You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइली सेना ने ग़ज़ा सिटी पर शुरू कर दिए नए हमले

इसराइल ने ग़ज़ा सिटी के सभी निवासियों को तुरंत शहर छोड़ने की चेतावनी दी है, क्योंकि बड़े पैमाने पर ज़मीनी हमले की तैयारी की जा रही है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और दीपक मंडल

  1. रात के दस बजे हैं. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    सुजाता का सरेंडर और बालकृष्णा की मौत क्या माओवादी संगठन के लिए 'गहरी चोट' साबित होंगे?

    ऐश्वर्या राय को अदालत से राहत, मगर इस आदेश से क्या बदलेगा?

    उत्तर कोरिया में विदेशी फ़िल्में देखने पर मिलती है सज़ा-ए-मौत, जान बचाकर भागे लोगों की आपबीती

    भारत में पाकिस्तान से मैच के बहिष्कार की मांग तेज़, बीजेपी नेता ने कहा- खेलना है मजबूरी

  2. इसराइली सेना ने ग़ज़ा सिटी पर शुरू कर दिए नए हमले, रश्दी अबु अलूफ़ और डियरबेल जॉर्डन

    इसराइली सेना ने ग़ज़ा सिटी पर अपने हमले तेज़ कर दिए हैं और एक के बाद एक कई हवाई हमले किए हैं.

    युद्ध के पहले के चरणों के उलट, मौजूदा अभियान में हवाई हमलों पर काफी निर्भरता दिख रही है. इन हमलों में पूरे अपार्टमेंट ब्लॉक और कंक्रीट के बड़े ढांचे मलबे में तब्दील हो गए हैं.

    हाल के दिनों के हमलों ने आम नागरिकों के पलायन को और तेज़ कर दिया है.

    इसराइल ने ग़ज़ा सिटी के सभी निवासियों को तुरंत शहर छोड़ने की चेतावनी दी है, क्योंकि बड़े पैमाने पर ज़मीनी हमले की तैयारी की जा रही है.

    शनिवार को इसराइल डिफेंस फोर्सेज़ यानी आईडीएफ़ ने कहा कि लगभग ढाई लाख लोग शहर छोड़कर दक्षिण की ओर चले गए हैं.

    सेना ने यह भी दावा किया कि उसने एक ऊंची इमारत को ध्वस्त कर दिया, जिसका इस्तेमाल "आतंकी हमलों को अंजाम देने और आगे बढ़ाने" के लिए किया जा रहा था.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू का कहना है कि ग़ज़ा सिटी हमास का आख़िरी बड़ा गढ़ है.

    लेकिन ग़ज़ा सिटी पर कब्ज़े की योजना को अंतरराष्ट्रीय आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.

  3. देश की भावनाओं का अपमान है भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच: उद्धव ठाकरे

    शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होना देश की भावनाओं का अपमान है.

    उन्होंने कहा कि सीमा पर देश के जवान अपनी जान कुर्बान कर रहे हैं और क्रिकेट बोर्ड पाकिस्तान और भारत के मैच को मंज़ूरी दे रहा है.

    उन्होंने इसके ख़िलाफ़ पूरे महाराष्ट्र में 'सिंदूर' विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया.

    मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि मैच का बहिष्कार करके भारत दुनिया को ‘आतंकवाद’ के बारे में अपने रुख़ के बारे में बता सकता है.

    इस साल 22 अप्रैल को पहलगाम में एक चरमपंथी हमले में 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद भारत ने पाकिस्तान में चरमपंथियों के ठिकानों पर हमले किए थे. इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारत पर हमला किया था.

  4. नेपाल में राजनीतिक दलों की संसद बहाल करने की मांग, फणींद्र दहाल काठमांडू से और जारोस्लाव लुकीव लंदन से

    नेपाल की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से संसद को बहाल करने की मांग की है.

    देश में भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हिंंसा और ओली सरकार के पतन के बाद इसे भंग कर दिया गया था.

    नेपाली कांग्रेस, सीपीएन-यूएमएल और माओवादी सेंटर समेत देश के आठ राजनीतिक दलों ने कहा है कि राष्ट्रपति का कदम असंवैधानिक है.

    पौडेल ने शुक्रवार को नव-नियुक्त अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफ़ारिश पर संसद भंग कर दी थी. यह प्रदर्शनकारियों के आंदोलन की प्रमुख मांगों में से एक थी.

    इस सप्ताह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध से शुरू हुए व्यापक प्रदर्शनों में पुलिस के साथ झड़पों के दौरान 50 से अधिक लोग मारे गए.

    कार्की की नियुक्ति प्रदर्शनकारी नेताओं के साथ हुए एक समझौते के बाद की गई.

  5. ट्रंप ने चीन को घेरने के लिए मांगी नेटो के सदस्य देशों से की ये अपील

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेटो देशों से चीन पर 50 से 100 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाने की अपील की है.

    उन्होंने कहा है कि इस टैरिफ़ को रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म होने के बाद पूरी तरह हटा लिया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि ये टैरिफ़ यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने में मदद करेगा.चीन का रूस पर मजबूत नियंत्रण और पकड़ है और ये शक्तिशाली टैरिफ़ उस पकड़ को ख़त्म कर देगा.

    उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘’मैं रूस पर बड़े प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हूं, लेकिन तभी जब सभी नेटो देश इस पर सहमत हों और वे भी इसे शुरू करें. सभी नेटो देशों को रूस से तेल खरीदना बंद करना होगा.’’

    उन्होंने कहा कि वो उनका (ट्रंप) का युद्ध नहीं है. ये बाइडेन और ज़ेलेंस्की का युद्ध है. वो केवल इसे खत्म करना और हज़ारों रूसी और यूक्रेनी लोगों की जान बचाना चाहते हैं.

  6. वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप: मीनाक्षी हुड्डा फ़ाइनल में, मंगोलिया की बॉक्सर को 5-0 से हराया

    वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय बॉक्सर मीनाक्षी हुड्डा 48 किलो वर्ग में मंगोलिया की लुतशायखेनी अलतांतसेतसेग को 5-0 से हराकर फ़ाइनल में पहुंच गईं.

    इससे पहले शुक्रवार को मीनाक्षी ने क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड की अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन एलिस पम्फ्री को मात दी थी.

    पीछे हटकर खेलना पसंद करने वाली मीनाक्षी ने शुक्रवार के मैच में अपनी लंबी कद काठी का भरपूर फ़ायदा उठाया और शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा. उन्होंने आसानी से सीधे पंच जड़े और जोरदार काउंटर अटैक किया.

  7. लंदन में दक्षिणपंथियों और नस्लवाद विरोधियों का आमने-सामने प्रदर्शन, तनाव, डेनियल सैंडफोर्ड और माइया डेविस, लंदन

    सेंट्रल लंदन में धुर दक्षिणपंथी कार्यकर्ता टॉमी रॉबिन्सन के नेतृत्व में एक बड़ी रैली हजारों लोग शामिल हुए. वहीं इसके समानांतर नस्लवाद-विरोधी कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया.

    मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक़, इन प्रदर्शनों पर नज़र रखने के लिए लगभग एक हज़ार पुलिस वालों को तैनात किया गया है. दोनों समूहों के बीच बेरिकैडिंग कर दी गई है.

    रॉबिन्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘’अपने सबसे अहम अधिकारों में से एक है अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता.’’

    प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर यूनियन जैक, सेंट जॉर्ज क्रॉस, स्कॉटिश साल्टायर और वेल्श के झंडों की भरमार देखी गई.

    वॉटरलू ब्रिज के पास भारी संख्या में प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए, जो 'यूनाइट द किंगडम' मार्च के तहत व्हाइटहॉल की ओर बढ़ना चाह रहे थे.

    झंडों पर तरह-तरह के नारे लिखे हुए थे. इनमें 'स्टॉप द बोट्स' (नावें रोकें), 'सेंड देम होम' और 'यूनाइट द किंगडम' जैसे नारे लिखे हुए थे.

  8. महिला एशिया कप हॉकी: भारत ने जापान को 1-1 पर रोक फ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीद बरक़रार रखी

    भारतीय महिला हॉकी टीम ने हांग्जो में महिला एशिया कप 2025 में जापान के ख़िलाफ़ अच्छा खेल दिखाते हुए उसे 1-1 से बराबरी पर रोक दिया.

    अगर चीन कोरिया को हरा दे या फिर तीन गोल के कम अंतर से हार से बच जाए, तो भारत महिला एशिया कप 2025 के फाइनल में पहुंच जाएगा.

    जापान के ख़िलाफ़ मैच में भारत की ब्यूटी डुंग डुंग (7वें मिनट) ने शुरुआती गोल दाग कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया था.

    वहीं जापान की शिहो कोबायाकावा (58वें मिनट) ने अपनी टीम के लिए बराबरी का गोल दागा.

    जापान दूसरे क्वार्टर में स्कोर बराबर करने के लिए गोल के मौके तलाशता रहा. उसने शुरुआती कुछ मिनटों में ही बढ़त बनाए रखी.

    जापान को एक पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन भारत ने उसे यह मौका भुनाने नहीं दिया.

  9. बिहार: बीजेपी प्रमुख नड्डा ने तेजस्वी यादव से क्यों की माफ़ी की मांग

    बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार के दौरे पर हैं. शनिवार को उन्होंने बीजेपी की बैठक में राष्ट्रीय जनता दल और इसके अध्यक्ष लालू यादव पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, ‘’जब विकास की बात होती थी तो लालू यादव कुछ साल पहले कहा करते थे कि अगर हमने सड़कें बना दीं तो पुलिस बहुत जल्दी पहुंच जाएगी. अब कई साल बीत चुके हैं और मैं पूछना चाहता हूं कि क्या तेजस्वी यादव इसके लिए बिहार के लोगों से माफी मांगेंगे. ये लोग किस तरीके से सोच सकते हैं कि वे बिहार का भला करेंगे.’’

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर से बिहार का दौरा करेंगे. इससे पहले जेपी नड्डा पटना पहुंचे हैं. पटना में वो बीजेपी की अहम बैठक में भी हिस्सा ले रहे हैं.

    बिहार में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं. समझा जा रहा है कि प्रधानमंत्री इस दौरान बिहार के लिए कुछ विकास परियोजनाओं का एलान करेंगे.

  10. मणिपुर में पीएम मोदी ने वहां की हिंसा पर क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मणिपुर में किसी भी तरह की हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है.

    उन्होंने कहा, ‘’यह हिंसा हमारे पूर्वजों और हमारी आने वाली पीढ़ियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय है. इसलिए हमें मिलकर मणिपुर को शांति और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाना होगा.’’

    पीएम मोदी ने कहा, ‘’हमें भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई और भारत की रक्षा में मणिपुर के योगदान से प्रेरणा लेनी होगी. यह वही मणिपुर की धरती है जहां भारतीय राष्ट्रीय सेना ने पहली बार तिरंगा फहराया था. नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने मणिपुर को भारत की आज़ादी का द्वार कहा था. इस धरती ने अनेक वीर दिए हैं.’’

    उन्होंने कहा, ‘’मणिपुर के अनेक बेटे-बेटियां देश के अलग-अलग हिस्सों में मां भारती की रक्षा में जुटे हुए हैं. हाल ही में दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की शक्ति देखी है. हमारे सैनिकों ने ऐसा प्रहार किया कि पाकिस्तानी सेना घबराने लगी. इस भारत की सफलता में मणिपुर के कई वीर पुत्रों और पुत्रियों का साहस भी शामिल है.’’

    पीएम मोदी ने कहा, ''इसी तरह मैं हमारे वीर शहीद दीपक चिंगाखाम के साहस को नमन करता हूं. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनके बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा.मैंने कहा था कि भारतीय संस्कृति, मणिपुरी संस्कृति के बिना अधूरी है. और भारत का खेल भी मणिपुर के खिलाड़ियों के बिना अधूरा है. मणिपुर का युवा ऐसा युवा है जो तिरंगे की शान के लिए तन-मन-धन सब कुछ लगा देता है."

    मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली मणिपुर यात्रा है. विपक्ष लगातार इस बात पर सवाल उठाता रहा है कि इतने लंबे समय तक प्रधानमंत्री मणिपुर क्यों नहीं गए.

  11. माओवादी नेता किशनजी की पत्नी सुजाता ने किया आत्मसमर्पण, सवा करोड़ रुपये था इनाम, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    माओवादियों की सेंट्रल कमेटी की सदस्य पोथुला पद्मावती उर्फ सुजाता ने शनिवार को तेलंगाना में आत्मसमर्पण कर दिया है.

    सीपीआई माओवादी में सुजाता के नाम से चर्चित पोथुला पद्मावती पर 1.25 करोड़ रुपये का इनाम था. वह 1987 से माओवादियों की दंडकारण्य ज़ोन में सक्रिय थीं.

    छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, "सेंट्रल कमेटी की सदस्य सुजाता के आत्मसमर्पण के बाद, छत्तीसगढ़ में सक्रिय माओवादियों की सेंट्रल कमेटी में अब कुछ ही सदस्य बचे हैं. कुल मिला कर इनका शीर्ष नेतृत्व समापन की ओर है."

    पुलिस ने कहा है, ''62 साल की सुजाता पिछले 43 सालों से माओवादी आंदोलन में थीं. 1982 में पीपल्स वॉर ग्रुप में शामिल होने वाली सुजाता, इन दिनों सीपीआई माओवादी की दक्षिण सब-जोनल ब्यूरो सचिव के साथ-साथ माओवादियों की जनताना सरकार की प्रमुख भी थीं.’’

    पुलिस ने एक बयान में कहा है कि लगातार गिरते स्वास्थ्य के कारण इस साल मई में सुजाता ने संगठन छोड़ने की इच्छा जताई थी और सेंट्रल कमेटी में अपना पक्ष रखा था.

    सुजाता का विवाह 1984 में मल्लोजुला कोटेश्वर राव उर्फ़ किशनजी से हुआ था, जो सीपीआई माओवादी के शीर्ष नेताओं में शुमार थे. इस दंपति की एक बेटी भी है.

    पुलिस ने किशनजी को नवंबर 2011 में एक मुठभेड़ में मारने का दावा किया था. किशन जी के छोटे भाई वेणुगोपाल ऊर्फ अभय इन दिनों सीपीआई माओवादी की सेंट्रल कमेटी और पोलित ब्यूरो के सदस्य हैं.

  12. ब्रिटेन में महिला से रेप के मामले में अब नस्लीय पहलू भी सामने आया, सिख संगठनों ने किया विरोध

    ब्रिटेन में एक महिला के रेप को पुलिस नस्लीय उकसावे वाला हमला मान रही है.

    मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे एक 20 वर्षीय महिला ने बताया कि ओल्डबरी के टेम रोड के पास दो व्यक्तियों ने उन पर हमला किया.

    पुलिस बल के प्रवक्ता ने बताया कि हमले के दौरान हमलावरों ने नस्लवादी टिप्पणी की थी.

    अब अधिकारी गवाहों से आगे आने की अपील कर रहे हैं. पुलिस चीफ सुपरिंटेंडेंट किम मैडिल ने कहा, "हम जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, सीसीटीवी, फोरेंसिक और अन्य जांच अच्छी तरह से चल रही है."

    इस बीच, सिख फेडरेशन (यूके) के दबिंदरजीत सिंह ने कहा,‘’ये हमला व्यस्त सड़क पर दिन के उजाले पर हुआ.’’

    उन्होंने कहा,’’सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को सभी हिंसक नस्लवादी हमलों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी चाहिए.’’

    उन्होंने कहा, "48 घंटे से अधिक समय बाद हम इस क्रूर नस्लवादी और यौन हमले के लिए सभी पक्षों के राजनेताओं की ओर से सार्वजनिक निंदा का इंतजार कर रहे हैं. ये वो घटना है जिसमें एक युवा सिख महिला को क्रूरतापूर्वक पीटा गया और उसके साथ बलात्कार किया गया."

  13. पहलगाम हमले में मारे गए शुभम की पत्नी भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर क्या बोलीं

    पहलगाम हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी ने 14 सितंबर को एशिया कप टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच के बहिष्कार की अपील की है.

    ऐशान्या द्विवेदी ने लोगों से अपील की है कि वो टीवी पर इस मैच को न देखें.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा,‘’बोर्ड की पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों के परिवारों के प्रति कोई संवेदना नहीं है. बोर्ड को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को मंज़ूर ही नहीं करना चाहिए था. मुझे लगता है कि बोर्ड को 26 लोगों के परिवारों और ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों की कोई परवाह नहीं है.’’

    यूएई में चल रहे एशिया कप में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होगा. दोनों देश के बीच द्विपक्षीय सिरीज़ नहीं हो रहे हैं.

    लेकिन केंद्र ने मल्टी-नेशनल टूर्नामेंटों में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेलने की इजाज़त दे दी है.

  14. जेपी नड्डा आज बिहार के दौरे पर, तेजस्वी ने पूछा- बीजेपी का अध्यक्ष चुनने में देरी क्यों

    आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बीजेपी का अध्यक्ष चुनने में देरी पर पार्टी से सवाल किया है.

    तेजस्वी यादव ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, "जेपी नड्डा जी ये बताएं कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कब तय होगा. देरी क्यों हो रही है. आरजेडी, लालू यादव और हम लोगों को गाली दिए बगैर इन लोगों का बाज़ार थोड़े चलने वाला है. बिहार के एक फ़ीसदी लोग भी जेपी नड्डा को नहीं जानते हैं.’’

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर से बिहार दौरे पर हैं. इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार पहुंच रहे हैं. शनिवार को नड्डा पटना में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक करेंगे

    बिहार में इस साल के आख़िर में चुनाव होने हैं. लिहाजा राजनीतिक सरगर्मियों और बयानबाजियों का दौर तेज़ हो गया है. बीजेपी, आरजेडी, कांग्रेस और चुनाव रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी रैलियां कर रही हैं.

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. मणिपुर पहुंचे पीएम मोदी, कहा- विश्वास की नई सुबह दस्तक दे रही है

    मणिपुर में साल 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद पहली बार ऐसा है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के दौरे पर हैं.

    इस दौरान पीएम मोदी ने चुराचांदपुर में क़रीब 7 हज़ार करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी.

    चुराचांदपुर वही ज़िला है जो हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां 250 से अधिक लोगों की जान गई और हज़ारों लोग विस्थापित हुए.

    पीएम मोदी ने कहा, "बारिश के कारण मेरा हेलिकॉप्टर मणिपुर में लैंड नहीं कर सकता था इसलिए मैं सड़क के रास्ते से यहां आया हूं."

    उन्होंने कहा, "मणिपुर वो मणि है जो पूरे उत्तर पूर्व को चमकाने वाली है."

    यहां लॉन्च की गई परियोजनाओं के बारे में उन्होंने कहा, "इन परियोजनाओं से मणिपुर के लोगों, हिल्स में रहने वालों को फ़ायदा मिलेगा, सभी के लिए नई सुविधाओं का निर्माण होगा."

    उन्होंने कहा, "अच्छी सड़कें न होने से लोगों को परेशानी रही है. लेकिन 2014 से मेरी कोशिश रही है कि इसके लिए काम किया जाए. इसके लिए दो स्तर पर काम किया गया. पहला, मणिपुर के लिए सड़क और रेल रास्ते का बजट बढ़ाया और दूसरा, गांवों को कनेक्ट करने की कोशिश की."

    अपने लगभग 20 मिनट के भाषण में पीएम ने कहा, "भारत जल्द दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है और मेरी कोशिश है कि देश के हर कोने तक इसका फ़ायदा पहुंचे."

    उन्होंने हिंसा के बारे में बात की और कहा, "मणिपुर का क्षेत्र आशा और उम्मीद की भूमि है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि हिंसा ने इसे अपनी चपेट में ले लिया था. थोड़ी देर पहले मैं उन प्रभावित लोगों से मिला हूं जो लोग कैम्प में रह रहे हैं और मैं कह सकता हूं कि उम्मीद और विश्वास की नई सुबह मणिपुर में दस्तक दे रही है. विकास के लिए शांति की स्थापना बहुत ज़रूरी है."

    मोदी ने अपने भाषण के आख़िर में कहा "हम मणिपुर को शांति, समृद्धि और विकास का प्रतीक बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "मैं आपको विश्वास दिलाता हूं मणिपुर के विकास के लिए, विस्थापितों को जल्द से जल्द उचित स्थान पर बसाने के लिए, शांति की स्थापना के लिए, भारत सरकार यहां मणिपुर सरकार का ऐसे ही सहयोग करती रहेगी."

    मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली मणिपुर यात्रा है. विपक्ष लगातार इस बात पर सवाल उठाता रहा है कि इतने लंबे समय तक प्रधानमंत्री मणिपुर क्यों नहीं गए.

    पिछले 28 महीनों से राज्य उथल-पुथल और राजनीतिक गतिरोध से गुज़र रहा है.

  17. भारत-पाकिस्तान मैच के विरोध में आम आदमी पार्टी ने फूंका पुतला, सौरभ भारद्वाज ने यह कहा

    एशिया कप 2025 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी के नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया.

    पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "26 बहनों का सिंदूर उजाड़ा गया. चुन-चुनकर आतंकवादियों ने उनकी हत्या की."

    उन्होंने कहा, "ऐसे लोगों के साथ हमारी क्रिकेट टीम कैसे क्रिकेट खेल सकती है? हमारी सरकार कहती थी कि ट्रेड और टेररिज़्म एक साथ नहीं चलेगा. क्रिकेट और टेररिज़्म एक साथ कैसे चल सकता है?"

    सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हम लोगों की आत्मा इतनी कैसे मर सकती है कि हम लोग पाकिस्तानियों के साथ क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं."

    इससे पहले बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा था, "बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट, जहां एसीसी या आईसीसी आयोजित करता है, वहां किसी भी देश के लिए हिस्सा लेना मजबूरी या ज़रूरी हो जाता है."

    भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच का विपक्ष लगातार विरोध कर रहा है.

  18. दिशा पाटनी के पैतृक घर पर फ़ायरिंग के मामले में पिता ने कही साज़िश की बात

    उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पैतृक घर पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध लोगों ने फ़ायरिंग की और उसके बाद मौके़ से फ़रार हो गए.

    एसएसपी बरेली अनुराग आर्या ने कहा, "हमें सूचना मिली कि रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी (अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता) के निवास पर मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने गोलीबारी की."

    उन्होंने कहा, "परिवार की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है. जांच के लिए एसपी सिटी और एसपी क्राइम के तहत पांच टीमें गठित की गई हैं. जो भी इस घटना में शामिल है, उनके ख़िलाफ़ पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी."

    रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "दो अज्ञात हमलावरों ने मेरे घर पर गोलीबारी की है."

    उनका कहना है कि ख़ुशबू पाटनी का जो भी बयान था, उसे तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है.

    पिता ने आरोप लगाया कि एक बयान को लेकर ख़ुशबू का नाम प्रेमानंद महाराज से भी जोड़ा गया है.

    उन्होंने कहा, "हम लोग सनातनी हैं और हमेशा गुरु जी, आचार्य जी और जो हमारे साधु-संत हैं उनका हम सम्मान करते हैं. लेकिन अगर कोई उनके (ख़ुशबू पाटनी) बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करता है, तो कहीं न कहीं ये हमें नीचे गिराने की साज़िश है."

    फ़िलहाल पुलिस ने अभी तक कोई ऐसी जानकारी नहीं दी है कि फ़ायरिंग में कौन लोग शामिल हैं और इसके पीछे की वजह क्या है.

  19. भारत को पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच क्यों खेलना पड़ रहा है? अनुराग ठाकुर ने दिया जवाब

    एशिया कप 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि अगर टीम इस मैच में हिस्सा नहीं लेगी, तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.

    अनुराग ठाकुर ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट, जहां एसीसी या आईसीसी आयोजित करता है, वहां किसी भी देश के लिए हिस्सा लेना मजबूरी या ज़रूरी हो जाता है."

    उन्होंने कहा, "अगर टीम हिस्सा नहीं लेगी, तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी और इस मैच के प्वाइंट्स दूसरी टीम को मिल जाएंगे."

    बीजेपी सांसद ने कहा है कि भारत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय टूर्नामेंट नहीं खेलता है.

    उन्होंने कहा, "हमने कई वर्षों से यह निर्णय लिया है कि भारत पाकिस्तान के साथ तब तक द्विपक्षीय टूर्नामेंट नहीं खेलेगा जब तक पाकिस्तान भारत पर आतंकवादी हमले बंद नहीं कर देता."

    भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.

    विपक्ष इस मैच का विरोध कर रहा है. उनका कहना है कि पहलगाम हमले के बाद भारत पाकिस्तान के साथ मैच कैसे खेल सकता है?

    इस मैच के ख़िलाफ़ गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका भी दायर की गई थी, जिसे कोर्ट ने तत्काल सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया.

    इसमें भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में होने वाले क्रिकेट मैच को रद्द करने की मांग की गई थी.

  20. पीएम मोदी ने मिज़ोरम की पहली रेलवे लाइन का किया उद्घाटन, कहा- किसान ज़्यादा बाज़ारों तक पहुंच सकेंगे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिज़ोरम की पहली रेलवे लाइन का उद्घाटन किया और राज्य की पहली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. यह ट्रेन आइज़ॉल को दिल्ली से जोड़ेगी.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पीएम मोदी ने 8,070 करोड़ रुपये की लागत वाली बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन का उद्घाटन किया.

    पीटीआई के अनुसार, इस लाइन में 45 सुरंगें, 55 बड़े पुल और 87 छोटे पुल शामिल हैं.

    उद्घाटन समारोह में वर्चुअली शामिल हुए पीएम मोदी ने कहा, "कुछ साल पहले, मुझे आइज़ॉल रेलवे लाइन की आधारशिला रखने का सौभाग्य मिला था और आज हम इसे देशवासियों को समर्पित करते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "कई चुनौतियों को पार करते हुए यह बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन अब साकार हो गई है. हमारे इंजीनियरों के कौशल और हमारे कार्यकर्ताओं के जज़्बे ने इसे संभव बनाया है."

    प्रधानमंत्री ने कहा, "यह सिर्फ़ एक रेल संपर्क नहीं है, बल्कि यह बदलाव की जीवनरेखा है. यह मिज़ोरम के लोगों के जीवन और आजीविका में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा. मिज़ोरम के किसान और व्यवसाय देश भर के ज़्यादा बाज़ारों तक पहुंच सकेंगे."