You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अजित पवार विमान हादसे में डीजीसीए का एक्शन, एयरलाइन के चार विमानों की उड़ान पर लगाई रोक

बारामती विमान हादसे के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कड़ा क़दम उठाते हुए 'मेसर्स वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी के चार 'लियरजेट 40/45' विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. अजित पवार विमान हादसे में डीजीसीए का एक्शन, एयरलाइन के चार विमानों की उड़ान पर लगाई रोक

    बारामती विमान हादसे के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कड़ा क़दम उठाते हुए 'मेसर्स वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी के चार 'लियरजेट 40/45' विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है.

    महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को बारामती हवाई पट्टी के निकट एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी. इसके बाद से ही विमानन कंपनी मेसर्स वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड पर सवाल उठते रहे हैं.

    डीजीसीए की ओर से जारी किेए गए प्रेस नोट में कहा गया है, "इन विमानों को तब तक उड़ान से रोका गया है, जब तक इनकी तकनीकी स्थिति तय मानकों के अनुसार ठीक नहीं हो जाती."

    डीजीसीए के मुताबिक़, "ऑडिट टीम ने कंपनी में कई जगह नियमों का पालन न होने की बात पाई. ये कमियां विमान की तकनीकी स्थिति, हवाई सुरक्षा और उड़ान संचालन से जुड़ी हुई थीं."

    'मेसर्स वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' को इन कमियों का असली कारण बताना होगा, ताकि डीजीसीए आगे इसकी जांच कर सके.

  3. डीजीसीए ने विमान की उड़ानों को लेकर नए सुरक्षा नियमों का एलान किया

    देश में बढ़ते विमान हादसों देखते हुए डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने सख्त रुख अपनाया है और नए सुरक्षा नियमों का एलान किया है.

    डीजीसीए ने मंगलवार को सभी नॉन-शेड्यूल्ड ऑपरेटर्स के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग की.

    इसमें हाल ही में बढ़ी दुर्घटनाओं पर चर्चा हुई और कहा गया था कि पूरे सेक्टर में सुरक्षा पर ज़्यादा ध्यान देने की ज़रूरत है.

    डीजीसीए की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "यह मीटिंग पिछले दस साल के हादसों के डेटा की समीक्षा के बाद हुई. समीक्षा में पाया गया कि हादसों की बड़ी वजह लिखित निर्देशों का पालन न करना, सही फ्लाइट प्लानिंग न होना और ट्रेनिंग की कमी है."

    इसमें आगे बताया गया है, "रेगुलेटर ने नए क़दम उठाए हैं, ताकि सुरक्षा से जुड़ी किसी भी लापरवाही पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति लागू की जा सके. रेगुलेटर ने साफ़ कहा कि सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए, चाहे व्यापारिक फ़ायदे, चार्टर की मांग या वीआईपी मूवमेंट ही क्यों न हो."

    डीजीसीए के मुताबिक़, यह भी कहा गया है कि अगर पायलट-इन-कमांड सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को मोड़ता है, देर करता है या कैंसिल करता है तो उसका फ़ैसला अंतिम होगा और ऑपरेटर को इसे मानना होगा, चाहे व्यापारिक नुकसान हो.

    रेगुलेटर ने कहा है, "मौसम से जुड़े हादसे अक्सर ग़लत फ़ैसलों की वजह से होते हैं. अब ऑपरेटर्स को रियल टाइम मौसम अपडेट सिस्टम लगाना होगा और लिखित निर्देशों का सख़्ती से पालन करना होगा."

    इसके अलावा, "अगर सिस्टम में गड़बड़ी होती है तो ज़िम्मेदार मैनेजर और सीनियर लीडर को सीधे ज़िम्मेदार ठहराया जाएगा. सिर्फ़ पायलट पर दोष नहीं डाला जाएगा."

  4. कल से इसराइल यात्रा पर रहेंगे पीएम मोदी, इन मुद्दों पर नेतन्याहू से करेंगे चर्चा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इसराइल यात्रा पर जा रहे हैं. विदेश मंत्रालय ने बताया है कि इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के न्यौते पर पीएम मोदी 25 और 26 फ़रवरी को इसराइल की राजकीय यात्रा करेंगे.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह दूसरी इसराइल यात्रा है, इस दौरान वे बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाक़ात करेंगे.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "दोनों नेता भारत-इसराइल की रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे."

    "बातचीत में विज्ञान और तकनीक, रक्षा, कृषि, वाटर मैनेजमेंट, व्यापार, अर्थव्यवस्था और लोगों के बीच आपसी संबंध जैसे विषय शामिल होंगे."

    विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी इसराइल के राष्ट्रपति इसाक हरज़ोग से भी मुलाक़ात करेंगे.

    मंत्रालय की ओर जारी बयान में कहा गया है कि 'यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहरी और लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करेगी.'

  5. टी-20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 165 रन का लक्ष्य दिया

    टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज के 5वें मुक़ाबले में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 165 रन का लक्ष्य दिया है. पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 164 रन बनाए.

    पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन 10 ओवर तक रफ़्तार काफ़ी धीमी पड़ गई थी. इसके बाद साहिबज़ादा फ़रहान के बल्ले से निकले रनों ने टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया. लेकिन 15 ओवर के आसपास एक बाद एक विकेट गिरने लगे.

    पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आग़ा सिर्फ़ 6 रन ही बना पाए. टीम में सर्वाधिक स्कोर साहिबज़ादा फ़रहान का रहा, उन्होंने 45 गेंदों में 63 रन की पारी खेली. फ़रहान को जैमी ओवरटन ने एलबीडब्ल्यू किया. ओवरटन ने ही बाबर आज़म का भी विकेट लिया. बाबर आज़म और फ़ख़र ज़मान ने 25-25 रन बनाए.

    टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें चौथी बार आमने-सामने हैं, इससे पहले के तीन मुक़ाबले इंग्लैंड के नाम रहे थे.

  6. टी-20 वर्ल्ड कप: इग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान ने 149 रनों पर खोए 8 विकेट

    इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज का 5वां मुक़ाबला खेला जा रहा है. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

    19 ओवर के बाद पाकिस्तान ने आठ विकेट खोकर 150 रन बना लिए हैं.

    इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आग़ा 6 गेंदों में 5 रन बना पाए जबकि बाबर आज़म 24 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए. सईम अयूब 7 गेंदों में 7 रन बना पाए.

    पाकिस्तान की शुरुआती रफ़्तार धीमी रही, लेकिन बाद में पारी ने कुछ रफ़्तार पकड़ी. 17 ओवर की समाप्ति पर पांच विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 140 था.

    इसके बाद साहिबजादा फरहान अर्धशतक लगाकर आउट हो गए.

    दोनों टीमों के बीच यह मुक़ाबला श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है.

  7. दिनभर सुनिए मानशी दास और मोहन लाल शर्मा

  8. पश्चिम बंगाल: कई ज़िलों की अदालतों को उड़ाने की धमकी मिली, लेकिन तलाशी में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में कोलकाता समेत कई ज़िलों की अदालतों में आरडीएक्स और दूसरे विस्फोटक रखे होने की धमकी मिली. पुलिस ने सूचना पाते ही सभी अदालतों से लोगों को सुरक्षित निकालकर तलाशी ली. लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

    पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि 'इन धमकियों का मक़सद शायद आतंक फैलाना रहा हो. हर मेल करीब एक जैसा था. इनमें कहा गया था कि कुछ घंटे के भीतर विस्फोट होगा.'

    पुलिस ने ऐसे मेल मिलने के फ़ौरन बाद संबंधित अदालत परिसर को खाली करा लिया और परिसर की जांच शुरू की.

    कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुप्रतिम बसु ने कहा, "साइबर सेल इसका पता लगा रहा है कि मेल कहां से भेजे गए थे. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है."

    पुलिस अधिकारियों के मुताबिक़, धमकी भरा पहला मेल पश्चिम बर्दवान के ज़िला और सत्र न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पास सुबह करीब 11 बजे आया था.

    उसमें कहा गया था कि अदालत परिसर में बम रखा हुआ है और दोपहर डेढ़ बजे उसे विस्फोट से उड़ा दिया जाएगा. सूचना मिलते ही पुलिस डॉग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंची और परिसर को खाली कर जांच शुरू की.

    इसके बाद कई अदालतों के न्यायाधीशों को ऐसे ही मेल मिले. इनमें कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट के अलावा चुंचुड़ा, दुर्गापुर और मुर्शिदाबाद की ज़िला अदालतें शामिल हैं.

  9. टॉप माओवादी नेता देवजी ने किया सरेंडर, तेलंगाना के डीजीपी ने की आधिकारिक पुष्टि, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सीपीआई माओवादी के शीर्ष नेता थिप्परी तिरुपति उर्फ़ देवजी ने अपने तीन साथियों के साथ तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है.

    देवजी ने कुछ दिन पहले ही सरेंडर कर दिया था, जिसकी आधिकारिक पुष्टि तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक ने मंगलवार को की.

    बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा कि इससे पता चलता है कि हिंसा का दायरा सिमट रहा है और शांति की प्रक्रिया मज़बूत हो रही है. उन्होंने बाकी माओवादियों से भी मुख्यधारा में लौटने की अपील की.

    सीपीआई माओवादी की सेंट्रल कमेटी के सदस्य देवजी को बसवा राजू के बाद संगठन का शीर्ष नेता माना जा रहा था. बसवा राजू की हाल ही में एनकाउंटर में मौत हुई थी. छत्तीसगढ़ सरकार ने देवजी पर डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था, जबकि तेलंगाना पुलिस ने 25 लाख रुपये का इनाम रखा था.

    देवजी के साथ सरेंडर करने वालों में केंद्रीय समिति सदस्य मुरली उर्फ़ संग्राम पर एक करोड़ रुपये का इनाम था. आत्मसमर्पण करने वालों में टीएससी सचिव दामोदर और डीकेएसज़ेडसी सदस्य नरसिम्हा रेड्डी भी शामिल हैं.

    सीपीआई माओवादी के पोलित ब्यूरो के सदस्य रहे देवजी समेत चारों नेता कई दशकों से भूमिगत थे.

  10. टी-20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया

    टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में पाकिस्तान और इंग्लैंड का मुक़ाबला हो रहा है. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    दोनों टीमों के बीच यह मैच पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप में तीन बार मुक़ाबला कर चुकी हैं, हर बार इंग्लैंड को जीत मिली है.

    साल 2022 में हुए टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया और ख़िताब अपने नाम किया.

    दोनों टीमें कुछ यूं हैं-

    पाकिस्तान: साहिबज़ादा फ़रहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आज़म, फ़ख़र ज़मान, उस्मान ख़ान (विकेटकीपर), शादाब ख़ान, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, सलमान मिर्ज़ा, उस्मान तारिक

    इंग्लैंड: फ़िल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ़्रा आर्चर, आदिल रशीद

  11. भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइज़री, जेजू आइलैंड जाने वाले इन बातों का ध्यान ज़रूर रखें

    सियोल स्थित भारत के दूतावास ने जेजू आइलैंड जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एक एडवाइज़री जारी की है.

    एडवाइज़री में कहा गया है कि वीज़ा छूट योजना के तहत जेजू आइलैंड की यात्रा तो की जा सकती है, लेकिन बग़ैर वीज़ा के दक्षिण कोरिया के बाक़ी हिस्सों में जाना ग़ैर-क़ानूनी है.

    इसके अलावा, ज़्यादा समय रुकना या नियम तोड़ना भविष्य में यात्रा पर रोक लगा सकता है.

    यात्रियों को यात्रा के दौरान कुछ ज़रूरी दस्तावेज़ रखने के लिए भी कहा गया है. इनमें वापसी हवाई टिकट की कॉपी, होटल बुकिंग की कॉपी, पासपोर्ट आदि शामिल हैं.

    एडवाइज़री में यह भी बताया गया है कि जेजू पहुंचने पर अधिकारी इंटरव्यू ले सकते हैं. इस दौरान आपके जवाब साफ़, सच्चे और एक जैसे होने चाहिए. अगर अधिकारी संतुष्ट नहीं हुए तो प्रवेश से मना किया जा सकता है.

    दरअसल, हाल ही में एक यूट्यूबर सचिन अवस्थी ने दावा किया कि उन्हें और उनकी पत्नी को दक्षिण कोरिया में इमिग्रेशन अधिकारियों ने 38 घंटे तक हिरासत में रखा और जेजू आइलैंड में एंट्री नहीं दी थी.

  12. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने एआई समिट में हुए यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर क्या कहा?

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के भोपाल में 'कांग्रेस किसान महाचौपाल' को संबोधित किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की सराहना की.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "जब देश में 'कॉमनवेल्थ गेम्स' हुआ था, तब बीजेपी के लोगों ने गाड़ियां रोकीं, काले झंडे दिखाए. आज यही लोग कांग्रेस पर देश का अपमान करने का आरोप लगा रहे हैं. जबकि कांग्रेस पार्टी ने देश का मान बचाया है, देश के लिए जान दी है. कांग्रेस कभी किसी की जान नहीं लेती. हमारे पास बीजेपी की तरह कोई 'गोडसे' नहीं है, हमारे पास 'गांधी' है."

    उन्होंने कहा, "मैं यूथ कांग्रेस के साथियों को बधाई देता हूं, जिन्होंने नरेंद्र मोदी के सामने जाकर, उनके फ़ंक्शन में जाकर बता दिया कि देश का युवा नौकरी न होने के कारण रास्ते पर है, ग़रीबों के पास खाना नहीं है, वे भूखे पेट हैं. लेकिन मोदी सरकार ने इसे देश का अपमान बता दिया. देश का अपमान तो तब हुआ, जब पीएम मोदी ने ट्रंप के सामने हमारा स्वाभिमान गिरवी रख दिया."

    राहुल गांधी ने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बब्बर शेर हैं, वे किसी से नहीं डरेंगे. उन्होंने कहा, "आपमें कांग्रेस पार्टी का ख़ून है, आपमें देशभक्ति है. आप सबको दिल से धन्यवाद करता हूं."

    उन्होंने कहा, "मैं नरेंद्र मोदी को चुनौती देता हूं, अगर दम है तो भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करके दिखाएं. लेकिन ये नहीं कर सकते, क्योंकि इन पर ट्रंप का दबाव है, एपस्टीन फ़ाइल्स और अदानी केस का डर है."

    दरअसल, दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने पहुंच गए थे. लेकिन बीजेपी समेत कई राजनीतिक दलों ने इसकी आलोचना की है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया था और कहा था कि कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं.

  13. एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने 'षड्यंत्र' माना, अब तक आठ अभियुक्त गिरफ़्तार

    इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था. दिल्ली पुलिस ने इसे 'षड्यंत्र' माना है. इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को दे दी गई है.

    दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी क्राइम ब्रांच देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में कहा, "अब तक की जांच के आधार पर गहन षड्यंत्र के तहत इस अपराध को अंजाम दिया गया है और इसके पुख़्ता प्रमाण हमें मिल चुके हैं."

    पुलिस की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक़, मामला दर्ज होने के बाद से अब तक कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया जा चुका है, बाकी अभियुक्तों और संदिग्धों से पूछताछ हो रही है. अब भी तलाशी और छापेमारी की कार्यवाही जारी है.

    गिरफ़्तार किए गए व्यक्तियों में इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं. गिरफ़्तार लोगों को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की है.

    गौरतलब है कि दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था. साथ ही पीएम मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की थी.

  14. केरल का नाम 'केरलम' करने को केंद्रीय कैबिनेट की मंज़ूरी, अब विधानसभा में पेश होगा बिल

    भारत सरकार की कैबिनेट ने 'केरल' का नाम बदलकर 'केरलम' करने की मंज़ूरी दी है. हालांकि, नाम बदलने की प्रक्रिया यहां से केवल शुरू हुई है.

    केंद्रीय कैबिनेट की मंज़ूरी के बाद भारत के राष्ट्रपति एक बिल केरल की विधानसभा में भेजेंगे ताकि विधानसभा अपनी राय दे सके. यह प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत होगी.

    राज्य विधानसभा से राय मिलने के बाद भारत सरकार आगे की कार्रवाई करेगी.

    इसके लिए राष्ट्रपति की सिफ़ारिश ली जाएगी ताकि बिल संसद में पेश किया जा सके. इस बिल के ज़रिए राज्य का नाम 'केरल' से बदलकर 'केरलम' किया जाएगा.

    दरअसल, पीआईबी की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया, "केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की, आज केरल के नाम को बदलने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी."

    इसी में आगे बताया गया है कि केरल विधानसभा ने 24 जून, 2024 को एक प्रस्ताव पास किया कि राज्य का नाम 'केरल' से बदलकर 'केरलम' किया जाए.

  15. अविमुक्तेश्वरानंद ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में लगाई अग्रिम ज़मानत की अर्ज़ी

    स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मंगलवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट में अग्रिम ज़मानत की अर्ज़ी लगाई है. उन पर नाबालिग बच्चों से यौन शोषण और अन्य अपराधों का केस दर्ज हुआ है.

    दरअसल, प्रयागराज के झूंसी थाने में अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज हुई है.

    आरोप है कि पिछले एक साल में इन्होंने दो लोगों का यौन शोषण किया, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है.

    स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इन आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया है.

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता ख़ुद हिस्ट्रीशीटर है और जांच अधिकारी भी उसके साथ मिले हुए हैं.

    अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, "जिन बच्चों से यौन शोषण का आरोप लगाया गया है, वे मुझसे जुड़े हुए नहीं हैं, न ही मैं उन्हें जानता हूं."

  16. लखनऊ विश्वविद्यालय की लाल बारादरी पर विवाद, हनुमान चालीसा का पाठ करने पहुंचे छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

    लखनऊ विश्वविद्यालय में स्थित लाल बारादरी को बंद करने पर कई दिनों से विवाद चल रहा है. इसमें स्टूडेंट्स के एक समूह ने मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ किया है. पुलिस ने पाठ कर रहे कुछ स्टूडेंट्स को हिरासत में लिया है.

    इन स्टूडेंट्स का आरोप है कि दूसरे गुट के स्टूडेंट्स लाल बारादरी को मस्जिद बनाने का प्रयास कर रहे हैं. इस मामले में कुलपति को ज्ञापन भी दिया है. छात्र राजेश शुक्ला ने कहा, "हम कुलपति को ज्ञापन देने आए थे, क्योंकि विश्वविद्यालय में माहौल ख़राब किया जा रहा है."

    इससे पहले विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स के एक गुट ने आरोप लगाया था कि रमज़ान में लाल बारादरी को बंद कर दिया गया. इन स्टूडेंट्स का दावा था कि बारादरी में वो लोग रमज़ान में इबादत करते थे. इस मामले में कुछ दिन प्रदर्शन भी हुए थे. स्टूडेंट्स के एक समूह ने लाल बारादरी के बाहर बैठकर इफ़्तार भी किया था.

    लाल बारादरी के सामने प्रदर्शन और नमाज़ पढ़ने को लेकर पुलिस ने 13 स्टूडेंट्स को नोटिस दिया था. इन स्टूडेंट्स को 50-50 हज़ार रुपये का निजी मुचलका और दो ज़मानतदार पेश कर एक साल तक शांति बनाए रखने की गारंटी देने को कहा गया है.

    दरअसल, लखनऊ विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स का एक गुट लाल बारादरी खोलने की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा गुट सुरक्षा कारणों से बारादरी को बंद रखने की मांग कर रहा है.

    विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा कारणों और मरम्मत के कार्य के चलते बारादरी को बंद किया गया है. लाल बारादरी संरक्षित इमारत है.

  17. एमनेस्टी इंटरनेशनल ने अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के एयर स्ट्राइक पर क्या कहा

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने 21 और 22 फ़रवरी को अफ़ग़ानिस्तान के नंगरहार प्रांत में पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक से नागरिकों के घायल होने की ख़बरों पर गहरी चिंता ज़ाहिर की है.

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कहा है कि नागरिकों को हुए नुक़सान की इन रिपोर्टों की पूरी, स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, "यह पहली बार नहीं है जब बल प्रयोग का सबसे अधिक असर आम नागरिकों पर पड़ा हो. इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन इन अफ़ग़ानिस्तान (यूएनएएमए) ने अक्तूबर से दिसंबर 2025 के बीच पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई को 70 नागरिकों की मौत और 478 अन्य के घायल होने के लिए ज़िम्मेदार ठहराया था.’’

    "उस समय अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सेनाओं और पाकिस्तान सेना के बीच सीमा पर तनाव और झड़पें तेज़ हो गई थीं.’’

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से फिर अपील की है कि वे अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत अपने दायित्वों के अनुरूप नागरिकों को नुक़सान से बचाने के लिए हर आवश्यक क़दम उठाएं.

    पाकिस्तान का कहना है कि उसने ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा क्षेत्र में 'सात आतंकी ठिकानों और शिविरों' को निशाना बनाया है.

    वहीं अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने बताया है कि नंगरहार और पकतीका में हुए पाकिस्तान के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों लोग मारे गए हैं.

    साथ ही तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने 'उचित समय पर' जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.

  18. अब तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा रात दस बजे तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    नरेंद्र मोदी का इसराइल दौरा: संसद के संबोधन में बहिष्कार का मुद्दा गर्म, जानिए पूरा विवाद

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद ट्रंप की नई धमकी क्या भारत के लिए है?

    टी-20 वर्ल्ड कप: क्या वेस्ट इंडीज़ ने भारत का खेल बिगाड़ दिया है?

    तस्वीरों में देखिए- 150 साल पहले कैसा दिखता था भारत?

  19. एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ़्तार

    दिल्ली पुलिस ने एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के आरोप में इसके अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ़्तार किया है.

    यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 20 फरवरी को 'इंडिया एआई समिट' के दौरान प्रदर्शन किया था,

    औपचारिक तौर पर गिरफ़्तार करने से पहले चिब से इस प्रदर्शन के सिलसिले में पूछताछ की गई थी. प्रदर्शन के बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने पर उदय भानु चिब ने कहा था, "हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, इससे देश की छवि को नुक़सान नहीं पहुंचता. छवि तब ख़राब होती है जब देश के प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे बड़े यौन अपराधी (जेफ़री एपस्टीन) की सलाह पर काम करते हैं."

    वहीं इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "एआई समिट के चमकदार मंच के पीछे सच दबाया नहीं जा सकता. जब देशहित से ऊपर कॉरपोरेट हित दिखें और विदेश नीति में नरमी साफ़ नज़र आए, तब विरोध कर्तव्य बन जाता है."

    "इसलिए इंडियन यूथ कांग्रेस के जांबाज़ कार्यकर्ता भारत मंडपम पहुंचे, ताकि 'कॉम्प्रोमाइज़्ड पीएम' के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद हो और देश की अस्मिता पर हो रहे समझौते पर मोदी सरकार को जवाब देना पड़े."

    बीजेपी ने इस घटना को देश की छवि धूमिल करने वाला बताया था.वहीं यूथ कांग्रेस ने कहा था कि विरोध प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है.

  20. एल मेंचो की मौत के बाद मेक्सिको के 20 राज्यों में भड़की हिंसा, अब क्या हाल है

    मेक्सिको के मोस्ट वॉन्टेड अपराधी एल मेंचो के एक सुरक्षा अभियान में मारे जाने के बाद देश में हिंसा भड़क गई. इसको क़ाबू में करने के कई हजार सैनिक तैनात किए गए हैं.

    मेक्सिको के रक्षा मंत्री रिकार्डो ट्रेविया ने कहा कि सोमवार को पश्चिमी मेक्सिको में अतिरिक्त 2,500 सैनिक भेजे गए.

    सरकार के मुताबिक़ रविवार से अब तक कुल लगभग 9,500 सैनिक तैनात किए जा चुके हैं.

    रविवार को हलिस्को (जलिस्को) स्टेट में में मैक्सिकन विशेष बलों की ओर से गिरफ़्तारी के बाद नेमेसियो ओसगेरा सर्वांटीज़ की मौत हो गई थी. सर्वांटीज को ‘एल मेंचो’ के नाम से जाना जाता था. उनकी मौत के बाद कम से कम 20 राज्यों में अशांति देखी गई है.

    हलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल मेक्सिको के सबसे ख़तरनाक आपराधिक संगठनों में से एक है. उसका लीडर ‘एल मेंचो’ देश के सबसे ख़तरनाक अपराधियों में से एक था.

    मेक्सिको में स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने देश में ‘दिल दहला देने वाली’ हिंसा और अशांति का ब्योरा दिया है.

    स्थानीय लोगों और पर्यटकों की ओर से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कई कस्बों और शहरों में जले हुए वाहन और आसमान में उठता धुआं दिखाई दे रहा है. इनमें समुद्री पर्यटन स्थल प्यूर्टो वायार्टा भी शामिल है.

    पिछले चार साल से नैशविले में रह रहे जेरी जोन्स ने बीबीसी न्यूज़ से कहा कि उन्होंने 'पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा था.'