टैरिफ़ पर बात करने के लिए ट्रंप से मिलेंगे नेतन्याहू
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू सोमवार को व्हाइट हाउस में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात करेंगे.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने दोनों देशों के अधिकारियों के हवाले से बताया है कि इस दौरान दोनों नेताओं के बीच अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ़ पर चर्चा होगी.
इसराइल उन 60 देशों में से एक है, जिन पर ट्रंप ने ज़्यादा टैरिफ़ लगाया है. अमेरिका में इसराइल से आयात की जाने वाली चीज़ों पर 17 प्रतिशत शुल्क 9 अप्रैल से लागू होगा.
सोमवार को होने वाली ये मुलाक़ात ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस में नेतन्याहू का दूसरा दौरा होगा.
इससे पहले दोनों नेताओं ने ग़ज़ा में युद्ध पर चर्चा करने के लिए फरवरी में मुलाक़ात की थी.
बुलडोज़र एक्शन के दौरान वायरल हुई बच्ची से मिले अखिलेश यादव, नीतू सिंह, लखनऊ से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, NEETUSINGH
इमेज कैप्शन, अंबेडकरनगर ज़िले की अनन्या यादव से मिले अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर ज़िले की आठ साल की अनन्या यादव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने कहा है कि पार्टी बच्ची की पढ़ाई का पूरा ख़र्चा उठाएगी.
इस वीडियो में वो बुलडोज़र से गिराए जाते समय घर से किताबें लेने के लिए दौड़ती दिखाई देती हैं. घास-फूस, मिट्टी से बने घर को प्रशासन ने अवैध बताकर ढहाने का आदेश दिया था. प्रशासन ने अपने इस एक्शन को पूरी तरह से वैध और क़ानूनी बताया था.
बीबीसी हिंदी ने चार अप्रैल को अनन्या यादव की वीडियो स्टोरी पब्लिश की थी.
इस स्टोरी को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा था, "बच्चों का भविष्य उजाड़ते हैं, दरअसल वो बेघर होते हैं. हम इस बच्ची की पढ़ाई का संकल्प उठाते हैं. पढ़ाई का मोल पढ़ने वाले ही जानते हैं. बुलडोज़र विध्वंसक शक्ति का प्रतीक है, ज्ञान, बोध या विवेक का नहीं."
इसके बाद उनकी टीम ने अनन्या के परिवार से संपर्क करके आज उनके माता-पिता से लखनऊ में मुलाक़ात की.
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फ़ख़रुल हसन चांद ने बीबीसी को बताया, "आज बच्ची को स्कूल बैग, कॉपी-किताबें सहित एक लाख रुपये दिया गया और साइकिल दी गई. बच्ची जितनी पढ़ाई करना चाहेगी, उसकी पढ़ाई का पूरा ख़र्चा हमारी पार्टी उठाएगी."
इमेज स्रोत, NEETUSINGH
इमेज कैप्शन, बच्ची को स्कूल बैग, कॉपी-किताबें सहित एक लाख रुपये दिया गया और साइकिल दी गई
अनन्या के पिता अभिषेक ने सरकार से गुज़ारिश की थी, "हम ग़रीब आदमी हैं. हमारी मदद की जाए. हम कहाँ जाएंगे. गाँव में बहुत सारे लोग जिनके पास घर बनाने की ज़मीन नहीं है वो सालों से ऐसे ही रहते आए हैं. किसी के पास भी काग़ज नहीं है. कभी नहीं उजाड़ा गया. हम लोग ग़रीब आदमी हैं सरकार की ज़मीन पर ही रह रहे हैं."
वक़्फ़ को लेकर कंगना रनौत का कांग्रेस पर निशाना, कहा- 'देश का कबाड़ा किया हुआ था'
इमेज स्रोत, ANI/SCREENSHOT
इमेज कैप्शन, वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक पर कंगना रनौत का बयान
हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा है कि वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक वक़्फ़ बोर्डों को क़ानून के दायरे में लाता है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कंगना रनौत ने शनिवार को मंडी में एक जनसंपर्क अभियान को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने संसद में वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक के पास होने का स्वागत किया.
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वक़्फ़ बोर्ड के प्रति नरमी बरती, उसको क़ानून से ऊपर बनाया.
कंगना ने कहा, "कांग्रेस ने वक़्फ़ बोर्ड को ऐसी इम्यूनिटी दी हुई थी कि क़ानून भी, कोर्ट भी उसको पूछ न सके. कांग्रेस ने देश का इस तरह कबाड़ा किया हुआ था."
कंगना ने दावा किया कि वक़्फ़ बोर्डों के गठन के पीछे एक बड़ी 'साजिश' थी, जिसका 'ख़ामियाज़ा' आज भी पूरा देश भुगत रहा है.
तमिलनाडु: मिड-डे मील में अंडा मांगने पर 5वीं के छात्र की झाड़ू से पिटाई, क्या एक्शन लिया गया?
इमेज स्रोत, SPECIALARRANGEMENT
इमेज कैप्शन, तमिलनाडु के एक सरकारी स्कूल का मामला
तमिलनाडु के तिरुवन्नामलई में एक सरकारी स्कूल की कुक और उनकी सहायक को ग़िरफ़्तार किया गया है. दोनों पर पांचवीं के एक छात्र को झाड़ू से पीटने का आरोप है.
आरोप है कि छात्र के अंडा मांगने पर उसकी पिटाई की गई. बीते गुरुवार (3 अप्रैल) को इंटरनेट पर एक स्कूल में एक छात्र की पिटाई का वीडियो सामने आया था.
घटना तिरुवन्नामलई ज़िले के पोलुर यूनियन के सेंगम कोल्लामेडु गवर्नमेंट स्कूल की है.
पांचवीं क्लास के एक छात्र ने मिड-डे मील में अंडा नहीं दिए जाने पर स्कूल की कुक और रसोई सहायक से सवाल किया था. दोनों ने कहा कि उनके पास स्टॉक में अंडा नहीं है.
इसके बाद छात्र किचन में चला गया और उसने अंडे रखे हुए देखे.
इस मामले की जांच में पता चला कि कुक और रसोई सहायक इस बात पर छात्र से नाराज़ हो गईं और उन्होंने छात्र को झाड़ू से बुरी तरह पीटा.
सरकारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "जांच के दौरान कुक लक्ष्मी और उनकी सहायक मुनियाम्मल ने अपनी ग़लती स्वीकार की. इसके बाद पोलुर ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर ने दोनों को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश दिया."
वहीं पुलिस ने दोनों को 4 अप्रैल को ग़िरफ़्तार कर लिया.
आईपीएल 2025: केएल राहुल का चला बल्ला, दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, केएल राहुल ने 51 गेंद में 77 रनों की अहम पारी खेली
इंडियन प्रीमियर लीग के शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 25 रन से मात दी.
दिल्ली कैपिटल्स ने सीएसके के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 184 रनों का लक्ष्य रखा था. लेकिन सीएसके 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 158 रन ही बना पाई.
दिल्ली कैपिटल्स के लिए जीत के हीरो केएल राहुल रहे, जिन्होंने 51 गेंद में 77 रन की पारी खेली. दिल्ली को 20 ओवर में 183 के स्कोर तक पहुंचाने में केएल राहुल की पारी ने अहम योगदान दिया.
सीएसके की ओर से खलील अहमद ने दो विकेट लिए.
वहीं सीएसके की ओर से विजय शंकर के अलावा कोई और बल्लेबाज़ कोई खास योगदान नहीं दे पाया.
विजय शंकर ने 54 गेंद में 69 रन की नाबाद पारी खेली. धोनी 26 गेंद में 30 रन बनाकर नाबाद रहे.
दिल्ली के लिए विपराज निगम ने चार ओवर में 27 रन खर्च कर तीन विकेट हासिल किए.
इस सीज़न में दिल्ली की यह लगातार तीसरी जीत है और वो प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है.
वहीं चार में तीन मुकाबले गंवाकर सीएसके प्वाइंट्स टेबल में आठवें पायदान पर है.
जगुआर लैंड रोवर ने अमेरिका को कारें निर्यात करने पर लगाई रोक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जगुआर लैंड रोवर भारतीय कंपनी टाटा ग्रुप का हिस्सा है.
लग्ज़री कार निर्माता
कंपनी जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) ने कहा है कि वह अप्रैल में अमेरिका को अपनी कारों की
शिपमेंट नहीं भेजेगी.
साल 2008 से जेएलआर भारतीय कंपनी टाटा ग्रुप का हिस्सा है और यह ब्रिटेन की सबसे बड़ी लग्ज़री कार निर्माता कंपनी है.
कंपनी ने बयान में कहा है कि ‘रोक’ इसलिए
लगाई जा रही है क्योंकि ट्रंप के टैरिफ़ की नई व्यापारिक शर्तों से कैसे निपटा
जाएगा इस पर मंथन चल रहा है.
बीबीसी को भेजे बयान में जगुआर लैंड
रोवर ने लिखा है, “बिज़नेस पार्टनर्स के साथ नई व्यापारिक शर्तों का समाधान करने
की हम कोशिश कर रहे हैं और अप्रैल में शिपमेंट रोकने समेत कई अल्पकालिक एक्शन कर
रहे हैं.”
बयान के
अनुसार, कंपनी मध्य और लंबी अवधि की योजनाएं बनाने
में जुटी हुई है.
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रंप
ने कहा कि उनका प्रशासन अभूतपूर्व रूप से नौकरियां और बिज़नेस ला रहा है.
उन्होंने कहा, “यह एक आर्थिक क्रांति है, और जीत हमारी ही होगी. धैर्य रखें, यह आसान
नहीं होगा, लेकिन अंत में नतीजे ऐतिहासिक होंगे.”
इस बीच चीन
ने अमेरिकी सामानों पर 34%
का जवाबी टैरिफ़ लगा दिया जिसके बाद शुक्रवार
को अमेरिकी शेयर बाज़ार समेत दुनिया भर के शेयर मार्केट में भारी गिरावट दर्ज की
गई.
वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक पर तेजस्वी यादव का बयान- कूड़ेदान में डाला जाएगा ये बिल, सीटू तिवारी, पटना से, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, TWITTER/SCREENSHOT
इमेज कैप्शन, वक़्फ़ (संशोधन) बिल पर तेजस्वी यादव की प्रेस कॉन्फ़्रेंस
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक के मुद्दे पर शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इस दौरान तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा.
वक़्फ़ (संशोधन) बिल पर तेजस्वी यादव ने कहा, "हम लोगों ने वक़्फ़ बिल को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी है. हमारी सरकार बनेगी, तो ये बिल कूड़ेदान में डाला जाएगा."
तेजस्वी यादव बोले, "हम सब लोगों का मानना है कि ये असंवैधानिक बिल है. ये साफ तौर पर संविधान के आर्टिकल 26 का उल्लंघन करता है."
उन्होंने आगे कहा, "भाजपा के लोग देश को तोड़ना चाहते हैं, बांटना चाहते हैं. बेरोज़गारी, महंगाई, पलायन, गरीबी जैसे जो असल मुद्दे हैं, उससे ध्यान भटकाना चाहते हैं."
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि आरएसएस और बीजेपी दलित, पिछड़े और आदिवासी लोगों को सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और धार्मिक रूप से मुख्य धारा से दूर करना चाहती है.
उन्होंने कहा, "अभी तो मुसलमानों को निशाना बनाया है, लेकिन इनका असल निशाना दलित, पिछड़ा, आदिवासी और अति पिछड़ा वर्ग के लोग हैं, जिन्हें ये मुख्य धारा में नहीं आने देना चाहते हैं."
तेलंगाना पुलिस का दावा- 86 माओवादियों ने किया सरेंडर, आलोक पुतुल, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, @TelanganaCOPs
इमेज कैप्शन, तेलंगाना पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस
तेलंगाना पुलिस के मुताबिक़ भद्राद्री कोठागुडेम ज़िले में शनिवार को 86 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया.
भद्राद्री कोठागुडेम ज़िला छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बस्तर से लगा हुआ है. तेलंगाना पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले ज़्यादातर माओवादी छत्तीसगढ़ के हैं.
यह आत्मसमर्पण ऐसे समय में हुआ है, जब देश के गृह मंत्री अमित शाह दंतेवाड़ा के दौरे पर हैं.
तेलंगाना पुलिस के मुताबिक़ भद्राद्री कोठागुडेम ज़िले में मल्टी जोन-1 पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) चंद्रशेखर रेड्डी के सामने 86 माओवादियों ने सरेंडर किया.
आईजी चंद्रशेखर रेड्डी ने दावा किया कि 66 पुरुष और 20 महिला माओवादियों में से ज़्यादातर छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा जिले के रहने वाले हैं.
उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन चेयुथा से प्रभावित हो कर इन माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है.
आत्मसमर्पण करने वालों को तुरंत सहायता के तौर पर सरकार की ओर से 25-25 हजार रुपए का चेक दिया गया है.
आईजी ने बताया कि इस साल पिछले तीन महीनों में अब तक कम से कम 224 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं.
इमेज स्रोत, ALOKPUTUL
इमेज कैप्शन, दंतेवाड़ा में गृह मंत्री अमित शाह
शाह ने फिर दोहराया माओवाद के ख़ात्मे का संकल्प
इधर शनिवार को दंतेवाड़ा में गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश से माओवाद को पूरी तरह से ख़त्म करने के अपने संकल्प को दोहराया.
शाह ने कहा, "मैं अभी-अभी मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर यहां आया हूं कि अगली चैत्र नवरात्रि में यहां से लाल आतंक खत्म हो जाएगा और हमारा बस्तर फिर से खुशहाल होगा."
गृह मंत्री ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलियों को सरेंडर कराकर गांवों को नक्सल मुक्त बनाइए. ऐसा करने वाले हर गांव को एक करोड़ रुपये मिलेगा.
उन्होंने कहा कि किसी को कोई मारना नहीं चाहता, नक्सली सरेंडर करें. भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार संरक्षण देगी.
इससे पहले, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "हम 15 महीने से सरकार में हैं. हमारी डबल इंजन की सरकार है. गृह मंत्री के मार्गदर्शन में सुरक्षा बल के जवान नक्सलियों से लड़ाई लड़ रहे हैं. नक्सली जब समाप्त हो जाएंगे, तब देश-दुनिया के लोग यहां आएंगे."
विष्णुदेव साय ने कहा कि जहां भी सुरक्षा कैंप खुले हैं, जहां पहले गोलियों की आवाज़ आती थी, वहां अब स्कूल की घंटियों की आवाज़ आ रही है.
इलाहाबाद हाई कोर्ट में हुई जस्टिस यशवंत वर्मा की वापसी, जज के तौर पर ली शपथ
इमेज स्रोत, allahabadhighcourt.in
इमेज कैप्शन, जस्टिस यशवंत वर्मा
जस्टिस यशवंत वर्मा ने शनिवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज के तौर पर शपथ ली. जस्टिस वर्मा को दिल्ली हाई कोर्ट से इलाहाबाद हाई कोर्ट ट्रांसफर किया गया है.
हालांकि, उन्हें यहां फ़िलहाल कोई न्यायिक काम नहीं सौंपा जाएगा.
बता दें कि जस्टिस वर्मा अपने आधिकारिक परिसर से कैश मिलने के आरोप पर एक जांच का सामना कर रहे हैं. चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया की ओर से बनाई गई तीन जजों की एक कमिटी इस मामले की जांच कर रही है.
सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस यशवंत वर्मा के ट्रांसफर मामले में 28 मार्च को इलाहाबाद हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस को एक निर्देश दिया था.
सुप्रीम कोर्ट की ओर से इलाहाबाद हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस से कहा गया था कि जस्टिस यशवंत वर्मा के इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज का कार्यभार संभालने के बाद उन्हें कोई न्यायिक काम न सौंपा जाए.
वक़्फ़ संशोधन बिल पर जेडीयू की प्रेस कॉन्फ्रेंस पहले ही सवाल के बाद क्यों ख़त्म हो गई?, सीटू तिवारी, पटना से, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, SEETUTIWARI
इमेज कैप्शन, पटना में जद (यू) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की प्रेस वार्ता
पटना के जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) कार्यालय में शनिवार दोपहर को पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ ने वक़्फ़ (संशोधन) बिल पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
इस दौरान प्रकोष्ठ अध्यक्ष अशरफ़ अंसारी, एमएलसी गुलाम गौस, पूर्व सांसद कहकशां परवीन, सुन्नी वक़्फ़ बोर्ड के अध्यक्ष इर्शादुल्ला, शिया वक़्फ़ बोर्ड के अध्यक्ष अफ़ज़ल अब्बास और पार्टी प्रवक्ता अंजुम आरा समेत कई अल्पसंख्यक नेता मौजूद रहे.
कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में अंजुम आरा ने पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा, "पार्टी ने जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) के सामने पांच प्रस्ताव रखे थे, जिसे सरकार ने मान लिया. हमारे नेता नीतीश कुमार अल्पसंख्यकों के बुनियादी सवालों पर हमेशा काम करते रहे हैं और करते रहेंगे. उनके रहते मुसलमानों का कुछ भी बुरा नहीं हो सकता."
लेकिन जैसे ही अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अशरफ़ अंसारी ने बोलना शुरू किया, एक पत्रकार ने वक़्फ़ बोर्ड में हिंदू सदस्यों को लेकर सवाल पूछ लिया. इस सवाल के तुरंत बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस अचानक ख़त्म कर दी गई.
जेडीयू की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया कि वक़्फ़ संशोधन बिल पार्टी के महत्वपूर्ण सुझावों को शामिल करने के बाद ही पारित हुआ है.
प्रेस नोट में बताया गया कि जनता दल (यूनाइटेड) ने पांच सुझाव रखे थे:
- ज़मीन राज्य का विषय है, इसलिए नए कानून में इसकी प्राथमिकता बनी रहे.
- यह कानून पूर्व-प्रभावी नहीं हो.
- अगर वक़्फ़ की कोई संपत्ति रजिस्टर्ड नहीं है, लेकिन उस पर धार्मिक स्थल जैसे मस्जिद या दरगाह मौजूद है, तो उसमें कोई छेड़छाड़ न की जाए और उसका दर्जा बरक़रार रहे.
- वक़्फ़ संपत्तियों से जुड़े विवादों के निपटारे का अधिकार जिलाधिकारी से ऊपर के अधिकारी को दिया जाए.
- वक़्फ़ बोर्ड की संपत्तियों के डिजिटलीकरण की समय-सीमा छह महीने तक बढ़ाई जाए.
प्रेस नोट में लिखा है, "इन संशोधनों के बाद वक़्फ़ बिल को लेकर किसी तरह की शंका की कोई गुंजाइश नहीं रह जाती."
डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ के मुद्दे पर बड़ी कंपनियों के बारे में की ये टिप्पणी
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा है कि बड़े व्यवसाय टैरिफ़ को लेकर चिंतित नहीं हैं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ की वजह से कारोबार पर होने वाले असर को लेकर टिप्पणी की है.
ट्रंप ने अपने 'ट्रूथ सोशल' अकाउंट पर एक पोस्ट में लिखा है, "बड़े व्यवसाय टैरिफ़ को लेकर चिंतित नहीं हैं क्योंकि उन्हें पता है कि वो यहां बने रहेंगे. लेकिन उनका ध्यान बड़े, खूबसूरत सौदे पर है, जो हमारी अर्थव्यवस्था को मज़बूत करेगा."
उन्होंने कहा है कि यह काफ़ी अहम है और इसकी प्रक्रिया अभी चल रही है.
अमेरिका ने ऐसे लगभग सौ देशों की सूची जारी की है, जिन पर 'डिस्काउंटेड रेसिप्रोकल टैरिफ़' लगाया गया है. इस सूची में भारत का नाम भी है. भारत पर 26% टैरिफ़ लगाया गया है.
टैरिफ़ किसी देश से आयात किए जाने वाले उत्पादों पर लगने वाला शुल्क है. इसका भुगतान सामान आयात करने वाली कंपनी अपने देश की सरकार को करती है.
आईपीएल 2025: ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपए का जुर्माना क्यों लगाया गया?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ऋषभ पंत पर जुर्माना
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है.
लखनऊ में मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ उनकी टीम के स्लो ओवर-रेट की वजह से पंत पर ये जुर्माना लगाया गया है. ये आईपीएल के कोड ऑफ़ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का उल्लंघन है.
वहीं लखनऊ सुपर जाइंट्स के गेंदबाज़ दिग्वेश सिंह को भी आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया है. उन पर उनकी आधी मैच फ़ीस का जुर्माना लगाया गया है.
यह इस सीजन में आर्टिकल 2.5 के तहत उनका दूसरा लेवल 1 ऑफ़ेंस था.
उन्होंने एक विकेट लेने के बाद ऐसा इशारा किया जिसे मैच रेफ़री ने आपत्तिजनक पाया. लेवल 1 ऑफ़ेंस के तहत मैच रेफ़री का फ़ैसला ही अंतिम और निर्णायक माना जाता है.
राष्ट्रपति दिसानायके ने पीएम मोदी को किया 'श्रीलंका मित्र विभूषण' से सम्मानित
इमेज स्रोत, @MEAIndia
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने इसे पूरे भारत का सम्मान बताया है
श्रीलंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दूसरे देशों के शीर्ष नेताओं को दिए जाने वाले सम्मान ‘श्रीलंका मित्र विभूषण’ से सम्मानित किया है.
श्रीलंका के राष्ट्रपति कुमारा अनुरा दिसानायके ने कहा कि पीएम मोदी इस सम्मान के वास्तविक हक़दार हैं.
उन्होंने कहा, ''2008 में शुरू हुआ ये प्रतिष्ठित सम्मान विदेशी शासनाध्यक्षों को उनकी मित्रता के लिए दिया जाता है. प्रधानमंत्री मोदी का इस सम्मान पर हक़ बनता है.''
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान पर आभार व्यक्त करते हुए कहा, "यह मेरे लिए गौरव की बात है. यह सम्मान केवल मेरा सम्मान नहीं है, बल्कि यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है. यह भारत और श्रीलंका के लोगों के बीच ऐतिहासिक संबंधों और गहरी मित्रता का सम्मान है."
'श्रीलंका मित्र विभूषण' के लिए दिए जाने वाले सम्मान के प्रतीक पर 'धम्म चक्र' अंकित है जो भारत और श्रीलंका की साझा बौद्ध विरासत को दिखाता है.
पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और कनेक्टिविटी से जुड़े समझौते हुए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड में बिम्सटेक सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद शुक्रवार को श्रीलंका पहुंचे थे.
दोपहर के दो बज चुके हैं. अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके आप पढ़ सकते हैं.
चिराग पासवान ने वक़्फ़ विधेयक को लेकर मुसलमानों की नाराज़गी पर क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, चिराग पासवान पटना में वक़्फ़ विधेयक पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए
वक़्फ़ संशोधन विधेयक पर मुस्लिम समुदाय के विरोध की ख़बरों के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है.
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा, "मैं मुसलमान समाज के हर एक व्यक्ति से कहना चाहता हूं कि आपकी नाराज़गी मेरे सिर आंखों पर, लेकिन हकीकत है कि मेरे नेता (राम विलास पासवान) ने भी हमेशा समर्पण भाव से सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने का काम किया था. मेरी रगों में भी उन्हीं का खून है. उन्हीं के संस्कार हैं."
उन्होंने कहा, "मैं भी उनकी उस सोच को उतनी ही ईमानदारी से आगे लेकर चलने का काम करूंगा. वक़्त बताएगा कि चिराग पासवान की ओर से लिए गए फैसले आपके हक़ में थे या नहीं. चिराग पासवान का समर्पण ना केवल अल्पसंख्यक वर्ग के लिए है बल्कि उससे बड़ा समर्पण मेरा मेरे पिता के विचारों के प्रति है."
संसद के बजट सत्र में लोकसभा और फिर राज्यसभा में वक्फ़ संशोधन विधेयक को मंज़ूरी मिल गई है.
बिहार में एनडीए के प्रमुख दल नीतीश कुमार की जेडीयू और चिराग पासवान की एलजेपी (आर) ने इस विधेयक के पक्ष में वोटिंग की थी.
उसके बाद से जेडीयू के कई नेता और कार्यकर्ता पार्टी से नाराज़ हैं और कुछ ने पार्टी छोड़ भी दी है.
ख़बरों के मुताबिक़ मुसलमानों के एक वर्ग में एलजेपी के प्रति भी नाराज़गी है.
भारतीय निशानेबाज़ सिफत कौर समरा ने वर्ल्ड कप में जीता गोल्ड मेडल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सिफत कौर समरा ने जीता आईएसएसएफ़ वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय निशानेबाज़ सिफ़त कौर समरा ने आईएसएसएफ़ वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीता है.
इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फ़ेडरेशन की यह प्रतियोगिता अर्जेंटीना में चल रही है.
सिफत ने साल 2023 में 50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल स्पर्द्धा में ब्रिटेन की सियोनेड का विश्व रिकॉर्ड तोड़कर 469.6 अंकों का नया रिकॉर्ड बनाया था.
पंजाब के फ़रीदकोट से ताल्लुक रखने वाली सिफत कौर के पिता एक किसान हैं.
वो एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थीं, लेकिन मीडिया में छपी जानकारी के मुताबिक़ पढ़ाई के साथ-साथ उ शूटिंग का अभ्यास करने में उन्हें परेशानी हो रही थी.
इसके बाद उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई बीच में ही छोड़ने का फ़ैसला किया था.
कनाडा में भारतीय की चाकू मारकर हत्या, उच्चायोग ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने भारतीय नागरिक की चाकू मारने से हुई मौत पर अफ़सोस जताया है (फ़ाइल फ़ोटो)
कनाडा के रॉकलैंड में भारतीय समुदाय के एक शख्स की मौत पर ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने दुःख जताया है.
उच्चायोग ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, "ओटावा के क़रीब रॉकलैंड में चाकू घोंपने से एक भारतीय नागरिक की हुई मौत से हम बेहद दुखी हैं. पुलिस ने बताया है कि इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है. हम भारतीयों के एक स्थानीय समूह के ज़रिए संपर्क में हैं, ताकि पीड़ित के परिवार को हर संभव मदद पहुंचा सकें."
फ़िलहाल इस मामले को लेकर ज़्यादा जानकारी का इंतज़ार है कि जिस शख़्स को चाकू मारा गया वो कौन थे और इस घटना के पीछे की वजह क्या रही है.
अमेरिकी विदेश मंत्री ने क्यों कहा- भारत और चीन भी अमीर देश हैं, मदद के लिए बढ़ें आगे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मार्को रुबियो ने कहा है कि हर अमीर देश को मानवीय सहायता के लिए आगे आना चाहिए
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्राकृतिक आपदा के समय अमेरिकी सहायता के मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में भारत और चीन के बारे में टिप्पणी की है.
म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप के मुद्दे पर उनसे सवाल किया गया कि अमेरिका के पास खोजी कुत्ते और मदद के अन्य सामान हैं, जो ज़मीनी स्तर पर लोगों की जान बचा सकते हैं, लेकिन यूएसएआईडी को ख़त्म करने से यह काम नहीं हो पा रहा है.
रुबियो ने इसके जवाब में कहा है, "हम पूरी दुनिया की सरकार नहीं हैं. हम अन्य देशों की तरह ही मानवीय सहायता उपलब्ध कराएंगे. दुनिया में कई अमीर देश हैं और हर किसी को इसकी शुरुआत करनी चाहिए."
पिछले हफ़्ते शुक्रवार को म्यांमार में आए भीषण भूकंप में 3000 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है. यहां 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था.
रुबियो ने कहा, "मानवीय संकट के समय हम मदद करने की इच्छा रखते हैं. दूसरे देशों को भी यह काम करना चाहिए. चीन बहुत अमीर देश है. भारत अमीर देश है. मुझे लगता है कि यह सोच लेना ठीक नहीं है कि अमेरिका मानवीय सहायता का 60-70 फ़ीसदी भार सह ले."
थोड़ी देर में होगा फ़िल्म अभिनेता मनोज कुमार का अंतिम संस्कार, शुक्रवार को हुआ था निधन
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, फ़िल्म अभिनेता मनोज कुमार की अंतिम यात्रा की तैयारी
फ़िल्म अभिनेता मनोज कुमार की अंतिम यात्रा थोड़ी देर में मुंबई के उनके घर से निकाली जाएगी. उनका अंतिम संस्कार जुहू के श्मशान में किया जाएगा.
फ़िल्म निर्माता अशोक पंडित ने बताया है कि उनका पार्थिव शरीर मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी हॉस्पिटल से घर लाने के एक घंटे बाद अंतिम यात्रा निकाली जाएगी.
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था. उन्होंने 87 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली.
मनोज कुमार को हिंदी फ़िल्म जगत में उनकी देशभक्ति फ़िल्मों के लिए जाना जाता है. उनकी यादगार फ़िल्मों में क्रांति, उपकार, शहीद, 'पूरब और पश्चिम' के अलावा 'रोटी कपड़ा और मकान' शामिल है.