ट्रंप-शी जिनपिंग की मुलाक़ात के बाद अमेरिका ने कहा, चीन ने चिप्स को लेकर किया यह फ़ैसला

अमेरिकी व्हाइट हाउस के मुताबिक़, अमेरिका और चीन के बीच हुए एक नए व्यापार समझौते के तहत चीन अब कारों में इस्तेमाल होने वाले ऑटोमोटिव कंप्यूटर चिप्स के निर्यात पर लगी पाबंदियों को धीरे-धीरे कम करेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ट्रंप-शी जिनपिंग की मुलाक़ात के बाद अमेरिका ने कहा, चीन ने चिप्स को लेकर किया यह फ़ैसला, माइकल शील्स मैकनेमी, बिज़नेस रिपोर्टर

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच दक्षिण कोरिया में मुलाक़ात हुई थी

    अमेरिकी व्हाइट हाउस के मुताबिक़, अमेरिका और चीन के बीच हुए एक नए व्यापार समझौते के तहत चीन अब कारों में इस्तेमाल होने वाले ऑटोमोटिव कंप्यूटर चिप्स के निर्यात पर लगी पाबंदियों को धीरे-धीरे कम करेगा.

    दक्षिण कोरिया में इस हफ़्ते चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाक़ात के बाद व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक फ़ैक्ट शीट में इस समझौते का विवरण साझा किया गया है.

    दोनों देशों के बीच अमेरिकी सोयाबीन निर्यात, रेयर अर्थ मिनरल्स की सप्लाई और फ़ेन्टानिल ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर भी समझौते हुए हैं.

    माना जा रहा है कि यह फ़ैसला दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच चल रहे ट्रेड वॉर को कम करने की दिशा में है.

    ट्रंप के पद संभालने के बाद अमेरिका ने चीन पर टैरिफ़ लगाए थे, जिसके जवाब में चीन ने भी टैरिफ बढ़ाए थे और इससे वैश्विक बाज़ार में उथल-पुथल बढ़ गई थी.

  3. राजस्थान: जोधपुर में सड़क हादसा, 15 लोगों की मौत, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    जोधपुर

    इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena

    इमेज कैप्शन, इस सड़क हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री ने शोक जताया है

    राजस्थान के जोधपुर ज़िले के फलोदी में देर शाम हुए एक सड़क हादसे में पंद्रह लोगों की मौत हो गई है.

    हादसे में घायल हुए कुछ लोगों को इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है.

    मातोडा पुलिस थाना इलाक़े में भारत माला हाइवे पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रॉले में टेंपो ट्रैवलर ने टक्कर मार दी.

    टेंपो ट्रैवलर सवार सभी लोग जोधपुर में सूरसागर के रहने वाले थे और कोलायत में एक आश्रम से दर्शन कर लौट रहे थे.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस घटना पर शोक जताया है.

    मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "फलोदी के मतोडा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं."

    हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा है, "मुझे पटना में अभी समाचार मिला है कि फलोदी के मतोडा में सड़क हादसे में 15 लोगों की मृत्यु हुई है. यह सुनकर मन बेहद दुखी है. मैं ईश्वर से सभी दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं उनके परिजनों को हिम्मत देने तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."

  4. इसरो ने लॉन्च किया 4,400 किलो का सीएमएस-03 सैटेलाइट

    इसरो

    इमेज स्रोत, ISRO/X

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो ने सीएमएस-03 नाम का कम्युनिकेशन सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया है.

    इसरो के चेयरमैन वी. नारायणन ने लॉन्च के बाद कहा, "एलवीएम3-एम5 ने सीएमएस-03 कम्युनिकेशन सैटेलाइट को सफलतापूर्वक निर्धारित कक्षा में स्थापित कर दिया है."

    उन्होंने कहा, "मैं पूरी इसरो टीम और सभी पार्टनर्स को उनकी भूमिका और योगदान के लिए बधाई देता हूं. आज का मिशन भारत के लिए एक और गौरव लेकर आया है."

    इसके साथ ही चेयरमैन वी. नारायणन ने यह भी कहा, "वित्त वर्ष के आख़िर तक सात और सैटेलाइट लॉन्च होंगे. गगनयान का पहला मानवरहित मिशन भी एडवांस स्टेज में पहुंच चुका है."

    इसरो के अनुसार, रविवार शाम लॉन्च किया गया सीएमएस-03 सैटेलाइट एक मल्टी-बैंड कम्युनिकेशन सैटेलाइट है.

    यह 4 हज़ार 400 किलो वज़न वाला सैटेलाइट भारत से लॉन्च किया गया अब तक का सबसे भारी सैटेलाइट है.

  5. शाहरुख़ ख़ान ने अपने जन्मदिन पर फ़ैंस से मांगी माफ़ी, क्या बताई वजह

    शाहरुख़ ख़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शाहरुख़ ख़ान आज यानी 2 नवंबर को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं

    बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख़ ख़ान ने अपने प्रशंसकों से माफ़ी मांगी है. शाहरुख़ का कहना है कि अधिकारियों ने उन्हें भीड़ की वजह से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.

    शाहरुख़ ख़ान ने साशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अधिकारियों ने मुझे सलाह दी है, मैं बाहर जाकर आप सभी प्यारे लोगों से मुलाक़ात नहीं कर पाऊंगा, जो मेरा इंतज़ार कर रहे थे."

    बॉलीवुड अभिनेता ने कहा, "आप सभी से मेरी ओर से दिल से माफ़ी. मुझे बताया गया है भीड़ को नियंत्रित करने में आ रही दिक़्कतों के चलते, यह क़दम सभी की सुरक्षा के लिए उठाया गया है."

    उन्होंने कहा, "समझने के लिए शुक्रिया और यक़ीन मानिए… आपसे न मिल पाने का दुख मुझे आपसे ज़्यादा महसूस होगा."

    दरअसल, शाहरुख़ के जन्मदिन के मौक़े पर बड़ी संख्या में उनके फै़ंस बांद्रा स्थित उनके घर ‘मन्नत’ के बाहर इकट्ठा होते हैं.

    ये भी पढ़ें:

  6. डोनाल्ड ट्रंप इस देश के ख़िलाफ़ करना चाहते हैं सैन्य कार्रवाई, क्या है वजह

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह नाइजीरिया को दी जाने वाली सभी सहायता भी बंद करेंगे

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया में इस्लामिस्ट उग्रवादी समूहों से निपटने के लिए सैन्य कार्रवाई की योजना तैयार करने का आदेश दिया है.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि नाइजीरिया की सरकार वहां रहने वाले ईसाइयों की हत्याओं को रोकने के लिए पर्याप्त क़दम नहीं उठा रही है.

    ट्रंप ने यह साफ़ नहीं किया कि वह किन हत्याओं का ज़िक्र कर रहे थे.

    हालांकि, हाल के वक्त में अमेरिका के दक्षिणपंथी हलकों में नाइजीरिया के ईसाइयों के ख़िलाफ़ कथित हिंसा के दावे सामने आते रहे हैं.

    निगरानी समूहों का कहना है कि ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे यह साबित हो कि नाइजीरिया में मुसलमानों की तुलना में ईसाइयों की हत्या ज़्यादा हो रही है. नाइजीरिया में दोनों धर्मों को मानने वाले लोगों की संख्या लगभग बराबर है.

    अफ़्रीका के सबसे ज़्यादा आबादी वाले इस देश की सरकार ने अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की इस धमकी पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  7. दुलारचंद यादव हत्या मामला: अनंत सिंह 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

    अनंत सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मोकामा से जेडीयू के उम्मीदवार अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड में गिरफ़्तार किया गया है

    मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह को दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजा गया है.

    दुलारचंद यादव की 30 अक्तूबर की दोपहर मोकामा में हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद विपक्ष सरकार पर हमलावर था.

    उनकी हत्या के आरोप में 'बाहुबली' नेता अनंत सिंह को शनिवार रात गिरफ़्तार किया गया.

    न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद अनंत सिंह बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जेल में ही रहेंगे.

    वहीं अनंत सिंह की गिरफ़्तारी के बाद मीडिया से बात करते हए पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा था, "सोची-समझी साजिश के तहत दुलारचंद की हत्या की गई है. मर्डर के समय अनंत सिंह भी मौके पर मौजूद थे. पुलिस हत्या में शामिल किसी शख़्स को नहीं छोड़ेगी."

  8. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भारत ने जीता मैच, वॉशिंगटन सुंदर का शानदार प्रदर्शन

    वॉशिंगटन सुंदर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वॉशिंगटन सुंदर ने पारी संभालते हुए 49 रन बनाए

    ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच पांच टी20 मैचों की सिरीज़ का तीसरा मुक़ाबला भारत ने पांच विकेट से जीत लिया है.

    होबार्ट के बेलेरीव ओवल में खेले गए मुक़ाबले में मेज़बान टीम ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए भारत के सामने 187 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय बल्लेबाज़ों ने नौ गेंदें शेष रहते पूरा कर लिया.

    इससे पहले खेले गए दूसरे टी20 मुक़ाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा था.

    पांच मैचों की इस सिरीज़ में अब दोनों टीमों का स्कोर 1-1 की बराबरी पर है.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से टिम डेविड ने 38 गेंदों पर सबसे ज़्यादा 74 रन बनाए. साथ ही मार्कस स्टॉइनिस ने भी 39 गेंदों पर 64 रनों की पारी खेली.

    भारतीय गेंदबाज़ी की बात करें तो अर्शदीप सिंह ने तीन और वरुण चक्रवर्ती ने दो विकेट लिए.

    वहीं भारत की ओर से बल्लेबाज़ी में लगभग सभी ने कुछ न कुछ रन बनाए, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 23 गेंदों पर 49 रन बनाए.

    ऑस्ट्रेलिया: 186-6 /20 ओवर (टिम डेविड-74 रन, मार्कस स्टॉइनिस-64)

    भारत: 188-5 /18.3 ओवर (वॉशिंगटन सुंदर- 49 रन, तिलक वर्मा- 29)

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत के ख़िलाफ़ दक्षिण अफ़्रीका ने जीता टॉस, पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला

    आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फ़ाइनल मुक़ाबला आज यानी रविवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका की महिला टीमों के बीच खेले जा रहे इस मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    इस मुक़ाबले के साथ ही एक नया विश्व चैंपियन मिलना तय है, क्योंकि दोनों ही टीम आज तक आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का ख़िताब नहीं जीती हैं.

    भारतीय टीम तीसरी बार (2005 और 2017 के बाद) इस टूर्नामेंट के फ़ाइनल में पहुंची है, जबकि दक्षिण अफ़्रीका की टीम पहली बार फ़ाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही है.

    अब तक ऑस्ट्रेलिया की टीम सबसे ज़्यादा महिला वनडे वर्ल्ड कप का ख़िताब जीतने वाली टीम है, ऑस्ट्रेलिया ने सात बार इस ख़िताब को अपने नाम किया है.

    इस टूर्नामेंट में अब तक कुल 12 बार वर्ल्ड कप खेले जा चुके हैं, जिसमें इंग्लैंड की टीम चार बार ट्रॉफ़ी जीती और न्यूजीलैंड ने एक बार.

  10. इसरो लॉन्च करेगा अब तक का 'सबसे भारी सैटलाइट'

    इसरो

    इमेज स्रोत, ISRO/X

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो रविवार को भारत की ज़मीन से अब तक की सबसे भारी सैटेलाइट लॉन्च करने वाला है.

    इसरो के अनुसार, रविवार शाम को लॉन्च किया जाने वाला सीएमएस-03 नाम का ये सैटेलाइट एक मल्टी बैंड कम्यूनिकेशन सैटलाइट है.

    4 हज़ार 400 किलो का ये सैटेलाइट भारत की ज़मीन से लॉन्च किया जाने वाला सबसे भारी सैटेलाइट है.

    इसे एलवीएम3 लॉन्च व्हीकल के ज़रिए भेजा जाएगा. ये एलवीएम3 का पांचवां मिशन है.

    इससे पहले इस लॉन्च व्हीकल का इस्तेमाल चंद्रयान-3 मिशन में किया गया था.

    ये सैटेलाइट ख़ास तौर पर भारतीय नेवी के लिए फायदेमंद होगा. साथ ही इससे दूरदराज़ के इलाक़ों से भी संपर्क बनाने में सहूलियत होगी.

  11. भारत-दक्षिण अफ़्रीका के बीच होने वाले फ़ाइनल मैच में देरी, जानिए कारण

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच मैच नवी मुंबई में खेला जा रहा है

    आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच होने वाले फ़ाइनल मुक़ाबले में बारिश ने बाधा डाल दी है.

    बारिश के कारण टॉस में देरी हुई है. अभी यह साफ़ नहीं है कि टॉस कब कराया जाएगा.

    नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दोपहर से आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश हो रही है.

    तय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे टॉस होना था, लेकिन बारिश के कारण अब तक टॉस नहीं हो सका.

  12. अनंत सिंह की गिरफ़्तारी के बाद चुनाव आयोग ने क्या कहा?

    मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को कहा कि 'हिंसा की कोई गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी'.

    ज्ञानेश कुमार का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में 'बाहुबली' नेता अनंत सिंह को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    ज्ञानेश कुमार से मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि चुनाव आयोग के लिए ना कोई पक्ष है ना कोई विपक्ष है, सब समकक्ष हैं."

    उन्होंने कहा, "जहां तक हिंसा की बात है चुनाव आयोग स्पष्ट करना चाहता है कि चुनाव आयोग हिंसा के प्रति शून्य सहिष्णुता रखता है. हिंसा की कोई गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी."

    बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, "सामान्य मतदाता शांतिपूर्वक अपनी स्वेच्छा के अनुसार पारदर्शी तरीके़ से मतदान कर पाएं उसके लिए चुनाव आयोग पूरी तैयार है."

  13. महिला वर्ल्ड कप: भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच आज फ़ाइनल मुक़ाबला, फैंस क्या कह रहे हैं?

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच आज फ़ाइनल मुक़ाबला खेला जा रहा है.

    स्टेडियम के बाहर मौजूद बीबीसी संवाददाता जान्हवी मूले ज़्यादा जानकारी दे रही हैं.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  14. मेक्सिको: दुकान में आग लगने से कम से कम 23 लोगों की मौत, कई घायल, बेन हैट्टन, बीबीसी संवाददाता

    दुकान में आग लगने से 23 लोगों की मौत

    इमेज स्रोत, Sonora Public Security Secretariat

    इमेज कैप्शन, घटनास्थल की तस्वीरों में इमारत से काला धुआं निकलता दिख रहा है

    मेक्सिको के एक डिस्काउंट स्टोर में लगी आग में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है और 11 अन्य घायल हुए हैं. यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने दी है.

    यह हादसा मेक्सिको के शहर हर्मोसिलो में स्थित वाल्डोज़ नाम के स्टोर में हुआ, जो मेक्सिको की सबसे बड़ी डिस्काउंट स्टोर्स की चेन है.

    कई स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना को विस्फोट बताया है, हालांकि क्षेत्र के गवर्नर अल्फ़ोंसो दुराज़ो ने कहा कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है.

    सोनोरा राज्य की पब्लिक सिक्योरिटी सेक्रेटेरिएट ने कहा है कि इस घटना में किसी हमले या आम नागरिकों के ख़िलाफ़ जानबूझकर की गई हिंसा की आशंका को ख़ारिज कर दिया गया है.

    अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों में बच्चे भी शामिल हैं. घायलों में 15 वर्षीय एक लड़की भी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. दुलारचंद यादव की हत्या के बाद बिहार में क़ानून-व्यवस्था पर उठते सवाल पर चिराग पासवान क्या बोले

    चिराग पासवान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चिराग पासवान ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार में दुलारचंद यादव की हत्या के बाद विपक्षी दलों ने राज्य में क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. इन आरोपों का केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जवाब दिया है.

    उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "अगर अपराधियों को संरक्षण देते तो कल (शनिवार) रात जो कार्रवाई (अनंत सिंह की गिरफ़्तारी) हुई है, वह नहीं होती."

    चिराग पासवान ने कहा, "हमारी सरकार एक बात को लेकर स्पष्ट है और जैसा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते हैं कि ना हम किसी को बचाते हैं और ना किसी को फंसाते हैं."

    उन्होंने कहा, "जो घटना घटी है वह दुखद है. मैं कतई इस बात का पक्षधर नहीं हूं कि आपके कार्यकाल से मेरे कार्यकाल में अपराध कम है. अगर एक भी घटना घटती है तो हमारी सरकार के लिए चिंता का विषय है."

    चिराग पासवान ने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. हर दोषी के ख़िलाफ़ सख़्त से सख़्त कार्रवाई होगी.

    दुलारचंद यादव की हत्या के बाद आरजेडी और कांग्रेस ने बिहार में क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

    तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में 'महाजंगलराज' की स्थिति है और राज्य में 'हर रोज़ गोलियां चल रही' हैं.

    वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि यह 'असली जंगलराज है, जहां चुनाव के बीच में नेताओं पर गोलीबारी हो रही है और ये नेता करवा रहे हैं'.

    दुलारचंद यादव की 30 अक्तूबर की दोपहर मोकामा में हत्या कर दी गई थी.

    उनकी हत्या का आरोप 'बाहुबली' नेता और मोकामा से जेडीयू के उम्मीदवार अनंत सिंह पर है. उन्हें शनिवार रात गिरफ़्तार किया गया.

    संबंधित कहानियां:

  17. अनंत सिंह की गिरफ़्तारी पर पवन खेड़ा बोले- 'पीएम का रोड शो है, इसलिए...'

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पवन खेड़ा ने कहा कि दुलारचंद यादव की हत्या के मामले की 'लीपा-पोती के लिए' अनंत सिंह की गिरफ़्तारी हुई है

    बिहार के 'बाहुबली' और मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ़्तारी पर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "पहले भी गिरफ़्तारी हुई, बेल हुई, बात इसकी नहीं है. जो जंगलराज की बात थी वह सबके सामने आ गई. यह असली जंगलराज है, जहां चुनाव के बीच में नेताओं पर गोलीबारी हो रही है और ये नेता करवा रहे हैं."

    पवन खेड़ा ने आरोप लगाया, "आज प्रधानमंत्री का रोड शो है तो ज़ाहिर सी बात है, कोई लीपा-पोती करनी थी, इसलिए गिरफ़्तार कर लिया."

    वहीं जेडीयू नेता राजीव रंजन का कहना है कि अनंत सिंह की गिरफ़्तारी विपक्ष को करारा जवाब है.

    उनका कहना है, "1990 से 2005 के बीच जब ऐसे अपराध होते थे, तब पुलिस की हिम्मत नहीं होती थी कि वह राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर सके."

    पटना पुलिस ने शनिवार देर रात दुलारचंद यादव की हत्या के आरोप में अनंत सिंह को गिरफ़्तार किया है. अनंत सिंह मोकामा से जेडीयू के उम्मीदवार हैं.

    संबंधित कहानियां:

  18. ब्रिटेन: कैम्ब्रिजशर घटना मामले में दो की गिरफ़्तारी, अब तक क्या पता चला

    कैम्ब्रिजशर घटना

    इमेज स्रोत, JUSTIN TALLIS/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रेन में हमले के बाद से रेल सेवा बाधित है

    ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशर में एक ट्रेन में चाकू से हुए हमले में दस लोग घायल हैं. इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    पुलिस के मुताबिक़, घायल लोगों में से नौ की हालत नाजुक है. जिस ट्रेन में हमला हुआ वह डॉनकास्टर से किंग्स क्रॉस जा रही थी.

    पुलिस को शनिवार शाम 7:42 बजे (स्थानीय समयानुसार) इस घटना की पहली सूचना मिली. इस घटना के बाद रेल सेवा बाधित है.

    लंदन नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे ने यात्रियों से यात्रा स्थगित करने की अपील की है और कहा है कि रविवार को दिन के अंत तक रेल सेवा बाधित रहने की आशंका है.

    ट्रेन में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बीबीसी को बताया कि एक घायल शख़्स उनकी ओर दौड़ते हुए चिल्लाया, "किसी के पास चाकू है."

    एक अन्य यात्री ने स्काई न्यूज़ को बताया कि यह घटना ट्रेन के पीटरबरो से रवाना होने के 10 मिनट बाद हुई और घायल लोगों को ट्रेन में चाकू लिए किसी व्यक्ति से दूर भागते हुए देखा गया.

    हंटिंगडन के सांसद ने बीबीसी से कहा कि ट्रेन में हमला पीटरबरो स्टेशन से रवाना होने के बाद हुआ.

  19. तेजस्वी यादव बिहार की क़ानून-व्यवस्था पर बोले, 'राज्य में हर रोज़ गोलियां चल रहीं...'

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर बिहार में अपराधियों पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार में महागठबंधन के सीएम फ़ेस और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने 'बाहुबली' नेता अनंत सिंह की गिरफ़्तारी पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में 'महाजंगलराज' की स्थिति है.

    तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह की गिरफ़्तारी पर कहा, "जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया है. ये तो होना ही था."

    उन्होंने बिहार में क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आगे कहा, "प्रधानमंत्री जी आज (बिहार) आ रहे हैं. आज भी रोहतास में, आरा में पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई. लगातार महाजंगलराज की स्थिति बिहार में बनी हुई है."

    "कोई ऐसा दिन नहीं, जब बिहार में गोलियां ना चल रही हों. ये प्रधानमंत्री जी को नहीं दिखता है."

    तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है और वह सरकार बनने के बाद अपराधियों पर कार्रवाई करेंगे.

    उन्होंने कहा, "हम सब लोगों को बता देना चाहते हैं कि हम लोगों की सरकार बनने जा रही है. 14 तारीख़ को नतीजे आने वाले हैं और 18 को शपथ होगी. 26 नवंबर से 26 जनवरी के बीच में चाहे कोई जाति, कोई धर्म के कोई भी अपराधी हों. बीच में खरवास आता है. इस खरवास में सभी अपराधियों को जेल भेजने का काम तेजस्वी करेगा."

    उन्होंने कहा कि इन अपराधियों पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी.

    वहीं जेडीयू नेता राजीव रंजन का कहना है, "यह विपक्ष को करारा जवाब है. बिहार की क़ानून-व्यवस्था पर लगातार सवाल उठाने वालों को अब फ़र्क समझ में आ गया होगा."

    "1990 से 2005 के बीच जब ऐसे अपराध होते थे, तब पुलिस की हिम्मत नहीं होती थी कि वह राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर सके, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में, जब भी पार्टी या गठबंधन के किसी नेता ने क़ानून को हाथ में लेने की कोशिश की, तुरंत कार्रवाई हुई."

    उन्होंने कहा, "अनंत सिंह की ताज़ा गिरफ़्तारी उसी दिशा में एक बड़ा और साहसिक फ़ैसला है."

    पटना पुलिस ने शनिवार देर रात दुलारचंद यादव की हत्या के आरोप में अनंत सिंह को गिरफ़्तार किया है. अनंत सिंह मोकामा से जेडीयू के उम्मीदवार हैं.

    संबंधित कहानियां:

  20. मीसा भारती ने अनंत सिंह की गिरफ़्तारी के तरीक़े पर उठाए सवाल

    मीसा भारती

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मीसा भारती ने कहा कि 'रात के अंधेरे में एक अपराधी को गिरफ़्तार किया गया, जिससे की जनता देख न पाए'

    बिहार के 'बाहुबली' और मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ़्तारी पर आरजेडी सांसद मीसा भारती ने कहा कि यह सब बिहार की जनता और विपक्ष के दबाव की वजह से हुआ है.

    उन्होंने कहा, "हम लोगों ने 60 गाड़ियों का काफ़िला कल देखा कि किस तरह से उन्होंने मोकामा बाज़ार में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया. लगता है कि ये कार्रवाई बिहार सरकार की तरफ़ से नहीं, बल्कि चुनाव आयोग की ओर से कराई गई है."

    मीसा भारती ने गिरफ़्तारी के तरीक़े पर सवाल उठाते हुए कहा, "दिनभर उन्होंने (अनंत सिंह) बाज़ार में वोट मांगे, अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया. उसके बाद रात के अंधेरे में, जब मोकामा की जनता देख न पाए, एक अपराधी को किस तरह से गिरफ़्तार किया जाता है."

    उन्होंने कहा, "जब आम आदमी की गिरफ़्तारी होती है तो हथकड़ी लगाकर ले जाया जाता है. लेकिन ये बाहुबली हैं, सरकार बचाने वाले हैं. चुनाव होता है तो जेल से निकालकर इनसे प्रचार कराया जाता है."

    "इनकी किस तरह से गिरफ़्तारी हुई, आप सब ने देखी है. मैंने भी चैनल के माध्यम से देखा कि किस तरह से रात के अंधेरे में उनको उनके कार्यकर्ताओं के साथ ले जाया गया."

    पटना पुलिस ने शनिवार देर रात दुलारचंद यादव की हत्या के आरोप में अनंत सिंह को गिरफ़्तार किया है.

    संबंधित कहानियां: