रूस ने बशर अल-असद और उनकी पत्नी आसमा के तलाक की ख़बर को ख़ारिज किया

रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने उन ख़बरों को खारिज किया है जिनमें कहा गया था कि सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद की ब्रिटिश मूल की पत्नी उनसे तलाक चाहती हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

शिल्पा ठाकुर, कीर्ति रावत

  1. नमस्कार!

    सोमवार के लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. अब बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत को दीजिए इजाज़त.

    मंगलवार को हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर से हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल के लिए हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें हैं, जिन्हें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    - मशहूर फ़िल्म निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन हो गया है. वो 90 साल के थे. उन्हें समानांतर सिनेमा का सबसे बड़ा चेहरा बताया जाता है, लेकिन वो इसको लेकर क्या सोचते थे, पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - बांग्लादेश ने भारत सरकार को शेख़ हसीना की वापसी के लिए पत्र लिखा है. बांग्लादेश और भारत के बीच प्रत्यर्पण संधि तो है लेकिन क्या शेख़ हसीना की वापसी आसान होगी? इस रिपोर्ट को पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - ब्लूमबर्ग ने दुनिया के सबसे अमीर परिवारों की सूची जारी की है और इसमें 25 परिवारों को जगह मिली है. इन 10 अमीर परिवारों के बारे में पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - उत्तर कोरिया ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ लड़ाई में रूस की मदद के लिए कथित तौर पर 11,000 सैनिक भेजे हैं. पढ़िए उत्तर कोरिया के सैनिक रूस-यूक्रेन युद्ध पर किस तरह असर डाल रहे हैं?

  2. रूस ने बशर अल-असद और उनकी पत्नी आसमा के तलाक की ख़बर को ख़ारिज किया

    सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद और उनकी पत्नी आसमा अल-असद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने उन ख़बरों को खारिज किया है जिनमें कहा गया था कि सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद की ब्रिटिश मूल की पत्नी उनसे तलाक चाहती हैं.

    तुर्की मीडिया में आई ख़बरों में कहा गया था कि आसमा अल-असद अपनी शादी खत्म करना चाहती थीं और रूस छोड़ना चाहती थीं.

    एक समाचार सम्मेलन में इन खबरों के बारे में पूछे जाने पर दिमित्री पेस्कोव ने कहा, "नहीं, इनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं हैं."

    उन्होंने उन खबरों का भी खंडन किया जिसमें असद के मॉस्को से बाहर जाने पर प्रतिबंध और उनकी संपत्ति जब्त करने की बात कही गई थी.

    लेकिन रविवार को तुर्की मीडिया में आई खबरों में कहा गया था कि रूस की राजधानी मॉस्को में असद का परिवार गंभीर प्रतिबंधों के तहत रह रहा है और सीरिया की पूर्व प्रथम महिला ने तलाक के लिए अर्जी दी है और वो लंदन लौटना चाहती हैं.

    सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद की पत्नी आसमा अल-असद सीरियाई-ब्रिटिश नागरिक हैं, लेकिन ब्रिटेन के विदेश सचिव ने पहले कहा था कि उन्हें ब्रिटेन लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

  3. पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली अस्पताल में भर्ती

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली (फाइल फोटो)

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली को महाराष्ट्र के ठाणे स्थित एक निजी अस्पताल आकृति में भर्ती कराया गया है.

    सामाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें 21 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    52 साल के कांबली को उनके एक प्रशंसक ने अस्पताल में भर्ती कराया है जो कि खुद ठाणे जिले के भिवंडी के काल्हेर इलाके में स्थित अस्पताल के मालिक भी हैं.

    विनोद कांबली की हालत स्थिर बताई जा रही है. हालांकि उनके अस्पताल में भर्ती होने के सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है.

    अस्पताल ने कहा कि उन्होंने कांबली के इलाज की ज़िम्मेदारी ली है और उन्हें वित्तीय सहायता का आश्वासन भी दिया है.

  4. मध्य प्रदेश के सीहोर में निर्माणाधीन पुल के गिरने से तीन की मौत, एक घायल, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    निर्माणाधीन पुल

    मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार की शाम में एक निर्माणाधीन पुल गिरने से तीन लोगों की मृत्यु हो गई. वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है.

    ये घटना सोमवार की शाम 4 बजे की बताई जा रही है जब लगभग आधा दर्जन मजदूर सियागहन गांव के पास गुजरने वाली एक नदी के ऊपर बने पुराने पुल की मरम्मत का काम कर रहे थे.

    ये हादसा पुल के रिटेनिंग वाल के स्लैब के गिरने से हुआ. इस हादसे के दौरान चार मजदूर पुल के नीचे की तरफ काम कर रहे थे जिसके चलते चारों मलबे में दब गए थे.

    वहां काम करवा रही कंपनी के ठेकदारों ने तुरंत पुलिस को इस घटना के बारे में सूचित किया जिसके बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाने और दबे हुए मजदूरों को निकालने का प्रयास किया गया.

    पत्रकारों से बात करते हुए, बुधनी एसडीएम, डीएस तोमर ने बताया, “सियागहन गांव के पास एक नदी है जिसपर पहले से बने एक पुल (रपटा) की रिटेनिंग वॉल का स्लैब आज गिर गया था, जिसके चलते तीन मजदूरों की मृत्यु हो गई है और एक घायल है. रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों लोगों को मलबे से निकाल लिया गया है और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए बुधनी अस्पताल भेजा गया है”.

    वहीं निर्माण कराने वाली कंपनी के सुपरवाइजर मुकेश तोमर ने बताया कि, बीते 15 दिनों से पुल पर काम चल रहा था और आज रिटेनिंग वॉल के आस-पास खुदाई का काम चल रहा था जब ये घटना हुई.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, मशहूर फ़िल्म निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन

    मशहूर निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मशहूर निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन

    भारत के मशहूर फ़िल्म निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन हो गया है. वो 90 साल के थे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने मुंबई के वॉकहार्ट अस्पताल के सूत्रों के हवाले से बताया है कि बेनेगल ने सोमवार की शाम को अंतिम सांस ली.

    बीबीसी की साथी पत्रकार मधु पाल के मुताबिक श्याम बेनेगल की बेटी पिया बेनेगल ने बताया कि उनके पिता का सोमवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे निधन हुआ.

    श्याम बेनेगल पिछले दो साल से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे.

    मशहूर निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन

    'अंकुर', 'निशांत', 'मंथन', 'भूमिका' और 'मंडी' जैसी फ़िल्मों का निर्देशन करने वाले बेनेगल 70-80 के दशक में पैरेलल सिनेमा मूवमेंट के दिग्गज माने जाते हैं.

    उनकी फ़िल्मों में लैंगिक समानता, सामाजिक न्याय और राजनीतिक संघर्ष जैसे विषय होते थे.

    श्याम बेनेगल 'भारत एक खोज' और 'संविधान' के निर्माण के लिए भी याद किए जाएंगे.

    उन्हें साल 1976 में पद्म श्री और साल 1991 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था.

    फ़िल्म निर्देशक बेनेगल ने अभी कुछ दिन पहले ही 14 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाया था.

    बेनेगल की फ़िल्म 'अंकुर' से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री शबाना आज़मी ने उनके जन्मदिन की तस्वीर एक्स पर पोस्ट की थी.

  6. कुक आइलैंड्स के अलग पासपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को न्यूज़ीलैंड ने किया ख़ारिज

    कुक आइलैंड्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूजीलैंड कुक आइलैंड्स के विदेशी मामलों और रक्षा के लिए ज़िम्मेदार है.

    प्रशांत महासागर में स्थित कुक आइलैंड्स ने न्यूज़ीलैंड सरकार के सामने अपने नागरिकों के लिए अलग पासपोर्ट बनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे न्यूज़ीलैंड की सरकार ने ख़ारिज कर दिया है.

    कुक आइलैंड्स एक स्वशासित द्वीप देश है जो कि न्यूज़ीलैंड का 'मुक्त संघ' है.

    न्यूज़ीलैंड कुक आइलैंड्स के विदेशी मामलों और रक्षा के लिए ज़िम्मेदार है.

    आपको बता दें कि कुक आइलैंड्स के नागरिक न्यूज़ीलैंड में रह सकते हैं, काम कर सकते हैं और वहां की स्वास्थ्य सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं.

    कुक आइलैंड्स के पीएम मार्क ब्राउन ने पहचान के लिए लोगों से अपना पासपोर्ट रखने को कहा था. लेकिन न्यूज़ीलैंड ने ये कहा है कि जब तक कुक आइलैंड्स पूरी तरह से स्वतंत्र नहीं हो जाता, तब तक ये संभव नहीं है.

    स्थानीय ब्रॉडकास्टर '1न्यूज़' के दस्तावेजों से पता चला है कि मार्क ब्राउन महीनों से कुक आइलैंड्स के नागरिकों के लिए अलग पासपोर्ट और नागरिकता के लिए जोर डाल रहे हैं.

    कुक आइलैंड्स के लगभग 100,000 लोग न्यूज़ीलैंड में रहते हैं, जबकि कुक आइलैंड्स पर लगभग 15,000 रहते हैं.

    दरअसल यहां के जो लोग कम से कम एक साल तक लगातार न्यूज़ीलैंड में रह चुके हैं, वे न्यूज़ीलैंड के चुनावों और जनमत संग्रह में भाग ले सकते हैं या मतदान भी कर सकते हैं.

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच अलग नागरिकता के मुद्दे पर तनाव बढ़ रहा है. हाल के महीनों में दोनों देशों के नेताओं ने कई वार्ताएं की हैं.

  7. मोहम्मद शमी की फिटनेस पर बीसीसीआई ने जारी किया बयान

    भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शमी ने पिछले दिनों रणजी मैचों में हिस्सा लिया था.

    तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी के स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर बीसीसीआई ने एक मीडिया एडवाइजरी जारी की है.

    एडवाइजरी में लिखा गया है कि "सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बीसीसीआई की मेडिकल टीम शमी के साथ उनकी दाहिनी एड़ी की सर्जरी के बाद रिकवरी पर काम कर रही है. शमी एड़ी की इस समस्या से पूरी तरह से उबर चुके हैं."

    "शमी ने नवंबर में रणजी ट्रॉफी मैच में बंगाल के लिए मध्य प्रदेश के ख़िलाफ़ 43 ओवर गेंदबाज़ी की थी. इसके बाद, उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) के सभी नौ गेम खेले. इसके अलावा उन्होंने टेस्ट मैचों की तैयारी के लिए गेंदबाज़ी सत्रों में भी हिस्सा लिया."

    एडवाइजरी में ये भी बताया गया है कि उनके बाएं घुटने में हल्की सूजन देखी गई है जो कि लंबे समय तक अधिक गेंदबाजी करने से आई है.

    मेडिकल जांच के बाद पाया गया कि उनके घुटने को रिकवरी के लिए अधिक समय की आवश्यकता है. इसलिए उन्हें बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बचे हुए दो टेस्ट मैचों के लिए फिट नहीं माना गया है.

    मोहम्मद शमी बीते साल वनडे वर्ल्ड कप के बाद चोटिल हो गए थे. शमी करीब एक साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं.

  8. पांचवीं और आठवीं कक्षा के छात्रों के लिए सरकार ने लिया अहम फ़ैसला

    छात्र और छात्राएं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि छात्रों के बेहतर लर्निंग आउटकम के लिए नो डिटेंशन पॉलिसी लाई गई है.

    केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने "नो डिटेंशन पॉलिसी" पर सोमवार को फैसला लिया है. मंत्रालय के सचिव संजय कुमार ने इस फैसले की जानकारी दी है.

    इस फैसले के मुताबिक, अब पांचवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को फेल होने पर अगली कक्षा में प्रमोट नहीं किया जाएगा.

    अभी तक पांचवीं और आठवीं कक्षा में फेल होने के बावजूद बच्चों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा.

    फेल होने वाले छात्रों को दो महीने के भीतर दोबारा परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाएगा. अगर छात्र इसमें भी असफल रहते हैं तो उन्हें फेल कर दिया जाएगा और उन्हें दोबारा उसी कक्षा में पढ़ना पड़ेगा.

    नो डिटेंशन पॉलिसी पर शिक्षा मंत्रालय के सचिव संजय कुमार ने कहा "ये निर्णय लिया गया है कि पांचवीं और आठवीं कक्षा में हर प्रयास करने के बाद यदि डिटेंशन करने की आवश्यकता पड़े तो डिटेन किया जाए, लेकिन किसी भी बच्चे को स्कूल से निष्कासित नहीं किया जाए."

  9. पीलीभीत में हुई मुठभेड़ पर क्या बोले बरेली के एडीजी रमित शर्मा?

    एडीजी रमित शर्मा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बरेली रेंज के एडीजी रमित शर्मा ने बताया कि पीलीभीत मुठभेड़ में मारे गए ख़ालिस्तानी चरमपंथियों ने ही पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला किया था.

    उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में सोमवार को हुई मुठभेड़ पर बरेली रेंज के एडीजी रमित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी है.

    उन्होंने कहा, "पुलिस मुठभेड़ में मारे गए तीन चरमपंथियों की पहचान कर ली गई है. उनके नाम वीरेंदर सिंह उर्फ रवि (23), गुरविंदर सिंह (25) और जशनप्रीत सिंह उर्फ प्रताप सिंह (18) हैं. पंजाब में बक्शीवाल चौकी में ग्रेनेड और बम से जो हमला हुआ था, उसके लिए थाना कलानौर में एफआईआर दर्ज कर दी गई है."

    "हमें पंजाब पुलिस ने सूचना दी थी कि ये तीनों पीलीभीत के पूरनपुर इलाके में आए हुए है. उसी के क्रम में पूरनपुर में एक निर्माणाधीन पुल के पास इन तीनों संदिग्धों को पुलिस ने घेर लिया. इन्होंने पुलिस पर फायरिंग की और पुलिस ने आत्मरक्षा में उन पर फायरिंग की. इस घटनाक्रम में ये तीनों घायल हुए. इनको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया."

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

    सोमवार को पंजाब और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त अभियान में तीन संदिग्ध ख़ालिस्तानी चरमपंथी मारे गए हैं.

  10. पीलीभीत मुठभेड़ पर क्या बोले कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा

    कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा

    इमेज स्रोत, Sukhjinder_INC

    पंजाब और उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोमवार को पीलीभीत में एक साझा ऑपरेशन किया. जिसमें तीन संदिग्ध ख़ालिस्तानी चरमपंथी मारे गए.

    इस घटना पर पंजाब के गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, "हमने गृहमंत्री को पत्र लिखा था. कई बार पंजाब के सांसदों ने उनसे समय भी मांगा. पंजाब एक बॉर्डर राज्य है और पाकिस्तान पंजाब के जरिए इंडिया के साथ प्रॉक्सी वॉर लड़ रहा है."

    "कट्टरपंथियों और गैंगस्टरों का इकट्ठा होना पंजाब के लिए ख़तरे की घंटी है. पंजाब को नुकसान हो रहा है. पंजाब के नौजवान पलायन कर रहे हैं. पंजाब के सीएम को दुनिया का पता है लेकिन उन्हें पंजाब का नहीं पता है. पंजाब सरकार और बीजेपी (केंद्र सरकार) दोनों साथ में मिलकर पंजाब को खत्म कर रहे हैं."

  11. अल्लू अर्जुन के घर के बाहर प्रदर्शन करने पर गिरफ़्तार हुए छह लोगों को मिली ज़मानत

    अल्लू अर्जुन के घर के बाहर खड़े प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अल्लू अर्जुन के घर के बाहर खड़े प्रदर्शनकारी

    तेलुगू फ़िल्मों के अभिनेता अल्लू अर्जुन के घर के बाहर प्रदर्शन करने के मामले में जिन छह लोगों को गिरफ़्तार किया गया था, उन्हें स्थानीय अदालत ने ज़मानत दे दी है.

    प्रदर्शनकारियों ने रविवार को हैदराबाद में अल्लू अर्जुन के घर पर टमाटर भी फेंके थे. उन्होंने घर के गमले और बाकी सामान के साथ भी तोड़-फोड़ की थी.

    प्रदर्शनकारी अल्लू अर्जुन की फ़िल्म 'पुष्पा-2: द रूल' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत को लेकर न्याय की मांग कर रहे थे.

    इसी मामले में ये छह लोग गिरफ़्तार किए गए थे. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस हमले की निंदा की और राज्य के डीजीपी और शहर के पुलिस आयुक्त को कानून-व्यवस्था के मामले में सख्ती से कार्रवाई करने का आदेश दिया.

  12. किसान दिवस पर पीएम मोदी ने चौधरी चरण सिंह को दी श्रद्धांजलि

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम नरेंद्र मोदी ने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि दी

    किसान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि दी.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "गरीबों और किसानों के सच्चे हितैषी पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि. राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और सेवाभाव हर किसी को प्रेरित करता रहेगा."

    वहीं, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किसान घाट पर चौधरी चरण सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की. उनके साथ केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी वहां पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे.

    इसके बाद जगदीप धनकड़ ने किसान दिवस को लेकर कहा कि 2001 में सही फैसला लेते हुए इस दिन की शुरुआत की गई थी.

    जगदीप धनखड़ ने कहा, "उन्होंने (चौधरी चरण सिंह) अपना जीवन किसानों और ग्रामीण विकास के साथ देश के विकास के लिए समर्पित कर दिया. हमें संकल्प लेकर पूरे साल कार्यक्रम करने हैं, ताकि किसान हित को सर्वोपरि रख सकें."

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में लिखा, "गांव, गरीब और वंचितों के उत्थान और किसान-कल्याण के लिए आजीवन समर्पित रहे पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. प्रदेशवासियों और अन्नदाता किसानों को 'किसान दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं."

  13. नमस्कार!

    दोपहर के दो बज रहे हैं. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर को दीजिए इजाज़त.

    अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.

    फ़िलहाल बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - पनामा नहर की क्या है अहमियत, ट्रंप इसपर अमेरिका का नियंत्रण क्यों चाहते हैं? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन किसान आंदोलन में फूंक रहा नई जान? इसे विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - कुवैत के मीडिया में पीएम मोदी के दौरे पर कैसी चर्चा, कैसी है इस्लामिक देशों में मोदी की नीति. विस्तार से ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - एक हाथ में राइफ़ल, दूसरे में बाइबल: ब्राज़ील के नार्को गैंग जो ख़ुद को 'ईश्वर का सिपाही' बताते हैं. ये ख़बर आप यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  14. बीजेपी के आरोप पत्र पर अरविंद केजरीवाल ने दिया जवाब

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, @AamAadmiParty/X

    इमेज कैप्शन, बीजेपी की तरफ से जारी आरोप पत्र पर बोले केजरीवाल

    बीजेपी ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार के ख़िलाफ़ आरोप पत्र जारी किया है. इसे लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा, "बीजेपी के पास चुनाव लड़ने के लिए कोई एजेंडा, योजना नहीं है. उनसे पूछिए कि दिल्ली में बीजेपी ने बीते पांच साल में क्या काम किया? दिल्ली में दो सरकारें हैं."

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में आधी सरकार आम आदमी पार्टी की है और आधी बीजेपी की केंद्र सरकार है. 'आप' सरकार ने बिजली, पानी समेत कई काम किए हैं लेकिन इन्होंने क्या काम किया? दिल्ली में सातों एमपी बीजेपी के ही हैं. एलजी इनके हैं. फिर भी इन्होंने कोई काम नहीं किया."

    बीजेपी ने क्या आरोप लगाए थे?

    कुछ देर पहले ही बीजेपी नेताओं ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार के ख़िलाफ़ आरोप पत्र जारी किया था.

    बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने भ्रष्टाचार, वायु प्रदूषण और यमुना नदी के प्रदूषण समेत कई मुद्दों पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा.

  15. बीजेपी ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार के ख़िलाफ़ जारी किया आरोप पत्र

    दिल्ली सरकार के ख़िलाफ़ बीजेपी ने जारी किया आरोप पत्र

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली सरकार के ख़िलाफ़ बीजेपी ने जारी किया आरोप पत्र

    दिल्ली में बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के अन्य सदस्यों ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार के ख़िलाफ़ एक आरोप पत्र जारी किया है.

    अनुराग ठाकुर ने कहा, "देश में सबसे महंगे पानी के मामले में दिल्ली पहले स्थान पर है. दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी के मामले में भी दिल्ली पहले स्थान पर है."

    उन्होंने दिल्ली सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. साथ ही शराब घोटाले पर भी बोले.

    अनुराग ठाकुर ने यमुना नदी के प्रदूषण पर भी दिल्ली सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने यमुना नदी को साफ करने का अपना वादा पूरा नहीं किया है.

  16. रोज़गार मेला: पीएम मोदी ने युवाओं को दिए 71 हज़ार नियुक्ति पत्र

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @BJPLive/X

    इमेज कैप्शन, पीएम नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए 'रोज़गार मेला' के तहत 71 हज़ार से ज़्यादा लोगों को नियुक्ति पत्र दिए.

    सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित लोगों को नियुक्ति पत्र देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुवैत दौरे के समय उनकी भारत के युवाओं और प्रोफेशनल्स से लंबी मुलाकात हुई और वापस आने पर पहला कार्यक्रम देश के नौजवानों के साथ होना सुखद संयोग है.

    पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "देश के हज़ारों युवाओं के लिए आज जीवन की एक नई शुरुआत हो रही है. आपका वर्षों का सपना पूरा हुआ है, वर्षों की मेहनत सफल हुई है."

    उन्होंने कहा, "बीते 10 साल से सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थानों में सरकारी नौकरी देने का अभियान चलाया जा रहा है."

    रोज़गार मेले का आयोजन देश के 45 स्थानों पर किया गया. ये भर्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के लिए की गई हैं.

    देश भर से चुने गए नए कर्मचारी गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में काम करेंगे.

  17. पीलीभीत में पंजाब और यूपी पुलिस के साझा ऑपरेशन में तीन संदिग्ध चरमपंथियों की मौत, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    पीलीभीत में मुठभडे़ हुई
    इमेज कैप्शन, पुलिस ने बताया कि संदिग्धों को इसी अस्पताल में लाया गया था, बाद में वहां उनकी मौत हो गई

    पंजाब और उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि पीलीभीत में हुई एक मुठभेड़ में तीन संदिग्ध ख़ालिस्तानी चरमपंथी मारे गए हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस ने पीलीभीत में एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया था.

    पुलिस ने बताया कि मरने वालों पर पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला करने का आरोप था.

    पीलीभीत के एसपी अविनाश पांडेय ने एएनआई से बातचीत में कहा कि पंजाब पुलिस गुरदासपुर में हुए हमले के सिलसिले में पीलीभीत पहुँची थी.

    पांडेय ने कहा कि तीन संदिग्धों के पीलीभीत शहर की ओर जाने की ख़बर के बाद पुलिस ने उनका पीछा किया.

    एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि तीनों संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में ये लोग घायल हुए. इलाज के दौरान इनकी मौत हो गई.

    अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों के पास से 2 एके 47 और 2 ग्लॉक पिस्टल मिले हैं. मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

    पंजाब के डीजीपी ने क्या बताया

    पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की तरफ से एक्स पोस्ट में कहा गया, "पाकिस्तान प्रायोजित ख़ालिस्तान ज़िंदाबाद फोर्स (केज़ेडएफ) आतंकी मॉड्यूल के ख़िलाफ़ यूपी पुलिस और पंजाब पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में मॉड्यूल के तीन सदस्यों के साथ मुठभेड़ हुई."

    पोस्ट में लिखा है, "ये आंतकी मॉड्यूल पंजाब के सीमाई इलाकों में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले में शामिल था. पीलीभीत और पंजाब पुलिस के साथ मॉड्यूल के तीन सदस्यों की पीलीभीत के पूरनपुर पुलिस थाना क्षेत्र में मुठभेड़ हुई. ये लोग गुरदासपुर पुलिस चौकी पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल थे."

    उन्होंने पोस्ट में लिखा, "तीनों घायलों को इलाज के लिए तुरंत सीएचसी पूरनपुर ले जाया गया. पूरे आंतकी मॉड्यूल की जानकारी जुटाई जा रही है. दो एके 47 राइफ़लें और दो ग्लॉक पिस्टल बरामद की गई हैं."

    पुलिस के मुताबिक इनके नाम गुरुविंदर सिंह,जसनप्रीत सिंह और वीरेंद्र सिंह हैं.

    पंजाब पुलिस के मुताबिक 19 दिसंबर को गुरदासपुर के कलानौर की एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला हुआ था. इस हमले की ज़िम्मेदारी ख़ालिस्तान ज़िंदाबाद फोर्स ने ली थी.

  18. ब्राज़ील में विमान क्रैश होने से दस लोगों की मौत, 17 घायल

    ब्राज़ील में विमान क्रैश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्राज़ील में विमान क्रैश होने से इमारतों को भी नुकसान पहुंचा

    ब्राज़ील के ग्रैमाडो शहर में एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 लोगों की मौत हो गई है. सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे.

    ये एक निजी विमान था, जिसे रविवार सुबह ब्राज़ील के बिज़नेसमैन लुइज़ क्लाउडियो गैलियाज़ी उड़ा रहे थे.

    उनके अलावा उनकी पत्नी, तीन बेटियां और परिवार के कुछ अन्य सदस्य हादसे में मारे गए हैं. उनकी कंपनी की तरफ से बयान जारी कर ये जानकारी दी गई.

    ये छोटा विमान कथित तौर पर पहले एक इमारत में लगी चिमनी और फिर एक घर और दुकान से टकराते हुए क्रैश हो गया. हादसे में इलाके की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है.

    स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में 17 लोग घायल हो गए हैं. इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है.

    ब्राज़ील की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 61 साल के बिज़नेसमैन गैलियाज़ी अपने परिवार को ट्रिप पर लेकर जा रहे थे. विमान क्रैश होने की वजह खराब मौसम को बताया जा रहा है.

  19. पनामा नहर को लेकर ट्रंप की धमकी पर आया पनामा के राष्ट्रपति का जवाब

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने पनामा को धमकी दी

    अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पनामा से कहा है कि या तो पनामा नहर से गुज़रने वाले अमेरिकी जहाज़ों के लिए शुल्क कम करे या फिर उसका नियंत्रण अमेरिका को सौंप दे.

    उन्होंने आरोप लगाया कि पनामा अमेरिकी जहाज़ों से ज़्यादा शुल्क ले रहा है.

    ट्रंप के इस बयान के बाद पनामा के राष्ट्रपति ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि नहर के आसपास का इलाका और "हर स्क्वायर मीटर" उनका है.

    राष्ट्रपति होज़े राउल मुलिनो ने कहा कि पनामा की संप्रभुता और स्वतंत्रता से समझौता नहीं किया जा सकता.

    दरअसल ट्रंप ने रविवार को एरिज़ोना में अपने समर्थकों से कहा था, "पनामा की तरफ से ली जा रही फीस अनुचित है. अब ये बंद हो जाएगा."

    डोनाल्ड ट्रंप का अगले महीने से कार्यकाल शुरू हो रहा है. इसी संदर्भ में उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद वो इस मामले में क्या करेंगे.

    पनामा नहर

    ट्रंप ने कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट ग्रुप 'टर्निंग पॉइंट यूएसए' के समर्थकों के सामने पनामा को लेकर ये बयान दिया. इस ग्रुप ने 2024 के चुनाव अभियान में ट्रंप को समर्थन दिया था.

    पनामा नहर को साल 1900 की शुरुआत में बनाया गया था और अमेरिका ने 1977 तक नहर पर अपना नियंत्रण बनाए रखा.

    संधियों के बाद धीरे-धीरे ये क्षेत्र पनामा के नियंत्रण में जाता रहा. संयुक्त नियंत्रण के कुछ वक्त बाद साल 1999 में इस पर पनामा का ही नियंत्रण हो गया.

    यहां से हर साल 14 हज़ार मालवाहक जहाज़ गुज़रते हैं.

  20. अमेरिका के न्यूयॉर्क में आग लगाए जाने से एक महिला की मौत, संदिग्ध गिरफ़्तार

    न्यूयॉर्क में महिला की हत्या

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क में महिला की मौत के मामले में संदिग्ध गिरफ़्तार

    अमेरिका के न्यूयॉर्क के ब्रूकलिन में एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ़्तार किया है. घटना सबवे ट्रेन में हुई.

    पुलिस कमिश्नर जेसिका टिस्क ने बताया कि महिला जब ट्रेन में सो रही थी, तब संदिग्ध ने उसके कपड़ों में लाइटर से आग लगा दी. महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

    पुलिस कमिश्नर ने बताया कि संदिग्ध दूसरी सबवे ट्रेन में पकड़ा गया.

    पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजकर 30 मिनट पर संदिग्ध शख़्स महिला के पास आया था. इस हमले से पहले वो महिला से कभी नहीं मिला.

    जब पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मी आग बुझाने के लिए भागे, तो संदिग्ध ट्रेन से कूद गया.

    पुलिस कमिश्नर ने कहा, "उन्होंने ट्रेन के भीतर एक इंसान को पूरी तरह आग की लपटों में घिरा हुआ देखा था."

    उन्होंने बताया कि पुलिस पीड़िता की पहचान और इस मामले के पीछे के मकसद के बारे में पता करने की कोशिश कर रही है.