दूसरे वनडे में भारत को श्रीलंका ने 32 रनों से हराया, सिरीज़ में बनाई 1-0 की बढ़त

श्रीलंका के लिए अविष्का फर्नांडो और कमिदु मेंडिस ने सबसे ज़्यादा 40 रन बनाए. वहीं भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, उन्होंने तीन विकेट लिए.

सारांश

  • पेरिस ओलंपिक 2024: हॉकी में ब्रिटेन को हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुंचा भारत
  • बांग्लादेश में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें, 50 से अधिक की मौत
  • नोवाक जोकोविच ने पेरिस ओलंपिक में मेंस सिंगल टेनिस का फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर गोल्ड अपने नाम कर लिया है.
  • बांग्लादेश के सिलहेट स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग ने देश में रह रहे भारतीयों और छात्रों के लिए एडवाइज़री जारी की है.
  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वेलोदोमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनको अमेरिका निर्मित पहला एफ़-16 फ़ाइटर जेट मिल गया है.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, दूसरे वनडे में भारत को श्रीलंका ने 32 रनों से हराया, सिरीज़ में बनाई 1-0 की बढ़त

    दूसरे वनडे में श्रीलंका ने भारत को 32 रनों से हराया (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दूसरे वनडे में श्रीलंका ने भारत को 32 रनों से हराया (सांकेतिक तस्वीर)

    श्रीलंका ने भारत को दूसरे वनडे मुक़ाबले में 32 रनों से हरा दिया है.

    दूसरे वनडे मुक़ाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका ने 50 ओवरों में 240 रन बनाए. भारत को जीत के लिए 241 रनों का लक्ष्य मिला.

    श्रीलंका के लिए अविष्का फर्नांडो और कमिदु मेंडिस ने सबसे ज़्यादा 40 रन बनाए. वहीं भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर सबसे सफल गेंदबाज़ रहे. वॉशिंगटन सुंदर ने तीन विकेट लिए.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. कप्तान रोहित शर्मा और ओपनर शुभमन गिल के बीच 97 रनों की साझेदारी हुई.

    रोहित शर्मा ने 64 रनों की पारी खेली. 50 ओवरों के बाद भारतीय टीम अपने सभी विकेट खोकर भी केवल 50 रन ही बना सकी.

    लेकिन रोहित के आउट होने के बाद नियमित अंतराल पर भारत के विकेट गिरते रहे और भारतीय टीम 208 रनों पर ऑलआउट हो गई.

    भारतीय टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां वो तीन वन डे मैचों की सिरीज़ खेल रही है. इस सिरीज़ का पहला मैच टाई रहा था.

  2. यूक्रेन को मिला अमेरिका मे बना पहला एफ़-16 फ़ाइटर जेट

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की (फ़ाइल फ़ोटो)

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनको अमेरिका में बना पहला एफ़-16 फ़ाइटर जेट मिल गया है.

    एक ख़ुफ़िया जगह पर हुए आयोजन में ज़ेलेंस्की ने कहा, "यूक्रेन को मिला एफ़-16, हमने ये कर दिखाया".

    ज़ेलेंस्की ने यह भी कहा कि इन विमानों के आ जाने से यूक्रेन की एयर फ़ोर्स की मज़बूती और भी ज़्यादा बढ़ सकेगी जो कि अभी तक सोवियत काल के जेट विमानों पर ही निर्भर थी.

    हालांकि ज़ेलेंस्की ने यह नहीं बताया कि उनको अमेरिका से कितने विमान हासिल हुए हैं.

    उन्होंने 18 महीने के इंतज़ार के बाद जेट विमानों को पहुंचाने में मदद करने के लिए डेनमार्क, नीदरलैंड और ख़ास तौर पर अमेरिका को धन्यवाद दिया.

    हालांकि ज़ेलेंस्की यह भी कहा कि यूक्रेन को और भी विमानों की ज़रूरत है.

  3. सहारनपुर रेलवे स्टेशन के यार्ड में पटरी से उतरे पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे

    सहारनपुर में यार्ड से उतरे पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सहारनपुर में यार्ड से उतरे पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे (सांकेतिक तस्वीर)

    उत्तर प्रदेश के सहारनपुर रेलवे स्टेशन के यार्ड में एक पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, “ आज दिल्ली सहारनपुर मेमू ट्रेन के दो डिब्बे सहारनपुर रेलवे स्टेशन के यार्ड में पटरी से उतर गए.”

    नॉरदर्न रेलवे ने भी इस घटना पर ट्वीट किया है. रेलवे के मुताबिक़, “यार्ड के अंदर खाली रेक पटरियों से उतरे हैं और इससे मेन लाइन पर कोई असर नहीं पड़ा है. रेलवे के मुताबिक़ साथ ही सेक्शन में रेल परिचालन पर कोई बुरा असर नहीं पड़ा है.”

    उत्तर रेलवे ने बीबीसी को बताया है कि पटरी से उतरे हुए डिब्बे को शाम चार बजे के क़रीब वापस पटरी पर कर दिया गया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  4. नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने की सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन रोकने की अपील

    नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनूबू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनूबू (फ़ाइल फ़ोटो)

    नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनूबू ने बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर तीन दिनों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद विरोध प्रदर्शनों को ख़त्म करने की अपील की है.

    नाइजीरिया में विरोध प्रदर्शन के शुरुआती 10 दिनों में सात लोगों की मौत हुई है. इस दौरान 700 लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया है.

    राष्ट्रपति ने अपने एक टेलाफ़ोन संबोधन के ज़रिए कहा है, “मेरे प्यारे नाइजीरिया के लोगों, ख़ासकर हमारे युवाओं. मैंने आपकी बात को सुना है और मैं आपकी पीड़ा और हताशा को समझता भी हूं.”

    नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि कुछ इलाक़ों में विरोध प्रदर्शन पर अराजक तत्वों ने कब्ज़ा कर लिया है. वो देश में फ़ैली इस अशांति को ख़त्म करने के लिए बातचीत करेंगे.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, पेरिस ओलंपिक 2024: जोकोविच ने अल्काराज़ को हराकर जीता टेनिस का गोल्ड

    नोवान जोकोविच (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नोवान जोकोविच (फ़ाइल फ़ोटो)

    सर्बिया के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने पेरिस ओलंपिक में मेंस सिंगल टेनिस का फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर गोल्ड अपने नाम कर लिया है.

    फ़ाइनल मुक़ाबले में जोकोविच ने स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ को 7-6, 7-6 से हराया.

    ये जोकोविच का पहला ओलंपिक ख़िताब भी है.

    इसके साथ ही जोकोविच ओलंपिक टेनिस स्पर्धा में सबसे उम्रदराज स्वर्ण पदक विजेता बन गए हैं.

    पिछले ही महीने हुई विंबल्डन फ़ाइनल में अल्काराज़ ने जोकोविच को हराकर ख़िताब पर अपना कब्ज़ा जमाया था.

    ओलंपिक खेलों में नोवाक जोकोविच का सफ़र
    इमेज कैप्शन, ओलंपिक खेलों में नोवाक जोकोविच का सफ़र
  6. बांग्लादेश में रह रहे भारतीयों के लिए उच्चायोग ने जारी की एडवाइज़री

    बांग्लादेश के प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के प्रदर्शनकारी

    बांग्लादेश के सिलहेट स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग ने देश में रह रहे भारतीयों और छात्रों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    भारतीय सहायक उच्चायोग ने कहा है, "सिलहट स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग के अधिकार क्षेत्र में रहने वाले छात्रों सहित सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस कार्यालय से संपर्क में रहें और उनको सतर्क रहने की सलाह दी जाती है."

    उच्चायोग ने आपात नंबर भी जारी किया है और कहा है, "आपात स्थिति में, कृपया +88-01313076402 पर संपर्क करें."

    बांग्लादेश में पिछले कई दिनों से हालात ख़राब बने हुए हैं. बांग्लादेश में पुलिस और सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के बीच बढ़ती झड़पों के बीच रविवार को 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई है.

    बांग्लादेश में प्रदर्शनकारी छात्र प्रधानमंत्री शेख़ हसीना से पद से इस्तीफ़ा देने की मांग कर रहे हैं. छात्रों ने सविनय अवज्ञा आंदोलन का ऐलान किया है.

    रविवार को बांग्लादेश के कई हिस्सों में प्रदर्शनकारियों को तितरबितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और रबर की गोलियों का इस्तेमाल किया. इसमें कम से कम 200 लोगों के घायल होने की ख़बर है.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, बांग्लादेश में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों में 50 से अधिक लोगों की मौत, अनबरासन एथिराजन, बीबीसी संवाददाता

    बांग्लादेश में प्रदर्शन करते आंदोलनकारी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश में प्रदर्शन करते आंदोलनकारी

    बांग्लादेश में पुलिस और सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के बीच बढ़ती झड़पों के बीच रविवार को 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई है.

    बांग्लादेश में प्रदर्शनकारी छात्र प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं. छात्रों ने सविनय अवज्ञा आंदोलन का ऐलान किया है.

    रविवार को बांग्लादेश के कई हिस्सों में प्रदर्शनकारियों को तितरबितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और रबर की गोलियों का इस्तेमाल किया. इसमें कम से कम 200 लोगों के घायल होने की ख़बर है.

    बांग्लादेश में चल रहे देशव्यापी प्रदर्शनों को रोकने की कोशिशों के मद्देनज़र रात के समय कर्फ़्यू भी लगाया जा रहा है.

    बांग्लादेश में पिछले ही महीने आरक्षण के मुद्दे को लेकर छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुआ था. लेकिन अब यह विरोध प्रदर्शन व्यापक होता जा रहा है.

  8. मध्य प्रदेश: दीवार गिरने से मारे गए बच्चों के परिजनों के लिए पीएम ने की मुआवजे़ की घोषणा

    दीवार गिरने के बाद मौके़ पर मौजूद पुलिसकर्मी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दीवार गिरने के बाद मौके़ पर मौजूद पुलिसकर्मी

    प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के सागर में दीवार गिरने की दुर्घटना में के हर मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की मुआवज़ा राशि देने की घोषणा की है. साथ ही उन्होंने घायलों को 50,000 रुपये देने की भी घोषणा की है.

    हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ऑफिस ने पीएम के हवाले से एक्स हैंडल पर लिखा, "मध्य प्रदेश के सागर में दीवार गिरने से हुआ हादसा हृदयविदारक है."

    "इसमें जान गंवाने वाले बच्चों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं. मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं."

    मध्य प्रदेश के सागर में भारी बारिश के बाद एक दीवार ढहने से लगभग नौ बच्चों की मौत हुई है.

    सागर के कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया है कि लगातार हो रही बारिश के कारण दीवार ढहने से यह हादसा हुआ है.

    उन्होंंने कहा है, "यह घटना सुबह 8:30 बजे के आसपास हुई है. घटना की सूचना मिलते ही नगर प्रशासन, नगर पालिका की टीम मौके़ पर पहुंच गई थी और जनता के सहयोग से मलबे को हटाया गया."

    उन्होंने बताया "दो बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. बाक़ी बच्चों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. अब तक इस हादसे में लगभग 9 बच्चों की मौत हो चुकी है."

  9. सुप्रीम कोर्ट के आरक्षण संबंधित फ़ैसले पर मायावती की प्रतिक्रिया, कहा- पैदा होंगी मुश्किलें

    मायावती (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मायावती (फ़ाइल फ़ोटो)

    बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बीते दिनों अनुसूचित जाति और अनुसूचित जानजाति में सब-कैटेगरी को आरक्षण देने के सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले से असहमति जताई है.

    उनका कहना है कि इससे कई सारी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं.

    एक अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के सात जजों की पीठ ने अहम फ़ैसला सुनाते हुए कहा था अनुसूचित जाति और अनुसूचित जानजाति में सब-कैटेगरी को भी आरक्षण दिया जा सकता है.

    इस फ़ैसले पर बसपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा, “फ़ैसले में कई सारी बातें कही गई हैं उनसे हमारी पार्टी बिलकुल भी सहमत नहीं है. देविंदर सिंह बनाम पंजाब राज्य मामले में सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के अनुसार अब राज्य सरकारें वर्गीकरण के तहत आरक्षित वर्गों की नई सूची बना सकेंगी. इससे कई सारी समस्याएं भी पैदा होंगी.”

    सुप्रीम कोर्ट के एक अगस्त को दिए गए फ़ैसले के बाद अब राज्य अनुसूचित जाति और जनजातियों के आरक्षण में आंकड़ों के आधार पर सब-क्लासिफिकेशन यानी वर्गीकरण कर सकते हैं.

    इसका मतलब ये है कि अगर किसी राज्य में 15 फ़ीसदी आरक्षण अनुसूचित जातियों के लिए है तो उस 15 फ़ीसदी के अंतर्गत वो कुछ अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षण तय कर सकते हैं.

  10. केदारनाथ से अभी तक बाहर निकाले गए लगभग 10 हज़ार लोग

    उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन

    इमेज स्रोत, @AHindinews

    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन

    बारिश के चलते उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी इलाक़ों में जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है.

    उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा है, "अभी हालात पूरी तरह से सामान्य हैं. केदारनाथ और गौरीकुंड के बीच में भी कोई ख़तरा नहीं है. कल 9099 लोगों को निकाला गया था. आज भी 878 लोगों को निकाला गया है."

    विनोद कुमार सुमन ने कहा, "केदारनाथ में मौसम ख़राब है इसीलिए हमने वहां से 400 लोगों को पैदल ही लिनचोली भेज दिया है. वहां से हम उनको एयरलिफ़्ट करेंगे."

    "हमने हेलीकॉप्टर की संख्या भी बढ़ा दी है. अभी हमने 8 हेलीकॉप्टरों को तौनात कर दिया है. मौसम ख़राब होने के चलते एमआई 17 और चिनूक हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू नहीं हो पा रहा है."

    बारिश के चलते हुई मौतों पर उन्होंने कहा, "31 जुलाई के बाद से भी तक राज्य में कुल 17 लोगों की मौत हुई है. केदारनाथ के रास्ते में केवल दो लोगों की मौत हुई है."

    लापता लोगों के बार में जानकारी देते हुए राज्य आपदा प्रबंधन के सचिव ने कहा कि जिन भी लोगों से फ़ोन पर घरवाले संपर्क नहीं कर पा रहे थे उनको लापता बताया जा रहा था.

    उन्होंने कहा, "रूद्रप्रयाग पुलिस ने अधिकतर लोगों की बात उनके परिजनों से करवा दी है."

  11. पेरिस ओलंपिक 2024: क्वार्टरफ़ाइनल में जीत पर क्या बोलीं हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय की मां

    भारतीय खिलाड़ी ललित उपाध्याय की मां (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, @AHindinews

    इमेज कैप्शन, भारतीय खिलाड़ी ललित उपाध्याय की मां (फ़ाइल फ़ोटो)

    पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने क्वार्टरफ़ाइनल में ग्रेट ब्रिटेन को हराकर सेमीफ़ाइनल में प्रवेश कर लिया है.

    भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर हॉकी टीम के खिलाड़ी ललित उपाध्याय की मां रीता उपाध्याय ने एएनआई हिंदी से कहा, “जब मैच देखने बैठे तब हम सब यही कामना कर रहे थे कि भारत जीते. यहां तक कि जब मैच बराबरी पर था तब भी हम सभी यही कामना कर रहे थे कि भारत ही जीते.”

    ललित की मां ने कहा, “जब शूटआउट में भारत जीता तो हमें बहुत खुशी हुई. मेरी भगवान से प्रार्थना है कि वो सभी खिलाड़ियों पर आशीर्वाद बनाए रखें और टीम गोल्ड जीतकर वापस आएं.”

    क्वार्टरफ़ाइनल मुक़ाबला 1-1 की बराबरी पर था. लेकिन भारत ने पेनल्टी शूटऑउट में 4-2 से इस मैच को जीत लिया.

  12. पेरिस ओलंपिक 2024: लक्ष्य सेन की सेमीफ़ाइनल में हार, अब कांस्य पदक के लिए करेंगे मुक़ाबला

    लक्ष्य सेन (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लक्ष्य सेन (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन पेरिस ओलंपिक के पुरुष एकल बैडमिन्टन के सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में हार गए हैं.

    सेमीफ़ाइनल मैच में लक्ष्य सेन का मुक़ाबला डेनमार्क के विक्टर अक्सेलसेन से था.

    हालांकि अभी भी लक्ष्य के लिए पदक की उम्मीदें बाक़ी हैं. लक्ष्य सेन को अब कांस्य पदक के लिए एक और मैच खेलना होगा.

    डेनमार्क के विक्टर अक्सेलसेन ने सेमीफ़ाइनल मैच में लक्ष्य सेन को 20-22, 14-21 से पराजित किया.

  13. भारतीय हॉकी टीम को जीत पर योगी और गडकरी सहित इन नेताओं ने दी बधाई

    भारतीय हॉकी टीम (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय हॉकी टीम (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय टीम को पेरिस ओलंपिक में क्वार्टरफ़ाइनल में जीत के बाद भारत के केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट के जरिए बधाई दी.

    नितिन गडकरी ने लिखा, "भारतीय पुरुष हॉकी टीम को उनके दिल को छू लेने वाले शूट-आउट जीत के लिए बधाई, जिससे सेमीफ़ाइनल में जगह बनी!"

    "अब आप हॉकी में अपना 13वां ओलंपिक पदक जीतने से सिर्फ़ एक जीत दूर हैं. अगले मैच के लिए शुभकामनाएं."

    केंद्रीय केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए लिखा, "अद्भुत जीत, चक दे इंडिया. सेमीफ़ाइनल के लिए भारतीय हॉकी टीम को अनंत शुभकामनाएं."

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए लिखा "भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है... भारतीय हॉकी टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को हराकर ओलंपिक के सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है."

    "सभी खिलाड़ियों और हर गौरवान्वित भारतीय को हार्दिक बधाई! यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर भारतीय की है. यह विजयी यात्रा जारी रहे... जय हिंद!"

    पेरिस ओलंपिक के क्वार्टरफ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को शूटआउट में हराते हुए सेमीफ़ाइनल में प्रवेश किया.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, पेरिस ओलंपिक 2024: हॉकी में ब्रिटेन को हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुंचा भारत

    भारतीय हॉकी टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय हॉकी टीम

    पेरिस ओलंपिक में हॉकी के क्वार्टरफ़ाइनल में ग्रेट ब्रिटेन को बेहद कड़े मुक़ाबले में हराकर भारतीय टीम ने जीत हासिल कर ली है. इसके साथ ही भारत हॉकी के सेमीफ़ाइनल में पहुंच गया है.

    खेल के आधे समय तक मैच में दोनों तरफ से एक-एक गोल किया गया था.

    भारत की तरफ से पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर हरमनप्रीत सिंह ने मैच का पहला गोल किया. वहीं ब्रिटेन के ली मॉर्टन ने अपनी टीम की तरफ से गोल कर मैच बराबरी में ला दिया.

    यह मैच पेनल्टी शूटआउट तक पहुंच गया था, जिसमें भारत ने 4-2 से मैच जीत लिया.

    इस अहम मैच के दूसरे क्वार्टर की शुरूआत में ही भारतीय खिलाड़ी अमित रोहिदास को रेड कार्ड मिल गया, जिस के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. ये मैच टीम ने 10 खिलाड़ियों के साथ पूरा किया.

    भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर क्वार्टरफ़ाइनल में जगह बनाई थी, उसके बाद भारतीय हॉकी टीम से पदक की उम्मीदें लगाई जा रही थीं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इंटरनेशनल हॉकी फे़डरेशन ने भी भारतीय टीम को क्वार्टरफ़ाइनल में जीत की बधाई दी है.

    फ़ेडरेशन ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट करते हुए लिखा, "कप्तान हरमनप्रीत सिंह और गोलकीपर श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 10 खिलाड़ियों वाली भारतीय टीम ने शूटआउट में ग्रेट ब्रिटेन को हराकर फाइनल में जगह बना ली है."

    हॉकी इंडिया ने भी भारतीय हॉकी टीम को बधाई देते हुए लिखा, एक फ़ेमस जीत!!!! क्या खेल था? क्या शूटआउट था? राज कुमार पाल ने विजयी पेनल्टी शॉट लगाया? हम सेमीफाइनल में हैं.

  15. पेरिस ओलंपिक 2024: सेमीफ़ाइनल से पहले क्या बोले लक्ष्य सेन के रिश्तेदार

    भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन (फ़ाइल फ़ोटो)

    रविवार को भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन पेरिस ओलंपिक खेलों में सेमीफ़ाइनल मैच खेलने वाले हैं. उसने पदक की उम्मीद की जा रही है.

    मैच से पहले लक्ष्य सेन के रिश्तेदारों ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की. लक्ष्य के अंकल भारतेंदु पंत ने कहा, "लक्ष्य सेन का सफ़र बहुत अच्छा रहा है. उसे ओलंपिक में गोल्ड जीतने के लिए ही तैयार किया गया है."

    भारतेंदु पंत ने कहा, "लक्ष्य ने पहाड़ों से लेकर पेरिस तक काफ़ी मेहनत की है. इसी मेहनत का नतीज़ा है कि आज उन्होंने इतिहास रचा है और भारत का नाम रोशन किया है. हमें पूरी उम्मीद है कि वो सेमीफ़ाइनल और फ़ाइनल में जीतेंगे."

    वहीं लक्ष्य की आंटी गीता पंत ने कहा, "जब वो छोटा था तब से ही काफ़ी मेहनत कर रहा है. पहले उसने अपने दादा से ट्रेनिंग ली और फ़िर अपने पिता से. हमें गर्व है कि वो ओलंपिक तक पहुंचा. हमें उम्मीद है कि वो गोल्ड लेकर आएगा और सेमीफ़ाइनल ज़रूर जीतेगा."

    रविवार को लक्ष्य सेन पुरुष एकल बैडमिंटन के सेमीफ़ाइनल में डेनमार्क के विक्टर अक्सेलसेन का मुक़ाबला करेंगे. यह मैच भारतीय समयनुसार दोपहर साढ़े तीन बजे प्रसारित होगा.

  16. सुप्रीम कोर्ट के एससी-एसटी आरक्षण को लेकर दिए गए फ़ैसले पर क्या बोले चिराग पासवान

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (फाइल फोटो)

    सुप्रीम कोर्ट की सात जजों की पीठ ने गुरुवार को अपने एक फ़ैसले में कहा है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति में सब कैटेगरी को भी आरक्षण दिया जा सकता है.

    सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोजपा (राम विलास) के नेता चिराग पासवान ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट की जो ऑब्ज़रवेशन है उस पर हमारी भी असहमति है और इस असहमति को हमने प्रमुखता से दर्ज किया है.

    उन्होंने कहा है कि हम लोग इस बात को लेकर स्पष्ट हैं कि अनुसूचित जाति का आधार छुआछूत है. इसका कोई शैक्षणिक या आर्थिक आधार नहीं है. ऐसे में इसमें क्रीमी लेयर का कोई प्रावधान नहीं हो सकता है.

    उन्होंने कहा है कि इतने समय के बाद आज भी उदाहरण एक दलित युवक का मिलता है जिसे घोड़ी चढ़ने से रोका जाता है. उदाहरण एक ऐसे दलित परिवार का ही मिलता है जिसे मंदिर जाने से रोक दिया जाता है.

    उन्होंने कहा है कि ऐसे कई बड़े नाम हैं जो बड़े पदों पर हैं लेकिन उनके मंदिर में जाने के बाद मंदिर को गंगाजल से धुलवाया जाता है.

    चिराग पासवान ने कहा कि आज भी भेदभाव छुआछूत के आधार पर हो रहा है, ऐसे में आरक्षण के अंदर आरक्षण से हम लोग सहमत नहीं हैं.

    पासवान ने कहा है कि हम यानि लोजपा (राम विलास) इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका भी दाखिल करने वाली है.

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद राज्य अनुसूचित जाति और जनजातियों के आरक्षण में आंकड़ों के आधार पर सब-क्लासिफिकेशन यानी वर्गीकरण कर सकते हैं.

    इसका मतलब ये है कि अगर किसी राज्य में 15% आरक्षण अनुसूचित जातियों के लिए है तो उस 15% के अंतर्गत वो कुछ अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षण तय कर सकते हैं.

  17. मध्य प्रदेश के सागर में दीवार गिरने से 9 बच्चों की हुई मौत

    दीवार गिरने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दीवार गिरने के बाद मौके़ पर मौजूद पुलिसकर्मी

    मध्य प्रदेश के सागर में भारी बारिश के बाद एक दीवार ढहने से लगभग नौ बच्चों की मौत हुई है.

    सागर के कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया है कि यह बहुत ही दुखद घटना है. लगातार हो रही बारिश के कारण दीवार ढहने से यह हादसा हुआ है.

    उन्होंंने कहा है कि यह घटना सुबह 8:30 बजे के आस-पास हुई है. घटना की सूचना मिलते ही नगर प्रशासन, नगर पालिका की टीम मौके़ पर पहुंच गई थी और जनता के सहयोग से मलबे को हटाया गया.

    कलेक्टर ने बताया कि दो बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. बाक़ी बच्चों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. लगभग 9 बच्चों की मौत अब तक हो चुकी है.

    उन्होंने बताया कि बचे हुए दो बच्चे सुरक्षित हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    सागर में हुए हादसे को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है और परिजनों को 4-4 लाख रुपये देने की घोषणा की है.

    उन्होंने लिखा है कि सागर ज़िले के शाहपुर में हुई भारी बारिश के कारण जर्जर मकान की दीवार गिरने से 9 मासूम बच्चों की मौत की ख़बर सुनकर मन व्यथित है. घायल बच्चों के उचित इलाज के लिए ज़िला प्रशासन को निर्देशित किया है.

    सीएम ने कहा है कि "मैं भगवान से करबद्ध प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें."

    उन्होंने लिखा है कि हादसे में घायल अन्य बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं. जिन परिवारों ने मासूम बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की तरफ़ से 4 -4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.

  18. अयोध्या के कथित गैंगरेप मामले में गिरिराज सिंह राहुल गांधी, अखिलेश और तेजस्वी यादव पर क्या बोले

    केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (फाइल फोटो)

    अयोध्या के कथित गैंगरेप मामले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है.

    गिरिराज सिंह ने कहा है कि अयोध्या में जो घटना हुई नाबालिग बेटी के साथ उसे जुबान से बोलना भी पाप जैसा लगता है.

    उन्होंने कहा है कि 'अयोध्या में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाला व्यक्ति मुसलमान है इसलिए राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव और सारे टुकड़े-टुकड़े गैंग की ज़ुबान बंद है.'

    उन्होंने कहा कि जब भारत के सनातन पर चोट करनी होती है, ये सब एकजुट होकर के सनातन को तोड़ने में लग जाते हैं.

    अयोध्या पुलिस ने कथित गैंगरेप के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार किए गए दो लोगों पर नाबालिग लड़की का रेप कर वीडियो बनाने का आरोप है.

    प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मोईद ख़ान नाम के शख़्स की बेकरी पर बुलडोज़र चला दिया था. प्रशासन का कहना है कि ये बेकरी अवैध तरीके से एक तालाब के ऊपर बनी थी.

    इससे पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा था कि कुकृत्य के मामले में जिन पर भी आरोप लगा है, उनका डीएनए टेस्ट कराकर इंसाफ़ का रास्ता निकाला जाए न कि केवल आरोप लगाकर सियासत की जाए.

    उन्होंने कहा था कि जो भी दोषी हो उसे क़ानून के हिसाब से पूरी सज़ा दी जाए, लेकिन अगर डीएनए टेस्ट के बाद आरोप झूठे साबित हों तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए, यही न्याय की माँग है.

    वहीं इस मामले में यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सरकार की कार्रवाई को सही ठहराया है.

  19. अयोध्या के कथित गैंगरेप मामले में बसपा ने अखिलेश यादव को घेरा

    विश्वनाथ पाल उत्तर प्रदेश में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष

    इमेज स्रोत, VishwanathPal/twitter

    इमेज कैप्शन, विश्वनाथ पाल उत्तर प्रदेश में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष (फाइल फोटो)

    अयोध्या के कथित गैंगरेप केस को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने समाजवादी पार्टी को जमकर घेरा है.

    विश्वनाथ पाल ने कहा है कि 'मुझे मीडिया के लोगों ने बताया है कि समाजवादी पार्टी के कुछ लोग समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं.'

    उन्होंने बताया, "मैंने कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन अगर आप लोग कह रहे हैं तो यह गलत है. किसी दल को अपराधियों के साथ नहीं खड़ा होना चाहिए."

    उन्होंने कहा है कि जहां तक डीएनए जांच की बात है तो पीड़िता अस्पताल में भर्ती है और जब वह खुलेआम बयान दे रही है तो डीएनए जांच की कोई ज़रूरत नहीं है. अगर समाजवादी पार्टी इस तरह की बात कह रही है तो वह अपराधियों को बचाना चाह रही है.

    उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी तो 'मुझे नहीं लगता है इन्होंने इस तरह की घटना में कोई डीएनए जांच कराई थी.'

    अयोध्या पुलिस ने कथित गैंगरेप के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार किए गए दो लोगों पर नाबालिग लड़की से रेप कर वीडियो बनाने का आरोप है.

    प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मोईद ख़ान नाम के शख़्स की बेकरी गिरा दी थी. ये बेकरी कथित तौर पर अवैध तरीके से एक तालाब के ऊपर बनी थी.

    यूपी पुलिस ने 30 जुलाई को बेकरी के मालिक मोईद ख़ान और उनके एक कर्मचारी राजू ख़ान को एक रेप केस में गिरफ़्तार किया था.

    इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा था कि कुकृत्य के मामले में जिन पर भी आरोप लगा है, उनका डीएनए टेस्ट कराकर इंसाफ़ का रास्ता निकाला जाए न कि केवल आरोप लगाकर सियासत की जाए.

    उन्होंने कहा था कि जो भी दोषी हो उसे क़ानून के हिसाब से पूरी सज़ा दी जाए, लेकिन अगर डीएनए टेस्ट के बाद आरोप झूठे साबित हों तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए. यही न्याय की माँग है.

  20. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बस और कार की टक्कर में 7 लोगों की हुई मौत

    हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बस

    इटावा में बस और कार के बीच हुई टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई है. यह हादसा इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हुआ है.

    एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया है कि रात के 12:30- 12:45 के आसपास नागालैंड के नंबर की डबल डेकर बस रायबरेली से दिल्ली जा रही थी. एक्सप्रेस-वे पर 129 नंबर माइल स्टोन के पास कार से बस की टक्कर हो गई.

    एसएसपी ने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार कार आगरा के नंबर की है और कार आगरा से लखनऊ जा रही थी.

    उन्होंने बताया कि पहली नज़र में ऐसा लगा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण कार अपनी लेन को क्रॉस करते हुए बस से टकरा गई.

    उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर हाइवे के नीचे गहरे गड्ढे में गिर गई.

    बस में सवार 60 लोगों में से चार की मौत होने की सूचना मिली है वहीं कार सवार तीन लोगों की मौत हुई है जिसमें एक महिला भी शामिल है.

    एसएसपी ने बताया कि बस में सवार 20-25 लोग घायल हुए हैं, जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.