You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बांग्लादेश के पूर्व क़ानून मंत्री और शेख़ हसीना के सलाहकार को दस दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया

बांग्लादेश के पूर्व क़ानून मंत्री अनीसुल हक़ और पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के निजी उद्योग और निवेश सलाहकार सलमान एफ़ रहमान को दस दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.

सारांश

  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की का दावा- रूस के कुर्स्क में कई दिशाओं से आगे बढ़ रही है यूक्रेनी सेना.
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन, कहा- देशवासियों के हाथ में ज़्यादा पैसा आया है.
  • थाईलैंड की संवैधानिक अदालत ने प्रधानमंत्री स्रेथा थविसिन को बर्ख़ास्त किया.
  • कोलकाता रेप-मर्डर केस पर बोले राहुल गांधी- निर्भया केस के बाद बने कठोर क़ानून भी ऐसे अपराध क्यों नहीं रोक पा रहे.
  • आरक्षण विरोधी आंदोलन के दौरान हुई मौतों के ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ इंटरनेशनल कोर्ट जाएगा बांग्लादेश.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और दीपक मंडल

  1. बांग्लादेश के पूर्व क़ानून मंत्री और शेख़ हसीना के सलाहकार को दस दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया

    बांग्लादेश के पूर्व क़ानून मंत्री अनीसुल हक़ और पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के निजी उद्योग और निवेश सलाहकार सलमान एफ़ रहमान को दस दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.

    दोनों को ढाका के न्यू मार्केट एरिया के एक दुकानदार शाहजहां अली की हत्या के मामले में बुधवार को चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था.

    वहां से उन्हें दस दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया गया. पुलिस ने अदालत से दस दिन की रिमांड मांगी थी.

    16 जुलाई को शाहजहां अली की मां आयशा बेगम ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में अयोग्य ठहराए जाने के ख़िलाफ़ अपील ख़ारिज

    कोर्ट ऑफ़ आर्बिट्रेशन फ़ॉर स्पोर्ट्स (सीएएस) ने भारत की महिला पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में अयोग्य ठहराए जाने के ख़िलाफ़ की गई अपील ख़ारिज कर दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा है कि वो इस फ़ैसले से बेहद निराश हैं.

    वहीं क़ानूनी ख़बरों की वेबसाइट लाइव लॉ का कहना है कि विनेश फोगाट ने अयोग्य ठहराने और संयुक्त रूप से रजत पदक देने की मांग की थी जिस अपील को सिंगल आर्बिटरेटर (एक जज) ने ख़ारिज कर दिया.

    सीएएस ने पहले ये फ़ैसला 16 अगस्त तक के लिए टाल दिया था. लेकिन इस बीच 14 अगस्त को उनके ख़िलाफ़ फैसला सुना दिया.

    इससे पहले 9 अगस्त को आर्बिट्रेशन कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई की थी. इस दौरान विनेश भी वर्चुअली मौजूद थीं. वहीं, 13 अगस्त को भी इस मामले की सुनवाई हुई थी.

    विनेश फोगाट ने 6 अगस्त को 50 किलोग्राम भार वर्ग में एक के बाद एक तीन मुक़ाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए फ़ाइनल में जगह बनाई थी. वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं.

    इसके साथ ही कुश्ती में कम से कम रजत पदक पक्का हो गया था.

    हालांकि, इसके चंद घंटों बाद ही मान्य वज़न से 100 ग्राम अधिक भार होने के कारण विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर दिया गया.

    विनेश फोगाट ने इस पूरे घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की थी लेकिन 8 अगस्त की सुबह उन्होंने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट कर कुश्ती से संन्यास का एलान किया था.

  3. 1989 बैच के आईएएस अफ़सर गोविंद मोहन होंगे भारत के नए गृह सचिव

    गोविंद मोहन भारत के नए गृह सचिव होंगे. 1989 के सिक्किम कैडर के आईएएस अफ़सर गोविंद मोहन 1984 बैच के आईएएस अफ़सर अजय कुमार भल्ला की जगह लेंगे. भल्ला को 2019 में गृह सचिव बनाया गया था.

    केंद्रीय गृह सचिव का काम प्रशासनिक और नीतिगत मामलों में केंद्रीय गृह मंत्रालय को परामर्श देना होता है.

    जम्मू-कश्मीर में आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए गोविंद मोहन की नियुक्ति काफ़ी अहम मानी जा रही है.

    गोविंद मोहन ने बीएचयू-आईआईटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली है. वो अक्टूबर 2021 से केंद्रीय संस्कृति सचिव के तौर पर सेवा देते आ रहे हैं.

  4. राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन, कहा- देशवासियों के हाथ में ज़्यादा पैसा आया है

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन दिया है.

    उन्होंने अपने संबोधन में भारत की अर्थव्यवस्था की तरक्की का खासतौर पर ज़िक्र किया है.

    उन्होंंने कहा, "वर्ष 2021 से वर्ष 2024 के बीच 8 प्रतिशत की औसत वार्षिक वृद्धि दर हासिल करके, भारत सबसे तेज़ गति से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. इससे न केवल देशवासियों के हाथों में अधिक पैसा आया है, बल्कि ग़रीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्या में भी भारी कमी आई है."

    "जो लोग अभी भी ग़रीबी से पीड़ित हैं, उनकी सहायता करने के साथ-साथ उन्हें ग़रीबी से बाहर निकालने के लिए भी सभी प्रयास किए जा रहे हैं. उदाहरण के लिए, कोविड-19 के शुरुआती चरण में आरंभ की गई पीएम ग़रीब कल्याण अन्न योजना के तहत लगभग 80 करोड़ लोगों को मुफ़्त राशन दिया जा रहा है."

    उन्होंने कहा, "ये हम सभी के लिए गर्व की बात है कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, और हम शीघ्र ही विश्व की तीन शीर्षस्थ अर्थव्यवस्थाओं में स्थान प्राप्त करने के लिए तैयार हैं. यह सफलता किसानों और श्रमिकों की अथक मेहनत, नीति-निर्माताओं और उद्यमियों की दूरगामी सोच तथा देश के दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर ही संभव हो सकी है.’’

  5. दिनभर-पूरा दिन, पूरी ख़बर - मानसी दाश और प्रेरणा से..

    पूरा पॉडकास्ट सुनने के लिए यहां क्लिक करें.

  6. रूस के कुर्स्क पर यूक्रेनी हमले के बाद भारतीय दूतावास ने जारी की ये एडवाइज़री

    रूस के कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी हमले के बाद रूस में भारतीय दूतावास ने ब्रेंस्क, बेलगोरोद और कुर्स्क में रहने वाले भारतीयों को सतर्कता बरतने और अस्थायी तौर पर वहां से बाहर चले जाने को कहा है.

    भारतीय दूतावास ने कहा है कि किसी भी भारतीय की मदद के लिए वो पूरी तरह तैयार है. इसके लिए उसने एक ई-मेल एड्रेस - edu1.moscow@mea.gov.in जारी किया है. इसके अलावा एक हेल्पलाइन टेलीफोन नंबर +7 9652773414 भी जारी किया गया है.

    दो दिन पहले रूस ने माना था कि यूक्रेन की सेना उसके कुर्स्क प्रांत में घुस आई है. रूस के कई रिहायशी इलाकों पर यूक्रेन की सेना का नियंत्रण हो गया है.

    इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि उनके देश की सेना रूस के कुर्स्क क्षेत्र में कई दिशाओं से आगे बढ़ रही है.

    ज़ेलेंस्की ने सोशल मडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में लिखा है, "कुर्स्क में हमारी सेना कई दिशाओं से एक से दो किलोमीटर तक आगे घुस गई है."

  7. ज़ेलेंस्की का दावा- रूस के कुर्स्क में कई दिशाओं से आगे बढ़ रही है यूक्रेनी सेना

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि उनके देश की सेना रूस के कुर्स्क क्षेत्र में कई दिशाओं से आगे बढ़ रही है.

    ज़ेलेंस्की ने सोशल मडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में लिखा है,''कुर्स्क में हमारी सेना कई दिशाओं से एक से दो किलोमीटर तक आगे घुस गई है.''

    हालांकि बीबीसी स्वतंत्र तौर पर इसकी पुष्टि नहीं कर पाया है. अभी ये पता नहीं चल पाया है कि यूक्रेनी सेना ने रूसी क्षेत्र की कितनी ज़मीन पर क़ब्ज़ा किया है.

    एक्स पर जे़लेंस्की की ओर से शेयर की गई तस्वीर में वो यूक्रेन के शीर्ष कमांडर ओलेक्सेंड्र सिरस्की से बात करते हुए दिख रहे हैं.

    इस वीडियो में सिरस्की बता रहे हैं कि यूक्रेनी सेना ने कुर्स्क पर हमले के दौरान 100 रूसी सैनिकों को गिरफ़्तार कर लिया है. इससे हमारे लोगों की वापसी की रफ्तार तेज़ हो जाएगी.

    दो दिन पहले रूस ने माना था कि यूक्रेन की सेना उसके कुर्स्क प्रांत में घुस आई है. रूस के कई रिहायशी इलाकों पर यूक्रेन की सेना का नियंत्रण हो गया है.

  8. कोलकाता रेप-मर्डर केस में राहुल गांधी ने दी पहली प्रतिक्रिया, क्या कहा

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कोलकाता में मेडिकल स्टूडेंट के रेप और मर्डर केस पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई रेप और मर्डर की वीभत्स घटना से पूरा देश स्तब्ध है. उसके साथ हुए क्रूर और अमानवीय कृत्य की परत दर परत जिस तरह खुलकर सामने आ रही है, उससे डॉक्टर्स कम्युनिटी और महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल है.''

    उन्होंने लिखा, ''पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों को बचाने की कोशिश अस्पताल और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है. इस घटना ने सोचने पर मजबूर कर दिया है कि अगर मेडिकल कॉलेज जैसी जगह पर डॉक्टर्स सेफ नहीं हैं तो किस भरोसे अभिभावक अपनी बेटियों को पढ़ने बाहर भेजें? निर्भया केस के बाद बने कठोर क़ानून भी ऐसे अपराधों को रोक पाने में असफल क्यों हैं?’’

    राहुल गांधी ने लिखा है,''हाथरस से उन्नाव, और कठुआ से लेकर कोलकाता तक महिलाओं के ख़िलाफ़ लगातार बढ़ती घटनाओं पर हर दल, हर वर्ग को मिलकर गंभीर विचार-विमर्श कर ठोस उपाय करने होंगे.''

    राहुल ने लिखा, ''इस असहनीय कष्ट में पीड़िता के परिवार के साथ खड़ा हूँ. उन्हें हर हाल में न्याय मिले और दोषियों को ऐसी सज़ा मिले जो समाज में एक नज़ीर की तरह प्रस्तुत की जाए.''

    कोलकाता में मेडिकल स्टूडेंट के रेप और मर्डर केस की जांच पहले पश्चिम बंगाल कर रही थी लेकिन अब कलकत्ता हाई कोर्ट ने सीबीआई को जांच सौंप दी है. सीबीआई ने जांच शुरू कर दी है.

    नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार हॉल में ट्रेनी डॉक्टर की लाश मिली थी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनसे रेप के बाद मर्डर की बात कही गई है.

  9. कोलकाता रेप-मर्डर केस: पश्चिम बंगाल के बीजेपी प्रमुख ने ममता सरकार पर उठाए सवाल

    कोलकाता में मेडिकल स्टूडेंट के रेप और मर्डर केस पर केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल के बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने एक वीडियो इंटरव्यू में समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''पुलिस ने बगैर जांच के मेडिकल स्टूडेंट के अभिभावकों से कह दिया कि उन्होंने सुसाइड किया है. वो परिवार के सदस्यों से ऐसा कैसे कह सकते हैं. पुलिस अब किसी को बलि का बकरा बनाना चाहती है.''

    उन्होंने कहा, ''पीजी मेडिकल स्टूडेंट्स के चैट से पता चलता है कि उन्हें सेक्स रैकेट की साज़िश और ऐसी घटनाओं का अंदेशा था. जांच में जिस तरह की बातें सामने आ रही हैं उससे लोगों में भारी नाराज़गी है. जिस तरह इस मुद्दे को दबाने की कोशिश की गई उससे पता चलता है कि पश्चिम बंगाल की सरकार किसी को बचाने की कोशिश कर रही है.''

    इससे पहले केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद ने राय ने पीजी स्टूडेंट के रेप और हत्या को जघन्य अपराध बताते हुए ममता बनर्जी सरकार को निशाने पर लिया.

    उन्होंने कहा, ''ममता बनर्जी की सरकार उस अपराध को छिपाना चाहती थी. लेकिन कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए इस मामले को सीबीआई को सौंपने का फ़ैसला किया है. अब सीबीआई जांच करेगी और दोषियों को सज़ा दिलाने का काम करेगी.''

    कलकत्ता हाई कोर्ट ने पीजी कर मेडिकल कॉलेज में छात्रा के रेप और मर्डर केस की जांच सीबीआई को सौंप दी है. सीबीआई ने जांच शुरू कर दी है.

  10. थाईलैंड की संवैधानिक अदालत ने प्रधानमंत्री थविसिन को बर्ख़ास्त किया

    थाईलैंड की संवैधानिक अदालत ने प्रधानमंत्री स्रेथा थविसिन को बर्ख़ास्त कर दिया है. थविसिन को जेल की सजा काट चुके एक पूर्व वकील को कैबिनेट में शामिल करने के आरोप में बर्ख़ास्त किया गया है.

    संवैधानिक अदालत ने कहा कि थविसिन ने नैतिकता के नियमों के उल्लंघन के साथ ही अवज्ञापूर्ण व्यवहार किया है.

    67 साल के स्रेथा थविसिन एक साल से भी कम समय तक प्रधानमंत्री रहे. थविसिन पिछले 16 साल में देश की संवैधानिक अदालत की ओर से हटाए गए तीसरे प्रधानमंत्री हैं.

    थविसिन की जगह किसी अंतरिम प्रधानमंत्री को नियुक्त किया जाएगा. इसके बाद नया प्रधानमंत्री चुनने के लिए संसद की बैठक आयोजित की जाएगी.

    अदालत के फ़ैसले के बाद थविसिन ने कहा, ''मुझे अपनी ईमानदारी पर पूरा भरोसा है. मुझे खेद है, लेकिन मैं ये नहीं कह रहा हूं कि मैं अदालत के फ़ैसले से असहमत हूं.''

    अदालत के इस फ़ैसले से थाईलैंड में राजनीतिक अनिश्चितता की आशंका और बढ़ गई है. देश में कई तख्तापलट हो चुके हैं. 2014 में यहां सैनिक शासन कायम हो गया था.

  11. आरक्षण विरोधी आंदोलन के दौरान हुई मौतों के ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ इंटरनेशनल कोर्ट जाएगा बांग्लादेश

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार जुलाई में आरक्षण विरोधी आंदोलन के दौरान हुई मौतों के लिए ज़िम्मेदार लोगों पर इंटरनेशनल क्रिमिनल ट्रिब्यूनल में मुक़दमा चलाएगी.

    अंतरिम सरकार के क़ानून, न्याय और संसदीय मामलों के सलाहकार आसिफ़ नज़रुल ने बुधवार को कहा, ''आरक्षण सुधार आंदोलन के दौरान हुए ‘नरसंहार’ और गोलीबारी की सुनवाई के लिए पहले ही कुछ मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं. लेकिन छात्रों, मानवाधिकार संगठन और कई अन्य लोगों का कहना है कि इसकी जांच मानवता के ख़िलाफ़ अपराध के रूप में की जानी चाहिए."

    "हमने पाया कि जुलाई में हुए 'नरसंहार' के लिए ज़िम्मेदार लोगों पर इंटरनेशनल क्रिमिनल ट्रिब्यूनल में मुकदमा चलाया जा सकता है.''

    आसिफ नज़रुल ने कहा, ''जांच टीम संयुक्त राष्ट्र के तहत काम करेगी. हत्याओं में शामिल पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना समेत किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा.''

    बांग्लादेश में जुलाई में शेख़ हसीना सरकार के ख़िलाफ़ आरक्षण विरोधी आंदोलन के दौरान कई लोगों की मौत हो गई थी.

  12. यूक्रेनी हमलों के बीच रूस के एक और इलाके में इमरजेंसी घोषित

    रूस के बेलोगोरोद के गवर्नर ने इस इलाक़े में आपातकाल लगाने की घोषणा की है. बीते 10 दिनों के अंदर बेलगोरोद इमरजेंसी लगाने वाला रूस का दूसरा क्षेत्र है.

    छह अगस्त को यूक्रेन ने रूस के इलाक़ों पर अचानक हमले तेज़ कर दिए थे और उसने दावा किया है कि वह रूस की सीमा में कुर्स्क इलाक़े के 1000 वर्ग किलोमीटर अंदर घुस चुका है.

    यूक्रेन की कार्रवाई जारी रहने के मद्देनज़र बेलगोरोद के गवर्नर ने इमरजेंसी का एलान किया है.

    इस बीच यूक्रेन की वायुसेना ने कहा है कि उसने रात भर में रूस की ओर से दागे गए 23 में से 17 ड्रोन मार गिराए हैं. यूक्रेन ने कहा है कि रूसी सेना ने दो गाइडेड मिसाइलें भी छोड़ी थीं.

    यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, ये ड्रोन कीएव, ख़ारकिएव, चरकैसी, म्योक्लेव, सुमी, ज़पॉरज़िया, ज़ाइतोमिर इलाके में गिराए गए हैं.

    इन ड्रोन्स से कुछ इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं लेकिन इससे अधिक नुक़सान की कोई जानकारी नहीं है.

    बेलगोरोद के गवर्नर ने कहा है कि यूक्रेन की ओर से रोज़ाना हो रही बमबारी के कारण घर बर्बाद हो रहे हैं और आम लोगों की जान जा रही है.

    यूक्रेन का दावा है कि उसने रूस के 74 कस्बों और गांवों पर कब्ज़ा कर लिया है.

  13. हॉकी खिलाड़ी श्रीजेश के साथ रिटायर हुई उनकी 16 नंबर वाली जर्सी

    हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश की 16 नंबर की जर्सी को रिटायर करने का फ़ैसला किया है.

    पीआर श्रीजेश ने ओलंपिक के दौरान ही यह घोषणा कर दी थी कि यह उनका आख़िरी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है.

    उन्होंने भारतीय हॉकी टीम को ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने में अहम भूमिका भी निभाई थी.

    हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम के सम्मान समारोह के दौरान कहा, “ये जो 16 नंबर की जर्सी है ये भी आज के बाद नज़र नहीं आएगी. इसकी भी आपके साथ ही विदाई हो रही है.”

    उन्होंने कहा,“ये (16 नंबर की जर्सी) आपके साथ ही रहेगी और आपके नाम पर ही रहेगी. ये हम सभी ने मिलकर फ़ैसला किया है कि इस नंबर की जर्सी को आपके नाम पर समर्पित किया जाए और आज के बाद सीनियर टीम में कोई खिलाड़ी इस जर्सी को नहीं पहनेगा.”

    श्रीजेश भारत की तमाम सफलताओं में भागीदार रहे हैं.उनके खेलने के समय में भारत ने दो एशियाई गेम्स के दो स्वर्ण पदक और ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीते हैं. इन सारी सफलताओं में उनका योगदान अहम रहा था.

  14. इस अमेरिकी सैनिक ने चीन को गोपनीय जानकारियां बेचने का आरोप माना, गाविन बटलर बीबीसी न्यूज़

    अमेरिकी सेना के एक सदस्य ने चीन को गोपनीय दस्तावेज़ बेचने का आरोप स्वीकार कर लिया है. अमेरिकी क़ानून मंत्रालय (डिपार्टमेंट ऑफ़ जस्टिस) ने इसकी जानकारी दी है.

    अभियुक्त सैनिक सेना में एनालिस्ट के तौर पर काम कर रहे थे.

    एफ़बीआई और अमेरिकी सेना की ख़ुफ़िया विभाग की जांच के बाद सेना से जुड़े सार्जेंट कोरबीन शुल्त्स को मार्च में गिरफ़्तार किया गया था.

    उन पर आरोप था कि उन्होंने कई सारी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियों को 42 हज़ार यूएस डॉलर यानी तकरीब 35 लाख रुपये के बदले में बेचा है.

    अधिकारियों ने बताया है कि इस पूरी साज़िश की शुरुआत जून 2022 में हुई थी. सार्जेंट कोरबीन शुल्त्स को जनवरी 2025 में सज़ा सुनाई जाएगी.

    कोर्ट के दस्तावेज़ों के मुताबिक़ सार्जेंट कोरबीन शुल्त्स के पास गोपनीय जानकारियों तक पहुंचने के लिए सुरक्षा मंजूरी थी. उन्होंने हांगकांग में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ इन जानकारियों को चुराने की साज़िश रची.

    कोर्ट के रिकॉर्ड के अनुसार हांगकांग में रहने वाले व्यक्ति ने शुल्त्स से मिसाइल रक्षा, और मोबाइल आर्टिलरी सिस्टम से संबंधित जानकारियां जुटाने के लिए कहा था.

  15. अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम ज़मानत, अब 23 अगस्त को सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत देने से इनकार कर दिया है.

    इस मामले में अब अगली सुनवाई 23 अगस्त को होनी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सीबीआई को भी नोटिस जारी किया है.

    जस्टिस सूर्य कांत और उज्ज्वल भुयन की पीठ ने केजरीवाल की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी से कहा, "हम अंतरिम ज़मानत नहीं दे रहे हैं. हम नोटिस जारी करेंगे."

    ये नोटिस केजरीवाल की क़ैद को बरकरार रखने वाले दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका के संबंध में जारी किया गया है.

    सीबीआई को 23 अगस्त तक सुप्रीम कोर्ट में अपना जवाब दाख़िल करना है.

    अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की शराब नीति में कथित घोटाले से जुड़े केस में 21 मार्च को ईडी ने गिरफ़्तार किया था. जेल में रहते हुए ही भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में उन्हें सीबीआई ने भी गिरफ़्तार किया था.

  16. इसराइल पर ईरान के हमले के ख़तरे को लेकर संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका ने ये कहा, जारोस्लाव लुकिव, बीबीसी न्यूज़

    संयुक्त राष्ट्र संघ में अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड ने कहा है कि अमेरिका मध्य-पूर्व में तनाव को कम करने की योजना पर काम कर रहा है.

    दरअसल, ऐसी आशंकाएं हैं कि ईरान इसराइल पर हमले की योजना बना रहा है. इस वजह से मध्य-पूर्व में तनाव भरे हालात बने हुए हैं.

    लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को बताया कि अमेरिका भविष्य में किसी भी हमले को रोकना और उससे बचाव करना चाहता है और किसी भी क्षेत्रीय संघर्ष को टालना चाहता है.

    संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की ये प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मध्य-पूर्व का अपना दौरा फिलहाल टाल दिया है.

    पिछले महीने ईरान की राजधानी तेहरान में हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया की एक हमले में मौत हो गई थी.

    ईरान ऐसा मानता है कि इस हमले के पीछे इसराइल का हाथ है. हालांकि औपचारिक रूप से इसराइल ने इस पूरे मामले पर अभी तक कुछ भी नहीं कहा है.

    लेकिन ईरान ने ये कहा है कि इसराइल को इस हमले के लिए गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. इसी वजह से ऐसी आशंकाएं पैदा हुई हैं कि ईरान इसराइल पर हमला कर सकता है.

  17. विनेश फोगाट मामला: भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने कहा, वह देश का मेडल है

    भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने विनेश फोगाट के मामले में फ़ैसले की तारीख़ को आगे बढ़ाने पर प्रतिक्रिया दी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, “पहले तो मैं भारत की जनता को कुश्ती संघ की तरफ़ से बधाई दे दूं कि पिछले चार ओलंपिक से लागातार ओंलपिक से मेडल लाने का सिलसिला बरकरार रहा.”

    संजय सिंह के मुताबिक़, “भारत के मेडलों की संख्या ज़्यादा भी हो सकती थी. भारत को जो छह मेडल मिले हैं वो अकेले कुश्ती में ही आ सकते थे. लेकिन पिछले कुछ वक़्त से जो कुश्ती डिस्टर्ब रही उस वजह से मेडल नहीं आ पाए.”

    विनेश के बारे में उन्होंने कहा, “फैसला अपने पक्ष में आएगा. किस कारण से डेट बढ़ाई गई है, नहीं बताया गया है. यह किसी का निजी मेडल नहीं है बल्कि भारत का मेडल है और भारतीय कुश्ती संघ इस मामले में नहीं जाना चाहता.”

    उनसे विनेश की वेट कैटेगरी को लेकर सवाल पूछा गया. इस पर संजय सिंह का कहना था कि कोई खिलाड़ी किस वज़न में खेलेगा यह फ़ैसला उसका होता है. हालांकि यह खिलाड़ी की ज़िम्मेदारी है कि वह अपने वज़न को मेंटेन रखे. लेकिन बार-बार वज़न घटाने से खिलाड़ी के स्वास्थ्य, किडनी और लिवर पर भी बुरा असर पड़ता है.

    क्या विनेश की ट्रोलिंग हुई और उनके साथ कोई साज़िश की गई? इस सवाल पर उनका जवाब था, “विनेश को फिज़ियो दिया गया. जो डॉक्टर मांगा वो दिया गया. जो कोच मांगा जो सुविधाएं मांगी वो दी गईं. किसी भी दुर्भावना से काम नहीं किया गया.”

    संजय सिंह ने कहा, “वही लोग और नेता ट्रोलिंग या बयान दे रहे हैं जिनको कुश्ती के बारे में कोई जानकारी नहीं है कि कुश्ती के क्या नियम हैं इसमें कैसे वजन होता है. पहले वे सारी जानकारी हासिल करें यूनाईटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के नियम पढ़े फिर बयान दें.”

    पेरिस ओलंपिक में पहलवान विनेश फोगाट को तय वज़न से अधिक भार के कारण अयोग्य ठहराने के मामले में फ़ैसला 16 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया है.

  18. ईरान की ओर से हमले के ख़तरे के बीच इसराइली रक्षा मंत्री ने ये कहा

    इसराइल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने बताया है कि इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्स और ख़ुफ़िया एजेंसियां लेबनान और ईरान में हो रही घटनाओं पर बारीक़ी से नज़र रख रही हैं.

    इसराइली रक्षा मंत्री के मुताबिक़, “इसराइली डिफ़ेस फ़ोर्स और ख़ुफ़िया एजेंसियां किसी भी ख़तरे को दूर रखने के लिए दिन-रात चौबीसों घंटे काम कर रही हैं. साथ ही हमारी सेना हमले के अलग-अलग विकल्पों को तैयर रखे है. ताकि हम जब जहां चाहें हमला कर सकें.”

    उन्होंने कहा कि हमारी सेनाओं का शुक्रिया क्योंकि वे हमारे नागरिकों के लिए रातों को सुरक्षित बना रहे हैं. इस वजह से इसराइल के नागरिक सामान्य जीवन जी पा रहे हैं. तैयार रहें और अपने कमांडर के निर्देशों का पालन करें.

    बीते महीने हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हनिया की ईरान की राजधानी तेहरान में हुए एक हमले में मौत हो गई थी.

    ईरान का कहना था कि इस हमले में इसराइल का हाथ है. हालांकि इसराइल ने इसपर कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं की. लेकिन ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई ने कहा था कि हनिया की मौत का बदला लेना ईरान का सर्वोच्च कर्तव्य है.

    इसके बाद से ही ऐसी आशंकाएं हैं कि ईरान इसराइल पर हमला कर सकता है.

  19. जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा नहीं लड़ेंगे पार्टी के नेता का चुनाव, देश को मिलेगा नया पीएम

    जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा ने सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के नेता के रूप में फिर से चुनाव नहीं लड़ने का फ़ैसला किया है.

    इसी के साथ यह तय हो गया है कि जापान को अब एक नए प्रधानमंत्री मिलेंगे.

    फुमिओ किशिदा ने इस फ़ैसले के बारे में कहा, “पार्टी को नई शुरुआत की ज़रूरत है.” 67 वर्षीय किशिदा के के सितंबर में पार्टी के नए नेता के चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद से हटने की उम्मीद जताई जा रही है.

    जापान में किशिदा का समर्थन भी घटता जा रहा है. इसके पीछे वजह बताई जा रही है कि उनकी पार्टी भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोपों में फंसी हुई है. इसके अलावा किशिदा सरकार बढ़ती महंगाई और गिरते येन (जापानी मुद्रा) जैसी समस्याओं से भी जूझ रही है.

    किशिदा की पार्टी को इस बात का संदेह भी है कि क्या वे उनके नेतृत्व में आम चुनावों को जीत पाएंगे.

    चुनावी विश्लेषकों का बीबीसी से कहना है कि जापान फ़िलहाल पीढ़ीगत बदलाव से गुज़र रहा है और सत्ता पर काबिज़ पार्टी अपनी छवि को साफ करने के लिए संघर्ष कर रही है.

  20. विनेश फोगाट के मामले में क्यों टली फ़ैसले की तारीख़, ओलंपिक संघ के वकील ने बताया

    पेरिस ओलंपिक में पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य ठहराने के मामले में फ़ैसला 16 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया है.

    फ़ैसले को एक बार फिर से टाले जाने की वजहों के बारे में भारतीय ओलंपिक संघ के वकील विदुश्पत सिंघानिया ने सामाचार एजेंसी पीटीआई से बात-चीत की.

    उन्होंने बताया, "कोर्ट ऑफ़ आर्बिटरेशन का सभी पक्षों को एक मेल आया था. उन्होंने समय को आगे बढ़ा दिया है जो कि भारतीय समयनुसार रात के साढ़े नौ बजे (16 अगस्त) का है."

    वकील विदुश्पत के मुताबिक़, “फ़ैसले को आगे खिसकाए जाने के पीछे एक वजह यह हो सकती है कि आर्बिट्रेटर मैडम को पूरे मामले और जो भी याचिकाएं आई हैं उन पर विचार करने के लिए और समय चाहिए होगा.”

    कोर्ट ऑफ़ आर्बिट्रेशन फ़ॉर स्पोर्ट्स यानी सीएएस ने विनेश फोगाट के मामले पर कहा था कि फ़ैसला 16 अगस्त की रात को साढ़े नौ बजे सुनाया जाएगा. यह दूसरी बार है जब फ़ैसला सुनाने की तारीख़ को आगे बढ़ाया गया है.