बिहार में नाव हादसे में बच्चों की मौत पर चिराग पासवान ने ये कहा

इमेज स्रोत, Getty Images
बिहार के राघोपुर दियारा में नाव दुर्घटना में लोगों की मौत पर केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद चिराग पासवान ने शोक जताया है.
चिराग पासवान ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मेरे संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राघोपुर दियारा में हुए नाव हादसे में कई लोगों की मौत की ख़बर बेहद दुःखद है."
उन्होंंने लिखा, "वर्तमान में एसडीआरएफ़ की टीम राहत और बचाव के काम में लगी है. घायलों को बेहतर इलाज के लिए एनएमसीएच भेजा गया है. इस संबंध में ज़िलाधिकारी से मेरी बात हुई है. केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से पीड़ितों को कैसे ज़्यादा से ज़्यादा मदद मिल सके इसपर भी विस्तृत बातचीत हुई."
चिराग पासवान हाजीपुर संसदीय सीट से एलजेपी (रामविलास) के सांसद हैं. जिस इलाक़े में यह नाव दुर्घटना हुई है वह उन्हीं के संसदीय क्षेत्र में आता है.
बिहार के वैशाली ज़िले में राघोपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार की रात गंगा नदी में नाव पलटने से कम से कम 13 बच्चों की मौत हो गई.
नाव में सवार ग्रामीण एक दूसरे गाँव जा रहे थे, जहाँ उन्हें एक भोज में शामिल होना था.
स्थानीय लोगों के मुताबिक़, भगतान टोला (रामपुर श्यामचंद पंचायत) में माता महारानी स्थान के पास सिंहेश्वर राय नाम के व्यक्ति के घर पर भोज का आयोजन किया गया था. क़रीब 20 लोग एक छोटी नाव में सवार होकर जा रहे थे.



