सुमित अंतिल ने फिर किया कमाल, टोक्यो के बाद पेरिस पैरालंपिक में भी जीता गोल्ड

इमेज स्रोत, Getty Images
टोक्यो पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले सुमित अंतिल ने पेरिस पैरालंपिक में भी गोल्ड जीत लिया है.
सोमवार को सुमित अंतिल ने जैवलिन थ्रो एफ़ 64 कैटेगरी में 70.59 मीटर जैवलिन फेंक कर गोल्ड मेडल पर अपना क़ब्ज़ा बनाए रखा. इससे पहले टोक्यो पैरालंपिक में उन्होंने 68.55 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था.
सुमित दो बार के विश्व चैंपियन भी हैं और 25 साल के इस एथलीट के नाम विश्व रिकॉर्ड भी है. सुमित ने पहली बार 2023 विश्व चैंपियनशिप में विश्व रिकॉर्ड बनाया था, जहां उन्होंने 70.83 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था.
प्रधानमंत्री ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा है, ''सुमित का असाधारण प्रदर्शन! पुरुषों की जैवलिन F64 स्पर्धा में गोल्ड जीतने के लिए उन्हें बधाई! उन्होंने असाधारण निरंतरता और श्रेष्ठता दिखाई है. भविष्य के लिए शुभकामनाएँ.''
सोमवार को ही भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यथिराज ने पुरुष एकल एसएल 4 वर्ग में सिल्वर मेडल जीता. फ़ाइनल में उन्हें फ्रांसीसी शटलर लुकास मजूर से हार का सामना करना पड़ा.
इसी के साथ सुहास टोक्यो और पेरिस पैरालंपिक दोनों में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी भी बन गए हैं.
पदक तालिका में कहां है भारत?
पैरालंपिक गेम्स में भारत को फिलहाल 3 गोल्ड, 5 सिल्वर, 6 ब्रॉन्ज़ के साथ कुल 14 मेडल मिल चुके हैं. पदक तालिका में भारत 14वें स्थान पर है.
















