You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

शेख़ हसीना को मौत की सज़ा दिए जाने पर मोहम्मद यूनुस ने क्या कहा?

अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना और पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां ख़ान कमाल दोनों को मौत की सज़ा सुनाई है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और उपासना

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता उपासना को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. शेख़ हसीना को मौत की सज़ा दिए जाने पर मोहम्मद यूनुस ने क्या कहा?

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को मौत की सज़ा के फ़ैसले पर देश की कार्यकारी सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को एक पोस्ट किया.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "आज बांग्लादेश की अदालत ने जिस स्पष्टता के साथ अपना फ़ैसला सुनाया है, उसकी गूंज पूरे देश और उसके बाहर भी सुनाई दे रही है."

    "दोष साबित होना और सज़ा मिलना, एक बुनियादी सिद्धांत की पुष्टि करती है कि कोई भी, चाहे कितना भी ताक़तवर क्यों न हो, क़ानून से ऊपर नहीं है."

    उन्होंने आगे लिखा, "हालांकि, यह फ़ैसला जुलाई और अगस्त 2024 के विद्रोह में प्रभावित हुए हज़ारों लोगों और उन परिवारों के लिए, जो अभी भी अपने नुक़सान से जूझ रहे हैं, उनके लिए सीमित ही सही मगर महत्वपूर्ण न्याय करता है."

    "हम सालों के उत्पीड़न से नष्ट हो चुकीं लोकतांत्रिक संस्थाओं के पुनर्निर्माण पर खड़े हैं."

    उन्होंने आगे लिखा कि 1400 जानें चली गई थीं, ये सिर्फ़ आंकड़े नहीं थे, बल्कि छात्र, माता-पिता और अधिकार प्राप्त नागरिक थे.

    "महीनों तक चली गवाही में बताया गया कि कैसे निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर घातक बल, यहां तक कि हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया."

    "यह फ़ैसला उनकी पीड़ा को स्वीकार करता है और इस बात की पुष्टि करता है कि हमारी न्याय व्यवस्था अपराधियों को जवाबदेह ठहराएगी."

  3. शेख़ हसीना को मौत की सज़ा के फ़ैसले के ख़िलाफ़ ढाका में प्रदर्शन, पुलिस ने बरसाईं लाठियां

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शेख़ हसीना को मौत की सज़ा के फ़ैसले के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हो रहे हैं. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए ग्रेनेड और लाठियों का इस्तेमाल किया.

  4. लाल क़िला ब्लास्ट: एनआईए ने की एक और गिरफ़्तारी

    दिल्ली में 10 नवंबर को लाल क़िले के पास हुए कार धमाके से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) ने एक और गिरफ़्तारी की है.

    एनआईए ने सोमवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.

    इस बयान के मुताबिक, कश्मीर निवासी जसीर बिलाल वानी को एनआईए की टीम ने श्रीनगर से गिरफ्तार किया है. जसीर जम्मू और कश्मीर के अनंतनाग में काजीगुंड का रहने वाला है.

    एनआईए ने बयान में कहा है कि जसीर ने आतंकी हमलों में कथित तौर पर तकनीकी मदद मुहैया कराई. उसने घातक कार बम विस्फोट से पहले रॉकेट बनाने की कोशिश भी की.

    एजेंसी ने दावा किया कि जसीर कार धमाके से जुड़े आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ सह साजिशकर्ता था.

    10 नवंबर को लाल किले के पास हुए कार बम धमाके में 10 लोगों की जान चली गई थी. 32 लोग घायल हुए थे.

  5. बिहार: तेजस्वी यादव होंगे विधायक दल के नेता, चुनाव के बाद आरजेडी समीक्षा बैठक में हुआ फ़ैसला

    राष्ट्रीय जनता दल(आरजेडी) ने सोमवार को तेजस्वी यादव को विधायक दल का नेता चुन लिया. सोमवार को पार्टी की समीक्षा बैठक में यह फ़ैसला किया गया है.

    बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी ने 143 में से 25 सीटें जीती हैं.

    आरजेडी के नेता शक्ति सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि समीक्षा बैठक में पार्टी के सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय जनता दल विधायक दल का नेता चुन लिया है.

    उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उदय नारायण चौधरी समेत सभी ने चुनाव के नतीजों पर अपनी बातें रखीं.

    शक्ति सिंह ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव ने भी अपनी बातें रखने के बाद कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अगर आप किसी और को विधायक दल का नेता चुनना चाहते हैं तो चुन सकते हैं, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ.

  6. मदीना बस हादसाः उमरा करने गए लोगों की जानकारी के इंतज़ार में घर वाले, मृतकों के परिवार वालों को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवज़ा

    सऊदी अरब के मदीना में बस हादसे में 45 भारतीयों की मौत हो गई है. इनमें से एक मृतक तीर्थयात्री के परिवार के सदस्य मोहम्मद मंसूफ ने बताया कि किसी ने वहां से फोन करके बताया कि वहां क्या हुआ है.

    उनके परिवार के चार लोग उमराह के लिए गए थे. मोहम्मद मंसूफ़ ने कहा, "मेरा बड़ा भाई मोहम्मद मंज़ूर, मेरी मां शोहरत बेग़म, मेरी भाभी फरहीन बेगम और मेरी भतीजी शाहीन वहां गए थे."

    उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई के ज़रिए अधिकारियों से मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द परिवार वालों के बारे में जानकारी मिले और उनके वहां जाने का इंतजाम किया जाए.

    इस बीच तेलंगाना सरकार ने मृतकों के परिवार वालों को 5 लाख रुपये मुआवजे के तौर पर देने का एलान किया है.

    कैबिनेट ने राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन की अगुवाई में एक सरकारी टीम को सऊदी अरब भेजने का भी फैसला किया है.

  7. बांग्लादेश ने कहा, 'शेख़ हसीना को फ़ौरन प्रत्यर्पित करे भारत'

    बांग्लादेश ने शेख़ हसीना और असदुज्जमां ख़ान कमाल के प्रत्यर्पण की मांग की है. दोनों ही इस समय भारत में रह रहे हैं.

    बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना और पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां ख़ान कमाल दोनों को मौत की सज़ा सुनाई है.

    इस फ़ैसले के बाद सोमवार को बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय की तरफ से एक बयान जारी किया गया.

    इसमें लिखा है, "अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के फ़ैसले में भगोड़े शेख़ हसीना और असदुज्जमां ख़ान कमाल दोषी पाए गए हैं."

    मानवता के खिलाफ अपराधों के दोषी इन व्यक्तियों को कोई भी देश अगर शरण देता है तो इसे अमित्र व्यवहार और न्याय की अवमानना ​​का गंभीर कृत्य होगा.

    बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम चाहते हैं कि भारत सरकार दोनों दोषियों को फ़ौरन बांग्लादेशी अधिकारियों को सौंपे. दोनों देशों के बीच मौजूद प्रत्यर्पण संधि के अनुसार यह भारत का दायित्व बनता है."

    बांग्लादेश पहले भी कई बार आधिकारिक तौर पर शेख़ हसीना को वापस भेजने का आवेदन करते हुए पत्र भेज चुका है. हालांकि, भारत ने आवेदनों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    पत्रकारों के सवालों के जवाब में बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार ने कई बार कहा कि बांग्लादेश उन्हें लौटाने के लिए कई बार लेटर भेज चुका है. मगर भारत की तरफ से कोई भी सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है.

  8. आज़म ख़ान और बेटे अब्दुल्लाह आज़म को सात साल की सज़ा, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान और उनके बेटे, पूर्व विधायक अब्दुल्लाह आज़म को सात-सात साल की सज़ा सुनाई गई है.

    दो पैन कार्ड मामले में रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने सोमवार को यह सज़ा सुनाई है.

    दोनों ही अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में ले लिया गया है.

    अतिरिक्त शासकीय अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने मीडिया से कहा,''सात साल की सज़ा और 50 हज़ार रूपये का जुर्माना लगाया गया है.”

    छह साल पहले भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ था.

    उन्होंने आरोप लगाया था कि अब्दुल्लाह आज़म ने दो अलग-अलग जन्मतिथियों का उपयोग कर दो पैन कार्ड बनवाए और इनका उपयोग भी किया.

    इस सज़ा पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद आज़म का भी बयान आया है. उन्होंने कहा, ''अदालत के निर्णय पर टिप्पणी नहीं की जा सकती है. लेकिन ये सबको मालूम है कि सरकार आज़म ख़ान के ख़िलाफ साजिश कर रही है.''

    आज़म ख़ान सितंबर में हाईकोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद 23 सितंबर को रिहा हुए थे. आज़म ख़ान के खिलाफ रामपुर और अन्य जनपदों में कुल 104 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 83 की सुनवाई विभिन्न अदालतों में जारी है.

  9. 'मौत की सज़ा' पर बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख़ हसीना ने क्या कहा?

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने ढाका कोर्ट के फ़ैसले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कोर्ट के फ़ैसले को ‘पक्षपातपूर्ण और राजनीति से प्रेरित’ बताया है.

    कोर्ट से फ़ैसला आने के बाद शेख़ हसीना की तरफ से पांच पन्नों का बयान जारी किया गया है.

    उसमें कहा गया है, “मौत की सज़ा अंतरिम सरकार का अवामी लीग को एक राजनीतिक ताकत के रूप में अमान्य करने का तरीका है."

    अवामी लीग शेख़ हसीना की पार्टी है.

    इससे पहले शेख़ हसीना ने इस मुकदमे को एक ‘तमाशा’ बताया था और अपने ख़िलाफ सभी आरोपों से इंकार किया था.

    उन्होंने कहा था, "मुझे मेरे ऊपर आरोप लगाने वालों का सामना उचित न्यायाधिकरण में करने में कोई डर नहीं है, जहां सबूतों का निष्पक्ष मूल्यांकन और परीक्षण किया जा सकता है."

    उन्होंने अंतरिम सरकार को हेग में मौजूद अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय के सामने इन आरोपों को लाने की चुनौती दी थी.

    बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को मानवता के ख़िलाफ़ अपराध का दोषी पाते हुए मौत की सज़ा सुनाई है.

    शेख़ हसीना पर पिछले साल जुलाई-अगस्त में हुए विद्रोह के दौरान मानवता के विरुद्ध अपराध के आरोप तय किए गए थे.

    भारत में निर्वासन में रह रहीं शेख़ हसीना की ग़ैर मौजूदगी में उनके ख़िलाफ़ मामला चलाया गया था.

  10. मदीना बस हादसे में मरने वाले सभी भारतीय, ईरानी दूतावास ने जताया दुख

    उमरा करने गए भारतीयों की बस हादसे में हुई मौत पर भारत स्थित ईरान के दूतावास ने भी दुख ज़ाहिर किया है. दूतावास के आधिकारिक एक्स हैंडल पर सोमवार को एक पोस्ट किया गया.

    इसमें लिखा है, "नई दिल्ली में मौजूद ईरानी दूतावास मदीना में भारतीयों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करता है. भारत की सरकार और जनता के प्रति गहरी संवेदना जाहिर करता है."

    "हम ईश्वर से मृतकों की शांति और उनके परिवारजनों के लिए धैर्य और शक्ति की प्रार्थना करते हैं."

    सोमवार को सऊदी अरब के मदीना में हुए बस हादसे में 45 लोग मारे गए हैं. हैदराबाद सिटी पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने बीबीसी न्यूज़ तेलुगु से इसकी पुष्टि की है.

    इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग भारतीय थे.

    इससे पहले तेलंगाना सीएमओ ने कहा था कि बस में हैदराबाद के लोग भी सवार थे. ये सभी उमरा (धार्मिक यात्रा) करने गए हुए थे.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस हादसे पर दुख जताया है.

    एस जयशंकर ने कहा, "सऊदी अरब के मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुए हादसे से मैं बेहद दुखी हूं. रियाद में भारतीय दूतावास और जेद्दाह में कंसुलेट जनरल इस हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को पूरी सहायता दे रहे हैं."

  11. बिहार के कैबिनेट मंत्री प्रेम कुमार ने बताया, नई सरकार 20 नवंबर को लेगी शपथ

    बिहार विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल करने के बाद एनडीए की नई सरकार 20 नवंबर को शपथ लेगी. बिहार के कैबिनेट मंत्री प्रेम कुमार ने यह जानकारी दी है.

    मंत्री प्रेम कुमार ने बताया, "नई सरकार बनने जा रही है. 20 तारीख़ को शपथ ग्रहण होगा. आज की बैठक (कैबिनेट) का यह निर्णय था. 19 तारीख़ को बिहार विधानसभा भंग की जाएगी."

    उन्होंने कहा, "पटना के गांधी मैदान में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह होगा. इसमें प्रधानमंत्री जी और बीजेपी के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे."

    बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटें जीती हैं. वहीं महागठबंधन के खाते में महज़ 35 सीटें आई हैं.

  12. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता उपासना आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. सऊदी अरब के मदीना में हुए बस हादसे में 45 लोगों की मौत, हैदराबाद सिटी पुलिस कमिश्नर ने बताया

    हैदराबाद सिटी पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने बीबीसी न्यूज़ तेलुगु से पुष्टि की है कि सऊदी अरब के मदीना में हुए बस हादसे में 45 लोग मारे गए हैं.

    हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मारे गए लोगों में कितने भारतीय हैं.

    इससे पहले तेलंगाना सीएमओ ने कहा था कि बस में हैदराबाद के लोग भी सवार थे. ये सभी उमरा (धार्मिक यात्रा) करने गए हुए थे.

    वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है.

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मदीना में भारतीय नागरिकों से जुड़े हादसे से मैं दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने चाहने वाले खोए हैं. घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ करता हूं."

    उन्होंने कहा, "रियाद में हमारा दूतावास और जेद्दाह में मौजूद कंसुलेट हर संभव मदद कर रहे हैं. हमारे अधिकारी सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं."

    विदेश मंत्री एस जयशंकर, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया.

    संबंधित कहानियां:

  14. ऑस्ट्रेलियाई पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट पेज ग्रेको का 28 साल की उम्र में निधन, केली एनजी

    ऑस्ट्रेलियाई पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट पेज ग्रेको का 28 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    ऑस्ट्रेलिया में साइक्लिंग की राष्ट्रीय संस्था (ऑससाइक्लिंग) ने बताया कि पैरा-साइक्लिस्ट ग्रेको का निधन एडिलेड स्थित उनके घर में हुआ.

    ग्रेको ने टोक्यो 2020 पैरालंपिक गेम्स में अपने देश के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता था.

    ऑससाइक्लिंग के मुताबिक़, ग्रेको की मां नैटली ने कहा कि परिवार उनकी मौत से बहुत दुखी है, लेकिन ग्रेको ने जिस तरीक़े से ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया उन्हें इस पर गर्व है.

    ग्रेको को सेरेब्रल पाल्सी था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ट्रैक एंड फील्ड एथलीट के रूप में की और 2018 में साइक्लिंग का रुख़ किया.

    अपने करियर में उन्होंने कई वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब और वर्ल्ड कप मेडल जीते.

    टोक्यो 2020 पैरालंपिक खेलों में उन्होंने महिलाओं की सी1-3 तीन हज़ार मीटर रेस में रिकॉर्ड तोड़ा. यह एक ट्रैक इवेंट है जिसमें दो साइक्लिस्ट ट्रैक के विपरीत सिरों से शुरुआत करके आमने-सामने रेस करते हैं.

    उन्होंने महिलाओं की सी1-3 रोड रेस और टाइम ट्रायल में ब्रॉन्ज मेडल भी जीता.

  15. 'ऑपरेशन सिंदूर' पर आर्मी चीफ़ उपेंद्र द्विवेदी बोले- 'मूवी शुरू भी नहीं हुई, सिर्फ़ ट्रेलर दिखाया'

    भारत के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि 'ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ़ एक ट्रेलर था', असल में 'मूवी दिखाई ही नहीं गई' थी.

    चाणक्य डिफ़ेंस डायलॉग में सेना प्रमुख ने कहा, "मैं तो कहूंगा कि मूवी शुरू भी नहीं हुई थी, सिर्फ़ एक ट्रेलर दिखाया गया था और 88 घंटे में वो ट्रेलर ख़त्म हो गया था."

    उन्होंने कहा, "आगे आने वाले हालात कैसे होंगे, इसके लिए हम पूरी तैयारी करके बैठे हुए हैं. अगर पाकिस्तान हमें ऐसा कोई मौक़ा देता है तो हम उसको सिखाना चाहेंगे कि कैसे एक जिम्मेदार देश को अपने पड़ोसियों के साथ बर्ताव करना चाहिए."

    जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 'स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म' पर भी बयान दिया है.

    'स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म' पर उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, "जो भी हमारे काम में रोड़ा अटकाएगा, उसके लिए हमें कुछ न कुछ कार्रवाई करनी पड़ेगी. हमने तो यही कहा है कि पानी और ख़ून एक साथ नहीं बह सकता. बातचीत, संवाद और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते."

    उन्होंने कहा, "आतंकवादी और उनके आका हमारे लिए समान हैं. जो भी आतंकवादी को बढ़ावा देगा, हम उसे जवाब देंगे."

    इसके अलावा जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भारत-चीन संबंधों और मणिपुर के हालात पर भी प्रतिक्रिया दी है.

  16. सऊदी अरब में हुए बस हादसे के बारे में भारतीय दूतावास ने दी ये जानकारी

    सऊदी अरब के जेद्दाह में भारत के कंसुलेट जनरल ने मदीना में हुए बस हादसे से जुड़ी जानकारी दी है.

    प्रेस रिलीज़ में कहा गया, "रियाद में भारतीय दूतावास और जेद्दाह में कंसुलेट जनरल सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्रालय और अन्य स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं. वे संबंधित उमरा ऑपरेटरों से भी संपर्क बनाए हुए हैं."

    बयान में कहा गया है, "कंसुलेट जनरल के कर्मचारियों की टीम और भारतीय समुदाय के वालंटियर कई अस्पतालों और घटनास्थल पर मौजूद हैं. रियाद में भारतीय दूतावास और जेद्दा में कंसुलेट जनरल पूरी मदद कर रहे हैं."

    इसके अलावा यह भी बताया गया कि भारतीय दूतावास और कंसुलेट जनरल के अधिकारी तेलंगाना के अधिकारियों से भी संपर्क में हैं, जिससे कि प्रभावित परिवारों के साथ संपर्क रखा जा सके.

    इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया.

    कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इस हादसे में 42 भारतीय मारे गए हैं. ये सभी उमरा करने के लिए गए हुए थे.

  17. सऊदी अरब में हुए बस हादसे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने क्या कहा

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सऊदी अरब के मदीना में हुए बस हादसे पर दुख जाहिर किया है. इस बस में उमरा करने गए भारतीय सवार थे.

    एस जयशंकर ने कहा, "सऊदी अरब के मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुए हादसे से मैं बेहद दुखी हूं. रियाद में भारतीय दूतावास और जेद्दाह में कंसुलेट जनरल इस हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को पूरी सहायता दे रहे हैं."

    इससे पहले जेद्दाह में भारतीय कंसुलेट जनरल ने जानकारी दी कि इस हादसे को देखते हुए कंट्रोल रूम बनाया गया है. इसका हेल्पलाइन नंबर है: 8002440003

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी इस बस हादसे पर दुख जाहिर किया है. तेलंगाना सीएमओ के मुताबिक़, बस में हैदराबाद के कई लोग भी सवार थे.

    सीएम रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे भारतीय विदेश मंत्रालय और सऊदी अरब के दूतावास से संपर्क में रहें.

    इस हादसे से जुड़ी जानकारी प्रभावित परिवारों और रिश्तेदारों तक पहुंचाने और राहत कार्यों की निगरानी के लिए तेलंगाना के सचिवालय में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है.

    कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर:

    • +91 79979 59754
    • +91 99129 19545
  18. सऊदी अरब में बस हादसा, उमरा करने गए कई भारतीयों की मौत की आशंका

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया है कि सीएम रेवंत रेड्डी ने सऊदी अरब में भारतीय तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस के भीषण हादसे पर दुख जाहिर किया है.

    सऊदी अरब के जेद्दाह में भारत के कंसुलेट जनरल ने भी इस हादसे की पुष्टि की है. हालांकि, हताहतों के बारे में अभी कोई आधिकारिक और स्पष्ट जानकारी नहीं है.

    भारत के कंसुलेट जनरल ने जेद्दाह में एक कंट्रोल रूम भी बनाया है. कंसुलेट जनरल ने बताया, "सऊदी अरब के मदीना के पास भारतीय तीर्थयात्रियों के साथ हुए दुखद बस हादसे को देखते हुए जेद्दाह स्थित भारतीय कंसुलेट जनरल में कंट्रोल रूम बनाया गया है."

    हेल्पलाइन नंबर: 8002440003

    तेलंगाना सीएमओ ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा मक्का से मदीना जा रही बस के साथ हुआ. इसमें हैदराबाद के लोग भी सवार थे.

    मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कहा है कि वे भारतीय विदेश मंत्रालय और सऊदी अरब के दूतावास से संपर्क में रहें.

    इस हादसे पर हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "मुझे भी पता चला कि हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसी के 42 हाजी मक्का से मदीना जा रहे थे. ऐसा कहा जा रहा है कि बस में आग लगने से सिर्फ़ एक शख़्स की जान बची है, ये अभी कन्फ़र्म नहीं है."

    ओवैसी ने कहा, "मैंने रियाद में भारतीय दूतावास से बात की. उन्होंने बताया कि वह इस बारे में जानकारी जुटा रहे हैं. मेरी भारत सरकार और विदेश मंत्री एस जयशंकर से अपील है कि वे तुरंत इस मामले को देखें और जिन लोगों की मौत हुई है उनके शव भारत लाए जाएं. जो लोग जख़्मी हैं उन्हें अच्छा से अच्छा इलाज मिले."

    इस हादसे से जुड़ी जानकारी प्रभावित परिवारों और रिश्तेदारों तक पहुंचाने और राहत कार्यों की निगरानी के लिए तेलंगाना के सचिवालय में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है.

    कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर:

    +91 79979 59754

    +91 99129 19545

  19. वेनेज़ुएला के इस समूह को अमेरिका 'आतंकवादी संगठन' घोषित करेगा, इयोन वेल्स और लौरा ब्लेसी

    अमेरिका ने कहा है कि वह वेनेज़ुएला के 'कार्टेल डे लॉस सोलेस' को 'आतंकवादी संगठन' घोषित करने जा रहा है. उसका आरोप है कि यह समूह वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के नेतृत्व में काम करता है.

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को एक बयान जारी कर बताया कि 24 नवंबर से इस समूह को 'विदेशी आतंकवादी संगठन' (एफ़टीओ) माना जाएगा.

    इसका मतलब यह भी है कि राष्ट्रपति मादुरो को भी 'आतंकवादी' माना जाएगा, क्योंकि अमेरिका का दावा है कि वह 'कार्टेल डे लॉस सोलेस' का नेतृत्व करते हैं. हालांकि, मादुरो ने इन आरोपों से इनकार किया है.

    ट्रंप प्रशासन का यह फ़ैसला ड्रग तस्करी पर रोक लगाने और मादुरो पर दबाव बढ़ाने की दिशा में उठाया गया एक क़दम माना जा रहा है. अमेरिका, वेनेज़ुएला के भीतर सैन्य कार्रवाई पर भी विचार कर रहा है.

    'कार्टेल डे लॉस सोलेस' पर अमेरिका की ओर से आरोप लगते रहे हैं कि यह संगठन ड्रग तस्करी और अवैध खनन जैसी गतिविधियों में शामिल है.

    एफ़टीओ घोषित होने के बाद अमेरिकी सरकार इस समूह और उससे जुड़े लोगों पर अधिक कड़ा रुख़ अपना सकेगी. इस समूह को किसी भी तरह की मदद देना अवैध माना जाएगा.

  20. दिल्ली के ज़्यादातर इलाक़ों की हवा 'बहुत ख़राब', जानिए आज कितना रहा एक्यूआई

    दिल्ली के ज़्यादातर इलाक़ों में सोमवार सुबह की हवा 'बहुत ख़राब' श्रेणी में रही. इन इलाक़ों में एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 300 से 400 के बीच रहा.

    हालांकि, एक-दो इलाक़ों में हवा 'गंभीर' श्रेणी में भी दर्ज की गई.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़, सोमवार सुबह आठ बजे नरेला का एक्यूआई 405 और रोहिणी का एक्यूआई 404 रहा.

    दिल्ली के अन्य इलाक़ों में सुबह आठ बजे दर्ज एक्यूआई:

    • आनंद विहार - 382
    • अशोक विहार - 390
    • बुराड़ी - 346
    • चांदनी चौक - 383
    • द्वारका, सेक्टर 8 - 354
    • आईटीओ - 392
    • मुंडका - 392
    • नजफ़गढ़ - 321
    • नरेला - 405
    • ओखला फेज़ 2 - 354
    • रोहिणी - 404
    • आरके पुरम - 364
    • वज़ीरपुर - 393