इसराइली मंत्री यरुशलम के अल-अक्सा मस्जिद पहुंचे, दशकों पुरानी व्यवस्था का किया उल्लंघन

इसराइल के धुर दक्षिणपंथी माने जाने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन-ग्वेर ने यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद परिसर का दौरा किया और वहां प्रार्थना की.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ारअली

  1. इसराइली मंत्री यरुशलम के अल-अक्सा मस्जिद पहुंचे, दशकों पुरानी व्यवस्था का किया उल्लंघन

    इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन-ग्वेर

    इमेज स्रोत, Itamar Ben-Gvir X account

    इमेज कैप्शन, इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन-ग्वेर

    इसराइल के धुर दक्षिणपंथी माने जाने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन-ग्वेर ने यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद परिसर का दौरा किया और वहां प्रार्थना की.

    इतेमार बेन-ग्वेर के ऐसा करने से मध्य पूर्व के सबसे संवेदनशील स्थलों में से एक के लिए दशकों पुरानी व्यवस्था का उल्लंघन हुआ है.

    उनकी इस यात्रा की तस्वीरों और वीडियो में बेन-ग्वेर को कब्ज़े वाले पूर्वी यरुशलम के उस परिसर में यहूदी प्रार्थना सभा का नेतृत्व करते हुए दिखाया गया है, जिसे यहूदी लोग टेंपल माउंट के नाम से जानते हैं.

    इस स्थल पर प्रार्थना करना लंबे समय से चले आ रहे उस समझौते का उल्लंघन है, जिसके तहत यहूदियों को वहां जाने की अनुमति तो है, लेकिन प्रार्थना करने की इजाज़त नहीं है.

    इसराइली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि इसराइल की यथास्थिति बनाए रखने की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिसके तहत वहां केवल मुस्लिमों को ही इबादत करने की अनुमति है.

    जॉर्डन, जो इस स्थल का संरक्षक है, उसने बेन-ग्वेर की ताज़ा यात्रा को “उकसावा" कहा है.

    हमास ने इसे "फ़लस्तीनी लोगों के ख़िलाफ़ जारी आक्रामकता को और बढ़ाने वाला क़दम" बताया.

    जबकि फ़लस्तीनी अथॉरिटी के राष्ट्रपति महमूद अब्बास के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह यात्रा "सभी सीमाओं को पार कर गई है".

    यहूदी इस जगह को सबसे पवित्र स्थल मानते हैं क्योंकि यहां उनके दो प्राचीन उपासना स्थल हैं.

    यह मुसलमानों के लिए तीसरा सबसे पवित्र स्थान है, क्योंकि माना जाता है कि पैगंबर मोहम्मद यहीं से स्वर्ग की यात्रा पर गए थे.

    साल 1967 के मिडिल ईस्ट युद्ध में इसराइल ने इसे जॉर्डन से छीनकर अपने कब्ज़े में लिया था.

    फ़िलहाल यहां जो व्यवस्था लागू है उसके तहत, जॉर्डन को इस जगह का पारंपरिक संरक्षक बने रहने की अनुमति दी गई है, जबकि इसराइल के पास सुरक्षा और यहां किसी के पहुंचने की अनुमति देने की ज़िम्मेदारी है.

  2. श्रीनगर एयरपोर्ट पर मारपीट के वायरल वीडियो पर स्पाइसजेट और सेना ने क्या कहा?, माजिद जहांगीर, बीबीसी हिन्दी के लिए

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    श्रीनगर एयरपोर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एयरपोर्ट में एक शख़्स कुछ लोगों के साथ मारपीट करते दिखते हैं.

    इस मामले पर एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट और भारतीय सेना का बयान आया है.

    एयरलाइन के मुताबिक़ ये घटना 26 जुलाई 2025 की है और ये व्यक्ति सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी हैं.

    स्पाइसजेट का कहना है कि श्रीनगर से दिल्ली जा रही फ्लाइट SG-386 के बोर्डिंग गेट पर एक यात्री ने स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों के साथ मारपीट की. इसमें एक कर्मचारी की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया है और एक के जबड़े में गंभीर चोट लगी है.

    एयरलाइन के मुताबिक़, "ये व्यक्ति अपने साथ दो कैबिन बैग ले जा रहे थे, जिनका कुल वज़न 16 किलोग्राम था, जबकि विमान में कैबिन बैग की अधिकतम सीमा सात किलोग्राम ही होती है."

    एयरलाइन ने सिविल एविएशन मिनिस्ट्री को पत्र लिखकर अपने कर्मचारियों पर हुए इस हमले की जानकारी दी है और उचित कार्रवाई की मांग की है.

    इस मामले पर भारतीय सेना ने बयान जारी कर कहा, "26 जुलाई 2025 को श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक आर्मी जवान और एयरलाइन स्टाफ़ के बीच कथित विवाद की घटना भारतीय सेना के संज्ञान में आई है."

    बयान में आगे कहा गया, "भारतीय सेना अनुशासन और आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे सभी आरोपों को गंभीरता से लेती है. इस मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है."

  3. ग़ज़ा के बीमार और घायल बच्चों को लेकर ब्रिटेन बना रहा ये योजना

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र चैरिटी यूनिसेफ के मुताबिक़, 7 अक्तूबर 2023 के बाद से ग़ज़ा में 50 हज़ार से ज़्यादा बच्चे मारे गए हैं या घायल हुए हैं

    ब्रितानी सरकार ग़ज़ा से बीमार और घायल बच्चों को इलाज के लिए ब्रिटेन लाने की योजना बना रही है.

    ब्रितानी सरकार का कहना है कि ग़ज़ा से गंभीर रूप से बीमार या घायल बच्चों को निकालकर उन्हें इलाज के लिए ब्रिटेन लाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है.

    बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक़, इस योजना को कुछ ही हफ़्तों में लागू करने का लक्ष्य रखा गया है.

    अभी यह साफ़ नहीं है कि इस योजना में कितने बच्चे शामिल होंगे. लेकिन संडे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, सरकार लगभग 300 बच्चों को ब्रिटेन में मुफ़्त चिकित्सा सहायता के लिए प्रवेश देने की अनुमति देने जा रही है.

    प्रोजेक्ट प्योर होप की पहल के तहत कुछ ग़ज़ा के बच्चों को पहले ही इलाज के लिए निजी तौर पर ब्रिटेन लाया जा चुका है, लेकिन ब्रितानी सरकार ने इसराइल-हमास युद्ध के दौरान अपनी योजना के तहत अभी तक किसी को भी ग़ज़ा से नहीं निकाला है.

  4. उत्तर प्रदेश में बाढ़ से 80 हज़ार से ज़्यादा लोग प्रभावित, देखिए तस्वीरें

    उत्तर प्रदेश में बाढ़

    इमेज स्रोत, Shoeb Rizvi

    इमेज कैप्शन, प्रयागराज ज़िला बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है

    उत्तर प्रदेश के कई ज़िलों में बाढ़ के कारण जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. जानकारी के मुताबिक़ बाढ़ से 80 हज़ार से ज़्यादा लोग प्रभावित है.

    राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने जानकारी दी है कि बाढ़ से 37 तहसील और 402 गांवों के 84392 लोग प्रभावित हैं.

    सभी तस्वीरें प्रयागराज की हैं.

    प्रयागराज में बाढ़

    इमेज स्रोत, Shoeb Rizvi

    इमेज कैप्शन, 47,906 लोगों को सहायता मिल चुकी है
    प्रयागराज में बाढ़

    इमेज स्रोत, Shoeb Rizvi

    इमेज कैप्शन, बाढ़ से अभी उत्तर प्रदेश के 17 ज़िले प्रभावित हैं

    बाढ़ से प्रभावित ज़िलों में कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाज़ीपुर, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं.

    प्रयागराज में बाढ़

    इमेज स्रोत, Shoeb Rizvi

    इमेज कैप्शन, बाढ़ के कारण कई गलियों और मोहल्लों तक पानी पहुंच गया है
    प्रयागराज में बाढ़

    इमेज स्रोत, Shoeb Rizvi

    इमेज कैप्शन, 2,759 पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है
    प्रयागराज में बाढ़

    इमेज स्रोत, Shoeb Rizvi

    इमेज कैप्शन, राहत एवं बचाव कार्य जारी है और एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़ और पीएसी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं
    प्रयागराज में बाढ़

    इमेज स्रोत, Shoeb Rizvi

  5. ओडिशा: नबरंगपुर में 23 वर्षीय युवती की मौत, बलात्कार और हत्या का आरोप, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    ओडिशा के नबरंगपुर में 23 वर्षीय युवती की मौत

    इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati

    शनिवार रात ओडिशा के नबरंगपुर ज़िले के कोसागुमुड़ा ब्लॉक में 23 साल की एक युवती का शव उसके घर से 30 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ.

    परिवार के लोग युवती के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या का आरोप लगा रहे हैं.

    इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इस काम में फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है.

    एसडीपीओ सत्यजीत कंदनकेल ने बीबीसी को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नबरंगपुर ज़िला अस्पताल भेजा गया है.

    उनका कहना है, “हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहे हैं. परिजनों ने हत्या की शिकायत दर्ज कराई है और इस मामले में केस दर्ज किया गया है. हालांकि एफ़आईआर में बलात्कार का ज़िक्र नहीं है, फिर भी हम इस एंगल से भी जांच कर रहे हैं.”

    ओडिशा के नबरंगपुर में 23 वर्षीय युवती की मौत

    इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati

    इमेज कैप्शन, फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ़्तारी नहीं हुई है

    मृत युवती के रिश्ते के एक भाई ने स्थानीय मीडिया को बताया है कि युवती को देर रात हॉस्पिटल लेकर गए थे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

    उन्होंने युवती के साथ बलात्कार और उसके बाद हत्या का आरोप लगाया है.

  6. चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव को वोटर आईडी कार्ड के लिए जारी किया नोटिस

    आरजेडी नेता तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया था कि ड्राफ्ट सूची में उनका नाम शामिल नहीं है

    बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है और कहा है कि वो अपना ईपीआईसी (मतदाता फोटो पहचान पत्र) आयोग के पास जमा करें.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार चुनाव आयोग ने कहा है कि जांच के लिए उन्हें अपना कार्ड चुनाव आयोग को देना होगा क्योंकि ये कार्ड आधिकारिक तौर पर उन्हें जारी नहीं किया गया है.

    चुनाव आयोग का ये पत्र पटना जिला प्रशासन ने ट्वीट किया है जिसमें तेजस्वी यादव से कहा गया है कि, "जांच में यह पाया गया है कि आपका नाम मतदान केंद्र संख्या 204 (बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन) के क्रम संख्या 416 पर अंकित है."

    इस पत्र में आगे लिखा गया है, "आपके प्रेस वार्ता में आपके अनुसार आपका EPIC नंबर कुछ और है. प्राथमिक जांच के अनुसार ये एपिक संख्या आधिकारिक रूप से आपकी प्रतीत नहीं होती."

    "इसलिए आपसे अनुरोध है कि दो अगस्त को आपके द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में बताए गए एपिक कार्ड का विवरण (कार्ड की मूल कॉपी के साथ) निर्वाचन अधिकारी को दे दें ताकि इसकी गहन जांच की जा सके."

    इस ट्वीट को बिहार चुनाव अधिकारी ने रीट्वीट किया है.

    इससे पहले, तेजस्वी यादव ने शनिवार को आरोप लगाया था कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण के ख़त्म होने के बाद चुनाव आयोग ने मतदाता सूची का जो ड्राफ्ट जारी किया है उसमें उनका नाम नहीं है.

    उन्होंने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना एपिक नंबर दिखाते हुए दावा किया कि उनके नंबर की जानकारी इस नई लिस्ट में नहीं है.

    इसके बाद पटना जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर मतदाता सूची के पन्ने की दो तस्वीरें पोस्ट की और तेजस्वी यादव के दावे को ख़ारिज किया.

    प्रशासन ने कहा, "पहले उनका नाम बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन, मतदान केंद्र संख्या 171, क्रम संख्या 481 पर दर्ज था, लेकिन इस नई सूची में उनका नाम बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन, मतदान केंद्र संख्या 204, क्रम संख्या 416 में है."

  7. ग़ज़ा: फ़लस्तीनी रेड क्रिसेंट ने इसराइली सेना पर लगाया ये आरोप

    फ़लस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी

    इमेज स्रोत, Palestine Red Crescent Society

    इमेज कैप्शन, फ़लस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने अपने मुख्यालय को हुए भारी नुक़सान की तस्वीरें साझा की हैं

    फ़लस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी (पीआरसीएस) ने इसराइली सेना पर ग़ज़ा में मौजूद उसके मुख्यालय पर हमला करने का आरोप लगाया है.

    पीआरसीएस का कहना है कि इस हमले में एक कर्मी की मौत हुई है और तीन घायल हो गए हैं.

    मानवीय संगठन पीआरसीएस ने कहा है कि रविवार सुबह हुए इस हमले से इमारत में आग लग गई.

    संगठन ने ख़ान यूनिस में स्थित अपने मुख्यालय पर हुए हमले को 'जानबूझकर किया गया' हमला बताया है. सोसाइटी ने कहा कि यह स्थान इसराइली सेना को 'अच्छी तरह से पता' है और उस पर 'साफ तौर पर सुरक्षात्मक लाल निशान लगा हुआ है'.

    जब बीबीसी ने इस आरोप को लेकर सवाल किया, तो इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा कि उसे 'न तो किसी ज़मीनी हमले की और न ही किसी हवाई हमले की कोई जानकारी है'.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, 7 अक्तूबर 2023 के बाद से ग़ज़ा में 60 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है.

  8. रूस में 500 साल में पहली बार फटा ज्वालामुखी, एडम डर्बिन, बीबीसी न्यूज़

    ज्वालामुखी

    इमेज स्रोत, Institute of Volcanology and Seismology

    इमेज कैप्शन, जानकारों का कहना है कि ज्वालामुखी फटने का नाता बीते दिनों आए भूकंप से हो सकता है

    रूस के सुदूर पूर्वी इलाक़े में 500 साल से ज़्यादा समय में पहली बार एक ज्वालामुखी फटा है.

    इसके बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि इसका संबंध पिछले हफ़्ते आए शक्तिशाली भूकंप से हो सकता है.

    कामचटका के क्रशेनीनिकोव ज्वालामुखी से रात को लगभग छह किलोमीटर ऊंचाई तक राख का गुबार उठा. रूस की इमर्जेंसी मिनिस्टिरी ने कहा है कि आबादी वाले इलाक़ों को इससे कोई ख़तरा नहीं है.

    इसके कुछ घंटों बाद, रूस में एक और बड़े भूकंप के कारण प्रायद्वीप के तीन क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है.

    दोनों घटनाएं बुधवार को आए उस शक्तिशाली भूकंप से जुड़ी हो सकती हैं, जो पिछले हफ़्ते इसी क्षेत्र में आया था. इसकी तीव्रता 8.8 मापी गई थी.

    इस भूकंप के चलते फ्रेंच पोलिनेशिया और चिली जैसे दूर-दराज़ इलाक़ों में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी.

  9. उत्तर प्रदेश: बिजनौर के एक स्कूल में जबरन उर्दू पढ़ाने के आरोप में शिक्षक सस्पेंड, शहबाज़ अनवर, बीबीसी हिन्दी के लिए

    बिजनौर के एक स्कूल में जबरन उर्दू पढ़ाने का आरोप

    इमेज स्रोत, Shehbaz Anwar

    इमेज कैप्शन, शिक्षक सलाउद्दीन ने जबरन उर्दू पढ़ाने के आरोपों से इनकार किया है

    उत्तर प्रदेश के बिजनौर ज़िले के एक सरकारी कंपोज़िट विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक सलाउद्दीन को बच्चों को जबरन उर्दू पढ़ाने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है.

    यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित वीडियो को आरोपों का आधार बनाकर की गई है.

    सस्पेंशन ऑर्डर में एक यूट्यूब चैनल की वायरल ख़बर का भी ज़िक्र है. इस वीडियो में स्कूल के गेट के पास एक कथित पत्रकार और कुछ स्कूली बच्चों के बीच जबरन उर्दू पढ़ाने के आरोपों को लेकर बातचीत होती दिखाई गई है.

    संबंधित प्रखंड के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी इंद्रजीत ने बीबीसी हिंदी से कहा, "बिजनौर के गांव हरबंशपुर धारम में स्थित इस कंपोज़िट स्कूल में तैनात शिक्षक सलाउद्दीन को सस्पेंड कर दिया गया है. ज़िला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से सस्पेंशन लेटर भी जारी कर दिया गया है."

    सस्पेंड किए गए सलाउद्दीन ने बीबीसी से कहा, "मैं लंबे समय से अध्यापन क्षेत्र में हूं. ये सब गांव के ही एक शख़्स की साज़िश है, उनका बच्चा हमारे विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ता है, वह अनर्गल आरोप लगाते रहते हैं. उन्होंने ही अपने किसी जानकार यूट्यूब पत्रकार को वहां बुलाया था."

    सलाउद्दीन बताते हैं कि 'उनके साथ न्याय नहीं हुआ है और जबरन उर्दू पढ़ाने या बच्चों को पिटवाने जैसे आरोप निराधार हैं'.

  10. 'द केरल स्टोरी' को राष्ट्रीय पुरस्कार दिए जाने पर एफ़टीआईआई के छात्रों ने जताया विरोध

    'द केरल स्टोरी'

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'द केरल स्टोरी' के डायरेक्टर सुदीप्तो सेन को नेशनल अवॉर्ड दिया गया है

    पुणे स्थित फ़िल्म एंड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया (एफ़टीआईआई) के छात्र संगठन ने 'द केरल स्टोरी' को 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिए जाने पर अपना कड़ा विरोध जताया है.

    संगठन ने 'द केरल स्टोरी' के निर्देशन के लिए डायरेक्टर सुदीप्तो सेन को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार देने के फै़सले की कड़ी निंदा की है.

    छात्र संगठन का कहना है कि यह फै़सला सिर्फ़ निराशाजनक नहीं है, बल्कि यह ख़तरनाक भी है.

    बीते शुक्रवार को 71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार 2023 के नतीजों का एलान हुआ था.

    बेस्ट सिनेमैटोग्राफ़ी का अवॉर्ड भी 'द केरल स्टोरी' को मिला है.

    इसी पुरस्कार का विरोध करते हुए एफटीआईआई, पुणे के छात्र संगठन ने पत्र में लिखा, "एक बार फिर सरकार ने साफ़ कर दिया है कि अगर कोई फ़िल्म उसके बहुसंख्यकवादी और नफ़रत फैलाने वाले एजेंडे के साथ मेल खाती है, तो वह उसे इनाम देगी."

    इसमें कहा गया, "'द केरल स्टोरी' एक फिल्म नहीं है, यह एक हथियार है. यह एक झूठा नैरेटिव है जिसका मकसद मुस्लिम समुदाय को बदनाम करना और उस राज्य को गलत दिखाना है जो हमेशा सांप्रदायिक सौहार्द, शिक्षा और प्रतिरोध के लिए जाना जाता रहा है."

    बयान में आगे कहा गया, "सरकार को समझना होगा कि किसी प्रचार को इनाम देने से वह सच नहीं बन जाता."

    एफ़टीआईआई, पुणे के छात्र संगठन की ओर से जारी किया गया बयान

    इमेज स्रोत, FTII/Insta

    इमेज कैप्शन, एफ़टीआईआई, पुणे के छात्र संगठन की ओर से जारी किया गया बयान
  11. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  12. यूपी के गोंडा में एक गाड़ी नहर में पलटी, 11 लोगों की मौत, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    गोंडा में हादसा

    इमेज स्रोत, Jitendra

    इमेज कैप्शन, एसयूवी कार में ड्राइवर समेत 15 लोग सवार थे

    उत्तर प्रदेश के गोंडा में हुए एक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार लोगों को बचा लिया गया है.

    यह हादसा इटियाथोक के बेलवा बहुता रेहरा पुल पर हुआ, जहां एसयूवी कार नहर में पलट गई.

    इटियाथोक पुलिस थाने के एसएचओ कृष्ण राज राय ने बीबीसी हिन्दी को बताया कि एसयूवी कार में ड्राइवर समेत 15 लोग सवार थे.

    ये लोग मोतीगंज सिहागाव से पृथ्वीनाथ जलाभिषेक करने जा रहे थे. हादसे की सूचना मिलते ही ज़िले के एसपी और डीएम समेत अन्य अधिकारी मौक़े पर पहुंच गए हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है. साथ ही उन्होंने कहा है कि मृतकों को दो लाख रुपए और घायलों को 50 हज़ार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा.

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने का निर्देश दिया है और घायलों का उचित इलाज कराने के लिए कहा है.

  13. यूपी: ड्रोन से दहशत फैलाने वालों पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट, बीबीसी हिन्दी ने की थी ग्राउंड रिपोर्ट

    योगी आदित्यनाथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है.

    सीएम ने कहा है कि ड्रोन से दहशत फैलाने वालों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी और ज़रूरत पड़ने पर एनएसए लगाया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि अफ़वाह फैलाने या डर पैदा करने की कोशिश करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य के प्रमुख सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को सभी ज़िलों में ड्रोन गतिविधियों की समीक्षा और निगरानी करने के निर्देश दिए हैं.

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों में बीते कई दिनों से रात के समय संदिग्ध ड्रोन देखे जाने का दावा किया जा रहा है. इस पूरे मामले में बीबीसी हिन्दी ने हाल ही में एक ग्राउंड रिपोर्ट की है.

    बीबीसी हिन्दी ने अपनी ग्राउंड रिपोर्ट में पाया है कि ड्रोन देखे जाने के दावों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.

    बीबीसी से स्थानीय लोगों ने दावा करते हुए कहा था कि ये ड्रोन चोरों की मदद करते हैं.

    हालांकि, पुलिस का कहना है कि ड्रोन और चोरी की घटनाओं के बीच किसी तरह का सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है.

  14. पुरी: आग से हुई नाबालिग़ बच्ची की मौत पर ओडिशा के डिप्टी सीएम क्या बोले?

    केवी सिंह देव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डिप्टी सीएम केवी सिंह देव ने कहा कि विपक्ष को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए

    पुरी के बलंगा में आग से हुई नाबालिग़ बच्ची की मौत के बाद ओडिशा के उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव ने कहा कि बच्ची की जान बचाने के लिए सरकार ने सभी ज़रूरी क़दम उठाए थे.

    डिप्टी सीएम ने कहा, "राज्य सरकार की ओर से जो भी फ़ैसले लेने चाहिए थे, वे लिए गए. इलाज के लिए दिल्ली एम्स भी भेजा गया, लेकिन उसकी ज़िंदगी बचाने में डॉक्टर सक्षम नहीं हो पाए."

    उन्होंने कहा, "मैं कहना चाहता हूं कि जो विरोधी दल के लोग ऐसे मुद्दों पर राजनीति करते हैं, उनको इससे बचना चाहिए. जब वे लोग सत्ता में थे तब इस तरह की घटना होती थी."

    इस मामले में नाबालिग़ बच्ची के पिता का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि वह किसी को दोष नहीं देना चाहते हैं, बच्ची के पिता ने किसी पर शक होने की बात से भी इनकार किया है.

    पिछले महीने 19 तारीख़ को नाबालिग़ बच्ची को कथित तौर पर अज्ञात युवकों ने आग लगा दी थी.

    हालांकि, ओडिशा पुलिस ने एक्स पर बयान जारी कर अपनी प्रारंभिक जांच में किसी भी शख़्स के इस घटना में शामिल होने की आशंकाओं से इनकार किया है.

    स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था. और फिर बेहतर इलाज के लिए राज्य सरकार ने बच्ची को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया था, जहां उसकी मौत हो गई.

  15. यूक्रेन और रूस के हमलों में काला सागर के नज़दीक घरों और तेल डिपो को निशाना बनाया गया

    रूस-यूक्रेन युद्ध

    इमेज स्रोत, DSNS Ukraine

    इमेज कैप्शन, रूसी मिसाइल हमले में कई घरों को नुक़सान पहुंचा है

    यूक्रेन के दक्षिणी शहर मायकोलएव के अधिकारियों ने बताया है कि रूसी मिसाइल हमले से नागरिकों के घर और बुनियादी ढांचे नष्ट हो गए हैं.

    काला सागर के नज़दीक इस शहर में हमले से कम से कम तीन नागरिक घायल हुए हैं. इस शहर में रूस ने बार-बार गोलाबारी की है.

    यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने मिसाइल हमले के बाद घटनास्थल पर मौजूद फ़ायरफ़ाइटर्स की तस्वीरें पोस्ट की हैं.

    रविवार की सुबह सोची में काला सागर के नज़दीक एक तेल डिपो में भीषण आग लग गई. रूसी अधिकारियों ने इसके लिए यूक्रेनी ड्रोन हमले को ज़िम्मेदार ठहराया.

    इसके बाद उसी इलाक़े में स्थित सोची एयरपोर्ट से उड़ानें निलंबित कर दी गईं.

    क्रास्नोडार इलाक़े के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने टेलीग्राम पर बताया कि ड्रोन का मलबा एक ईंधन टैंक से टकराया है और 127 फ़ायरफ़ाइटर्स आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं.

    यूक्रेन का यह हमला इस हफ़्ते के आख़िर में किए गए कई हमलों में से एक है. इन हमलों में दक्षिण रूस के शहरों को निशाना बनाया गया.

  16. पुरी के बलंगा में आग से हुई नाबालिग़ बच्ची की मौत के बाद पिता बोले- 'सभी ने दुआएं कीं'

    बलंगा थाना

    इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati

    इमेज कैप्शन, नाबालिग़ बच्ची की इलाज के दौरान एम्स दिल्ली में मौत हो गई है

    पुरी के बलंगा में आग से हुई नाबालिग़ बच्ची की मौत के बाद उसके पिता ने कहा है कि सभी मज़हब के लोगों ने उनकी बेटी के लिए दुआएं मांगी.

    बच्ची के पिता ने कहा, "किसी पर मैं उंगली नहीं उठाना चाहता. आम नागरिक, वे चाहे हिंदू हों या मुस्लिम, मेरी लड़की के लिए सभी ने दुआ-प्रार्थना की. मैं किसी से नाराज़ नहीं हूं."

    उन्होंने कहा, "मैं बस इतना ही कहूंगा कि मेरी नसीब में मेरी बेटी नहीं है. मैं किसी को दोष नहीं देना चाहता."

    बच्ची के पिता ने किसी पर शक होने की बात से इनकार किया.

    पिछले महीने 19 तारीख़ को नाबालिग़ बच्ची को कथित तौर पर तीन अज्ञात युवकों ने आग लगा दी थी.

    हालांकि, ओडिशा पुलिस ने एक्स पर बयान जारी कर अपनी प्रारंभिक जांच में किसी भी शख़्स के इस घटना में शामिल होने की आशंकाओं से इनकार किया है.

    स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था. और फिर बेहतर इलाज के लिए राज्य सरकार ने दिल्ली एम्स भेजा, जहां उसकी मौत हो गई.

  17. यूपी: अमेठी में भैंसों के हमले में तेंदुए की मौत, अरशद अफ़ज़ाल ख़ान, बीबीसी हिंदी के लिए

    तेंदुआ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तेंदुए की वजह से अमेठी ज़िले के मुसाफ़िरख़ाना थाना क्षेत्र के दो गांवों में दहशत का माहौल था (सांकेतिक तस्वीर)

    उत्तर प्रदेश के अमेठी में भैंसों के हमले में एक तेंदुए की मौत हो गई. इससे पहले तेंदुए ने हमला कर पांच लोगों को घायल किया था, जिससे इलाक़े में दहशत का माहौल था.

    यह घटना शनिवार देर रात अमेठी ज़िले के मुसाफ़िरख़ाना थाना क्षेत्र में हुई, जब तेंदुआ एक भैंस के बाड़े में घुस गया और उसने एक बछड़े पर हमला करने की कोशिश की. इसी दौरान पास में मौजूद भैंसों ने तेंदुए पर हमला कर दिया.

    इस हमले के बाद तेंदुआ गांव में भागा और आख़िरकार वह घायल होने की वजह से गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई.

    अमेठी के ज़िला मैजिस्ट्रेट संजय चौहान ने पुष्टि की है कि तेंदुए की मौत भैंसों के हमले की वजह से हुई है.

    इस तेंदुए की वजह से मुसाफ़िरख़ाना थाना क्षेत्र के भैंदपुर और बिरईपुर गांवों में दहशत का माहौल था. दोनों गांव के लोग शनिवार दोपहर से दहशत में रह रहे थे.

    डीएम संजय चौहान ने बताया कि वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार काम कर रही थीं. उसे पकड़ने के लिए गांव में जाल और पिंजरे लगाए गए और ड्रोन और लाइटों का इस्तेमाल किया गया.

    उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज़ से पीएसी बलों को भी तैनात किया गया था.

  18. ओडिशा: पुरी में आग से हुई नाबालिग़ बच्ची की मौत पर नवीन पटनायक बोले

    नवीन पटनायक

    इमेज स्रोत, Ashish Vaishnav/SOPA Images/LightRocket via Getty

    इमेज कैप्शन, नवीन पटनायक ने नाबालिग़ बच्ची की मौत पर दुख जताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पुरी के बलंगा में आग से हुई नाबालिग़ बच्ची की मौत पर ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने दुख ज़ाहिर किया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "यह जानकर बहुत दुख हुआ कि पुरी ज़िले के बलंगा क्षेत्र में आग लगाकर जलाई गई लड़की की एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई. मेरी संवेदनाएं लड़की के साथ हैं. इस दुख की घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं."

    वहीं, बीजू जनता दल के सांसद सस्मित पात्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है सरकार नींद से जागेगी और कार्रवाई करेगी.

    उन्होंने कहा, "हम बहुत दुखी हैं क्योंकि जब तक ऐसे अपराध करने वालों को न्याय के कटघरे में नहीं लाया जाता और ओडिशा में ऐसे जघन्य अपराध बेरोक-टोक जारी रहते हैं, तब तक कोई भी सुरक्षित नहीं है."

    सस्मित पात्रा ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि सरकार नींद से जागेगी और कड़ी कार्रवाई करेगी."

    पिछले महीने 19 तारीख़ को इस नाबालिग़ बच्ची को कथित तौर पर तीन अज्ञात युवकों ने आग लगा दी थी.

    हालांकि, ओडिशा पुलिस ने एक्स पर बयान जारी कर अपनी प्रारंभिक जांच में किसी भी शख़्स के इस घटना में शामिल होने की आशंकाओं से इनकार किया है.

    स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था. और फिर बेहतर इलाज के लिए राज्य सरकार ने दिल्ली एम्स भेजा, जहां उसकी मौत हो गई.

  19. हमास ने इसराइली बंधक का वीडियो जारी किया, परिवार ने भूखा रखने का लगाया आरोप, जारोस्लाव लुकिव, बीबीसी न्यूज़

    एव्याटर डेविड

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, इले डेविड अपने भाई एव्याटर डेविड का पोस्टर पकड़े हुए

    ग़ज़ा में इसराइली बंधक एव्याटर डेविड के परिवार ने हमास पर 'प्रोपेगैंडा कैंपेन' के तहत उन्हें जानबूझकर भूखा रखने का आरोप लगाया है.

    हमास की ओर से एक वीडियो जारी होने के बाद शनिवार को डेविड के परिवार का बयान आया. इस वीडियो में बेहद कमज़ोर हो चुके डेविड को संकरी और कंक्रीट की बनी सुरंग में दिखाया गया है.

    24 साल के डेविड को हमास ने सात अक्तूबर 2023 को बंधक बना लिया था. इसके बाद से वह अभी तक हमास की क़ैद में हैं. डेविड को दक्षिणी इसराइल में एक संगीत समारोह के दौरान बंधक बनाया गया था.

    उनके परिवार ने कहा, "हम अपने प्रिय बेटे और भाई एव्याटर डेविड को ग़ज़ा में हमास की सुरंगों में जानबूझकर और निंदनीय रूप से भूखा मरते हुए देखने को मजबूर हैं- एक ज़िंदा कंकाल, जिसे ज़िंदा दफ़ना दिया गया."

    एव्याटर डेविड

    इमेज स्रोत, Other

    इमेज कैप्शन, हमास ने जो वीडियो जारी किया है उसमें इसराइली बंधक एव्याटर डेविड को ग़ज़ा की एक सुरंग में क़ैद दिखाया गया है

    डेविड के परिवार ने इसराइली सरकार और वैश्विक समुदाय से अनुरोध किया है कि 'एव्याटर को बचाने के लिए जो कुछ भी संभव है वह किया जाए'.

    हमास ने जो वीडियो जारी किया है उसमें एव्याटर डेविड को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि "मैंने कई दिनों से कुछ नहीं खाया है... मुझे पीने के लिए पानी भी बहुत मुश्किल से मिलता है."

  20. अरुण जेटली पर बयान के बाद उनके बेटे ने की राहुल गांधी से माफ़ी की मांग

    रोहन जेटली

    इमेज स्रोत, Manoj Verma/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, रोहन जेटली ने कहा है कि ज़िम्मेदारी वाले पदों पर बैठे लोगों के पास ख़ुद की रिसर्च होनी चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को लेकर दिए गए बयान पर अरुण जेटली के बेटे रोहन जेटली ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से माफ़ी की मांग की है.

    दरअसल, शनिवार को राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में कहा था कि जब वह सरकार के लाए तीनों कृषि क़ानूनों का विरोध कर रहे थे, उस वक्त अरुण जेटली ने उन्हें धमकाया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में रोहन जेटली ने कहा, "संसद में ज़िम्मेदारी वाले पद पर बैठे हुए व्यक्ति का यह एक बहुत ही ग़ैर-ज़िम्मेदाराना बयान है. यह सबको पता है कि किसान बिल 2020 में आए, जबकि मेरे पिता की मौत अगस्त 2019 में हुई."

    रोहन जेटली से सवाल किया गया कि 'क्या आप राहुल गांधी से सार्वजनिक तौर पर माफ़ी की मांग करेंगे?' इस पर उन्होंने कहा, "लोगों से ग़लती होती है. जब आप ऐसे पद पर होते हैं तो ऐसी टिप्पणी या बयान देते हैं जो बिल्कुल सही नहीं होते. अपनी ग़लती क़बूल करने और चुपचाप माफ़ी मांगने में कोई बुराई नहीं है."

    रोहन जेटली ने कहा, "लेकिन जब लोग ज़िम्मेदारी वाले पद पर बैठे होते हैं और आप पार्टी के सीनियर लीडर हैं, आप कई सालों से संसद में हैं तो यह बहुत ज़रूरी है कि आपके पास ख़ुद की रिसर्च होनी चाहिए."

    इससे पहले भी रोहन जेटली राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठा चुके हैं.