You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वीमेन टी-20 वर्ल्ड कप: न्यूज़ीलैंड ने भारत को 58 रनों से हराया

वीमेन टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को शुक्रवार को 58 रनों से हरा दिया है.

सारांश

  • महिला टी-20 वर्ल्ड कप: भारत का पहला मुक़ाबला, न्यूज़ीलैंड ने भारत को दिया 161 रनों का लक्ष्य
  • विदेश मंत्री एस जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाएंगे
  • दक्षिणी लेबनान के 30 से अधिक गांवों के लोगों को इसराइली सेना ने तत्काल घरों को खाली करने के लिए कहा है
  • इसराइली हवाई हमले से वेस्ट बैंक में 18 लोगों की हुई मौत
  • दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम आवास को ख़ाली कर दिया है
  • तिरुपति लड्डू विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने आंध्र प्रदेश सरकार की एसआईटी को किया भंग
  • श्रीलंका में नई सरकार बनने के बाद पहली बार कोलंबो पहुंचे विदेश मंत्री एस जयशंकर

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. वीमेन टी-20 वर्ल्ड कप: न्यूज़ीलैंड ने भारत को 58 रनों से हराया

    वीमेन टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को शुक्रवार को 58 रनों से हरा दिया है.

    दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 161 रनों का टारगेट दिया था. इसके जवाब में भारत 102 रन पर सिमट गया.

    भारत की तरफ़ से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज़्यादा 15 रन बनाए. कोई भी खिलाड़ी अकेले 20 रन भी नहीं बना सका.

    न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से रोज़मेरी मेयर ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट चटकाए.

    वहीं पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन के 57 रनों की मदद से टीम ने 4 विकेट गंवाकर 160 रन बनाए थे.

    भारत की तरफ़ से रेणुका सिंह ने 2 विकेट, अरुंधति रेड्डी और सोभना आशा ने एक-एक विकेट लिए.

  2. इसराइल ने अब लेबनान में दी ये नई चेतावनी, रमी रुहायम, बीबीसी अरबी सेवा

    इसराइल लेबनान में अपना ऑपरेशन धीमा नहीं कर रहा है. लेबनान के सिविल डिफेंस ने दावा किया है कि उसने वहां उन राहतकर्मियों को चेतावनी दी है जो उन इलाकों में जा रहे हैं जहां भारी तबाही हुई है.

    • इसराइल ने उन लोगों को चेतावनी दी है जो दक्षिणी लेबनान में उसके हमले में ध्वस्त हुई इमारतों के मलबे में दबे लोगों को बचाने जा रहे हैं. लेबनान के सिविल डिफेंस ने बताया है कि इसराइली सेना ने ऐसा करने वालों पर हमला करने की धमकी दी है.
    • दाहिया के रिहायशी इलाके में हमले के बाद सिविल डिफेंस विभाग को एक चेतावनी मिली है. इसमें कहा गया है कि इस इलाके में 72 घंटों के दौरान जाने वाली किसी भी टीम पर अटैक किया जाएगा.
    • इसराइल ने पूरे दक्षिण लेबनान और बेरूत में हेल्थ वर्करों और रेस्क्यू टीम पर हमले किए हैं. इनमें दर्जनों लोगों की मौत हुई और कई घायल हैं. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसराइली हमलों में 97 लोगों की मौत हो गई है और 188 लोग घायल हुए हैं.
    • इसराइली हमले में मारे गए लोग इस्लामिक हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन से जुड़े थे. ये संगठन हिज़्बुल्लाह से संबंधित है. ये विस्थापित लोगों के लिए हेल्थ सर्विस मुहैया करा रहा है. ये राहत और बचाव कार्य में भी मदद कर रहा है.
  3. वीमेन टी-20 वर्ल्ड कप: न्यूज़ीलैंड ने भारतीय टीम को दिया 161 रनों का लक्ष्य

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे वीमेन टी-20 वर्ल्ड कप मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 161 रनों का टारगेट दिया है.

    दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाज़ी चुनी.

    न्यूज़ीलैंड के लिए कप्तान सोफ़ी डिवाइन ने अर्धशतक जड़ा और नाबाद रहीं. उन्होंने 36 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली.

  4. इसराइली सेना ने बताया- दक्षिणी लेबनान में मारे गए दो और सैनिक

    इसराइल की ओर से लेबनान में की जा रही सैन्य कार्रवाई में इसराइल के दो और सैनिकों की मौत हो गई है. इसके अलावा दो इसराइली सैनिक घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

    आईडीएफ ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है. इसराइली सेना ने बताया है कि उनकी कार्रवाई दक्षिणी लेबनान में केंद्रित है.

    इससे पहले इसराइली सेना ने बताया था कि उनके आठ सैनिक दक्षिणी लेबनान में मारे गए हैं.

  5. इसराइली सेना ने लेबनान में 250 हिज़्बुल्लाह लड़ाकों को मारने का दावा किया

    इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ यानी आईडीएफ़ ने एक बयान में दावा किया है कि बीते चार दिनों में उसने हिज़्बुल्लाह के 250 लड़ाकों को मारा है. साथ ही आईडीएफ़ के दो और सैनिक भी इस कार्रवाई में मारे गए हैं.

    आईडीएफ़ ने कहा है कि मारे गए लोगों में से 21 हिज़्बुल्लाह के कमांडर थे. इसके साथ ही आईडीएफ़ ने 2000 मिलिट्री टार्गेट पर हमला करने का भी दावा किया है.

    इसराइली सेना ने बताया है कि उनकी कार्रवाई दक्षिणी लेबनान में केंद्रित है.

    अमेरिकी मीडिया में आई ख़बरों के अनुसार पूरी रात लेबनान में हुए इसराइली हवाई हमलों में हिज़्बुल्लाह के संभावित शीर्ष नेता हशीम सैफ़ीद्दीन की भी मौत हुई है.

    हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है और सैफ़ीद्दीन की स्थिति के बारे में भी कोई जानकारी नहीं आई है.

    आईडीएफ़ ने कहा है कि शुक्रवार को मोर्चे पर उनके दो जवान मारे गए हैं और अन्य दो घायल हो गए हैं.

    इससे पहले इसराइली सेना ने बताया था कि उनके आठ सैनिक दक्षिणी लेबनान में मारे गए हैं.

  6. तस्वीरें: मसना क्रॉसिंग के रास्ते लेबनान छोड़कर जाते लोगों का हाल

    लेबनान के परिवहन मंत्री ने कहा है सीरिया की सीमा से लगने वाली सड़क को इसराली हमले में निशाना बनाया गया है.

    लेबनान में संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी मैथ्यू हॉलिंगवर्थ ने बेरूत में बीबीसी को बताया है कि मसना बॉर्डर क्रॉसिंग पर भारी बमबारी की गई है.

    मैथ्यू हॉल्लिंगवर्थ ने कहा है कि इससे लड़ाई के कारण लेबनान छोड़कर भाग रहे लोगों पर असर पड़ेगा.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, छत्तीसगढ़: पुलिस ने मुठभेड़ में 30 कथित माओवादियों को मारने का दावा किया, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित नारायणपुर ज़िले में पुलिस ने एक मुठभेड़ में 30 कथित माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.

    पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए हैं.

    मुठभेड़ के बाद से तलाशी अभियान जारी है. पुलिस ने मारे जाने वाले कथित माओवादियों की संख्या बढ़ने से इनकार नहीं किया है.

    पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बीबीसी के सहयोगी आलोक पुतुल को बताया कि गुरुवार को कथित माओवादियों के ख़िलाफ़ ऑपरेशन के लिए स्पेशल टास्क फोर्स और डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड की अलग-अलग टीमें ओरछा और बारसूर थाने से रवाना हुई थीं.

    प्रवक्ता के अनुसार शुक्रवार की दोपहर नेंदूर-थुलथुली के जंगल में 'संदिग्ध माओवादियों' के साथ मुठभेड़ हुई, जो शाम तक जारी थी.

    पुलिस का कहना है कि मौके से अभी तक 30 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं. हालांकि उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है. लेकिन जिस तरह के हथियार बरामद हुए हैं, उससे मारे जाने वालों में कुछ बड़े माओवादी नेताओं के भी शामिल होने की आशंका है.

    राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है.

    उन्होंने कहा, "नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरु हुई हमारी लड़ाई, अब अपने अंजाम तक पहुंच कर ही दम लेगी, इसके लिए हमारी डबल इंजन की सरकार दृढ़ संकल्पित है. प्रदेश से नक्सलवाद का ख़ात्मा ही हमारा लक्ष्य है."

  8. पश्चिम एशिया संकट के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारत में बेरोजगारी पर क्यों उठाए सवाल

    पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसराइल के लिए भर्ती किए जा रहे भारतीय श्रमिकों के मुद्दों को उठाया है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, "पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच मोदी सरकार की नेशनल स्किल डेवलपमेंट कोऑपरेशन इसराइल में लगभग 15,000 भारतीय श्रमिकों की भर्ती में जुटी है."

    उन्होंने लिखा है,'' इससे पहले कई भारतीय युवाओं को रूस-यूक्रेन युद्ध में जाने के लिए संदिग्ध एजेंटों ने धोखा दिया था और कई युवाओं को अपनी जान भी गंवानी पड़ी.”

    उन्होंने कहा है,“यह मोदी सरकार की युवा विरोधी नीतियों के कारण पैदा हुई बेलगाम बेरोज़गारी का नतीजा है.”

    मल्लिकार्जन खड़गे ने लिखा है, “ये तथ्य कि अनस्किल्ड, सेमी स्किल्ड और शिक्षित युवा अपनी जान जोखिम में डालकर युद्धग्रस्त क्षेत्रों में तथाकथित उच्च वेतन पर काम करने के लिए तैयार हैं. यह बताता है कि नौकरियों पर प्रधानमंत्री के बड़े-बड़े दावे उनकी विफलताओं को छिपा नहीं सकते.”

  9. पाकिस्तान जाएंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया है कि भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर पाकिस्तान की यात्रा करेंगे.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है, " विदेश मंत्री शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट में भाग लेने के लिए पाकिस्तान जाएंगे."

    उन्होंने कहा है, " जयशंकर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 15 और 16 अक्तूबर होने वाली एससीओ समिट में हिस्सा लेंगे.''

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भी एससीओ की बैठक में भाग लेने गोवा आए थे,जहां विदेश मंत्री जयशंकर ने उनका स्वागत किया था.

    आज भारत के विदेश मंत्री श्रीलंका पहुंच हुए हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने विदेश मंत्री की श्रीलंका यात्रा के बारे में जानकारी दी है.

    उन्होंने बताया है कि आज सुबह विदेश मंत्री अपने समकक्ष श्रीलंका के विदेश मंत्री से मुलाकात की है.

  10. ज़ाकिर नाइक की पाकिस्तान यात्रा पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने ये कहा

    भारत की पुलिस के लिए वॉन्टेड और भारत में मनी लॉन्ड्रिंग और हेट स्पीच के मामले में अभियुक्त ज़ाकिर नाइक की पाकिस्तान यात्रा पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, "हमने रिपोर्ट्स को देखा है कि पाकिस्तान में ज़ाकिर नाइक का स्वागत किया गया है. हमारे लिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है."

    उन्होंने कहा, "भारतीय कानून के अनुसार भगौड़े ज़ाकिर नाइक का पाकिस्तान में गले लगाकर उच्चस्तर पर स्वागत किया गया है. यह बहुत निराशजनक है और निंदनीय है लेकिन यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है."

    रणधीर जायसवाल ने कहा, "वह किस पासपोर्ट पर पाकिस्तान गए हैं इसकी हमें जानकारी नहीं है लेकिन मैं आपको यह याद दिला दूं कि जब मलेशिया के प्रधानमंत्री भारत आए थे तो इस मुद्दे को विशेष रूप से उठाया गया था."

  11. महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर ने मंत्रालय की बिल्डिंग से क्यों लगाई छलांग

    महाराष्ट्र सदन के डिप्टी स्पीकर नरहरि सीताराम झिरवाल ने मंत्रालय की इमारत की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी.

    हालांकि वह बिल्डिंग निर्माण के लिए लगाए गए जाल पर गिरे और सुरक्षित हैं.

    झिरवाल ने धनगर समुदाय के अनुसूचित जाति के आरक्षण की मांग के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच यह कदम उठाया है.

    नरहरि सीताराम झिरवाल एनसीपी अजित पवार गुट के विधायक हैं और महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर हैं.

    महाराष्ट्र में धनगर समाज के लोगों को अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल करने की बात चल रही है, जिसका विरोध किया जा रहा है.

  12. महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण पर शरद पवार ने दिया ये बयान

    एनसीपी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार ने आरक्षण के मुद्दे पर बयान दिया है. पवार ने कहा है कि आरक्षण की सीमा 50 फ़ीसदी से बढ़ाकर 75 फ़ीसदी की जानी चाहिए.

    शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में शरद पवार ने आरक्षण के मुद्दे पर यह बयान दिया है.

    शिव सेना के मुख पत्र (यूबीटी) 'सामना' में छपी एक ख़बर के मुताबिक़ पवार ने कहा है कि मराठा आरक्षण के साथ ही आरक्षण की मांग कर रहे अन्य वर्गों को भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए.

    पवार ने तर्क दिया है कि जिन लोगों को आरक्षण नहीं मिला है उन्हें नई सीमा में शामिल किया जा सकता है.

    शरद पवार का कहना है कि इससे महाराष्ट्र में आरक्षण के मुद्दे पर विवाद ख़त्म हो जाएगा.

    शरद पवार ने मांग की है कि केंद्र सरकार को इसका समर्थन करना चाहिए और उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी. उन्होंने इसके लिए संसद में क़ानूनी संशोधन की मांग की है.

    शरद पवार ने कहा है कि जब तमिलनाडु में 78 फ़ीसदी आरक्षण हो सकता है तो महाराष्ट्र में 75 फ़ीसदी क्यों नहीं हो सकता है.

    शरद पवार ने कहा है कि लोगों की मांग है कि मराठा आरक्षण मिलना चाहिए, लेकिन इसका भी ध्यान रखना ज़रूरी है कि दूसरे वर्गों को मिल रहा आरक्षण इससे प्रभावित न हो.

    महाराष्ट्र राज्य में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं. राज्य में मराठा आरक्षण की मांग एक बड़ा मुद्दा है. इस मांग को लेकर महाराष्ट्र मराठा आंदोलन होते रहे हैं.

  13. इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के 35 इलाकों को खाली करने के लिए कहा

    दक्षिणी लेबनान के 30 से अधिक गांवों के लोगों को इसराइली सेना ने तत्काल घरों को खाली करने के लिए कहा है.

    इसराली सेना के एक प्रवक्ता ने लोगों को तुरंत घरों को खाली करने और अवाली नदी के उत्तर की ओर जाने को कहा है.

    इसराइली सेना के प्रवक्ता अविचाई अंद्राई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा है, जो कोई हिज़्बुल्लाह के प्रतिष्ठानों और युद्ध सामग्री के पास है, वह अपनी जान खतरे में डाल रहा है.

    उन्होंने कहा है, "दक्षिणी की ओर किसी भी गतिविधि से आपकी जान को खतरा हो सकता है.”

    इससे पहले लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने ईरान के विदेश मंत्री के बेरूत पहुंचने की बात कही थी.

    लेबनान की सरकरी समाचार एजेंसी एनएनए ने कहा था कि एक ईरानी विमान रफीक हरीरी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा था, जिस पर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची सवार थे.

  14. इसराइली हवाई हमले से वेस्ट बैंक में 18 लोगों की हुई मौत

    फ़लस्तीन स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार देर रात बताया कि कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक के शहर तुल्कर्म में हुए इसराइली हवाई हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई है.

    फ़लस्तीनी प्रशासन की ओर से संचालित समाचार एजेंसी वफ़ा ने कहा है, "हमला तुल्कर्म शहर के शरणार्थी कैंप में स्थित एक कैफे को निशाना बनाकर किया गया था, जहाँ पर कई नागरिक मौजूद थे."

    इसराइली सेना का कहना है कि वायुसेना ने तुल्कर्म शहर में अपनी शिन बेट सुरक्षा सेवा के साथ संयुक्त अभियान के तहत हमला किया था और हमले में तुल्कर्म शहर में हमास के प्रमुख और “अन्य महत्वपूर्ण आतंकवादी” मारे गए हैं.

    समाचार एजेंसी वफा ने एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से कहा है कि हमले में कई परिवारों के बच्चों और बुजुर्गों की मौत हुई है.

    एक स्थानीय निवासी ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया है कि इसराइल ने तीन मंजिला इमारत में मौजूद एक कैफे को निशाना बनाया है.

  15. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ख़ाली किया सीएम आवास

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम आवास को ख़ाली कर दिया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आम आदमी पार्टी के हैंडल से ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई है.

    ट्वीट में लिखा है, “केजरीवाल जी ने छोड़ा मुख्यमंत्री आवास. अब जब तक जनता की अदालत में जनता उनकी ईमानदारी पर मुहर लगाकर उन्हें फिर से मुख्यमंत्री नहीं बनाती तब तक मुख्यमंत्री आवास में नहीं रहेंगे पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल जी.”

    दिल्ली शराब नीति में हुए कथित घोटाले के आरोप में जेल से बाहर निकलने के दो दिन बाद केजरीवाल ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम पद छोड़ने की बात की थी.

    उन्होंने आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में कहा था, “मैं सीएम की कुर्सी से इस्तीफ़ा देने जा रहा हूं और मैं तब तक सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा जब तक जनता अपना फ़ैसला न सुना दे.”

    आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के तौर शपथ ली है.

  16. तिरुपति लड्डू विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने आंध्र प्रदेश सरकार की एसआईटी को किया भंग, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    तिरुपति मंदिर में प्रसाद के लड्डू बनाने वाले घी में कथित तौर पर मिलावट होने के मामले में आंध्र प्रदेश सरकार की तरफ़ से गठित की गई एसआईटी को सुप्रीम कोर्ट ने भंग कर दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है, "इस मामले की जांच अब सीबीआई के दो लोग, आंध्र प्रदेश पुलिस के दो लोग और एफएसएसएआई का एक अधिकारी मिलकर करेंगे."

    सीबीआई के दो लोगों को चयन सीबीआई के निदेशक और आंध्र प्रदेश पुलिस के दो सदस्यों का चयन राज्य सरकार करेगी.

    जांच की निगरानी सीबीआई निदेशक करेंगे.

    चंद्रबाबू नायडू ने 19 सितंबर को दावा किया था, ''पिछली सरकार के दौरान तिरुमला लड्डू को बनाने में शुद्ध घी की बजाय जानवरों की चर्बी वाला घी इस्तेमाल किया जाता था.''

    इससे पहले 30 सितंबर को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था, ''राजनीति और धर्म को मिलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती.''

    सुप्रीम कोर्ट ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को इस मामले को मीडिया में ले जाने पर फटकार भी लगाई थी.

  17. श्रीलंका में नई सरकार बनने के बाद पहली बार कोलंबो पहुंचे एस जयशंकर

    श्रीलंका में वामपंथी झुकाव वाले अनुरा कुमारा दिसानायके के राष्ट्रपति बनने के बाद भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर पहली बार कोलंबो पहुँचे हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है.

    विदेश मंत्री ने लिखा है, “दोबारा कोलंबो आकर अच्छा लग रहा है. श्रीलंका के नेतृत्व से बातचीत को लेकर उत्सुक हूं.”

    इससे पहले अनुरा कुमारा दिसानायके के श्रीलंका के राष्ट्रपति बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बंधाई दी थी.

    प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पोस्ट में कहा था, ''भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और विजन में श्रीलंका का ख़ास स्थान है.''

    इस साल फ़रवरी महीने में अनुरा कुमारा दिसानायके जब भारत आए थे, तो किसी ने शायद ही सोचा था कि क़रीब सात महीने बाद वो श्रीलंका के राष्ट्रपति बनेंगे.

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस मुलाक़ात पर ख़ुशी जताते हुए अपने एक्स पोस्ट में लिखा था कि दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और इसे गहरा करने पर अच्छी बातचीत हुई है.

    अब 22 सितंबर को आए नतीजों में वामपंथी नेता अनुरा कुमारा दिसानायके ने श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज की थी. आमतौर पर वामपंथी विचारधारा वाली सरकारों को वैचारिक रूप से चीन के क़रीब माना जाता है. ऐसे में भारत के लिए भी इसे चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.

  18. अमेरिका में हेलेन तूफ़ान की वजह से 200 से ज़्यादा लोगों की मौत

    अमेरिका के दक्षिण-पश्चिम इलाक़े में ‘हेलेन’ तूफ़ान ने भारी तबाही मचाई है. इस तूफ़ान की वजह से मरने वालों की तादाद 200 से ज़्यादा हो चुकी है. अमेरिकी बचावकर्मी तूफ़ान में बचे लोगों की तलाश में अब भी लगे हुए हैं.

    हेलेन की वजह से आधे से ज़्यादा लोगों की मौत नॉर्थ कैरलाइना में हुई है. यहाँ साल 2005 में आए कटरिना तूफ़ान के बाद हेलेन सबसे घातक तूफ़ान साबित हुआ है.

    साल 2005 में यहाँ तूफ़ान की वजह से 1800 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

    हेलेन तूफ़ान के पहुँचने के क़रीब एक सप्ताह बाद भी इलाक़े में सैंकड़ों लोग लापता हैं और क़रीब 8 लाख़ घरों में अब भी बिजली नहीं आई है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने गुरुवार को तूफ़ान से प्रभावित इलाक़ों का हवाई दौरा किया है.

    बाद में जॉर्जिया के रे सिटी में बाइडन ने प्रभावित लोगों से कहा, "मैं आपको देख रहा हूं, मैं आपको सुन रहा हूं, मैं आपके साथ दुःखी हूँ और आपसे वादा करता हूं कि हम आपके साथ हैं."

  19. उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में सड़क हादसे में 10 मज़दूरों की मौत

    उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में एक ट्रक और ट्रैक्टर आमने-सामने आ गए और इस हादसे में 10 मज़दूरों की मौत हो गई है. यह हादसा गुरुवार देर रात क़रीब एक बजे का है.

    मिर्ज़ापुर पुलिस के मुताबिक़ ट्रक ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 10 मज़दूरों की मौत हो गई है.

    मिर्ज़ापुर के पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के मुताबिक़ ट्रैक्टर पर 13 मज़दूर सवार थे और इसे एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से टक्टर मार दी.

    अभिनन्दन ने बताया है, "13 लोगों में से 10 की मौत हो गई और तीन को इलाज के लिए बनारस भेजा गया है. ये सभी मज़दूर बनारस के ही रहने वाले थे. ये लोग पड़ोस के भदोही में ढलाई का काम पूरा कर वापस लौट रहे थे."

  20. ईरान और इसराइल के बीच बढ़ते तनाव का कच्चे तेल की क़ीमतों पर असर

    इसराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच कच्चे तेल की क़ीमतों में 5% की बढ़ोतरी हो गई है.

    यह बढ़ोतरी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के उस बयान के बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा था अमेरिका ईरान के तेल ठिकानों पर इसराइल के हमले की संभावना पर चर्चा कर रहा था.

    बाद में कच्चे तेल की कीमत में उछाल के मुद्दे पर पत्रकारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा कि “क्या वो इसराइल से कह रहे हैं कि वो ईरान के तेल ठिकानों पर हमला न करे.”

    जो बाइजन ने इसके जवाब में कहा, “मुझे पता है कि इस पर सार्वजनिक तौर पर चर्चा नहीं करनी है.”

    जब उनसे पूछा गया कि ऐसे हमले से तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हरिकेन की वजह से भी कीमतें बढ़ती हैं.”

    अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान उस वक्त आया है, जब वो दक्षिण-पश्चिम अमेरिका के दौरे पर जा रहे थे, जहां हरिकेन हेलेन तूफ़ान की वजह से भारी तबाही हुई है और कम से कम 200 लोगों की मौत हो गई है.