भारत ने पहले रोमांचक वनडे मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका को 17 रनों से हराया

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए. इसमें विराट कोहली की शतकीय पारी शामिल रही.

सारांश

लाइव कवरेज

मानसी दाश, इफ़्तेख़ार अली

  1. तूफ़ान दित्वाह के कारण तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कई ज़िलों में येलो अलर्ट घोषित

    दित्वाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, साइक्लोन वॉर्निंग सेंटर के अनुसार तूफ़ान तमिलनाडु-पुदुचेरी तट से क़रीब 70 किलोमीटर दूर है.

    तूफ़ान दित्वाह के मद्देनज़र मौसम विभाग ने सोमवार को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई ज़िलों में येलो अलर्ट घोषित किया है.

    मौसम विभाग के अनुसार तिरुनेलवेली, थुट्टुकोड़ी और तेनकासी से लेकर नेल्लोर, अल्लूरी सीताराम राजू और श्रीकाकुलम तक समुद्र तटीय इलाक़ों में तूफ़ान के कारण बिजली के साथ भारी बारिश हो सकती है और तेज़ हवाएं चल सकती हैं.

    तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश सरकारें इसके लिए तैयारी में जुटी हैं.

    तमिलनाडु के आपदा प्रबंधन मंत्री के.के.एस.एस.आर रामचंद्रन ने स्टेट इमर्जेंसी ऑपरेशन सेंटर का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार स्थिति पर नज़र बनाए हुए है.

    वहीं आंध्र प्रदेश के मंत्री अनम रामनारायण रेड्डी ने कहा, "तूफ़ान दित्वाह धीरे-धीरे कमज़ोर पड़ रहा है लेकिन इसका बड़ा असर नेल्लोर ज़िले में पड़ सकता है. इस कारण यहां भारी बारिश हो सकती है."

    उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि इस कारण कम से कम नुक़सान हो, सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए तैयारी की है.

    मौसम विभाग

    इमेज स्रोत, IMD

    इमेज कैप्शन, मौसम विभाग ने दक्षिण के कई तटवर्ती ज़िलों के लिए अलर्ट घोषित किया है. (एक दिसंबर के लिए मौसम विभाग ने ज़िलावार जो चेतावनी जारी की है उसका स्क्रीनशॉट)

    कहां, कहां बारिश की संभावना

    वाइज़ैग साइक्लोन वॉर्निंग सेंटर के अधिकारी जगन्नाथ कुमार ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर श्रीलंका के पास बना चक्रवाती तूफ़ान अब दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर तमिलनाडु–पुदुचेरी तट के पास पहुंच गया है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि ये तूफ़ान धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है और फ़िलहाल कडलूर से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, पुदुचेरी से 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से क़रीब 180 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित है.

    जगन्नाथ कुमार के अनुसार उत्तर तमिलनाडु-पुदुचेरी तट से तूफ़ान क़रीब 70 किलोमीटर दूर है.

    साइक्लोन वॉर्निंग सेंटर का कहना है कि इसकी वजह से दक्षिण के तटीय ज़िलों में पहले दिन अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, दूसरे दिन भी कई जगह बारिश होगी.

    मौसम विभाग के अनुसार नेल्लोर और प्रकाशम ज़िलों में अगले 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है. वहीं तिरुपति, अन्नमय्या, वाईएसआर कडप्पा और बापटला में भी एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.

    श्रीलंका में बाढ़

    इमेज स्रोत, Krishan Kariyawasam/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण श्रीलंका में आपातकाल लागू किया गया है

    श्रीलंका में भीषण बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अब तक कम से कम 193 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं.

    भारी बारिश और बाढ़ के कारण देश के लगभग एक तिहाई हिस्से में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप पड़ गई है.

    अधिकारियों के अनुसार चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण श्रीलंका में आपातकाल लागू कर दिया गया है.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत ने पहले रोमांचक वनडे मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका को 17 रनों से हराया

    भारतीय क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए थे

    भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ पहले वनडे में 17 रन से जीत दर्ज की है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए. इसमें विराट कोहली की शतकीय पारी शामिल रही.

    वहीं दक्षिण अफ़्रीका की टीम अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर 332 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

    तीन मैचों की वनडे सिरीज का पहला मुकाबला रविवार को झारखंड के रांची में जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया.

    भारत की पारी की शुरुआत करने के लिए रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल उतरे थे.

    यशस्वी जायसवाल, सस्ते में पवेलियन लौट गए. उन्होंने 16 गेंद में 18 रन बनाए और नांद्रे बर्गर ने उन्हें कैच आउट करवाया.

    भारतीय टीम को 22वें ओवर में दूसरा झटका लगा. सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा 51 गेंद में 57 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. मार्को यान्सेन ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया.

    इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और वॉशिंगटन सुंदर भी सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन विराट कोहली की दमदार पारी ने पूरा माहौल बदल दिया. उन्होंने 102 गेंद में 5 छक्के और सात चौके की मदद से 100 रन पूरे किए.

    शतक लगाते ही कोहली ने ताबड़तोड़ चौके-छक्के लगाए और 135 रन बनाकर आउट हुए.

    कप्तान केएल राहुल ने भी शानदार पारी खेली. उन्होंने 56 गेंद में 60 रन बनाए. भारत का सातवां विकेट रवींद्र जडेजा के रूप में गिरा. उन्होंने 20 गेंदों में 32 रन बनाए और बॉश के हाथों आउट हुए.

  3. इमरान ख़ान से मिलने की इजाज़त नहीं मिली तो आगे की योजना बनाएंगे: ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के सीएम, बिलाल अहमद, बीबीसी उर्दू संवाददाता, पेशावर से

    खै़बर पख़्तूख़्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी

    इमेज स्रोत, PTI

    इमेज कैप्शन, खै़बर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी का कहना है कि अदालत के आदेश के अनुसार वो इमरान ख़ान से मुलाक़ात कर सकते हैं, लेकिन उन्हें रोका जा रहा है

    खै़बर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी ने कहा है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के नेता इमरान ख़ान को चार नवंबर से एकांत में जेल में रखा गया है.

    उन्होंने कहा कि अगर मंगलवार को इमरान ख़ान से मुलाक़ात की इजाज़त नहीं मिलती है तो इसके बाद आगे की योजना तैयार की जाएगी.

    इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने सोहेल अफ़रीदी को इजाज़त दी थी कि वो अडियाला जेल जाकर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान से मिल सकते हैं, लेकिन अफ़रीदी का कहना है कि अदालत के आदेश के बावजूद वो इमरान ख़ान से मुलाक़ात नहीं कर पाए हैं.

    इमरान ख़ान की पार्टी का आरोप है कि प्रशासन जानबूझकर मुलाक़ात की इजाज़त नहीं दे रहा है. वहीं अफ़रीदी ने कहा है कि प्रशासन अदालत की अवमानना कर रहा है.

    उन्होंने कहा, “विरोध करना पार्टी नेतृत्व का काम है, लेकिन एक कार्यकर्ता के तौर पर मुझे विरोध करना पड़ रहा है.”

  4. नेतन्याहू ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर भ्रष्टाचार मामलों में माफ़ी की गुहार लगाई, पाउलिन कोला, जेम्स कुक और पैट्रिक जैकसन, बीबीसी संवाददाता

    बिन्यामिन नेतन्याहू ने राष्ट्रपति से माफ़ी मांगी है

    इमेज स्रोत, Taylor Hill/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने औपचारिक तौर पर राष्ट्रपति आइज़ैक हरज़ोग से माफ़ी की गुज़ारिश की है और इसके लिए उन्हें पत्र लिखा है.

    राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि राष्ट्रपति आइज़ैक हरज़ोग इस "असाधारण गुज़ारिश" पर विचार करने से पहले न्याय अधिकारियों की राय लेंगे, क्योंकि इस क़दम के "महत्वपूर्ण परिणाम हो सकते हैं."

    पिछले पांच साल से नेतन्याहू तीन अलग-अलग मामलों में मुक़दमों का सामना कर रहे हैं. उन पर रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी और भरोसा तोड़ने के आरोप हैं. वो खुद पर लगे आरोपों से इनकार करते रहे हैं.

    नेतन्याहू ने एक वीडियो संदेश में हमास के साथ जंग की तरफ़ इशारा करते हुए कहा था कि वो चाहते थे कि क़ानूनी प्रक्रिया अपने निष्कर्ष तक पहुंचे, लेकिन "राष्ट्रीय हित ने कुछ और ही मांग की थी."

    आइज़ैक हरज़ोग और ट्र्ंप

    इमेज स्रोत, SAUL LOEB/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस साल अक्तूबर में इसराइल के दौरे पर गए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्र्ंप का स्वागत इसराइली राष्ट्रपति आइज़ैक हरज़ोग ने किया था

    इस महीने की शुरुआत में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइली राष्ट्रपति हरज़ोग से अपील की थी कि वो नेतन्याहू को "पूरी तरह माफ़" कर दें.

    उस समय हरज़ोग ने कहा था कि माफ़ी के लिए किसी भी व्यक्ति को औपचारिक तौर पर अनुरोध देना होता है.

    रविवार को राष्ट्रपति कार्यालय ने नेतन्याहू के इस अनुरोध के बारे में जानकारी दी और उनका लिखा पत्र ये कहते हुए जारी किया कि इसकी "गंभीरता और उसके प्रभाव" को देखते हुए ये फ़ैसला लिया गया है.

    अब तक राष्ट्रपति कार्यालय ने यह नहीं बताया है कि राष्ट्रपति इस पर कब फ़ैसला करेंगे.

  5. श्रीलंका: बाढ़ के कारण फंसे 24 लोगों को भारतीय वायु सेना ने सुरक्षित निकाला

    रेस्क्यू मिशन पर लगा भारतीय वायु सेना का हेलीकॉप्टर

    इमेज स्रोत, IAF_MCC@x

    इमेज कैप्शन, रेस्क्यू मिशन पर लगा भारतीय वायु सेना का हेलीकॉप्टर

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया है कि श्रीलंका में भीषण बाढ़ से निपटने में मदद के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन सागर बंधु के तहत बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया है.

    मंत्रालय के अनुसार एमआई-17 हेलिकॉप्टरों की मदद से जिन लोगों को बचाया गया है, उनमें जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, स्लोवेनिया और यूनाइटेड किंगडम के नागरिक शामिल हैं.

    भारतीय वायु सेना ने बताया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में फंसे लोगों को निकालने के लिए एक हाइब्रिड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. इसके तहत एक गरुड़ कमांडो को नीचे उतारकर फंसे हुए लोगों के समूह को गाइड किया गया और उन्हें कोटमाले स्थित पहले से तय हेलीपैड तक पहुंचाया गया.

    यहां से कुल 24 लोगों को निकाला गया, जिनमें भारतीय नागरिकों के साथ-साथ विदेशी नागरिक और श्रीलंकाई भी शामिल थे. सभी को रेस्क्यू कर कोलंबो लाया गया है.

    वायु सेना ने बताया कि इससे पहले श्रीलंकाई सेना के 40 जवानों की पांच टीमों को राहत कार्य में सहयोग के लिए दियातलावा के आर्मी कैंप से एयरलिफ्ट कर भूस्खलन प्रभावित कोटमाले इलाके में पहुंचाया गया था.

    एयर फोर्स ने इस ऑपरेशन की तस्वीरें और वीडियो भी जारी किए हैं.

    इससे पहले पीएम मोदी ने घोषणा की थी कि भारत, ऑपरेशन सागर बंधु के तहत, तत्काल राहत सामग्री और ज़रूरी मानवीय सहायता श्रीलंका भेज रहा है.

    श्रीलंका में भीषण बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अब तक कम से कम 193 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं.

  6. पाकिस्तान ने संविधान संशोधन पर यूएन हाई कमिश्नर के बयान को किया ख़ारिज

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, FAYEZ NURELDINE/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार हाई कमिश्नर के बयान को निराधार बताया है

    बीते दिनों पाकिस्तान ने संविधान में 27वां संशोधन किया था जिसके बाद संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार मामलों के हाई कमिश्नर ने चिंता व्यक्त की थी और कहा था कि जल्दबाज़ी में अपनाए गए संवैधानिक संशोधनों से देश की न्यायिक स्वतंत्रता को गंभीर नुक़सान पहुंचता है.

    इसके बाद अब पाकिस्तान ने एक बयान जारी कर संयुक्त राष्ट्र हाई कमिश्नर के बयान को निराधार बताते हुए ख़ारिज कर दिया है.

    पाकिस्तान ने क्या कहा?

    रविवार को जारी अपने बयान में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि संविधान की सभी उचित प्रक्रिया के तहत ही संविधान संशोधन को अपनाया गया है.

    बयान में कहा गया है, "सभी संसदीय गणतंत्रों की तरह देश से जुड़े सभी क़ानून और संविधान में किसी तरह का संशोधन, देश के चुने हुए प्रतिनिधियों के काम का हिस्सा है. गणतंत्र और गणतांत्रिक तरीक़े देश की सिविल और राजनीतिक हक़ों का आधार हैं, इसलिए इनका सम्मान किया जाना चाहिए."

    पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़, "पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार मामलों के हाई कमिश्नर के काम का सम्मान करता है, लेकिन ये दुख की बात है कि उनके द्वारा जारी बयान में पाकिस्तान के नज़रिये और ज़मीनी सच्चाई को जगह नहीं दी गई."

    पाकिस्तान विदेश मंत्रालय का बयान

    इमेज स्रोत, ForeignOfficePk@x

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय का बयान

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने यूएन हाई कमिश्नर से गुज़ारिश की है कि वो पाकिस्तानी संसद के फ़ैसलों का सम्मान करें और अपने बयान में राजनीतिक पक्षपात और झूठी जानकारी से बचें.

    इससे पहले पाकिस्तान की संसद में संविधान संशोधन विधेयक दो तिहाई बहुमत से पास हो गया था.

    इसके तहत सेना प्रमुख आसिम मुनीर को और शक्तियां दी गई हैं. उन्हें चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस फ़ोर्सेस बनाया गया है, साथ ही उनके पद को क़ानूनी तौर पर रक्षा दी गई है.

    इसके अलावा एक नया संघीय संवैधानिक न्यायालय भी बनाया गया है, जिससे सर्वोच्च न्यायालय के काम सीमित हो गए हैं. सर्वोच्च अदालत अब केवल सिविल और आपराधिक मामलों से ही निपटेगी.

    वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान में हाल ही में 27वां संविधान संशोधन किया गया.

    यूएन हाई कमिश्नर ने क्या कहा था?

    पाकिस्तान का 27वां संविधान संशोधन विधेयक पास होने के बाद संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार मामलों के हाई कमिश्नर वोल्कर तुर्क ने कहा था कि ये संशोधन देश के लीगल समुदाय और लोगों से व्यापक परामर्श और बहस के बिना ही लाए गए हैं.

    वोल्कर तुर्क ने बीते दिनों एक बयान जारी कर कहा कि संशोधन में राष्ट्रपति, फ़ील्ड मार्शल, वायु सेना के मार्शल और नेवी के एडमिरल के लिए आपराधिक कार्यवाही और गिरफ्तारी से आजीवन छूट दी गई है.

    यूएन हाई कमिश्नर ने कहा कि "मुझे चिंता है कि इन संशोधनों से लोकतंत्र और क़ानून के शासन के सिद्धांतों पर दूरगामी असर होने का ख़तरा है."

  7. इंडोनेशिया में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 442 हुई, जेसिका रॉन्स्ले, बीबीसी संवाददाता

    इंडोनेशिया में भारी बारिश

    इमेज स्रोत, REZAN SOLEH / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, चक्रवाती तूफ़ान सेन्यार के कारण इंडोनेशिया में भारी बारिश हुई है और कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है

    इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर बाढ़ और भूस्खलन से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर 442 हो गया है.

    अधिकारियों ने बताया कि रविवार को यह संख्या पहले 300 के पार पहुंची थी.

    सुमात्रा में लगातार राहत और बचाव कार्य जारी हैं. कई इलाक़ों में सड़कें कट गई हैं और उन तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है.

    वहीं कई जगहों पर इंटरनेट और बिजली आपूर्ति अभी भी आंशिक रूप से ही बहाल हो पाई है.

    इंडोनेशिया में बाढ़

    इमेज स्रोत, Kiki Cahyadi/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, देश के उत्तरी सुमात्रा प्रांत में सुरक्षित स्थानों की तरफ़ जाते लोग

    दक्षिण पूर्व एशिया के कई हिस्से मानसूनी बारिश और चक्रवाती तूफ़ानों से बुरी तरह प्रभावित हैं. इसे इंडोनेशिया में हाल के वक्त में आई सबसे भीषण बाढ़ माना जा रहा है.

    इंडोनेशिया के अलावा मलेशिया, श्रीलंका और थाईलैंड में भी सैकड़ों लोग भीषण बारिश और बाढ़ की स्थिति से जूझ रहे हैं.

    आधिकारिक तौर पर थाईलैंड में मौतों का आंकड़ा फ़िलहाल 170 है, जबकि मलेशिया के उत्तरी पेरलिस राज्य में दो मौतें दर्ज की गई हैं.

  8. भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को दिया 350 रनों का लक्ष्य, कोहली ने खेली शानदार शतकीय पारी

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Dibyangshu SARKAR / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली ने भारतीय पारी के दौरान 120 गेंदों पर 135 रन बनाए

    रांची में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका के आगे 350 रनों का लक्ष्य रखा है. भारतीय पारी के दौरान विराट कोहली 135 रन बनाकर आउट हुए.

    भारत की टीम ने 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए.

    विराट कोहली 120 गेंदों पर 135 रन बनाकर नांड्रे बर्गर की गेंद पर रिकेलटन को कैच दे बैठे.

    उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 11 चौके लगाए.

    कोहली के अलावा मैच में रोहित शर्मा और केएल राहुल ने अर्धशतक लगाया. अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव खाता तक नहीं खोल सके.

    दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ खेलते हुए रोहित शर्मा ने 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए.

    रोहित ने वनडे इंटरनेशनल में सबसे अधिक 352 छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.

    इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफ़रीदी के नाम था. उन्होंने वनडे इंटरनेशनल में 351 छक्के जड़े थे.

  9. श्रीलंका: बाढ़ से कम से कम 193 लोगों की मौत, 200 से ज़्यादा लापता

    श्रीलंका में बाढ़

    इमेज स्रोत, S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, तूफ़ान दित्वाह के कारण श्रीलंका में आपातकाल लागू कर दिया गया है

    भारत के पड़ोसी श्रीलंका में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के चलते कम से कम 193 लोगों की मौत हो चुकी है.

    सबसे अधिक मौतें कैंडी और बादुल्ला में हुई हैं. यहाँ कई इलाक़ों से सड़क संपर्क टूटा हुआ है.

    श्रीलंका बीते कई सालों में आए सबसे बुरे मौसम के संकटों में से एक से जूझ रहा है.

    आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार 200 से अधिक लोग लापता हैं और 20 हज़ार से ज़्यादा घर नष्ट हो चुके हैं, वहीं एक लाख से अधिक लोग सरकार के बनाए अस्थायी शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं.

    भारी बारिश और बाढ़ के कारण देश के लगभग एक तिहाई हिस्से में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप पड़ गई है.

    अधिकारियों के अनुसार चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण श्रीलंका में आपातकाल लागू कर दिया गया है.

    केलानी नदी का जलस्तर लगातार तेज़ी से बढ़ रहा है जिसे देखते हुए कई इलाक़ों में लोगों को इलाक़ा ख़ाली करने के आदेश दिए गए हैं.

    श्रीलंका बाढ़

    इमेज स्रोत, S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रशासन ने निचले इलाक़े में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है

    श्रीलंका के सांसद और संसद की पब्लिक अकाउंट्स कमिटी के चेयरमैन हर्षा डी सिल्वा ने कहा, "स्थिति बेहद बुरी है, लगभग सभी ज़िलों में तूफ़ान से व्यापक क्षति हुई है, हमें आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर रीकंस्ट्रक्शन का काम करना होगा".

    "फिलहाल हमारी प्रतिक्रिया लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनकी मूलभूत ज़रूरतों को पूरा करने की है, इसलिए अभी तूफ़ान के कारण हुई तबाही का सही आकलन नहीं किया जा सका है."

    उन्होंने कहा कि श्रीलंका को आने वाले दिनों में भारत के साथ-साथ अपने दूसरे दोस्तों की भी ज़रूरत होगी.

    हर्षा डी सिल्वा ने कहा, "सड़क, ब्रिज और बिजली के ढांचे को फिर से खड़ा करने के लिए हमें बड़े निवेश की ज़रूरत होगी. हमें देखना है कि हम कैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रोग्राम में बदलाव करें ताकि अर्थव्यवस्था को फिर से पैरों पर खड़ा किया जा सके."

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, विराट कोहली का शानदार शतक, 102 गेंदों पर बनाई सेंचुरी

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Ayush Kumar/Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली ने अपना 52वां वनडे शतक बनाया है

    रांची में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ खेले जा रहे पहले वनडे मैच में विराट कोहली ने शानदार शतक बनाया है.

    विराट ने 102 गेंदों पर 5 छक्कों और 6 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया. ये उनकी 52वीं वनडे सेंचुरी है.

    इससे पहले अपना अर्धशतक पूरा करने के कुछ देर बाद रोहित शर्मा 57 रन के निजी स्कोर पर मार्को येनसेन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए थे.

    रोहित ने 5 चौके और 3 छक्के लगाए. उनके आउट होने पर विराट काफ़ी नाराज़ दिखे.

    फिलहाल विराट के साथ क्रीज़ पर केएल राहुल 17 रन के निजी स्कोर पर खेल रहे हैं. फिलहाल भारत का स्कोर 4 विकेट खोकर 233 रन है.

  11. नेशनल हेराल्ड मामला: सोनिया गांधी और राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज

    सोनिया गांधी और राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली पुलिस के इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने एफ़आईआर दर्ज की है

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सोनिया और राहुल के अलावा कुछ अन्य लोगों पर भी इस मामले में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    इस मामले में कांग्रेस के संचार प्रमुख जयराम रमेश ने बीजेपी की आलोचना की है और इस पूरे मामले को झूठा और बेबुनियाद क़रार दिया है.

    एक्स पर उन्होंने लिखा, "मोदी-शाह की जोड़ी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के ख़िलाफ़ लगातार डराने-धमकाने और प्रतिशोध की राजनीति कर रही है. नेशनल हेराल्ड मामला पूरी तरह से झूठा और निराधार है."

    यह एफ़आईआर मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा है. इस हाई प्रोफ़ाइल केस में गांधी परिवार पर निजी लाभ के लिए पद के दुरुपयोग का आरोप है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों और दस्तावेज़ों के हवाले से बताया है कि दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफे़ंस विंग ने तीन अक्तूबर को गांधी परिवार और सात अन्य के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की थी.

    एफ़आईआर में गांधी परिवार के लोगों के अलावा कांग्रेस नेता सुमन दुबे और सैम पित्रोदा, यंग इंडियन (वाईआई) और डोटेक्स मर्चेंडाइज़ लिमिटेड जैसी संस्थाओं, डोटेक्स प्रमोटर सुनील भंडारी, एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) और अन्य अज्ञात लोगों के नाम शामिल हैं.

  12. संसद के आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर कांग्रेस नेता के जताई चिंता

    गौरव गोगोई

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, गौरव गोगोई का कहना है कि 19 दिनों के शीतकालीन सत्र में केवल 15 दिनों में ही चर्चा संभव है

    संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले रविवार को दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई.

    इस बैठक के ख़त्म होने के बाद कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि लगता है सरकार ख़ुद ही संसद को पटरी से उतारना चाहती है.

    उन्होंने कहा, "शीतकालीन सत्र सिर्फ़ 19 दिनों का है, जिनमें से केवल 15 दिनों में ही चर्चा संभव है. यह संभवत: अब तक का सबसे छोटा शीतकालीन सत्र होगा."

    गौरव गोगोई कहा, "इसलिए ऐसा लगता है कि सरकार ख़ुद ही संसद को पटरी से उतरना चाहती है. ऐसा लगता है कि सरकार पूरे संसदीय मर्यादा को दफ़न कर रही है और भारतीय लोकतंत्र की इस परंपरा की क़ब्र खोद रही है."

    ऑल पार्टी बैठक के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सुरक्षा का मुद्दा उठाया, जिस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए.

    उन्होंने कहा, "दिल्ली में हुआ ब्लास्ट किसी न किसी रूप में हमारी क़ानूनी और गृह विभाग की नाकामियों का सबूत है."

    कांग्रेस सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने बैठक में लोकतंत्र की सुरक्षा का मुद्दा उठाया. साथ ही उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की सुरक्षा और चुनाव सुरक्षा पर चर्चा ज़रूरी है.

    असम के जोरहाट से लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि बैठक में प्रदूषण और स्वास्थ्य सुरक्षा के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा आर्थिक सुरक्षा और प्राकृतिक सुरक्षा के मुद्दे को भी सत्र के दौरान सामने रखने पर चर्चा हुई.

    कांग्रेस नेता गोगोई ने कहा कि देश की विदेश नीति को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई.

    उन्होंने कहा कि इन सब मुद्दों पर सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और सोमवार को सभी पार्टियों की कांग्रेस अध्यक्ष के साथ इन पर चर्चा के लिए बैठक होगी.

    संसद का शीतकालीन सत्र एक दिसंबर से शुरू होना है इससे पहले दोनों सदनों का संचालन सुचारू रूप से करने के लिए सरकार ने ये बैठक बुलाई थी.

  13. विराट कोहली और रोहित शर्मा की आतिशी पारी, दोनों ने जमाई फ़िफ़्टी

    विराट कोहली और रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली ने पहले और उसके कुछ देर बाद रोहित शर्मा ने फ़िफ़्टी जमाई

    रांची में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ खेले जा रहे पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने अर्धशतक बनाए हैं.

    विराट कोहली ने पहले 48 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उसके बाद रोहित शर्मा ने 43 गेंदों पर अर्धशतक जमाया.

    भारतीय टीम का स्कोर 19 ओवरों में एक विकेट के नुक़सान पर 146 रन है.

    पहला विकेट यशस्वी जायसवाल का गिरा था जो 18 रन बनाकर आउट हुए थे.

  14. रांची वनडे में भारत ने 100 का स्कोर किया पार, रोहित और विराट क्रीज़ पर डटे

    रोहित शर्मा और विराट कोहली

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी क्रीज़ पर है

    रांची में खेले जा रहे पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 13.3 ओवरों में 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है.

    इस दौरान भारतीय टीम का एक विकेट यशस्वी जायसवाल के रूप में गिरा जबकि क्रीज़ पर रोहित शर्मा और विराट कोहली जमे रहे.

    टीम के इस स्कोर तक विराट कोहली ने 41 रन और रोहित शर्मा ने 30 रन बनाए.

    तीन मैचों की वनडे सिरीज़ के पहले मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रही थें.

    अब बीबीसी संवाददाता मानसी दाश रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  16. चुनाव आयोग ने एसआईआर को लेकर लिया ये फ़ैसला

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

    चुनाव आयोग ने नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल एक हफ़्ते के लिए बढ़ा दिया है.

    रविवार को जारी आयोग के बयान में कहा गया कि मतदाता सूची के लिए घर-घर जाकर फार्म बांटने की प्रक्रिया अब 4 दिसंबर के बजाय 11 दिसंबर तक चलेगी.

    इसके साथ ही, ड्राफ़्ट मतदाता सूची अब 9 दिसंबर की जगह 16 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी.

    वहीं अंतिम मतदाता सूची 7 फ़रवरी 2026 की जगह 14 फ़रवरी 2026 को जारी होगी.

  17. आंद्रे रसेल ने आईपीएल से लिया संन्यास, लेकिन रहेंगे केकेआर के साथ

    आंद्रे रसेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आंद्रे रसेल पिछले 12 सीज़न से कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा थे

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पावर हिटर के रूप में पहचाने जाने वाले वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने अब टूर्नामेंट से संन्यास ले लिया है.

    नए सीज़न में अभिषेक नायर की अगुवाई में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सपोर्ट स्टाफ़ का हिस्सा बनेंगे. हालांकि रसेल दुनियाभर की दूसरी क्रिकेट लीग में खेलना जारी रखेंगे.

    इंस्टाग्राम पर जारी एक भावुक वीडियो में रसेल ने आईपीएल से संन्यास का एलान किया.

    रसेल ने वीडियो में कहा, "मैं आपको बताने आया हूं कि मैंने आईपीएल से रिटायर होने का निर्णय लिया है."

    उन्होंने कहा, "मैं दुनिया की कई लीगों में खेलता रहूंगा और केकेआर की सभी फ्रेंचाइज़ी के लिए भी खेलूंगा. आईपीएल में बिताया समय शानदार रहा, छक्के मारना, मैच जीतना, एमवीपी (मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर) बनना…ये यादें हमेशा रहेंगी."

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत के ख़िलाफ़ दक्षिण अफ़्रीका ने जीता टॉस, कोहली और रोहित टीम में आएंगे नज़र

    कोहली और रोहित

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीन मैचों की एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) सिरीज़ का पहला मुक़ाबला जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम, रांची में खेला जा रहा है.

    दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है. भारत की ओर से इस मैच में केएल राहुल कप्तानी कर रहे हैं. नियमित कप्तान शुभमन गिल चोट के कारण टीम से बाहर हैं.

    इससे पहले भारत के ख़िलाफ़ दक्षिण अफ़्रीका ने टेस्ट सिरीज़ 2-0 से जीती थी.

    इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं.

  19. चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह तमिलनाडु–पुदुचेरी से सिर्फ़ 70 किलोमीटर दूर

    चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है

    मौसम विभाग (आईएमडी) ने चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह को लेकर ताज़ा जानकारी दी है.

    आईएमडी के मुताबिक़, चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर पिछले 6 घंटों में लगभग 12 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ा है.

    विभाग ने यह भी बताया कि चक्रवात का केंद्र उत्तर तमिलनाडु–पुदुचेरी तटरेखा से लगभग 70 किलोमीटर दूर है.

    श्रीलंका के डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (डीएमसी) ने बताया कि चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण हुई बारिश, बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 159 लोगों की मौत हुई है, जबकि 200 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं.

  20. अमेरिका: कैलिफ़ोर्निया में बच्चे की जन्मदिन पार्टी में गोलीबारी, चार की मौत

    कैलिफ़ोर्निया में गोलीबारी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने कैलिफ़ोर्निया में गोलीबारी में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है

    अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में एक बच्चे की जन्मदिन की पार्टी में हुई गोलीबारी में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए हैं.

    यह घटना शनिवार शाम कैलिफ़ोर्निया के स्टॉकटन शहर के एक रेस्तरां में हुई.

    हमलावर अभी भी फ़रार है और पुलिस का कहना है कि उन्हें यह गोलीबारी 'टारगेटेड' यानी किसी को निशाना बनाकर की गई लगती है.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक़ पीड़ितों में बच्चे और वयस्क, दोनों शामिल हैं. घायल लोगों की स्थिति की अभी पुष्टि नहीं की गई है.