फ्रेंच ओपन: कोको गॉफ ने जीता वीमेन्स सिंगल्स का खिताब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कोको गॉफ ने फाइनल में सबालेंका को हराया
अमेरिका की टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ ने फ्रेंच ओपन वीमेन्स सिंगल्स का खिताब जीत लिया है.
फाइनल में कोको गॉफ ने महिलाओं की टेनिस रैंकिंग में नंबर वन बेलारूस की आर्यना सबालेंका को मात दी.
गॉफ ने पहला सेट 6-7 से गंवा दिया था. लेकिन इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी की. दूसरे सेट में गॉफ ने सबालेंका को 6-2 से हराया.
आखिरी सेट में सबालेंका ने गॉफ को चुनौती देने की कोशिश की. लेकिन गॉफ आखिरी सेट को 6-4 से जीतकर फ्रेंच ओपन चैंपियन बनीं.
एमपी के सीएम की अमित शाह से अपील- मेघालय में लापता सोनम केस की जांच सीबीआई से कराएं, समीर ख़ान, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Dr Mohan Yadav/Facebook
इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि उन्होंने इस मामले पर मेघालय के मुख्यमंत्री से भी बात की है
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर की रहने वाली सोनम रघुवंशी की गुमशुदगी मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील की है.
सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा, "संकट की इस घड़ी में मध्य प्रदेश सोनम रघुवंशी के परिवार के साथ खड़ा है. मैंने इस संबंध में मेघालय के मुख्यमंत्री से चर्चा की है. मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मेघालय के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं."
सीबीआई जांच की मांग
उन्होंने लिखा, "इस प्रकरण में सीबीआई जाँच आदेशित करने हेतु मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह किया है. सोनम रघुवंशी की सुरक्षित वापसी हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं."
सात जून की सुबह मध्य प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रघुवंशी परिवार से मुलाक़ात की थी. उन्होंने भी सरकार से इस मामले की सीबीआई जांच शुरू करने की अपील की थी.
राजा रघुवंशी का शव मिला, सोनम अब भी लापता
मेघालय में लापता हुईं मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली सोनम रघुवंशी का अब तक कुछ पता नहीं चला है. सोनम अपने पति राजा रघुवंशी के साथ हनीमून पर मेघालय गई थीं.
23 मई को ये दोनों लापता हो गए थे. हालांकि, 11 दिन के बाद 2 जून को ईस्ट खासी हिल्स में वेइसाडोंग फ़ॉल्स के पास क़रीब 150 फ़ीट गहरी खाई में राजा का शव मिला लेकिन सोनम अब भी लापता हैं.
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से कहा- टाल-मटोल मत कीजिए, सवालों का जवाब दीजिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से जवाब मांगा है (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से अपने हालिया लेख 'मैच फिक्सिंग महाराष्ट्र' में किए गए सवालों का जवाब मांगा है.
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को संबोधित करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, "आप एक संवैधानिक संस्था हैं. मध्यस्थों को बिना हस्ताक्षर के, टाल-मटोल वाले नोट जारी करना गंभीर सवालों के जवाब देने का तरीका नहीं है."
दरअसल, राहुल गांधी ने एक लेख, 'मैच फिक्सिंग महाराष्ट्र' लिखा है. इसमें राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली का दावा किया है. इसके बाद न्यूज़ एजेंसियों पर इसका खंडन करते हुए चुनाव आयोग का जवाब आया.
इसमें कहा गया, "महाराष्ट्र मतदाता सूची को लेकर लगाए गए निराधार आरोप रूल ऑफ लॉ पर हमला हैं. इस संबंध में चुनाव आयोग ने 24 दिसंबर 2024 को ही कांग्रेस पार्टी को दिए अपने जवाब में सभी तथ्य स्पष्ट कर दिए थे, जो आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है. ऐसा लगता है कि इन सभी तथ्यों को नजरअंदाज करके बार-बार ऐसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं."
चुनाव आयोग ने यह भी कहा, "किसी के द्वारा गलत सूचना फैलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनके अपने राजनीतिक दल द्वारा नियुक्त हजारों प्रतिनिधियों को बदनाम करना है और लाखों चुनाव कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराना है."
राहुल गांधी ने सवाल उठाया है कि चुनाव आयोग के खंडन का जो नोट शेयर किया गया है, उस पर किसी का हस्ताक्षर नहीं है.
राहुल गांधी ने लिखा, "अगर आपके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो मेरे लेख में किए गए सवालों के जवाब दें और इसे साबित करें:
• महाराष्ट्र सहित सभी राज्यों के लोकसभा और विधानसभा के सबसे हालिया चुनावों के लिए समेकित, डिजिटल, मशीन-रीडएबल मतदाता सूची पब्लिश करें
• महाराष्ट्र के मतदान केंद्रों से शाम 5 बजे के बाद की सभी सीसीटीवी फुटेज़ जारी करें"
राहुल गांधी ने लिखा, "आपकी विश्वसनीयता टाल-मटोल करने से नहीं, बल्कि सच बोलने से सुरक्षित रहेगी."
मेघालय में लापता हुईं सोनम के लिए सड़कों पर उतरीं इंदौर की महिलाएं, सर्च ऑपरेशन तेज़ करने की मांग, समीर ख़ान, इंदौर से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Sameer Khan
इमेज कैप्शन, सोनम के परिवार और दोस्तों को पूरा भरोसा है कि सोनम ज़िंदा हैं
मेघालय में लापता हुईं मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली सोनम रघुवंशी का अब तक कुछ पता नहीं चला है. सोनम अपने पति राजा रघुवंशी के साथ हनीमून मनाने मेघालय गई थीं.
23 मई को ये दोनों लापता हो गए थे. हालांकि, 11 दिन के बाद 2 जून को ईस्ट खासी हिल्स में वेइसाडोंग फ़ॉल्स के पास क़रीब 150 फ़ीट गहरी खाई में राजा का शव मिला लेकिन सोनम अब भी लापता हैं.
सोनम को वापस लाने की मांग करते हुए आज इंदौर की महिलाओं ने प्रदर्शन किया. 'सोनम को न्याय दो' और 'सोनम जिंदा है' जैसे पोस्टर लिए महिलाएं शहर के प्रमुख चौराहों पर पहुंची.
महिलाओं ने मेघालय सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार से सर्च ऑपरेशन को और अधिक व्यापक और प्रभावी बनाने की मांग की है. सोनम के परिवार और दोस्तों को पूरा भरोसा है कि सोनम ज़िंदा हैं और किसी मुसीबत में फंस हुई हैं.
सोनम की सहकर्मी रश्मि सोनी ने कहा कि हादसे से कुछ ही दिन पहले उनकी सोनम से बात हुई थी. उनके मुताबिक़ सोनम ने उन्हें बताया था कि वह अपनी शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं.
रश्मि ने कहा, "सोनम और राजा की बॉन्डिंग बहुत अच्छी थी. वह बहुत खुश थी और उसे कोई तनाव या परेशानी नहीं थी."
वहीं सोनम की मौसी की बेटी शिवानी रघुवंशी ने मेघालय सरकार के सर्च ऑपरेशन पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि सर्च ऑपरेशन को और प्रभावशाली ढंग से चलाने की जरूरत है.
शिवानी ने कहा, "हमें वहां के स्थानीय लोगों से पता चला है कि आज भी ईस्ट खासी हिल्स की कुछ गुफ़ाओं में अवैध गतिविधियां चल रही हैं. हमें पता चला है कि वहां और भी घटनाएं घट चुकी हैं."
उन्होंने कहा, "हमें पूरा यकीन है कि सोनम इन इलाकों में कहीं फंसी हो सकती हैं. ऐसे में सरकार को दिन में सिर्फ कुछ घंटे नहीं, बल्कि पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाना चाहिए और अभियान की दिशा भी बदलनी चाहिए."
इसराइल ने कहा- ग़ज़ा से थाई बंधक का शव बरामद, बारबरा प्लैट अशर और इयान ऐकमैन, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Israel Katz/X
इमेज कैप्शन, थाईलैंड के नागरिक नत्तापोंग पिंटा, जिनका शव बरामद होने की बात इसराइल ने कही है
इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने कहा है कि अक्तूबर 2023 में हमास के हमले के दौरान बंधक बनाए गए थाईलैंड के नागरिक का शव बरामद कर लिया गया है.
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को दक्षिणी ग़ज़ा के रफ़ाह इलाके में एक विशेष ऑपरेशन के दौरान नत्तापोंग पिंटा का शव बरामद किया गया. 35 साल के पिंटा दक्षिणी इसराइल में एक खेतीहर मजदूर के तौर पर काम कर रहे थे, जब उनका अपहरण किया गया था.
एक इसराइली सैन्य अधिकारी ने कहा कि ऐसी संभावना है, अपहरण के पहले महीने के दौरान ही पिंटा की मौत हो गई थी. विशेष ऑपरेशन से पहले, यह पता नहीं था कि पिंटा की मौत हो चुकी है या ज़िंदा हैं.
इससे पहले, इसराइली आर्मी ने इसी हफ़्ते ग़ज़ा में दो इसराइली अमेरिकियों का शव बरामद किया था.
चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में अब क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चिराग पासवान ने कहा कि पहले भी कई कैबिनेट मंत्रियों ने विधानसभा चुनाव लड़ा है
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा है कि अगर वो बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो उसके पीछे की सोच अपनी पार्टी के स्ट्राइक रेट को मज़बूत करना होगा.
उन्होंने कहा, "मैं कहां से विधानसभा का चुनाव लड़ूंगा? लड़ूंगा-नहीं लड़ूंगा जैसा मैंने कहा, इन तमाम विषयों पर चर्चा चल रही है, अंतिम मोहर इस पर संसदीय बोर्ड की तरफ से ही लगेगी."
चिराग पासवान ने कहा, "जो लोग मेरे विधानसभा के चुनाव लड़ने को लेकर ये भ्रम फैला रहे हैं, मेरे ही गठबंधन के भीतर...मैं फिर से इस बात को दोहराता हूं कि अगर मैं विधानसभा का चुनाव लड़ूंगा, तो उसके पीछे की सोच अपने पार्टी की स्ट्राइक रेट को मज़बूत करना होगा, गठबंधन को मज़बूती देना होगा."
उन्होंने कहा कि वो कोई अनोखा काम नहीं कर रहे हैं, राष्ट्रीय स्तर के कई नेताओं और कैबिनेट मंत्रियों ने विधानसभा का चुनाव लड़ा है, उसके पीछे की सोच अपने कार्यकर्ताओं में उत्साह लाने की होती है.
उन्होंने ये भी बताया कि कल उनकी पार्टी आरा में एक बड़ी सभा का आयोजन करने जा रही है.
यूक्रेन के खारकीएव में रूसी हमले में तीन लोगों की मौत, मेयर ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Pavlo Pakhomenko/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, खारकीएव के मेयर के मुताबिक़ रूस ने रात भर शहर की ओर लगभग 50 ड्रोन दागे
यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीएव के मेयर ने कहा है कि रूस ने शनिवार को ड्रोन और मिसाइल हमला किया. उनके मुताबिक़ रूसी हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है और बीस से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए अपडेट में खारकीएव के मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा कि शहर में रात भर हुए हमलों में घायल हुए लोगों की संख्या 21 हो गई है.
उन्होंने कहा कि घायलों में डेढ़ महीने का बच्चा और 14 साल की एक लड़की भी शामिल है.
उन्होंने कहा कि रूस ने रात भर शहर की ओर लगभग 50 ड्रोन लॉन्च किए, जिससे कई इमारतें और घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. उन्होंने इसे रूस की ओर से सबसे शक्तिशाली हमला बताया है.
वहीं शुक्रवार को भी यूक्रेन के कई इलाकों में रूस ने हमला किया था, जिसमें छह लोग मारे गए थे और 80 लोग घायल हो गए थे.
इस हफ़्ते अब तक क्या-क्या हुआ
रविवार: यूक्रेन ने रूस में ड्रोन के ज़रिए रूस के चार सैन्य ठिकानों पर हमला कर कम से कम 40 रूसी लड़ाकू विमानों को निशाना बनाया.
सोमवार: रूस और यूक्रेन ने तुर्की के इस्तांबुल में वार्ता की. इस दौरान दोनों देशों ने सभी बीमार और गंभीर रूप से घायल युद्धबंदियों के साथ-साथ 25 साल से कम उम्र के युद्धबंदियों की अदला-बदली करने पर सहमति जताई.
मंगलवार: रूस और रूसी कब्जे़ वाले क्रीमिया के बीच एक पुल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने कहा कि उसने विस्फोटकों से पुल को क्षतिग्रस्त कर दिया है.
बुधवार: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक़ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनसे फ़ोन पर कहा कि रूस अपने हवाई अड्डों पर यूक्रेनी ड्रोन हमले का जवाब देना होगा.
शुक्रवार: रूस ने शुक्रवार तड़के यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जिसमें छह लोग मारे गए और 80 घायल हो गए.
तेजस्वी यादव ने अपने काफ़िले के साथ हुई दुर्घटना के बारे में दी जानकारी, बताया कैसे हुआ हादसा
इमेज स्रोत, @yadavtejashwi/Getty Images
इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने बताया कि अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो गाड़ी को टक्कर मारी
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने अपने क़ाफ़िले के साथ हुई दुर्घटना की जानकारी देते हुए एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने बताया है कि ये हादसा मधेपुरा से पटना लौटने के दौरान रात को लगभग 1:30 बजे गोरौल, वैशाली में हुआ.
तेजस्वी यादव ने लिखा, "एक बेकाबू ट्रक और गाड़ी ने काफिले में घुस कर जोरदार टक्कर मारी, जिसमें हमारे तीन सुरक्षाकर्मी ज़ख्मी हो गए."
तेजस्वी यादव ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नज़दीक के सदर अस्पताल, हाजीपुर ले जाया गया था. इसके बाद घायलों को पटना में भर्ती कराया गया है.
उन्होंने बताया, "हम सभी लोग चाय पीने के लिए होटल पर रुके थे. अनियंत्रित ट्रक ने जिस बोलेरो गाड़ी को टक्कर मारी, उसी गाड़ी ने हमसे चंद फ़ीट दूर खड़े सुरक्षाकर्मियों को टक्कर मारी."
तेजस्वी यादव ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें नज़र आ रहा है कि वो घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे हैं.
तेजस्वी यादव के मुताबिक़ घायल हुए सभी सुरक्षाकर्मियों का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं.
केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग, रास्ते में खड़ी कार क्षतिग्रस्त, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Asif Ali
इमेज कैप्शन, हेलीकॉप्टर ने बड़ासू स्थित बेस से उड़ान भरी थी
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में शनिवार की दोपहर एक हेलीकॉप्टर की सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई. ये हेलीकॉप्टर केस्ट्रेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था, जो पांच यात्रियों को लेकर केदारनाथ जा रहा था.
टेक-ऑफ़ के बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी ख़राबी आने के कारण पायलट को इसे सड़क पर लैंड करना पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने मौके पर टीम को रवाना कर हेलीकॉप्टर को सड़क से हटवाया.
जिला पर्यटन विकास अधिकारी और हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया, "केस्ट्रेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का एक हेलीकॉप्टर अपने बड़ासू स्थित बेस से केदारनाथ धाम के लिए पांच यात्रियों के साथ टेक-ऑफ़ कर रहा था. इसी दौरान हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खामी आ गई."
उन्होंने कहा, "पायलट ने समय रहते इस गड़बड़ी को भांप लिया और नज़दीक में खाली सड़क देखकर इमरजेंसी लैंडिंग की. हेलीकॉप्टर पर सवार पांचों यात्री सुरक्षित हैं, वहीं पायलट को हल्की चोट आई है."
राहुल चौबे ने बताया कि इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान सड़क पर खड़ी एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. उनके मुताबिक़ इस घटना का हेली शटल सेवा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है.
पंजाब: जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार यूट्यूबर जसबीर सिंह को कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, यूट्यूबर जसबीर सिंह को पंजाब पुलिस ने जासूसी के आरोप में 4 जून को गिरफ़्तार किया था
जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार किए गए यूट्यूबर जसबीर सिंह को मोहाली की एक कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है. ये जानकारी जसबीर सिंह के वकील मोहित कुमार ने मीडिया को दी है.
उनके वकील ने बताया कि पुलिस ने जसबीर सिंह की सात दिन की रिमांड मांगी थी और जज ने दोनों पक्षों को सुनकर दो दिन की रिमांड दी है.
जसबीर सिंह के वकील मोहित कुमार ने कहा, "मीडिया की ओर से जो कहा जा रहा है, वैसी कोई बात नहीं है कि आईएसआई का एजेंट है, ऐसा कुछ नहीं है. जसबीर एक आम व्लॉगर हैं, जो फंस गए हैं."
यूट्यूबर जसबीर सिंह को पंजाब पुलिस ने जासूसी के आरोप में4 जून को गिरफ़्तार किया था.
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक्स पर पोस्ट किया था कि जसबीर सिंह हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के संपर्क में थे, जिन्हें पिछले महीने हरियाणा पुलिस ने जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार किया था.
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने लिखा था कि रूपनगर ज़िले के महलान गांव के निवासी जसबीर सिंह, यूट्यूब चैनल 'जान महल' चलाते हैं और एक जांच में पता चला है कि उनका संबंध एक जासूसी नेटवर्क से है.
गौरव यादव ने लिखा था, "वह हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पाकिस्तानी नागरिक और पाकिस्तान उच्चायोग के निष्कासित अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के साथ भी संपर्क बनाए हुए थे."
अभी तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
तेजस्वी यादव के क़ाफ़िले को अनियंत्रित ट्रक ने मारी टक्कर, हादसे में तीन घायल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव (फ़ाइल फ़ोटो)
शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव का क़ाफ़िला एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया. इस घटना में तेजस्वी यादव को कोई चोट नहीं आई है, हालांकि घटना में तीन जवान घायल हुए हैं.
बिहार पुलिस के मुताबिक़, शनिवार तड़के बिहार के वैशाली ज़िले में तेजस्वी के क़ाफ़िले की दो गाड़ियों को एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में सुरक्षा में तैनात तीन जवान घायल हो गए.
बिहार पुलिस एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्रक ने तेजस्वी यादव की गाड़ी को नहीं, बल्कि उनके क़ाफ़िले की दूसरी गाड़ियों को टक्कर मारी थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक़, ये घटना रात क़रीब 12 बज कर 30 मिनट पर उस समय हुई जब तेजस्वी यादव का क़ाफ़िला पटना-मुज़फ़्फ़रपुर हाईवे पर गोरौल के पास चाय के लिए रुका था.
इस हादसे के बारे में तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्या ने एक्स पर पोस्ट किया.
उन्होंने लिखा, "तेजस्वी की सुरक्षा में स्थानीय प्रशासन के द्वारा बरती गयी लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है, इसकी त्वरित जांच होनी चाहिए. क़ाफ़िले के बीच तेजस्वी की गाड़ी से महज पांच फ़िट की दूरी पर कैसे पहुंचा ट्रक?"
"कहीं ऐसा तो नहीं कि सुरक्षा में कोताही-लापरवाही जानबूझकर बरती गयी और मंशा तेजस्वी को नुक़सान पहुंचाने की थी ?"
रोहिणी ने आरोप लगाया कि तेजस्वी के क़ाफ़िले के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है.
उन्होंने लिखा, "ऐसा पहली दफ़ा नहीं हुआ है, पहले में भी ऐसी घटना तेजस्वी के क़ाफ़िले के साथ हो चुकी है."
गुकेश दोम्माराजू के खेल पर क्या बोले उनके प्रतिद्वंद्वी मैग्नस कार्लसन ?
इमेज स्रोत, Getty Images
नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2025 का ख़िताब पूर्व वर्ल्ड चैंपियन मैग्नस कार्लसन ने अपने नाम कर लिया है. वहीं वर्ल्ड चैंपियन गुकेश दोम्माराजू इस टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रहे हैं.
अपनी जीत के साथ-साथ मैग्नस कार्लसन ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में गुकेश दोम्माराजू और अर्जुन एरिगैसी के बारे में बयान दिया.
गुकेश दोम्माराजू और अर्जुन एरिगैसी के बारे में कार्लसन ने कहा, "वे सभी बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें अभी थोड़ी और तैयारी की ज़रूरत है."
अपनी जीत पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं. टूर्नामेंट जीतने के बाद एक सुकून-सा महसूस हो रहा है. आख़िरी पल तक उतार-चढ़ाव बने रहे, लेकिन जब ख़िताब जीत लिया तो अच्छा लगा."
जब मैग्नस कार्लसन से पूछा गया कि नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2025 में कौन-सा मैच उन्हें सबसे ज़्यादा याद रहेगा, तो उन्होंने जवाब दिया, "हालांकि यह कोई अच्छी याद नहीं है, लेकिन जो मुक़ाबला सबसे ज़्यादा याद रहेगा, वो गुकेश के ख़िलाफ़ खेला गया मैच है."
ग़ज़ा में कैसे मनाई जा रही है ईद-उल-अज़हा, देखें तस्वीरें
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा के नुसरियात रिफ्यूजी कैंप में रहने वाली फ़लस्तीनी बच्ची ईद-उल-अज़हा के मौके़ पर नमाज़ अदा करती हुई
दुनियाभर में इस्लाम धर्म के अनुनायी शनिवार को ईद-उल-अज़हा यानी बकरीद या क़ुर्बानी का त्योहार मना रहे है. इसराइली हमलों के बीच ग़ज़ा में भी ईद का त्योहार मनाया जा रहा है.
इस दिन मुसलमान याद करते हैं कि पैग़म्बर इब्राहिम अपना बेटा अल्लाह को क़ुर्बानी में देना चाहते थे लेकिन अल्लाह ने उन्हें रोक कर कहा कि वो बेटे के बजाय भेड़ की क़ुर्बानी दें.
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़, आने वाले महीनों में ग़ज़ा में लगभग 5 लाख लोगों को भुखमरी का सामना करना पड़ सकता है.
7 अक्तूबर 2023 को हमास ने सीमा पार कर इसराइल पर हमला किया था. इस हमले में 1200 लोगों की मौत हो गई थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था.
इसके बाद इसराइल ने ग़ज़ा में हमले शुरू कर दिए थे.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में क्षतिग्रस्त इमारतों के मलबे के बीच ईद-उल-अज़हा का जश्न मनाता एक फ़लस्तीनी परिवार
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में ईद-उल-अज़हा के मौके़ पर नमाज़ की तैयारी करता हुआ फ़लस्तीनी बच्चा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा के नुसरत रिफ्यूजी कैंप में रहने वाली फ़लस्तीनी लोग ईद-उल-अज़हा के मौके़ पर अपने परिवार के सदस्यों की कब्रों पर जाते हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में ईद-उल-अज़हा की नमाज़ अदा करने के जमा हुए फ़लस्तीनी लोग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में नुसरियात रिफ्यूजी कैंप में रहने वाले फ़लस्तीनी लोग ईद-उल-अज़हा के मौके़ पर अपने परिवार के सदस्यों की कब्रों पर नमाज़ अदा करते हुए
एलन मस्क के साथ टकराव के बाद अपनी टेस्ला कार को लेकर ट्रंप ने क्या फ़ैसला लिया?, गैरी ओ'डोनोग्यू, बीबीसी न्यूज़
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीन महीने पहले कहा था कि उन्होंने एलन मस्क की कंपनी टेस्ला की एक कार कार खरीदी है.
मीडिया के सामने व्हाइट हाउस के लॉन में खड़ी लाल रंग की टेस्ला कार दिखाते हुए ट्रंप ने कहा था कि वो कार उन्होंने खरीदी है.
हाल ही में, अमेरिका में बीबीसी की सहयोगी सीबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक़, ट्रंप अब उस टेस्ला कार को बेचने की सोच रहे हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एलन मस्क पर नाराज़गी जताते हुए कहा था कि मस्क उनके खर्च संबंधी विधेयक का इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि इससे उनकी कंपनी टेस्ला को नुक़सान हो सकता है.
ट्रंप ने बताया कि इस बिल में इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर मिलने वाली टैक्स छूट को ख़त्म करने की बात है, जिससे टेस्ला को घाटा हो सकता है और मस्क इसी वजह से इस बिल के ख़िलाफ़ हैं.
हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क के बीच तीखी बयानबाज़ी हुई. जिसके बाद ट्रंप ने संघीय सरकार के साथ बड़े पैमाने पर होने वाले एलन मस्क के कारोबारी सौदों को लेकर धमकी दी है.
ट्रंप की इस धमकी के बाद मस्क ने ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग लाने की मांग की.
ईद-उल-अज़हा दुनिया भर में कैसे मनाई जा रही है, देखें तस्वीरें
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली की जामा मस्जिद में ईद-उल-अज़हा के मौके़ पर नमाज़ अदा करते लोग
दुनिया भर में मुस्लिम समुदाय के लोग शनिवार को ईद-उल-अज़हा या बकरीद का त्योहार मना रहे हैं. भारत में बकरीद का त्योहार शनिवार 7 जून को मनाया जा रहा है.
ईद-उल-अज़हा या ईद-उज़-ज़ोहा, इस्लामिक कैलेंडर के आख़िरी महीने ज़िलहिज्ज की दसवीं तारीख़ को मनाया जाता है.
ईद-उल-अज़हा मुसलमानों के एक पैग़म्बर और हज़रत मोहम्मद के पूर्वज हज़रत इब्राहिम की क़ुर्बानी को याद करने के लिए मनाई जाती है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली की जामा मस्जिद में ईद का जश्न मनाते बच्चे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के कराची के ईदगाह मैदान में ईद-उल-अज़हा की नमाज़ अदा करने के जमा हुए लोग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मलेशिया में ईद-उल-अज़हा के मौके़ पर सुबांग बेस्टारी मस्जिद के बाहर ईद का जश्न मनाते लोग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में क्षतिग्रस्त इमारतों के मलबे के बीच ईद-उल-अज़हा के मौके़ पर नमाज़ अदा करते फ़लस्तीनी बच्चे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार गिरने के बाद पहली बार दमिश्क की उमैद मस्जिद में बड़ी संख्या में मुसलमानों ने एक साथ ईद-उल-अज़हा की नमाज़ अदा की
डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच चल रहे टकराव पर चीन ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Ministry of foreign affairs The People's Republic of China
इमेज कैप्शन, चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता लिन जियान (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क के बीच तीखी बयानबाज़ी से शुरू हुए टकराव पर चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने प्रतिक्रिया दी है.
शुक्रवार को चीन के विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में प्रवक्ता लिन जियान से ट्रंप और मस्क के बीच बढ़ते तनाव पर सवाल किए गए.
इस पर उन्होंने जवाब दिया, "यह अमेरिका का घरेलू मामला है."
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क के बीच हाल में तीखी बयानबाज़ी हुई.
इसके बाद ट्रंप ने संघीय सरकार के साथ बड़े पैमाने पर होने वाले एलन मस्क के कारोबारी सौदों को लेकर धमकी दी है. माना जा रहा है कि अगर ट्रंप ने सरकारी मशीनरी को मस्क के ख़िलाफ़ कर दिया तो तकनीकी कंपनियों के अरबपति मालिक मस्क के लिए ये भारी पड़ सकता है.
हालांकि ये ज़ुबानी जंग एकतरफ़ा नहीं थी. ट्रंप के हमले के बाद मस्क ने ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग लाने की मांग की. मस्क ने कहा कि ट्रंप उनकी कंपनियों की फंडिंग घटाकर देखें.
पीएम मोदी के जम्मू-कश्मीर में दिए बयान पर पाकिस्तान ने जताई नाराज़गी
इमेज स्रोत, Getty Images
जम्मू-कश्मीर के कटरा में वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराया, जिस पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर प्रतिक्रिया दी है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात जारी किए अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों को भ्रामक बताया है.
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाले वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन किया था.
इस दौरान उन्होंने कहा था कि पहलगाम में हुई आतंकवादी घटना 'इंसानियत और कश्मीरियत' पर एक बड़ा हमला है और इसका उद्देश्य भारत में दंगे भड़काना था.
पाकिस्तान ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के जारी बयान में लिखा गया है, "पाकिस्तान भारत के अवैध क़ब्ज़े वाले जम्मू और कश्मीर की स्थिति के बारे में भारत के प्रधानमंत्री की ओर से की गई निराधार और भ्रामक टिप्पणियों को सिरे से ख़रिज करता है."
"इस तरह के बयान विदेशी कब्ज़े वाले क्षेत्र में हो रहे गंभीर और लगातार मानवाधिकार उल्लंघनों से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान हटाने के लिए जानबूझकर किया गया प्रयास है."
पाकिस्तान ने इस पर भी नाराज़गी जताई है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर पहलगाम हमले को लेकर पाकिस्तान पर आरोप लगाया है, लेकिन इसके पक्ष में कोई भरोसेमंद सबूत नहीं दिए.
पाकिस्तान ने एक बार फिर कहा है कि जम्मू-कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विवादित मुद्दा माना गया है, जिसका भविष्य संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संबंधित प्रस्तावों और कश्मीर की जनता की इच्छा के अनुसार किया जाना है.
अमेरिका-चीन व्यापार समझौते पर कब होगी बैठक, ट्रंप ने दी जानकारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, साल 2019 में चीन दौरे के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और चीन के नेताओं के बीच व्यापार समझौते को लेकर होने वाली बैठक के बारे में जानकारी दी है.
इस बैठक की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है.
शनिवार को उन्होंने अपने ट्रूथसोशल अकाउंट पर लिखा, "मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट, वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक और व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर सोमवार, 9 जून 2025 को लंदन में चीन के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात करेंगे. यह बैठक व्यापार समझौते को लेकर होगी."
इस बैठक की घोषणा से पहले, शुक्रवार को डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच व्यापार को लेकर फ़ोन पर बातचीत हुई थी.
इस फ़ोन कॉल के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह चीन दौरे की योजना बना रहे हैं. साथ ही उन्होंने बताया था कि उन्होंने शी जिनपिंग को अमेरिका आने का निमंत्रण दिया है.
दरअसल, दोनों देश एक-दूसरे पर व्यापार समझौते के उल्लंघन का आरोप लगा रहे हैं. इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच लगने वाले टैरिफ़ को कम करना था. ट्रंप ने इस समझौते को "टोटल रीसेट" कहा था.
इसी साल फ़रवरी में ट्रंप ने कई देशों पर टैरिफ़ लगाए थे, लेकिन सबसे ज़्यादा टैरिफ़ चीन से आने वाले सामान पर लगाए गए थे. इसके जवाब में चीन ने भी अमेरिकी सामान पर भारी टैरिफ़ लगा दिया, जिससे दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर और गहरा गया.
इसके बाद, मई महीने में दोनों देशों ने जेनेवा में व्यापार समझौते को लेकर एक बैठक की थी.
इस व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने चीन से आयात होने वाली वस्तुओं पर लगने वाले शुल्क को 145 फ़ीसदी से घटाकर 30 फ़ीसदी कर दिया था, जबकि चीन ने अमेरिकी वस्तुओं पर लगाए गए शुल्क को 125 फ़ीसदी से घटाकर 10 फ़ीसदी कर दिया था.