इसी के साथ बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को दीजिए इजाज़त.
बुधवार को हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर से हाज़िर होंगे.
फ़िलहाल के लिए हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें हैं, जिन्हें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
सीरिया में असद के पतन और इसराइली हमले पर क्या कह रहे हैं अरब देश. ये ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
सीरियाः असद के सत्ता से बेदख़ल होने के बाद अमेरिका की असल चिंता क्या है? पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
भारत-बांग्लादेश बैठक: अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मुद्दे पर बांग्लादेश के तेवरों की क्यों है चर्चा? ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से की मुलाकात, क्या बात हुई?
इमेज स्रोत, @rajnathsingh
इमेज कैप्शन, भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रूस के दौरे पर हैं. उन्होंने मंगलवार को मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात की.
भारत के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग पर भारत-रूस के अंतर-सरकारी आयोग (आईआरआईजीसी-एमएंडएमटीसी) के 21वें सत्र के दौरान रक्षा मंत्री और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बातचीत हुई.
रक्षा मंत्री ने पुतिन के साथ द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.
पुतिन और राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं और दोनों के प्रयास उल्लेखनीय नतीजों का मार्ग प्रशस्त करेंगे.
राजनाथ सिंह ने पुतिन से कहा, "दोनों देशों के बीच दोस्ती सबसे ऊंचे पर्वत से भी ऊंची और सबसे गहरे महासागर से भी अधिक गहरी है."
उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अपने रूसी दोस्तों के साथ खड़ा रहा है और भविष्य में भी ऐसा करना जारी रखेगा.
वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की बोले, 'असद तो पुतिन के पास भाग गए, लेकिन पुतिन कहां भागेंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन और रूस के बीच फरवरी 2022 से जंग जारी है
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि "बहादुर" असद (बशर अल-असद) तो पुतिन के पास भाग गए, लेकिन पुतिन कहां भागेंगे?
ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा इस साल मानवाधिकार दिवस पर सीरियाई जेलों और यातना शिविरों से जो तस्वीरें सामने आई हैं, वो दिल को झकझोर देने वाली हैं.
उन्होंने कहा, "इन्हें असद के भागने के बाद खोला गया.कई सालों से यहाँ लोगों को अपमानित किया जा रहा था. इसमें पुरुष और महिलाएं शामिल हैं. इन्हें पीटा गया, प्रताड़ित किया गया और उनका रेप किया गया. हज़ारो लोग इस हिंसा की फैक्ट्री से होकर गुज़रे हैं."
ज़ेलेंस्की ने कहा कि दशकों से असद की सरकार हिंसा पर निर्भर रही है. पुतिन के समर्थन वाला शासन ऐसा ही दिखता है. हमने अपने क्षेत्र में रूसी आक्रमणकारियों के कब्ज़े वाले हर स्थान पर इसी तरह की जेल और यातना देने वाले शिविर देखे हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बशर अल-असद और व्लादिमीर पुतिन (फाइल फोटो)
ज़ेलेंस्की ने कहा कि असद जैसे तानाशाह पुतिन जैसे तानाशाह के बिना जीवित नहीं रह सकते. उन्होंने दावा किया कि पुतिन असद की हार की बदला लेने की कोशिश करेंगे.
उन्होंने कहा कि इसी कारण हमें ऐसे शासनों का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने और ताकत की आवश्यकता है.
दरअसल यूक्रेन और रूस के बीच फरवरी 2022 से जंग जारी है. वहीं असद सीरिया पर विद्रोही गुटों के कब्ज़े के बाद देश छोड़कर भाग गए हैं और उन्हें रूस ने शरण दी है.
सीरिया: मोहम्मद अल-बशीर सीरिया के अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मोहम्मद अल-बशीर (फ़ाइल फोटो)
सीरिया में बशर अल-असद को सत्ता से हटाने वाले विद्रोही गुटों की मदद करने में अहम भूमिका निभाने वाले मोहम्मद अल-बशीर को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है.
टेलीविजन पर अपने संबोधन में मोहम्मद अल-बशीर ने ऐलान किया कि वो पद पर अगले साल 1 मार्च तक बने रहने के लिए तैयार हैं.
मोहम्मद अल-बशीर छोटी कैबिनेट का नेतृत्व करेंगे. ऐसा इसलिए ताकि सार्वजनिक सेवाएं फिर से बहाल हो सकें.
इदलिब प्रांत के प्रशासन की जिम्मेदारी अभी मोहम्मद अल-बशीर ही संभाल रहे हैं.
ये घोषणा ऐसे समय पर हुई है जब कुछ सरकारी एजेंसियों ने सिविल सेवकों और स्वास्थ्य कर्मियों से काम पर लौटने की अपील की है.
विद्रोहियों ने अलेप्पो, हमा और होम्स के बाद राजधानी दमिश्क पर रविवार को कब्ज़ा कर लिया था.
इसके बाद विद्रोहियों ने कहा था कि सीरिया आज़ाद हो गया है. वहीं देश से भागे बशर अल-असद को रूस ने शरण दी है.
दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर लाइव सुनिए
इमेज कैप्शन, दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर
'दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर' प्रियंका और शाहिद से यहां क्लिक करके सुनिए.
यूपी: हाथरस में मैक्स लोडर और ट्रक में टक्कर, सात की मौत, धर्मेंद्र सिंह, हाथरस से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सड़क हादसे में मैक्स बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई
उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपहर को भीषण सड़क हादसा हो गया. मैक्स लोडर और ट्रक में हुई टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जनपद हाथरस में मथुरा-कासगंज हाइवे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं."
उन्होंने कहा, "ज़िला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं."
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को ज़िला अस्पताल में भर्ती करवाया.
अधिकारियों के मुताबिक मैक्स में 20 लोग सवार थे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.
बागला ज़िला अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जानने के लिए डीएम राहुल पांडेय और एसपी निपुण अग्रवाल पहूंचे.
बागला ज़िला अस्पताल पहुंचे डीएम राहुल पांडेय ने बताया कि कुम्हरई गांव से वाहन हाथरस से एटा की तरफ जा रहा था. एक कुरियर कंटेनर के पलटने की वजह से दुर्घटना हुई है.
उन्होंने कहा कि इसमें अब तक 7 लोगों की मौत हुई है. इनमें तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल है.
छह घायलों को रेफर किया गया है. वहीं 7 लोगों का इलाज ज़िला अस्पताल में चल रहा है.
राजस्थान: दौसा में बोरवेल में गिरा बच्चा, 24 घंटे से चल रहा है रेस्क्यू ऑपरेशन, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज कैप्शन, राजस्थान के दौसा ज़िले में बोरवेल में पाँच साल का बच्चा डेढ़ सौ फीट नीचे फंसा हुआ है
राजस्थान के दौसा ज़िले के कालीखाड़ गांव में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे एक पांच साल का बच्चा डेढ़ सौ फीट गहरे बोरवेल में गिर गया.
बोरवेल में बच्चा करीब डेढ़ सौ फीट नीचे फंसा हुआ है. बच्चे को ऑक्सीजन सप्लाई दी जा रही है और बोरवेल में एक कैमरा भी डाला गया था. इसमें सोमवार शाम तक बच्चे की मूवमेंट भी देखी गई थी.
दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया, “हमने एक अंब्रेला नुमा उपकरण को बच्चे के नीचे फंसा दिया है. इससे बच्चे के और नीचे गिरने की अब संभावना नहीं है."
इमेज कैप्शन, बोरवेल में कैमरा लगाया गया है
उन्होंने कहा, "हमने बोरवेल में एक रिंग डाली है.बच्चे का हाथ रिंग में फंस जाता है तो उसकी सहायता से बच्चे को ऊपर खींचने के प्रयास किए जाएंगे. एनडीआरएफ़ की टीम के पास और भी कई प्रकार की रिंग मौजूद हैं. इसके जरिए बच्चे को निकालने का प्रयास जारी हैं.”
उन्होंने बताया कि हमने खुदाई का काम तेज़ी से करने के लिए जयपुर और सवाई माधोपुर से भी बड़ी मशीने मंगाई हैं.
बोरवेल में गिरे बच्चे की मूवमेंट के बारे में कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने कहा, “बच्चा डेढ़ सौ फीट गहराई में फंसा हुआ है. गहराई ज्यादा होने के कारण हम बच्चे से संवाद नहीं कर पा रहे हैं. समय भी काफी बीत गया है. इस कारण बच्चे की स्थिति बाहर आने के बाद ही बता पाएंगे."
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़ पांच साल का बच्चा अपनी मां के सामने पैर फिसलने के कारण बोरवेल में गिर गया. परिवार ने ही घर से करीब सौ मीटर दूरी पर लगभग तीन साल पहले यह बोरवेल खुदवाया था.
सहायता और नागरिक सुरक्षा मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने इस मामले पर कहा, “पांच साल के आर्यन का खुले बोरवेल में गिरने का दुखद समाचार मिला है. ये बहुत चिंताजनक है. सूचना मिलते ही संबंधित विभाग से दस लाख रुपये ज़िला प्रशासन को दिए गए हैं. पूरे घटनाक्रम पर मेरी नज़र है और जल्द ही पीड़ित परिवार से मिलने जाऊंगा."
उत्तर प्रदेश: फ़तेहपुर की नूरी मस्जिद में हुए कथित अवैध निर्माण के एक हिस्से को प्रशासन ने ढहाया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नूरी मस्जिद
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर ज़िले के ललौली कस्बे में 185 साल पुरानी नूरी मस्जिद में हुए कथित अवैध निर्माण के एक हिस्से को प्रशासन ने मंगलवार को ढहा दिया.
प्रशासन ने दावा किया कि बांदा-बहराइच हाईवे को चौड़ा करने के लिए अवैध निर्माण बाधा बन रहा है.
वहीं मस्जिद की प्रबंधन समिति के प्रमुख ने दावा किया कि नूरी मस्जिद का निर्माण 1839 में हुआ था और सड़क 1956 में बनी है.
उन्होंने बताया कि इसके ख़िलाफ़ इलाहाबाद हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटा चुके हैं और इसकी सुनवाई 12 दिसंबर को होगी.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार बांदा-बहराइच हाईवे संख्या-13 के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने मस्जिद के अवैध निर्माण वाले कुछ हिस्से को हटाने का नोटिस दिया था.
अधिकारियों ने दावा किया कि मस्जिद प्रबंधन ने नोटिस के बाद भी अवैध निर्माण नहीं ढहाया.
सीरिया के विद्रोहियों ने असद सरकार में यातनाएं देने वाले अधिकारियों पर किया कार्रवाई का एलान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अबू मोहम्मद अल-जुलानी (फाइल फोटो)
सीरिया के विद्रोही गुट हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) ने एलान किया है कि बशर अल-असद की सत्ता में यातनाएं देने वाले अधिकारियों को सज़ा दी जाएगी. एचटीएस ने ये कहा है कि ऐसे अधिकारियों की सूचना देने पर इनाम मिलेगा.
एचटीएस के नेता अबू मोहम्मद अल-जुलानी ने कहा कि वो अत्याचार करने वाले अधिकारियों के नाम छापेंगे और जो भी दूसरे देशों में भाग गए हैं उन्हें वापस लाने की कोशिश करेंगे.
वहीं विद्रोही लड़ाकों को अस्पताल के मुर्दाघर में 40 शव मिले हैं. इनके शरीर पर यातना के निशान दिख रहे हैं.
इस बीच सीरियन ऑब्ज़र्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) ने कहा है कि सीरिया में इसराइल ने हवाई हमले किए हैं.
रविवार को एचटीएस के नेतृत्व में विरोधी गुटों ने दमिश्क पर कब्ज़ा कर लिया था. इसके बाद विद्रोहियों ने एलान किया था कि सीरिया आज़ाद हो गया है.
इन सबके बीच बशर अल-असद देश छोड़कर भाग गए और उन्हें रूस ने शरण दी है.
सोनू निगम ने परफ़ॉर्मेंस के बीच राजस्थान के सीएम के उठकर जाने पर कहा- 'मत आया करो'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सोनू निगम (फाइल फोटो)
राजस्थान के जयपुर में 'राइज़िंग राजस्थान' में गायक सोनू निगम ने परफ़ॉर्म करने के बाद राजनेताओं के व्यवहार पर नाराज़गी जताई.
राजस्थान में आर्थिक, सामाजिक विकास को सुदृढ़ करने के मकसद से राजस्थान सरकार राइज़िंग राजस्थान ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट का आयोजन करवा रही है.
सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें उन्होंने कहा, "राइज़िंग राजस्थान में बहुत अच्छे लोग आए थे. इसमें दुनियाभर से डेलिगेट्स, सीएम साहब और खेल मंत्री आए थे."
"मैंने शो के बीच में देखा कि सीएम (भजनलाल शर्मा) साहब और बाकी के डेलिगेट्स भी चले गए. मेरा राजनेताओं से निवेदन है कि अगर आप अपने कलाकार की इज़्ज़त नहीं करेंगे तो बाहर के लोग क्या करेंगे."
मैंने अमेरिका में तो कभी नहीं देखा कि कोई कलाकार परफ़ॉर्म कर रहा है तो वहां राष्ट्रपति बैठे हैं तो वो चले जाएंगे. आपको उठ कर जाना होता है तो आया मत करो या शो शुरू होने से पहले चले जाया करो."
सोनू निगम ने इसे सरस्वती का अपमान बताया.
वीएचपी के कार्यक्रम में दिए इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज के बयान पर सुप्रीम कोर्ट ने मांगी जानकारी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जस्टिस शेखर कुमार यादव इलाहाबाद हाई कोर्ट में जज हैं, वह रविवार को विश्व हिन्दू परिषद के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे
सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज शेखर यादव की ओर से वीएचपी के कार्यक्रम में दिए गए बयान पर जानकारी मांगी है.
इस मामले में संज्ञान लेते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट से पूरे मामले पर जानकारी देने को कहा है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "इलाहाबाद हाई कोर्ट के मौजूदा जज जस्टिस शेखर कुमार यादव के भाषण पर अख़बारों में छपी ख़बरों पर सु्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया है. हाई कोर्ट से इस मामले में अधिक ब्योरा मांगा गया है और मामला विचाराधीन है."
जस्टिस शेखर कुमार यादव इलाहाबाद हाई कोर्ट में जज हैं. वह रविवार को विश्व हिन्दू परिषद के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इस मौक़े पर उन्होंने यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के मुद्दे पर कहा, "हिन्दुस्तान में रहने वाले बहुसंख्यक के अनुसार ही देश चलेगा."
जस्टिस शेखर यादव का कहना था कि एक से ज़्यादा पत्नी रखने, तीन तलाक़ और हलाला के लिए कोई बहाना नहीं है और अब ये प्रथाएं नहीं चलेंगी.
हालाँकि बीबीसी से बातचीत में जस्टिस शेखर यादव ने कहा है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर चलाया जा रहा है.
सोरोस मुद्दे पर कांग्रेस ने किया केंद्र से सवाल, 'हिंदुस्तान में बंद क्यों नहीं करते उनका धंधा-पानी'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी
कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल गौतम अदानी ग्रुप के मामले पर केंद्र सरकार को घेर रहे हैं. वहीं अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस का जिक्र कर बीजेपी कांग्रेस पर कई तरह के आरोप लगा रही है.
इस कारण लोकसभा और राज्यसभा में मंगलवार को भी हंगामा रहा. दोनों सदनों की कार्यवाही बुधवार की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. हालांकि, इसके बाद कांग्रेस ने जॉर्ज सोरोस के मामले पर प्रतिक्रिया दी.
केरल के वायनाड से कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "ये इसलिए कर रहे हैं क्योंकि ये अदानी पर बहस नहीं चाहते. ये जानते हैं कि घूस दी गई है."
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रिया श्रीनेत (फाइल फोटो)
पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "इस देश में सबसे अहम मुद्दा नरेंद्र मोदी का गौतम अदानी को बचाने का कुत्सित प्रयास करना है."
"ये देश जानता है कि अदानी को बचाने के लिए देश हित को भी गिरवी रखकर नरेंद्र मोदी हर कीमत चुकाने के लिए तैयार हैं. अदानी को बचाने के लिए स्वांग रचने में सबसे बड़ा प्रयास जॉर्ज सोरोस को लेकर रचा जा रहा है."
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "आपको सत्ता में काबिज रहते हुए 11 साल हो गए और जॉर्ज सोरोस नाम का आदमी भारत विरोधी गतिविधि कर रहा है तो उसका धंधा-पानी आप हिंदुस्तान में बंद क्यों नहीं करते?"
उन्होंने सवाल किया कि जॉर्ज सोरोस को इस देश में ऑपरेट करने की इजाज़त क्यों है?
बीजेपी ने 'फोरम फॉर डेमोक्रेटिक लीडर्स ऑफ़ एशिया पैसिफ़िक' से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के संबंध होने के आरोप लगाए हैं. इस फोरम में भारत विरोधी और पाकिस्तान के समर्थन की बातें हो रही हैं.
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि इस फोरम की फंडिंग जॉर्ज सोरस के फ़ाउंडेशन से हो रही है.
वहीं हाल ही में गौतम अदानी पर अमेरिका में धोखाधड़ी का अभियोग लगाया गया है. अदानी पर अमेरिका में एक कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के लिए 25 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने और इस मामले को छिपाने का आरोप है.
वीएचपी के कार्यक्रम में यूसीसी पर बयान देने वाले जज शेखर यादव के बारे में ओवैसी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी हैदरबाद से सांसद हैं
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज शेखर कुमार यादव के यूसीसी पर आए बयान के बाद कहा है कि न्यायाधीश का व्यवहार संविधान के मानदंडों के ख़िलाफ़ है.
असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैंने इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज शेखर यादव को हटाने की प्रक्रिया की
मांग वाले नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं. ये नोटिस सांसद रुहुल्लाह मेहदी लेकर आए हैं."
उन्होंने कहा, "न्यायाधीश का व्यवहार संवैधानिक मानदंडों और न्यायिक आचार संहिता का उल्लंघन करता है. "
जस्टिस शेखर कुमार यादव ने रविवार को विश्व हिन्दू परिषद के एक कार्यक्रम में यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के मुद्दे पर कहा, "हिन्दुस्तान में रहने वाले बहुसंख्यक के अनुसार ही देश चलेगा."
उन्होंने इसके अलावा कहा था कि एक से ज़्यादा पत्नी रखने, तीन तलाक़ और हलाला के लिए कोई बहाना नहीं है और अब ये प्रथाएं नहीं चलेंगी. इस पर ही शेखर यादव की आलोचना हो रही है.
अदानी और सोरोस मुद्दे पर हंगामे के बीच लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, दिलीप सैकिया
गौतम अदानी और जॉर्ज सोरोस के मुद्दे पर चर्चा के लिए हंगामे के बाद मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई.
सुबह 11 बजे जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, तब हंगामे की वजह से लोकसभा को 12 बजे तक के लिए स्थगित किया गया था.
12 बजे कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हुआ, उस वक्त लोकसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर दिलीप सैकिया पीठासीन थे.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कार्यवाही के दौरान जॉर्ज सोरोस मामले पर कांग्रेस पर आरोप लगाया, जिसके बाद लोकसभा में हंगामा शुरू हो गया और सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई.
वहीं राज्यसभा में पहले स्थगन के बाद 12 बजे के आसपास कार्यवाही शुरू हुई. इस दौरान सदन में बीजेपी के नेता जेपी नड्डा ने कांग्रेस लीडरशिप और अरबपति कारोबारी जॉर्ज सोरोस के बीच संबंधों का दावा करते हुए ये आरोप लगाया कि इससे देश को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है.
इसके बाद कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए भारतीय कारोबारी गौतम अदानी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि अमेरिका में ये आरोप लगाया गया है कि अदानी ग्रुप ने घूस के तौर पर 23 हज़ार करोड़ रुपये दिए हैं.
इसके बाद दोनों तरफ़ के नेताओं की नारेबाज़ी के बीच कार्यवाही कल सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई.
अभी तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात के 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
इस वक़्त बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-
- बशर अल असद के अचानक पतन से हिल गए सीरिया का क्या है भविष्य. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- सीरिया की गद्दी के कई दावेदार, असद के बाद किसके पास होगी सत्ता की कमान. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- भारत और सीरिया के बीच संबंधों की अब क्या होंगी चुनौतियां? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- कॉमेडियन मुनव्वर फ़ारूक़ी के बेटे को थी कावासाकी बीमारी, ये क्या होती है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- ब्राज़ील की अवैध खदानों में गोल्ड के बदले सेक्स. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
ब्रेकिंग न्यूज़, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के ख़िलाफ़ विपक्षी दल लेकर आए अविश्वास प्रस्ताव: जयराम रमेश
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जगदीप धनखड़ (फ़ाइल फ़ोटो)
राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ के ख़िलाफ़ विपक्षी दल अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए हैं. इसे फिलहाल राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल को दिया गया है.
कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा, "राज्यसभा के माननीय सभापति द्वारा अत्यंत पक्षपातपूर्ण तरीके से उच्च सदन की कार्यवाही का संचालन करने के कारण इंडिया ग्रुप के सभी घटक दलों के पास उनके ख़िलाफ़ औपचारिक रूप से अविश्वास प्रस्ताव लाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था."
इमेज स्रोत, X/JairamRamesh
उन्होंने कहा, "इंडिया की पार्टियों के लिए ये बेहद ही कष्टकारी निर्णय रहा है, लेकिन संसदीय लोकतंत्र के हित में यह अभूतपूर्व कदम उठाना पड़ रहा है. यह प्रस्ताव अभी राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल को सौंपा गया है."
वीएचपी के कार्यक्रम में शामिल हुए हाई कोर्ट के जज की जाँच के लिए सीजेआई को लिखी गई चिट्ठी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, चिट्ठी में प्रशांत भूषण ने सीजेआई से जस्टिस शेखर कुमार यादव के आचरण की 'इन-हाउस इंक्वॉयरी' करने की मांग की है
एनजीओ कैंपेन फॉर ज्यूडिशियल अकाउंटिबिलिटी एंड रिफॉर्म्स के संयोजक और वकील प्रशांत भूषण ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज जस्टिस शेखर कुमार यादव के बयान की जाँच के लिए भारत के प्रधान न्यायाधीश को चिट्ठी लिखी है.
एनजीओ की ओर से लिखी चिट्ठी में प्रशांत भूषण ने सीजेआई से जस्टिस शेखर कुमार यादव के आचरण की 'इन-हाउस इंक्वॉयरी' करने की मांग की है.
ये मांग ऐसे समय हुई है जब जस्टिस यादव की विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के एक कार्यक्रम में दी हुई टिप्पणी पर विवाद हो रहा है.
एनजीओ ने आरोप लगाया है कि जस्टिस यादव का बयान न्यायिक आचरण के ख़िलाफ़ है और ये संविधान के निष्पक्षता और धर्मनिरपेक्षता जैसे सिद्धांतों का उल्लंघन करता है.
जस्टिस शेखर कुमार यादव इलाहाबाद हाई कोर्ट में जज हैं. वो रविवार को विश्व हिन्दू परिषद के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इस मौक़े पर उन्होंने यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के मुद्दे पर कहा, "हिन्दुस्तान में रहने वाले बहुसंख्यक के अनुसार ही देश चलेगा."
जस्टिस शेखर यादव का कहना था कि एक से ज़्यादा पत्नी रखने, तीन तलाक़ और हलाला के लिए कोई बहाना नहीं है और अब ये प्रथाएं नहीं चलेंगी.
हालाँकि बीबीसी से बातचीत में जस्टिस शेखर यादव ने कहा है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर चलाया जा रहा है.
डोनाल्ड ट्रंप ने जस्टिन ट्रूडो को क्यों बताया 'ग्रेट स्टेट ऑफ़ कनाडा का गवर्नर'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कुछ दिनों पहले जस्टिन ट्रूडो डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए अचानक फ्लोरिडा पहुंचे थे (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड
ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को एक सोशल मीडिया पोस्ट में 'कनाडा के गवर्नर' के तौर पर संबोधित किया है.
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा,
"ग्रेट स्टेट ऑफ़ कनाडा के गवर्नर जस्टिन ट्रूडो के साथ उस रात
डिनर करना खुशी की बात थी."
उन्होंने लिखा, "मैं गवर्नर से फिर से मिलने के लिए उत्सुक हूं, जिससे कि हम टैरिफ़ और व्यापार के बारे में आगे की
बात कर सकें. इसके परिणाम सभी के लिए शानदार होंगे."
इमेज स्रोत, @realDonaldTrump
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप का पोस्ट
कुछ दिनों पहले कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए अचानक फ्लोरिडा पहुंचे थे. दोनों नेताओं ने साथ में डिनर किया था, ट्रंप ने आज की अपनी पोस्ट में इसी डिनर का ज़िक्र किया है.
ट्रूडो की अमेरिका यात्रा पहले से तय नहीं थी. उनकी यह यात्रा ट्रंप की कनाडा पर टैरिफ़ लगाने से जुड़े बयान के बाद हुई थी.
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद कहा था कि वो कनाडा और मेक्सिको पर भारी टैरिफ़ लगाएंगे.
ममता बनर्जी को इंडिया गठबंधन का नेतृत्व सौंपने के बारे में लालू प्रसाद यादव ने बताई अपनी राय
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, लालू प्रसाद यादव ने ममता बनर्जी को इंडिया गठबंधन का नेतृत्व सौंपने के सवाल पर हाँ में जवाब दिया
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की अगुवाई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को करनी चाहिए.
कुछ दिन पहले ही ममता बनर्जी ने बीजेपी के ख़िलाफ़ बने इस गठबंधन का नेतृत्व करने की इच्छा ज़ाहिर की थी, जिसके बाद लालू प्रसाद यादव का ये बयान आया है.
वहीं, ममता बनर्जी के नाम पर कांग्रेस की आपत्ति के बारे में सवाल पूछे जाने पर लालू यादव ने कहा, "कांग्रेस के आपत्ति जताने से कुछ नहीं होगा."
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इससे पहले लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने भी कहा था कि इंडिया ब्लॉक में ममता बनर्जी समेत किसी भी वरिष्ठ नेता के इस गठबंधन की अगुवाई करने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है. हालांकि, उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया था कि ये गठबंधन के सभी सदस्यों के बीच सहमति से तय होना चाहिए.
बीती छह दिसंबर को ममता बनर्जी ने इंडिया गठबंधन के काम करने के तरीके से नाखुशी जताई थी. उन्होंने इस दौरान ये संकेत भी दिए कि अगर उन्हें मौका मिला तो वह इंडिया गठबंधन का नेतृत्व करने को तैयार हैं.
ममता बनर्जी ने एक बांग्ला चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था, "मैंने इंडिया ब्लॉक बनाया, अब इसकी अगुवाई करने वालों पर निर्भर करता है कि वो इसे किस तरह मैनेज करें. अगर वो इसे ठीक से नहीं चला पा रहे तो मैं क्या कर सकती हूं? मैं केवल यही कहूंगी कि सबको साथ लेकर चलना चाहिए."
एसएम कृष्णा के निधन पर विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत इन नेताओं ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, X/siddaramaiah
इमेज कैप्शन, एसएम कृष्णा का पार्थिव शरीर बेंगलुरु स्थित उनके आवास पर दर्शन के लिए रखा गया है
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा के
निधन पर कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक-संवेदना व्यक्त की है. अंतिम दर्शन के लिए एसएम
कृष्णा का पार्थिव शरीर बेंगलुरु स्थित उनके आवास पर रखा गया है.
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बताया,
"बुधवार सुबह आठ बजे तक बेंगलुरु स्थित उनके घर
में सभी लोग श्रद्धांजलि दे सकते हैं. कल सुबह आठ बजे उनके पार्थिव शरीर को गृह
क्षेत्र मद्दुर ले जाया जाएगा."
शिवकुमार ने बताया, "साढ़े दस बजे मद्दुर पहुंचेंगे, जिसके बाद तीन बजे तक उनके पार्थिव शरीर को
दर्शन के लिए रखा जाएगा. शाम चार बजे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार
किया जाएगा."
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उनके निधन पर कहा,
"पूर्व विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने निधन से
बेहद दुखी हूं. विदेश मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान उनके साथ हुई कई
मुलाकातें मुझे बहुत अच्छी तरह याद हैं. कर्नाटक के विकास में और विदेश मंत्री के
रूप में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा."
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा,
"पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा के निधन से दुखी
हूं. कर्नाटक हमेशा उनका ऋणी रहेगा, ख़ासकर मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान आईटी-बीटी सेक्टर में
परिवर्तन लाने में उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए."
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, "एसएम कृष्णा के
प्रयासों की वजह से बेंगलुरु सबसे विकसित शहरों में एक बना. वो अपने कार्यों के
लिए याद किए जाएंगे."