You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पोलैंड की इगा स्वियातेक ने जीता विंबलडन का ख़िताब

पोलैंड की इगा स्वियातेक ने विंबलडन का महिला सिंगल्स का ख़िताब जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पोलैंड की इगा स्वियातेक ने जीता विंबलडन का ख़िताब

    पोलैंड की इगा स्वियातेक ने विंबलडन का महिला सिंगल्स का ख़िताब जीत लिया है.

    इसके साथ ही वो विंबलडन का महिला सिंगल्स ख़िताब जीतने वाली पोलैंड की पहली खिलाड़ी बन गई हैं.

    उन्होंने अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को सीधे सेटों में 6-0, 6-0 में मात देकर अपना पहला विंबलडन ख़िताब हासिल किया.

    ये मैच उन्होंने केवल 57 मिनट में जीत लिया.

    वर्ल्ड नंबर वन स्वियातेक के लिए ये उनका छठा ग्रैंड स्लैम है. वो इससे पहले चार बार फ्रैंच ओपन और एक बार यूएस ओपन जीत चुकी हैं.

    वहीं उनके सामने थीं 13वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी अमांडा, जो अपनी पहली ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिता में उतरी थीं.

    जीत के बाद स्वियातेक ने कहा, "मैंने इसका सपना भी नहीं देखा था, मेरे लिए ये काफी दूर था. मुझे लगता था कि मैंने ग्रैंड स्लैम जीते हैं और अनुभवी खिलाड़ी हूं लेकिन मैंने इसकी उम्मीद नहीं की थी."

    उन्होंने कहा, "इस साल मैंने काफी इंजॉय किया. मुझे लगता है कि मैंने यहां अपना फॉर्म और बेहतर किया है."

    स्वियातेक ने मुक़ाबले की रनर-अप अमांडा एनिसिमोवा को बधाई देते हुए कहा, "मुझे उम्मीद है कि हम यहाँ और भी कई फ़ाइनल खेलेंगे."

  3. यूरोपीय संघ, मैक्सिको पर अमेरिका लगाएगा 30 फ़ीसदी टैरिफ़, एक अगस्त से होगा लागू

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ और मैक्सिको से होने वाले आयात पर एक अगस्त से 30 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने की घोषणा की है.

    उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका के किसी भी ट्रेडिंग पार्टनर ने जवाबी कार्रवाई की तो वह और भी ज़्यादा टैरिफ़ लगाएंगे.

    27 सदस्यों वाला यूरोपीय संघ, अमेरिका का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. इस हफ़्ते की शुरुआत में यूरोपीय संघ ने एक अगस्त से पहले अमेरिका के साथ एक समझौते पर सहमति बनने की उम्मीद जताई थी.

    ट्रंप ने इस हफ़्ते यह भी कहा है कि अमेरिका एक अगस्त से जापान, दक्षिण कोरिया, कनाडा और ब्राज़ील से आने वाले सामानों पर नए टैरिफ़ लगाएगा. अमेरिका के कई अन्य व्यापारिक साझेदारों को भी इस हफ़्ते इसी तरह के पत्र भेजे गए हैं.

  4. चिराग पासवान को मिली धमकी, तेजस्वी यादव क्या बोले

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को एक इंस्टाग्राम यूज़र से जान से मारने की धमकी मिली है.

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट की ओर से पटना के साइबर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया गया है.

    पार्टी ने पोस्ट किया, "चिराग पासवान को आरजेडी समर्थक और असामाजिक तत्वों की तरफ से बम से उड़ाने की धमकी देना न केवल निंदनीय है. ये राजद के 90 के दशक की मानसिकता को दर्शाता है."

    लोक जनशक्ति पार्टी ने भारत सरकार और बिहार सरकार से इस मामले में अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर कठोर कार्रवाई करने की अपील की है. साथ ही, चिराग पासवान को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है.

    वहीं चिराग पासवान ने बिहार की क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शनिवार को एक्स पर पोस्ट किया, "बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे? समझ से परे है कि बिहार पुलिस की ज़िम्मेदारी क्या है?"

    आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से जब चिराग पासवान को मिली धमकी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, "जा कर प्रधानमंत्री से बोलें कि जंगल राज आ गया है."

  5. बीबीसी आई की पड़ताल: बांग्लादेश की जंग का एक साल

    36 दिन चले ख़ूनी संघर्ष के बाद 5 अगस्त, 2024 को वो घटना घटी थी, जिसने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को सत्ता से बेदख़ल कर दिया.

    ढाका के जात्राबाड़ी में पुलिस ने खुलेआम फायरिंग की, जिसमें कम से कम 52 लोग मारे गए थे, जबकि कई अन्य घायल हुए थे.

    सुनिए बीबीसी की स्पेशल डॉक्यूमेंट्री बांग्लादेश की जंग का एक साल...

  6. अहमदाबाद प्लेन क्रैश की शुरुआती जांच रिपोर्ट पर आया ब्रिटेन का बयान, इमोजेन जेम्स, बीबीसी

    ब्रिटेन ने कहा है कि वो भारत में हुए अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर आई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा करेगा.

    अहमदाबाद में 12 जून को एयर इंडिया का जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, उस पर 53 ब्रिटिश नागरिक भी सवार थे. इस विमान ने अहमदाबाद से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी थी.

    इस विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर ब्रिटेन के परिवहन विभाग के एक प्रवक्ता ने बीबीसी से कहा, "यह एक दुखद दुर्घटना थी और हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है."

    प्रवक्ता ने कहा, "ब्रिटेन भारतीय अधिकारियों की प्रारंभिक रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा करेगा और अगर कोई कार्रवाई ज़रूरी होगी, तो उस पर विचार करेगा."

  7. लॉर्ड्स टेस्ट: शतक जड़ते ही आउट हो गए केएल राहुल

    भारत और इंग्लैड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में केएल राहुल ने शतक जड़ा है. ये टेस्ट क्रिकेट में उनका 10वां शतक है. हालांकि, इसके तुरंत बाद वो आउट हो गए.

    केएल राहुल, शोएब बशीर की गेंद पर हैरी ब्रुक के हाथों कैच आउट हो गए. उन्होंने 177 गेंदों पर सौ रन बनाए.

    शोएब बशीर की ऑफ़ स्टंप के बाहर जाती हुई फुल लेंथ गेंद केएल राहुल के बल्ले का किनारा लेकर पहले स्लिप में पहुंची, जहां ब्रुक ने बिना कोई ग़लती किए कैच पकड़ लिया.

    भारत का मौजूदा स्कोर पांच विकेट के नुक़सान पर 286 रन है. भारतीय टीम की ओर से अभी रवींद्र जडेजा और नितीश कुमार रेड्डी बैटिंग कर रहे हैं.

  8. लॉर्ड्स टेस्ट का तीसरा दिन, लंच तक ये है भारतीय टीम का स्कोर

    लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन लंच ब्रेक होने तक भारतीय टीम का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 248 रन है.

    इंग्लैंड की पहली पारी के 387 रनों के मुक़ाबले शनिवार को भारतीय टीम 242 रन के टारगेट के लिए मैदान पर उतरी.

    दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारतीय टीम का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 145 रन था.

    तीसरे दिन की शुरुआत में केएल राहुल और ऋषभ पंत बैटिंग करने मैदान पर उतरे.

    हालांकि, लंच ब्रेक से तुरंत पहले ऋषभ पंत को बेन स्टोक्स ने रन आउट कर दिया. वहीं केएल राहुल शतक बनाने से सिर्फ़ दो रन दूर हैं.

  9. 'मेरा परिवार विमान पर सवार नहीं था, फिर भी हमने उन्हें खो दिया'- अहमदाबाद प्लेन क्रैश की रिपोर्ट पर बोले पीड़ित, तेजस वैद्य, बीबीसी गुजराती

    अहमदाबाद विमान हादसे में सिर्फ़ यात्रियों की ही मौत नहीं हुई थी, बल्कि ज़मीन पर मौजूद 19 लोगों की भी मौत हुई, जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ.

    नरेशसिंह ठाकोर ने इस हादसे में अपनी दो साल की बेटी और अपनी सास सरलाबेन ठाकोर को खो दिया.

    12 जून को, हर दिन की तरह, सरलाबेन बीजे मेडिकल कॉलेज में खाना पहुंचाने गई थीं, जब विमान हॉस्टल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उस समय बच्ची भी उनके साथ थी.

    नरेशसिंह ठाकोर कहते हैं, "हमने अपने परिवार के सदस्यों को खो दिया, जबकि वे विमान पर सवार भी नहीं थे."

    विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर वे कहते हैं, "मैं रिपोर्ट पर कैसे कुछ कह सकता हूं? हमें इसकी कोई समझ नहीं है."

  10. अहमदाबाद प्लेन क्रैश की शुरुआती जांच रिपोर्ट पर एविएशन मंत्री की अपील- 'अभी किसी नतीजे पर ना पहुंचें'

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने लोगों से अपील की है कि अहमदाबाद प्लेन क्रैश की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर 'कोई नतीजा ना निकाला' जाए.

    शनिवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "इस समय हमें किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए. हमें फ़ाइनल रिपोर्ट का इंतज़ार करना चाहिए."

    राम मोहन नायडू ने कहा, "मैं मानता हूं कि पायलटों और क्रू के मामले में हमारे पास पूरी दुनिया में सबसे बढ़िया वर्कफ़ोर्स है. पायलट और क्रू एविएशन इंडस्ट्री के आधार हैं."

    रिपोर्ट पर उन्होंने कहा, "यह प्रारंभिक रिपोर्ट है. मंत्रालय इसका विश्लेषण कर रहा है. इस पर कुछ कमेंट करना तभी सही होगा, जब फ़ाइनल रिपोर्ट आएगी."

    उन्होंने उम्मीद जताई है कि फ़ाइनल रिपोर्ट जल्द आ जाएगी.

  11. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: 'सच तो ये है, हमने अपना बेटा खो दिया'- फ़ैज़ान के पिता, तेजस वैद्य, बीबीसी गुजराती

    अहमदाबाद विमान दुर्घटना में जिन 260 लोगों की मौत हुई, उनमें से एक फै़ज़ान रफ़ीक थे. वो अपने परिवार के साथ ईद मनाने के लिए ब्रिटेन से भारत आए थे.

    25 साल के फै़ज़ान रफ़ीक पाँच साल पहले ब्रिटेन शिफ़्ट हुए थे. वो अपने परिवार के साथ ईद मनाने और दांतों का इलाज कराने के लिए भारत आए थे.

    उनके पिता, रफ़ीक दाऊद, कहते हैं कि विमान हादसे की वजह तकनीकी खराबी हो या कुछ और, ये हादसा और उसमें उनके बेटे फै़ज़ान की मौत उनके परिवार के लिए बेहद दुखद रही है.

    उन्होंने कहा, "हमें फ्यूल स्विच या दूसरी तकनीकी बातों के बारे में कुछ नहीं पता. सच तो यह है कि हमने अपने बेटे को खो दिया है. पिछले एक महीने में हमने जो दर्द महसूस किया है, उसे बयां करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं."

    भारत के दीव शहर में रहने वाले दाऊद का कहना है कि उन्होंने मुआवज़े के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और एयरलाइन ने उन्हें बताया है कि आगे की जानकारी ईमेल के ज़रिए साझा की जाएगी.

  12. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: कैसे डिकोड किया गया विमान का ब्लैक बॉक्स, सौतिक बिस्वास, बीबीसी न्यूज़

    अहमदाबाद में 12 जून को हुए प्लेन क्रैश के बाद से ही जांचकर्ताओं को विमान के एन्हैंस्ड एयरबॉर्न फ्लाइट रिकॉर्डर्स (ईएएफ़आर) यानी ब्लैक बॉक्स की तलाश थी.

    ये डिवाइस फ्लाइट डेटा और कॉकपिट ऑडियो रिकॉर्ड करते हैं, जिसमें पायलट के माइक, रेडियो कॉल और आसपास की कॉकपिट की आवाज़ें शामिल होती हैं.

    विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट इस बारे में जानकारी देती है कि इन्हें कैसे बरामद किया गया और इनसे क्या पता चला.

    एक रिकॉर्डर हादसे के एक दिन बाद, 13 जून को, एक इमारत की छत पर मिला था.

    ये रिकॉर्डर हादसे के दौरान हुई टक्कर और गर्मी के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. इसके तार निकल गए थे और कनेक्टर जले हुए थे.

    दूसरा रिकॉर्डर तीन दिन बाद, एक दूसरी इमारत के पास से मिला था, जो अपने इक्विप्मेंट शेल्फ़ से जुड़ा हुआ था.

    दोनों रिकॉर्डर 24 जून को दिल्ली स्थित एयर एक्सिडेंट्स इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (एएआईबी) लैब भेजे गए.

    जांचकर्ताओं ने इसका डेटा निकालने के लिए विमान के ईएएफ़आर यूनिट जैसा ही ईएएफ़आर यूनिट और अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ़्टी बोर्ड (एनटीएसबी) के स्पेशल डाउनलोड केबलों का इस्तेमाल किया.

    एएआईबी ने लगभग 49 घंटे का फ्लाइट डेटा निकाला, जिसमें क्रैश सहित छह फ्लाइट्स का डेटा शामिल है और अंतिम क्षणों के दौरान का दो घंटे का कॉकपिट ऑडियो निकाला गया.

  13. अहमदाबाद प्लेन क्रैश की शुरुआती रिपोर्ट पर इंडियन पायलट्स एसोसिएशन ने जताई आपत्ति

    अहमदाबाद विमान हादसे की शुरुआती रिपोर्ट पर एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (एएलपीए इंडिया) ने प्रतिक्रिया देते हुए जांच के तरीके़ पर चिंता जताई है.

    मीडिया रिपोर्ट में आए एक बयान में पायलट एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि "जांच में योग्य लोगों को शामिल नहीं किया गया".

    एएलपीए इंडिया के अध्यक्ष, कैप्टन सैम थॉमस ने बयान में कहा, "हमें लगता है कि ये जांच पायलटों को दोषी मानकर की जा रही है और हम इस सोच पर आपत्ति जताते हैं."

    विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट के मुताबिक़, टेकऑफ़ करते ही कुछ सेकेंड बाद विमान के दोनों इंजन बंद हो गए थे.

    रिपोर्ट में विमान के दोनों पायलटों के बीच हुई बातचीत भी सामने आई है.

    जैसे ही इंजन की फ़्यूल सप्लाई बंद हुई, इंजन 1 और इंजन 2 की स्पीड टेकऑफ़ लेवल से कम होने लगी.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग में एक पायलट दूसरे से पूछता है कि उसने कटऑफ़ क्यों किया? दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया.

    यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि यह सवाल किसने पूछा और जवाब किसने दिया.

    पायलट एसोसिएशन ने अधिकारियों से अपील की है कि उन्हें भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया जाए.

    बयान में कहा गया है, "हम एक बार फिर अपील करते हैं कि वे हमें भी पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल करें ताकि जांच में ज़रूरी पारदर्शिता बनी रहे."

  14. अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले लॉरेंस क्रिश्चियन की पत्नी बोलीं- न्याय चाहती हूं, लक्ष्मी पटेल, बीबीसी गुजराती

    अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में जान गंवाने वाले लॉरेंस क्रिश्चियन की पत्नी आयुषी क्रिश्चियन ने कहा, "मैं उन सभी लोगों के लिए न्याय चाहती हूं, जिनकी मौत हुई है."

    आयुषी और लॉरेंस की 2023 में शादी हुई थी और दोनों हादसे से 18 महीने पहले ब्रिटेन में चले गए थे.

    लॉरेंस भारत अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए आए थे और इसके बाद एयर इंडिया के विमान से वापस ब्रिटेन जा रहे थे.

    आयुषी ने कहा, "विमान हादसे को एक महीने हो गए हैं. प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आज आई है. घटना के लिए ज़िम्मेदारों के ख़िलाफ़ कार्रवाई होनी चाहिए."

  15. एयर इंडिया प्लेन क्रैश: शुरुआती जांच रिपोर्ट पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने क्या कहा?

    एयर इंडिया विमान हादसे पर भारतीय विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की रिपोर्ट पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने प्रतिक्रिया दी है.

    राम मोहन नायडू किंजरापु ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि एएआईबी ने अच्छा काम किया है, यह बहुत चुनौतीपूर्ण था.

    उन्होंने कहा है कि एएआईबी ने पारदर्शिता से जांच की और अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल का भी पालन हुआ.

    केंद्रीय मंत्री ने रिपोर्ट पर कहा है, "यह प्रारंभिक रिपोर्ट है. मंत्रालय इसका विश्लेषण कर रहा है. इस पर कुछ कमेंट करना तभी सही होगा जब फ़ाइनल रिपोर्ट आएगी."

    उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द से जल्द फ़ाइनल रिपोर्ट आएगी.

  16. एयर इंडिया विमान हादसे में जान गंवाने वालीं केबिन क्रू की सदस्य के भाई जांच रिपोर्ट पर बोले, इशाद्रिता लाहिड़ी, बीबीसी संवाददाता

    अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में केबिन क्रू सदस्य लैमनुनथेम सिंगसन की मौत हुई थी.

    विमान हादसे पर आई भारतीय विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट पर लैमनुनथेम सिंगसन के रिश्तेदार नगमलियनलाल किपजेन ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा है कि 'मुझे नहीं पता कि कारण जानने से हमारे शोक मनाने के तरीके़ में कोई बदलाव आएगा या नहीं. इस समय हम अब भी अपने भावनाओं के भंवर से गुज़र रहे हैं.'

    किपजेन ने कहा, "मेरा मानना है कि सुकून हमें तब मिलता है जब हम अपने तरीके़ से अलविदा कहते हैं और ऐसा जीवन जीते हैं जो उनकी याद को सम्मान दे."

    उन्होंने कहा है कि 'सिंगसन की कहानी हमारे ज़रिए और उन सभी प्रियजनों के ज़रिए ज़िंदा रहेगी, जिन्हें वह पीछे छोड़ गई.'

  17. एयर इंडिया विमान हादसे में जान गंवाने वालीं केबिन क्रू की सदस्य के पिता जांच रिपोर्ट पर बोले, इशाद्रिता लाहिड़ी, बीबीसी संवाददाता

    अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में केबिन क्रू सदस्य नगनथोई शर्मा की मौत हो गई थी.

    नगनथोई शर्मा के पिता के. नंदेशकुमार ने भारतीय विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "मैं शिक्षित नहीं हूं. मुझे इन तकनीकी बातों की ज़्यादा समझ नहीं है. हादसा इसलिए हुआ क्योंकि उसकी किस्मत में वह था. उसकी मां और बहनें आज तक उस घटना से उबर नहीं पाईं. चाहे हमें ये भी पता चल जाए कि हादसा क्यों हुआ, इससे क्या फ़र्क़ पड़ेगा? ये सब किस्मत की बात है."

    "मैं अभी बाज़ार जाऊं और कोई हादसा हो जाए तो क्या किया जा सकता है? ये सब भगवान की मर्ज़ी होती है."

  18. एयर इंडिया प्लेन क्रैश: रिपोर्ट में बताया गया- विमान से लिए गए फ़्यूल सैंपल संतोषजनक

    एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट में कई बातें सामने आई.

    रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में ईंधन भरने के लिए जिन टैंकों का इस्तेमाल किया गया था, उनमें से लिए गए फ़्यूल सैंपल "संतोषजनक" पाए गए हैं.

    एविएशन एक्सपर्ट ने पहले बीबीसी को बताया था कि फ़्यूल में गड़बड़ी इस हादसे की एक संभावित वजह हो सकती है. फ़्यूल में गड़बड़ी या रुकावट से दोनों इंजन फ़ेल हो सकते हैं.

    विमान के इंजन एक सटीक फ़्यूल मीटरिंग सिस्टम पर निर्भर करते हैं. अगर यह सिस्टम ब्लॉक हो जाए तो फ़्यूल की सप्लाई बंद हो सकती है और इंजन बंद हो सकता है.

    रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एपीयू फ़िल्टर और बाईं विंग के रिफ़्यूल/जेटिसन वॉल्व से 'बहुत कम मात्रा में फ़्यूल सैंपल' इकट्ठा किए गए हैं.

    रिपोर्ट के अनुसार, 'इन सैंपल्स की जांच उस लैब में की जाएगी जो इतनी कम मात्रा में भी जांच करने में सक्षम हो.'

  19. 'भारतीय विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की होनी चाहिए तारीफ़', अमेरिकी एविएशन एक्सपर्ट रिपोर्ट पर बोले, सौतिक बिस्वास, बीबीसी संवाददाता

    एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट आ गई है.

    रिपोर्ट पर अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर पीटर गोएल्ज़ ने एएआईबी की तारीफ़ की है.

    उन्होंने कहा, "भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की सराहना की जानी चाहिए कि उसने इतनी विस्तृत प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की है."

    पीटर गोएल्ज़ कई विमान हादसों को लेकर हुई जांच का नेतृत्व कर चुके हैं.

    उन्होंने कहा है कि जब किसी देश की पूर्व राष्ट्रीय एयरलाइन जैसी हाई प्रोफ़ाइल कंपनी की बात होती है तो रिपोर्ट विस्तृत नहीं होती.

    पीटर गोएल्ज़ ने कहा, "यह विस्तृत रिपोर्ट है. इसके लिए एएआईबी की तारीफ़ की जानी चाहिए."