You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रेमल तूफ़ान को लेकर नेवी और कोस्ट गार्ड की टीमें तैनात, पीएम मोदी ने ली समीक्षा बैठक

मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफ़ान रेमल बंगाल की खाड़ी के ऊपर है और उत्तर की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

सारांश

  • मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफ़ान रेमल बंगाल की खाड़ी के ऊपर है और उत्तर की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
  • गुजरात के राजकोट में एक गेमिंग ज़ोन में आग लगने की 27 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं.
  • पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाक़े में बच्चों के अस्पताल में लगी आग, छह नवजात बच्चों की मौत, छह घायल.
  • हमास ने कहा है कि उसने इसराइल के तेल अवीव में रॉकेट दागे हैं.

लाइव कवरेज

दिलनवाज़ पाशा

  1. रेमल तूफ़ान को लेकर नेवी और कोस्ट गार्ड की टीमें तैनात, पीएम मोदी ने ली समीक्षा बैठक

    मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफ़ान रेमल बंगाल की खाड़ी के ऊपर है और उत्तर की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

    ये तूफ़ान पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप और केनिंग और बांग्लादेश के खेपुपारा और मोंगला की तरफ बढ़ रहा है.

    चक्रवाती तूफान रेमल के मद्देनज़र नेवी और कोस्ट गार्ड की टीमों को तैनात किया गया है.

    मौसम विभाग का कहना है कि रेमल रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तट से टकरा सकता है. इस दौरान 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेड़ हवाएं चल सकती हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम बैठक की और तूफ़ान रेमल को लेकर तैयारियों पर चर्चा की.

    इंडिया कोस्ट गार्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ''चक्रवात से प्रभावित इलाक़ों होने वाले इलाकों में मछुआरों की सुरक्षा के मद्देनज़र कदम उठाए गए हैं. ''

    ''मौसम की ताज़ा अपडेट के मुताबिक़ चक्रवात देर रात को तीव्र हो सकता है. कोर्ट गार्ड के शिप और एयरक्रॉफ्ट तैयार रखे गए हैं.''

    पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंदबोस ने चक्रवात रेमल को लेकर इमरजेंसी मीटिंग की है.

    सीवी आनंदबोस ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''चक्रवात रेमल किसी भी वक्त आ सकता है. बुलेटिन लगातार जारी किए जा रही हैं. हम इसे लेकर पूरी तरह तैयार हैं.''

    ''पीएम मोदी ने भी मीटिंग की है. किसी भी इमरजेंसी के लिए टास्क फोर्स तैयार हैं. जो गाइडलाइन्स जारी की गई हैं, सभी को उन्हें फॉलो करने की हिदायत दी गई है.''

    वहीं चक्रवात रेमल के रफ़्तार पकड़ने के बाद बांग्लादेश के तटीय इलाक़ों से लगने वाले कई गांव खाली कराए जा रहे हैं.

    हज़ारों लोग गांव में अपने-अपने घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जा रहे हैं.

  2. दोहा से डबलिन जा रहे विमान में टर्बुलेंस, 12 लोग घायल

    दोहा से डबलिन जा रहे एक विमान में टर्बुलेंस के कारण 12 लोग घायल हो गए हैं.

    डबलिन एयरपोर्ट ऑपरेटर डीएए के अनुसार, बोईंग 787-9 ड्रीमलाइनर में तुर्की के आसमान में टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा.

    क़तर एयरवेज़ की उड़ान संख्या क्यूआर 017 ने स्थानीय समयानुसार 13.00 बजे लैंड किया. जिसके बाद एयरपोर्ट पुलिस, एंबुलेंस और दमकल विभाग जैसी इमरजेंसी सेवाओं के कर्मचारी वहां पहुंचे.

    रिपोर्टों के मुताबिक़, टर्बुलेंस के कारण छह यात्री और क्रू के छह सदस्य घायल हो गए जिसमें आठ लोगों को अस्पताल ले जाया गया है.

    डीडीए ने कहा है कि एयपोर्ट पर विमानों के संचालन पर इसका असर नहीं पड़ा है और वापसी की उड़ानें अपने समय से आ रही हैं.

    क़तर एयरवेज़ ने बीबीसी न्यूज़ एनआई को एक बयान में बताया कि ''उड़ान के दौरान कुछ यात्रियों और क्रू के सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है.''

    इस सप्ताह के शुरुआत में सिंगापुर जा रहे एक प्लेन में गंभीर टर्बुलेंस की वजह से 73 साल के एक ब्रिटिश व्यक्ति की मौत हो गई थी.

    इस दौरान 100 से अधिक यात्री घायल हो गए थे जिनमें 20 को आईसीयू में रखा गया क्योंकि उन्हें रीढ़ में चोट लगी थी.

  3. पूर्वी दिल्ली आग हादसा: अस्पताल की एनओसी समाप्त हो चुकी थी, परमिशन से ज़्यादा बेड थे

    पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाक़े के जिस अस्पताल में शनिवार देर रात आग लगी है उसका नो आब्जेक्शन सर्टिफिकेट यानी एनओसी 31 मार्च को ही समाप्त हो गया था.

    बच्चों के इस अस्पताल के पास पांच बच्चों के बेड की ही परमिशन थी, लेकिन वहां 10 से ज़्यादा बेड लगाए गए थे.

    शाहदरा के डीसीपी सुरेंद्र चौधरी ने यह जानकारी दी है.

    शनिवार रात विवेक विहार के इस अस्पताल में आग लगने की घटना से छह नवजात बच्चों की मौत हो गई.

    सुरेंद्र चौधरी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''इस अस्पताल में कुल 12 बच्चे थे. लेकिन एक बच्चे की मौत पहले ही हो गई थी. छह बच्चों की मौत हुई है और पांच बच्चे स्वस्थ हैं. उन्हें पास के दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है.''

    ''शुरुआती तौर पर आईपीसी की धारा 304 और 308 के तहत मामला दर्ज किया गया. अस्पताल का रजिस्ट्रेशन जब चेक किया गया तो मालूम चला कि अस्पताल की एनओसी ख़त्म हो गई थी.''

    ''अस्पताल के पास पांच बेड की परमिशन थी, पर उन्होंने 10 से ज़्यादा बेड लगा रखे थे.''

    सुरेंद्र चौधरी ने कहा, ''अस्पताल में आग से बचाव का सिस्टम नहीं था. संचालक को हिरासत में लिया गया है. वहां तीन डॉक्टर थे. जो डॉक्टर उस वक्त ड्यूटी पर थे उन्हें भी हिरासत में लिया गया है.''

    ''शॉर्ट सर्किट से सिलेंडर में आग लगी है और वहीं से बाकी जगहों पर आग फैली. अस्पताल में परमिशन से ज़्यादा सिलेंडर रखे गए थे.''

  4. राजकोट और दिल्ली आग हादसे के पीड़ितों के लिए पीएम मोदी ने मदद का एलान किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजकोट में और दिल्ली में हुए हादसे के पीड़ितों के लिए मदद की घोषणा की है.

    उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष से राजकोट हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपये देने की घोषणा की है. साथ ही घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.

    वहीं दिल्ली के एक अस्पताल में आग लगने से हुई मौतों के बाद उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की है. साथ ही घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.

    राजकोट के गेम ज़ोन में शनिवार शाम आग लगने से 27 लोगों की मौत हुई है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं.

    गुजरात सरकार ने घटना की जांच के लिए एसआईटी के गठन की घोषणा की है. इस पांच सदस्यीय एसआईटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सीआईडी ​​क्राइम के पुलिस महानिदेशक सुभाष त्रिवेदी को सौंपी गई है.

    शनिवार को पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाक़े में एक अस्पताल में आग लगने से 6 नवजात बच्चों की मौत हुई है.

    दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक़ अस्पताल से 12 बच्चों को रेस्क्यू किया गया था लेकिन इनमें से छह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. छह अन्य बच्चों को अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया है.

  5. आईपीएल: फ़ाइनल में केकेआर के ख़िलाफ़ सनराइज़र्स हैदराबाद ने जीता टॉस, किया ये फै़सला

    आईपीएल सीज़न 17 के फ़ाइनल मुक़ाबले में सनराइज़र्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फै़सला किया है.

    सनराइज़र्स हैदराबाद ने क्वॉलिफ़ायर टू में राजस्थान रॉयल्स को मात देकर फ़ाइनल में जगह बनाई है.

    वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स क्वॉलिफ़ायर वन में सनराइज़र्स हैदराबाद को हराकर फ़ाइनल में पहुंची.

    सनराइज़र्स हैदराबाद ने फ़ाइनल मुक़ाबले के लिए टीम में एक बदलाव किया है. अब्दुल समद प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होंगे.

    केकेआर ने फ़ाइनल के लिए प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया.

    सनराइज़र्स हैदराबाद की प्लेइंग 11: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, नीतीश रेड्डी, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), शहबाज़ अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी. नटराजन.

    केकेआर की प्लेइंग 11: रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती.

  6. सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे का कार्यकाल एक महीने के लिए बढ़ाया गया

    सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे का कार्यकाल एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है.

    कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने इसे मंजूरी दी है.मनोज पांडे 30 जून 2024 तक इस पद पर रहेंगे.

    इस बारे में बयान जारी कर कहा गया, ''चीफ ऑफ़ आर्मी स्टाफ़ के कार्यकाल को एक महीने के लिए बढ़ाया जा रहा है. नियम 16 A (4) के तहत उनका कार्यकाल समान्य आयु से आगे बढ़ाया गया है.''

    मनोज पांडे 31 मई को सेना प्रमुख के पद से रिटायर होने वाले थे.

    मनोज पांडे 30 अप्रैल 2022 को सेना प्रमुख बने थे.

  7. हमास ने इसराइल के तेल अवीव पर चार महीने में पहली बार रॉकेट दागे

    हमास ने कहा है कि उसने इसराइल के तेल अवीव में रॉकेट दागे हैं. बीते चार महीने में ये पहली बार है जब इसराइल के हिस्से तेल अवीव में हमास ने रॉकेट दागे हैं.

    इसराइली सेना का कहना है कि ग़ज़ा के रफ़ाह से 8 रॉकेट दागे गए हैं और उनमें से अधिकतर को मार गिराया गया है.

    इसराइली सेना रफ़ाह में बड़ा सेना अभियान चला रही है.

    इसराइल के पीएम नेतन्याहू का कहना है कि रफ़ाह में बड़ा अभियान चलाए बिना हमास को हराया नहीं जा सकता है.

    हमास की सैन्य शाखा इज़्ज़ेदीन अल-क़ासम ब्रिगेड्स ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर कहा है कि उसने इसराइल पर "बड़ी मिसाइलों" से हमला किया है.

    वहीं अमेरिका समेत कई मानवीय संगठनों ने रफ़ाह में चलाए जा रहे सैन्य अभियान से फ़लस्तीनियों की जान को ख़तरा बताया है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, सात अक्टूबर के बाद से इसराइल के हमलों से 35 हज़ार से ज्यादा फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है.

    हमास ने सात अक्टूबर को इसराइल पर हमला किया था. हमास के हमले में 1200 लोगों की मौत हुई थी. हमास के लड़ाकों ने 252 लोगों को बधंक भी बनाया था.

  8. उत्तर प्रदेश: लखीमपुर खीरी सड़क हादसे में चार लोगों की मौत, 6 की हालत गंभीर

    उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है.

    लखीमपुर खीरी थाने के पुलिस चौकी इंचार्ज रमेश तिवारी ने यह जानकारी दी.

    समाचार एजेंसी एएनआई से रमेश तिवारी ने कहा, ''टाटा मैजिक (टेम्पो) और रोडवेज़ की बस के बीच एक्सीडेंट हुआ है. रोडवेज़ बस बहराइच की तरफ जा रही थी और टाटा मैजिक बहराइच से आ रही थी. दोनों के बीच आमने-सामने से एक्सीडेंट हुआ है.''

    ''चार लोगों की मौत हुई है. इनमें एक बच्चा भी शामिल है. सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर है. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.''

  9. कान फ़िल्म समारोह में पायल कपाड़िया के अवॉर्ड जीतने पर पीएम मोदी क्या बोले

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कान फ़िल्म समारोह में अवॉर्ड जीतने पर पायल कपाड़िया को बधाई दी है.

    पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ''भारत को पायल कपाड़िया पर गर्व है. पायल कपाड़िया ने 'ऑल वी इमेजिन एज़ लाइट' फ़िल्म के जरिए ग्रैंड प्री अवॉर्ड जीतकर इतिहास रचा है.''

    ''पायल कपाड़िया पुणे के फ़िल्म एंड टेलीविज़न इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया की छात्र रही हैं और उनकी प्रतिभा की चमक वैश्विक स्तर पर देखने को मिली है. यह सम्मान ना सिर्फ उनके टैलेंट का प्रतीक है, बल्कि यह नई पीढ़ी के फिल्म निर्माताओं को भी प्रेरणा देगा.''

    मुंबई में केरल से आकर रह रही नर्सों के जीवन पर आधारित इस फ़िल्म को ग्रैंड प्री अवॉर्ड मिला है.

    इस पुरस्कार के साथ ही 38 साल की पायल कपाड़िया फ्रांसिस, फ़ोर्ड कोपोला, योर्गोस लैंथिमोस, अली अब्बास, जैक्स ऑडियार्ड और जिया झांगके जैसे निर्देशकों की क़तार में शामिल हो गई हैं.

  10. चक्रवात रेमल: बांग्लादेश के तटीय इलाक़ों में हज़ारों लोग सुरक्षित जगहों की तरफ जा रहे हैं

    चक्रवात रेमल के रफ़्तार पकड़ने के बाद बांग्लादेश के तटीय इलाक़ों से लगने वाले कई गांव खाली हो रहे हैं.

    हज़ारों लोग गांव में अपने-अपने घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जा रहे हैं.

    चक्रवात रेमल के रविवार शाम को तीव्र चक्रवाती तूफ़ान में तब्दील होने की आशंका जताई जा रही है.

    तटीय इलाक़ों में मछुआरों से समंदर में ना जाने के लिए कहा गया है. वहीं जो समंदर की तरफ गए हैं उनसे जल्द से जल्द वापस लौटने के लिए कहा गया है.

    26 मई की मध्यरात्रि तक ये चक्रवात बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटों से टकरा सकता है.

    भारत के मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में, सागर द्वीप से क़रीब 420 किलोमीटर दक्षिण में भारी दबाव केंद्रित है.

    पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना ज़िलों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है और लोगों से कमज़ोर इमारतों को खाली करने के लिए कहा गया है.

    मौसम विभाग ने चेताया है कि तूफ़ान की वजह से कई इलाक़ों में बाढ़ आ सकती है और बिजली और संचार की लाइनों को नुक़सान पहुंच सकता है.

  11. राजकोट गेम ज़ोन आग हादसा: पुलिस कमिश्नर बोले- दो गिरफ्तार, 6 के ख़िलाफ़ मामला दर्ज

    राजकोट के गेम ज़ोन में आग लगने की घटना पर राजकोट के पुलिस कमिश्नर राजू भार्गव ने कहा है कि अब तक दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और 6 लोगों के ख़िलाफ मामला दर्ज किया गया है.

    राजू भार्गव के मुताबिक़ 6 लोगों पर आईपीसी की धारा 304, 308, 336, 338 और 114 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    राजकोट के गेम ज़ोन में शनिवार शाम आग लगने से 27 लोगों की मौत हुई है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं.

    पुलिस कमिश्वर राजू भार्गव ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''कल शाम को गेम ज़ोन में जो आग लगी है उस मामले में आईपीसी की धारा 304, 308, 336, 338 और 114 के तहत 6 लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.''

    ''दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर रही है. क्राइम ब्रांच की टीम बाकी चार आरोपियों को तलाशने में जुटी हुई है. हमारी कोशिश रहेगी की जल्द से जल्द जांच पूरी करके इस मामले में चार्जशीट दाखिल की जाए.''

    गुजरात सरकार ने घटना की जांच के लिए एसआईटी के गठन की घोषणा की है. इस पांच सदस्यीय एसआईटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सीआईडी ​​क्राइम के पुलिस महानिदेशक सुभाष त्रिवेदी को सौंपी गई है.

  12. दिल्ली: अस्पताल में आग से 6 नवजात बच्चों की मौत पर सीएम केजरीवाल ने क्या कहा

    सीएम अरविंद केजरीवाल ने पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाक़े में बच्चों के अस्पताल में आग लगने की घटना को दिल तोड़ने वाली घटना बताया है.

    पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाक़े में अस्पताल में आग लगने से 6 नवजात बच्चों की मौत हुई है.

    दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली सरकार के भ्रष्ट प्रशासन की वजह से यह हादसा हुआ है.

    अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ''बच्चों के अस्पताल में आग की ये घटना हृदयविदारक है. इस हादसे में जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खोया उनके साथ हम सब खड़े हैं.''

    ''घटनास्थल पर सरकार और प्रशासन के अधिकारी घायलों को इलाज मुहैया करवाने में लगे हुए हैं. घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जो भी इस लापरवाही का ज़िम्मेदार होगा वो बख्शा नहीं जाएगा.''

    वहीं दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, '' 6 बच्चे जिन्होंने अपनी आंखें भी नहीं खोली वो दिल्ली सरकार के भ्रष्ट प्रशासन की भेंट चढ़ गए. मेरा सवाल है कि आखिर यह होता क्यों हो. हर बार दिल्ली सरकार जांच की बात कहकर बच जाती है.''

    ''मुंडका का हादसा हो, अलीपुर का हादसा हो, नरेला का हादसा हो, करोलबाग के दो होटल का हादसा हो, हर बार जांच की बात कही जाती है. लेकिन बाद में फिर लूट शुरू हो जाती है.''

    दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक़ रात 11 बजकर 32 मिनट पर अस्पताल में आग लगने की सूचना उन्हें फ़ोन कॉल के ज़रिए मिली थी.

    दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक़ अस्पताल से 12 बच्चों को रेस्क्यू किया गया था लेकिन इनमें से छह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. छह अन्य बच्चों को अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया है.

  13. मलेशिया मास्टर्स टूर्नामेंट के फ़ाइनल में हारीं पीवी सिंधु, वांग झियी ने जीता खिताब

    भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को मलेशिया मास्टर्स टूर्नामेंट के फ़ाइनल में हार का सामना करना पड़ा है.

    चीन की वांग झियी ने पीवी सिंधु को फ़ाइनल में 13-21, 21-16, 21-12 से हराकर ख़िताब जीत लिया.

    पीवी सिंधु ने पहले सेट में वांग झियी को 21-13 से पछाड़कर अच्छी शुरुआत की.

    लेकिन इसके बाद वांग झियी ने ज़ोरदार वापसी की. इसके बाद वांग झियी ने दूसरा सेट 21-16 से और तीसरा सेट 21-12 से जीत लिया.

    इससे पहले शनिवार को पीवी सिंधु ने सेमीफ़ाइनल में थाईलैंड की बुसानन को मात दी.

    पीवी सिंधु का सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला भी तीन सेट तक चला था. सिंधु ने सेमीफ़्इनल में 13-21, 21-16, 21-12 से जीत दर्ज की.

    पीवी सिंधु ओलंपिक में दो बार मेडल जीत चुकी हैं. सिंधु पेरिस ओलंपिक में भी खेलती हुई नज़र आएंगी.

  14. मिर्जापुर में बोले पीएम मोदी- इंडी गठबंधन वाले घोर सांप्रदायिक...

    उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' को सांप्रदायिक और जातिवादी बताया.

    उन्होंने कहा, “इंडी गठबंधन वालों को देश अच्छी तरह से जान गया है. ये लोग घोर सांप्रदायिक हैं. ये लोग घोर जातिवादी हैं. ये लोग घोर परिवारवादी हैं. जब भी इनकी सरकार बनती है तो ये इसके आधार पर ही फैसला लेते हैं.”

    पीएम मोदी ने कहा, “अभी देखिए यहां पर चुनाव हुए. हमारे यादव समाज के इतने होनहार लोग हैं, लेकिन उन्होंने अपने परिवार के लोगों को ही टिकट दिया, बाहर के एक को भी नहीं दिया.”

    उन्होंने कहा, “इतने दशकों तक देश ने बम धमाके झेले हैं. आतंकवाद ने सैकड़ों जीवन तबाह किए हैं. हमारे सपा वाले क्या करते थे. कानून व्यवस्था और समाजवादी पार्टी का 36 का आंकड़ा है. जो आतंकवादी पकड़े जाते थे उन्हें भी ये सपा वाले छोड़ देते थे. जो पुलिस अफसर इसमें आना कानी करता था, सपा सरकार पुलिस वाले को सस्पेंड कर देती थी, कि तुमने आतंकवादी को पकड़ा क्यों है, घर जाओ.”

    मोदी ने कहा, “मिर्जापुर को तो इन्होंने बदनाम करके रखा था. इन्होंने पूरे यूपी के पूर्वांचल को माफिया का सुरक्षित ठिकाना बना दिया था. जीवन हो या जमीन, कब छिन जाए, कोई नहीं जानता था. सपा सरकार में माफिया को भी वोट बैंक के हिसाब से देखा जाता था. अब ऐसा नहीं है. अब यहां हमारे योगी जी और उनकी पूरी सरकार मेरा जो स्वच्छता अभियान हैं, उसे बहादुरी से आगे बढ़ा रहे हैं. यहां बराबर सफाई चली है.”

    उन्होंने कहा, “सपा सरकार में पहले जनता थरथर कांपती थी. अब भाजपा सरकार में माफिया थरथर कांप रहा है.”

  15. चक्रवात रेमल पकड़ रहा है रफ्तार, पश्चिम बंगाल के कई ज़िलों पर हो सकता है असर

    भारत के मौसम विभाग के मुताबिक़ अगले कुछ घंटे में चक्रवात रेमल रफ़्तार पकड़कर तीव्र चक्रवाती तूफ़ान में बदल सकता है.

    ये चक्रवात बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटों से 26 मई की मध्यरात्रि तक टकरा सकता है.

    भारत के मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में, सागर द्वीप से क़रीब 420 किलोमीटर दक्षिण में भारी दबाव केंद्रित है.

    चक्रवात रेमल के मद्देनज़र भारत के मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है.

    तटीय इलाक़ों में मछुआरों से समंदर में ना जाने के लिए कहा गया है. जो समंदर में मौजूद हैं, उनसे वापस लौटने के लिए कहा गया है.

    पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना ज़िलों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है और लोगों से कमज़ोर इमारतों को खाली करने के लिए कहा गया है.

    मौसम विभाग ने चेताया है कि तूफ़ान की वजह से कई इलाक़ों में बाढ़ आ सकती है और बिजली और संचार की लाइनों को नुक़सान पहुंच सकता है.

    मौसम विभाग के मुताबिक़ इस तूफ़ान से पश्चिम बंगाल के और भी कई तटीय ज़िले प्रभावित होंगे और इसका असर त्रिपुरा, असम, नागालैंड और मणिपुर में भी दिख सकता है.

  16. राजकोट हादसाः तस्वीरों में दिखा बर्बादी का मंज़र, सीएम ने किया दौरा

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राजकोट में अस्पताल पहुंचकर अग्निकांड में घायल हुए लोगों से मुलाक़ात की है.

    उनके साथ गृह मंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद रहे.

  17. दिल्लीः घर में लगी आग, तीन लोगों की मौत, तीन घायल

    दिल्ली के कृष्णानगर इलाक़े में बीती रात एक घर में लगी आग की घटना में तीन लोगों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं.

    आग लगने की ये घटना रात क़रीब दो बजे की है. दिल्ली फ़ायर सर्विस ने सात लोगों को सुरक्षित बचाया है. घटना में घायल सभी तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    घटनास्थल पर मौजूद रहे फ़ायर अधिकारी राजेश अटवाल ने बताया, “दिल्ली फ़ायर सर्विस कंट्रोल रूम को कृष्णानगर के एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी. तुरंत ही पांच फ़ायर टेंडर मौके पर भेजे गए थे. अग्निशमन दल ने तुरंत ही आग पर काबू करने और लोगों को बचाने का काम शुरू किया.”

    राजेश अटवाल ने कहा, “बिल्डिंग से बाहर निकलने का एक ही रास्ता है. इस तरह की इमारतों में ये सबसे बड़ी समस्या आ रही है. पहली मंज़िल पर आग थी, ऊपरी मंज़िलों पर आग नहीं लगी है.”

    अग्निशमन दल ने कुल 13 लोगों को इमारत से निकाला और अस्पताल पहुंचाया. इनमें से तीन की मौत की पुष्टि रविवार सुबह की गई. तीन लोग घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं जबकि सात लोग सुरक्षित हैं.

    इमारत की ऊपरी मंज़िलों पर धुआं भरने और गर्मी होने की वजह से लोगों को फ़ायर सर्विस ने रेस्क्यू किया. ये लोग निचले फ्लोर पर आग की वजह से इमारत से बाहर नहीं आ पा रहे थे.

    ये राजधानी दिल्ली में शनिवार रात को आग लगने की दूसरी घटना है. विवेक विहार इलाक़े में बच्चों के एक अस्पताल में आग लगने से छह नवजात बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है.

  18. उत्तर प्रदेशः शाहजहांपुर में सड़क हादसा, 11 लोगों की मौत

    उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक ढाबे पर खड़ी निजी बस से ट्रक के टकराने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है. इस हादसे में दस लोग घायल भी हुए हैं.

    पुलिस के मुताबिक़ एक ढाबे पर खड़ी बस पर गिट्टी से भरे ट्रक के पलट जाने की वजह से ये हादसा हुआ है.

    शाहजहांपुर के एसएसपी अशोक कुमार मीणा के मुताबिक़, ढाबे पर खड़ी हुई बस पर ट्रक के पलट जाने की वजह से बस में बैठे कई श्रद्धालु फंस गए.

    एसएसपी के मुताबिक़, “ढाबे के पास एक बस खड़ी थी जिसमें श्रद्धालु सवार थे. ये लोग सीतापुर से पुर्णागिरी के लिए यात्री जा रहे थे. कुछ लोग ढाबे पर खाना खा रहे थे और कुछ लोग बस में बैठे हुए थे. गिट्टी से भरा हुआ एक ट्रक अनियंत्रित होकर बस पर पलट गया.”

    पुलिस के मुताबिक़ इस हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि दस लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    हादसे में मारे गए सभी लोग सीतापुर के बड़ा जेठा गांव के रहने वाले हैं.

  19. दिल्लीः अस्पताल में आग, 6 नवजात बच्चों की मौत, कई घायल

    पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाक़े में बच्चों के अस्पताल में आग लगने की घटना में कम से कम छह नवजात बच्चों की मौत हो गई है.

    दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक़ रात 11 बजकर 32 मिनट पर अस्पताल में आग लगने की सूचना कॉल के ज़रिए मिली थी.

    दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक़ अस्पताल से 12 बच्चों को रेस्क्यू किया गया था लेकिन इनमें से छह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.

    छह अन्य बच्चों को अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया है.

    फ़ायर अधिकारी राजेश अटवाल ने बताया, “आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है.”

    आग ने अस्पताल के नज़दीक़ की इमारत को भी चपेट में ले लिया था.

    राजेश अटवाल ने बताया, “हमारे यहां पहुंचने से पहले भी कुछ लोगों को यहां से निकाला गया था हमने कुल 12 लोगों को रेस्क्यू किया है जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”

  20. राजकोट हादसे की जांच के लिए गठित एसआईटी के अध्यक्ष ने कहा, 'हम बच्चों को इंसाफ़ दिलाकर रहेंगे'

    गुजरात के राजकोट में एक मॉल के गेम ज़ोन में आग लगने की घटना में कम से कम 24 लोगों की मौत के बाद इस हादसे की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है.

    सुभाष त्रिवेदी को इस एसआईटी का प्रमुख बनाया गया है.

    राजकोट में पत्रकारों से बात करते हुए सुभाष त्रिवेदी ने बताया, “इस हादसे की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. एफ़एसएल के निदेशक और अग्निशमन विभाग के अधिकारी इसमें शामिल हैं.”

    उन्होंने कहा, “किस विभाग में क्या-क्या किया गया है, इसकी जांच होगी. कौन ज़िम्मेदार है, क्या गलतियां हुई हैं, भविष्य में ऐसी स्थिति ना बने, उसके लिए क्या करना चाहिए, इस सबके लिए हम पूरी तहक़ीक़ात करेंगे. हम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से, इस हादसे में मारे गए बच्चों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”