मिज़ोरम: रेमल तूफ़ान की वजह से हुए भूस्खलन में 27 लोगों की मौत

मिज़ोरम सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने इस बात की जानकारी दी है.

सारांश

  • भारतीय निर्वाचन आयोग के मुताबिक़ लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 63.37 फ़ीसदी मतदान हुआ.
  • स्पेन, नॉर्वे और आयरलैंड ने फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता दे दी है.
  • इसराइली टैंकों ने रफ़ाह के अल-अवदा को कब्ज़े में ले लिया है.
  • मिज़ोरम की राजधानी आइज़ोल में रेमल तूफ़ान की वजह से हुए भूस्खलन में 27 लोगों की मौत हो गई है.
  • डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम को हत्या के एक मामले में पंजाब और हरियाणा की हाई कोर्ट ने बरी कर दिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका

  1. मिज़ोरम: रेमल तूफ़ान की वजह से हुए भूस्खलन में 27 लोगों की मौत

    रेमल तूफ़ान से आईज़ोल में भूस्खलन हुआ है.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रेमल तूफ़ान से आईज़ोल में भूस्खलन हुआ है.

    मिज़ोरम की राजधानी आइज़ोल में रेमल तूफ़ान की वजह से हुए भूस्खलन में 27 लोगों की मौत हो गई है.

    मिज़ोरम सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने इस बात की जानकारी दी है.

    मिज़ोरम सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ''रेमल तूफ़ान से आइज़ोल में हुए भूस्खलन से 27 लोगों की मौत हुई है.''

    ''इंफ्रास्ट्रक्चर को पहुंचे नुकसान की वजह से पानी और बिजली की सप्लाई भी प्रभावित रहेगी.''

    बयान में कहा गया, ''मिज़ोरम के सीएम ने राज्य आपदा कोष के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है. भूस्खलन में जान गंवाने वालों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये मुआवज़े के तौर पर दिए जाएंगे..''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    मिज़ोरम में चक्रवाती तूफ़ान रेमल की वजह से भारी बारिश हो रही है.

    मिज़ोरम के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस ने (डीजीपी) अनिल शुक्ला ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि कई जगह बिजली के खंभे और पेड़ भी उखड़ गए हैं.

  2. पीएम मोदी ने संदेशखाली का ज़िक्र करते हुए टीएमसी पर ये आरोप लगाया

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नरेंद्र मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संदेशखाली की घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाने पर लिया है.

    पीएम नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के बारासात में एक रैली करने पहुंचे थे.

    पीएम मोदी ने कहा, ''यहां संदेशखाली जैसी वारदात आम हैं. जहां पहले बहनों-बेटियों के साथ अत्याचार किया जाता है. फिर शाहजहां शेख़ जैसे पापियों को बचाने के लिए गंदे खेल खेले जाते हैं.''

    ''जो टीएमसी सरकार कानून व्यवस्था जैसा काम नहीं संभाल सकती, उसे सज़ा देना ज़रूरी है. टीएमसी की सारी राजनीति वोटबैंक के लिए है.''

    पीएम मोदी ने आरोप लगाया, ''टीएमसी ने पहले असंवैधानिक तरीके से 77 मुस्लिम जातियों को ओबीसी घोषित कर दिया था. लेकिन अब जब हाई कोर्ट आ गया तो इनके किए कराए पर पानी फिर गया. हाई कोर्ट का फैसला तो इन्हें मानना पड़ेगा.''

    ''फिर भी मुसलमानों को खुश करने के लिए टीएमसी सरकार ये कह रही है कि वो हाई कोर्ट का फैसला नहीं मानेगी.''

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) के ख़िलाफ़ झूठ फैलाया है.

    पीएम मोदी ने कहा, ''तुष्टीकरण की राजनीति करने के कारण टीएमसी ने सीएए के ख़िलाफ़ भी झूठ फैलाया है. पहले सीएए को रोकने की कोशिश की. मोदी डरा नहीं. पहले कहते थे लागू नहीं करेंगे. सीएए लागू भी हो गया है.''

    ''सैंकड़ों लोगों को नागरिकता मिल गई है. किसी से कुछ भी छीना नहीं गया. टीएमएसी तो क्या दुनिया की कोई भी ताकत मोदी के संकल्प को हिला नहीं सकती.''

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    क्यों सुर्ख़ियों में है संदेशखाली

    संदेशखाली मामला इस साल की शुरुआत से ही लगातार सुर्खियों में रहा है. पहले ईडी की टीम पर हमले और उसके बाद महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न और बलात्कार और बाद में इन घटनाओं के ख़िलाफ़ महिलाओं के आंदोलन के कारण.

    कलकत्ता हाई कोर्ट की ओर से इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने और मुख्य अभियुक्त तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख़ और उसके दो साथियों की गिरफ़्तारी हुई.

  3. स्पेन के बाद नॉर्वे और आयरलैंड ने भी फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता दी

    स्पेन, नॉर्वे और आयरलैंड ने फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता दी है.

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, स्पेन, नॉर्वे और आयरलैंड ने फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता दी है.

    स्पेन के बाद नॉर्वे और आयरलैंड ने फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर मान्यता दे दी है.

    स्पेन, नॉर्वे और आयरलैंड उन 140 से अधिक देशों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता दे रखी है.

    आयरलैंड ने बयान जारी कर कहा, ''सरकार फ़लस्तीन को संप्रभु और स्वतंत्र राज्य के रूप में मान्यता देती है. हम डबलिन और रामल्लाह के बीच राजनयिक संबंध स्थापित करने पर सहमत हुए हैं.''

    ''आयरलैंड के राजदूत को फ़लस्तीन में नियुक्त किया जाएगा और रामल्लाह में आयरलैंड का दूतावास बनाया जाएगा.''

    नॉर्वे ने फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता देते हुए इसे 'विशेष दिन' करार दिया. नॉर्वे ने कहा वो बीते 30 साल से फ़लस्तीन राज्य की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.

    नॉर्वे की सरकार ने बयान जारी कर कहा, ''फ़लस्तीन को राष्ट्र का दर्जा नॉर्वे-फ़लस्तीन के संबंधों के लिए खास अहमियत रखता है.''

    स्पेन ने भी मंगलवार को फ़लस्तीन को आधिकारिक तौर पर राष्ट्र का दर्जा दिया.

    स्पेन के पीएम पेद्रो सांचेज ने कहा, ''इस फैसले का एकमात्र मक़सद इसराइल और फ़लस्तीन के बीच शांति की कोशिशों में योगदान देना है.''

    ''फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता देना ना सिर्फ इतिहास के साथ न्याय का विषय है, बल्कि यह समय की ज़रूरत भी है. शांति का समाधान निकालने का यह एकमात्र तरीका है.''

  4. चुनाव आयोग ने बताया- छठे चरण में कितने फ़ीसदी मतदान हुआ

    छठे चरण में 58 लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, छठे चरण में 58 लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए.

    भारतीय निर्वाचन आयोग के मुताबिक़ लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 63.37 फ़ीसदी मतदान हुआ.

    चुनाव आयोग ने मंगलवार शाम बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ छठे चरण में 64.94 फ़ीसदी महिलाओं, 61.95 फ़ीसदी पुरुषों और 18.67 फ़ीसदी थर्ड जेंडर ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.

    छठे चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 58 लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए हैं.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ छठे चरण में पश्चिम बंगाल की आठ सीटों पर 82.71 फ़ीसदी मतदान हुआ.

    वहीं, दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर 58.69 फ़ीसदी वोट डाले गए.

    हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर 64.80 फ़ीसदी मतदान हुआ.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इससे पहले शनिवार को भारतीय निर्वाचन आयोग ने बयान जारी कर बताया कि 507,297,288 करोड़ मतदाताओं ने पांचवें चरण तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.

    भारत में 18वीं लोकसभा चुनाव के लिए सात चरण में वोट डाले जा रहे हैं.

    पहले से छठे चरण तक देश की 543 में से 486 लोकसभा सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.

    आखिरी चरण में 57 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाने हैं. सातवें और आखिरी चरण में एक जून को मतदान होगा. लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित होंगे.

  5. चुनाव आयोग ने संदेशखाली के एसडीपीओ समेत तीन पुलिस अधिकारियों को चुनावी ड्यूटी से हटाया, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुंदरबन के एसपी कोटेश्वर राव

    इमेज स्रोत, WBPOLICE

    इमेज कैप्शन, सुंदरबन के एसपी कोटेश्वर राव

    चुनाव आयोग ने महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में सुर्खियों में रहे उत्तर 24-परगना ज़िले के संदेशखाली के एसडीपीओ अमीनुल इस्लाम को चुनावी ड्यूटी से हटा दिया है.

    उनके अलावा दो अन्य पुलिस अधिकारियों, सुंदरबन पुलिस ज़िले के एसपी और रहड़ा थाने के इंस्पेक्टर इंचार्ज को भी बदल दिया गया है.

    आयोग की ओर से मंगलवार को जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई. इन इलाकों में सातवें चरण में एक जून को मतदान होना है.

    आयोग ने कहा है कि अमीनुल को मिनखां के एसडीपीओ के पद से हटा दिया गया है. मिनखां महकमे के तहत ही संदेशखाली आता है. संदेशखाली मुद्दे के चर्चा में आने के बाद विपक्षी दलों ने अमीनुल के खिलाफ काफी शिकायतें की थी.

    आयोग ने सुंदरबन के एसपी कोटेश्वर राव को भी उनके पद से हटा दिया है. आयोग के मुताबिक उनको चुनाव से संबंधित किसी भी काम में नहीं लगाया जाएगा.

    कोटेश्वर राव के दक्षिण 24-परगना जिले के जयनगर और मथुरापुर संसदीय क्षेत्र में सुरक्षा के लिए जिम्मेदार थे.

    रहड़ा थाने के जिस इंस्पेक्टर इंचार्ज देवाशीष को हटाया गया है वह दमदम लोकसभा क्षेत्र में हैं.

    राज्य सरकार को इन तीनों अधिकारियों के स्थान पर तैनाती के लिए दूसरे अधिकारियों के नाम भेजने को कहा गया है.

  6. इसराइली टैंकों ने रफ़ाह के अल-अवदा को कब्ज़े में लिया

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    इसराइली टैंकों ने रफ़ाह के अल-अवदा को कब्ज़े में ले लिया है. रफ़ाह के स्थानीय पत्रकारों ने इसकी पुष्टि की है.

    अल-अवदा को रफ़ाह शहर का दिल कहा जाता है और यह बैंकों, सरकारी संस्थानों और व्यापार के नज़रिए से बेहद ही महत्वपूर्ण है.

    फ़लस्तीन-मिस्र सीमा के दक्षिण हिस्से में करीब आधा किलोमीटर के क्षेत्र को इरसाइली सेना ने कब्ज़े में लिया है.

    शहर के पश्चिमी हिस्से में मौजूद अमीराती अस्पताल में परिवार के साथ शरण लेने वाले एक विस्थापित ने बताया है कि सैनिकों ने एक इमारत के टॉप पर कब्जा कर लिया है और किसी भी तरह की आवाजाही के दौरान गोलियां चलाई जा रही हैं.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि ग़ज़ा में इसराइल के हमलों से पिछले 24 घंटों में 46 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है और 110 लोग घायल हुए हैं.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ सात अक्टूबर के बाद से इसराइल के हमलों से अब तक 36,096 फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है.

    इसराइली सेना ने रफ़ाह शहर के अलावा उत्तरी और मध्य ग़ज़ा में भी सैन्य अभियान चलाने की पुष्टि की है.

  7. ग़ज़ा-मिस्र सीमा पर सैन्य अभियान को लेकर इसराइल डिफेंस फोर्स ने क्या कहा

    इसराइली सेना ग़ज़ा-मिस्र सीमा पर सैन्य अभियान चलाने की पुष्टि की है.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ग़ज़ा-मिस्र सीमा पर सैन्य अभियान चलाने की पुष्टि की है.

    इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने ग़ज़ा-मिस्र सीमा पर सैन्य अभियान चलाने की पुष्टि की है.

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने सोमवार रात को ग़ज़ा को मिस्र से अलग करने वाले फिलाडेल्फी कॉरिडोर पर सैनिक तैनात किए हैं.

    इससे पहले बीबीसी ने रिपोर्ट किया कि फिलाडेल्फी कॉरिडोर के 9 किलोमीटर के रास्ते को कंट्रोल में ले लिया है.

    रफ़ाह में चलाए जा रहे अभियान पर आईडीएफ ने बयान जारी करते हुए कहा, ''हमारा मक़सद आतंकवादियों से लड़ना और इस इलाक़े में सुरंग, हथियार और आतंकवादी गतिवधियों के लिए मौजूद बुनियादी ढांचे का पता लगना है.''

    इसराइली सेना ने यह भी कहा है कि उसने सेंट्रल ग़ज़ा में सैन्य अभियान तेज कर दिया है और उत्तरी ग़ज़ा में भी अभियान चलाया जा रहा है.

    रफ़ाह में रविवार को इसराइल के हमले से 45 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है.

    रफ़ाह में इसराइल के हमलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो रही है.

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनी गुटेरेस ने भी कहा, ''हमले से उन मासूमों की जान गई है जो सिर्फ बचने के लिए ठिकाना तलाश रहे थे.''

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी रविवार को रफ़ाह में किए हमले को दुखद दुर्घटना बताया है.

  8. रफ़ाह में इसराइली हमले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुलाई आपात बैठक

    इसराइली हमले के बाद का मंज़र

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली हमले के बाद का मंज़र

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने रफ़ाह में हुए इसराइली हवाई हमले पर चर्चा के लिए मंगलवार को आपातकालीन बैठक बुलाई है.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस हमले को 'दुखद हादसा' बताया है लेकिन इस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से विरोध बढ़ता जा रहा है.

    अल्ज़ीरिया ने सुरक्षा परिषद की ये बैठक बुलाई है. इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनी गुटेरेस ने भी रफ़ाह पर हुए हमले की निंदा की थी.

    उन्होंने कहा कि यहां परिस्थितियां भयावह है और इसे रोकना होगा. उन्होंने कहा कि ग़ज़ा में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, रविवार को इसराइल ने रफ़ाह में शरणार्थी कैंप पर हमला किया, जिसमें कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई थी.

  9. असम में चक्रवाती तूफान रेमल से एक छात्र की मौत, 12 अन्य घायल, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 12 छात्र घायल हुए हैं.

    इमेज स्रोत, Pinaki

    इमेज कैप्शन, एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 12 छात्र घायल हुए हैं.

    चक्रवाती तूफान रेमल के कारण मंगलवार को तेज हवाओं के साथ लगातार जारी बारिश से असम में कई जगहों पर नुकसान पहुंचा है. रेमल तूफान से एक छात्र की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए हैं.

    राज्य सरकार के एक आदेश के बाद कई जिलों में सरकारी दफ्तर और स्कूल 29 मई को बंद रखने की घोषणा की गई है.

    मोरीगांव जिले में तूफान के कारण एक विशाल पेड़ उखड़ कर टेम्पो पर गिरने से एक 17 वर्षीय छात्र की जान चली गई. यह घटना तब हुई जब वह छात्र आज सुबह स्कूल जा रहा था. मृतक छात्र की पहचान कौशिक बोरदोलोई एम्फी के रूप में की गई है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इससे पहले ढेकियाजुली में एक स्कूल बस पर यूकेलिप्टस का एक बड़ा पेड़ गिरने से 12 छात्र घायल हो गए.

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य की स्थिति पर जानकारी देते हुए एक्स हैंडल पर लिखा, ''चक्रवात रेमल ने असम को प्रभावित किया है, जिससे कई क्षेत्रों में तूफान आया है. दुखद बात यह है कि मारीगांव में एक छात्र कौशिक बोरदोलोई एम्फी (17) की मौत हो गई है और ढेकियाजुली में पेड़ गिरने से 12 छात्र घायल हुए है.''

    ''गुवाहाटी में कॉटन यूनिवर्सिटी और ज्योति चित्रबन जैसी जगहों पर पेड़ उखड़ गए, जिससे लोगों या इमारतों को कोई नुकसान नहीं हुआ. गुवाहाटी समेत निचले असम में बिजली आपूर्ति बाधित है.हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं और सभी से स्थिति स्थिर होने तक घर के अंदर रहने का अनुरोध करते हैं."

  10. स्पेन ने फ़लस्तीन को आधिकारिक तौर पर राष्ट्र का दर्जा दिया

    स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज

    स्पेन ने फ़लस्तीन को आधिकारिक तौर पर राष्ट्र का दर्जा दे दिया है. स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने इसकी घोषणा की.

    इस फैसले के साथ स्पेन उन 140 देशों में शामिल हो गया है जिन्होंने फ़लस्तीन को पहले ही राष्ट्र का दर्जा दे रखा है.

    स्पेन के पीएम पेद्रो सांचेज ने कहा, ''इस फैसले का एकमात्र मक़सद इसराइल और फ़लस्तीन के बीच शांति की कोशिशों में योगदान देना है.''

    ''फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता देना ना सिर्फ इतिहास के साथ न्याय का विषय है, बल्कि यह समय की ज़रूरत भी है. शांति का समाधान निकालने का यह एकमात्र तरीका है.''

    पेद्रो सांचेज ने कहा, ''स्पेन ने वही फैसला किया है जो कि एक महान राष्ट्र के तौर पर स्पेन को करना चाहिए.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    22 मई को स्पेन के अलावा नॉर्वे और आयरलैंड ने फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता देने का एलान किया था.

    माना जा रहा है कि इस एलान से यूरोप के दूसरे देशों पर भी दबाव बढ़ेगा कि फ़लस्तीनियों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करें.

    इन देशों में ब्रिटेन, फ़्रांस, जर्मनी भी शामिल हैं.

  11. रफ़ाह में इसराइल के सैन्य अभियान को चीन ने 'गंभीर चिंता का विषय' बताया

    रफ़ाह में रविवार को इसराइल के हमले से 45 फ़लस्तीनियों की मौत हुई.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रफ़ाह में रविवार को इसराइल के हमले से 45 फ़लस्तीनियों की मौत हुई.

    ग़ज़ा के रफ़ाह में इसराइल के सैन्य अभियान को चीन ने 'गंभीर चिंता का विषय' बताया है.

    चीन ने इसराइल से रफ़ाह में हमले रोकने की अपील की है.

    रविवार को इसराइल ने रफ़ाह में विस्थापित फ़लस्तीनियों के कैंप पर हवाई हमला किया. इस हमले में 45 फ़लस्तीनियों की मौत हो गई.

    समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक़ चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ''रफ़ाह में इसराइल का सैन्य अभियान गंभीर चिंता का विषय है.''

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनी गुटेरेस ने भी कहा, ''हमले से उन मासूमों की जान गई है जो सिर्फ बचने के लिए ठिकाना तलाश रहे थे.''

    अमरेका ने भी रफ़ाह में किए गए हमले को दर्दनाक बताया है. लेकिन अमेरिका ने यह भी कहा है कि इसराइल के पास अपनी सुरक्षा करने का अधिकार है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी रविवार को रफ़ाह में किए हमले को दुखद दुर्घटना बताया है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ सात अक्टूबर के बाद से इसराइल के हमलों से 35 हज़ार से ज्यादा फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है.

  12. पटना लॉ कॉलेज में छात्र की हत्या मामले में एक अभियुक्त गिरफ़्तार, सीटू तिवारी, पटना से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पटना में छात्र की हत्या

    इमेज स्रोत, Neeraj

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने की बात कही है.

    पटना लॉ कॉलेज के कैंपस में 22 साल के छात्र हर्ष राज की पीट-पीट कर हत्या किए जाने के मामले में एक अभियुक्त की गिरफ़्तारी हुई है.

    गिरफ़्तार चंदन कुमार खुद भी छात्र हैं और वो जैक्सन हॉस्टल में रहते हैं. चंदन कुमार पटना से सटे बिहटा के अम्हारा गांव के रहने वाले हैं.

    सिटी एसपी भारत सोनी के कार्यालय की तरफ़ से बयान के मुताबिक, “घटना की वजह पुराना विवाद है. अभियुक्तों ने इस घटना को साज़िश करके अंजाम दिया है. शेष अभियुक्तों की गिरफ़्तारी के लिए तकनीकी और अन्य स्रोतों से सूचना इकठ्ठी करके लगातार छापेमारी की जा रही है और सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है.”

    सिटी एसपी भारत सोनी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया, "चंदन कुमार बीए के छात्र हैं. उन्हे बिहटा से गिरफ़्तार किया गया है. अभी तक जो सूचनाएं हैं, उसके मुताबिक़ बीते अक्तूबर में आयोजित डांडिया नाइट में चंदन कुमार सहित कुछ छात्रों का विवाद हर्ष राज और उनके दोस्तों से हो गया था. इसके बाद से लगातार दोनो पक्षों में छिटपुट विवाद होता रहता था. इसी से गुस्साए चंदन कुमार सहित दस लड़को ने हर्ष राज पर हमला किया."

    सोमवार यानी 27 मई को पटना लॉ कॉलेज कैंपस में 22 साल के छात्र हर्ष राज की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी. हर्ष राज अपने फ़ाइनल ईयर की परीक्षा देकर परीक्षा भवन से निकल रहे थे, जहां नकाबपोश युवकों ने उन्हें बाँस और ईंट से पीटकर अधमरा कर दिया था.

    पटना पुलिस ने इस मामले में विशेष जाँच दल (एसआईटी) का गठन किया था. इस मामले में पटना यूनिवर्सिटी के छात्रों ने आज पीएमसीएच से करगिल चौक तक प्रदर्शन भी किया.

    हत्या के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Neeraj

    इमेज कैप्शन, हत्या के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

    गुस्साए छात्र हर्ष राज के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं.

    प्रदर्शनकारी छात्रों पर काबू पाने के लिए पुलिस को कारगिल चौक के पास हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा है.

  13. मिज़ोरम में भूस्खलन के कारण 10 लोगों की मौत, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

    मिज़ोरम में भूस्खलन

    इमेज स्रोत, ANI

    मिज़ोरम की राजधानी आइज़ोल में भूस्खलन के कारण पत्थर की खदान में हुए हादसे में 10 लोगों की जान चली गई.

    हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

    अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस ने मुख्यमंत्री लालदुहोमा के हवाले से लिखा है कि मरने वालों का आंकड़ा सुबह 11 बजे तक 15 पहुंच गया था.

    मिज़ोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने चक्रवाती तूफ़ान रेमल की वजह से प्रभावित हुए पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए कुल 15 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है.

    मुख्यमंत्री के अनुसार भूस्खलन में जान गँवाने वालों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये मुआवज़े के तौर पर दिए जाएंगे.

    मिज़ोरम में चक्रवाती तूफ़ान रेमल की वजह से भारी बारिश हो रही है.

    मिज़ोरम के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस ने (डीजीपी) अनिल शुक्ला ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि कई जगह बिजली के खंभे और पेड़ भी उखड़ गए हैं.

  14. राहुल गांधी ने सागर में एक साल के अंदर दलित परिवार में तीन मौतों को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी

    मध्य प्रदेश के सागर ज़िले में बीते साल एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई और अब इस युवक की बहन की भी मौत हो जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार और नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अंजना अहीरवार की बीते रविवार अपने चाचा के शव को ले जा रहे एंबुलेंस से गिरने की वजह से हुई.

    राहुल गांधी ने इसी वीडियो के साथ एक्स पर लिखा, "नरेंद्र मोदी ने क़ानून का राज ख़त्म कर दिया है. मध्य प्रदेश में इस दलित परिवार के साथ भाजपा नेताओं ने जो किया है, वो सोच कर ही मन पीड़ा और क्रोध से भर गया. यह शर्म की बात है कि भाजपा के राज में सरकार पीड़ित महिलाओं की जगह हमेशा उनके गुनहगारों के साथ खड़ी मिलती है."

    पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अंजना ने अपने भाई की हत्या के बाद एफ़आईआर दर्ज करवाई थी और दावा किया था कि कुछ लोग उनसे छेड़खानी के मामले में अपना बयान बदलने के लिए दबाव बना रहे हैं.

    अंजना के भाई नितिन अहिरवार की मौत के तार साल 2019 में हुई एक छेड़खानी की घटना से जुड़े थे.

    परिवार का आरोप था कि 2019 की घटना नितिन की बहन के साथ हुई थी और परिवार पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था. इससे मना करने पर अभियुक्तों ने नितिन को पीटा और उनकी मौत हो गई थी.

    पीटीआई के अनुसार अंजना के चाचा राजेंद्र अहीरवार की भी इसी 25 मई को पुरानी रंजिश की वजह से कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी.

    कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर दावा किया है कि दलित लड़की के भाई की हत्या के बाद से बीजेपी नेता परिवार पर समझौते के लिए दबाव डाल रहे थे. इसे लेकर तीन दिन पहले समझौते के लिए लड़की के चाचा को बुलाया गया और वहां उनकी हत्या कर दी गई. कांग्रेस पार्टी ने अंजना अहीरवार की मौत को भी संदिग्ध बताया है.

  15. डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम हत्या के एक केस में बरी

    राम रहीम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राम रहीम

    डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम को हत्या के मामले में पंजाब और हरियाणा की हाई कोर्ट ने बरी कर दिया है.

    हाई कोर्ट ने इस हत्या के मामले में राम रहीम सहित चार अन्य अभियुक्तों को भी बरी कर दिया है.

    राम रहीम फिलहाल अपनी दो शिष्याओं के साथ बलात्कार से जुड़े मामले में 20 साल की जेल की सज़ा काट रहे हैं. राम रहीम को एक पत्रकार राम चंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी सज़ा मिली है.

    हरियाणा के पंचकुला में सीबीआई की एक अदालत ने इस मामले में साल 2021 में राम रहीम और चार अन्य को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई थी.

    रंजीत सिंह डेरा के पूर्व मैनेजर थे और साल 2002 में उनकी हत्या की गई थी.

  16. पीएम मोदी के पिछले साल मैसूर दौरे का होटल बिल केंद्र सरकार ने चुकाया, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी

    नेशनल टाइगर कन्ज़रवेशन एजेंसी (एनटीसीए) ने आख़िरकार 13 महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैसूर दौरे का होटल बिल भर दिया है.

    होटल रेडिसन ब्लू प्लाज़ा ने कहा था कि अगर एक जून तक ये बिल नहीं भरा गया तो वह क़ानूनी कार्रवाई करेगा.

    ये मामला पिछले साल अप्रैल में प्रोजेक्ट टाइगर के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पीएम मोदी के मैसूर दौरे के दौरान बने होटल बिल के अब तक भुगतान न होने से जुड़ा है.

    ये कार्यक्रम एनटीसीए और केंद्रीय पर्यावरण और वन मंत्रालय ने आयोजित किया था, जिसका बजट तीन करोड़ रुपये था.

    राज्य सरकार को आश्वस्त किया गया था कि इस कार्यक्रम में उसे केंद्र से वित्तीय सहायता मिलेगी. हालांकि, कुल खर्च 6.33 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. एनटीसीए ने तीन करोड़ रुपये का बिल तो भर दिया लेकिन बाक़ी बिल का भुगतान नहीं किया गया.

    इस कार्यक्रम के बाद राज्य सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्रालय को होटल बिल के बकाया रहने की जानकारी दी गई. एनटीसीए ने होटल को सीधे एक करोड़ रुपये का भुगतान भी किया लेकिन इस बारे में राज्य के वन विभाग को सूचित नहीं किया.

    कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खंडरे ने बीबीसी हिंदी से कहा, "आमतौर पर राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़े भुगतान राज्य सरकार करती है. इसलिए हमने 80 लाख रुपये का बिल भरने का फ़ैसला किया. कल मीडिया में मेरे बयान देने के तुरंत बाद, एनटीसीए ने होटल का बिल भरने के लिए राज्य सरकार को 2.33 करोड़ रुपये दे दिए."

    कर्नाटक के मुख्य वन संरक्षक सुभाष मलखेड़े ने बीबीसी हिंदी से कहा, "हम आज या कल में होटल का बकाया चुका देंगे."

    शुरुआत में कर्नाटक सरकार ने ये कहते हुए बकाया राशि चुकाने से इनकार कर दिया था कि ये राज्य सरकार का कार्यक्रम नहीं था. अप्रैल 2023 में कर्नाटक में आदर्श आचार संहिता लागू थी क्योंकि वहां विधानसभा चुनाव हो रहे थे.

  17. पीएम मोदी ने चुनाव प्रचार में निजी हमले बढ़ने के सवाल पर क्या कहा?

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा है कि पिछले 24 साल के राजनीतिक करियर में वह 'गाली प्रूफ़' हो चुके हैं.

    उनसे सवाल किया गया था कि इस चुनाव में नेताओं की ओर से निजी हमले बहुत किए जा रहे हैं. कुछ बातें प्रधानमंत्री को कही गईं और कुछ बातें प्रधानमंत्री की ओर से कही गईं.

    इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा, "मैं तो पिछले 24 साल से गालियां खा-खाकर गाली प्रूफ़ हो गया हूं. मौत का सौदागर किसने कहा था? एक दिन मेरे एक साथी ने संसग में हिसाब लगाया था, 101 गालियां गिनाई थीं.चुनाव या चुनाव न हो, ये लोग मानते हैं कि गालियां देने का हक़ उनका ही है. वे इतने हताश और निराश हो चुके हैं कि गालियां देना उनके ज़हन में हैं, उनका स्वभाव हो गया है ये शायद."

    मौजूदा लोकसभा चुनाव के छह चरणों का मतदान पूरा हो चुका है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कई बयानों पर सियासत गरमाती हुई दिखी.

    हाल ही में पीएम मोदी ने बिहार में एक रैली के दौरान कहा था कि इंडिया गठबंधन संविधान बदलकर धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं.

    उन्होंने कहा, "मोदी के लिए संविधान सर्वोच्च है, मोदी के लिए बाबासाहेब आंबेडकर की भावनाएं सर्वोच्च हैं. इंडी गठबंधन को अपने वोट बैंक की गुलामी करनी है तो करें, उनको वहां जाकर मुजरा करना है तो वो भी करे. मैं एससी, एसटी के साथ खड़ा रहूंगा , और ओबीसी आरक्षण दृढ़ता से, जब तक जान है लड़ता रहूंगा."

    पीएम की इस टिप्पणी पर विपक्षी पार्टियां हमलावर हो गई थीं.

    इससे पहले पीएम मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में एक रैली के दौरान कहा था कि कांग्रेस पार्टी अपने घोषणापत्र में मंगलसूत्र छीनने की बात कर रही है.

    कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी के इस बयान की चुनाव आयोग में शिकायत भी की थी.

  18. राहुल गांधी और अखिलेश यादव आज बनारस में

    राहुल गांधी-अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    लोकसभा चुनाव के आख़िरी चरण के मतदान से पहले आज यानी मंगलवार को वाराणसी में इंडिया गठबंधन की बड़ी रैली होने जा रही है.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव साथ में इस रैली को संबोधित करने पहुंचेंगे. इससे पहले दोनों नेता यूपी के रुद्रपुर में भी जनसभा को संबोधित करेंगे.

    इस चुनाव में राहुल गांधी और अखिलेश यादव कई बार साथ में रैली करते दिखे हैं. हाल ही में फूलपुर में दोनों नेताओं की जनसभा में काफ़ी भीड़ जुटी थी और इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति हो गई थी. इस वजह से दोनों नेताओं को बिना भाषण दिए लौटना पड़ा था.

    वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है. यहां से कांग्रेस नेता अजय राय इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी हैं.

    प्रधानमंत्री इस सीट से तीसरी बार उम्मीदवार हैं. वाराणसी में लोकसभा चुनाव के सातवें चरण यानी एक जून को मतदान होगा.

  19. रफ़ाह में इसराइली हमले के बाद ब्रसेल्स में सऊदी अरब और नॉर्वे के विदेश मंत्री मिले

    सऊदी अरब और नॉर्वे के विदेश मंत्री बैठक के दौरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सऊदी अरब और नॉर्वे के विदेश मंत्री बैठक के दौरान

    रफ़ाह में इसराइली हमले के बाद सऊदी अरब और नॉर्वे के विदेश मंत्रियों ने बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में बैठक की.

    इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने चर्चा की कि कैसे ग़ज़ा में युद्ध को तुरंत रोकने की ज़रूरत है और दो राष्ट्र समाधान तक पहुंचने के लिए बाक़ी देशों की ओर से क्या व्यावहारिक क़दम उठाए जा सकते हैं.

    बैठक में सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फ़ैसल बिन फ़रहान अल-सऊद और नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ ईड के साथ ही अल्ज़ीरिया, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, बुल्गारिया, क्रोएशिया, चेक गणराज्य, डेनमार्क, मिस्र, फ़िनलैंड, फ़्रांस, जर्मनी, ग्रीस, इंडोनेशिया, आयरलैंड, इटली, लातिविया, लिथुआनिया, माल्टा, नीदरलैंड्स, क़तर, ओआईसी, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों ने भी हिस्सा लिया.

    बैठक में रफ़ाह में हमले रोकने सहित तत्काल संघर्षविराम लागू करने और बंधकों की रिहाई के साथ ही ग़ज़ा में जंग ख़त्म करने पर ज़ोर दिया गया.

    दोनों देशों ने ग़ज़ा में उपजे मानवीय संकट पर भी चिंता ज़ाहिर की और वेस्ट बैंक में अवैध कार्रवाई को बंद करने पर भी बात की.

    रफ़ाह में शरणार्थी कैंप पर इसराइली हमले के बाद का मंज़र

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रफ़ाह में शरणार्थी कैंप पर इसराइली हमले के बाद का मंज़र

    रविवार देर शाम इसराइली सेना ने ग़ज़ा पट्टी के दक्षिणी शहर रफ़ाह में विस्थापित फ़लस्तीनियों के कैंप पर हवाई हमला किया था. हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इस हमले में 45 फ़लस्तीनी मारे गए.

    इस हमले के बाद ही सऊदी अरब और नॉर्वे के विदेश मंत्रियों की ये मुलाक़ात हुई है. नॉर्वे आज से ही फ़लस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता देने जा रहा है.

    बैठक में द्वि-राष्ट्र समाधान को अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के तहत लागू करने को मज़बूत समर्थन देने की भी बात कही. साथ ही ये कहा गया कि इस समाधान की शर्तों पर हर पक्ष सहमत होना चाहिए. इस दौरान नॉर्वे, स्पेन और आयरलैंड की ओर से फ़लस्तीन को देश मानने के फ़ैसले का स्वागत भी किया गया.

    दो-राष्ट्र सिद्धांत के तहत वेस्ट बैंक, गज़ा पट्टी और पूर्वी यरुशलम में वर्ष 1967 की संघर्षविराम रेखा से पहले के क्षेत्र में एक स्वतंत्र फ़लस्तीनी राष्ट्र का निर्माण होना है जिसे इसराइल के साथ शांति से रहना होगा.

  20. दिल्ली अस्पताल हादसाः मृतक बच्चों के पिता मांग रहे हैं इंसाफ़, आख़िर कौन है ज़िम्मेदार?