भारत और श्रीलंका के बीच पहला वनडे मैच टाई हुआ

इमेज स्रोत, Getty Images
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया पहला एक दिवसीय मुक़ाबला टाई हो गया है.
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आठ विकेट खोकर 230 रन बनाए थे. हालांकि, भारतीय टीम 13 गेंदें शेष रहते हुए भी इस स्कोर को पार नहीं कर सकी.
श्रीलंका से मिले 231 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. भारत का पहला विकेट शुभमन गिल की शक्ल में 12वें ओवर में गिरा, तब टीम का स्कोर 75 रन था.
लेकिन इसके बाद रोहित शर्मा और वॉशिंगटन सुंदर जल्द ही आउट हो गए. विराट कोहली ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन हसरंगा की गेंद पर 24 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
इसके बाद श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और शिवम दुबे ने धीरे-धीरे रन बटोरते हुए टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया. आख़िर में अर्शदीप सिंह आए लेकिन वह एक रन नहीं जोड़ सके और एलबीडब्ल्यू आउट होकर चले गए. इसी के साथ भारतीय पारी सिमट गई.
श्रीलंका की ओर से दुनित वेल्लालगे सबसे अधिक 67 रन बनाकर नाबाद रहे. पतुम निसंका ने 56 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा श्रीलंका का कोई बल्लेबाज़ 24 रन से अधिक नहीं बना पाया.
भारत के लिए अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए. मोहम्मद सिराज, शिवम दुबे, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट मिला.



















