अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आज रात दस बजे तक ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी सीधे भारतीय साइबर क्राइम पोर्टल को देने पर सहमति जताई है.
रौनक भैड़ा
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आज रात दस बजे तक ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

इमेज स्रोत, Thomas Fuller/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी सीधे भारतीय साइबर क्राइम पोर्टल को देने पर सहमति जताई है.
मेटा ने बीबीसी संवाददाता दिव्या आर्य को बताया कि कंपनी बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी सीधे भारत के साइबर क्राइम पोर्टल से साझा करेगी.
इस पोर्टल का संचालन गृह मंत्रालय के तहत आने वाला इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर करता है.
मेटा अब तक ऐसी सामग्री की जानकारी अमेरिका की नेशनल सेंटर फ़ॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन (एनसीएमईसी) को देता था. इसके बाद एनसीएमईसी संबंधित देशों और वहां की एजेंसियों को इसकी जानकारी देता है, फिर स्थानीय एजेंसियां कार्रवाई करती हैं.
दरअसल, बीबीसी आई ने अपनी पड़ताल में पाया कि इंस्टाग्राम भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़े विज्ञापनों को प्रसारित कर रहा है. ऐसा करके कंपनी कमाई भी कर रही है. ये विज्ञापन यूज़र्स को मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम तक ले जाते हैं, जहाँ ये लोग बच्चों के यौन शोषण वाले वीडियो ख़रीद सकते हैं.
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने भी बीबीसी आई की रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लेते हुए मेटा प्लेटफ़ॉर्म्स को नोटिस जारी किया था. इसके बाद कंपनी के इंडिया हेड को समन भी भेजा गया था.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि जो प्लेटफ़ॉर्म बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क़दम उठाने में विफल रहेंगे, उनके ख़िलाफ़ सरकार कार्रवाई करेगी.
एजेंसी ने बताया कि सरकार अन्य ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स के साथ भी लगातार संपर्क में है, ताकि वे बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक और हानिकारक कंटेंट की सक्रिय रूप से पहचान कर उसे हटाने के लिए आवश्यक क़दम उठाएं.

इमेज स्रोत, SAM PANTHAKY/AFP via Getty Images
ब्रिक्स समिट में शाकाहारी खाने को लेकर उठे विवाद पर योग गुरु रामदेव ने प्रतिक्रिया दी है.
रामदेव ने कहा है कि दुनिया अब वीगन जीवनशैली की ओर बढ़ रही है और इस मुद्दे को धर्म के नज़रिए से नहीं देखा जाना चाहिए.
रामदेव ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से मंगलवार को कहा, "दुनिया पहले मांसाहारी भोजन से शाकाहारी भोजन की ओर बढ़ी, और अब दुनिया वीगन जीवनशैली की ओर बढ़ रही है. मुझे लगता है कि जो लोग इस पर सवाल उठाया रहे हैं, वो बौद्धिक दिवालियापन के शिकार हो गए हैं."
उन्होंने कहा, "हालांकि, क्या खाना है, यह हर व्यक्ति की अपनी इच्छा होती है. लेकिन विज्ञान और सेहत के नज़रिए से शाकाहारी भोजन फ़ायदेमंद है और वीगन भोजन उससे भी बेहतर है. इसलिए इस मुद्दे को धर्म से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए."
दरअसल, 'भारत मंडपम' में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान गाला डिनर आयोजित हुआ था.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, गाला डिनर में पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरट बीन पोरियल, ठक्कली बेले सारू, मिलेट पुलाव और बीट रूट रायता जैसे व्यंजन परोसे गए थे.
इसके बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर दावा किया है कि "80% भारतीय मांसाहारी हैं."

इमेज स्रोत, Kevin Mazur/Getty Images
टेलीविज़न जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार 78वें प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स 2026 की घोषणा हो गई है.
लॉस एंजेलिस के पीकॉक थिएटर में आयोजित समारोह में इस साल कॉमेडी और ड्रामा श्रेणियों में कड़ा मुक़ाबला देखने को मिला.
इस साल अभिनेता मैथ्यू राइस ने एमी के इतिहास में एक ही रात में दो अलग-अलग श्रेणियों में बेस्ट लीड एक्टर का पुरस्कार जीतकर नया इतिहास रच दिया है.
उन्होंने 'विडोज़ बे' के लिए बेस्ट कॉमेडी एक्टर और 'द बीस्ट इन मी' के लिए बेस्ट एक्टर (लिमिटेड सीरीज़) का ख़िताब अपने नाम किया
अभिनेत्री जीन स्मार्ट ने सिरीज़ 'हैक्स' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस (कॉमेडी सीरीज़) का पुरस्कार जीता.
विजेताओं की सूची

इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की प्रमुख मायावती ने आरोप लगाया है कि सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी की वजह से राजस्थान में निकाय चुनाव में उनके कई उम्मीदवार हार गए.
दरअसल, 14 सितंबर को राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजे जारी हुए हैं, जिन पर मायावती ने सवाल उठाए हैं.
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "राजस्थान में हुए निकाय चुनाव में बीएसपी ने भी इस बार 19 सीटों पर अपने पार्षद जिताकर भेजे हैं. कई उम्मीदवार सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी की वजह से दोबारा गिनती में ज़बरदस्ती थोड़े-थोड़े वोटों के अंतर से हरा दिए गए हैं. वरना पार्टी का यहाँ और भी अच्छा रिज़ल्ट आ सकता था."
उन्होंने कहा, "इससे पहले पंजाब सहित देश के कुछ और राज्यों में भी जो स्थानीय निकाय के चुनाव हुए हैं, तो वहाँ भी पार्टी का पहले से अच्छा नतीजा आया है और वे भी बधाई के पात्र हैं."
मायावती ने लिखा, "उम्मीद है कि अब वहाँ आगे होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी वे सभी लोग पार्टी का बेहतर रिज़ल्ट ज़रूर लाएँगे."
गौरतलब है कि राजस्थान निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस पर बड़ी बढ़त हासिल करते हुए जीत दर्ज की है. राज्य के कुल 10,244 वार्डों में से बीजेपी ने 4,179 वार्ड यानी लगभग 41% सीटों पर जीत दर्ज की है.
जबकि कांग्रेस 3,613 वार्ड यानी 35% सीटों पर जीती है. इस चुनाव में 2,273 वार्डों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है.

इमेज स्रोत, Thomas Fuller/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर जनता से यूपीआई पेमेंट के ज़रिए वसूली की तैयारी करने का आरोप लगाया है.
पार्टी ने दावा किया है कि सरकार 2,000 रुपये से अधिक के हर यूपीआई पेमेंट पर 0.5 प्रतिशत चार्ज लगाने की योजना बना रही है.
दरअसल, 14 सितंबर 2026 को जारी सरकारी अधिसूचना के अनुसार, दो हज़ार रुपये तक के यूपीआई पेमेंट पर किसी भी तरह का चार्ज नहीं लगेगा.
कांग्रेस का कहना है कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो 5,000 रुपये के यूपीआई पेमेंट पर 25 रुपये का अतिरिक्त चार्ज देना होगा.
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "नरेंद्र मोदी जनता से वसूली का नया प्लान लाए हैं. अब 2,000 रुपये से ऊपर के यूपीआई पेमेंट पर सरकार वसूली करेगी. प्लान है कि ₹2,000 से ऊपर के हर यूपीआई पेमेंट पर 0.5% चार्ज वसूला जाए. इसका मतलब है कि अगर आपने 5,000 रुपये की खरीदारी की तो 25 रुपये का चार्ज लगेगा. अगर 10,000 रुपये की खरीदारी की तो 50 रुपये वसूला जाएगा."
पार्टी ने लिखा, "पहले यूपीआई पेमेंट पूरी तरह फ़्री था, लेकिन नरेंद्र मोदी से ये देखा नहीं गया और यहाँ भी वसूली का खेल शुरू कर दिया. मोदी का फ़ंडा साफ़ है - जितना हो सके जनता को लूट लो और अपने मित्र की तिजोरी भरो. ये सरकार जनता की सरकार नहीं है, ये चंद उद्योगपतियों की सरकार है और नरेंद्र मोदी उनके एजेंट."

इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी बेटिना ने पुष्टि की है कि उनकी शादी का कुछ ख़र्च रूस के एक कारोबारी ने उठाया.
इस कारोबारी का नाम उमर क्रेमलेव है, जिसके रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से क़रीबी संबंध हैं.
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना की शादी मई महीने में हुई थी. अब दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के ज़रिए बताया कि बहामास के एक प्राइवेट आइलैंड पर आयोजित शादी समारोह की दो रातों की मेज़बानी उमर क्रेमलेव ने की थी
उमर क्रेमलेव इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष हैं. दंपति ने अपने बयान में क्रेमलेव को अपना क़रीबी दोस्त बताया.
ट्रंप जूनियर और बेटिना ने इसे एक दोस्त की ओर से दिया गया शादी का तोहफ़ा बताया और इसके लिए आभार जताया.
इस पूरे मामले ने अमेरिकी मीडिया में ट्रंप परिवार पर विदेशी प्रभाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन ख़र्चों की जानकारी पहले प्रो पब्लिका की एक रिपोर्ट में सामने आई थी.
प्रो पब्लिका की रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना ट्रंप ने बहामास के एक प्राइवेट आइलैंड पर शादी की थी. इसके बाद शादी का दो दिवसीय जश्न एक दूसरे आइलैंड हुआ, जिसका एक रात का किराया क़रीब 1 लाख डॉलर है.
रिपोर्ट के अनुसार, इस समारोह से जुड़े कई ख़र्च भी क्रेमलेव ने उठाए. इनमें क़रीब 70 हज़ार डॉलर का आतिशबाज़ी प्रदर्शन भी शामिल था.
प्रो पब्लिका ने अपनी इन्वेस्टिगेशन के आधार पर बताया कि क्रेमलेव ने शादी समारोह पर लाखों डॉलर ख़र्च किए.
अमेरिकी एथिक्स पर नज़र रखने वाले कई संगठनों ने इस पर चिंता जताई है.
उनका कहना है कि राष्ट्रपति के बेटे ने ऐसे व्यक्ति से महंगे उपहार स्वीकार किए, जिसके रूसी राष्ट्रपति पुतिन से क़रीबी संबंध हैं. भले ही ट्रंप जूनियर सरकारी पद पर न हों, लेकिन यह हितों के टकराव की स्थिति जैसा है.

इमेज स्रोत, OMAR AL-QATTAA/AFP via Getty Images
इसराइली सेना ने दावा किया है कि उसने सोमवार को ग़ज़ा में एक सैन्य अभियान में हमास के पांच सदस्यों को मार दिया है, जिनमें एक कमांडर भी शामिल है.
द टाइम्स ऑफ़ इसराइल की रिपोर्ट के अनुसार, इसराइली सेना और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने हाल के हफ़्तों में ग़ज़ा में अपनी ‘आतंकवाद विरोधी कार्रवाइयों’ को तेज़ किया है.
इसराइली सेना के निशाने पर हमास के सैन्य कमांडर अहमद अल-बत्श थे, जिन्हें ‘अबू ओसामा’ के नाम से भी जाना जाता था. हमास से जुड़े समाचार सूत्रों ने भी उनकी मौत की पुष्टि की है.
ईरान की फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने सोमवार रात ‘ग़ज़ा अल-आन’ के हवाले से बताया कि अहमद अल-बत्श हमास की सशस्त्र यूनिट 'इज्ज़ अल-दीन अल-क़स्साम' ब्रिगेड के कमांडर थे. रिपोर्ट के मुताबिक, एक इसराइली हवाई हमले में उनकी मौत हुई.
अल जज़ीरा ने भी उनकी मौत की जानकारी देते हुए बताया कि अहमद अल-बत्श को ग़ज़ा सिटी के उत्तर में अल-सफ़्तावी स्ट्रीट पर एक कार को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में मारा गया. यह इलाका जबालिया के पश्चिम में स्थित है.
इसराइली सेना ने कहा है कि ग़ज़ा में हमास के खिलाफ़ उसके अभियान लगातार जारी हैं और हाल के हफ़्तों में इन कार्रवाइयों को और तेज़ किया गया है.

इमेज स्रोत, Francois Nel/Getty Images
महिला एशिया कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से मना कर दिया था.
इस मामले पर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड यानी बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि ट्रॉफ़ी नक़वी से नहीं लेने का फ़ैसला टीम और अधिकारियों ने आपसी चर्चा के बाद सामूहिक रूप से लिया था.
राजीव शुक्ला ने सोमवार को कहा, "ट्रॉफ़ी को लेकर हमने आपस में बात की और फ़ैसला किया कि हम उनसे ट्रॉफ़ी नहीं लेंगे. इसमें कोई झगड़ा या टकराव नहीं हुआ."
उन्होंने कहा, "सैकिया जी (देवजीत सैकिया) ने जो कहा, वह बिल्कुल सही है. जब आप किसी मैच में होते हैं, तो वहां सभी लोग मौजूद होते हैं, सभी देशों के लोग एक-दूसरे से मिलते हैं. इसलिए मुझे नहीं लगता कि इस बात को लेकर इतनी आलोचना होनी चाहिए."
वहीं, पाकिस्तान की न्यूज़ वेबसाइट 'द डॉन' में छपी ख़बर के मुताबिक़ इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने कहा कि ट्रॉफ़ी लेने से इनकार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
जियो न्यूज़ से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारत की "कूटनीतिक और सैन्य हार मिट नहीं जाएगी."

इमेज स्रोत, ANI
महिला एशिया कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था.
इस मामले पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की प्रतिक्रिया सामने आई है.
नक़वी पाकिस्तान के गृह मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी के प्रमुख भी हैं.
असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल उठाया किया कि भारत पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेल ही क्यों रहा है.
उन्होंने सोमवार को समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "आप उनके (पाकिस्तान) साथ क्यों खेल रहे हैं? जब सिंधु जल समझौते को रोक दिया गया है, तो आईसीसी का कॉन्ट्रैक्ट कैसे ज़रूरी हो सकता है? आप बीसीसीआई को टीवी राइट्स के ज़रिए पैसा कमाने दे रहे हैं."
ओवैसी ने कहा, "सरकार उन लोगों के प्रति सहानुभूति क्यों नहीं दिखाती, जिनके परिवार के सदस्यों को पहलगाम में आतंकवादियों ने बेरहमी से मार डाला? आप उस देश के साथ क्यों खेल रहे हैं, जो अब भी आतंकवाद को बढ़ावा देता है? हाल ही में लाल क़िले पर हुआ आत्मघाती हमला भी पाकिस्तान के समर्थन से हुआ था."
दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम के कोच अमोल मजूमदार ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि बीसीसीआई ने जो रुख़ अपनाया है, उस पर क़ायम हैं और उसका समर्थन करते हैं.
मजूमदार ने कहा कि उनके लिए यह टूर्नामेंट ख़त्म हो चुका है और भारतीय टीम चैंपियन है. उन्होंने कहा कि उनके लिए इतना ही काफ़ी है.

इमेज स्रोत, Scott Barbour/Getty Images
पाकिस्तान में एक बार फिर पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमतों में बढ़ोतरी हुई है.
पेट्रोलियम डिविज़न की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक़, पेट्रोल की क़ीमत में 4.42 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद पेट्रोल की नई क़ीमत 380.24 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
वहीं, हाई-स्पीड डीज़ल के दाम में 6.10 रुपये प्रति लीटर का इज़ाफ़ा किया गया है. बढ़ोतरी के बाद डीज़ल की नई क़ीमत 409.42 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है.
सरकार ने नई क़ीमतों को 15 सितंबर से तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है. हाल के दिनों में पाकिस्तान में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमतों में निरंतर उछाल देखने को मिला है.
(इस ख़बर में रुपये का मतलब पाकिस्तानी रुपये से है)

इमेज स्रोत, RABIH DAHER/AFP via Getty Images
हूती विद्रोहियों ने सोमवार को दावा किया कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों में यमन के अलग-अलग इलाक़ों में 54 हवाई हमले किए हैं.
यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब हूती लाल सागर के तटीय इलाक़ों में तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं.
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने एक बयान में कहा, "सऊदी की एयरफ़ोर्स ने एफ-15 और टाइफ़ून लड़ाकू विमानों के ज़रिए यमन के क्षेत्रों को निशाना बनाया. उनके मुताबिक़, इन हवाई हमलों में ताइज़, लहज, जौफ़, मारिब और होदेइदा के इलाक़े शामिल हैं."
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, हूतियों ने सोमवार को यह दावा भी किया कि उन्होंने सऊदी अरब में सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं.
हूतियों के मुताबिक़, हाल के दिनों में उन्होंने लाल सागर के तट और बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर कंट्रोल हासिल किया है.
गौरतलब है कि इस समुद्री मार्ग का रणनीतिक महत्व हाल ही में बढ़ गया था, क्योंकि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान होर्मुज़ स्ट्रेट पहले से ही प्रभावित है.
बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.