इसराइल हमास युद्धः उत्तरी इसराइल पर हिज़बुल्लाह का अब तक का सबसे बड़ा हमला

इसराइल और लेबनानी मीडिया के मुताबिक़ बुधवार को लेबनान ने उत्तरी इसराइली पर 'रॉकेटों की बरसात कर दी.'

सारांश

  • कुवैत में इमारत में आग लगने से चालीस लोगों की मौत, अधिकतर भारतीय
  • हमास और इसराइल के बीच संघर्ष विराम के प्रयास तेज़, क़तर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री
  • जम्मू के कठुआ में एक गाँव में चरमपंथी घुसे, एक संदिग्ध पाकिस्तानी चरमपंथी की मौत, डोडा में भी सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच चल रही मुठभेड़.
  • रूस की सेना में भर्ती हुए दो भारतीय नागरिकों की यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में मौत
  • लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी होंगे देश के नए चीफ़ ऑफ़ आर्मी, वर्तमान में वे वाइस चीफ़ ऑफ़ आर्मी के पद पर कार्यरत हैं.
  • टी20 विश्वकप मैच में पाकिस्तान की पहली जीत, कनाडा को सात विकेट से हराया.

लाइव कवरेज

  1. इसराइल हमास युद्धः उत्तरी इसराइल पर हिज़बुल्लाह का अब तक का सबसे बड़ा हमला

    हिज़बुल्लाह के हमलों के बाद इसराइल में कई  जगहों पर आग लग गई है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हिज़बुल्लाह के हमलों के बाद इसराइल में कई जगहों पर आग लग गई है

    इसराइल और लेबनानी मीडिया के मुताबिक़ बुधवार को लेबनान ने उत्तरी इसराइली पर 'रॉकेटों की बरसात कर दी.'

    दोनों देशों के मीडिया के मुताबिक़ पिछले साल अक्टूबर में इसराइल और हमास के बीच ग़ज़ा में संघर्ष शुरू होने के बाद से लेबनान की तरफ़ से इसराइल पर ये अब तक का सबसे बड़ा हमला है.

    बुधवार को इसराइली सेना ने भी लेबनान के कई ठिकानों पर हमला कर हिज़बुल्लाह के अड्डों को नष्ट करने का दावा किया गया.

    मंगलवार को इसराइली हवाई हमले में एक शीर्ष हिज़बुल्लाह कमांडर समेत चार लोगों की मौत हो गई थी.

    हिज़बुल्लाह का कहना है कि बुधवार के हमले इसी की प्रतिक्रिया में किए गए हैं.

    कमांडर समी अब्दुल्लाह तालेब इसराइल और हिज़बुल्लाह के बीच जारी झड़पों में अब तक मारे गए सबसे शीर्ष हिज़बुल्लाह कमांडर हैं.

    12 जून को कमांडर को दफ़न किए जाने के दौरान एक शीर्ष हिज़बुल्लाह कमांडर ने लोगों से कहा था कि हिज़बुल्लाह इसराइल पर अपने हमलों की तीव्रता बढ़ाएगा.

    हिज़बुल्लाह की कार्यकारी परिषद के प्रमुख हाशिम सफीउद्दीन ने कहा है कि इसराइल जो हत्याएं कर रहा है वो इसराइल के ख़िलाफ़ प्रतिरोध को कमज़ोर करने में नाकाम हैं.

    इसराइली मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ 12 जून को हिज़बुल्लाह की तरफ़ से हुआ हमला अभूतपूर्व था. बुधवार सुबह शुरू हुए इस हमले में कम से कम 160 रॉकेट दागे गए.

    इसराइली मीडिया संस्थान वाईनेट न्यूज़ की एक रिपोर्ट में दावा किया गाय है कि रॉकेट उत्तरी इसराइल को पार करके साफेद शहर और तिबेरियाज़ के इलाक़ों तक पहुंच गए. अक्तूबर के बाद से यहां चेतावनी सायरन पहली बार सुनाई दिए हैं.

    इसराइली सेना ने दावा किया है कि अधिकतर रॉकेट को हवा में ही मार गिराया गया.

    वहीं स्थानीय इसराइली मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ कई रॉकेट खुले इलाक़ों में गिरे हैं और इनकी वजह से कई जगहों पर आग लग गई है.

    बुधवार दोपहर को इसराइली सेना ने दावा किया कि उसने हिज़बुल्लाह के कई ऐसे ठिकानों को निशाना बनाया है जहां से इसराइल पर रॉकेट दागे गए.

    लेबनानी मीडिया के मुताबिक़ तालेब अब्दुल्लाह की हत्या के बाद हिज़बुल्लाह ने इसराइल पर अब तक का अपना सबसे आक्रामक हमला किया है.

    हिज़बुल्लाह ने इसारइल के सैन्य ठिकानों और सैन्य वाहन बनाने की फ़ैक्ट्री को निशाना बनाने का दावा किया है.

    कमांडर के जनाजे में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए हिज़बुल्लाह की कार्यकारी परिषद के प्रमुख सफीउद्दीन ने कहा, “कमांडर अब्दुल्लाह की हत्या की प्रतिक्रिया में हिज़बुल्लाह इसराइल पर अपने हमलों की तीव्रता बढ़ाएगा. हम अपने अभियानों की तीव्रता, शक्ति, मात्रा और गुणवत्ता बढ़ाएंगे.”

  2. बांग्लादेशः शांति का नोबल पुरुस्कार जीतने वाले मोहम्मद यूनुस पर भ्रष्टाचार के आरोप तय

    मोहम्मद यूनुस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बांग्लादेश की एक अदालत ने शांति के नेबल पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद यूनुस और तेरह अन्य लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप तय किए हैं.

    मोहम्मद यूनुस पर बांग्लादेश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी में बीस लाख डॉलर का घोटाला करने के आरोप हैं.

    अभियोजकों का आरोप है कि मोहम्मद यूनुस ने ग्रामीणफोन कंपनी के कार्यकर्ताओं के वेलफेयर फंड में घोटाला किया.

    मोहम्मद यूनुस ने सभी आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि अभियोजक उन्हें और उनके सहकर्मियों को प्रताड़ित कर रहे हैं.

    मोहम्मद यूनुस को साल 2006 में बांग्लादेश में हज़ारों लोगों को छोटे क़र्ज़ देकर ग़रीबी से बाहर निकालने के लिए शांति का नोबल पुरस्कार दिया गया था.

    इन आरोपों के तहत मुक़दमा अगले महीने शुरू होगा. छोटे क़र्ज़ देने में क्रांति लाने वाले मोहम्मद यूनुस ने प्रधानमंत्री शेख हसीना पर अपने ख़िलाफ़ दर्जनों फ़र्ज़ी मुक़दमे दर्ज कराने के आरोप लगाये हैं.

    सरकार ने इस तरह के सभी आरोपों को ख़ारिज किया है.

  3. रुस का शक्ति प्रदर्शनः क्यूबा पहुंचे रूस के युद्धक जहाज़, अमेरिका रख रहा है नज़र

    जहाज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस के ये युद्धक जहाज़ क्यूबा के बंदरगाह पर पहुंचे हैं, अमेरिका यहां से बहुत दूर नहीं है.

    रूस के नोसैनिक जहाज़ों का एक बेड़ा क्यूबा पहुंचा हैं.

    क्यूबा के पास रूसी युद्धक जहाज़ों के पहुंचने के रूस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है.

    यूक्रेन में युद्ध की वजह से पश्चिमी देशों और रूस के बीच तनाव बढ़ा हुआ है.

    अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वो इन जहाज़ों पर नज़र रखे हुए हैं. हालांकि अमेरिका का ये भी कहना है कि इन जहाज़ों से अमेरिका के लिए तुरंत कोई ख़तरा नहीं है.

    कैरिबियाई देश क्यूबा पहुंचने से पहले इन जहाज़ों ने अटलांटिक महासागर में मिसाइलें दागने का युद्धाभ्यास भी किया है.

    इन जहाज़ों में एक फ्रिजेट और एक परमाणु चलित पनडुब्बी भी शामिल है.

    क्यूबा और रूस के बीच मज़बूत द्वपक्षीय संबंध हैं. ये जहाज़ हवाना के बंदरगाह पर अगले पांच दिनों तक रुके रहेंगे.

    ये बंदरगाह फ्लोरिडा में अमेरिका के एक नोसैनिक एयर स्टेशन से मात्र 160 किलोमीटर दूर है.

  4. टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने टॉस जीता, पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के ख़िलाफ़ हो रहे टी-20 मुक़ाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहले गेंदबाज़ी चुनी है.

    न्यूयॉर्क के नसाऊ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ये मैच हो रहा है.

    भारत का इस मैदान पर ये लगातार तीसरा मुक़ाबला है.

    भारत ने इससे पहले पाकिस्तान और आयरलैंड को हराया है और वह अमेरिका को हराकर अपनी जीत की हैट्रिक की ओर बढ़ना चाहेगा.

    वहीं, अमेरिका की टीम इस मैच में दो मुक़ाबले खेली है और दोनों ही जीती है.

    अमेरिका ने पाकिस्तान को हराकर इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया है.

    भारतीय टीम में इस मैच में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है.

  5. मोहन चरण माझी ने ओडिशा के सीएम पद की शपथ ली

    ओडिसा के मुख्यमंत्री

    इमेज स्रोत, ANI

    बीजेपी नेता मोहन चरण माझी ने बुधवार की शाम को ओडिशा के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

    बीजेपी ने पहली बार ओडिशा में सरकार बनाई है.

    कनक वर्धन सिंह देव और प्रवाती परिदा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. नई सरकार में कुल 13 मंत्रियों ने भी शपथ ली.

    इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समते कई मंत्री मौजूद रहे.

    लगातार 24 साल तक ओडिशा के सीएम रहे बीजू जनता दल(बीजेडी) के नेता नवीन पटनायक भी समारोह में मंच पर मौजूद रहे.

    शपथ ग्रहण समारोह राजधानी भुवनेश्वर स्थित जनता मैदान में हुआ.

  6. हमास और इसराइल के बीच मध्यस्थता के लिए क़तर पहुंचे एंटनी ब्लिंकन

    एंटनी ब्लिंकन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन बुधवार को क़तर पहुंचे.

    वो ग़जा में सीजफ़ायर और बंधकों की रिहाई के नए प्रस्ताव को सफ़ल बनाने के लिए क़तर पहुंचे हैं.

    वहीं, अमेरिका ने कहा है कि अमेरिका समर्थित संघर्ष विराम प्रस्ताव पर हमास के जवाब का मूल्यांकन कर रहा है.

    हमास ने इस प्रस्ताव पर मंगलवार की रात को जवाब दिया था.

    हमास ने कहा है कि इस प्रस्ताव पर उसका जवाब सकारात्मक है और इसराइल के साथ समझौते तक पहुंचने का रास्ता खोलता है.

    लेकिन इस प्रस्ताव को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है. क्योंकि फ़लस्तीनी समूह और इसराइल ने अभी तक इस प्रस्ताव को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है.

    इसराइली सरकार ने इस पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है. लेकिन एक इसराइली अधिकारी ने बताया कि हमास का जवाब इस प्रस्ताव को नकारने के समान है.

    अमेरिका और मिस्र के साथ क़तर भी हमास और इसराइल के बीच मध्यस्थता कर रहा है.

    ग़ज़ा में पिछले आठ महीने से युद्ध जारी है जिसमें बड़े पैमाने पर लोग मारे गए हैं.

    संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़, ग़ज़ा की अधिकतर आबादी पर भुखमरी का ख़तरा है.

    हमास के 7 अक्टूबर को उत्तरी इसराइल पर हमला करने के बाद इसराइल ने ग़ज़ा में हमास को समाप्त करने के उद्देश्य से सैन्य अभियान शुरू किया था, जो अभी तक जारी है.

    इस युद्ध को समाप्त करने के लिए दोनों पक्षों के क़तर, मिस्र और अमेरिका की मध्यस्थता में कई बार वार्ता हो चुकी है.

  7. कुवैतः इमारत में आग लगने से मरने वाले 40 लोगों में अधिकतर भारतीय नागरिक

    भारतीय राजदूत आदर्श स्वाइका

    इमेज स्रोत, @indembkwt

    इमेज कैप्शन, कुवैत में भारतीय राजदूत आदर्श स्वाइका घायलों से अस्पताल में मुलाकात करते हुए

    कुवैत में एक बहुमंज़िला इमारत में आग लगने की घटना में मारे गए 40 लोगों में से अधिकतर भारतीय हैं.

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बीबीसी को बताया है कि अभी तक चालीस लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, इनमें से अधिकतर भारतीय नागरिक हैं.

    कुवैत में भारत के राजदूत ने अस्पतालों का दौरा कर घायलों का हालचाल पूछा. इस घटना में क़रीब 50 लोग घायल भी हुए हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि क़ुवैत के मंगाफ़ इलाके के एक छह मंज़िला बिल्डिंग के किचन से आग की शुरुआत हुई.

    उस समय में बिल्डिंग में 160 मज़दूर मौजूद थे. सभी मज़दूर एक ही कंपनी में काम करते हैं.

    प्रधानमंत्री ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने लिखा,"कुवैत में आग की घटना दुखद है. मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है.मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं."

    "कुवैत में भारतीय दूतावास स्थिति पर नज़र बनाए हुआ है और इस घटना से प्रभावित हुए लोगों की सहायता के लिए वहां के अधिकारियों के साथ काम कर रहा है."

    कुवैत के गृह मंत्री फ़हद यूसुफ़ अल सबाह ने घटनास्थल का दौरा किया है.

    मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए गृह मंत्री ने कहा, “संपत्ति मालिकों का लालच इस घटना का कारण है.”

    कुवैती मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़ इस इमारत में क्षमता से अधिक लोग रह रहे थे.

    गृह मंत्री ने कहा है कि संपत्ति क़ानून के उल्लंघनों की जांच की जाएगी.

    भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना के बाद एक हेल्पलाइन नंबर +965-65505246 जारी किया है. सहायता के लिए लोग इस नंबर पर काल कर सकते हैं.

  8. तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद पहले विदेशी दौरे पर इटली जाएंगे मोदी

    नरेंद्र मोदी और जियोर्जिया मेलोनी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नरेंद्र मोदी तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने पहले विदेश दौरे पर इटली जाएंगे.

    पीएम मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए गुरुवार को इटली के अपुलिया जाएंगे.

    विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने प्रेस कॉन्फ्ऱेंस करते हुए इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने बताया, " इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर पीएम नरेंद्र मोदी 50वें जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कल इटली के अपुलिया जाएंगे."

    "यह शिखर सम्मेलन 14 जून को इटली में आयोजित किया जाएगा, जहां भारत को एक आउटरीच देश के रूप में आमंत्रित किया गया है."

    भारत जी7 का सदस्य नहीं हैं लेकिन उसे एक आउटरीच देश के रूप में आमंत्रित किया गया है.

    विदेश सचिव ने बताया, "तीसरे कार्यकाल में पदभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली विदेश यात्रा होगी. इससे उन्हें जी7 शिखर सम्मेलन में उपस्थित अन्य विश्व नेताओं के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत करने का अवसर भी मिलेगा."

    इस समिट में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जापान के राष्ट्रपति फु़मियो किशिदा और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी भाग लेंगे.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जियो मेलोनी से मुलाक़ात भी करेंगे.

  9. कुवैतः रिहाइशी इमारत में आग लगने से 40 की मौत, मरने वालों में भारतीय भी शामिल

    आग से प्रभावित इमारत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कुवैत के मंगाफ़ शहर में एक रिहाइशी इमारत में आग लगने की वजह से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है.

    कुवैत के गृहमंत्री ने इस घटना की पुष्टि की है. ये आग एक बहुमंज़िली इमारत में बुधवार सुबह लगी. इमारत की खिड़कियों से गहरा काला धुआं उठता दिख रहा था.

    इस इमारत में अधिकतर प्रवासी मज़दूर रहते हैं. रिपोर्टों के मुताबिक़, मरने वालों में 5 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं.

    भारतीय राजदूत ने भी घटनास्थल का दौरा किया है. भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है.

    कुवैत के गृह मंत्री फहद यूसुफ़ अल सबाह ने घटनास्थल का दौरा किया है. मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए गृह मंत्री ने कहा, “संपत्ति मालिकों का लालच इस घटना का कारण है.”

    कुवैती मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़ इस इमारत में क्षमता से अधिक लोग रह रहे थे.

    गृह मंत्री ने कहा है कि संपत्ति क़ानून के उल्लंघनों की जांच की जाएगी.

    कुवैत में दो-तिहाई आबादी प्रवासी मज़दूरों की है. ये देश बाहरी मज़दूरों पर निर्भर है, ख़ासकर निर्माण और घरेलू क्षेत्र में.

    मानवाधिकार समूह कई बार कुवैत में प्रवासियों के जीवनस्तर को लेकर सवाल उठा चुके हैं.

  10. हिज़बुल्लाह ने उत्तरी इसराइल पर रॉकेट दागे, कई जगहों पर आग लगी

    हिज़बुल्लाह रॉकेट

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ये तस्वीर पिछले सप्ताह की है जब हिज़बुल्लाह के हमलों के बाद उत्तरी इसराइल में कई जगहों पर आग लग गई थी

    हिज़बुल्लाह का कहना है कि उसने मंगलवार को लेबनान की तरफ़ से उत्तरी इसराइल पर दर्जनों रॉकेट दागे हैं.

    हिज़बुल्लाह ने ये हमला मंगलवार को इसराइली हवाई हमले में अपने एक सीनियर कमांडर की मौत की प्रतिक्रिया में किया है.

    मंगलवार को इसराइली हवाई हमले में चार लोगों की मौत हुई थी जिनमें हिज़बुल्लाह कमांडर तालेब अब्दुल्लाह भी शामिल हैं.

    अब्दुल्लाह इसराइल और हिज़बुल्लाह के बीच आठ महीनों से चल रही झड़पों में मारे गए सबसे वरिष्ठ हिज़बुल्लाह कमांडर हैं.

    हिज़बुल्लाह का कहना है कि ये रॉकेट इसराइली सैन्य ठिकानों और सैन्य फैक्ट्री को निशाना बनाकर दागे गए हैं.

    वहीं, इसराइली सेना का कहना है कि लेबनान की तरफ़ से क़रीब 90 रॉकेट दागे गए.

    इसराइल ने अधिकतर रॉकेट हवा में ही मार गिराने का दावा किया है.

    इसराइल का कहना है कि कई रॉकेट अलग-अलग जगहों पर गिरे हैं जिससे कई जगहों पर आग लग गई है.

    ग़ज़ा में इसराइल और हमास के बीच युद्ध चल रहा है. इसराइली की उत्तरी सीमा पर लेबनान की तरफ़ से हिज़बुल्लाह युद्ध के शुरू होने के बाद से ही हमले करता रहा है.

  11. 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून को बुलाया जाएगा

    लोकसभा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून को होगा जिसमें नव निर्वाचित सदस्य संसद में शपथ लेंगे. साथ ही स्पीकर का चुनाव होगा.

    ये जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी है.सत्र तीन जुलाई को ख़त्म होगा.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 जून को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी और अगले पांच सालों के लिए नई सरकार की रूपरेखा पेश करेंगी.

    सोशल मीडिया एक्स पर रिजिजू ने लिखा- “18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24/6/24 से 3/7/24 तक नव निर्वाचित सदस्यों के शपथ,अध्यक्ष के चुनाव,राष्ट्रपति के अभिभाषण और उस पर चर्चा के लिए बुलाया जा रहा है”

  12. चंद्रबाबू नायडू ने ली आंध्र प्रदेश के सीएम पद की शपथ

    चंद्रबाबू नायडू

    इमेज स्रोत, Social Media

    चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.

    विजयवाड़ा में हुए उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए.

    नायडू के साथ जन सेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण ने भी शपथ ली. पवन को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है.

    कुल 24 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है, जिसमें चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश भी शामिल हैं.

    लोकसभा चुनाव के साथ ही राज्य में विधानसभा चुनाव हुए थे. टीडीपी,जन सेना और बीजेपी वाले एनडीए गठबंधन ने 175 विधानसभा सीट में से 164 सीटें जीतीं.

  13. दिल्ली जल संकट को देखते हुए जल मंत्री आतिशी ने क्या निर्देश दिये?

    आतिशी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    राजधानी दिल्ली इन दिनों जल संकट से जूझ रही है. इसे देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी ज़ोन में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट और डिविज़नल मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारियों को तैनात किया है.

    इनके साथ तहसीलदारों की एक टीम और दूसरे अधिकारी भी होंगे. ये "क्विक रिस्पांस टीम" के तौर पर काम करेंगे. ये टीमें पानी की समस्या और वाटर टैंक की शिकायत मिलने पर उसका तुरंत समाधान करेंगी.

    दिल्ली जल मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव को पत्र लिखते हुए उनको ये सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि ये टीमें "मुख्य जल वितरण तंत्र" की निगरानी करें और इसका निरीक्षण करें.

    साथ ही ये टीम मुख्य जल पाइपलाइन का निरीक्षण कर ये भी सुनिश्चित करेगी कि कहीं पानी का लीकेज न हो. अगर पानी कहीं लीक हो रहा है तो उसे 12 घंटे के अंदर ज़रूर ठीक किया जाना चाहिए.

    आतिशी ने ये भी निर्देश दिया है कि "क्विक रिस्पांस टीम" इस मामले में जो भी निरीक्षण या कार्रवाई करेगी उसकी रिपोर्ट रोज़ाना उनके ऑफिस में शाम 5 बजे तक जमा कराएगी.

  14. सेबी ने पूर्व टीवी एंकर को पांच साल के लिए क्यों किया बैन, एक करोड़ का जुर्माना भी

    मार्केट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सिक्योरिटी एंड एक्सजेंच बोर्ड (सेबी) ने बिज़नेस चैनल सीएनबीसी आवाज़ के पूर्व एंकर प्रदीप पंड्या और चैनल से जुड़े रहे टेक्निकल एनालिस्ट अल्पेश वासनजी फुरिया को पांच साल के लिए सिक्योरिटीज़ मार्केट से बैन कर दिया है.

    दोनों पर 1-1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

    छह अन्य संस्थाओं पर 10-10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और पांच साल के लिए प्रतिबंध लगाया गया है.

    सीएनबीसी आवाज़ के एंकर के रूप में काम करते हुए पंड्या ने अल्पेश फुरिया के साथ आने वाले स्टॉक रिकमंडेशन के बारे में गोपनीय जानकारी शेयर की.

    फुरिया ने इस गोपनीय जानकारी का फ़ायदा उठाते हुए अपने और अपने से जुड़े अकाउंट्स के ज़रिए ट्रेड किया. जिससे रिकमंडेशन के सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने से पहले ही उन्होंने मुनाफ़ा कमा लिया.

    सेबी ने पाया कि यह व्यवहार अंदरूनी जानकारी का फ़ायदा उठा कर व्यक्तिगत फ़ायदे के इरादे को दर्शाता है.

    नियामक ने इसे क्लासिकल फ्रंट-रनिंग केस कहा है, जहां एक व्यापारी सिक्योरिटीज़ में होने वाले ट्रांजैक्शन से जो दाम बदलते हैं, उनका फायदा उठाता है.

    सेबी के 55 पन्नों के आदेश में कहा गया है, "जब टीवी एंकर जो जानकारी सार्वजनिक नहीं है उसे साझा करते हैं, तो यह न केवल नैतिक मानकों का उल्लंघन करता है बल्कि बाज़ार के डायनमिक्स को भी बिगाड़ता है. सूचना कुछ लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाती है. ऐसे में बाजार में निवेशकों का यकीन कम हो सकता है और उन्हें लग सकता है कि बाजार उनके ख़िलाफ़ है."

  15. ग़ज़ा में युद्धविराम के प्रस्ताव पर हमास ने दिया अपना जवाब

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मैट मर्फ़ी

    बीबीसी न्यूज़

    हमास ने बीबीसी से बताया है कि उसने अमेरिका के समर्थन वाले ग़ज़ा में युद्धविराम के प्रस्ताव पर अपना जवाब दे दिया है.

    हमास का कहना है कि वह इसराइल की प्रतिबद्धता चाहते हैं कि ये युद्धविराम स्थायी हो.

    एक बयान में हमास और उसके सहयोगी फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद (पीआईजे) ने एक समझौते पर पहुंचने के लिए "सकारात्मकता" दिखाई है.

    इस प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र की सिक्योरिटी काउंसिल ने भी समर्थन दिया है. इसमें शुरुआत में छह सप्ताह तक युद्धविराम करने की बात कही गई है और दूसरे फ़ेज़ में ये युद्धविराम स्थायी कर दिया जाएगा.

    इसके अलावा इसमें ग़ज़ा में दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने की बात की गई है.

    क़तर और मिस्त्र जो अमेरिका के साथ हमास और इसराइल के बीच मध्यस्थता कर रहे हैं, उन्होंने भी बताया है कि हमास ने इस प्रस्ताव पर अपना जवाब दे दिया है.

    मंगलवार शाम को अपने बयान में हमास ने ग़ज़ा में लड़ाई को "पूरी तरह से रोकने" का आह्वान किया.

    हमास और पीआईजे ने कहा, "यह प्रतिक्रिया हमारे फ़लस्तीनी लोगों के हितों को प्राथमिकता देती है और हम ग़ज़ा पर चल रहे हमले को पूरी तरह से रोकने की पर ज़ोर दे रहे हैं."

    दोनों ग्रुप ने कहा कि वो "इस युद्ध को ख़त्म करने वाले समझौते पर पहुंचने के लिए सकारात्मक रूप से बातचीत के लिए तैयार हैं."

    व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि ये "मददगार" है कि हमास ने जवाबदे दिया और अमेरिकी अधिकारी उनके जवाब का "मूल्यांकन" कर रहे हैं.

  16. लेफ़्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी होंगे नए सेना प्रमुख

    लेफ़्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी

    इमेज स्रोत, PIB

    लेफ़्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी देश के नए सेना प्रमुख होंगे. मंगलवार को भारत सरकार ने बताया कि वह जनरल मनोज पांडे की जगह लेंगे.

    लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी को चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं का बेहतर ऑपरेशनल अनुभव है. वर्तमान में वह सेना के वाइस चीफ़ ऑफ़ आर्मी स्टॉफ़ के रूप में काम कर रहे हैं, जनरल मनोज पांडे 30 जून को रिटायर होने वाले हैं.

    वरिष्ठता के आधार पर द्विवेदी को इस पद के लिए चुना गया है.

    पिछले महीने जनरल मनोज पांडे का कार्यकाल सरकार ने एक महीने के लिए बढ़ा दिया था. 31 मई को वो रिटायर होने वाले थे और छह दिन पहले उनका कार्यकाल बढ़ाया गया. ऐसा बहुत कम होता है.

    रक्षा मंत्रालय ने जारी बयान में कहा, "सरकार ने वर्तमान में वाइस चीफ़ ऑफ़ आर्मी स्टॉफ़ के रूप में कार्यरत लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को 30 जून से अगला सेना प्रमुख नियुक्त किया है."

  17. रूस की सेना में भर्ती किए गए दो भारतीयों की यूक्रेन युद्ध में मौत

    रूस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रूस की सेना में भर्ती हुए दो भारतीय नागरिकों की यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में मौत हो गई है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रेस रिलीज जारी करके ये जानकारी दी है.

    विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़, “हम (विदेश मंत्रालय) मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. मॉस्को में हमारे दूतावास रूसी रक्षा मंत्रालय सहित रूसी अधिकारियों पर पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस भेजने के लिए दबाव बना रहे हैं.”

    “विदेश मंत्रालय और मॉस्को के भारतीय दूतावास ने नई दिल्ली के रूसी राजदूत और मॉस्को में रूसी अधिकारियों से रूस की सेना में शामिल सभी भारतीय नागरिकों की जल्द रिहाई और वापसी के मुद्दे को मज़बूती से उठाया है.”

    बयान ने अनुसार, भारत ने यह भी मांग की है कि रूस भारतीय नागरिकों की किसी भी तरह की भर्ती पर पूरी तरह रोक लगाए ऐसी गतिविधियाँ दोनों देशों की साझेदारी के अनुरूप नहीं हैं.

    इसके साथ ही मंत्रालय ने सभी भारतीयों से रूस में नौकरी पाने को लेकर अधिक सावधानी बरतने की अपील की है.

    इस साल मार्च में ये बात सामने आई थी कि कई भारतीयों को कुछ एजेंट्स ने रूस में नौकरी का झांसा दे कर वहां की आर्मी में भर्ती करा दिया.

    अब इन लोगों को जबरन यूक्रेन के साथ रूस के जारी युद्ध में बतौर सैनिक लड़ने भेजा जा रहा है. इनमें से कई भारतीयों ने वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की अपील की थी.

  18. जम्मू के कठुआ में चरमपंथी हमले के बाद अब डोडा में गोलीबारी

    जम्मू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले के सैदा सुखल गांव में चरमपंथी गांव में घुसे और फिर उन्होंने हमला कर दिया. यह गांव पाकिस्तान की सीमा के पास स्थित है.

    जम्मू पुलिस के मुताबिक़ इस हमले एक आम नागरिक घायल हुआ है और एक संदिग्ध पाकिस्तानी मारा गया है.

    आतंकवाद रोधी अभियान की निगरानी के लिए कठुआ पहुंचे जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने मीडिया को बताया, “ रात क़रीब 8 बजे सैदा सुखल गांव में दो आतंकवादी जो (सीमा पार से) हाल ही में घुसपैठ करके आए थे, उन्होंने कई घर से पानी मांगा. इससे लोगों को संदेह हुआ ओर लोगों ने अपने दरवाज़े बंद कर लिये, लोग डर गए थे. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और स्टेशन हाउस अधिकारी के नेतृत्व में एक पुलिस की टीम गांव पहुंची. ”

    एडीजीपी ने बताया, "एक आतंकवादी ने ग्रेनेड फेंकने की कोशिश की और गोलीबारी में मारा गया जबकि दूसरा आतंकवादी गांव में छिपा हुआ बताया जा रहा है."

    एक अलग वाक़ये में जम्मू के डोडा में सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ चल रही है.

    समचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एडीजी पुलिस आनंद जैन ने बताया कि चरमपंथियों ने डोडा के चटेरगला इलाके में चार राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की संयुक्त चौकी पर फायरिंग की.

    इस घटना में अब तक किसी के मारे जाने की ख़बर नहीं है.

    कठुआ हमले में जो एक शख़्स घायल हुआ है, उनकी पहचान ओमकार नाथ उर्फ​​'बिट्टू' के रूप में हुई है. चरमपंथियों की फ़ायरिंग में उनके एक हाथ में गंभीर चोट आई है और वो इस समय अस्पताल में हैं.

  19. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    11 जून की ख़बरों के लिए यहाँ क्लिक करें