You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पुरस्कारों का एलान, सूची में कौन-कौन शामिल?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दो कीर्ति चक्र और 14 शौर्य चक्र सहित कई वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव और अश्वनी पासवान

  1. भारत ने दूसरे टी-20 मैच में इंग्लैंड को हराया, तिलक वर्मा ने खेली शानदार पारी

    दूसरे टी-20 मुक़ाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को दो विकेट से हरा दिया है. भारत की जीत के नायक तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने 72 रनों की नाबाद पारी खेली.

    भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. और इंग्लैंड ने 166 रनों का लक्ष्य दिया था. भारतीय टीम जब बल्लेबाज़ी करने उतरी तो कोई भी बल्लेबाज़ टिक नहीं पाया, लेकिन तिलक वर्मा एक छोर पर टिके रहे.

    आख़िर में उन्हें रवि बिश्नोई का अहम साथ मिला और चार गेंद शेष रहते हुए ही भारत ने ये मैच जीत लिया. भारत ने कोलकाता में हुआ पहला मैच भी जीता था. अब वह सिरीज में 2-0 से आगे है.

    चेन्नई में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के ख़िलाफ़ 165 रन बनाए थे.

    भारतीय टीम को मैच जीतने के लिए 166 रन बनाने थे.

    इंग्लैंड की ओर से सबसे अधिक रन कप्तान जोस बटलर ने बनाए थे. उन्होंने 45 रनों की पारी खेली. वहीं ब्राइडन कार्स ने 31 रन बनाए.

    भारत की ओर से अक्षर पटेल और वरुण चक्रवती ने दो-दो विकेट लिए थे.

    भारत ने पहले टी-20 मैच में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ जीत दर्ज की थी.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  3. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पुरस्कारों का एलान, सूची में कौन-कौन शामिल?

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दो कीर्ति चक्र और 14 शौर्य चक्र सहित कई वीरता पुरस्कारों को देने की मंजूरी दी.

    कीर्ति चक्र मेजर मंजीत को और मरणोपरांत नायक दिलवर खान को देने की घोषणा की गई है.

    शौर्य चक्र पुरस्कार के विजेताओं में मेजर आशीष दहिया (50 आरआर), मेजर कुणाल (1 आरआर), मेजर सतेंदर धनखड़ (4 आरआर), कैप्टन दीपक सिंह (48 आरआर -मरणोपरांत) और सहायक कमांडेंट एशेंथुंग किकोन, 4 असम राइफल्स हैं.

    इसके अलावा शौर्य चक्र सूबेदार विकास तोमर 1 पैरा, सूबेदार मोहन राम 20 जाट रेजिमेंट, हवलदार रोहित कुमार डोगरा (मरणोपरांत), हवलदार प्रकाश तमांग 32 आरआर, फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह हंस, कॉर्पोरल डाभी संजय हिफाबाई एस्सा, विजयन कुट्टी जी (मरणोपरांत) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के डिप्टी कमांडेंट विक्रांत कुमार को देने का एलान किया गया.

    साथ ही सूची में 30 परम विशिष्ट सेवा पदक, पांच उत्तम युद्ध सेवा पदक, 57 अति विशिष्ट सेवा पदक, 10 युद्ध सेवा पदक, 43 सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), आठ नौसेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 15 वायु सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण) और 132 विशिष्ट सेवा पदक सहित कई पदक शामिल हैं.

    आप पूरी लिस्ट यहां क्लिक करके देख सकते हैं.

  4. दूसरे टी-20 मैच में इंग्लैंड ने भारत को दिया 166 रनों का लक्ष्य

    चेन्नई में खेले जा रहे दूसरे टी-20 मैच में इंग्लैंड ने भारतीय क्रिकेट टीम के ख़िलाफ़ 165 रन बनाए हैं.

    भारतीय टीम को मैच जीतने के लिए 166 रन बनाने होंगे.

    इंग्लैंड की ओर से सबसे अधिक रन कप्तान जोस बटलन ने बनाए. उन्होंने 45 रनों की पारी खेली. वहीं ब्राइडन कार्स ने 31 रन बनाए.

    भारत की ओर से अक्षर पटेल और वरुण चक्रवती ने दो-दो विकेट लिए.

    .भारत ने पहले टी-20 मैच में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ जीत दर्ज की थी.

  5. गले मिलते ही छलके आंसू, हमास की कैद से रिहा इसराइली बंधकों के परिवार से मिलने की तस्वीरें

    इसराइल के साथ हुए युद्धविराम समझौते के तहत हमास द्वारा छोड़े गए चार इसराइली बंधक परिवार से मिलते ही भावुक हो गए.

    हमास ने बताया है कि ये चारों इसराइली सैनिक हैं, जिनके नाम करीना एरिएव, डेनिएला गिल्बोओ, नामा लेवी और लिरी अल्बाग है.

  6. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने क्या कहा?

    76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को देश को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने लोगों को गणतंत्र दिवस पर बधाई दी.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने वाले यानी "एक राष्ट्र, एक चुनाव" से सुशासन को नए आयाम दिए जा सकते हैं.

    उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में देश की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए, टेक्नोलॉजी, संस्कृति और खेलों में प्रगति की सराहना की.

    उन्होंने कहा, "भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने हाल के वर्षों में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बहुत बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं."

    राष्ट्रपति ने कहा, "हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ हमारा जुड़ाव और अधिक गहरा हुआ है. इस समय आयोजित हो रहे प्रयागराज महाकुंभ को उस समृद्ध विरासत की प्रभावी अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा सकता है. हमारी परंपराओं और रीति-रिवाजों को संरक्षित करने तथा उनमें नई ऊर्जा का संचार करने के लिए संस्कृति के क्षेत्र में अनेक उत्साह-जनक प्रयास किए जा रहे हैं."

    "पिछले वर्ष, हमारे खिलाड़ियों ने ओलंपिक खेलों में अच्छा प्रदर्शन किया है. पैरालिंपिक खेलों में, हमने अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेजा, जिसने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. वर्ष 2024 में डी. गुकेश ने अब तक का सबसे कम उम्र का विश्व चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया."

    द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "भारत के गणतांत्रिक मूल्यों का प्रतिबिंब हमारी संविधान सभा की संरचना में भी दिखाई देता है. उस सभा में देश के सभी हिस्सों और सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व था."

    "सबसे अधिक उल्लेखनीय बात यह है कि संविधान सभा में सरोजिनी नायडू, राजकुमारी अमृत कौर, सुचेता कृपलानी, हंसाबेन मेहता और मालती चौधरी जैसी 15 असाधारण महिलाएं भी शामिल थीं."

    ये भी पढ़ें-

  7. इसराइल ने कहा- सभी 200 फ़लस्तीनी क़ैदियों को रिहा किया गया

    इसराइल प्रीज़न सर्विस ने कहा है कि आज रिहा होने वाले सभी 200 फ़लस्तीनी क़ैदियों को उन्होंने छोड़ दिया है.

    ग़ज़ा में संघर्ष विराम समझौते के तहत ये दूसरी बार हमास की कैद में रहे इसराइली बंधकों और इसराइली जेलों में बंद फ़लस्तीनी क़ैदियों की अदला-बदली हो रही है.

    इससे पहले हमास ने इसराइल की चार महिला बंधकों को छोड़ा था. ये चारों इसराइली सैनिक हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी और रॉयटर्स के अनुसार, इसराइल प्रीज़न सर्विस की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "जेल में ज़रूरी गतिविधियों के पूरा होने और प्रशासन से मंज़ूरी मिलने के बाद ओफ़र और ज़ियॉट जेल से सभी आतंकवादियों को रिहा कर दिया गया है."

  8. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी-20 मैच में भारत ने चुनी गेंदबाज़ी, टीम में किए दो बदलाव

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी-20 में भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी है.

    भारतीय क्रिकेट टीम ने दो बदलाव किए हैं. रिंकू सिंह और नीतीश रेड्डी आज का मैच नहीं खेल रहे हैं. वॉशिंगटन सुंदर और ध्रुव जुरेल को उनकी जगह टीम में लाया गया है.

    भारत की प्लेइंग इलवेन

    संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती.

    इंग्लैंड की प्लेइंग इलवेन

    बेन डकेट, फ़िल सॉल्ट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियम लिविंगस्टन, जेमी स्मिथ, जे ओवर्रटन, ब्राइडन कार्स, जोफ़्रा आर्चर, आदिल रशीद, मार्क वुड.

  9. अर्शदीप सिंह बने आईसीसी टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर

    भारतीय तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह को आईसीसी ने टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना है.

    अर्शदीप सिंह पिछले साल हुए टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली और रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे.

    आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर अर्शदीप सिंह के नाम की घोषणा करते हुए बताया कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू 2022 में किया था.

    आईसीसी ने कहा कि अर्शदीप सिंह की पहचान टी-20 क्रिकेट में नई बॉल से टीम के लिए विकेट लेने वाले खिलाड़ी और अंतिम के ओवर में किफायती गेंदबाज़ के रूप में बन गई है.

  10. फ़लस्तीनी कैदियों को रिहा करने की प्रक्रिया शुरू: रिपोर्ट

    हमास संचालित मीडिया आउटलेट और समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक दो इसराइली जेलों से फ़लस्तीनी कैदियों को रिहा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

    एएफ़पी के मुताबिक फ़लस्तीनी कैदियों वाली कई बस वेस्ट बैंक से निकल गई है.

    इसराइल हमास के साथ हुए युद्धविराम समझौते के तहत शनिवार को 200 फ़लस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा.

    हमास ने कुछ देर पहले ही चार इसराइली बंधकों को रिहा किया है.

  11. इस इसराइली महिला बंधक की रिहाई पर नेतन्याहू कार्यालय और हमास ने क्या कहा

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि वो ग़ज़ा के लोगों को उत्तरी ग़ज़ा पट्टी में तब तक प्रवेश नहीं करने देगा जब तक कि नागरिक अर्बेल याहूद को छोड़ने का इंतजाम नहीं किया जाता.

    येहुद का भी हमास द्वारा छोड़े जाने वाले बंधकों के नामों की सूची में नाम होना था, लेकिन अभी तक ये साफ नहीं कि ऐसा क्यों नहीं हुआ.

    हमास ने इसराइल के साथ हुए समझौते के तहत कुछ देर पहले ही चार इसराइली बंधकों को छोड़ा है. ये चारों इसराइली सैनिक और महिलाएं हैं.

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ) ने कहा कि हमास की कैद से छूठे बंधक इसराइल पहुँच गए हैं.

    हमास ने क्या कहा?

    इस बीच हमास ने कहा कि वो बंधक अर्बेल याहूद को अगले हफ्ते छोड़गा.

    हमास के करीबी माने जाने वाले फ़लस्तीनी अधिकारी और युद्धविराम समझौते में शामिल रहे शख़्स ने बीबीसी से कहा, "हमास ने अभी मध्यस्थता कराने वालों को बताया कि इसराइली बंधक अर्बेल याहूद ज़िंदा हैं और अगले शनिवार को उनको छोड़ा जाएगा."

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, हमास की कैद से रिहा हुए बंधकों के बारे में इसराइली सेना ने क्या बताया

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ) ने कहा कि हमास की कैद से छूठे बंधक इसराइल पहुँच गए हैं.

    आईडीएफ ने बयान जारी कर कहा कि चारों इसराइली सैनिक सीमा पार कर इसराइली क्षेत्र में पहुँच गए हैं. इस दौरान उनके साथ शिन बेट और आईडीएफ के सैन्यकर्मी थे.

    आईडीएफ के प्रवक्ता ने कहा कि बंधकों और उनके परिवार की निजता का सम्मान करें.

    आईडीएफ ने एक वीडियो भी जारी किया है. इसमें इसराइली बंधकों के परिवार के सदस्य उनके रिहा होने पर खुश होते हुए दिख रहे हैं.

    वीडियो के कैप्शन में लिखा, "वो पल जब दुख के आंसू खुशी के आंसू में बदल गए."

  13. वो पल जब हमास की कैद से रिहा हुए चार इसराइली बंधक, तस्वीरों में देखिए

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, हमास ने रिहा किए चार इसराइली बंधक

    हमास ने इसराइल के चार बंधकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया है. ये चारों महिलाएं हैं.

    फ़लस्तीनी वाहन से उतरने के बाद इन महिलाओं को मंच पर लाया गया.

    हमास ने बताया है कि ये चारों इसराइली सैनिक हैं, जिनके नाम करीना एरिएव, डेनिएला गिल्बोओ, नामा लेवी और लिरी अल्बाग है.

    बंधकों की रिहाई के बाद तेल अवीव में खुशी का माहौल दिखा. यहां परिजन अपनों की वापसी के इंतज़ार में घंटों से खड़े थे.

    इसराइली मीडिया में आई रिपोर्टों के अनुसार बंधकों के परिवार अपनों के स्वागत के लिए ग़ज़ा बॉर्डर पर इंतज़ार कर रहे हैं.

    सीमा पर पहुंचने के बाद बंधकों को इसराइली वायु सेना ले जाएगी. सीमा पर बंधकों के लिए एक हेलीकॉप्टर पहले से तैयार है.

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ ने चार बंधकों को हमास द्वारा रेड क्रॉस को सौंपे जाने की पुष्टि कर दी है. बंधकों को कुछ ही देर में इसराइल भेज दिया जाएगा.

    आईडीएफ़ ने एक्स पर पोस्ट में लिखा है, "रेड क्रॉस संस्था ने बताया है कि चार इसराइली बंधकों को उनके हवाले किया जा चुका है और ये लोग अब ग़ज़ा पट्टी में इसराइली सेना की ओर बढ़ रहे हैं."

    इसराइल हमास के साथ हुए समझौते के तहत इसके बदले फ़लस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा.

  15. इसराइली बंधकों और फ़लस्तीनी कैदियों की अदला-बदली कुछ देर में, कैसा है माहौल?

    हमास इसराइल के साथ हुए युद्धविराम समझौते के तहत शनिवार को चार इसराइली बंधकों को रिहा करेगा. ये चारों महिलाएं हैं.

    वहीं इसराइल इसके बदले में जेल में बंद फ़लस्तीनी कैदियों को छोड़ेगा. अदला-बदली से पहले बड़ी संख्या में दोनों ओर लोग जमा हुए हैं.

    • हमास और रेड क्रॉस ने पेपर वर्क पूरा कर लिया है.
    • हमास के बंदूकधारी लड़ाके और आम लोग ग़ज़ा में स्थित फ़लस्तीन स्कवायर पर जमा हो गए हैं.
    • हमास ने बताया है कि चारों इसराइली सैनिक हैं. इनके नाम करीना एरिएव, डेनिएला गिल्बोओ, नामा लेवी और लिरी अल्बाग है.
    • हमास ने कहा कि उसे उम्मीद है कि करीब 200 कैदियों को रिहा किया जाएगा.
    • इसराइल के बॉर्डर पर एक हेलीकॉप्टर इसराइली बंधकों के लिए खड़ा किया गया है. इसकी पुष्टि इसराइली वायु सेना ने की.
  16. नमस्कार!

    दोपहर दो बज रहे हैं. अभी तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    फ़िलहाल, बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर आप पढ़ सकते हैं.

    तहव्वुर हुसैन राणा: मुंबई हमला मामले के लिए भारत जिसे अमेरिका से लाना चाहता है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    आईएसआई अधिकारियों के बांग्लादेश पहुंचने से जुड़ी ख़बरों पर भारत ने क्या दिया बयान. इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    दिल्ली चुनाव में आरक्षित सीटें हैं सत्ता की 'चाबी', इस बार दलित वोटर किसके साथ? ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    कनाडा पीएम की रेस में रूबी ढल्ला भी शामिल, भारतीय मूल के और कितने नेता हैं दावेदार? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  17. भारतीय कुश्ती संघ का कार्यालय अपने घर में शिफ्ट होने की ख़बरों पर क्या बोले बृजभूषण शरण सिंह

    भारतीय कुश्ती संघ के कार्यालय को संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के नई दिल्ली स्थित आवास पर स्थानांतरित करने की ख़बरें सामने आने के बाद उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    मीडिया से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है, "भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) का कार्यालय कहां चलेगा, कहां नहीं चलेगा ये सरकार का प्रकरण नहीं है."

    उन्होंने कहा है, "अभी डब्ल्यूएफआई का ऑफिस हरिनगर में चल रहा है और एक नई जगह की तलाश की जा रही है क्योंकि वह जगह कम पड़ती है."

    बृजभूषण सिंह ने कहा, "जहां तक 21 अशोका रोड की बात है, तो वहां मैं बैठता हूं. चूंकि कुश्ती से बहुत दिनों तक मैं जुड़ा रहा हूं इसलिए आज भी वहां खिलाड़ियों का आना जाना और खेल से जुड़े हुए लोगों का आना जाना लगा रहता है."

    उन्होंने कहा है, "खेल का कार्यालय कहां होगा कहां नहीं होगा यह तय करना फेडरेशन का काम है. फेडरेशन नई जगह की तलाश कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही कार्यालय को शिफ्ट किया जाएगा."

    जब बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे तब वो सांसद थे और कथित तौर पर भारतीय कुश्ती संघ का कार्यालय उनके 21 अशोका रोड स्थित सरकारी आवास पर ही संचालित होता था.

    भारतीय कुश्ती संघ ने बाद में अपने कार्यालय को हरिनगर स्थित एक फ्लैट में शिफ्ट कर दिया था.

  18. लीक मेमो से पता चला अमेरिका ने विदेश में दी जाने वाली सभी तरह की मदद पर लगाई रोक

    अमेरिकी अधिकारियों और दूतावासों को भेजे गए एक मेमो के मुताबिक़ अमेरिका के विदेश विभाग ने विदेशों में पहले से दी जा रही मदद पर रोक लगा दी है.

    लीक हुआ नोटिस सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप की ओर से जारी किए गए कार्यकारी आदेश के बाद आया है. इसमें विदेश नीति की समीक्षा करने तक 90 दिनों के लिए विदेश में दी जाने वाली सभी प्रकार की सहायता पर रोक लगा दी गई है.

    अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय सहयोग दाता है. 2023 के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़ अमेरिका विदेशी सहायता पर 68 अरब डॉलर ख़र्च करता है.

    अमेरिकी विदेश विभाग का यह नोटिस विकास कार्यों से लेकर सैन्य क्षेत्र तक हर जगह लागू होगा.

    विदेश विभाग की ओर से जारी किए मेमो में अपवाद के रूप में आपातकाल खाद्य सहायता, इसराइल और मिस्त्र को दी जाने वाली सैन्य सहायता को बाहर रखा गया है.

    बीबीसी की ओर से लीक हुए मेमो की पुष्टि की गई है.

  19. मुंबई हमले के अभियुक्त तहव्वुर राणा की प्रत्यर्पण के ख़िलाफ़ याचिका ख़ारिज होने पर उज्ज्वल निकम क्या बोले?

    2008 मुंबई हमलों के अभियुक्त पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राणा की प्रत्यर्पण की ख़िलाफ़ दायर की गई याचिका को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज़ कर दिया है.

    मुंबई हमले मामले में तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण का भारत इंतज़ार कर रहा है.

    तहव्वुर राणा की याचिका खारिज़ होने पर एडवोकेट उज्ज्वल निकम ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है, "यह भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. क्योंकि अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने तहव्वुर राणा की पुनर्विचार याचिका को ख़ारिज कर दिया है."

    उन्होंने कहा है, "तहव्वुर राणा और डेविड हेडली साल 2028 में मुंबई में हुए आतंकी हमलों की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं. तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण से भारत को पाकिस्तान और पाकिस्तानी सुरक्षा तंत्र की मुंबई हमले में संलिप्तता के सबूत मिलेंगे."

  20. पीट हेगसेथ होंगे अमेरिका के नए रक्षा मंत्री, कई रिपब्लिकन नेता थे ख़िलाफ़

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से नामित किए गए पीट हेगसेथ अमेरिका के नए रक्षा मंत्री होंगे.

    अमेरिकी सीनेट की ओर से शुक्रवार देर रात इसकी पुष्टि की गई है. उन पर कदाचार का आरोप लगने के बाद उनके रक्षा मंत्री बनने को लेकर संशय बना हुआ था.

    तीन रिपब्लिकन सिनेटरों के पीट हेगसेथ के ख़िलाफ़ वोट डालने के बाद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने निर्णायक वोट पीट हेगसेथ के पक्ष में डाला.

    पीट हेगसेथ को रक्षा मंत्री चुनने के लिए चल रही प्रक्रिया के दौरान उन्हें यौन उत्पीड़न के आरोपों का भी सामना करना पड़ा जिन्हें उन्होंने नकार दिया.

    पूर्व सैनिक और फ़ॉक्स न्यूज़ चैनल के होस्ट रह चुके पीट हेगसेथ लगभग तीस लाख कर्मचारियों वाले विभाग का नेतृत्व करेंगे, जिसका बजट 849 अरब डॉलर है.