मंगलवार के इस लाइव पेज को अब विराम देने का समय आ गया है. इसी के साथ मुझे यानी बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत को दीजिए इजाज़त.
बुधवार की सुबह बीबीसी के लाइव पेज के ज़रिए आप दिन भर की बड़ी ख़बरों को पढ़ सकेंगे.
फ़िलहाल के लिए हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें हैं, जिन्हें आपको पढ़ना चाहिए...
- बांग्लादेश में चिन्मय कृष्ण दास को गिरफ्तार किए जाने के बाद कई शहरों में हिंदू समुदाय विरोध प्रदर्शन कर रहा है. चिन्मय दास इस्कॉन मंदिर से भी जुड़े हुए हैं. पढ़ने के लिए क्लिक करें.
- संभल में हुई हिंसा में कुल पाँच लोगों की मौत हुई है. एक के परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए लाश दफ़्न कर दी, इसलिए उसकी मौत आधिकारिक आंकड़ों में शामिल नहीं है. शहर में अब भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात हैं. आरएएफ़ के अलावा आसपास के ज़िलों से भी पुलिस बल बुलाए गए हैं. इस रिपोर्ट को पढ़ने के लिए क्लिक करें.
- पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता मंगलवार को इस्लामाबाद पहुंच गए. इसके बाद कार्यकर्ताओं और सुरक्षाबलों की बीच झड़पें भी हुईं. इस रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें.
- उत्तर प्रदेश के बरेली में एक कार के अधूरे पुल से नीचे गिरने का मामला सामने आया है जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है. इस घटना के बाद प्रशासन के साथ-साथ गूगल पर भी सवाल उठ रहे हैं. गूगल ने बीबीसी को अपना जवाब दिया है. पढ़ने के लिए क्लिक करें.
चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी पर भारत के बयान पर अब आया बांग्लादेश का जवाब
इमेज स्रोत, Tareq Hossain
इमेज कैप्शन, इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास को सोमवार को ढाका के हज़रत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नज़दीक से गिरफ्तार किया गया था.
बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी पर भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान पर बांग्लादेश का जवाब आया है.
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है, "बांग्लादेश सरकार ने ध्यान दिया है कि आज भारतीय विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश सरकार के आंतरिक मामलों से संबंधित एक बयान मीडिया में जारी किया है."
"ये बेहद निराशाजनक और गहरी पीड़ा की बात है कि बांग्लादेश सरकार ने पाया है कि श्री चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी को कुछ लोगों ने गलत तरीके से पेश किया है, क्योंकि श्री चिन्मय कृष्ण दास को विशिष्ट आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया है."
"बांग्लादेश सरकार का कहना है कि इस तरह के बेबुनियाद बयान न केवल तथ्यों को गलत तरीके से पेश करते हैं, बल्कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच दोस्ती और आपसी समझ की भावना के भी विपरीत हैं."
"ये बयान सभी धर्मों के लोगों के बीच आपसी सद्भाव और इस संबंध में सरकार और लोगों की प्रतिबद्धता और कोशिशों को भी नहीं दिखाता है."
"ये पूरी तरह से इस बात की अनदेखी है कि बांग्लादेश की सरकार बांग्लादेश के लोगों के खिलाफ हो रहे मानवाधिकार उल्लंघन के अपराधियों को खुली छूट दे रही है."
"बांग्लादेश सरकार ये फिर से दोहराना चाहेगी कि देश की न्यायपालिका पूरी तरह से स्वतंत्र है और वो न्यायपालिका के कामों में दख़ल नहीं देती है. जिस मामले पर सवाल उठाए गए हैं उसका मामला क़ानून की अदालत में है."
"बांग्लादेश सरकार देश में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर प्रतिबद्ध है. बांग्लादेश सरकार चटगांव में वकील सैफ़ुल इस्लाम अलिफ़ की बेरहमी से की गई हत्या को लेकर चिंतित है. प्रशासन ने बंदरगाह शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि किसी भी क़ीमत पर धार्मिक सहिष्णुता बनी रहे."
चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी के विरोध में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने दी चेतावनी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शुभेंदु अधिकारी ने बताया है कि हिन्दू जागरण मंच के प्रदर्शन में वो भी शामिल होंगे
पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु
अधिकारी ने बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी के
विरोध में बांग्लादेश की सीमा को सील करने की धमकी दी है.
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा है, “कोलकाता में हज़ारों हिन्दू सड़कों पर उतरेंगे और पूरे इलाक़े में विरोध प्रदर्शन होगा.”
उनका कहना है, “हिन्दू जागरण मंच ने सियालदह से डिप्टी हाई कमीशन तक एक प्रदर्शन की अपील की
है. सोमवार को हिन्दू लोग पेट्रापोल (उत्तरी चौबीस परगना) की सीमा को सील कर देंगे.
मैं भी वहाँ मौजूद रहूंगा. सबकुछ बंद कर दिया जाएगा और आयात-निर्यात का तो कोई
सवाल ही नहीं है.”
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के प्रमुख
चेहरे और इस्कॉन मंदिर से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की ज़मानत याचिका खारिज कर हुए
कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है.
38 साल के चिन्मय दास के ख़िलाफ़
बांग्लादेश दंड संहिता की अलग-अलग धाराओं के तहत देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया
था.
इमरान ख़ान का जेल से संदेश- 'जो करना है करो, मैं अपनी बात से पीछे नहीं हटूंगा'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान ने अपने संदेश में भारी संख्या में लोगों को डी चौक पहुंचने को कहा है
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक इमरान ख़ान का कहना है कि 'जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वह पीछे नहीं हटेंगे.'
इमरान ख़ान के एक्स अकाउंट से जारी एक बयान में उन्होंने अपनी टीम को अंतिम समय तक लड़ने का संदेश दिया है.
उन्होंने लिखा है, "सैन्य अदालत में मुक़दमे की धमकी देने वालों को मेरा संदेश है कि तुम्हें जो करना है करो, मैं अपनी स्थिति से पीछे नहीं हटूंगा."
उन्होंने कहा कि जो लोग अब तक नहीं पहुंचे हैं उन्हें भी डी चौक पहुंचना चाहिए.
उन्होंने यह भी लिखा, "प्रवासी पाकिस्तानियों को भी धन्यवाद, जो न केवल पाकिस्तान में संगठित हो रहे हैं, बल्कि पैसे भी भेज रहे हैं और अपने-अपने देशों में भी प्रदर्शन कर रहे हैं."
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया है कि आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी के निर्देश पर, रेंजर्स और पुलिस ने पीटीआई कार्यकर्ताओं पर गोलीबारी की, जिसके परिणामस्वरूप शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे नागरिकों की मौत हुई और कई घायल हुए.
उन्होंने कहा कि मोहसिन नक़वी को इसका हिसाब देना होगा.
प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण रहने की अपील करते हुए इमरान ख़ान ने कहा कि विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले सभी पाकिस्तानियों को एकजुट और दृढ़ रहना चाहिए.
हेमंत सोरेन ने अरविंद केजरीवाल के साथ की प्रेस कॉन्फ़्रेंस, झारखंड चुनाव पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जेएमएम नेता हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है
आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने मंगलवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की है.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा, "सबसे पहले हेमंत सोरेन जी और कल्पना सोरेन जी को शानदार चुनाव लड़ने और जीतने के लिए बधाई देना चाहता हूं. उन्होंने जिस तरह से चुनाव लड़ा, वो हम सब लोगों के लिए बड़ा प्रेरणादायी है."
"हेमंत जी और कल्पना जी मेरे निवास स्थान पर आए, उनका मैं तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं. परसों उनका शपथ ग्रहण है, उनके शपथ ग्रहण में हम सब लोग जाएंगे."
"मैं भगवान से प्रार्थना करूंगा कि उनके अगले पांच साल बहुत शुभ हों. जैसे वो झारखंड के लिए अभी तक खूब विकास के काम करते आए हैं, ऐसे ही आने वाले पांच साल भी उनकी जो विकास की यात्रा है वो जारी रहे."
वहीं जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने कहा, "हम लोग अभी केजरीवाल के निवास स्थान पर हैं. झारखंड में चुनाव के बाद नई सरकार का गठन होना है. उसकी प्रक्रिया 28 तारीख को प्रारंभ होगी. इसी कार्यक्रम को लेकर मैं दिल्ली के इस दौरे पर हूं. इंडिया गठबंधन के साथियों को हम लोगों ने आमंत्रण दिया है. साथ में हमने प्रधानमंत्री जी और गृहमंत्री जी को भी इस कार्यक्रम में आने का आग्रह किया है."
झारखंड चुनाव के नतीजों के बाद मंगलवार को ही जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की.
इस्लामाबाद में पीटीआई के विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों पर हुए हमले
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद के डी चौक पर प्रदर्शन को कवर रहे पत्रकारों पर हमले हुए हैं (सांकेतिक तस्वीर)
इस्लामाबाद में तहरीक-ए-इंसाफ के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के पत्रकारों को निशाना बनाने की कई ख़बरें सामने आई हैं.
स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया के पत्रकारों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने न केवल उनके साथ धक्का-मुक्की की बल्कि इमारतों और उपकरणों को भी नुक़सान पहुंचाया.
बीबीसी की फ़रहत जावेद से बात करते हुए इंडिपेंडेंट उर्दू की पत्रकार ऐनी शिराज़ी ने कहा कि डी चौक में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के कार्यकर्ताओं ने उन्हें डराया और धमकाया.
उन्होंने कहा, "मेरे वीडियो जर्नलिस्ट और मुझे धक्का दिया गया और हमारे साथ गाली-गलौज की गई. उनमें से एक समूह आया और हमें डी चौक से बाहर धकेलने की कोशिश की. इस दौरान मेरे पैर में चोट लग गई. वे कह रहे थे कि तुम लोग ठीक से रिपोर्टिंग नहीं कर रहे हो. इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई और हमारे लिए हालात मुश्किल हो गए."
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ऐसी ख़बरें भी आई हैं कि पीटीआई के समर्थकों ने पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया है
विओन न्यूज़ के पत्रकार अनस मलिक जो कि एक्सप्रेस चौक पर बिल्डिंग की छत से लाइव रिपोर्टिंग कर रहे थे.
उन्होंने कहा, "तभी दोपहर में करीब 3:10 बजे एक कार बिल्डिंग के पास रुकी, और पथराव शुरू हो गया. पथराव के कारण इमारत की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके बाद इमारत के प्रबंधन ने इमारत को बंद कर दिया."
अनस मलिक का कहना है कि कुछ देर बाद करीब 20 गुस्साए लोगों ने बिल्डिंग का बाहरी दरवाज़ा तोड़ दिया और अंदर घुस गए. उनके मुताबिक, इमारत में दाखिल हुए लोगों के पास लाठियां और गुलेल थीं.
उन्होंने आगे कहा कि आंदोलनकारी जाते समय उनका मास्क, एक हेलमेट और एक जैकेट अपने साथ ले गए.
प्रदर्शनकारियों की ओर से किए गए पथराव में न्यूज़ नॉर्थ नाम की एक कंपनी के डायरेक्टर मोहम्मद आदिल भी घायल हो गए हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद पुलिस ने भी पीटीआई के समर्थकों को रोकने के लिए बल प्रयोग किया है
वॉयस ऑफ अमेरिका की सारा हसन का कहना है कि यह पहली बार नहीं है कि पीटीआई कार्यकर्ताओं ने उनकी टीम पर हमला किया है.
उन्होंने कहा, ''हमने पहले ही उन्हें ऐसा न करने के लिए कहा है. हमारी टीम को दूसरी बार रोका गया है. मैंने उस रिपोर्टर से बात की जो घबरा गया था और उसने सिर्फ इतना कहा कि हम फंस गए हैं, बाद में आपसे बात करूंगा. हमारे पास दो लोगों की एक टीम है जो प्रदर्शनकारियों के बीच फंसी हुई है."
उन्होंने कहा कि उन्होंने पीटीआई नेतृत्व को पहले भी बताया था और अब भी कह रहे हैं कि हमारी टीम को वहां से हटा दें.
पीटीआई के एक प्रवक्ता ने बीबीसी संवाददाता फ़रहत जावेद को बताया कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार घोषणाएं कर रहे हैं कि किसी भी मीडिया टीम पर हमला न हो.
उन्होंने कहा कि हो सकता है कि कुछ उपद्रवी लोग भीड़ में शामिल हो गये हों.
उन्होंने आगे कहा कि मीडिया पर हमला अफ़सोसजनक है.
इस्लामाबाद पुलिस ने बताया डी चौक में हुई गोलीबारी, 6 पीटीआई कार्यकर्ता घायल, शहज़ाद मलिक, बीबीसी संवाददाता, इस्लामाबाद
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीटीआई कार्यकर्ता डी चौक पहुंच गए हैं और वहां भारी संख्या में पुलिस और रेंजर्स के जवान तैनात हैं
पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ़ (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं के विरोध मार्च के इस्लामाबाद के डी चौक पहुंचने के बाद हुई गोलीबारी में छह लोग घायल हो गए हैं.
इस्लामाबाद पुलिस का कहना है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के समर्थकों का क़ाफ़िला इस्लामाबाद के रेड ज़ोन में स्थित डी चौक पहुंच गया है.
पुलिस का कहना है कि "अज्ञात लोगों की ओर की गई गोलीबारी में कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं. सभी घायल लोग पीटीआई प्रदर्शनकारी ही हैं. अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि गोलीबारी किस स्थान से की गई है."
डी चौक पर ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारी का कहना है कि घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए पॉली क्लिनिक अस्पताल ले जाया गया है.
अधिकारी ने बताया कि फ़िलहाल डी चौक पर पुलिस और रेंजर्स के जवान तैनात हैं.
हेमंत सोरेन ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाक़ात
इमेज स्रोत, PMOIndia
इमेज कैप्शन, जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है
झारखंड चुनाव के नतीजों के बाद मंगलवार को जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की.
गृह मंत्री के साथ मुलाकात के बाद उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की.
उन्होंने कहा, "आगे भी मुलाकात होगी. बहुत सारी बातें हैं. हम लोगों की सरकार बननी है. हम आशीर्वाद के लिए आए थे."
झारखंड में हुए विधानसभा चुनावों में हेमंत सोरेन की जेएमएम को 34 सीटें मिली हैं, जबकि उनके गठबंधन की प्रमुख पार्टी कांग्रेस को 16 और राष्ट्रीय जनता दल को 4 सीटें मिली हैं.
झारखंड में हुए हाल में विधानसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन ने जीत हासिल की है.
जेल से निकलने के बाद हेमंत सोरेन ने ऐसा क्या कमाल किया कि वो लगातार दूसरी बार सत्ता में आ गए? पढ़ने के लिए क्लिक करें.
इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी पर श्री श्री रविशंकर ने मोहम्मद यूनुस से की अपील
इमेज स्रोत, ani
इमेज कैप्शन, श्री श्री रविशंकर ने वीडियो संदेश में कहा है कि किसी आध्यात्मिक नेता को गिरफ्तार करना पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता है.
बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी पर आर्ट ऑफ़ लिविंग संस्था के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने वीडियो संदेश जारी किया है.
उन्होंने कहा, "किसी आध्यात्मिक नेता को गिरफ्तार करना पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता है. वो ना ही किसी से हथियार ले रहे हैं ना किसी से बंदूक, वो तो अपने लोगों का ध्यान रख रहे हैं. वो सिर्फ अधिकारों के लिए खड़े हैं और चाहते हैं कि सरकार वहां अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों की सुनवाई करे."
"धार्मिक पुजारियों को गिरफ्तार करने से उनका (बांग्लादेश सरकार) या लोगों का या देश का या यहां तक कि बांग्लादेश की छवि का भी भला नहीं होने वाला है. हम प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस से बहुत अधिक उम्मीद करते हैं जिनको लोगों के बीच शांति और सुरक्षा लाने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिला है और इसीलिए उन्हें वहां प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया है."
उन्होंने यह भी कहा, "हम उनसे ऐसी कार्रवाई की उम्मीद नहीं करेंगे जिससे समुदायों के बीच और अधिक तनाव और भय पैदा हो. हम बांग्लादेश सरकार से अनुरोध करते हैं कि कृपया अपने अल्पसंख्यकों का ख्याल रखें और उन कट्टरपंथी तत्वों को नियंत्रित करें जो आपके देश और इसकी छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं."
"बांग्लादेश उदार और प्रगतिशील देश के रूप में जाना जाता रहा है. क्या आप देश को पीछे ले जाना चाहते हैं? यह बहुत ही खेदजनक स्थिति है. मुझे उम्मीद है कि भारत सरकार भी दबाव डालेगी और मैं अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आह्वान करता हूं कि इसे वैसे नहीं चलने दिया जाए जैसे यह चल रहा है और अल्पसंख्यकों को सुरक्षा प्रदान करने और लोगों को वहां सुरक्षित रखने के लिए दबाव डाला जाए."
बांग्लादेश में चिन्मय कृष्ण दास को गिरफ्तार किए जाने के बाद कई शहरों में हिंदू समुदाय विरोध प्रदर्शन कर रहा है. चिन्मय दास इस्कॉन मंदिर से भी जुड़े हुए हैं. पढ़ने के लिए क्लिक करें.
पीटीआई ने मांगें माने जाने तक इस्लामाबाद के डी चौक पर धरना देने का किया एलान, सना आसिफ़ डार, बीबीसी, इस्लामाबाद
इमेज कैप्शन, पीटीआई के समर्थकों का काफ़िला इस्लामाबाद के रेड ज़ोन में स्थित डी चौक पहुंच गया है
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने मांगें मंज़ूर होने तक इस्लामाबाद के डी चौक में धरना देने का एलान किया है.
पीटीआई के समर्थकों का क़ाफ़िला इस्लामाबाद के रेड ज़ोन में स्थित डी चौक पहुंच गया है.
पीटीआई के पेशावर क्षेत्र के अध्यक्ष और ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री के क़ाफ़िले के साथ मौजूद अरबाब नसीम ने बीबीसी को बताया कि "15 मिनट पहले बुशरा बीबी और अली अमीन गंडापुर ने मांगें मंज़ूर होने तक डी चौक पर धरना देने की घोषणा की है."
इमेज कैप्शन, पीटीआई के कार्यकर्ता डी चौक पहुंच गए हैं
धरने के एलान से पहले पीटीआई के समर्थक इस्लामाबाद के ब्लू एरिया में पहुंच गए थे.
जहां पर प्रदर्शनकारियों ने बाग मैदान में नारेबाज़ी की और "खान तेरे जा निसार, बेशुमार, बेशुमार" के नारे लगाए.
पीटीआई के कार्यकर्ता और समर्थक पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को जेल से तत्काल रिहा करने और बीते चुनावों को रद्द करने की मांग को लेकर ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह से इस्लामाबाद आए हैं.
इमेज कैप्शन, पीटीआई के कार्यकर्ता अब डी चौक पर ही धरने पर बैठेंगे
सऊदी अरब हर मुश्किल घड़ी में पाकिस्तान के साथ खड़ा रहा है. वो चाहे परमाणु परीक्षण के दौरान प्रतिबंधों से निबटना हो या फिर आर्थिक संकट से बाहर निकालना हो. पढ़ने के लिए क्लिक करें.
संभल हिंसा पर यूपी विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष ने दिया बयान, कहा- डीजीपी के कहने पर घटनास्थल नहीं गए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नेता प्रतिपक्ष माताप्रसाद पांडे का कहना है कि डीजीपी के आग्रह पर वो घटनास्थल पर नहीं गए.
उत्तर प्रदेश के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माताप्रसाद पांडे ने मंगलवार को संभल हिंसा पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
उन्होंने कहा, "संभल हिंसा से जुड़ी सही जानकारी जुटाने और तथ्यों के बारे में पूरे प्रदेश को बताने के लिए, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने मेरे नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल का गठन किया था. मैं संभल के लिए 10 बजे निकलने वाला था, लेकिन इसके बाद मैंने फोन पर डीजीपी से बात की."
"मैंने उनसे कहा कि इस घटना में हमारे यहां के लोग फ़र्ज़ी फंसाए जा रहे हैं, आपने हमारे सांसद पर भी मुकदमा दर्ज किया है जो घटनास्थल पर भी मौजूद नहीं थे. उन्होंने मुझसे कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि निष्पक्ष जांच होगी और आप तीन दिन वहां न जाएं. डीजीपी के आग्रह पर हम घटनास्थल पर नहीं गए."
संभल ज़िले में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा में चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.
कोर्ट के आदेश के बाद रविवार को मस्जिद में दोबारा सर्वे करने एक टीम पहुँची जिसके बाद शहर में हिंसा भड़क गई थी.
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के प्रदर्शन के दौरान चार रेंजर्स की मौत पर क्या बोले शहबाज़ शरीफ़?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने रेंजर्स की मौत पर दुख जताया है और पीटीआई के प्रदर्शन की निंदा की है
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की रिहाई की मांग को लेकर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के कार्यकर्ता मार्च कर इस्लामाबाद में स्थित डी-चौक पहुंचना चाहते हैं.
पीटीआई के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए इस्लामाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.
श्रीनगर हाईवे पर एक वाहन की चपेट में आने से चार रेंजरों की मौत को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने प्रतिक्रिया दी है.
शहबाज़ शरीफ़ ने चार रेंजर्स की मौत के लिए ज़िम्मेदार लोगों की जल्द ही पहचान कर सज़ा देने का निर्देश दिया है.
पाकिस्तान के सरकारी टीवी ने शहबाज़ शरीफ़ के हवाले से कहा कि उन्होंने पुलिसकर्मियों और रेंजर्स पर हो रहे हमले की निंदा की है.
साथ ही कहा कि पुलिस और रेंजर्स को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया है.
शहबाज़ शरीफ़ ने पीटीआई के विरोध प्रदर्शन पर कहा कि ये शांतिपूर्ण प्रदर्शन नहीं है.
बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
इमेज स्रोत, BBC Bangla
इमेज कैप्शन, इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास को सोमवार को ढाका के हज़रत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश में इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की बांग्लादेश में हुई गिरफ्तारी पर बयान जारी किया है.
विदेश मंत्रालय ने लिखा है, "हम बांग्लादेश सम्मिलित सनातन जागरण जोट के प्रवक्ता श्री चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी और उन्हें ज़मानत देने से इनकार किए जाने पर काफी चिंतित हैं. यह घटना बांग्लादेश में कट्टरपंथी तत्वों के हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर किए गए हमलों के बाद सामने आई है."
"अल्पसंख्यकों के घरों और दुकानों को लूटा गया है. इसी के साथ उनके मंदिरों में चोरी,तोड़फोड़ और उनके देवताओं को अपवित्र करने के कई दर्ज मामले सामने आए है."
"ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जहां इन घटनाओं के अपराधी अभी भी खुले-आम घूम रहे हैं, वहीं एक धार्मिक नेता के खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं, जो शांतिपूर्ण सभाओं के माध्यम से अपनी मांगें रख रहे थे."
"हम श्री दास की गिरफ्तारी के खिलाफ शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों पर भी चिंता व्यक्त करते हैं. हम बांग्लादेश के आधिकारियों से आग्रह करते है कि वे हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, जिसमें उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार भी शामिल है."
इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास को सोमवार को ढाका के हज़रत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था.
नमस्कार!
अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को दीजिए इजाज़त. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ज़रूरी ख़बरें पहुंचाएंगी.
आप बीबीसी हिंदी के पेज पर छपी कुछ बड़ी ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
- पाकिस्तान में सऊदी अरब को लेकर बवाल, बुशरा बीबी का यह दांव क्या उन्हीं पर पड़ेगा भारी? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- अमेरिका में धोखाधड़ी के केस के बाद गौतम अदानी के सामने क्या हैं चुनौतियां? इस रिपोर्ट को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- कनाडा के ख़िलाफ़ ट्रंप की बड़ी घोषणा, जस्टिन ट्रूडो की बढ़ेंगी मुश्किलें, भारत पर क्या होगा असर? पूरी रिपोर्ट को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
संभल पर अखिलेश यादव का आरोप - हज़ारों लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने संभल ज़िले में हुई हिंसा पर बयान दिया (फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश के संभल ज़िले में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रतिक्रिया दी.
अखिलेश यादव ने कहा, "न्याय नहीं मिल रहा. तमाम हज़ारों लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है. वहां के सांसद, विधायक और उनके पुत्र पर झूठे मुकदमे लगा रहे हैं. पूरी गलती सरकार की है. सर्वे एक बार हो चुका था तो फिर दोबारा सर्वे क्यों करना."
अखिलेश यादव ने कहा कि वो सर्वे के ख़िलाफ़ नहीं थे, लेकिन सर्वे करने वाली टीम के पीछे जो नारा लगा रहे थे उनके ख़िलाफ़ क्या कार्रवाई हुई?
उन्होंने पूछा, "क्या सर्वे की टीम के साथ बीजेपी के कार्यकर्ता थे जो भड़का रहे थे. इन पर कार्रवाई हुई क्या?"
संभल ज़िले में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा में चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.
कोर्ट के आदेश के बाद रविवार को मस्जिद में सर्वे करने एक टीम पहुँची जिसके बाद शहर में हिंसा भड़क गई.
महाराष्ट्र के सीएम पद से एकनाथ शिंदे ने दिया इस्तीफ़ा, अगले मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरक़रार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी गठबंधन 'महायुति' का हिस्सा है
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से एकनाथ शिंदे ने इस्तीफ़ा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफ़ा मंगलवार को राज्य के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को सौंपा है.
शिंदे के साथ इस दौरान उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे.
एकनाथ शिंदे नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री रहेंगे.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी वाले गठबंधन 'महायुति' ने जीत हासिल की है लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस बरकरार है.
अविभाजित शिवसेना से अलग होकर एकनाथ शिंदे बीजेपी के साथ चले गए थे और खुद मुख्यमंत्री बन गए थे.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 132, एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 57 और एनसीपी के खाते में 41 सीटें गई.
वहीं उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने 20 सीटों, कांग्रेस ने 16 सीटों और शरद पवार की एनसीपी ने 10 सीटों पर जीत हासिल की है. तीनों ही दल गठबंधन 'महाविकास अघाड़ी' का हिस्सा है.
उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद क्या बोले?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, संभल में हुई हिंसा पर इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया दी (फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश के संभल ज़िले में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा पर सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मंगलवार को प्रतिक्रिया दी.
इमरान मसूद ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "ज़िले के एसपी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए."
उन्होंने कहा, "आप हत्याओं को दबा रहे हैं"
इमरान मसूद ने कहा, "सारे वीडियो फुटेज हैं कि पुलिस गोली चला रही है. कहीं हवा से गोली आकर लग गई क्या?"
उन्होंने कहा कि आप एमपी पर बात कर रहे हैं जो कि वहां मौजूद भी नहीं थे.
इस बीच मुरादाबाद के डीआईजी मुनिराज जी ने कहा, "अब संभल में हालात सामान्य हो रहे हैं. सभी अपने काम में लगे हुए हैं और दुकान खुल रही है."
हिंसा में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.
किसानों का दावा- हिरासत में जगजीत सिंह डल्लेवाल, आज शुरू करने वाले थे आमरण अनशन
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि हम नहीं डरेंगे (फाइल फोटो)
किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंढेर ने दावा किया कि किसान नेता सरदार जगजीत सिंह डल्लेवाल को केंद्र सरकार, पंजाब और हरियाणा सरकार ने संयुक्त ऑपरेशन कर हिरासत में ले लिया है.
बीबीसी सहयोगी चरणजीव कौशल के मुताबिक, जगजीत सिंह डल्लेवाल ने किसानों की मांगों के पक्ष में 26 नवंबर को आमरण अनशन पर बैठने का एलान किया था.
सरवन सिंह पंढेर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमारे पास जो सूचना है उसमें केंद्र सरकार, पंजाब और हरियाणा सरकार ने संयुक्त ऑपरेशन कर उनकी ट्रॉली को तोड़ा और लगभग 2.30 बजे उन्हे (डल्लेवाल) को उठाकर ले गए. लेकिन किधर लेकर गए इसको लेकर कोई सूचना नहीं है."
सरवन सिंह पंढेर ने मांग की कि डल्लेवाल को रिहा करना चाहिए. उन्होंने कहा, "हम डरने वाले नहीं है. 6 दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे.
शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) ने 6 दिसंबर से दिल्ली कूच करने का एलान हाल ही में किया था.
सरवन सिंह पंढेर ने कहा था, "सरकार की स्थिति को देखते हुए दोनों मोर्चों ने 6 दिसंबर को दिल्ली कूच करने का फैसला किया है. यह फैसला इसलिए करना पड़ा है क्योंकि 18 जनवरी के बाद से सरकार के साथ कोई बात आगे नहीं बढ़ी है."
अदानी के मामले में भारतीय संसद में हंगामें पर क्या बोला अमेरिका?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने गौतम अदानी को लेकर बयान दिया (फाइल फोटो)
गौतम अदानी, उनके भतीजे सागर अदानी समेत अमेरिका में आठ लोगों के ख़िलाफ़ धोखाधड़ी के आरोप तय किए गए हैं.
मामले को लेकर संसद के शीताकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने चर्चा की मांग की तो हंगामें के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी.
इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर से पूछा राहुल गांधी अदानी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, क्या आप अदानीकी गिरफ्तारी का समर्थन करते हैं?
मैथ्यू मिलर ने इसको लेकर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि यह कानून प्रवर्तन का मामला है.
मिलर ने कहा, ‘‘मैं इस विषय पर जस्टिस डिपार्टमेंट के अपने सहकर्मियों से टिप्पणी करने का अनुरोध करूंगा.’’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेता गौतम अदानी को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं.
मध्य प्रदेश के मुरैना में हुआ धमाका, दो महिलाओं की मौत, कई मकान गिरे, विष्णुकांत तिवारी,बीबीसी संवाददाता
इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश के मुरैना ज़िले में एक मकान में ब्लास्ट हुआ है जिसके बाद वहां प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया है
मध्य प्रदेश के मुरैना ज़िले में 25-26 नवंबर की दरम्यानी रात एक मकान में ब्लास्ट होने से 2 महिलाओं की मौत हो गई है.
वहीं कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है.
बीती रात शहर के टंच रोड इलाके स्थित राठौर कॉलोनी में बने मुंशी राठौर के घर पर ब्लास्ट हुआ. धमाका इतना तेज था कि आसपास बने पड़ोसियों के मकान भी धराशाई हो गए.
हादसे के बाद ज़िला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. फिलहाल बचाव कार्य जारी है.
ज़िला पुलिस अधीक्षक सौरभ समीर ने पत्रकारों को बताया,"कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत राठौर कॉलोनी में आज रात एक ब्लास्ट की सूचना मिली थी. घटना में दो महिलाओं की मृत्यु की पुष्टि हुई है."
"4-5 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ब्लास्ट के कारण तीन मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं."
हादसे के कारणों पर जब पत्रकारों ने सवाल किया तो पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभी हादसे के कारणों का सही आंकलन नहीं किया जा सकता है और प्रशासन सबसे पहले बचाव कार्य पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.
स्थानीय समाचार पत्रों के मुताबिक अब तक 4 महिलाओं की मृत्यु की और छह लोगों के मलबे में दबे होने की ख़बर है.
फिलहाल धमाके के कारणों के बारे में पुलिस और प्रशासन ने कोई जानकारी नहीं दी है.