ब्रेकिंग न्यूज़, मिस वर्ल्ड 2025: थाईलैंड की ओपाल सुचाता के सिर सजा ताज, बल्ला सतीश, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Hector Vivas/Getty Images
इमेज कैप्शन, थाईलैंड की ओपाल सुचाता चुआंगश्री को इस साल मिस वर्ल्ड चुना गया है
मिस वर्ल्ड के 72वें संस्करण के नतीजे आ गए हैं. इस साल थाईलैंड की ओपाल सुचाता चुआंगश्री मिस वर्ल्ड चुनी गई हैं.
71वीं मिस वर्ल्ड रही क्रिस्टीना पेज़ेस्कोवा ने ओपाल के सिर पर ताज रख उन्हें सम्मानित किया.
इस प्रतियोगिता में पहली रनर-अप यानी दूसरे नंबर पर रहीं इथियोपिया की हैसेट देरेज और दूसरी रनर-अप यानी तीसरे स्थान पर रहीं मार्टीनिक की ऑरेली योहाचिम.
7 मई को शुरू हुई ये रोमांचक प्रतियोगिता शनिवार 31 मई को एक नई मिस वर्ल्ड चुने जाने के साथ ही समाप्त हो गई है.
समापन समारोह यानी मिस वर्ल्ड ग्रैंड फ़िनाले का आयोजन तेलंगाना के हैदराबाद स्थित हाईटेक्स में हुआ.
इमेज स्रोत, Yamak Perea/ Pixelnews/Future Publishing via Getty Images
मिस वर्ल्ड विजेता सुचाता ने दो दिन पहले अपने इंस्टाग्राम सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा था, "यह सिर्फ़ थाईलैंड का प्रतिनिधित्व करने के बारे में नहीं था. यह उन कई महिलाओं के बारे में है जिनकी आवाज़ नहीं सुनी गई है, अपनी आवाज़ का इस्तेमाल कर किसी ऐसी चीज़ के लिए खड़ा होना जो वाकई मायने रखती है."
उन्होंने अपने सफर के बारे में लिखा, "मिस वर्ल्ड सिर्फ़ एक प्रतियोगिता नहीं है, यह एक मंच और एक वादा है. ये केवल दिखने वाली सुंदरता के बारे में नहीं है, बल्कि असल मायनों में काम करने के बारे में है."
"इस यात्रा ने मुझे सिखाया कि सुंदरता फीकी पड़ जाती है, लेकिन उद्देश्य बना रहता है."
इमेज स्रोत, NOAH SEELAM/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, हैरिटेज वॉक के दौरान हैदराबाद के चारमीनार के सामने मिस वर्ल्ड 2025 के प्रतियोगी
मिस वर्ल्ड संगठन ने 1951 में 'ब्यूटी विद अ परपज़' के नारे के साथ मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की शुरुआत की थी.
इस बार भारत की नंदिनी गुप्ता सहित 108 देशों की युवतियों ने 'मिस वर्ल्ड' प्रतियोगिता में भाग लिया था, हालांकि नंदिनी फ़ाइनल की दौड़ से बाहर हो गई थीं.
फ़ाइनल मुक़ाबले में पहुंचने वाली चार प्रतियोगी थीं-
मार्टीनिक की ऑरेली योहाचिम, इथियोपिया की हैसेट देरेज, पोलैंड की माया क्लाज्दा और थाईलैंड की ओपाल सुचाता.
मिस वर्ल्ड की वेबसाइट के अनुसार समापन समारोह में बॉलीवुड के जानेमाने कलाकार सोनू सूद को मिस वर्ल्ड ह्युमेनिटेरियन अवॉर्ड से नवाज़ा गया.
अब तक भारत से छह महिलाएं मिस वर्ल्ड का ताज जीत चुकी हैं.
इनमें रीता फ़ारिया (1966), ऐश्वर्या राय (1994), डायना हेडन (1997), युक्तामुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000) और मानुषी छिल्लर (2017) शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश पुलिस के नए महानिदेशक बने राजीव कृष्ण
गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के रहने वाले राजीव कृष्ण इस समय में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष और विजिलेंस महानिदेशक के पद पर काम कर रहे थे.
वह लखनऊ और आगरा जोन के एडीजी भी रह चुके हैं. पुलिस में किए गए उनके कार्यों के लिए उन्हें कई पुरस्कारों और सम्मान भी दिए गए हैं.
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले राजीव कृष्ण ने डीजीपी प्रशांत कुमार से पदभार भी ग्रहण कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा, "मैंने कार्यभार संभाल लिया है. आराम से प्रेस वार्ता में बैठेंगे और फिर बातों पर चर्चा की जाएगी."
भारत के पांच राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में हुई मॉक ड्रिल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मॉक ड्रिल के दौरान अभ्यास करता नागरिक सुरक्षा का एक दल
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर शनिवार देर शाम जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ में मॉक ड्रिल की गई.
'ऑपरेशन शील्ड' नाम से की गई इस मॉक ड्रिल में आपातकाल और युद्धक स्थिति को लेकर नागरिक सुरक्षा की तैयारियों का अभ्यास किया गया.
एडीसी जम्मू अनसूया जमवाल ने कहा,"यह अभ्यास पहले की तरह ही था. हमें जैसे ही सायरन की आवाज़ सुनाई दी वैसे ही ब्लैक आउट हो गया था."
उन्होंने बताया, "इस दौरान हमारी एक बिल्डिंग पर अटैक हुआ. वहां आग लग गई थी. उस बिल्डिंग पर आग कैसे बुझाना है? फायर ब्रिगेड की गाड़ी कब तक आती है. रास्ते में कुछ पेड़ गिर गए और रास्ता क्लियर करना है वो ड्रिल देखी गई. बिल्डिंग में हमला हुआ है तो किस तरह से लोगों को बचाया जाए इसका भी अभ्यास किया गया."
तुर्की में विपक्षी पार्टी के सदस्यों सहित कई लोग गिरफ़्तार
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, इस्तांबुल के मेयर एक्रेम इमामोग्लू की गिरफ़्तारी से क्षेत्र में अशांति फैल गई है
तुर्की केअधिकारियों ने इंस्ताबुल और अदाना शहर में भ्रष्टाचार के आरोपों में विपक्षी पार्टियों के सदस्यों सहित कई लोगों को गिरफ़्तार करने का आदेश दिया है.
इस्तांबुल के मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय ने 47 लोगों को हिरासत में लेने का आदेश जारी किया और 30 लोगों को हिरासत में ले लिया गया.
हिरासत में लिए गए अन्य लोगों में स्थानीय मेयर और इस्तांबुल के अधिकारी भी शामिल हैं.
ये पांचवीं बार है जब राजनीतिक विरोधियों के ख़िलाफ़ गिरफ्तारियां कर रहे हैं. इसकी शुरुआत मार्च में इस्तांबुल के मेयर एक्रेम इमामोग्लू को जेल में डालने के साथ हुई थी, जिन्हें राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन का मुख्य प्रतिद्वंद्वी माना जाता है.
तुर्की की सरकार ने राजनीतिक हस्तक्षेप के दावों को खारिज कर दिया है और इस बात पर जोर दिया है कि न्यायपालिका स्वतंत्र है..
अंतरिक्ष में नौ महीने फंसे रहने को लेकर सुनीता विलियम्स ने बीबीसी से क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स को बोइंग स्टारलाइनर के साथ वापिस आना था, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण वो लौट नहीं सके थे.
पिछले साल जब अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर बोइंग स्टारलाइनर कैप्सूल की मदद से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पहुंचे तो उन्हें नहीं पता था कि वो यहां नौ महीनों के लिए फंस जाएंगे.
उन्हें वापिस ले जाने वाले बोइंग स्टारलाइनर में तकनीकी ख़राबी आ गई, उसके थ्रस्टर्स नाकाम हो गए जिस कारण वो दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर पृथ्वी के लिए उड़ान नहीं भर पाया.
इसके बाद स्पेसएक्स के भेजे कैप्सूल की मदद दोनों धरती पर सफलतापूर्वक वापिस लौटे. इसके दो महीने बाद बुच विल्मोर ने बीबीसी न्यूज़ को बताया, "डॉकिंग बहुत ज़रूरी थी,अगर हम डॉक नहीं कर पाए, तो हमें नहीं पता था कि हम वापस जा पाएंगे या नहीं. "
दोनों अंतरिक्ष यात्री आठ दिनों की एक परीक्षण उड़ान पर थे लेकिन इसकी जगह उन्हें क़रीब नौ महीने तक अंतरिक्ष में रहना पड़ा.
पहली चुनौती आईएसएस के साथ कैप्सूल की सुरक्षित और सफलतापूर्वक डॉकिंग थी और पृथ्वी पर मौजूद मिशन कंट्रोल के यान के थ्रस्टर्स को फिर से चालू करने में मदद के बाद, ये काम दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने कुछ मिनटों में ही पूरा कर लिया था.
विल्मोर ने कहा कि उन्हें आशंका थी कि वे फिर से शायद पृथ्वी पर लौट नहीं सकेंगे. उन्होने बताया, "निश्चित रूप से हमारे मन में ये चल रहा था."
दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने कहा कि उस समय बिगड़ रही स्थिति के बारे में उन्होंने बहुत ज़ोर नहीं दिया क्योंकि उन्हें समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है.
वहीं सुनीता विलियम्स ने बीबीसी को बताया, "आप एक-दूसरे के मन की बात पढ़ लेते हैं और जानते हैं कि हम असफलताओं के बावजूद भी कहां जा रहे हैं?"
उन्होंने स्वीकार किया, "इसकी उम्मीद नहीं थी, लेकिन फिर हमने समाधान के बारे में सोचा. ठीक उसी समय, हम क्या सोच रहे थे, हमारे पास क्या विकल्प हैं? हम क्या कर सकते हैं?"
उन्होंने कहा, "हमें पता था कि कोई हमें निराश नहीं करेगा, हमें पता था कि सभी हमारी चिंता कर रहे हैं."
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने जून 2024 में आईएसएस तक की यात्रा शुरू की थी. वो बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्षयान की पहली चालक दल परीक्षण उड़ान में भाग ले रहे थे.
अरुणाचल प्रदेश और असम में भारी बारिश के बाद भूस्खलन से 14 लोगों की मौत, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, SP East Kameng
इमेज कैप्शन, भूस्खलन के कारण एक वाहन खाई में गिर गया और इसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई
पिछले 48 घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम में बाढ़ और भूस्खलन के कई मामले सामने आए हैं.
अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट कामेंग जिले में बाना-सेप्पा रोड पर हुई एक भूस्खलन की घटना में दो परिवारों के सात लोगों की मौत हो गई है. जबकि प्रदेश के जीरो कस्बे में शुक्रवार देर रात हुई भूस्खलन की एक अन्य घटना में दो और लोगों की मौत हो गई है.
असम में भी भूस्खलन से पांच लोगों की जान गई है.
ईस्ट कामेंग जिले के पुलिस अधीक्षक कमदम सिकोम ने भूस्खलन की घटना में सात लोगों के मरने की पुष्टि करते हुए बीबीसी से कहा,"पुलिस को इस दुर्घटना की जानकारी शुक्रवार रात करीब 8 बजे मिली थी. सेप्पा पुलिस स्टेशन में फोन कर राष्ट्रीय राजमार्ग 13 पर गंभीर दुर्घटना की सूचना दी गई थी. फोन पर बताया गया कि लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक सफेद मारुति फ्रॉन्क्स कार बह गई."
पुलिस अधीक्षक ने बताया, "सेप्पा पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. भूस्खलन के कारण वाहन अचानक सड़क से नीचे उतर गया था, जिससे वह गहरी खाई में गिर गया. वाहन में सात लोग सवार थे, लेकिन वह लापता थे. टीम ने लगातार बचाव अभियान चलाया और 31 मई की सुबह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कई घंटों की गहन खोज के बाद वाहन और मृत सभी लोगों को खोज लिया गया."
पुलिस के अनुसार मरने वाले सभी लोगों की शिनाख्त कर ली गई है. मृतकों में 4 छोटे बच्चों समेत दो महिलाएं शामिल हैं. यह सभी लोग अरुणाचल प्रदेश के बिचोम जिले के बाना के किटचांग गांव के रहने वाले थे.
राज्य के जीरो कस्बे में हुए भूस्खलन की जानकारी देते हुए डिप्टी एसपी ओजिंग लेगो ने कहा कि भूस्खलन की यह घटना शहर के कैबेज गार्डन क्षेत्र में हुई है.
राज्य आपदा टीम और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया था लेकिन दो लोगों की मिट्टी में दबने से मौत हो गई है.
असम में 5 लोगों की मौत
असम के कामरूप मेट्रोपोलिटन जिले में भूस्खलन से पांच लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है. लगातार बारिश के बाद गुवाहाटी के बोंडा इलाके के पास हुए भूस्खलन में मरने वाले लोगों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं.
इस घटना की पुष्टि करते हुए शहरी मामलों के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने मीडिया के समक्ष कहा," बाढ़ से कामरूप, कछार, धेमाजी, लखीमपुर और गोलाघाट सहित छह जिलों में 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जहां दो राहत शिविर और एक वितरण केंद्र स्थापित किया गया है."
असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में सरकार ने भारी बारिश और तेज़ हवाओं के कारण कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है.
गुरुवार की रात से लगातार हो रही बारिश के बाद गुवाहाटी में भारी जलजमाव हुआ है, जिसके चलते स्कूलों को बंद करना पड़ा है और सरकारी कर्मचारियों को विशेष छुट्टी देनी पड़ी है.
मुख़्तार अंसारी के बेटे को दो साल की सज़ा के बाद उनकी विधायकी पर वकील ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के साथ विधायक अब्बास अंसारी
उत्तर प्रदेश के मऊ ज़िले की एक कोर्ट ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी को दोषी ठहराया है.
मऊ सदर सीट से विधायक अब्बास अंसारी को कोर्ट ने दो साल की सज़ा सुनाई है.
इस सज़ा को लेकर अब्बास अंसारी के वकील दरोगा सिंह ने कहा, "फ़ैसला जो आया है उसमें दो साल की सज़ा हुई है जबकि मुक़दमा जब कायम हुुआ था उसमें मात्र छह महीने की सजा थी."
उन्होंने कहा कि बाद में पुलिस द्वारा उसकी विवेचना करके आईपीसी की धारा 153ए और 506 के साथ ही धारा 186 और 189 जोड़ दी गई.
वकील दरोगा सिंह ने कहा, " उसमें दो साल की सज़ा आई है. दो साल की सज़ा के आदेश से निश्चित रूप से हम असंतुष्ट हैं. इसके ख़िलाफ़ हम अपील दाख़िल करेंगे."
विधायकी के सवाल पर वकील ने कहा, "अगर सेशन कोर्ट स्टे कर देती है तो विधायकी बनी रहेगी और अगर नहीं करती है तो कानूनी बिंदुओं के अनुसार विचार होगा."
कोलकाता: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में छात्रा गिरफ्तार, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
कोलकाता के गार्डनरीच थाने की पुलिस ने सोशल मीडिया पर ऑपरेशन सिंदूर के मुद्दे पर एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट डालने के आरोप में 22 साल की लॉ की छात्रा शर्मिष्ठा पनोली को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है.
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है. छात्रा पुणे के सिंबायोसिस लॉ स्कूल में बीबीए-एलएलबी आनर्स के चौथे साल में पढ़ती है.
कोलकाता पुलिस के सूत्रों ने बताया कि शर्मिष्ठा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली थी. हालांकि बाद में उन्होंने इसे डिलीट कर इसके लिए माफी मांग ली थी.
लेकिन उसके ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया.
पुलिस के मुताबिक़, गार्डनरीच थाने में शर्मिष्ठा के ख़िलाफ़ बीती 15 मई को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था.
उसके बाद उनको नोटिस भेजने का प्रयास किया गया लेकिन पुलिस का कहना है कि वह पूरे परिवार के साथ अंडरग्राउंड हो गई थीं.
बाद में उनके ख़िलाफ़ जारी वारंट के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शर्मिष्ठा ने विवादास्पद वीडियो वायरल होने और उसके विरोध के बाद सोशल मीडिया पर बिना शर्त माफ़ी मांगते हुए विवादित वीडियो और संबंधित पोस्ट को हटा दिया था.
लेकिन कोर्ट ने इस मामले में वारंट जारी किया था.
शर्मिष्ठा ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा था?
कोलकाता पुलिस के सूत्रों ने बताया कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर बॉलीवुड एक्टर्स की चुप्पी को लेकर एक वीडियो अपलोड किया था. इसी दौरान उन्होंने एक खास धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी.
मुख़्तार अंसारी के बेटे, विधायक अब्बास अंसारी को दो साल की सज़ा, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अब्बास अंसारी के साथ ही उनके भाई मंसूर अंसारी को भी आईपीसी की धारा 120बी में दोषी करार दिया गया है
उत्तर प्रदेश के मऊ ज़िले की एक कोर्ट ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी को दोषी ठहराया है. मऊ सदर सीट से विधायक अब्बास अंसारी को कोर्ट ने दो साल की सज़ा सुनाई है.
अब्बास अंसारी पूर्व विधायक मुख़्तार अंसारी के बेटे हैं, जिनकी बांदा जेल में मौत हो गई थी.
ये मामला साल 2022 में विधानसभा चुनाव के दौरान का है, जब अब्बास अंसारी चुनाव लड़ रहे थे. 3 मार्च 2022 को मऊ के पहाड़पुर में हुई सभा में अंसारी ने अफसरों को "देख लेने" की धमकी दी थी.
इसके बाद एसआई गंगाराम बिंद की शिकायत पर मुक़दमा दर्ज किया गया था. इसी भाषण के सिलसिले में उन्हें ये सज़ा सुनाई गई है.
भाषण के दौरान अंसारी ने कहा था कि चुनाव के बाद सरकार बनी तो सभी अधिकारियों को रोक कर यहां हिसाब-किताब किया जाएगा.
हालांकि अब्बास अंसारी के वकीलों का कहना है कि वो लोग इस फ़ैसले को उच्च अदालत में चुनौती देंगे, लेकिन दो साल की सज़ा के बाद उनकी विधानसभा की सदस्यता जाने का ख़तरा है.
अब्बास अंसारी को आईपीसी की धारा 189/153 ए/506 के तहत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉक्टर कृष्ण प्रताप सिंह ने दोषी पाया है. वहीं उनके भाई मंसूर अंसारी को 120बी में दोषी करार दिया है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठीआप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
छत्तीसगढ़ कोयला परिवहन घोटाला: जेल में बंद दो आईएएस समेत तीनों अफ़सर ज़मानत पर रिहा, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज कैप्शन, तीनों निलंबित अधिकारियों रानू साहू, समीर विश्नोई और सौम्या चौरसिया (फ़ाइल फ़ोटो: बाएं से दाएं) को सुप्रीम कोर्ट ने ज़मानत पर रिहा करने का आदेश दिया था
छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला परिवहन घोटाले में रायपुर जेल में बंद आईएएस रानू साहू, आईएएस समीर विश्नोई और राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सौम्या चौरसिया को ज़मानत पर रिहा कर दिया गया है.
समीर विश्नोई अक्टूबर 2022 से, सौम्या चौरसिया दिसंबर 2022 से और रानू साहू जुलाई 2023 से रायपुर जेल में बंद थे.
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इन तीनों निलंबित अधिकारियों समेत 6 लोगों को ज़मानत पर रिहा करने का आदेश दिया था.
सुप्रीम कोर्ट ने इन तीनों को रिहाई के बाद छत्तीसगढ़ से बाहर रहने के निर्देश दिए हैं, जिससे गवाहों और सबूतों को प्रभावित न किया जा सके.
छत्तीसगढ़ के कथित कोयला परिवहन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने कई छापेमारी के बाद 29 सितंबर 2022 को एक मामला दर्ज किया था.
आरोप है कि सौम्या चौरसिया, समीर विश्नोई और रानू साहू ने सूर्यकांत तिवारी नाम के व्यापारी के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन के लिए प्रति टन 25 रुपये की अवैध वसूली की.
सौम्या चौरसिया राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव थीं. आईएएस समीर विश्नोई खनन विभाग के निदेशक थे. आईएएस रानू साहू कोयला खनन वाले इलाकों की कलेक्टर थीं.
इसके लिए 15 जुलाई 2020 को एक सरकारी आदेश जारी किया गया, जिसमें कोयला परिवहन के लिए वाहनों को जारी किए जाने वाले परिवहन परमिट को मैनुअल कर दिया गया. आरोप है कि इसके बाद उन्हीं वाहनों को परमिट आदेश जारी किया जाता था, जो 25 रुपये प्रति टन के हिसाब से अवैध रक़म इस सिंडिकेट को देते थे.
ईडी का आरोप है कि इस तरीके़ से कम से कम 570 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की गई, जिसमें कई विधायक, व्यापारी और अफ़सर शामिल रहे.
ईडी के बाद राज्य के एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने सौम्या चौरसिया, रानू साहू, समीर विश्नोई समेत 35 लोगों के ख़िलाफ़ 17 जनवरी 2024 को इसी कोयला परिवहन घोटाले में नये सिरे से अपराध का मामला दर्ज किया.
साथ ही, जेल में रहते हुए ही, इन सभी को फिर से गिरफ़्तार किया गया था.
दिल्ली में बीजेपी सरकार के 100 दिन, सीएम रेखा गुप्ता और आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीएम रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर एक वर्कबुक जारी की है
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में बीजेपी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर '100 दिन सेवा के' कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
इस कार्यक्रम में उन्होंने दिल्ली की पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा. वहीं आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बीजेपी सरकार के 100 दिन को 'बीजेपी की विफलता के 100 दिन' कहा है.
'100 दिन सेवा के' कार्यक्रम मेंसीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "जब रामलीला मैदान से एक आंदोलन शुरू हुआ, तो हज़ारों-लाखों लोग उससे जुड़े, लोगों ने उस समूह का साथ दिया कि शायद दिल्ली में, देश में कुछ बेहतर होगा."
उन्होंने कहा, "वो लोग जो कहते थे कि हमें सत्ता का लालच नहीं है, इतने लालची हो गए कि सत्ता के अलावा उन्हें कुछ दिखता नहीं था. एक राज्य की सत्ता मिली तो दूसरी की ओर दौड़ पड़े."
सीएम रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर एक वर्कबुक भी जारी किया है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार चौबीसों घंटे लोगों की सेवा कर रही है.
वहीं दिल्ली की बीजेपी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के लिए 2,500 रुपये मासिक योजना लागू करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया.
आम आदमी पार्टी ने एक्स पर बीजेपी पर निशाना साधते हुए पोस्ट किया, "बीजेपी सरकार ने विधवा और बुज़ुर्गों की पेंशन बंद कर, उनसे सम्मानजनक ज़िंदगी जीने का छीन लिया अधिकार."
चीन की मैन्युफ़ैक्चरिंग गतिविधि की धीमी रफ़्तार बरक़रार, क्या है अमेरिकी कनेक्शन?
इमेज स्रोत, VCG via Getty Images
इमेज कैप्शन, मई में चीन का पीएमआई 50 अंक से नीचे रहा
आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि मई में चीन की मैन्युफ़ैक्चरिंग गतिविधि लगातार दूसरे महीने धीमी रही.
चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो ने बताया है कि औद्योगिक उत्पादन का एक अहम इंडिकेटर परचेज़िंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) फिर से 50 अंक से नीचे रहा. पीएमआई का 50 से नीचे रहना अर्थव्यवस्था में संकुचन को दिखाता है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ चीन का पीएमआई मई में 49.5 रहा, वहीं अप्रैल में ये सूचकांक 49.0 था.
चीन की मैन्युफैक्चरिंग गतिविधि में धीमेपन की वजह कमज़ोर निर्यात और अमेरिका के साथ ट्रेड वॉर बताई जा रही है.
बता दें कि इस साल ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद टैरिफ़ को लेकर अमेरिका और चीन के संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से आने वाली चीज़ों पर 145% टैरिफ़ और चीन ने अमेरिकी सामान पर 125% जवाबी टैरिफ़ लगाया था.
इस महीने की शुरुआत में दोनों देश एक-दूसरे पर लगाए गए उच्च टैरिफ़ दर को 90 दिनों के लिए रोकने को सहमत हुए थे.
हालांकि, शुक्रवार को ट्रंप ने चीन पर टैरिफ़ को लेकर हुए समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया.
वहीं चीन ने सीधे तौर पर अमेरिका के दावों का जवाब नहीं दिया, लेकिन अमेरिका से "चीन के ख़िलाफ़ भेदभाव वाले प्रतिबंध बंद करने" की अपील की.
आरसीबी के आईपीएल फ़ाइनल में पहुंचने और शुभमन गिल पर क्या बोले एबी डिविलियर्स
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एबी डिविलियर्स ने टेस्ट क्रिकेट से कोहली के रिटायरमेंट पर भी प्रतिक्रिया दी है
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के फ़ाइनल में पहुंच चुकी है. इस पर पूर्व दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने ख़ुशी जताई है.
आईपीएल में आरसीबी के लिए खेल चुके एबी डिविलियर्स ने कहा, "मैं बहुत ख़ुश हूं कि आरसीबी फ़ाइनल में है. मुंबई इंडियंस ने कल रात जीत हासिल की और क्वालीफ़ायर-2 बहुत अच्छा होने वाला है."
बता दें कि कल रात गुजरात टाइटंस को हरा कर मुंबई इंडियंस क्वालीफ़ायर 2 में पहुंच गई है, जहां उसका सामना पंजाब किंग्स से होगा. क्वालीफ़ायर 2, एक जून को खेला जाएगा.
क्वालीफ़ायर 2 से तय होगा कि फ़ाइनल में आरसीबी का मुक़ाबला मुंबई इंडियंस से होगा या पंजाब किंग्स से.
आईपीएल का फ़ाइनल मुक़ाबला तीन जून को खेला जाएगा.
एबी डिविलियर्स ने कहा, "मैं फ़ाइनल का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं और उम्मीद है कि यह साल आरसीबी के लिए अच्छा रहेगा."
टेस्ट मैचों में कोहली की कमी खलेगी: डिविलियर्स
वहीं विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने पर डिविलियर्स ने कहा, "उन्होंने अपने दिल की बात सुनी होगी...उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज़ सुनी. उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में दुनिया भर में क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है और सौभाग्य से, हम उन्हें अभी भी क्रिकेट के मैदान पर देखेंगे. टेस्ट मैचों में उनकी कमी खलेगी."
शुभमन गिल पर क्या बोले डिविलियर्स
इंग्लैंड सिरीज़ के लिए शुभमन गिल को भारत का टेस्ट कप्तान नियुक्त किए जाने पर उन्होंने कहा, "यह समय युवा खिलाड़ियों के आगे आने का है. शुभमन गिल ज़िम्मेदारी ले रहे हैं. भारत में काफी प्रतिभा है और इसका श्रेय काफी हद तक आईपीएल को जाता है."
ट्रंप के संघर्ष विराम कराने के दावों पर कांग्रेस ने फिर पीएम मोदी से पूछे सवाल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता जयराम रमेश (फ़ाइल फ़ोटो) ने सोशल मीडिया पर सवाल किया है कि पीएम मोदी ट्रंप के दावों पर कब जवाब देंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ये दावा कर रहे हैं कि अमेरिका ने व्यापार वार्ता का हवाला देते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया सैन्य संघर्ष रुकवाया है. कांग्रेस ने ट्रंप के दावों पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगा है.
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर ट्रंप के कई बयान शेयर करते हुए इस मामले में पीएम मोदी से सवाल किया है.
एक्स पर अपने एक पोस्ट में जयराम रमेश ने लिखा, "डोनाल्ड भाई लगातार वही घटनाक्रम दोहरा रहे हैं कि कैसे उन्होंने चार दिनों के भारत-पाकिस्तान युद्ध को रुकवाया...उनके मित्र नरेंद्र मोदी पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए उनके दावों को अनदेखा कर रहे हैं. प्रधानमंत्री क्यों नहीं बोलते?"
जयराम रमेश ने लिखा, "क्या राष्ट्रपति ट्रंप भी वही कर रहे हैं जो मोदी हमेशा करते हैं और बहुत अच्छे से करते हैं (यानी झूठ बोलना)? या वो 50% सच भी बोल रहे हैं?"
ट्रंप लगातार ये कह रहे हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को लड़ने से रोका.
ओवल ऑफ़िस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान को लड़ने से रोका. मेरा मानना है कि यह परमाणु आपदा में बदल सकता था."
उन्होंने कहा, "हम उन लोगों के साथ व्यापार नहीं कर सकते जो एक-दूसरे पर गोली चला रहे हों और संभावित रूप से परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हों."
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा- 'हम कभी भी परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत के राष्ट्रीय हित में जो भी ज़रूरी है वो निर्णय लिए जा चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत कभी भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा.
जयशंकर शुक्रवार, 30 मई को गुजरात के वडोदरा में पारुल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे.
इस दौरान उन्होंने पहलगाम हमले का ज़िक्र किया. विदेश मंत्री ने कहा, "हाल ही में, हमने जम्मू-कश्मीर की पर्यटन अर्थव्यवस्था को तबाह करने की कोशिश और धार्मिक मतभेद के बीज बोने की बुरी इच्छा देखी."
उन्होंने कहा कि इसका जवाब देने की ज़रूरत थी.
जयशंकर ने कहा, "आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत की ज़ीरो टॉलरेंस की नीति उसकी कार्रवाइयों के ज़रिए सामने है. हम कभी भी परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेंगे. भारत के राष्ट्रीय हित में जो भी निर्णय ज़रूरी हैं, वे लिए जा चुके हैं और आगे भी लिए जाते रहेंगे."
ट्रंप भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम में अमेरिका की भूमिका पर फिर क्या बोले?
इमेज स्रोत, Francis Chung/Politico/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया संघर्ष विराम की घोषणा सबसे पहले ट्रंप ने की थी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच चले हालिया संघर्ष पर शुक्रवार को बात की. उन्होंने फिर से ये बात दोहराई कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को लड़ने से रोका.
ओवल ऑफ़िस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान को लड़ने से रोका. मेरा मानना है कि यह परमाणु आपदा में बदल सकता था."
उन्होंने कहा, "हम उन लोगों के साथ व्यापार नहीं कर सकते जो एक-दूसरे पर गोली चला रहे हों और संभावित रूप से परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हों."
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद भारत ने 6-7 मई की दरमियानी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हमले किए थे.
दोनों देशों के बीच तनाव इतना बढ़ा कि ये सैन्य संघर्ष में बदल गया. दोनों देशों के बीच हुआ सैन्य संघर्ष 10 मई की शाम को संघर्ष विराम पर सहमति बनने के ऐलान के साथ थमा.
इस संघर्ष विराम की घोषणा सबसे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी. उन्होंने दावा किया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की सहमति बनने में अमेरिका की भूमिका रही.
वहीं भारत की ओर से कई बार ये कहा गया है कि संघर्ष विराम पर सहमति भारत और पाकिस्तान के बीच डीजीएमओ स्तर की बातचीत के बाद बनी.
इसराइली आदेश के बाद उत्तरी ग़ज़ा का आख़िरी अस्पताल भी बंद, मैलरी मोएंच, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, al-Awda staff
इमेज कैप्शन, जबालिया का अल-अवदा अस्पताल ख़ाली कराया गया है
उत्तरी ग़ज़ा इलाक़े में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला आख़िरी अस्पताल भी बंद हो गया है. इसके डायरेक्टर ने कहा है कि इसराइली सेना ने इस अस्पताल को तुरंत ख़ाली करने का आदेश दिया था.
डॉ. मोहम्मद साल्हा ने बीबीसी को बताया कि "दो हफ़्ते की घेराबंदी" के बाद गुरुवार शाम को जबालिया के अल-अवदा अस्पताल से मरीज़ों को निकाला गया.
उनके मुताबिक़ अब "उत्तर में कोई स्वास्थ्य सुविधा काम नहीं कर रही है."
इसराइली डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) की ओर से इस पर अब तक कोई जवाब नहीं आया है.
यह मामला तब सामने आया है, जब युद्ध विराम के प्रयास जारी हैं.
हमास का कहना है कि वह युद्ध विराम को लेकर अमेरिकी योजना की "अच्छी तरह से समीक्षा" कर रहा है.
वहीं इस योजना के बारे में व्हाइट हाउस ने कहा है कि इस पर इसराइल ने "हस्ताक्षर" कर दिए हैं.
ग़ज़ा में इसराइल का सैन्य अभियान जारी है. ग़ज़ा में हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि पिछले 24 घंटों में इसराइली हमलों में कम से कम 72 लोगों की मौत हुई है.
ट्रंप ने अमेरिका में स्टील और एल्युमीनियम के आयात पर टैरिफ़ बढ़ाया
इमेज स्रोत, Celal Gunes/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस फ़ैसले से चीन पर निर्भरता कम होगी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका बुधवार, 4 जून से स्टील और एल्युमीनियम के आयात पर अपनी मौजूदा टैरिफ़ दर को 25% से बढ़ाकर 50% कर देगा.
पेंसिल्वेनिया के पिट्सबर्ग में एक रैली में ट्रंप ने कहा कि इस क़दम से स्थानीय स्टील उद्योग और राष्ट्रीय उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जबकि चीन पर निर्भरता कम होगी.
ट्रंप ने ये भी कहा कि यूएस स्टील और जापान की निप्पॉन स्टील के बीच साझेदारी से क्षेत्र के स्टील उत्पादन में 14 अरब डॉलर का निवेश किया जाएगा.
इस साझेदारी की डिटेल अभी स्पष्ट नहीं है और दोनों कंपनियों ने अभी तक किसी सौदे की पुष्टि नहीं की है.
रैली में ट्रंप ने स्टील वर्कर्स की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, "किसी भी तरह की छंटनी नहीं की जाएगी और किसी भी तरह की आउटसोर्सिंग नहीं की जाएगी, और हर अमेरिकी स्टील वर्कर को जल्द ही 5 हज़ार डॉलर का बोनस मिलेगा, जिसका वह हक़दार है."