पारी खेलकर एलएसजी का स्कोर 171 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

    इससे पहले, पंजाब किंग्स ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. पंजाब किंग्स की ओर से तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह ने 43 रन देकर 3 विकेट लिए.

    हालांकि, बल्लेबाज़ी करने उतरी लखनऊ सुपर जॉयंट्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और नियमित अंतराल पर उसके विकेट गिरते रहे. आख़िर में अब्दुल समद ने ज़रूर कुछ तेज़ी दिखाई.

  4. भारतीय महिला हॉकी टीम की सीनियर खिलाड़ी वंदना कटारिया ने संन्यास क्यों ले लिया?

    पूर्व हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया.

    इमेज स्रोत, @VandanaHockey16

    इमेज कैप्शन, वंदना कटारिया ने भारत के लिए 300 से ज़्यादा मैच खेले हैं

    भारतीय महिला हॉकी टीम की सीनियर खिलाड़ी वंदना कटारिया ने मंगलवार को हॉकी से संन्यास की घोषणा कर दी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वंदना ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत ही कठिन फ़ैसला था. मैं लंबे समय से संन्यास के बारे में सोच रही थी. अब कई युवा खिलाड़ी आ रही हैं और अच्छा खेल रही हैं.”

    “दो-तीन दिनों से मुझे अच्छा नहीं लग रहा था. मैं अपना मन बना लिया था, और यह निर्णय ले लिया. हमें युवाओं को मौका देना चाहिए.”

    वंदना कटारिया ने भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए तीन सौ से ज़्यादा मैच खेल कर सौ से ज़्यादा गोल किए हैं. वंदना कटारिया पूर्व ओलंपियन हैं और पद्मश्री से सम्मानित हैं.

    हॉकी इंडिया की ओर से 1 नवंबर 2023 को एक्स पर एक पोस्ट की गई थी. इसके मुताबिक, वंदना कटारिया ने भारत के लिए 300 वां हॉकी मैच खेला था.

    भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में वंदना कटारिया का नाम सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी के तौर पर दर्ज़ है. वंदना ने सीनियर टीम में साल 2009 में डेब्यू किया था.

    साल 2020 के टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चौथा स्थान हासिल किया था. वंदना कटारिया इस टीम का हिस्सा थीं.

  5. वक़्फ़ संशोधन विधेयक को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने बैठक के बाद क्या कहा?

    जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि वो इस बिल का समर्थन नहीं कर सकते हैं.

    इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार शाम दिल्ली में हुई बैठक में हिस्सा लिया. इसमें वक़्फ़ संशोधन विधेयक के संसद में पेश होने और पास किए जाने के दौरान विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की गई.

    ऐसी चर्चा है कि केंद्र सरकार बुधवार को संसद में इस विधेयक को पेश कर सकती है. इसके मद्देनज़र इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई. इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी हिस्सा लिया.

    कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, “हमें हमारे संवैधानिक मूल्यों को बचाना चाहिए. यह विधेयक असंवैधानिक है. इसलिए, इंडिया गठबंधन और अन्य दल इसके ख़िलाफ़ वोट करेंगे.”

    टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक और वक़्फ़ संशोधन विधेयक को लेकर कहा, “हम चर्चा चाहते हैं. बीजेपी चर्चा में हिस्सा नहीं लेना चाहती है.”

    एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, “हम चर्चा में हिस्सा लेंगे. हम उनकी बात सुनेंगे. हम हमारा सच सामने रखेंगे. इंडिया गठबंधन की चर्चा अच्छी रही. हम मिलकर बहस करेंगे.”

    उन्होंने कहा, “सशक्त लोकतंत्र में देश किसी के मन से नहीं चलता है, देश संविधान से चलता है.”

    आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, “इस पर चर्चा होगी कि यह विधेयक किस तरह ग़ैर-संवैधानिक है. किस तरह से अल्पसंख्यकों पर हमला करने की योजना बन रही है.”

    डीएमकेसांसद टी. सिवा ने कहा, “हम चर्चा में हिस्सा लेंगे. हम अपने विचार व्यक्त करेंगे. यह बहुत महत्वपूर्ण विधेयक है. लोगों तक हमारे विचार पहुंचना चाहिए.”

    इससे पहले, उमरअब्दुल्ला ने कहा था, “इस बिल से ऐसा लगता है कि एक ही मज़हब को निशाना बनाया जा रहा है. मैंने बार-बार यह कहा है कि हर मज़हब के अपने दायरे होते हैं. हर मज़हब का एक चैरिटेबल विंग होता है.”

    “ख़ैरात का एक सिलसिला रहता है, जो हम वक़्फ़ के ज़रिए करते हैं. वक़्फ़ को इस तरह निशाना बनाना अफ़सोस की बात है. हम इस बिल की हिमायत नहीं कर सकते हैं. हमारे जो सांसद हैं, वो इस बिल की मुख़ालफ़त करेंगे.”

  6. भाषा और खान-पान पर होने वाले विवादों पर आदित्य ठाकरे ने बीजेपी को घेरा, क्या कहा?

    शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि सारे विवाद भाजपा के राज में क्यों होते हैं.

    शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने भाषा और खान-पान को लेकर होने वाले विवादों पर बीजेपी को घेरा है.

    उन्होंने कहा, “भाषा की पॉलिटिक्स हो, वेज-नॉनवेज की पॉलिटिक्स हो, हिंदू-मुस्लिम की पॉलिटिक्स हो, हिंदुओं में भी जाति की पॉलिटिक्स हो, ये जहां-जहां भाजपा राज करती है, वहीं क्यों होती है?”

    ”हमारी भी ढाई साल की सरकार थी, तब ऐसा कोई मामला नहीं था. शांत था सब. बहुत सारे राज्य ऐसे हैं देश में, जहां भाजपा नहीं है, वहां सब स्थिति अच्छी है. फिर जहां-जहां भाजपा राज करती है, हिंदुत्व ख़तरे में कैसे आ जाता है?”

    आदित्य ठाकरे ने कहा, ”जहां-जहां भाजपा राज करती है, वहां की सुख-समृद्धि ख़तरे में क्यों आ जाती है? क्योंकि, भाजपा यही चाहती है कि हम लड़ते-झगड़ते रहें ताकि जो मूल विषय हैं, उनसे हम विचलित हो जाएं.”

    ”हर कोई हर भाषा सीखे. लेकिन, हर राज्य में, राज्य की जो भाषा होती है, उसका मान- सम्मान होना चाहिए.”

    उन्होंने कहा, ”यदि कोई उसका अपमान करता है और कहता है कि मैं यह भाषा नहीं बोलूंगा, या उस भाषा का अपमान होता है, या महाराष्ट्र जैसी परिस्थिति हो, जहां क़ानून का दबाव ही ना हो, किसी को डर ही ना हो, तो कोई ना कोई क़ानून अपने हाथों में लेता है.”

  7. दिल्ली की एक अदालत ने कपिल मिश्रा पर लगे आरोपों की जांच के आदेश क्यों दिए?

    दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा

    इमेज स्रोत, @KapilMishra_IND

    इमेज कैप्शन, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा पर दिल्ली दंगों में शामिल होने का आरोप है.

    दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली सरकार में क़ानून मंत्री कपिल मिश्रा के उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में शामिल होने के आरोपों की जांच करने के आदेश दिए हैं.

    कपिल मिश्रा पर इन दंगों में शामिल होने का आरोप है. अदालत ने यह निर्देश दिया है कि इस मामले में आगे की जांच की जाए.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अदालत ने कपिल मिश्रा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज़ कराए जाने के आवेदन को स्वीकार कर लिया.

    कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली पुलिस ने जो सामग्री उपलब्ध कराई है, उसके मुताबिक इस बात की पुष्टि हुई है कि कर्दमपुरी इलाक़े में कपिल मिश्रा मौजूद थे. यह एक संज्ञेय अपराध है, जिसकी जांच की जानी चाहिए.

    आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कपिल मिश्रा पर लगे आरोपों की जांच किए जाने और उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज़ किए जाने की मांग को लेकर टिप्पणी की.

    उन्होंने कहा, “2020 के दंगे सब लोगों ने देखे हैं, और कपिल मिश्रा ने जो बयान दिए, और जिस तरह से दंगे भड़काए, वो सब लोगों ने देखा है. ये टीवी पर है. वीडियो में है. पुलिस के सामने भी है.”

    “पांच साल तक पुलिस ने उन पर कोई मुक़दमा दर्ज़ नहीं किया. अब कोर्ट के आदेश पर उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज़ हुई है. ये दिल्ली पुलिस के लिए शर्म की बात है.”

    “कपिल मिश्रा को एक भी दिन मंत्री रहने का अधिकार नहीं है. उनको तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए.”

  8. राजस्थानः फैक्ट्री में लीक हुई नाइट्रोजन गैस, तीन लोगों की मौत, 60 अस्पताल में भर्ती

    ज़िला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत

    इमेज स्रोत, @mahenkha

    इमेज कैप्शन, ज़िला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत ने कहा है कि ऐसी फैक्ट्रियों के सर्वे के लिए टीम गठित की गई है.

    राजस्थान के ब्यावर ज़िले में एक एसिड फैक्ट्री में नाइट्रोजन गैस लीक होने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई. 60 से ज़्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

    कलेक्टर महेंद्र खड़गावत ने कहा, “एक फैक्ट्री अवैध ढंग से चल रही थी. उसमें से नाइट्रोजन गैस लीक हो गई. पुलिस और प्रशासन के लोगों ने समय से वहां पहुंचकर लीक को रोक दिया, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी.”

    उन्होंने बताया, "घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है. इनमें से एक फैक्ट्री का मालिक भी है."

    एसडीएम दिव्यांश सिंह ने कहा, “जांच जारी है. एक संयुक्त टीम गठित की गई है.”

    “ये टीम सर्वे के ज़रिए ब्यावर में मौजूद ऐसी फैक्ट्रियों का पता लगाएगी, ताकि उन फैक्ट्रियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जा सके, जो नियमों का पालन नहीं कर रही हैं. एक एफ़आईआर दर्ज की गई है.”

    प्रशासन ने फैक्ट्री की सीज़ करने के आदेश दिए हैं. इलाक़े को खाली भी करवाया गया है.

  9. बीजेपी ने अपने सांसदों को व्हिप क्यों जारी किया?

    संसद में मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संसद में मोदी

    भारतीय जनता पार्टी ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए मंगलवार को व्हिप जारी किया. बुधवार को पार्टी के सभी सांसदों को संसद में उपस्थित रहने को कहा गया है.

    यह व्हिप लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल की ओर से जारी किया गया है. बुधवार को वक़्फ़ संशोधन विधेयक पास करने के लिए संसद में रखा जा सकता है.

    इसमें लिखा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के सभी लोकसभा सांसदों को सूचना दी जाती है कि लोकसभा में कुछ अति महत्वपूर्ण विधायी कार्य पारित करने के लिए बुधवार दिनांक 2 अप्रैल 2025 को लाए जाएंगे.

    भारतीय जनता पार्टी के सभी लोकसभा सदस्यों से निवेदन है कि वे बुधवार दिनांक 2 अप्रैल 2025 को पूरे समय सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सरकार के पक्ष का समर्थन करें.

    बीजेपी ने पार्टी के राज्यसभा सांसदों को भी व्हिप जारी किया है. इसमें सांसदों से गुरुवार को सदन में मौजूद रहने को कहा गया है.

    बीजेपी की ओर से जारी व्हिप.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी की ओर से जारी व्हिप.

    इससे पहले, वक़्फ़ संशोधन विधेयक को लेकर सपा नेता अखिलेश यादव ने आपत्ति जताई थी. उन्होंने कहा था, "हम लोग इसके ख़िलाफ़ इसलिए हैं, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी हर जगह हस्तक्षेप करना चाहती है."

    वहीं, एआईएमआईएम के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था, "ये वक़्फ़ बिल असंवैधानिक है. ये वक़्फ़ संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 का उल्लघंन है."

    जेडी (यू) और टीडीपी ने भी अपने सांसदों को व्हिप जारी करके संसद में उपस्थित रहने को कहा है. जेडी(यू) और टीडीपी वक़्फ़ संशोधन विधेयक के मामले पर केंद्र सरकार का समर्थन करेगी.

  10. पश्चिम बंगालः पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    अग्निकांड

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS

    इमेज कैप्शन, इस अग्निकांड में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई.

    पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24-परगना ज़िले के पाथर प्रतिमा इलाक़े में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में रखे पटाखों के भंडार में विस्फोट और अग्निकांड हुआ था.

    इस घटना में मंगलवार दोपहर एक और व्यक्ति की मौत हो गई. इसके साथ ही इस घटना में मरने वालों की तादाद बढ़ कर आठ हो गई है, मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं और ये सभी एक ही परिवार के हैं.

    पुलिस ने बताया कि घटना के समय उस परिवार के ग्यारह में से तीन लोग घर के बाहर थे.

    इन तीनों के अलावा बाकी सभी लोगों की मौत हो चुकी है. पुलिस ने पटाखे का कारोबार करने वाले उस परिवार के दोनों भाइयों चंद्रकांत बनिक और तुषार बनिक के ख़िलाफ़ ग़ैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है.

    पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों के पास पटाखे के कारोबार का लाइसेंस था. घर में भारी मात्रा में पटाखे रखे थे. किसी वजह से उसमें विस्फोट हो गया. इससे बनिक परिवार के सात सदस्यों की मौक़े पर ही मौत हो गई.

    पुलिस

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने बताया कि 11 सदस्यीय परिवार के तीन लोग घर के बाहर थे.

    मरने वालों में चंद्रकांत और तुषार के पिता अरविंद बनिक (65 साल), दादी प्रभावती बनिक (80 साल), चंद्रकांत की पत्नी सांत्वना बनिक (28), पुत्र अर्णव बनिक (9), पुत्री अस्मिता बनिक (8 महीने) और तुषार की पुत्री अनुष्का बनिक (6) और पुत्र अंकित बनिक (6 महीने) शामिल हैं.

    दोनों भाई और उनकी मां उस समय घर से बाहर थीं. तुषार की पत्नी रूपा ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया. लेकिन, स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस मकान में विस्फोट हुआ, वहां लंबे समय से अवैध तरीके से पटाखे बनाए जा रहे थे.

    उनका कहना था कि प्रशासन ने अगर पहले इस मामले में हस्तक्षेप किया होता, तो इस हादसे से बचा जा सकता था.

  11. वक़्फ़ बोर्ड अधिनियम विधेयक पर क्या बोले अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी?

    एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और समाजवादी नेता अखिलेश यादव.

    इमेज स्रोत, ANI/SCREENSHOT

    इमेज कैप्शन, सांसद ओवैसी ने कहा है कि ये वक़्फ़ बिल असंवैधानिक है.

    समाजवादी नेता अखिलेश यादव और एआईएमआईएम के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने वक़्फ़ बोर्ड अधिनियम विधेयक पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

    सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा, "हम लोग वक़्फ़ बोर्ड के ख़िलाफ़ इसलिए हैं, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी हर जगह हस्तक्षेप करना चाहती है. भारतीय जनता पार्टी हर जगह अपना कंट्रोल चाहती है."

    वहीं एआईएमआईएम के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने वक़्फ़ बिल को असंवैधानिक बताया है.

    उन्होंने कहा, "ये वक़्फ़ बिल असंवैधानिक है. ये वक़्फ़ संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 का उल्लघंन है."

    "अगर चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार, चिराग पासवान और जयंत चौधरी इस बिल की तारीफ करेंगे, तो वो अपने राजनीतिक कारणों से करेंगे. अगर पांच साल के बाद आप जनता के सामने जाएंगे, तब आप क्या जवाब देंगे."

  12. राजस्थानः ईद की नमाज़ के बाद लगे फ़लस्तीन के समर्थन में नारे, 14 से ज़्यादा लोगों पर एफ़आईआर, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    नारे लगाते फ़लस्तीन के समर्थन

    इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena

    इमेज कैप्शन, पुलिस के अनुसार, इस घटना के बाद से बारां शहर में दूसरे समुदाय के लोगों में भी आक्रोश है.

    राजस्थान के बारां ज़िले में सोमवार को ईद के मौक़े पर नमाज़ अदा करने के बाद फ़लस्तीन के समर्थन में नारेबाज़ी की गई. इस मामले में पुलिस ने 14 नामजद समेत अन्य लोगों पर एफ़आईआर दर्ज की है.

    इस मामले में बारां ज़िले के एडिशनल पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश चौधरी ने बीबीसी हिंदी से फ़ोन पर बात की है.

    उन्होंने बताया, "ईद की नमाज़ के बाद बारां शहर में मुस्लिम समाज के कुछ लोगों और विशेष तौर पर तथाकथित सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ़ इंडिया (एसडीपीआई) के कार्यकर्ताओं ने फ़लस्तीन के झंडे लहराए. उन्होंने फ़लस्तीन ज़िंदाबाद और इसराइल मुर्दाबाद के नारे लगाए."

    उन्होंने बताया, "नारेबाज़ी के बाद माहौल थोड़ा गरमा गया था. इसके बाद ये लोग ईदगाह से मांगरोल रोड पर अंजुमन चौराहे पर पहुंचे और वहां डीजे लगाकर नारेबाज़ी की."

    पुलिस के अनुसार, इस घटना के बाद से बारां शहर में दूसरे समुदाय के लोगों में भी आक्रोश है.

    एएसपी राजेश चौधरी के मुताबिक़, "इस मामले में हमने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 299, 353 के तहत कोतवाली पुलिस थाने में एफ़आईआर दर्ज की है. एफ़आईआर में 14 लोगों को नामजद किया है और कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं."

    पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है. एएसपी के अनुसार, जांच होने के बाद कई और नामों का पता लगेगा.

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके आप पढ़ सकते हैं.

    - चीन गए मोहम्मद यूनुस पूर्वोत्तर के सात राज्यों पर क्या बोल गए कि हो गया विवाद

    - मोहनलाल की नई फ़िल्म एमपुरान का क्यों कर रहे हैं कुछ लोग विरोध? क्या है पूरा विवाद

    - आईपीएल में विकेटकीपिंग सुपरहिट, लेकिन फ़िनिशर धोनी कहाँ गए?

    - ट्रंप चाहते हैं कि भारत अमेरिका से खरीदे अनाज, पर क्यों नहीं है ये मुमकिन?

    - इनकम टैक्स से लेकर UPI पेमेंट तक, एक अप्रैल से लागू होंगे ये छह बड़े बदलाव

  14. पास्टर बजिंदर सिंह को उम्र क़ैद, रेप के केस में मोहाली की अदालत ने सुनाई सज़ा

    पास्टर बजिंदर सिंह

    इमेज स्रोत, Bajinder Singh Ministries/FB

    इमेज कैप्शन, पास्टर बजिंदर सिंह हरियाणा के करनाल ज़िले के रहने वाले हैं. उनकी चर्च की देशभर में 260 शाखाएं हैं. इनकी सबसे बड़ी चर्च मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में है.

    जालंधर में 'द चर्च ऑफ़ ग्लोरी एंड विज़डम' के संस्थापक पास्टर बजिंदर सिंह को साल 2018 के बलात्कार मामले में मोहाली की एक अदालत ने आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई है.

    इस मामले में पास्टर बजिंदर सिंह को 28 मार्च को दोषी पाया गया था. इस मामले की सुनवाई के बाद पुलिस ने बजिंदर सिंह को गिरफ़्तार कर लिया था.

    साल 2018 में बजिंदर सिंह समेत छह लोगों के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था.

    यह मामला ज़ीरकपुर निवासी एक महिला ने दर्ज करवाया था.

    28 मार्च को इस मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने शेष पांच आरोपियों को बरी कर दिया था.

    महिला ने कोर्ट के फ़ैसले पर संतोष व्यक्त किया है.

    बजिंदर सिंह को सज़ा सुनाए जाने के बाद महिला ने कहा,"मैं पिछले सात सालों से न्याय के लिए अदालतों और पुलिस के चक्कर लगा रही हूं, लेकिन आज की सुनवाई के बाद मैं बहुत खुश हूं."

    इस सुनवाई के बाद उन्होंने न्यायाधीश और अपने वकील को धन्यवाद दिया.

    महिला ने कहा कि बजिंदर सिंह धर्म के नाम पर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं. महिला ने डीजीपी से सुरक्षा की भी मांग की है.

  15. सड़क पर नमाज़ पढ़ने की पाबंदी पर क्या बोले असदुद्दीन ओवैसी

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    उत्तर प्रदेश में सड़कों पर नमाज़ पढ़ने की पाबंदी पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "हेलीकॉप्टर से फूल बरसाना सही है, कांवड़ यात्रा भी चलती है. अभी आरएसएस की परेड सड़क पर हो रही है. तो हमें भी सड़क पर नमाज़ पढ़ने दीजिए. हर धर्म के त्योहार सड़क पर ही मनाए जाते हैं और अगर इससे किसी को कोई दिक्कत नहीं है, तो आपको मुस्लिम धर्म से क्यों तकलीफ हो रही है?"

    ओवैसी ने कहा कि 'देश का कोई एक धर्म नहीं है, इस देश की खूबसूरती इसकी विविधता में है.'

    ओवैसी ने ये भी कहा, "आप सिर्फ़ एक विचारधारा की बात कर रहे हैं और वह आरएसएस की विचारधारा है, जो संविधान से टकराती है."

    ईद के मौक़े पर उत्तर प्रदेश में सड़क पर नमाज़ अदा करने पर पाबंदी लगाई गई थी.

  16. झारखंड में दो मालगाड़ियों की आमने सामने टक्कर, दो लोको पायलट की मौत

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दो मालगाड़ियों में आमने सामने की टक्कर हुई है. (सांकेतिक तस्वीर)

    झारखंड में मंगलवार को तड़के दो माल गाड़ियों की आमने सामने भीषण टक्कर हो गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक यह हादसा झारखंड के साहिबगंज में हुआ.

    हादसे में दो ट्रेन ड्राइवरों की मौत हो गई हैं और चार लोग घायल हुए हैं.

    पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 3 बजे बरहेट थाना क्षेत्र के भोगनाडीह के पास हुआ. दोनों ट्रेनें सरकारी बिजली कंपनी एनटीपीसी की थीं.

    जिस ट्रैक पर हादसा हुआ, वह भी एनटीपीसी का है. और इस ट्रैक को मुख्य रूप से पॉवर प्लांट्स तक कोयला पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

  17. यूएन ने ग़ज़ा में इसराइली हमले में हुई 15 मौतों की जांच के बारे में क्या बताया?, टॉम बैटमेन और सोफ़िया फ़रेरा सैंटोस , बीबीसी न्यूज़

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली हमले में मरने वालों के परिजन

    अमेरिका ने कहा है कि ग़ज़ा के संघर्ष से जुड़े सभी पक्षों को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का पालन करना चाहिए.

    ये बयान इसराइली सेना के हमले में 15 लोगों के मारे जाने के बाद आया है. मरने वालों में एक सहायक चिकित्सक, नागरिक सुरक्षा कर्मी और एक सयुंक्त राष्ट्र का अधिकारी शामिल थे.

    इन मौतों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा, "ग़ज़ा में जो कुछ भी हो रहा है, वह हमास की वजह से हो रहा है.”

    उधर संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि 23 मार्च को हुए सिलसिलेवार हमलों में पांच एंबुलेंसों, एक दमकल गाड़ी और एक यूएन की गाड़ी को निशाना बनाया गया.

    इसराइली सेना ने क्या कहा

    इसराइली सेना का दावा है कि उन्हीं वाहनों को निशाना बनाया गया है जो बिना हेडलाइट या आपातकालीन संकेतों के चलाए जा रहे थे.

    सेना ने कहा है कि इन हमलों में हमास का सदस्य और कुछ अन्य लड़ाके भी मारे गए हैं.

    हमलों के बाद शवों को इकट्ठा कर रेत में दफनाने के बारे में सेना ने कोई बयान नहीं दिया है.

  18. उत्तराखंड में बदले गए कई जगहों के नाम, औरंगज़ेबपुर बना शिवाजी नगर और आर्य नगर होगा गाज़ीवाली का नया नाम, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए

    पुष्कर सिंह धामी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने इस फ़ैसले को भारतीय संस्कृति के अनुरूप बताया है

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के चार ज़िलों में स्थित विभिन्न स्थानों के नाम बदलने की घोषणा की है.

    सीएम धामी ने इस फ़ैसले को 'जनभावना और भारतीय संस्कृति और विरासत' के अनुरूप बताया है.

    31 मार्च, सोमवार देर शाम, सीएम धामी ने एक महत्वपूर्ण फ़ैसला लेते हुए जनपद हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और उधम सिंह नगर में स्थित विभिन्न स्थानों के नाम बदलने की घोषणा की.

    घोषणा के अनुसार, हरिद्वार ज़िले में औरंगज़ेबपुर का शिवाजी नगर, गाज़ीवाली का आर्य नगर, चांदपुर का ज्योतिबा फुले नगर, मोहम्मदपुर जट का मोहनपुर जट, ख़ानपुर कुर्सली का अंबेडकर नगर, इंदरीशपुर का नंदपुर, ख़ानपुर का श्रीकृष्णपुर, अकबरपुर फाजलपुर का नाम विजयनगर किया जाएगा.

    देहरादून जनपद में मियांवाला का रामजीवाला, पीरवाला का केसरी नगर, चांदपुर खुर्द का पृथ्वीराज नगर, अब्दुल्ला नगर का नाम दक्ष नगर किया जाएगा.

    वहीं नैनीताल ज़िले में नवाबी रोड का अटल मार्ग, पनचक्की से आईटीआई मार्ग का नाम गुरु गोवलकर मार्ग किया जाएगा.

    इसी के साथ उधमसिंह नगर में नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी का नाम बदलकर कौशल्या पुरी किये जाने की घोषणा की गई है.

    उत्तराखंड सरकार की ओर से जारी की गई स्थानों के बदले नामों की सूची

    इमेज स्रोत, @DIPR_UK

    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड सरकार की ओर से जारी की गई स्थानों के बदले नामों की सूची

    जगहों के नाम बदले जाने को लेकर कांग्रेस ने इसे ध्रुवीकरण की राजनीति बताया है.

    कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, “सरकार के पास अपने आठ सालों के काम बताने को नहीं है, तो जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह नाम बदलने का ढोंग किया जा रहा है.”

    वहीं कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का कहना है,”यह केवल ध्रुवीकरण की राजनीति है और इसका किसी भी प्रकार से राज्य की जनता का कोई भला नहीं है.”

    “उत्तरप्रदेश की तरह ही उत्तराखंड सरकार भी उसी रास्ते पर चल रही है. क्या नाम बदलने से प्रदेश में बेरोज़गारी दूर हो जाएगी!"

    धस्माना ने कहा “ईद के दिन सरकार मुस्लिम नामों को समाप्त करके ध्रुवीकरण की राजनीति करने में जुटी है.”

    उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने उत्तराखंड सरकार के इस कदम की अलोचना की है.
  19. अंतरिक्ष से लौटने के बाद पहली बार बोलीं सुनीता विलियम्स, भारत के बारे में कही ये बात

    सुनीता विलियम्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर ने अंतरिक्ष से लौटने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनीता विलियम्स ने अपने अंतरिक्ष से धरती पर लौटने और भारत के बारे में भी चर्चा की.

    उन्होंने कहा, “यह सच में एक चमत्कार जैसा है कि हमारा शरीर कैसे बदलाव के साथ खुद को ढाल लेता है. जब मैं पहले दिन वापिस आई, तो हम सभी थोड़ा लड़खड़ा रहे थे. यह सच में कमाल की बात है कि सिर्फ 24 घंटों में हमारा नर्वस सिस्टम काम करने लगता है. हमारा दिमाग समझ जाता है कि क्या हो रहा है.”

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुनीता विलियम्स से भारत को लेकर भी सवाल पूछा गया था.

    जिस पर उन्होंने जवाब दिया, “भारत एक शानदार देश है. हर बार जब हम हिमालय के ऊपर से गुजरे, तो बुच विलमोर ने वहां के कुछ बेहद खूबसूरत नज़ारे अपने कैमरे में कैद किए.”

    सुनीता विलियम्स ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह भारत आएंगी.

    इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर गईं नासा की अंतरिक्ष यात्री और भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स 286 दिनों के बाद 19 मार्च को पृथ्वी पर लौटीं.

    286 दिनों तक स्पेस स्टेशन पर रहते हुए सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर ने 900 घंटों तक रिसर्च की और इस दौरान उन्होंने 150 वैज्ञानिक प्रयोग किए.

  20. पश्चिम बंगाल में गैस सिलेंडर फटने से 7 लोगों की मौत

    सिलेंडर

    इमेज स्रोत, ANI/SCREENSHOT

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बीते सोमवार रात को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के पाथर प्रतिमा में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से सात लोगों की मौत हो गई.

    इस घटना की जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मरने वालों में चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं.

    सुंदरबन पुलिस जिला एसपी कोटेश्वर राव ने पीटीआई को बताया, “सभी शव बरामद कर लिए गए हैं. घायल महिला को घर से बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”