एयर इंडिया विमान क्रैश: जांच करने वाली एजेंसी ने कहा- शुरुआती रिपोर्ट से नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी

एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने कहा है कि एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अभी जारी है, इसलिए किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, संदीप राय

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. एयर इंडिया विमान क्रैश: जांच करने वाली एजेंसी ने कहा- शुरुआती रिपोर्ट से नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी

    विमान दुर्घटना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 विमान 12 जून को अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जाते समय क्रैश हो गया था

    एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने कहा है कि एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अभी जारी है, इसलिए किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ब्यूरो ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट में हादसे के मूल कारणों और ज़रूरी सिफ़ारिशों के बारे में बताया जाएगा.

    एएआईबी के महानिदेशक जीवीजी युगंधर ने एक बयान में कहा, "हमारे ध्यान में आया है कि कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान चुनिंदा और अपुष्ट रिपोर्टिंग के जरिए बार-बार नतीजे निकालने की कोशिश कर रहे हैं. जांच के दौरान ऐसा करना गैर-ज़िम्मेदाराना है."

    यह बयान उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद आया है जो 12 जून को हुए विमान हादसे के लिए पायलट की भूमिका की ओर इशारा कर रही थीं.

    अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा बोइंग 787-8 विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी.

    युगंधर ने कहा, "हम जनता और मीडिया से अपील करते हैं कि जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाले जल्दबाज़ी में निकाले गए निष्कर्षों से बचें."

  3. महाराष्ट्र विधानसभा परिसर में हंगामा, बीजेपी और एनसीपी समर्थकों के बीच हाथापाई

    एनसीपी (शरत चंद्र पवार) के नेता जीतेंद्र अवहद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एनसीपी (शरत चंद्र पवार) के नेता जीतेंद्र अवहद ने अपनी जान को ख़तरा बताया है

    गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए हैं.

    बीजेपी विधायक गोपीचंद पडालकर और एनसीपी (शरत चंद्र पवार) के नेता जीतेंद्र अवहद के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई.

    इसके बाद जितेंद्र अवहद ने कहा, “गुंडों को विधानसभा में आने दिया गया. मुझे प्रताड़ित किया गया, जान से मारने की धमकी दी गई और अपशब्द बोले गए. क्या विधानसभा में इसी की उम्मीद की जाती है? वक्तव्य देकर मैं बाहर निकला और ये लोग मुझसे भिड़ गए. अगर विधायक विधानसभा में सुरक्षित नहीं हैं, तो हमें एमएलए क्यों बने रहना चाहिए?”

    हंगामे के फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुए जिसमें दिखता है कि लोग एक दूसरे के साथ हाथापाई कर रहे हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने इस हंगामे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया.

    उन्होंने कहा, “अगर गुंडे विधानसभा तक पहुंच गए तो राज्य के गृह मंत्री और मुख्यमंत्री को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए. यह दुर्भाग्यपूर्ण है.”

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर चिंता व्यक्त की.

    उन्होंने कहा, "जो स्थिति बनी, वह सही नहीं है. यह मामला महाराष्ट्र विधान सभा अध्यक्ष और विधान परिषद अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र में आता है. विधान भवन में इस तरह की झड़प नहीं होनी चाहिए. इसी वजह से इस मामले की सही तरीके से जांच होनी चाहिए."

    स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, एक दिन पहले दोनों नेताओं के बीच कार का दरवाजा बंद करने के लिए तीखी बहस हुई थी.

  4. पटना के अस्पताल में चंदन मिश्रा की हत्या पर चिराग पासवान बोले

    चिराग पासवान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पटना के अस्पताल में हत्या को लेकर चिराग पासवान ने नीतीश कुमार सरकार को घेरा है

    गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना के एक अस्पताल में घुसकर पांच लोगों ने एक सज़ायाफ़्ता व्यक्ति चंदन मिश्रा की हत्या कर दी.

    राज्य में हत्या के जारी सिलसिले पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए सरकार पर निशाना साधा है.

    चिराग पासवान ने एक्स पर लिखा, “बिहार में कानून व्यवस्था आज एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है. प्रतिदिन हत्याएं हो रही हैं, अपराधियों का मनोबल आसमान पर है. पुलिस प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे है.”

    उन्होंने आगे लिखा, “आज (गुरुवार को) पटना के रिहायशी इलाके में स्थित पारस अस्पताल के अंदर घुसकर अपराधियों द्वारा सरेआम गोलीबारी की घटना इस बात का प्रमाण है कि अपराधी अब कानून और प्रशासन को सीधी चुनौती दे रहे हैं.”

    “बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बढ़ते आपराधिक मामले चिंताजनक है. उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाएगी.”

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गुरुवार सुबह पटना के पारस अस्पताल में पांच हथियारबंद बदमाश घुस आए और पैरोल पर इलाज करा रहे कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी.

    घटना में दो अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हो गए.

    इस मामले में बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने कहा, "यह दुखद घटना है क्योंकि पटना के प्रसिद्ध अस्पताल के अंदर ये घटना हुई. अपराधी अस्पताल के अंदर घुसकर घटना को अंजाम दिया है. पता चला है कि घटना के पीछे ज़मीन से जुड़ा विवाद था. हम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं."

  5. कनाडा की ओलिविया स्मिथ बनीं दुनिया की सबसे महंगी महिला फ़ुटबॉलर

    ओलीविया स्मिथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ओलिविया स्मिथ महिला फ़ुटबॉल के इतिहास की सबसे मंहगी खिलाड़ी बन गई हैं.

    कनाडाई टीम की फॉरवर्ड खिलाड़ी ओलिविया स्मिथ महिला फुटबॉल इतिहास की सबसे महंगी खिलाड़ी बन गई हैं.

    उन्होंने फुटबॉल क्लब आर्सेनल के साथ 10 लाख पाउंड (क़रीब 10 करोड़ रुपये) का कांट्रैक्ट साइन किया है. इससे पहले वह लिवरपूल से जुड़ी हुई थीं.

    20 साल की स्मिथ ने 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में डेब्यू किया था. अब उन्होंने चैंपियंस लीग होल्डर क्लब आर्सेनल के साथ चार साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है.

    उनका इस अनुबंध ने जनवरी में चेल्सी का अमेरिकी डिफ़ेंडर नाओमी गिरमा के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया. चेल्सी क्लब ने नाओमी के साथ 9 लाख पाऊंड का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था.

    स्मिथ ने कहा, "आर्सेनल के लिए साइन करना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है."

    वहीं आर्सेनल की हेड कोच रेनी स्लेगर्स ने कहा कि स्मिथ एक उत्साही युवा खिलाड़ी हैं, जो बड़ा योगदान दे सकती हैं.

  6. दिनभर पूरा दिन, पूरी ख़बरः सीरिया में इसराइल ने हमले क्यों किए?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. बेंगलुरु भगदड़ पर कर्नाटक सरकार ने कहा- पुलिस अधिकारियों ने आरसीबी के नौकर की तरह काम किया

    बेंगलुरु भगदड़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जून में आईपीएल जीतने के बाद आरसीबी ने विजय जुलूस निकाला था, जिसमें भगदड़ के दौरान 11 लोगों की जान चली गई

    कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु भगदड़ मामले में आईपीएस अधिकारी विकास कुमार को निलंबित किए जाने का हाईकोर्ट में बचाव किया.

    कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को हाई कोर्ट में कहा, “आईपीएल विजय जुलूस की तैयारियों के दौरान पुलिस अधिकारी और सहयोगी कर्मियों ने ऐसा बर्ताव किया जैसे वे आरसीबी के नौकर हों.”

    इस भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई जबकि 33 घायल हुए थे..

    सरकार की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील पीएस राजागोपाल ने कहा कि आईपीएल के फ़ाइनल मैच से पहले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विजय जुलूस की अनुमति का प्रस्ताव दिया था.

    बड़े पैमाने पर भीड़ इकट्ठा होने को लेकर मंज़ूरी की मांग करने की बजाय अधिकारियों ने बिना अपने उच्च अधिकारियों से सलाह लिए सुरक्षा के इंतज़ाम करने शुरू कर दिए.

    भगदड़ मामले में जस्टिस डी कुन्हा की रिपोर्ट कर्नाटक कैबिनेट को दे दी गई है.

    राज्य के क़ानून मंत्री एचके पाटिल ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “इस रिपोर्ट पर अगले सप्ताह कैबिनेट मीटिंग में फ़ैसला लिया जाएगा.”

    भगदड़ की घटना के बाद राज्य सरकार ने पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया था जिनमें बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर बी दयानंद, डीसीपी शेखर एच टेक्कन्नवर, एसीपी बालाकृष्णन, इंस्पेक्टर एके गिरीष और आईपीएस अधिकारी विकास कुमार शामिल थे.

    निलंबन को विकास कुमार ने चुनौती दी थी.

  8. तब्लीग़ी जमात से जुड़े 70 लोगों के ख़िलाफ़ दर्ज एफ़आईआर 5 साल बाद रद्द

    तब्लीग़ी जमात

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोरोना महामारी के दौरान तब्लीग़ी जमात के धार्मिक आयोजन करने पर हुई थी एफ़आईआर.

    दिल्ली हाई कोर्ट ने 70 भारतीय नागरिकों के ख़िलाफ़ दर्ज एफ़आईआर को बुधवार को रद्द कर दिया.

    वकील आशिमा मांडला ने बताया, "मार्च 2020 में तब्लीग़ी जमात के धार्मिक आयोजन के दौरान कोरोना से जुड़ी पाबंदियों का उल्लंघन करने के आरोप में 70 भारतीय नागरिकों पर दर्ज एफ़आईआर को दिल्ली हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है."

    उन्होंने कहा, "इन लोगों पर बीमारी फैलाने का भी आरोप लगाया गया था. हमारा तर्क था कि ये लोग केवल ठहरने और रहने की सुविधा दे रहे थे. जहां तक बीमारी फैलाने के आरोप का सवाल है, हमने कोर्ट में बताया कि चार्जशीट में कहीं नहीं लिखा गया है कि इन 70 में से किसी एक को भी कोविड-19 था. जब किसी को बीमारी थी ही नहीं, तो वह उसे फैला कैसे सकता है."

    मरकज़ उस वक़्त कोरोना वायरस हॉटस्पॉट के रूप में उभरा था, जब धर्मिक सभा में शामिल हुए 24 लोग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए थे.

    क्राइम ब्रांच ने 955 विदेशी जमातियों के ख़िलाफ़ विदेशी अधिनियम, आपदा प्रबंधन अधिनियम, महामारी रोग अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के विभिन्न प्रावधानों के तहत मुक़दमा दर्ज किया था.

  9. मॉनसून में अपराध बढ़ने के बिहार एडीजी के बयान पर तेजस्वी यादव क्या बोले

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार में लगातार हो रही हत्याओं पर बिहार पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के विवादित बयान को लेकर विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा है.

    तेजस्वी यादव ने कहा, “बिहार डरा हुआ है. अपराधी लगातार अपराध कर रहे हैं और मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं. कल एडीजी का बयान आया कि मॉनसून में अपराध बढ़ता है. ये बचकाना बयान है, यानी ये पल्ला झाड़ रहे हैं.”

    उन्होंने कहा, “इनसे अपराध कंट्रोल नहीं होता...दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा का कहना है कि घर में घुस कर मारेंगे और पाताल से ढूढेंगे, जबकि यहां वकीलों, इंजीनियरों, डॉक्टरों, नेताओं, व्यवसायियों, पुलिसकर्मियों की हत्या हो रही है, घर में घुसकर गोली मारी जा रही है.”

    उन्होंने कहा कि अपराधी राज्य में ‘विजय’ और ‘सम्राट’ हो गए हैं, “यही असली जंगल राज है...उन्हें देखना चाहिए कि उनके शासन में क्या हो रहा है. कोई भी सुरक्षित नहीं है.”

    गुरुवार को प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर तेजस्वी यादव ने कहा, “मोदी जी आ रहे हैं तो सभी पीड़ितों से जाकर मिलें, अपराधियों को सज़ा दिलाएं, क्या सिर्फ़ बिहार में वोट लेने आएंगे?”

  10. भारत को नेटो की चेतावनी पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने ये कहा

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    रूस के साथ व्यापार जारी रखने पर ब्राज़ील, चीन और भारत को नेटो की चेतावनी पर भारतीय विदेश विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, “हमने इस विषय पर रिपोर्ट्स देखी हैं और घटनाक्रम पर करीबी नज़र बनाए हुए हैं. मैं एक बार फिर दोहराना चाहता हूं कि हमारे नागरिकों की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करना स्वाभाविक रूप से हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.”

    उन्होंने कहा, "इस प्रयास में हम बाज़ार में उपलब्ध विकल्पों और वैश्विक परिस्थितियों से मार्गदर्शन लेते हैं. हम विशेष रूप से इस मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपनाने के ख़िलाफ़ सावधानी बरतने की बात करेंगे."

    हाल ही में नेटो ने चेतावनी दी कि अगर ब्राज़ील, चीन और भारत जैसे देश रूस के साथ व्यापार जारी रखते हैं, तो उन पर सेकेंडरी प्रतिबंध लगाए जाएंगे.

    नेटो के महासचिव मार्क रट ने ये चेतावनी अमेरिकी संसद में अमेरिकी सीनेटरों के साथ बैठक में दी थी.

    तीन दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को हथियार देने को मंज़ूरी दी और रूस को 50 दिनों के अंदर सीज़फ़ायर करने की चेतावनी जारी की थी.

  11. निमिषा प्रिया मामले में भारत सरकार क्या कर रही है, विदेश मंत्रालय ने बताया

    निमिषा प्रिया
    इमेज कैप्शन, निमिषा प्रिया को 16 जुलाई को मौत की सज़ा मिलने वाली थी लेकिन इसे टाल दिया गया

    यमन में भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को मिली सज़ा-ए-मौत को माफ़ी में तब्दील कराने की कोशिशों के बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफ़िंग में बताया कि यमन के स्थानीय प्रशासन ने निमिषा प्रिया को 16 जुलाई को तय मौत की सज़ा को टाल दिया है.

    उन्होंने कहा, “निमिषा प्रिया मामले में भारत सरकार हरसंभव सहायता मुहैया करा रही है. मंत्रालय ने क़ानूनी मदद दी है और परिवार की मदद के लिए एक वकील भी नियुक्त किया गया है.”

    रणधीर जायसवाल ने कहा, “नियमित कांसुलर मुलाक़ात की भी व्यवस्था की गई है. सरकार यमन के स्थानीय अधिकारियों और परिवार से संपर्क में है ताकि मामले का समाधान निकाला जा सके.”

    उन्होंने कहा, “हाल के दिनों में इस बात का सघन प्रयास किया गया है कि परिवार को और समय मिले ताकि दूसरे पक्ष के साथ आपसी सहमति से इसका समाधान निकल सके.”

    उन्होंने बताया, “भारत सरकार इस मामले पर क़रीबी नज़र बनाए हुए है और हर मदद मुहैया कराने की कोशिश कर रही है. भारत सरकार इस संबंध में कुछ दोस्ताना सरकारों से भी संपर्क में है.”

    16 जुलाई को निमिषा को मौत की सज़ा मिल जाती लेकिन ऐन मौक़े पर इसे टाल दिया गया था.

  12. पाकिस्तान में बाढ़ से 24 घंटे के भीतर 63 लोगों की मौत

    पाकिस्तान पंजाब बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के पंजाब के चकवाल में 24 घंटे में 400 मिलीमीटर बारिश हुई है

    पाकिस्तान की प्राकृतिक आपदा प्रबंधन एजेंसी पीडीएमए का कहना है कि बारिश के कारण पिछले 24 घंटों में 63 लोगों की मौत हो गई है.

    बीबीसी उर्दू ने एजेंसी के हवाले से बताया कि 24 घंटे में चकवाल में 400 मिलीमीटर से ज़्यादा बारिश हुई है. इस साल बारिश के कारण पंजाब प्रांत में 103 लोग मारे गए हैं.

    पीडीएमए का कहना है कि मानसून की बारिश के कारण पंजाब की नदियों और नालों में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है और लोगों से पुराने, मिट्टी-ईंटों से बने घरों में न रहने की अपील की गई है.

    एजेंसी के प्रमुख ने बताया कि बचाव अभियान के लिए सेना के हेलीकॉप्टरों सहित सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

    पाकिस्तान बाढ़

    इमेज स्रोत, PDMA

    इमेज कैप्शन, झेलम में अचानक बाढ़ आ गई जिसके बाद बचाने का अभियान चलाया जा रहा है

    झेलम में अचानक आई बाढ़

    रेस्क्यू पंजाब के प्रवक्ता ने बताया कि झेलम में आई बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है.

    अब तक झेलम में आई बाढ़ से 57 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि मियांवाली, रावलपिंडी, चकवाल, अटक, डीजी खान, रहीम यार खान, राजनपुर और लैयाह में बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

    पंजाब में मानसून और बाढ़ अभियानों के लिए 800 से अधिक बचाव नौकाएं और 15,000 से अधिक बचावकर्मी हाई अलर्ट पर हैं.

  13. यूपीः आठ सालों में पुलिस मुठभेड़ में 9,467 अभियुक्तों को पैर में गोली लगी, सैयद मोज़िज इमाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

    उत्तर प्रदेश पुलिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश पुलिस (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश पुलिस ने दावा किया है कि 'साल 2017 से लेकर अब तक प्रदेश में कुल 30 हज़ार अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ़्तार किया गया है.'

    इनमें से मुठभेड़ के दौरान 9 हज़ार से अधिक अभियुक्तों को पैर में गोली लगी है.

    पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने बताया, ‘‘पिछले आठ सालों में यूपी पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए 14,973 कार्रवाइयां की गईं, इस दौरान 30,694 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.’’

    उन्होंने कहा, ‘‘इस दौरान पुलिस पर हमला करने वाले 9,467 अपराधियों के पैर में गोली लगी जबकि 238 अपराधी मारे गए हैं.’’

    पुलिस के मुताबिक़, 'प्रदेश में सबसे अधिक पश्चिमी यूपी के मेरठ ज़ोन में कार्रवाई की गई, जहां पुलिस ने 7,969 अपराधी गिरफ़्तार किए जबकि इन कार्रवाइयों में 2,911 अपराधी घायल हुए हैं.'

    वहीं आगरा ज़ोन में 5,529 अभियुक्त गिरफ़्तार किए गए जबकि 741 घायल हुए हैं. बरेली ज़ोन में 4,383 अभियुक्त पकड़े गए और 921 घायल हुए हैं.

    इसके अलावा वाराणसी ज़ोन में 2029 अभियुक्त गिरफ़्तार किए गए और 620 घायल हुए हैं.

  14. चुनाव आयोग ने क्रांति प्रकाश झा और नीतू चंद्रा को बनाया बिहार का स्वीप आइकॉन फ़ेस

    क्रांति प्रकाश झा और अभिनेत्री नीतू चंद्रा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, क्रांति प्रकाश झा और अभिनेत्री नीतू चंद्रा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार चुनाव आयोग ने अभिनेता क्रांति प्रकाश झा और अभिनेत्री नीतू चंद्रा को बिहार का स्वीप आइकॉन फ़ेस बनाया है.

    दोनों ही एक्टर बिहार से आते हैं और कई फ़िल्मों और टीवी शो में काम कर चुके हैं.

    स्वीप यानी सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन, चुनाव आयोग का एक विशेष अभियान है, जिसमें आइकॉन फ़ेस में चुने गए लोग मतदाताओं में जागरुकता अभियान चलाते हैं.

    नीतू चंद्रा ने 'गरम मसाला', 'ट्रैफ़िक सिग्नल, 'ओए लकी लकी ओए' समेत 15 से ज़्यादा हिंदी फ़िल्मों में अभिनय किया है. इसके अलावा निर्माता के तौर पर नीतू चंद्रा ने अपनी मैथिली फ़िल्म 'मिथिला मखान' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीता है.

    बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और चुनाव आयोग इसकी जोर-शोर से तैयारी में जुट गया है.

    चुनाव से पहले राज्य में विशेष वोटर पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसका विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ प्रमुख ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बोले, 'अमेरिका और भारत व्यापार समझौते के बहुत क़रीब'

    पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ये तस्वीर 13 फरवरी की है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और भारत व्यापार समझौते के ‘बहुत क़रीब’ हैं.

    व्हाइट हाउस में पत्रकारों से ट्रंप ने कहा, "हम भारत के साथ समझौते के बहुत क़रीब हैं. अमेरिका के लिए भारत के बाज़ार और खुलेंगे."

    भारत और अमेरिका के बीच पिछले कई हफ्तों से व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो अप्रैल को भारत पर 27 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की घोषणा की थी. हालांकि, बाद में इसे नौ जुलाई तक रोक दिया गया था. इस मियाद को फिर एक अगस्त तक बढ़ा दिया गया है.

  17. इराक़: शॉपिंग सेंटर में लगी आग, 55 लोगों की हुई मौत

    एक शॉपिंग सेंटर में लगी भीषण आग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इराक़ के क़त शहर के एक शॉपिंग सेंटर में लगी भीषण आग (सांकेतिक तस्वीर)

    इराक़ के क़त शहर के एक शॉपिंग सेंटर में लगी भीषण आग में 55 लोगों की मौत हो गई.

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी ने मेडिकल अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है.

    वहीं इराक़ की सरकारी मीडिया के अनुसार, कई लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं.

    यह मॉल पाँच दिन पहले ही खुला था. मॉल में आग बुधवार रात को लगी थी, जिस पर अब काबू कर लिया गया है.

    बचावकर्मी अब भी लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं.

  18. 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की नीतीश कुमार की घोषणा पर आरजेडी ने क्या कहा?

    मनोज झा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरजेडी सांसद मनोज झा

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 125 यूनिट तक बिजली फ्री करने की घोषणा पर गुरुवार को आरजेडी सांसद मनोज झा ने प्रतिक्रिया दी है.

    मनोज झा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "ये मास्टरस्ट्रोक नहीं है. ये किसी दूसरे मास्टर से लिया हुआ स्ट्रोक है."

    उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार ने 200 यूनिट तक बिजली बिल मुफ्त करने की बात कही थी, लेकिन 125 यूनिट किया."

    मनोझ झा ने तेजस्वी यादव को सीएम मैटेरियल बताया है.

    उन्होंने दावा किया, "तेजस्वी यादव की घोषणाओं को आने वाले दिनों में आधे-अधूरे मन और तरीके से लागू किया जाएगा."

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की.

    नीतीश कुमार ने यह घोषणा ऐसे समय में की है, जब इस साल के आख़िर में बिहार में विधानसभा चुनाव होना है.

  19. बिहार: पटना के पारस अस्पताल में घुसकर क़ैदी की गोली मारकर की हत्या, सीटू तिवारी,बीबीसी संवाददाता

    पटना का पारस अस्पताल
    इमेज कैप्शन, पटना का पारस अस्पताल

    बिहार की राजधानी पटना में स्थित पारस अस्पताल में अपराधियों ने घुसकर एक इलाज करा रहे कैदी को गोली मार दी है.

    राजधानी पटना के राजा बाज़ार में पारस अस्पताल है और यह शहर के मुख्य अस्पतालों में से एक है.

    कैदी का नाम चंदन मिश्रा था, जो बक्सर ज़िले के निवासी थे. चंदन मिश्रा पर केशरी नाम के व्यक्ति की हत्या का आरोप था.

    चंदन मिश्रा बेऊर जेल में बंद थे और परोल पर अपना इलाज करा रहे थे.

    पुलिस ने क्या बताया?

    घटना स्थल पर मौजूद पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया, “पोस्टमार्टम से साफ़ होगा कि कितनी गोलियां लगी है, लेकिन कई राउंड गोलियां चली है. चंदन मिश्रा के विपक्षी गुट ने अस्पताल में घुसकर गोलीबारी की है.”

    पारस अस्पताल में अपने परिजन का इलाज करा रहे अमित कुमार ने बताया, “हम लोग अस्पताल के बाहर खड़े थे. तभी देखा कि कुछ लोग घुसे. बाद में हल्ला हुआ कि गोली चल गई. जिसके बाद अफरातफरी मच गई. कुछ देर बाद ही पुलिस और मीडिया वाले पहुँच गए.”

    मामले में बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सरकारी अपराधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीज को आईसीयू में घुसकर मारी गोली. बिहार में कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं? 2005 से पहले ऐसे होता था जी?"

    बिहार की क़ानून व्यवस्था को लेकर पहले ही विपक्ष राज्य सरकार पर हमलावर है.

    कुछ दिन पहले ही पटना के प्रमुख व्यवसायी गोपाल खेमका की गांधी मैदान के पास स्थित उनके घर के गेट पर ही हत्या कर दी गई थी.

    इसके बाद पटना पुलिस पर भी सवाल उठे थे.

  20. छांगुर बाबा से जुड़े कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

    छांगुर बाबा

    इमेज स्रोत, UP Police

    इमेज कैप्शन, छांगुर बाबा पर धर्मांतरण रैकेट चलाने का आरोप है

    केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को जमालुद्दीन उर्फ़ छांगुर बाबा से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ईडी ने यह छापेमारी धर्मांतरण गिरोह से जुड़े धन शोधन मामले की जांच को लेकर की है.

    न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, ईडी ने छापेमारी 14 जगहों पर की है.

    यूपी एटीएस छांगुर बाबा को गिरफ्तार कर चुकी है, एटीएस ने छांगुर बाबा पर धर्मांतरण रैकेट चलाने का आरोप लगाया है.

    कौन हैं छांगुर बाबा?

    छांगुर बाबा बलरामपुर ज़िले के उतरौला तहसील के अंतर्गत रेहरा माफ़ी गाँव के रहने वाले हैं. उनका जन्म इसी गाँव में हुआ था.

    गाँव के लोग बताते हैं कि छांगुर बाबा साइकिल से नग और अंगूठी बेचने का काम करते थे.

    कई सालों तक ये काम करने के बाद वे मुंबई चले गए और बाद में अपने आप को पीर घोषित कर दिया.

    छांगुर बाबा दो बार 2005-2010 और 2015-2020 तक अपने गाँव रेहरा माफ़ी के प्रधान भी रहे.

    ये भी पढ़ें-