ब्रिटेन के दौरे पर ज़ेलेंस्की- फ़्रांस और ब्रिटेन ने रूस को दी चेतावनी

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की लंदन में प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के साथ ही कई अन्य यूरोपीय नेताओं से मिल रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ब्रिटेन के दौरे पर ज़ेलेंस्की- फ़्रांस और ब्रिटेन ने रूस को दी चेतावनी

    ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की लंदन में कई यूरोपीय नेताओं से मिल रहे हैं

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ब्रिटेन की यात्रा पर हैं, जहां वो प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के साथ ही कई अन्य यूरोपीय नेताओं से मिल रहे हैं.

    इस मौक़े पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुतिन ने पिछले कुछ दिनों में बातचीत के अवसरों को ठुकरा दिया है.

    उन्होंने कहा, "इसके बजाय, वह यूक्रेनी ज़मीन को लेकर बेतुकी मांगें कर रहे हैं, जिसे वे ताक़त के भरोसे हासिल नहीं कर पाए."

    स्टार्मर ने कहा कि यह प्रस्ताव "किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं" है. उन्होंने आगे कहा कि पुतिन आम लोगों और ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बना रहे हैं.

    उन्होंने कहा है, "हम केवल यूक्रेन के लिए नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि सभी ब्रिटिश और यूरोपीय नागरिकों की आज़ादी और सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं. आपकी सुरक्षा, हमारी सुरक्षा है."

    मैक्रों

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों वीडियो लिंक के ज़रिए जुड़े

    इससे पहले पेरिस से वीडियो लिंक के ज़रिए जुड़े फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि यूक्रेन के लिए सैनिक सहायता को और मज़बूत करने की ज़रूरत है.

    उन्होंने कहा, "हमें एयर डिफेंस क्षमता, लंबी दूरी की मारक क्षमता, ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम्स में यूक्रेन को सैन्य सहायता बढ़ानी होगी."

    मैक्रों ने बताया कि यूक्रेन को नई मिसाइलें दी जाएंगी और आने वाले हफ़्तों में अतिरिक्त ट्रेनिंग भी दी जाएगी.

  2. जम्मू-कश्मीर: राज्यसभा चुनावों में बीजेपी को मिले वोट पर उमर अब्दुल्लाह ने ये पूछा

    सत शर्मा

    इमेज स्रोत, @RavinderRaina

    इमेज कैप्शन, बीजेपी के सत शर्मा को राज्यसभा चुनाव में जीत मिली है

    जम्मू-कश्मीर में राज्यसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद बीजेपी को मिले 4 अतिरिक्त वोट पर उमर अब्दुल्लाह ने सवाल खड़े किए हैं.

    बीजेपी ने जम्मू -कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों में से एक पर जीत दर्ज की है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा को एक सीट पर जीत मिली है. जबकि तीन सीटों पर सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ़्रेंस (एनसी) के तीन उम्मीदवारों की जीत हुई है.

    राज्य के मुख्यमंत्री और एनसी नेता उमर अब्दुल्लाह ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है.

    उन्होंने दावा किया, "जेकेएनसी के सभी वोट चारों चुनावों में पूरी तरह सुरक्षित रहे, जैसा कि हमारे चुनाव एजेंट ने देखा, जिन्होंने हर पोलिंग स्लिप की जांच की. हमारे किसी भी विधायक ने क्रॉस वोटिंग नहीं की, तो सवाल उठता है कि बीजेपी को मिले 4 अतिरिक्त वोट कहां से आए?”

    उमर अब्दुल्लाह ने लिखा, “वे विधायक कौन थे जिन्होंने जानबूझकर ग़लत प्रेफ़रेंस नंबर डालकर अपने वोट को अमान्य करवाया? क्या उनमें इतना साहस है कि वे सामने आकर स्वीकार करें कि उन्होंने बीजेपी की मदद की, जबकि उन्होंने हमें अपना समर्थन देने का वादा किया था?”

    “किस दबाव या प्रलोभन ने उन्हें ऐसा करने पर मजबूर किया? देखना होगा कि क्या बीजेपी की ख़ुफ़िया टीम में से कोई अपनी आत्मा बेचने की बात स्वीकार करता है."

    बीजेपी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी उम्मीदवार की जीत पर जश्न मनाते समर्थक

    बीजेपी के सत शर्मा को इस चुनाव में चार वोटों की बढ़त मिली, जबकि बीजेपी के पास कुल 28 विधायक हैं.

    चुनावी नतीजों के बाद इस बात पर भी चर्चा शुरू हो गई कि किन चार विधायकों ने बीजेपी के पक्ष में वोट डाले हैं.

    इन चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस को एक सीपीआईएम और कुछ निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन मिला था.

    जम्मू -कश्मीर की विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं. इस समय विधानसभा में कुल 88 विधायक हैं. गांदरबल और बडगाम की सीटें फ़िलहाल खाली हैं.

    नेशनल कॉन्फ़्रेंस के पास विधानसभा की 42 सीटें हैं जबकि कांग्रेस के पास 6 और पीडीपी के पास केवल 3 सीटें हैं.

    साल 2019 में जम्मू -कश्मीर को राज्य से केंद्र शासित प्रदेश बनाने के बाद पहली बार यहाँ राज्यसभा के लिए चुनाव हुआ था.

  3. जम्मू-कश्मीर: राज्यसभा चुनाव में एनसी को तीन, बीजेपी को एक सीट, माजिद जहांगीर, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर से

    उमर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह की पार्टी ने चार में से तीन राज्यसभा सीटों पर जीत हासिल की (फ़ाइल फ़ोटो)

    सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ़्रेंस (एनसी) ने जम्मू -कश्मीर में राज्यसभा की तीन सीटों पर जीत हासिल की है.

    नेशनल कॉन्फ़्रेंस ने शुक्रवार को एक्स पोस्ट में अपने तीन उम्मीदवारों की जीत की जानकारी दी है. बीजेपी को इस चुनाव में एक सीट मिली है.

    इस चुनाव में जम्मू -कश्मीर विधानसभा के कुल 86 विधायकों ने अपने मत का इस्तेमाल किया.

    जेल में बंद डोडा के विधायक मेहराज मलिक का वोट पोस्टल बैलट के ज़रिए शामिल किया गया जबकि पीपुल्स कॉन्फ़्रेंस के सज्जाद लोन ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया.

    कश्मीर

    इमेज स्रोत, @JKNC_

    इमेज कैप्शन, जीत के बाद जश्न मनाते नेशनल कॉन्फ़्रेंस समर्थक

    पीडीपी और कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ़्रेंस का समर्थन किया था. पीडीपी ने कहा था कि बीजेपी को बाहर रखने लिए वो एनसी को समर्थन दे रही है.

    नेशनल कॉन्फ़्रेंस ने सभी चार सीटों पर, जबकि बीजेपी ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे.

    नेशनल कॉन्फ़्रेंस के जिन तीन उम्मीदवारों ने चुनाव जीते हैं उनमें चौधरी मोहम्मद रमज़ान, सज्जाद अहमद किचलू और शम्मी ओबेरॉय शामिल हैं.

    वहीं जम्मू -कश्मीर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा भी इस चुनाव में जीते हैं.

  4. बिहार में पीएम मोदी के भाषण पर लालू यादव का तंज़, क्या कहा?

    लालू

    इमेज स्रोत, @ashokgehlot51

    इमेज कैप्शन, लालू प्रसाद यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज किया है.

    बिहार के चुनाव प्रचार के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण पर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी के भाषण पर सवाल किया है.

    लालू यादव ने लिखा, “36 साल के युवा तेजस्वी से इतना डर क्यों मोदी जी?”

    उन्होंने पीएम मोदी के भाषण के अंश का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि 37 मिनट के भाषण में पीएम ने 10 से ज़्यादा बार आरजेडी का नाम लिया है.

    पीएम मोदी ने बिहार के समस्तीपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया था.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि एनडीए की सरकार बनने के बाद अक्तूबर 2005 में बिहार ‘जंगलराज’ से मुक्त हुआ था.

    पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद केंद्र की कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन सरकार ने उनके लिए कई परेशानियां खड़ी कीं.

  5. दिनभर : 'पूरा दिन, पूरी ख़बर' सुनिए मानसी दाश और संदीप राय से..

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. कनाडा के साथ व्यापार वार्ता ख़त्म करने के पीछे ट्रंप ने बताई ये वजह

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में कनाडा से आयात होने वाली वस्तुओं पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के साथ सभी व्यापार वार्ताओं को तत्काल समाप्त करने की घोषणा की है.

    यह फ़ैसला उन्होंने उस विज्ञापन की वजह से लिया जिसमें कनाडा पर लगाए गए टैरिफ की आलोचना की गई थी.

    यह विज्ञापन कनाडा के ओंटारियो प्रांत की सरकार ने प्रायोजित किया था, जिसमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन का रूढ़िवाद के लिए उदाहरण दिया गया था.

    इस विज्ञापन में कहा गया था कि टैरिफ़ "हर अमेरिकी को नुक़सान पहुंचाते हैं."

    ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह विज्ञापन "फ़ेक" और "बहुत आपत्तिजनक" है. उन्होंने यह भी कहा कि व्यापार वार्ताएं "यहां से समाप्त की जाती हैं."

    उनकी सरकार ने कई कनाडाई आयातों पर 35 फ़ीसदी शुल्क लगाया है, साथ ही कुछ विशेष उद्योगों जैसे कार और स्टील निर्माण पर अलग-अलग टैरिफ़ लगाए हैं.

    कनाडा का ओंटारियो इन टैरिफ़ से ख़ास तौर पर प्रभावित हुआ है.

    हालांकि ट्रंप ने उन वस्तुओं को टैरिफ़ से छूट दी है जो उनके पहले कार्यकाल में मेक्सिको और कनाडा के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौते के अंतर्गत आती हैं.

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिकी टैरिफ को कम करने के लिए एक समझौता करने की कोशिश में लगे हुए हैं.

  7. पाकिस्तान में बम धमाका, एसपी समेत तीन पुलिसकर्मियों की मौत

    एसपी की गाड़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत अफ़ग़ानिस्तान के साथ लगती सीमा पर है

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के हांगू ज़िले में हुए बम धमाके में एसपी समेत तीन पुलिसकर्मी मारे गए हैं. बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ इस हमले में एसपी असद ज़ुबैर की मौत हो गई है.

    हांगू सिटी पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस अधिकारी मोहम्मद तैफ़ ने बीबीसी को बताया कि हमलावरों ने हांगू इलाक़े में गलमीना नाम के एक चेक पोस्ट को विस्फोटकों से निशाना बनाया.

    इस घटना की सूचना मिलने पर एसपी (ऑपरेशन) असद ज़ुबैर एक टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए.

    पुलिस के मुताबिक़, इस दौरान रास्ते में एसपी ऑपरेशन की गाड़ी को आईईडी ब्लास्ट से निशाना बनाया गया, जिसमें उनके साथ तीन पुलिसकर्मियों की मौक़े पर ही मौत हो गई.

    पुलिस के अनुसार घटना के बाद इलाक़े में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस तलाशी अभियान चला रही है.

    पाकिस्तान के केंद्रीय गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और मारे गए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी है.

  8. आरएसएस के 'पथ संचलन' के मामले में हाई कोर्ट ने क्या कहा?, इमरान क़ुरैशी,बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    आरएसएस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरएसएस को लेकर कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खड़गे के बयान के बाद विवाद बढ़ गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    कर्नाटक हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वो 28 अक्तूबर को एक शांति बैठक बुलाकर कलबुर्गी ज़िले के चित्तापुर में आरएसएस के होने वाले 'पथ संचलन' के मुद्दे को सुलझाए.

    राज्य सरकार ने शुक्रवार को हाई कोर्ट के कलबुर्गी बेंच को सूचित किया कि वह आरएसएस को रूट मार्च (पथ संचलन) की अनुमति देने से इनकार नहीं कर रही है, बल्कि ज़िले में तनावपूर्ण माहौल की वजह से सुनवाई को पंद्रह दिनों के लिए स्थगित करने की मांग कर रही है.

    जस्टिस एमजीएस कमल ने सरकार और आरएसएस की दलीलें सुनने के बाद आदेश दिया कि सरकार 30 अक्तूबर को अदालत को अपने फ़ैसले की जानकारी दे.

    अदालत ने 2 नवंबर के पथ संचलन के मसले को सुलझाने की मंशा जाहिर की है.

    आरएसएस के 'पथ संचलन' आयोजित करने का मुद्दा उस समय विवाद में घिर गया जब चित्तापुर के विधायक और ग्रामीण विकास मंत्री प्रियांक खड़गे ने सार्वजनिक संपत्तियों पर आरएसएस को शाखाएं आयोजित करने से रोकने की मांग की.

    इसके बाद उन्हें आरएसएस कार्यकर्ताओं से जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं और इस मामले में कोल्हापुर से एक शख़्स को गिरफ़्तार भी किया गया.

    आरएसएस ने मूल रूप से 19 अक्तूबर को अपना रूट मार्च निकालने की अनुमति मांगी थी.

    लेकिन जिला प्रशासन ने भीम आर्मी और भारतीय दलित पैंथर्स के उसी दिन जुलूस निकालने की अनुमति मांगे जाने के कारण आरएसएस के आवेदन को ठुकरा दिया. प्रशासन को तीनों के बीच शांति भंग होने और टकराव की आशंका थी.

    इसके बाद आरएसएस ने शनिवार रात अदालत का रुख़ किया और रविवार को अदालत ने इस मामले पर विशेष सुनवाई की.

    इस दौरान आरएसएस ने अपना रूट मार्च 2 नवंबर तक स्थगित करने पर सहमति जताई.

  9. आज का कार्टून: स्पष्टीकरण

    कार्टून
  10. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी के आरोपों पर ये कहा

    तेजस्वी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव को विपक्षी दलों ने महागठबंधन की तरफ से सीएम पद का उम्मीदवार बनाया है

    राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में चुनावी सभा में पीएम मोदी के लगाए आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है.

    तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मोदी जी बिहार आते हैं तो नफ़रती चश्मा लगाकर और झूठ बोलने के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने के संकल्प के साथ बिहार आते हैं.”

    तेजस्वी यादव ने कहा, ''एनडीए के 20 साल के शासन में बिहार में सत्ता के संरक्षण में 70 हज़ार निर्दोष लोगों की निर्मम हत्याएं हुई हैं. केंद्र सरकार की एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो) के आंकड़े इसकी पुष्टि कर रहे हैं.”

    तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को एक चुनावी सभा में कहा, “यहीं बगल में एक नौ साल की बच्ची के साथ बलात्कार हुआ. उसको अस्पताल (पीएमसीएच) लेकर गए, बेड नहीं मिला चार घंटे तक और उस बेचारी की मौत हो गई. यही है विकास, यही है सुशासन?”

    तेजस्वी ने कहा, “कोई आंसू पोछने आया? आपने मुख्यमंत्री जी को कितनी बार देखा है किसी पीड़ित के घर जाते हुए.”

    इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार के समस्तीपुर में एक चुनावी सभा में दावा किया था, “एनडीए यानी सुशासन, एनडीए यानी जनता की सेवा, एनडीए यानी विकास की गारंटी.”

    उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए की सरकार बनने के बाद अक्तूबर 2005 में बिहार ‘जंगलराज’ से मुक्त हुआ था.

  11. पीएम मोदी ने बिहार में किया बड़ी जीत का दावा, नीतीश के बारे में क्या कहा?

    मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने बिहार के समस्तीपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान एनडीए की बड़ी जीत का दावा किया है. ख़ास बात यह है कि इसमें उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व का ज़िक्र किया है.

    पीएम मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र की जनता ने पहले से कहीं अधिक प्रचंड बहुमत देकर हमारी सरकार बनाई. हरियाणा की जनता ने लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए बीजेपी को पहले से कहीं ज़्यादा सीटें दीं. मध्य प्रदेश में भी बीजेपी कई सालों से सरकार चला रही है.. यही हमने गुजरात और उत्तराखंड में देखा है..”

    उन्होंने दावा किया, “एनडीए यानी सुशासन, एनडीए यानी जनता की सेवा, एनडीए यानी विकास की गारंटी. आपका ये उत्साह देखकर मैं ये कह सकता हूं कि इस बार बिहार में भी नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए जीत के आपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ने वाला है.”

    उन्होंने आरोप लगाया है कि एनडीए की सरकार बनने के बाद अक्तूबर 2005 में बिहार ‘जंगलराज’ से मुक्त हुआ था.

    बिहार में उस समय आरजेडी की सरकार चल रही थी, जिसे हटाकर बीजेपी के समर्थन से नीतीश कुमार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे.

    समस्तीपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद केंद्र की कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन सरकार ने उनके लिए कई परेशानियां खड़ी कीं.

    उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार को वोट देने के लिए आरजेडी बिहार के लोगों से बदला ले रही थी. वो कांग्रेस को धमकी देती थी कि अगर उसने एनडीए-बीजेपी या नीतीश कुमार की किसी भी मांग को पूरा करने का वादा किया तो केंद्र सरकार से समर्थन वापस ले लेंगे.”

  12. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र के कामकाज के बारे में क्या कहा?

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एस जयशंकर ने कहा है कि भारत हमेशा संयुक्त राष्ट्र का मजबूत समर्थक रहेगा

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र के कामकाज पर टिप्पणी की है.

    उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा, ''आज भी हम दुर्भाग्य से कई जगहों पर संघर्ष देख रहे हैं और ख़ास तौर पर ग्लोबल साउथ ने इस दर्द को महसूस किया है.''

    एस जयशंकर ने कहा, "जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का कोई मौजूदा सदस्य खुलेआम उस संगठन को बचाता है, जो पहलगाम जैसे बर्बर आतंकी हमलों की जिम्मेदारी ख़ुद लेता है, तो बहुपक्षवाद की विश्वसनीयता पर इसका क्या असर पड़ता है?”

    उन्होंने कहा, “दुनिया और कितनी निर्दयी हो सकती है, जब वैश्विक रणनीति के नाम पर आतंकवाद के पीड़ितों और अपराधियों को बराबर माना जाता है? जब ख़ुद को आतंकी घोषित करने वालों को प्रतिबंध की प्रक्रिया से बचाया जाता है, तो इससे जुड़े लोगों की ईमानदारी पर क्या सवाल नहीं उठते?"

    विदेश मंत्री एस जयशंकर संयुक्त राष्ट्र की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे.

    उन्होंने कहा, “मैं इस मौक़े पर शांति और सुरक्षा के साथ विकास और समृद्धि के आदर्शों को लेकर भारत की प्रतिबद्धता दोहराता हूं. भारत हमेशा संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षवाद का मजबूत समर्थक रहेगा."

  13. तेजस्वी यादव ने डिप्टी सीएम के और चेहरों पर क्या कहा

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, @yadavtejashwi/x

    इमेज कैप्शन, रैली से पहले तेजस्वी यादव ने ये तस्वीर एक्स पर शेयर करते हुए लिखा- उत्साह, उमंग, उम्मीद और विश्वास के साथ मंजिल की तरफ बढ़ते कदम!

    आरजेडी नेता और बिहार में महागठबंधन की ओर से सीएम पद के चेहरा तेजस्वी यादव ने बताया है कि अगर उनके गठबंधन की सरकार बनती है तो राज्य में मुकेश सहनी के साथ और डिप्टी सीएम होंगे. हालांकि, इनके बारे में तेजस्वी यादव ने कोई और जानकारी नहीं दी.

    तेजस्वी यादव चुनाव के एलान के बाद पहला चुनाव प्रचार करने सहरसा पहुंचे थे. यहां उन्होंने एएनआई से कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है. वह मौजूदा सरकार से ग़ुस्से में है. और भी डिप्टी सीएम होंगे, इसके बारे में अगले कुछ दिनों के अंदर बता दिया जाएगा.

    गुरुवार को पटना में महागठबंधन के घटक दलों की प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ये घोषणा की गई थी कि अगर महागठबंधन की जीत होती है तो तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री होंगे.

    इसके अगले ही दिन तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी सहरसा में चुनावी रैली संबोधित करने पहुंचे.

    यहां मंच से तेजस्वी यादव ने कहा, "मुकेश जी उपमुख्यमंत्री बनेंगे. अति पिछड़ों की आवाज़ को बुलंद करेंगे. आने वाले समय में और भी समाज और धर्म के लोगों को उपमुख्यमंत्री का दायित्व देने का काम हम लोग करेंगे. वो भी आप लोगों को अगले कुछ दिनों के अंदर बता दिया जाएगा."

  14. हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी बस, बाइक से टक्कर के बाद लगी आग और अब तक 19 की मौत

    बेंगलुरु-हैदराबाद हादसा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, टक्कर के बाद बाइक के फ़्यूल टैंक से बस में भी तेज़ी से आग फैल गई

    हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक यात्री बस में आग लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 तक पहुंच गई है.

    कुरनूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने हादसे की जानकारी देते हुए समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "आज सुबह तीन बजे एक बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें एक प्राइवेट बस की टक्कर बाइक से हो गई. अभी तक दुर्घटनास्थल से 19 शव बरामद किए जा चुके हैं."

    हालांकि, उन्होंने ये आशंका भी जताई की मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

    उन्होंने कहा कि ड्राइवर ने बस की खिड़कियां तोड़कर 19 लोगों की जान बचाई लेकिन बाकी 21 लोग उसमें फंस गए. इनमें से 19 के शव बरामद किए जा चुके हैं.

    डीआईजी कोया प्रवीण के मुताबिक, बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी और गलत दिशा में आ रही बाइक से टकरा गई. मोटरसाइकिल के फ़्यूल टैंक की वजह से आग बस में भी तेज़ी से फैल गई.

    उन्होंने बताया कि ऑफिशियली बस में 39 लोग सवार थे लेकिन एक शख़्स बीच सफर में बस में चढ़ा था, जिसकी जानकारी जुटाने की कोशिश पुलिस कर रही है.

  15. भारतीय विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे का निधन

    पीयूष पांडे

    इमेज स्रोत, Aniruddha Chowdhury/Mint via Getty Images

    भारतीय विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे का गुरुवार को 70 साल की उम्र में निधन हो गया. उनकी बहन तृप्ति पांडे ने इंस्टा पोस्ट पर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा है, "हमारे प्रिय भाई, पीयूष पांडे - आज सुबह में इस दुनिया को अलविदा कह गए. वह सिर्फ़ भारतीय विज्ञापन जगत के सितारे नहीं थे बल्कि उन लाखों दिलों में चमकते रहेंगे, जिन्हें उनकी संवेदनशील लाइनों ने छू लिया था."

    पीयूष पांडे का जन्म 1955 में जयपुर के एक मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ था.

    उनके पिता एक बैंककर्मी थे. पांडे बचपन से ही रचनात्मक और खेलों के शौक़ीन थे.

    उन्होंने कॉलेज के दिनों में क्रिकेट खेला और कुछ वर्षों तक राजस्थान टीम के लिए घरेलू क्रिकेट भी खेला.

  16. ट्रंप ने कनाडा को लेकर किया अहम फ़ैसला, सभी व्यापार वार्ताएं रद्द

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, कनाडा से ट्रंप हुए नाराज़

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह कनाडा के साथ सभी व्यापार वार्ताएं तत्काल समाप्त कर रहे हैं.

    ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि कनाडा ने एक विज्ञापन चलाया, जिसमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन को टैरिफ़ के ख़िलाफ़ बोलते हुए दिखाया गया है.

    उन्होंने पोस्ट में लिखा, “उनके अत्यंत अनुचित व्यवहार के आधार पर, कनाडा के साथ सभी व्यापार वार्ताएं तत्काल समाप्त की जाती हैं.”

    पिछले सप्ताह कनाडा द्वारा जारी एक मिनट के विज्ञापन में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन की आवाज़ सुनी जा सकती है, जिसमें वे अमेरिकी और कनाडाई झंडों से सजे क्रेनों तथा न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज की झलकियों के बीच बोलते हुए दिखाई देते हैं.

    वीडियो में 1987 में रीगन के एक राष्ट्रीय रेडियो संबोधन का अंश शामिल है, जो विदेशी व्यापार और आर्थिक साझेदारी पर केंद्रित था.

    ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में कनाडा से आयातित वस्तुओं पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगाया है.

  17. हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही बस में लगी आग, कम से कम 10 यात्रियों की मौत

    बस में आग

    इमेज स्रोत, UGC

    इमेज कैप्शन, हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही इस बस में 42 यात्री सवार थे.

    हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक यात्री बस में आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से ज़ख़्मी हैं.

    यह हादसा शुक्रवार तड़के कर्नूल ज़िले के चिन्ना टेकुरु गांव के पास हुआ, जब बस में आग लगने के बाद वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई.

    हादसे के समय बस में लगभग 42 यात्री सवार थे.

    आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    बीबीसी तेलुगू की रिपोर्ट के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में यह आशंका जताई गई है कि एक बाइक बस से टकराकर उसके नीचे चली गई और फिर तेल टैंक से टकरा गई, जिससे आग लग गई.

    हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने अभी इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

    मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कर्नूल दुर्घटना को लेकर एक्स पर लिखा है, "कर्नूल ज़िले के चिन्ना टेकुरु गांव के पास हुई भीषण बस आग की दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है. इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. सरकार घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी.”

    पीटीआई को कर्नूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने पीटीआई को बताया, “करीब 19 यात्री, जिनमें दो बच्चे और दो चालक शामिल हैं, इस हादसे में सुरक्षित हैं.”

    पुलिस के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाज़ा जाम हो गया और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया. अधिकांश बचे यात्रियों की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है.

  18. ट्रंप ने वेस्ट बैंक को लेकर कहा- इसराइल यहाँ कुछ नहीं करेगा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेस्ट बैंक को लेकर ट्रंप ने कहा है कि वह इसराइल को यहाँ कुछ भी नहीं करने देंगे

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि वेस्ट बैंक को लेकर चिंता करने की ज़रूरत नहीं है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह इसराइल को वेस्ट बैंक के साथ कुछ भी नहीं करने देंगे.

    यह बयान उस समय आया, जब इसराइली संसद ने एक विधेयक को प्रारंभिक मंज़ूरी दी, जिसके तहत वेस्ट बैंक के हिस्सों पर इसराइली क़ानून लागू करने का प्रस्ताव था. इसे इसराइल में मिलाने की दिशा में पहला क़दम माना जा रहा था.

    अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने भी राष्ट्रपति ट्रंप की नीति दोहराते हुए कहा, “अगर यह कोई राजनीतिक स्टंट था, तो यह मूर्खतापूर्ण है. राष्ट्रपति ट्रंप वेस्ट बैंक को इसराइल में मिलाने के सख़्त ख़िलाफ़ हैं.”

    उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप की नीति बिल्कुल स्पष्ट है. यह हमेशा से हमारी नीति रहेगी.”

    वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने चेतावनी दी कि इस तरह का क़दम ‘ग़ज़ा युद्ध को समाप्त करने की ट्रंप शांति योजना’ को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. यह योजना वर्तमान में नाज़ुक संघर्षविराम समझौते पर आधारित है.

    ट्रंप ने बाद में व्हाइट हाउस में दोहराया, “वेस्ट बैंक की चिंता मत कीजिए. इसराइल वेस्ट बैंक के साथ कुछ नहीं करेगा.”

  19. दक्षिण कोरिया में मिलेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में चीनी राष्ट्रपति से यह पहली मुलाक़ात होगी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाक़ात 30 अक्तूबर को दक्षिण कोरिया में होगी.

    व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है राष्ट्रपति ट्रंप दक्षिण कोरिया में आयोजित एशिया पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (एपेक) में शामिल होंगे और वहीं उनकी मुलाक़ात चीन के राष्ट्रपति से होगी.

    यह शिखर सम्मेलन 31 अक्तूबर से एक नवंबर तक है.

    दोनों नेताओं के बीच इस मुलाक़ात की उम्मीद पहले से ही थी लेकिन अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस पर अनिश्चितता बनी हुई थी.

    यह ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति पद संभालने के बाद दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने मुलाक़ात होगी.

    ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि अगर चीन रेयल अर्थ पर लगाए गए प्रतिबंधों में ढील नहीं देता है तो अमेरिका नवंबर से चीनी वस्तुओं पर 100 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगाने पर विचार करेगा.

    व्हाइट हाउस के अधिकारियों के अनुसार, दोनों नेताओं की बातचीत में व्यापार, ऊर्जा सहयोग और यूक्रेन संघर्ष जैसे मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है.

  20. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.