विंबलडन: बारबोरा क्रेसिकोवा ने जीता अपना पहला महिला एकल ख़िताब

इमेज स्रोत, Getty Images
चेक रिपब्लिकन टेनिस खिलाड़ी बारबोरा क्रेसिकोवा ने विंबलडन महिला एकल के फ़ाइनल में जैस्मीन पाओलिनी को हराकर ख़िताब अपने नाम कर लिया है.
शनिवार को लंदन के विंबलडन सेंटर कोर्ट में आयोजित टेनिस मैच में बारबोरा ने जैस्मीन को 6-2, 2-6, 6-4 से हराकर अपने करियर का पहला विंबलडन ख़िताब जीता.
जैस्मीन ने 2 चैंपियनशिप पॉइंट बचाए लेकिन तीसरी बार चैंपियनशिप पॉइंट नहीं बचा सकीं और ख़िताब हार गईं.
बारबोरा ने एक घंटे 56 मिनट में शानदार जीत दर्ज की.
जीत के बाद उन्होंने कहा, "मेरे पास अभी कोई शब्द नहीं हैं, यह अविश्वसनीय है, यह निश्चित रूप से मेरे टेनिस करियर का सबसे अच्छा दिन है और मेरे जीवन का भी सबसे अच्छा दिन है"

बारबोरा ने साल 2021 में फ्रेंच ओपन का ख़िताब भी जीता था.
उनकी कोच और दोस्त रही याना नोवोत्ना ने 1998 में विंबिलडन का ख़िताब जीता था. 2017 में 49 साल की उम्र में ओवरियन कैंसर से उनकी मौत हो गई थी.
क्रेसिकोवा ने कहा, "वो याना ही थीं जिन्होंने मुझसे कहा कि मुझमें संभावना है और मुझे प्रोफ़ेशनल टेनिस खेलना चाहिए. मरने से पहले उन्होंने मुझसे कहा था कि की मुझे ग्रैंड स्लैम ख़िताब जीतने की कोशिश करनी चाहिए."




















