लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के लिए भारत को मिला 193 रन का टारगेट

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड की टीम 192 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई. भारत को अब लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के लिए 193 रन चाहिए.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के लिए भारत को मिला 193 रन का टारगेट

    एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी

    इमेज स्रोत, Stu Forster/Getty Images

    इमेज कैप्शन, खेल के चौथे दिन दूसरी पारी में इंग्लैंड की टीम ऑल आउट हो गई

    एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड की टीम 192 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई.

    भारत को अब लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के लिए 193 रन चाहिए. चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट गंवाकर 58 रन बनाए.

    केएल राहुल 33 रन बनाकर नाबाद हैं.

    इससे पहले रविवार को इंग्लैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के दो रन से आगे खेलने के लिए उतरी.

    इंग्लैंड की ओर से सबसे ज़्यादा 40 रन जो रूट ने बनाए. कप्तान बेन स्टोक्स ने 33 रन, हैरी ब्रूक ने 23, जैक क्रावली ने 22, बेन डकेट ने 12, क्रिस वोक्स ने 13 रन बनाए.

    वहीं ओली पोप ने चार, जेमी स्मिथ ने आठ रन, शोएब बशीर ने दो रन बनाए जबकि ब्राइडन कार्स एक रन ही बना सके. जोफ्रा आर्चर पांच रन पर नाबाद रहे.

    लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में, इंग्लैंड के 387 रन के जवाब में, भारतीय टीम ने भी 387 रन बनाए थे.

  3. ग़ज़ा: हवाई हमले में बच्चों की मौत, क्या बोली इसराइली सेना

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रविवार को इसराइली हमले में पानी के इंतज़ार में खड़े छह बच्चों की मौत हो गई थी

    ग़ज़ा में पानी लेने गए छह बच्चों सहित दस लोगों की इसराइली हवाई हमले में मौत के मामले में इसराइल की सेना का बयान आया है.

    इसराइली सेना का कहना है कि उसने एक "आतंकवादी" को निशाना बनाया था, लेकिन गोला-बारूद कई मीटर दूर गिरा.

    इसराइली सेना ने इसे "तकनीकी ग़लती" बताया है. सेना ने कहा है कि उसे आम लोगों को हुए किसी भी नुकसान के लिए खेद है.

    ग़ज़ा में इमरजेंसी सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक़, रविवार को सेंट्रल ग़ज़ा में पानी लेने गए छह बच्चों सहित दस लोगों की इसराइली हवाई हमले में मौत हो गई.

    मृतकों के शव को नुसेरत के अल-अवदा अस्पताल भेजा गया, जिसकी पुष्टि अस्पताल के एक डॉक्टर ने की है.

    डॉक्टर के मुताबिक़ अस्पताल में 16 घायलों का भी इलाज किया गया, जिसमें सात बच्चे शामिल हैं.

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अल-नुसेरत शरणार्थी शिविर में पानी के टैंकर के पास लोग पानी भरने के लिए कतार में खड़े थे, इस दौरान भीड़ पर हवाई हमला हुआ था.

  4. तेजस्वी यादव के विवादास्पद बयान पर सांसद शांभवी चौधरी ने क्या कहा

    तेजस्वी यादव और शांभवी चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने विशेष वोटर पुनरीक्षण अभियान के बारे में कथित सूत्रों पर तल्ख़ टिप्पणी की थी

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के एक बयान की निंदा की है.

    तेजस्वी यादव का यह बयान "बिहार मतदाता सूची में विदेशियों का नाम सामने आने" की सूत्रों के आधार पर दी गई ख़बर पर था.

    शांभवी चौधरी ने कहा, "ये आश्चर्यजनक है कि वो (तेजस्वी यादव) इस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं. उनको इतनी जानकारी तो होनी ही चाहिए कि राजनीति में किस किस तरह की भाषा का उपयोग करना चाहिए."

    "हम लोग जनप्रतिनिधि हैं. हम लोग बिहार का प्रतिनिधित्व करते हैं. जब हम बिहार की अस्मिता को बरकरार रखने की बात करते हैं, तब आप ऐसे शब्द का प्रयोग करते हैं, जिसको आदमी बाइट में वापस नहीं बोल सकता है."

    शांभवी चौधरी ने कहा कि बिहार बंद के बाद राजद के नेताओं में बौखलाहट हो गई है.

    शांभवी चौधरी ने कहा, "हिंदी भाषा में बहुत से ऐसे शब्द हैं, जिनका इस्तेमाल आप मर्यादा में रहते हुए कर सकते हैं. आप कड़ी आलोचना कर सकते हैं, उसके ख़िलाफ़ आप आवाज़ उठा सकते हैं. ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं...हम सबके लिए अपमानजनक है."

    तेजस्वी यादव ने कहा क्या था?

    तेजस्वी यादव से उन ख़बरों पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी, जिसमें सूत्रों के हवाले से बिहार मतदाता सूची में बांग्लादेश, नेपाल और म्यांमार के लोगों के नाम सामने आने की बात कही गई है.

    इस पर तेजस्वी यादव ने कहा, "ये सूत्र कौन हैं? ये वही सूत्र हैं, जो इस्लामाबाद, कराची और लाहौर पर कब्जा करवा रहे थे."

    इस दौरान उनकी ओर से एक शब्द का इस्तेमाल किया गया, जिस पर शांभवी चौधरी ने आपत्ति जताई है.

    तेजस्वी यादव ने कहा, "इस तरह की अगर कोई बात है भी तो आखिरी बार यूपीए की सरकार में 2003 में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न) हुआ था. उसके बाद से कई चुनाव हुए. नरेंद्र मोदी जी का 2014 का चुनाव, 2019 का चुनाव और 2024 का चुनाव हुआ. उस समय हम लोग तीन से चार लाख वोटों से चुनाव हारे, तो क्या विदेशियों ने नरेंद्र मोदी जी को वोट दिया?"

  5. कर्नाटक: गुफा में अपनी दो बच्चियों के साथ मिली रूसी महिला ने क्या बताया, इमरान कुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक की गुफा में रूसी महिला
    इमेज कैप्शन, रूसी महिला और उनकी बच्चियों को वापस रूस भेजा जाएगा

    कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ के सुदूर इलाके़ की एक गुफा में पुलिस को एक रूसी महिला और दो बच्चियां मिली हैं.

    पुलिस की गश्ती टीम को गुफा की एंट्री पर लगभग "700 से 800 मीटर नीचे" कुछ कपड़े दिखे थे, जिससे उन्हें गुफा में किसी के होने का संकेत मिला.

    जब गश्ती टीम जंगल से गुज़र रही थी, तब उन्हें एक विदेशी बच्ची गुफा से दौड़कर बाहर निकलती दिखी. बच्ची को जंगल में देखकर पुलिस टीम को हैरानी हुई.

    पुलिस ने क्या बताया

    उत्तर कन्नड़ ज़िले के पुलिस अधीक्षक एम नारायण ने बीबीसी हिंदी को बताया, "हमें गुफा के आसपास सांप रेंगते दिखे थे. ये इलाक़ा इसलिए भी खतरनाक है क्योंकि पिछले साल रामतीर्थ पहाड़ियों के आसपास भूस्खलन हुआ था. इसलिए पुलिस टीम अच्छी तरह से इस इलाके़ में गश्त लगा रही थी."

    हालांकि, 40 साल की रूसी महिला नीना कुटीना और उनकी दोनों बेटियां प्रेमा (छह साल) और एमा (चार साल) उस जगह पर काफी आराम से थीं.

    पुलिस अधीक्षक ने कहा, "हमें उन्हें ये समझाने में थोड़ा समय लगा कि वहां रहना ख़तरनाक है."

    एक हफ़्ते पहले, नीना कुछ सब्जियां और राशन का सामान लेकर आई थीं और खाना पकाने के लिए उन्होंने जंगल की लकड़ी का इस्तेमाल किया था. पुलिस को वहां नूडल्स के पैकेट और एक लोकप्रिय ब्रांड के सलाद का पैकेट मिला था.

    पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमारी टीम ने उन्हें पांडुरंग विट्ठल की मूर्ति की पूजा करते हुए भी पाया. महिला ने कहा कि भगवान कृष्ण ने उन्हें ध्यान करने के लिए भेजा है और वह तपस्या कर रही हैं."

    वापस रूस भेजा जाएगा

    नीना ने पुलिस को बताया कि उनका पासपोर्ट खो गया था, लेकिन पुलिस और वन अधिकारियों ने उनका पासपोर्ट खोज निकाला. उनका कहना है कि वो अक्सर भारत आती-जाती रहती थीं, लेकिन उनका वीज़ा 2017 में ही एक्सपायर हो गया था.

    नीना 18 अक्टूबर 2016 से 17 अप्रैल 2017 तक बिज़नेस वीज़ा पर भारत आई थीं. गोवा फ़ॉरनर्स रीज़नल रजिस्ट्रेशन ऑफ़िस (एफ़आरआरओ) ने उन्हें 19 अप्रैल 2018 को एग्ज़िट परमिट जारी किया था. वो नेपाल गईं और फिर बाद में आठ सितंबर 2018 को भारत लौट आईं.

    फ़िलहाल पुलिस महिला को एक आश्रम और बच्चों को एक बाल गृह ले गई है. अधिकारियों का कहना है कि नीना और बच्चों को बेंगलुरु के विदेशी नागरिकों के लिए बने डिटेंशन सेंटर में लाया जाएगा और फिर रूस भेज दिया जाएगा.

  6. लॉर्ड्स टेस्टः चौथे दिन लंच ब्रेक तक ये है इंग्लैंड टीम का स्कोर

    लॉर्ड्स टेस्ट

    इमेज स्रोत, Andy Kearns/Getty Images

    इमेज कैप्शन, एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी

    एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन मेज़बान इंग्लैंड ने लंच ब्रेक तक चार विकेट के नुक़सान पर 98 रन बना लिए हैं.

    रविवार को इंग्लैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के दो रन से आगे खेलने के लिए उतरी.

    हालांकि, 22 रन के स्कोर पर ही इंग्लैंड को पहला झटका लगा, जब बेन डकेट मोहम्मद सिराज की गेंद पर जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच आउट हो गए.

    इसके बाद 42 रन के स्कोर पर ओली पोप, मोहम्मद सिराज की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.

    जैक क्रावली नितीश कुमार रेड्डी की गेंद पर यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच आउट हो गए. जब क्रावली आउट हुए, उस वक्त इंग्लैंड का स्कोर 50 रन था.

    वहीं हैरी ब्रुक 23 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद पर बोल्ड हो गए.

    इस टेस्ट की पहली पारी में, इंग्लैंड के 387 रन के जवाब में, भारतीय टीम भी 387 रन पर आउट हो गई थी.

  7. ओडिशा: कॉलेज छात्रा की आत्महत्या की कोशिश का मामला, नवीन पटनायक ने कहा- राज्यपाल हस्तक्षेप करें

    ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक (फ़ाइल फ़ोटो)

    ओडिशा के बालासोर स्थित फ़कीर मोहन कॉलेज की एक छात्रा के, एक अध्यापक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की कोशिश करने के मामले में ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्यपाल से संज्ञान लेने की अपील की है.

    नवीन पटनायक ने एक्स पर पोस्ट किया, "छात्रा का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया, टीचर की तरफ से उनसे बार-बार सेक्सुअल फे़वर की मांग की गई. प्रिंसिपल को लिखे एक पत्र में छात्रा ने कहा था कि उन्होंने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें बचा लिया गया था."

    "कई महीनों तक वो डर और पीड़ा में रहीं, फिर एक जुलाई को उन्होंने परेशान हो कर मदद की गुहार लगाई और सोशल मीडिया पर कई बड़े अधिकारियों को टैग करते हुए अपनी परेशानी बताई. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई."

    नवीन पटनायक ने आगे लिखा, "ये घटना सच्चाई को सामने लाती है कि उन्हें न्याय नहीं मिला. उन्होंने कॉलेज प्रिंसिपल से लेकर उच्च शिक्षा मंत्री और केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री से बार-बार गुहार लगाई."

    "हमारे उच्च शिक्षा के फ्रेमवर्क में गवर्नर सरकारी यूनिवर्सिटीज़ के चांसलर होते हैं, वो एफ़एम कॉलेज के भी चांसलर हैं. मैं गवर्नर से अपील करता हूं कि वो इस मामले में संज्ञान लें और हस्तक्षेप करें ताकि छात्रा को न्याय मिल सके."

    छात्रा अभी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है. मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी से इससे पहले कहा था कि छात्रा की हालत नाजु़क हैं और ज़रूरत पड़ी तो छात्रा को दिल्ली एम्स के लिए एयर लिफ़्ट भी कराया जा सकता है.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  8. ग़ज़ा: पानी का इंतज़ार कर रहे छह बच्चों की इसराइली हवाई हमले में मौत

    ग़ज़ा के हालात

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पानी बांटने की जगह पर इसराइली हमला हुआ था

    ग़ज़ा में इमरजेंसी सर्विस के अधिकारियों का कहना है कि रविवार को सेंट्रल ग़ज़ा में पानी लेने गए छह बच्चों सहित दस लोगों की इसराइली हवाई हमले में मौत हो गई.

    मृतकों के शव को नुसेरत के अल-अवदा अस्पताल भेजा गया, जिसकी पुष्टि अस्पताल के एक डॉक्टर ने की है.

    डॉक्टर के मुताबिक़ अस्पताल में 16 घायलों का भी इलाज किया गया, जिसमें सात बच्चे शामिल हैं.

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अल-नुसेरत रेफ़्यूज़ी कैंप में पानी के टैंकर के पास खाली डिब्बे लिए कतार में खड़ी भीड़ पर हवाई हमला हुआ.

    इसके अलावा ग़ज़ा सिविल डिफ़ेंस एजेंसी ने कहा है कि रविवार को सेंट्रल ग़ज़ा और ग़ज़ा सिटी में तीन रिहाइशी इमारतों पर हुए हमले में 19 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है.

    उधर, रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय कमिटी ने कहा कि पिछले छह हफ्तों में उसने दक्षिण ग़ज़ा के रफ़ाह फ़ील्ड अस्पताल में जितने बड़े पैमाने पर हताहतों का इलाज किया है, उतने मामले उससे पहले के 12 महीनों में नहीं आए थे.

  9. ओडिशा: कॉलेज छात्रा की आत्महत्या की कोशिश का मामला, सीएम माझी क्या बोले

    ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि छात्रा की हालत बेहग गंभीर है

    ओडिशा के बालासोर स्थित फ़कीर मोहन कॉलेज की एक छात्रा के, एक टीचर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है.

    फ़िलहाल छात्रा अस्पताल में भर्ती है, जहां उनका इलाज चल रहा है. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस मामले पर मीडिया से बात की.

    सीएम माझी ने कहा, "भुवनेश्वर एम्स में छात्रा का इलाज हो रहा है. उनकी हालत बेहद गंभीर है. एक मेडिकल टीम इलाज कर रही है. अगले 24 घंटे बहुत नाजु़क हैं. अगर ज़रूरत पड़ी तो छात्रा को दिल्ली एम्स के लिए एयर लिफ़्ट भी कराया जा सकता है."

    सीएम माझी ने बताया कि उन्होंने छात्रा के परिवार और उसका इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम से बात की है.

    उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है. सीएम के मुताबिक़ मामले की जांच शुरू हो गई है, जो भी रिपोर्ट आएगी उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  10. यूपी: जनहित याचिकाकर्ता पर दबाव डालने वाले पुलिसकर्मी निलंबित, गौरव गुलमोहर, बीबीसी हिंदी के लिए

    मुंगरा बादशाहपुर थाना

    इमेज स्रोत, Gaurav Gulmohar

    उत्तर प्रदेश के जौनपुर ज़िले के मुंगरा बादशाहपुर थाने के प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को हाई कोर्ट के आदेश पर हुई जांच के बाद निलंबित कर दिया गया है.

    इन चारों पर गौरी शंकर सरोज नाम के एक याचिकाकर्ता को धमकी देने और रिश्वत लेने के मामले में दोषी पाया गया है.

    इस मामले में क्षेत्रीय लेखपाल को भी निलंबित किया गया है. मुंगरा बादशाहपुर के चार पुलिसकर्मियों पर ये कार्रवाई इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर हुई जांच के बाद की गई है.

    जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने याचिकाकर्ता पर दबाव बनाने और रिश्वत लेने के मामले में चार पुलिसकर्मियों को दोषी पाए जाने और उन्हें निलंबित किए जाने की पुष्टि की है.

    सभी पुलिसकर्मियों पर गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया है.

    मामला क्या है?

    याचिकाकर्ता गौरी शंकर सरोज ने आरोप लगाया था कि उन पर सार्वजनिक भूमि पर कब्जे़ के विरोध से जुड़ी याचिका वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था.

    उनके बेटे जोखन सरोज ने बीबीसी हिंदी को बताया, "हमारे पिता ने सार्वजनिक ज़मीन पर कब्जे़ के ख़िलाफ़ जनहित याचिका दायर की थी. 17 मई को थाने से दो सिपाही आए और मेरे बेटे रजनीश सरोज को गाड़ी में बैठा कर ले गए. मुझे पता चला तो मैंने रास्ते में पुलिस की गाड़ी को रोका, मुझसे दो हजार रुपये लेकर उन्होंने बेटे को छोड़ दिया."

    मुंगरा बादशाहपुर थाने के नए थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया, "गौरी शंकर सरोज मामले में थाना प्रभारी दिलीप सिंह, एसआई इंद्रदेव सिंह, सिपाही पंकज मौर्य और सिपाही नीतीश गौड़ पर कार्रवाई की गई है. इसके अलावा एक ग्रामीण और लेखपाल विजय शंकर पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है."

    उन्होंने बताया, "सभी आरोपियों पर एंटी करप्शन एक्ट की धारा 7, एससी/एसटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(1), 352 और 351(2) के तहत मुक़दमा लिखा गया है. विवेचना के आधार पर देखा जाएगा किस पर कौन सी धाराएं बन रही हैं."

  11. अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  12. अभिनेता श्रीनिवासा राव का निधन, 750 से अधिक फ़िल्मों में किया था काम

    श्रीनिवासा राव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, श्रीनिवासा राव ने कई भाषाओं की फ़िल्मों में काम किया था

    दिग्गज तेलुगु अभिनेता कोटा श्रीनिवासा राव का निधन हो गया है. राव पिछले कुछ दिनों से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे.

    बीबीसी तमिल के अनुसार, राव ने अपने चार दशक से भी अधिक के करियर में 750 से अधिक फ़िल्मों में काम किया.

    श्रीनिवासा राव ने विभिन्न भाषाओं की फ़िल्मों में काम किया.

    श्रीनिवासा राव का निधन
    इमेज कैप्शन, राव विधायक भी रहे थे

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, अभिनेता से नेता बने एवं आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और कई अन्य नेताओं ने श्रीनिवासा राव के निधन पर शोक व्यक्त किया.

    पद्मश्री से सम्मानित श्रीनिवासा राव विधायक भी रहे हैं.

  13. 'मराठी में बोलूं या हिंदी में', पीएम मोदी ने उज्ज्वल निकम से फ़ोन कॉल पर और क्या कहा

    उज्ज्वल निकम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उज्ज्वल निकम को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है

    राज्यसभा के लिए मनोनीत होने पर वरिष्ठ वकील उज्ज्वल देवराज निकम ने खुशी जताई है.

    उज्ज्वल देवराज निकम ने बताया कि 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें कल फोन किया और पूछा कि मराठी में बोलूं या हिंदी में. मैंने उनसे कहा कि आप तो दोनों भाषा अच्छी तरह से जानते हैं. पीएम मोदी ने मुझसे पहले मराठी में बात की और मुझे बताया कि राष्ट्रपति आपको ज़िम्मेदारी देनी चाहती हैं.'

    निकम ने बताया कि 'राज्यसभा के लिए मनोनीत होने की जानकारी मिलने पर मैंने इस पर हां कर दिया.'

    निकम ने बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का धन्यवाद किया.

  14. पीएम मोदी ने राज्यसभा के लिए मनोनीत हुए चारों सदस्यों के बारे में ये कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने उज्ज्वल निकम, सी. सदानन्दन मास्टर, हर्ष वर्धन श्रृंगला और डॉ. मीनाक्षी जैन की तारीफ़ की है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वल देवराज निकम, सी. सदानन्दन मास्टर, हर्ष वर्धन श्रृंगला और डॉ. मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर प्रतिक्रिया दी है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "उज्ज्वल निकम का क़ानूनी क्षेत्र और हमारे संविधान के प्रति समर्पण अनुकरणीय है. वह न केवल एक सफल वकील रहे हैं, बल्कि महत्वपूर्ण मामलों में न्याय के प्रयासों में भी सबसे आगे रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "अपने पूरे क़ानूनी करियर के दौरान निकम ने हमेशा संवैधानिक मूल्यों को मज़बूत करने और आम नागरिकों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए काम किया है. यह ख़ुशी की बात है कि राष्ट्रपति ने उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है. उनकी संसदीय पारी के लिए मेरी शुभकामनाएं."

    उज्ज्वल देवराज निकम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उज्ज्वल निकम ने बीजेपी के टिकट पर मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे

    पीएम मोदी ने श्रृंगला को लेकर कहा है कि उन्होंने एक राजनयिक, बुद्धिजीवी और रणनीतिक विचारक के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.

    उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कई सालों में उन्होंने भारत की विदेश नीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और जी-20 की हमारी अध्यक्षता में भी योगदान दिया है. मुझे ख़ुशी है कि उन्हें राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है. उनका अद्वितीय दृष्टिकोण संसदीय कार्यवाही को और समृद्ध बनाएगा.’’

    प्रधानमंत्री ने सी. सदानन्दन मास्टर की तारीफ़ करते हुए उनके जीवन को 'साहस और अन्याय के आगे न झुकने की भावना का प्रतीक' बताया.

    मोदी ने कहा, ‘‘हिंसा और धमकी राष्ट्र के विकास के प्रति उनके जज़्बे को रोक नहीं सकी. एक शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी उनके प्रयास सराहनीय हैं. युवा सशक्तीकरण के प्रति उनकी गहरी आस्था है."

    पीएम मोदी ने कहा है कि यह अत्यंत ख़ुशी की बात है कि मीनाक्षी जैन को राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है.

    मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने एक विद्वान, शोधकर्ता और इतिहासकार के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. शिक्षा, साहित्य, इतिहास और राजनीति विज्ञान के क्षेत्र में उनके कार्यों ने अकादमिक विमर्श को महत्वपूर्ण रूप से समृद्ध किया है. संसदीय कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं."

  15. जम्मू-कश्मीर: एक क़ब्रिस्तान की ओर जाने वाली सड़कें हुईं सील तो सीएम उमर अब्दुल्लाह और महबूबा मुफ़्ती क्या बोले?

    उमर अब्दुल्लाह और पूर्व सीएम महबूबा मुफ़्ती

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मी के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और महबूबा मुफ़्ती ने सड़कें बंद करने पर नाराज़गी जताई है

    जम्मू-कश्मीर के नौहट्टा इलाक़े में एक क़ब्रिस्तान की ओर जाने वाली सभी सड़कों को सील कर दिया गया है. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने यह जानकारी दी है.

    पीटीआई के मुताबिक़, श्रीनगर शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है.

    मामले पर राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और पूर्व सीएम महबूबा मुफ़्ती ने प्रतिक्रिया दी है.

    उमर अब्दुल्लाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अलोकतांत्रिक क़दम है कि घरों को बाहर से बंद कर दिया गया. पुलिस और केंद्रीय बलों को जेलर की तरह तैनात किया गया है. श्रीनगर के प्रमुख पुलों को बंद कर दिया गया."

    उन्होंने कहा है कि 'यह सब इसलिए किया जा रहा है कि उस ऐतिहासिक क़ब्रिस्तान पर लोगों को जाने से रोका जाए, जहां वे लोग दफ़्न हैं जिन्होंने कश्मीरियों को आवाज़ देने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए अपनी जान दी. मैं कभी नहीं समझ पाऊंगा कि क़ानून-व्यवस्था वाली सरकार किस बात से इतना डरती है.'

    महबूबा मुफ़्ती ने कहा, "जिस दिन आप हमारे नायकों को अपना मान लेंगे, ठीक वैसे ही जैसे कश्मीरियों ने आपके नायकों महात्मा गांधी से लेकर भगत सिंह तक को अपनाया है, उस दिन 'दिल की दूरी' जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, सही में ख़त्म हो जाएगी."

    श्रीनगर पुलिस का बयान

    इमेज स्रोत, @SrinagarPolice /X

    इमेज कैप्शन, श्रीनगर पुलिस का बयान

    श्रीनगर पुलिस ने एक्स पर सार्वजनिक परामर्श जारी कर कहा, ‘‘श्रीनगर ज़िला प्रशासन ने 13 जुलाई 2025 (रविवार) को ख्वाजा बाज़ार, नौहट्टा की ओर जाने का अनुरोध करने वालों को अनुमति देने से इनकार कर दिया है.’’

    पुलिस ने कहा, "आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे इन निर्देशों का सख़्ती से पालन करें और ज़िला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों का उल्लंघन करने से बचें."

    पुलिस ने आगाह किया, ‘‘इन आदेशों का किसी भी प्रकार से उल्लंघन करने पर क़ानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत सख़्त कार्रवाई की जाएगी.’’

    अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटने से पहले जम्मू-कश्मीर में 13 जुलाई को सार्वजनिक अवकाश होता था.

    कश्मीर में तत्कालीन डोगरा शासन के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने पर 1931 में श्रीनगर सेंट्रल जेल के सामने 21 लोगों को मार दिया गया था.

    हर साल 13 जुलाई को इस दिन को स्थानीय लोग 'शहीद दिवस' के तौर पर मनाते हैं और लोग मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हैं.

  16. शुभांशु शुक्ला और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों की पृथ्वी पर कब होगी वापसी, केंद्रीय मंत्री ने बताया

    शुभांशु शुक्ला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए 25 जून को रवाना हुए थे.

    भारत के शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों की इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) से पृथ्वी पर वापसी 15 जुलाई को हो सकती है.

    एक्सियम-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में गए लोगों में शुभांशु शुक्ला के अलावा पोलैंड के स्लावोस्ज़ अज़नान्स्की विज़नियेवस्की, अमेरिका की पेगी व्हिट्सन और हंगरी के टीबोर कापू हैं.

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्सियम-4 मिशन को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपडेट देते हुए बताया है कि अनडॉकिंग 14 जुलाई को शाम 4.30 बजे के लिए निर्धारित है.

    उन्होंने कहा है कि पृथ्वी पर वापसी 15 जुलाई की दोपहर 3.00 बजे के लिए निर्धारित है.

    जितेंद्र सिंह ने बताया है कि इन समयों में लगभग 1 घंटे ऊपर-नीचे हो सकता है.

    शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए 25 जून को रवाना हुए थे.

  17. राष्ट्रपति मुर्मु ने राज्यसभा के लिए चार लोगों को मनोनीत किया

    उज्ज्वल देवराज निकम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वरिष्ठ वकील उज्ज्वल देवराज निकम को भी राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के लिए चार लोगों को मनोनीत किया है.

    गृह मंत्रालय के नोटिफिकेशन में बताया गया है कि उज्ज्वल देवराज निकम, सी. सदानन्दन मास्टर, हर्ष वर्धन श्रृंगला और डॉ. मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है.

    उज्ज्वल देवराज निकम ने बीजेपी के टिकट पर मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे.

    वहीं, हर्ष वर्धन श्रृंगला विदेश सचिव रह चुके हैं.

    गृह मंत्रालय ने नोटिफिकेशन में कहा है राष्ट्रपति ने नामित सदस्यों के रिटायरमेंट के कारण ख़ाली हुए पदों को भरने के लिए राज्यसभा में इन चारों को नामित किया है.

  18. यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की बोले- अमेरिका ने मिलिट्री सप्लाई फिर शुरू की

    यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने चिंता जताई थी कि अगर हथियारों की आपूर्ति रुकती है तो इससे सुरक्षा पर असर पड़ेगा

    यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका ने मिलिट्री सप्लाई फिर से शुरू कर दी है.

    अमेरिका ने यह क़दम ऐसे समय में उठाया है जब उसने पिछले हफ़्ते कुछ अहम हथियारों की आपूर्ति रोक दी थी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनबीसी न्यूज़ से गुरुवार को कहा था कि उन्होंने नेटो के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत इस गठबंधन के ज़रिए अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफ़ेंस सिस्टम यूक्रेन को मिलेगा.

    यह फ़ैसला रूस के बढ़ते हवाई हमलों के बाद लिया गया था.

    ज़ेलेंस्की ने चिंता जताई थी कि अगर हथियारों की आपूर्ति रुकती है तो इससे यूक्रेन की सुरक्षा पर असर पड़ेगा.

  19. ग़ज़ा के अस्पताल ने बताया- राहत सामग्री केंद्र के पास 24 की मौत

    एक फ़लस्तीनी महिला और उनकी बेटी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, एक फ़लस्तीनी महिला अपनी बेटी के साथ बेटे की मौत होने पर शोक मनाते हुए

    दक्षिणी ग़ज़ा में स्थित नासेर अस्पताल ने बताया है कि राहत सामग्री केंद्र के पास 24 लोगों की मौत हुई है.

    घटनास्थल पर मौजूद फ़लस्तीनियों ने बताया है कि वे खाने के लिए राहत सामग्री केंद्र पर शनिवार को पहुंचे थे और इस दौरान इसराइली सेना ने गोलीबारी शुरू कर दी.

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा है कि उनकी तरफ़ से हुई गोलीबारी में 'कोई भी घायल' नहीं हुआ है.

    दूसरी ओर, इसराइली सेना के एक अधिकारी ने कहा है कि 'लोगों को हटाने के लिए चेतावनी के तौर पर गोली चलाई गई थी. गोलियां इस वजह से चलाई गई थीं क्योंकि आईडीएफ़ को ख़तरा महसूस हुआ था.'

    बीबीसी स्वतंत्र रूप से दोनों पक्षों की दावों की पुष्टि नहीं करता है. इसराइल बीबीसी सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थाओं को ग़ज़ा के अंदर से रिपोर्ट करने की अनुमति नहीं देता.

  20. इंग्लैंड ने जीता आख़िरी टी-20 मैच, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रचा यह इतिहास

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 3-2 से सिरीज़ जीती है

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ द्विपक्षीय सिरीज़ जीतकर इतिहास रच दिया है.

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में पहली बार द्विपक्षीय टी-20 सिरीज़ जीती है.

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ हुए पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ में भारत ने तीन मैचों में जीत दर्ज की है.

    हालांकि, इंग्लैंड ने भारत के ख़िलाफ़ हुए आख़िरी टी-20 मैच में पांच विकेट से जीत हासिल की.

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सिरीज़ के अंतिम मैच में 167 रन बनाए थे, लेकिन इंग्लैंड ने 20 ओवर में 168 रन बना दिए.

    बीसीसीआई वुमेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया है कि सिरीज़ में दस विकेट लेने के लिए स्पिनर श्री चरणी को प्लेयर ऑफ द सिरीज़ चुना गया है.