ग्रीस के जंगलों में लगी भीषण आग अब राजधानी एथेंस की ओर
आग फैलने की रफ़्तार को देखते हुए हज़ारों नागरिकों को उनके घरों से निकाल कर सुरक्षित जगह ले जाया गया है.
सारांश
ढाका की सड़कों पर ट्रैफ़िक पुलिस लौटी, पुलिसकर्मियों ने ख़त्म की हड़ताल
कोलकाता रेप-मर्डर केस को लेकर देश भर में डॉक्टरों की हड़ताल का एलान.
इसराइल और ईरान के बीच तनाव पर अमेरिका की नज़र, मध्य पूर्व में भेजी मिसाइल से लैस पनडुब्बी
बांग्लादेश की तस्वीर शेयर कर बोले थरूर- मंदिरों और घरों पर हमले हुए.
लाइव कवरेज
शिल्पा ठाकुर और दीपक मंडल
ग्रीस के जंगलों में लगी भीषण आग अब राजधानी एथेंस की ओर
इमेज स्रोत, REUTERS
ग्रीस के जंगलों में लगी आग तेज़ी से राजधानी एथेंस की ओर बढ़ रही है.
आग फैलने की रफ़्तार को देखते हुए हज़ारों नागरिकों को उनके घरों से निकाल कर सुरक्षित जगह ले जाया गया है.
एथेंस में हवा बुरी तरह प्रदूषित हो गई है. तापमान बेहद बढ़ गया और आसमान काला हो गया है.
एथेंस से 20 मील उत्तर पूर्वी इलाके़ वरनावास में कई घरों में आग लग गई है. इस इलाके में बच्चों और सेना के अस्पताल को खाली कराया गया है.
आग बुझाने के लिए 670 दमकल लगाए गए हैं. फ्रांस और इटली ने आग बुझाने के लिए विमान भेजे हैं.
अडियाला जेल से पेशी पर आए इमरान ख़ान ने कहा- पाकिस्तान के हालात बांग्लादेश से भी बदतर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा है कि पाकिस्तान के हालात बांग्लादेश से भी खराब हैं.
भ्रष्टाचार के एक मामले में अडियाला जेल में बंद इमरान ख़ान ने कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान पत्रकारों से कहा कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने सेना प्रमुख, मुख्य न्यायाधीश और पुलिस चीफ के पद पर अपने पसंदीदा लोगों को बिठाया था.
इमरान ख़ान ने कहा,'' शेख़ हसीना ने जमात-ए-इस्लामी समेत सभी प्रमुख विपक्षी दलों को दबा कर रखा था. पाकिस्तान में भी यही हुआ और हो रहा है. यहां भी अंदर ही अंदर असंतोष पनप रहा है. उसे बस फूटने का इंतजार है.''
कोर्ट रूम मौजूद पत्रकार बाबर मलिक के मुताबिक़ इमरान ख़ान ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) को आरक्षित सीटें एलॉट नहीं की गईं तो वो सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी.
पाकिस्तान की संसद में 70 सीटें आरक्षित होती हैं. इनमें से 60 महिलाओं और 10 ग़ैर-मुसलमानों को दी जाती हैं. इमरान ख़ान चाहते हैं कि उनकी पार्टी को भी इन सीटों में भागेदारी मिले.
सोमवार को भ्रष्टाचार के मामले में सुनवाई के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक तौर पर बात करते हुए इमरान ख़ान ने कहा कि अगर सरकार ने पीटीआई की आरक्षित सीटें देने की मांग नहीं मानी और चीफ जस्टिस काज़ी फैज़ ईसा को एक्सटेेंशन देने पर अड़ी तो वो उसका विरोध करेंगे.
दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर, संदीप सोनी और सुमिरन प्रीत कौर से
पाकिस्तान में आईएसआई के पूर्व डीजी फैज़ हमीद गिरफ़्तार, कोर्ट मार्शल होगा
इमेज स्रोत, ISPR
इमेज कैप्शन, फैज़ हमीद (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान की सेना ने कहा है कि उसने आईएसआई के पूर्व डीजी फैज़ हमीद को हिरासत में ले लिया है.
सेना ने कहा है कि उनके ख़िलाफ़ कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया भी शुरू हो रही है.
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ने कहा है कि एक अन्य मामले में पाकिस्तान के एक प्रॉपर्टी टाइकून की ओर से दर्ज शिकायत की जांच के बाद पूर्व डीजी के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की गई है.
हमीद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के नजदीकी बताए जाते थे. इमरान ख़ान अपने कार्यकाल के दौरान जनरल फैज़ को एक एक्सटेंशन देना चाहते थे. हालांकि तत्कालीन आर्मी चीफ के विरोध की वजह से ऐसा नहीं हो सका.
इसराइल-हमास संघर्ष: फ्रांस,जर्मनी और ब्रिटेन ने जारी किया संयुक्त बयान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मध्यपूर्व पर तीन देश के नेताओं ने जारी किया बयान
फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन के राष्ट्राध्यक्षों ने मध्य पूर्व के हालात पर एक संयुक्त बयान जारी किया है.
इसकी जानकारी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने अपने एक्स अकाउंट पर दी.
बयान में कहा गया है, "हम फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन के नेता युद्धविराम समझौते और बंधकों की रिहाई के लिए हमारे सहयोगी कतर, मिस्र और अमेरिका के कड़े परिश्रम का स्वागत करते हैं. हम युद्धविराम के लिए तत्काल वार्ता शुरू करने की मांग वाले शेख तमीम बिन हमद अल थानी, राष्ट्रपति सीसी और जो बाइडन के संयुक्त बयान का समर्थन करते हैं."
इसमें लिखा है,"हम मानते हैं कि अब और अधिक देरी नहीं की जा सकती. हम बढ़ते संघर्ष को रोकने के लिए सभी पक्षों के साथ काम कर रहे हैं. तनाव कम करने और स्थिरता का रास्ता तलाशने में कोई कमी नहीं बरती जाएगी."
तीनों नेताओं की तरफ से कहा गया है,"अब जंग का अंत होना चाहिए और उन सभी बंधकों को रिहा किया जाना चाहिए जिन्हें हमास ने अब तक बंधक बनाया हुआ है. ग़ज़ा के लोगों को तत्काल मदद की ज़रूरत है."
इमेज स्रोत, TWITTER
इसमें आगे लिखा है "हम क्षेत्र में बढ़ते तनाव को लेकर चिंतित हैं. संघर्ष को ख़त्म करने और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए एकजुट हैं. इस मसले पर हम ईरान और उसके सहयोगियों से कहना चाहते हैं कि वो ऐसे हमले करने से बचें, जो क्षेत्र में न केवल तनाव बढ़ा सकते हैं बल्कि युद्धविराम पर सहमति और बंधकों की रिहाई को भी ख़तरे में डाल सकते हैं."
ईरान और उसके सहयोगियों के लिए लिखा है,"वो शांति और स्थिरता के इस अवसर को ख़तरे में डालने के लिए ज़िम्मेदारी होंगे. मध्य पूर्व में और अधिक तनाव बढ़ने से किसी भी देश का भला नहीं होगा."
प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षा मांगी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है.
प्रियंका गांधी ने सोमवार (12 अगस्त) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर लगातार हमलों की ख़बरें विचलित करने वाली हैं. किसी भी सभ्य समाज में धर्म, जाति, भाषा या पहचान के आधार पर भेदभाव, हिंसा और हमले अस्वीकार्य हैं.''
उन्होंने लिखा है, ''हमें उम्मीद है कि बांग्लादेश में जल्द हालात सामान्य होंगे और वहां की नवनिर्वाचित सरकार हिंदू, ईसाई और बौद्ध धर्म को मानने वाले लोगों के लिए सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करेगी.''
बांग्लादेश में कई जगह भीड़ ने अल्पसंख्यकों पर हमले किए हैं. हालांकि अंतरिम सरकार ने अल्पसंख्यकों को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया है.
बांग्लादेश में गृह मामलों के सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (रिटायर्ड) एम सख़ावत हुसैन ने अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देने में नाकामी पर माफ़ी मांगी है.
बांग्लादेश के गृह मामलों के सलाहकार सखावत हुसैन ने अल्पसंख्यकों से माफ़ी मांगी,कहा- सुरक्षा देने में नाकाम रहे
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश में गृह मामलों के सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (रिटायर्ड) एम सखावत हुसैन
बांग्लादेश में गृह मामलों के सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (रिटायर्ड) एम सखावत हुसैन ने अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देने में नाकामी पर माफ़ी मांगी है.
उन्होंंने कहा, ''अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देना बहुसंख्यकों की ज़िम्मेदारी है. लेकिन वो उन्हें सुरक्षा देने में नाकाम रहे. आप मस्जिद में जाकर पांच बार नमाज पढ़ते हैं लेकिन अल्पसंख्यकों को सुरक्षा नहीं दे पाए. ये हमारे धर्म में है. अल्पंसख्यकों को सुरक्षा देना आपकी जिम्मेदारी है. आप नाकाम रहे. इसका जवाब देना होगा.''
उन्होंने कहा,'' मैं अपने अल्पसंख्यक भाइयों से माफ़ी चाहता हूं. भाई हमें माफ़ करें.अभी भी हमारे यहां हालात अस्थिर हैं. हम हर जगह आपको सुरक्षा नहीं दे पाए. कुछ जगहों पर सिविल सोसाइटी के लोगों ने अल्पसंख्यकों को सुरक्षा दी है. पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स की हालत अभी भी अच्छी नहीं है. लेकिन हालात सुधरेंगे.''
जन्माष्टमी और दुर्गापूजा में पूरी सुरक्षा का आश्वासन
सखावत हुसैन ने जन्माष्टमी पूजा के लिए सभी तरह के सुरक्षा इंतजाम करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने दुर्गा पूजा की छुट्टी तीन दिन तक बढ़ाने का भी सुझाव दिया.
उन्होंने कहा,''पुलिस,अंसार, बीजीबी पूजा में जितनी सुरक्षा चाहेंगे, मुहैया कराएंगे. इस मामले में जिला प्रशासक जिम्मेदारी लेंगे. हमारा काम हर किसी की रक्षा करना है, चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो, ईसाई हो. मुझे उम्मीद है कि वे मेरी बातों से आश्वस्त होंगे.”
उन्होंने यह भी कहा,''हम नहीं चाहते कि कोई तीसरा पक्ष देश को बदनाम करे. कई लोग कहते हैं कि वे वहां (भारत) जाएंगे. लेकिन कोई भी दोयम दर्जे का नागरिक नहीं बनना चाहता.”
इसराइल और ईरान के बीच तनाव पर अमेरिका की नज़र, मध्य पूर्व में भेजी मिसाइल से लैस पनडुब्बी
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अमेरिका का एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस अब्राहम लिंकन भी जल्द ही इस क्षेत्र में जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)
इसराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने मध्य पूर्व में एक गाइडेड मिसाइल पनडुब्बी भेजी है.
अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस अब्राहम लिंकन को भी इस इलाके़ में जल्द पहुंचने को कहा है.
यूएसएस अब्राहम लिंकन लड़ाकू विमान एफ-35 से लैस है.
दरअसल हमास और हिज़बुल्लाह कुछ बड़े नेताओं के मारे जाने के बाद इसराइल और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है.
ईरान ने अपने यहां मारे गए हमास नेता इस्माइल हनिया का बदला लेने का एलान किया था. समझा जाता है कि हिज़बुल्लाह इसराइल के कुछ सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकता है.
हनिया की मौत के बाद बढ़े तनाव को देखते हुए अमेरिका ने मध्य पूर्व में पनडुब्बी भेजने का फ़ैसला किया है.
अमेरिका ऐसे किसी भी हमले से इसराइल का बचाव करना चाहता है.
अमेरिकी रक्षा मंत्री ऑस्टिन ने कहा कि उनका देश अपने सहयोगी देशों के बचाव के लिए हरसंभव क़दम उठाएगा.
ढाका की सड़कों पर ट्रैफ़िक पुलिस लौटी, पुलिसकर्मियों ने ख़त्म की हड़ताल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ढाका में पिछले सात दिनों से छात्र और स्वयंसेवक सड़क पर ट्रैफ़िक संभालने का काम कर रहे थे
बांग्लादेश की राजधानी ढाका की सड़कों पर पुलिस लौट आई है.
सोमवार सुबह ढाका,बड्डा, बसुंधरा, मोहाखली, तेजगांव, बांग्ला मोटर, कारवां बाज़ार, विजय सरानी, जहांगीर गेट, शाहबाग और गुलिस्तान इलाकों में ट्रैफिक पुलिस ड्यूटी पर दिखी.
पिछले सात दिनों से कई छात्र और स्वयंसेवक सड़क पर ट्रैफिक संभालने का काम कर रहे थे.
बांग्लादेश में 5 अगस्त को सरकार के पतन के बाद देश भर में कई पुलिस थानों, चौकियों और ट्रैफिक पुलिस के बूथों पर हमला किया गया था.
इन हमलों में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. दहशत की वजह से कई थानों से पुलिसकर्मी भाग गए थे.
कुछ पुलिसकर्मियों ने शांति व्यवस्था बहाल होने तक काम पर न लौटने का एलान किया था.
बाद में पुलिसकर्मी अपनी सुरक्षा समेत 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में हड़ताल पर चले गए थे.
लेकिन मांगें पूरी होने के आश्वासन के बाद उन्होंने रविवार (11 अगस्त) को हड़ताल ख़त्म कर दी थी.
गृह मामलों के सलाहकार एम सखावत हुसैन ने रविवार को सभी को काम पर आने के लिए गुरुवार तक समय दिया है.
ग्राहम थोर्प ने ली थी अपनी जान, पत्नी ने बताया अवसाद से जूझ रहे थे
इमेज स्रोत, PA Media
इमेज कैप्शन, ग्राहम थोर्प ने इंग्लैंड के लिए 100 टेस्ट मैच और 82 वनडे मैच खेले थे
पिछले हफ़्ते 55 साल की उम्र में इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज़ ग्राहम थोर्प की मौत हो गई थी. अब उनके परिवार ने कहा है कि थॉर्प ने 'अपनी जान ख़ुद ली थी.' थोर्प ने इंग्लैंड के लिए 100 टेस्ट मैच और 82 वनडे मैच खेले थे.
द टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में थोर्प की पत्नी अमांडा ने कहा है कि उनके पति हाल के वर्षों में डिप्रेशन में चल रहे थे.
उन्होंने अख़बार को बताया, "पत्नी और दो प्यार करने वाली बेटियों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था. वे हाल के दिनों में बहुत अस्वस्थ थे और उन्हें लगने लगा था कि परिवार को उनकी ज़रूरत नहीं है. हम उनके इस क़दम से निराश हैं."
पत्नी अमांडा ने अख़बार को बताया कि पिछले कुछ वर्षों से थोर्प अवसाद का सामना कर रहे थे.
उन्होंने बताया कि मई 2022 में भी थोर्प ने अपनी जान लेने की कोशिश की थी जिसकी वजह से वे कई दिनों तक आईसीयू में रहे थे.
ग्राहम थोर्प अपने पीढ़ी के एक मंझे हुए बल्लेबाज़ थे. उन्होंने 82 वनडे मैचों में 2380 रन बनाए और इसी तरह 100 टेस्ट मैचों में 6,744 रन बनाए. इनमें 16 शतक भी शामिल हैं.
साल 2005 में रिटायर होने के बाद वे कोचिंग की तरफ़ मुड़े. अब परिवार ने ग्राहम थोर्प के नाम पर एक फ़ाउंडेशन कायम करने का ऐलान किया है.
आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं.आपकोअपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.
रूस का दावा- देश के अंदर 30 किमी भीतर तक घुसी यूक्रेनी सेना
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस में घुसे यूक्रेन के सैनिक
यूक्रेन की सेना रूस में 30 किमी भीतर तक घुस गई है. ये दावा रूस ने किया है.
फरवरी 2022 में इन दोनों देशों के बीच जंग शुरू हुई थी. ये यूक्रेन की तरफ से रूस में की गई अब तक की सबसे बड़ी घुसपैठ बताई जा रही है.
रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि क्रुस्क क्षेत्र में संघर्ष शुरू हुए 6 दिन हो गए हैं.
टॉलपिनो और ओब्शची कोलोडेज़ गांवों में रूस और यूक्रेन के सैनिकों की भिड़ंत हुई.
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने आरोप लगाया कि कीव "रूस के शांति से रह रहे लोगों को डरा" रहा है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बीती रात देश को किए संबोधन में पहली बार सीधे तौर पर इस हमले को स्वीकार किया.
उन्होंने कहा कि रूस ने इन गर्मियों में कुर्स्क क्षेत्र से सीमा पार 2,000 हमले किए थे.
ज़ेलेंस्की ने कहा, "तोपखाने, मोर्टार और ड्रोन. हमें मिसाइल हमलों का भी पता है. और ऐसे हर एक हमले का उचित जवाब मिलना चाहिए."
हिंडनबर्ग रिपोर्ट में किए दावों पर बीजेपी नेता रविशंकर क्या बोले
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर बोले रविशंकर प्रसाद
बीजेपी सांसद और पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट को पूरी तरह आधारहीन बताया.
उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "कांग्रेस पार्टी, इंडी गठबंधन के लोग और उन्हें प्रमोट करने वाले टूल किट के लोग भारत को आर्थिक रूप से अस्थिर करने के षड्यंत्र में जुटे हैं."
रविशंकर प्रसाद ने कहा, "हिंडनबर्ग की रिपोर्ट शनिवार को रिलीज हुई, रविवार को हल्ला मचा ताकि सोमवार को पूरे कैपिटल मार्केट को अस्थिर किया जा सके."
उन्होंने कहा, "सुप्रीम कोर्ट के क्षेत्राधिकार में अपनी जांच पूरी करने के बाद सेबी ने हिंडनबर्ग के खिलाफ जुलाई में एक नोटिस जारी किया था. अपने बचाव में जवाब देने की बजाय हिंडनबर्ग ने ये रिपोर्ट पेश की, ये पूरी तरह आधारहीन है."
बांग्लादेश की तस्वीर शेयर कर बोले थरूर- मंदिरों और घरों पर हमले हुए...
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपने एक्स अकाउंट पर बांग्लादेश के 'शहीद मेमोरियल स्थल' की दो तस्वीरें शेयर कर दुख जताया.
एक तस्वीर में मूर्तियां टूटी हुईं नज़र आ रही हैं. जबकि पुरानी तस्वीर में वो ठीक हैं.
थरूर ने कहा, "मुजीबनगर में मौजूद इस शहीद स्थल को भारत विरोधी उपद्रवियों ने नष्ट कर दिया है. कई स्थानों पर भारतीय सांस्कृतिक केंद्र, मंदिरों और हिंदुओं के घरों पर भी हमले हुए."
उन्होंने कहा, "यहां तक कि ऐसी खबरें भी आईं कि मुस्लिम नागरिकों ने अन्य अल्पसंख्यकों के घरों और धार्मिक स्थानों की रक्षा की."
थरूर ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस को टैग कर लिखा, "कुछ आंदोलनकारियों का एजेंडा बिल्कुल स्पष्ट है. ये आवश्यक है कि मोहम्मद यूनुस और उनकी अंतरिम सरकार बांग्लादेश के सभी लोगों, सभी धर्मों के हित में कानून एवं व्यवस्था को बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाए."
उन्होंने लिखा, "भारत ऐसे मुश्किल वक्त में बांग्लादेश के लोगों के साथ खड़ा है. लेकिन ऐसे हुड़दंग को कभी माफ़ नहीं किया जा सकता."
इमेज स्रोत, Twitter/
इमेज कैप्शन, शशि थरूर ने शेयर की बांग्लादेश की तस्वीर
कोलकाता रेप-मर्डर केस: विरोध प्रदर्शन के बीच मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल का इस्तीफ़ा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने इस्तीफ़ा दिया
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के प्रिंसिपल डॉक्टर संदीप घोष ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में एक पीजी ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी.
इस मामले में देश भर के डॉक्टरों और उनसे जुड़े संगठनों ने हड़ताल का एलान किया है.
चिकित्सा शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया, "सोशल मीडिया पर होती बदनामी और जिसे वो अपनी बेटी मानते थे, उस डॉक्टर की मौत के कारण उन्होंने ये फैसला लिया. उन्हें भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोके जाने की उम्मीद है."
पश्चिम बंगाल सरकार ने कॉलेज के मेडिकल सुपरिटेंडेंट और वाइस प्रिंसिपल डॉक्टर संजय वशिष्ठ को हटा दिया है.
राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि उनके स्थान पर सबसे वरिष्ठ प्रोफेसर डॉक्टर बुलबुल मुखोपाध्याय ने कार्यभार संभाला है.
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल मामले में डीसीपी नॉर्थ अभिषेक गुप्ता ने एएनआई से कहा कि सुरक्षा से जुड़े उपाय लागू किए गए हैं.
उन्होंने कहा, "अस्पताल में प्रवेश करने वाले लोगों के नाम अब से रजिस्टर में लिखे जाएंगे. अज्ञात लोगों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा. जो परेशानी खड़ी कर सकते हैं."
डीसीपी ने कहा, "डॉक्टरों ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी. गार्ड्स को आई कार्ड दिए गए हैं, जो उन्हें ड्यूटी के दौरान पहनना होगा. ये कदम केवल सुरक्षा बढ़ाने के लिए उठाए गए हैं."
कोलकाता रेप-मर्डर केस: डॉक्टरों ने हड़ताल का एलान किया, क्या हैं मांगें
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, घटना के बाद जारी विरोध प्रदर्शन
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में नौ अगस्त को एक पीजी ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी और अब इस मामले में विरोध प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है.
डॉक्टर के शव पर बर्बरता के निशान मिले हैं. इससे देश भर के डॉक्टरों में गुस्सा देखने को मिल रहा है.
बीएमसी और महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स यानी एमएआरडी ने भी विरोध दर्ज कराया है.
एमएआरडी ने हड़ताल करने का एलान किया है.
बीएमसी और एमएआरडी ने कहा- 13 अगस्त, 2024 की सुबह 8 बजे से रेजिडेंट डॉक्टर नॉन इमरजेंसी मेडिकल सेवाओं पर रोक की घोषणा करते हैं.
ऐसा तब तक किया जाएगा, जब तक कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टरों की मांगें पूरी नहीं की जातीं.
क्या हैं मांगें?
मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी करे.
सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट बनाया जाए.
सभी चिकित्सा संस्थानों में सुरक्षा उपायों की तत्काल ऑडिट और भर्ती रिपोर्ट तैयार हो.
अस्पतालों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कुल संख्या पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए.
एफओआरडीए (फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन) ने भी एलान किया है कि 12 अगस्त से देश भर में हड़ताल की जाएगी.
दिल्ली के बड़े सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर भी हड़ताल पर हैं.
उन्होंने वैकल्पिक सेवाएं अनिश्चितकाल तक के लिए बंद कर दी हैं.
सभी डॉक्टरों की मांग है कि महिला डॉक्टर को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए.
पेरिस ओलंपिक में किस खिलाड़ी ने जीते सबसे ज़्यादा मेडल?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चीन की झांग युफेई
फ्रांस की राजधानी पेरिस में रविवार को ओलंपिक खेलों का समापन हो गया.
इसकी शुरुआत 26 जुलाई को हुई थी.
इस ओलंपिक में सबसे अधिक मेडल चीन की झांग युफेई ने हासिल किए हैं. उन्होंने 6 मेडल हासिल किए.
पेरिस ओलंपिक की वेबसाइट के अनुसार, झांग ने ये मेडल स्विमिंग में जीते हैं. उन्हें 5 ब्रॉन्ज़ और 1 सिल्वर मेडल मिला है.
दूसरे स्थान पर फ्रांस के लियोन मार्चैंड हैं. उन्हें 5 मेडल मिले हैं. लियोन भी स्विमर हैं.
उन्हें 4 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज़ मेडल मिला.
पेरिस ओलंपिक के पदक तालिका में अमेरिका 126 मेडल (40 गोल्ड, 44 सिल्वर और 42 ब्रॉन्ज़) के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि चीन 91 मेडल (40 गोल्ड, 27 सिल्वर और 24 ब्रॉन्ज़) के साथ दूसरे स्थान पर है.
तीसरे स्थान पर जापान है जिसे कुल 45 मेडल मिले, जिसमें 20 गोल्ड हैं. क़रीब 114 देश ऐसे हैं जिन्हें कोई भी मेडल नहीं मिला है.
हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट के बाद शेयर बाज़ार का क्या हाल?
इमेज स्रोत, Getty Images
हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट जारी होने के बाद भारतीय शेयर बाज़ार पर भी इसका असर दिखा है.
सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली गिरावट देखने को मिली है.
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स क़रीब 300 अंक और निफ्टी में 90 अंकों की गिरावट आई.
अदानी ग्रुप के ख़िलाफ़ रिपोर्ट जारी करने वाली हिंडनबर्ग रिसर्च ने अब बाज़ार नियामक सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच पर आरोप लगाया है.
अमेरिकी शॉर्ट सेलर फ़ंड हिंडनबर्ग ने शनिवार को व्हिसलब्लोअर दस्तावेज़ों का हवाला देते हुए कहा कि सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच की उन ऑफ़शोर कंपनियों में हिस्सेदारी रही है, जो अदानी समूह की वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी हुई थीं.
बिहार: जहानाबाद के मंदिर में मची भगदड़, 7 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Syyed Musharraf Imam
इमेज कैप्शन, मंदिर में भगदड़ से कई लोगों की मौत
सीटू तिवारी
बीबीसी संवाददाता
बिहार के जहानाबाद जिले के बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में सोमवार को भगदड़ मच गई.
इस भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई है और 10 से अधिक लोग घायल हैं. घटना रात को 12 से 12:30 के बीच हुई.
जहानाबाद के एसडीओ विकास कुमार ने कहा, "ये एक दुखद घटना है. सारी व्यवस्थाएं की गई थीं. हम स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं. अभी तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि है. घायल 10 से अधिक हैं."
जहानाबाद की डीएम अलंक्रृता पांडे ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "हम हर चीज़ पर नज़र बनाए हुए हैं और अब स्थिति नियंत्रण में है."
जहानाबाद के एसएचओ दिवाकर कुमार विश्वकर्मा ने कहा, "डीएम और एसपी घटनास्थल पर गए हैं और स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं. कुल 7 लोगों की मौत हुई है."
उन्होंने कहा, "हम उनके (मृतकों और घायलों) परिवार के सदस्यों से मिलकर जानकारी ले रहे हैं. मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. इसके बाद हम शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज देंगे."
घायलों का इलाज जहानाबाद सदर और मखदुमपुर सदर अस्पताल में चल रहा है. मखदुमपुर थाना क्षेत्र की घटना है.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये के मुआवज़े का आदेश दिया है.
माधबी बुच की सफाई के बाद हिंडनबर्ग ने फिर उठाए सवाल, क्या कुछ कहा?
हिंडनबर्ग ने बाज़ार नियामक सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच पर रविवार रात एक बार फिर सवाल उठाए हैं.
हिंडनबर्ग ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर दस्तावेज़ों के साथ एक पोस्ट करते हुए कुछ दावे भी किए.
हिंडनबर्ग ने बुच के बयान वाले एएनआई के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, "हमारी रिपोर्ट पर सेबी चेयरपर्सन माधबी बुच की प्रतिक्रिया में कई ज़रूरी बातें स्वीकार की गई हैं. और कई नए महत्वपूर्ण सवाल भी खडे़ हुए हैं."
हिंडनबर्ग ने कहा कि माधबी बुच के जवाब से पुष्टि होती है कि उनका बरमूडा/मॉरीशस के फ़ंड में निवेश था. जिसका पैसा विनोद अदानी ने इस्तेमाल किया. उन्होंने (माधबी) पुष्टि की है कि ये फ़ंड उनके पति के बचपन के दोस्त चलाते थे, जो तब अदानी के डायरेक्टर थे.
हिंडनबर्ग ने माधबी की प्रतिक्रिया पर और क्या कहा
अदानी से संबंधित निवेश फ़ंड की जांच की ज़िम्मेदारी सेबी को दी गई थी. इसमें माधबी के व्यक्तिगत निवेश वाले फ़ंड शामिल थे.
बुच के बयान में ये भी दावा किया गया है कि वो दोनों कंसल्टिंग कंपनियों से 2017 में सेबी में नियुक्त होते ही हट गईं. लेकिन 31 मार्च, 2024 की शेयर होल्डिंग बताती है कि अगोरा एडवाइजरी (इंडिया) में माधबी की 99 फ़ीसदी की हिस्सेदारी है, न कि उनके पति की. वो अब भी एक्टिव हैं और कंपनी में कमाई कर रही हैं.
सिंगापुर के रिकॉर्ड्स के अनुसार, मार्च 2016, 2022 के वक्त तक माधबी की अगोरा पार्टनर्स सिंगापुर में 100 फ़ीसदी हिस्सेदारी थी. मतलब सेबी में पूर्णकालिक सदस्य रहते हुए. उन्होंने सेबी का चेयरपर्सन बनने के दो हफ्ते बाद अपने शेयर पति के नाम ट्रांसफर कर दिए.
अगोरा एडवाइजरी ने वित्त वर्ष (2022, 2023 और 2024) में 2.3 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया. जबकि वो इस दौरान सेबी की चेयरपर्सन भी हैं.
बुच ने सेबी की पूर्णकालिक सदस्य रहते हुए अपने पर्सनल ई-मेल आईडी से पति के नाम का इस्तेमाल कर बिजनेस किया.
व्हिसलब्लोअर दस्तावेज़ों के अनुसार, 2017 में सेबी की पूर्णकालिक सदस्य के रूप में उनकी नियुक्ति से कुछ हफ्ते पहले उन्होंने ये सुनिश्चित किया कि अदानी से जुड़े अकाउंट "केवल उनके पति धवल बुच के नाम पर पंजीकृत हों."
क्या है मामला?
अमेरिकी शॉर्ट सेलर फ़ंड हिंडनबर्ग ने शनिवार को व्हिसलब्लोअर दस्तावेज़ों का हवाला देते हुए कहा था कि सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच की उन ऑफ़शोर कंपनियों में हिस्सेदारी रही है, जो अदानी समूह की वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी हुई थीं.
रविवार शाम सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच ने दो पन्नों का एक बयान जारी कर हिंडनबर्ग के दावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी.
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में जिस फ़ंड का ज़िक्र किया गया है, उसमें 2015 में निवेश किया गया था और ये माधबी के सेबी का सदस्य बनने से दो साल पहले का मामला है.
सेबी चेयरपर्सन और उनके पति धवल बुच ने हिंडनबर्ग के आरोपों का खंडन किया था.
सेबी ने क्या कहा?
सेबी ने 10 अगस्त, 2024 को हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट पर एक बयान जारी कर कहा कि निवेशकों को शांति बनाए रखनी चाहिए और ऐसी रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देने से पहले उस जानकारी का सही से आकलन कर लेना चाहिए.
पेरिस ओलंपिक 2024 का समापन, देखिए तस्वीरें
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पेरिस ओलंपिक का समापन
फ्रांस की राजधानी पेरिस में 26 जुलाई से चल रहे ओलंपिक खेलों का रविवार को समापन हो गया.
ओलंपिक के आख़िरी दिन भारत का कोई मुक़ाबला नहीं था. इस ओलंपिक में एक सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज़ मेडल के साथ भारत की पदक संख्या 6 रही.
भारत 71वें पायदान पर रहा है.
तीन साल पहले हुए टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत सात मेडल (जिसमें एक गोल्ड था) के साथ पदक तालिका में 48वें स्थान पर था.
पेरिस ओलंपिक के पदक तालिका में अमेरिका 126 मेडल (40 गोल्ड, 44 सिल्वर और 42 ब्रोन्ज़) के साथ शीर्ष पर है, जबकि चीन 91 मेडल (40 गोल्ड, 27 सिल्वर और 24 ब्रोन्ज़) के साथ दूसरे स्थान पर है.
तीसरे स्थान पर जापान है जिसे कुल 45 पदक मिले जिसमें 20 गोल्ड हैं. क़रीब 114 देश ऐसे हैं जिन्हें कोई भी मेडल नहीं मिला है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हॉलीवुड एक्टर टॉम क्रूज हवा में स्टंट करते हुए स्टेडियम के अंदर पहुंचे.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पेरिस ओलंपिक के समापन में खूब आतिशबाज़ी देखने को मिली
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़्रांसीसी गायिका येसेल्ट ने परफॉर्में दी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पूरा स्टेडियम आतिशबाज़ी के कारण रोशन हुआ
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पेरिस ओलंपिक के समापन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए