ट्रंप ने हमास को दी डेडलाइन, कहा- इसके बाद कहर बरपेगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग़ज़ा में जंग ख़त्म करने को लेकर अपने प्रस्ताव के लिए हमास को डेडलाइन दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ट्रंप ने हमास को दी डेडलाइन, कहा- इसके बाद कहर बरपेगा, कैथरीन आर्मस्ट्रॉन्ग

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रस्ताव को हमास के लिए 'अंतिम अवसर' बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग़ज़ा में जंग ख़त्म करने को लेकर अपने प्रस्ताव के लिए हमास को डेडलाइन दी है.

    ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा कि रविवार को वॉशिंगटन डीसी के समयानुसार शाम 6:00 बजे तक समझौता हो जाना चाहिए.

    भारतीय समय के अनुसार यह सोमवार तड़के साढ़े तीन बजे का वक़्त होगा.

    ग़ज़ा को लेकर ट्रंप के प्लान में इसराइल-हमास की जंग को तुरंत ख़त्म करने की बात है. इसके 72 घंटों के अंदर हिरासत में लिए गए सैकड़ों ग़ज़ावासियों के बदले इसराइली बंधकों की रिहाई की शर्त है.

    ऐसा माना जा रहा है कि अरब देश और तुर्की हमास पर इस प्रस्ताव को स्वीकार करने का दबाव डाल रहे हैं, लेकिन हमास के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि हमास इसे अस्वीकार कर सकता है.

    वहीं, ट्रंप ने अपनी पोस्ट में इस प्रस्ताव को 'अंतिम अवसर' बताते हुए लिखा, "अगर यह समझौता नहीं हुआ, तो हमास के ख़िलाफ़ ऐसा कहर बरपेगा, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया. मध्य पूर्व में किसी न किसी तरह शांति स्थापित होगी."

  3. असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- जुबिन गर्ग की मौत की जांच न्यायिक आयोग करेगा, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    जुबिन गर्ग की सिंगापुर में कथित तौर पर पानी में डूबने से मौत हो गई थी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सिंगर जुबिन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में मौत हो गई थी

    असम के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग की मौत की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग के गठन को मंज़ूरी दे दी गई है.

    राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार इस बात की जानकारी देते हुए कहा, "गुवाहाटी हाई कोर्ट ने जुबिन गर्ग की मौत की जांच के लिए न्यायिक आयोग के गठन के असम सरकार के अनुरोध पर सहमति व्यक्त की है."

    यह न्यायिक जांच आयोग गुवाहाटी हाई कोर्ट के जस्टिस सौमित्र सैकिया की अध्यक्षता में गठित की जाएगी.

    सीएम हिमंत ने शुक्रवार की शाम एक फेसबुक लाइव के दौरान कहा, "हमारे अनुरोध पर गुवाहाटी हाई कोर्ट ने जस्टिस सौमित्र सैकिया की अध्यक्षता में गर्ग की मौत की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग के गठन को मंज़ूरी दे दी है. आयोग का गठन शनिवार को किया जाएगा. मैं उन सभी से आग्रह करता हूं जिनके पास कोई सबूत है, वे आयोग के साथ साझा करें."

    जुबिन गर्ग की बीते 19 सितंबर को सिंगापुर में कथित तौर पर पानी में डूबने से मौत हो गई थी. जुबिन नॉर्थ ईस्ट इंडिया फ़ेस्टिवल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने सिंगापुर गए थे. लेकिन उनके कार्यक्रम से एक दिन पहले ही उनका निधन हो गया.

    जुबिन की इस तरह असामयिक हुई मौत को लेकर पुलिस ने फ़ेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत और उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा समेत कुल चार लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी और गायिका अमृतप्रभा को भी गायक जुबीन गर्ग की मौत के सिलसिले में गुरुवार को गिरफ़्तार किया गया है. यह दोनों लोग उस समय सिंगापुर में मौजूद थे, जब जुबिन के साथ हादसा हुआ था.

    गायिका अमृतप्रभा और संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी

    इमेज स्रोत, Facebook

    इमेज कैप्शन, गायिका अमृतप्रभा और संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी

    इस घटना की जांच कर रही सीआईडी ने आपराधिक षड्यंत्र, गैर इरादतन हत्या और लापरवाही से मौत संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

    इस बीच आज जुबिन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने सीआईडी की ओर से दर्ज एफ़आईआर के संबंध में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया है.

  4. दो साल से कम उम्र के बच्चों को न दें कफ़ सिरप, केंद्र सरकार ने जारी की एडवाइज़री

    कफ़ सिरप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एडवाइज़री में कहा गया है कि बच्चों में खांसी आमतौर पर ख़ुद ही ठीक हो जाती है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बच्चों के लिए कफ़ सिरप के इस्तेमाल से संबंधित एडवाइज़री जारी की है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने सलाह दी है कि दो साल और उससे कम उम्र के बच्चों को खांसी और सर्दी की दवाएं नहीं दी जानी चाहिए.

    एडवाइज़री में कहा गया है कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए आमतौर पर ऐसी दवाओं की सलाह नहीं दी जाती है.

    वहीं, पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों के मामले में ऐसी दवाइयां देते वक़्त डोज़ का ध्यान रखना चाहिए और कई तरह की दवाइयों को एक साथ लेने से बचना चाहिए.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के हेल्थ सर्विसेज़ के डायरेक्टर को इस बारे में पत्र लिखा है.

    इसमें कहा गया है कि बच्चों में खांसी आमतौर पर ख़ुद ही ठीक हो जाती है और इसके लिए अक़्सर दवाओं की जरूरत नहीं पड़ती.

  5. मैनचेस्टर हमला: हमलावर पर फ़ायरिंग के दौरान दो पीड़ितों को भी लगी पुलिस की गोली

    मैनचेस्टर हमला

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने मौक़े पर ही हमलावर को गोली मार दी थी

    ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना स्थल) के पास हुए हमले के बाद हमलावर पर पुलिस फ़ायरिंग के दौरान दो पीड़ितों को भी गोली लगी.

    ये जानकारी ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने दी है.

    गुरुवार को हीटन पार्क हिब्रू कांग्रिगेशन सिनेगॉग के बाहर मौजूद लोगों को एक हमलावर ने पहले कार से लोगों को टक्कर मारी और फिर चाकू से हमला किया था.

    पुलिस ने मौक़े पर ही हमलावर को गोली मार दी थी. पुलिस के मुताबिक़ हमलावर की पहचान 35 साल के जिहाद अल-शामी के तौर पर हुई.

    वहीं शुक्रवार को ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने बताया कि कल के हमले में दो पीड़ितों को पुलिस की फ़ायरिंग के दौरान गोली लगी, जिनमें एक मृतक भी शामिल है.

    पुलिस के मुताबिक़ पैथोलॉजिस्ट ने प्रारंभिक जांच में बताया है कि मृतकों में से एक के शरीर पर गोली लगने जैसा घाव पाया गया है. वहीं एक घायल व्यक्ति को भी पुलिस की गोली लगने की जानकारी दी गई है.

    मैनचेस्टर हमले में जिन दो लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान कर ली गई है. मृतकों की पहचान 66 साल के मेल्विन क्रैविट्ज़ और 53 साल के एड्रियन डॉल्बी के तौर पर हुई है.

  6. ओवैसी के 'आई लव मोदी' वाले बयान पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने जताई नाराज़गी, कहा- अपने अल्फ़ाज वापस लें

    असदुद्दीन ओवैसी और राशिद अल्वी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि ओवैसी को माफ़ी मांगनी चाहिए

    कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान की निंदा की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि देश में 'आई लव मोदी' तो बोल सकते हैं, लेकिन 'आई लव मोहम्मद' नहीं बोल सकते.

    राशिद अल्वी ने कहा, "हमारे हज़रत मोहम्मद हम लोगों को अपनी जान से भी ज़्यादा अज़ीज़ हैं. पूरी दुनिया के मुसलमान उनसे मोहब्बत करते हैं. असदुद्दीन ओवैसी के इस बयान की निंदा मैं इसलिए करता हूं कि वो मोदी से मुक़ाबला कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं कि वो बीजेपी को ताक़त देते हैं, लेकिन इस हद तक गिर जाएंगे, ये मैंने नहीं सोचा था. उन्हें अपने अल्फ़ाज़ वापस लेने चाहिए और माफ़ी मांगनी चाहिए."

    हैदराबाद के सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित किया था.

    इस दौरान उन्होंने कहा, "इस देश में 'आई लव मोदी' बोल सकते हैं, लेकिन 'आई लव मोहम्मद' नहीं बोल सकते. कहां लेकर जाएंगे इस मुल्क को आप?"

  7. यूपी: बरेली हिंसक झड़पों के मामले में अब तक 80 से अधिक लोग गिरफ़्तार, एसपी सिटी ने दी जानकारी

    बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बरेली पुलिस के मुताबिक़ शहर में माहौल पूरी तरह से शांत और सामान्य है

    उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर को 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर पर प्रदर्शन के दौरान होने वाली हिंसक झड़पों के मामले अब तक 83 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. ये जानकारी एसपी सिटी मानुष पारीक ने दी है.

    एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा, "पिछले शुक्रवार को नमाज़ के बाद जो घटनाक्रम हुआ था, उसमें 10 मुकदमें दर्ज किए गए थे. इसमें कल तक गिरफ़्तारियों की संख्या 81 थीं. आज दो और अभियुक्तों को जेल भेजा गया है."

    उन्होंने बताया, "इनमें से एक अभियुक्त मौलाना तौकीर रज़ा के कम्युनिकेशन देखने वाले मुनीर इदरीसी हैं और दूसरे अभियुक्त का नाम फ़ैज़ान सकलैनी है."

    एसपी सिटी ने कहा, "कोतवाली थाना क्षेत्र में कुमार टॉकीज एक जगह है, वहां पिछले शुक्रवार को पुलिस पर पथराव हुआ था, फायरिंग की घटना की गई थी, कई आपत्तिजनक नारे भी लगाए गए थे, इसके पीछे फ़ैज़ान सकलैनी की काफी महत्वपूर्ण भूमिका थी."

    बरेली पुलिस के मुताबिक़ शहर में माहौल पूरी तरह से शांत और सामान्य है और आज सभी जगह शांतिपूर्वक नमाज़ अदा की गई.

  8. कार्टून: गरीबी का कॉम्पिटिशन

    कार्टून: गरीबी का कॉम्पिटिशन

    गरीबी का कॉम्पिटिशन भारत के अमीरों की सूची पर आज का कार्टून

  9. कनाडा के लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर एक्शन को लेकर रणधीर जायसवाल ने दी ये प्रतिक्रिया

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत-कनाडा के बीच सुरक्षा सहयोग चल रहा है

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को मीडिया ब्रीफ़िंग के दौरान कहा कि द्विपक्षीय मुद्दों पर कनाडा और भारत के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है.

    कनाडा ने हाल ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित किया है. इसी मुद्दे पर रणधीर जायसवाल से सवाल किया गया था.

    इस पर उन्होंने जवाब दिया, "अभी हाल ही में 18 तारीख़ को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की मुलाक़ात कनाडा के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से हुई थी. दोनों पक्षों के बीच अच्छी बातचीत हुई कि किस प्रकार से द्विपक्षीय मुद्दों पर ख़ासकर आतंकवाद और संगठित अपराध के ख़िलाफ़ दोनों देश काम कर सकते हैं."

    रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग चल रहा है.

    कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन की लिस्ट में शामिल कर लिया है. अब कनाडाई सरकार इस गैंग की संपत्ति जब्त कर सकती है.

    पिछले साल, कनाडाई पुलिस ने भारत सरकार के एजेंटों पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लोगों की मदद से "हत्या, वसूली और हिंसक कृत्यों" को अंजाम देने और खालिस्तान समर्थक आंदोलन के समर्थकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया था.

    भारत ने इन आरोप का खंडन करते हुए कहा था कि कनाडा ने इसका कोई सबूत नहीं दिया है.

  10. भारत-वेस्टइंडीज़ टेस्ट: पहले मुकाबले का दूसरा दिन, भारतीय टीम ने बनाई इतने रन की बढ़त

    रवींद्र जडेजा

    इमेज स्रोत, R.SATISH BABU/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रवींद्र जडेजा 104 रन बनाकर नाबाद रहे

    वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ के पहले मुकाबले में दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक टीम इंडिया ने पांच विकेट के नुकसान पर 448 रन बना लिए हैं.

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम पहली पारी में 286 रन की बढ़त बना चुकी है.

    दिन का खेल खत्म होने तक रवींद्र जडेजा 104 रन बनाकर नाबाद रहे. वॉशिंगटन सुंदर 9 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं.

    भारत की ओर से पहली पारी में जडेजा के अलावा केएल राहुल और ध्रुव जुरेल ने भी शतक जड़े. वहीं कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन की पारी खेली.

    वेस्टइंडीज़ की टीम पहली पारी में 162 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी.

  11. पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में विरोध प्रदर्शन और हिंसा पर ये बोले रणधीर जायसवाल

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान को उसके रवैये के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर (पीएके) में विरोध प्रदर्शन और वहां हुई हिंसा पर प्रतिक्रिया दी है.

    रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने 'पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर' के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शनों की खबरें देखी हैं, जिनमें पाकिस्तानी बलों द्वारा निर्दोष नागरिकों पर किए गए अत्याचार भी शामिल हैं."

    उन्होंने कहा,"हमारा मानना ​​है कि यह पाकिस्तान के दमनकारी रवैये और इन क्षेत्रों से संसाधनों की लूट का स्वाभाविक नतीजा है. इन क्षेत्रों पर उसका जबरन और अवैध कब्ज़ा अभी भी बना हुआ है. पाकिस्तान को अपने भयानक मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए."

    पीएके के चम्याती इलाके में हुई झड़पों के दौरान तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और लगभग 150 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    पीएके के प्रधानमंत्री चौधरी अनवारुल हक़ ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में घटना की पुष्टि की. उन्होंने कहा, “हिंसा के ज़रिए कोई लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता. संघर्षों का समाधान हमेशा बातचीत के ज़रिए होता है.”

  12. भारत-वेस्टइंडीज़ टेस्ट: केएल राहुल के बाद ध्रुव जुरेल ने भी लगाया शतक

    ध्रुव जुरेल

    इमेज स्रोत, R.SATISH BABU/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, शतक लगाने के बाद ध्रुव जुरेल

    वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में केएल राहुल (100) के बाद ध्रुव जुरेल (125) ने भी शतक जड़ा है.

    3 अक्तूबर को इस पहले टेस्ट मैच का दूसरा दिन है और भारतीय टीम की पहली पारी चल रही है.

    मैच के पहले दिन वेस्टइंडीज़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला लिया था. मेहमान टीम सिर्फ़ 162 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी.

    इसके जवाब में भारत, ख़बर लिखे जाने तक पांच विकेट खोकर 432 रन बना चुका है. अभी वॉशिंगटन सुंदर (3*) और रवींद्र जडेजा बल्लेबाज़ी (98*) कर रहे हैं.

    भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ का पहला मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है.

  13. भारत के सेना प्रमुख पाकिस्तान और 'आतंकवाद' पर क्या बोले?

    भारत के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारत के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि अगर पाकिस्तान ने 'स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म' को नहीं रोका, तो अगली बार भारत 'ऑपरेशन सिंदूर 1.0' जैसा संयम नहीं बरतेगा.

    राजस्थान के अनूपगढ़ पहुंचे सेना प्रमुख ने कहा, "इस बार भारत पूरी तरह तैयार है. अब भारत वो संयम नहीं रखेगा, जो 'ऑपरेशन सिंदूर 1.0' के दौरान रखा. इस बार हम आगे की कार्रवाई करेंगे."

    उन्होंने आगे कहा, "कुछ ऐसी कार्रवाई करेंगे कि पाकिस्तान को सोचना पड़ेगा कि उसे इतिहास और भूगोल में रहना है या नहीं रहना है. अगर उसे भूगोल में अपनी जगह बनाए रखनी है, तो उसके लिए उसे 'स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म' को रोकना होगा."

    इस साल अप्रैल में पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत ने 6-7 मई की दरमियानी रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में नौ 'आतंकवादी ठिकानों' को निशाना बनाने का दावा किया था. इस कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया था.

  14. यूपी: बरेली में पिछले हफ़्ते हुए विवाद के बाद कड़ी सुरक्षा में हुई जुमे की नमाज़, ड्रोन भी तैनात

    बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य

    इमेज स्रोत, X/@bareillypolice

    इमेज कैप्शन, बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी दी

    उत्तर प्रदेश के बरेली में पिछले हफ़्ते जुमे की नमाज़ के बाद हुए विवाद के मद्देनज़र शुक्रवार को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत में बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा, "स्पेशल ड्रोन तैयार किए गए हैं. लगभग 50 अधिकारियों को तैनात किया गया है. लगभग साढ़े 8 हज़ार पुलिस बल जनपद के शहर और देहात क्षेत्र में तैनात किए गए हैं. जनपद के बॉर्डर पर भी संदिग्ध लोगों पर नज़र रखने के लिए टीमें लगी हुई हैं."

    उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर भी नज़र रख रही है ताकि किसी तरह की कोई अफ़वाह न फैलाई जाए.

    एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा, "सभी धर्मगुरुओं और अलग-अलग धार्मिक स्थल के लोगों से बातचीत की गई है. उनकी ओर से अपील भी जारी की गई है कि किसी तरह का कोई आयोजन नहीं है. जो भी लोग नमाज़ पढ़ने आ रहे हैं, वे सामान्य तरीके से नमाज़ पढ़े और अपने घर चले जाएं. किसी तरह का कोई ज्ञापन या धरना, कोई आयोजन नहीं है."

    बीते दिनों उत्तर प्रदेश में 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर की वजह से विवाद हुआ. यह विवाद देश के दूसरे राज्यों में भी दिखा. इस बीच बरेली में जुमे की नमाज़ के बाद 'आई लव मोहम्मद' लिखे पोस्टर लिए कई लोग प्रदर्शन के लिए जुटे, जो हिंसक झड़पों में बदल गया था.

  15. सोनम वांगचुक की हिरासत के ख़िलाफ़ उनकी पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका

    सोनम वांगचुक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्र सरकार ने सोनम वांगचुक को हिंसक प्रदर्शनों के लिए ज़िम्मेदार ठहराया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    शिक्षाविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि ने उनके पति को हिरासत में रखे जाने के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है.

    उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के ज़रिए दी. डॉ. गीतांजलि ने लिखा, "मैंने सोनम वांगचुक की हिरासत के ख़िलाफ़ हैबियस कॉर्पस (बंदी प्रत्यक्षीकरण) के ज़रिए सुप्रीम कोर्ट से राहत मांगी है."

    उन्होंने कहा, "आज एक हफ़्ता हो गया है. अभी तक मुझे सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य, उनकी स्थिति और हिरासत की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं है. "

    लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लेह में 24 सितंबर को हिंसक प्रदर्शन हुए थे. इसके बाद शिक्षाविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को उनके गांव उलेटोक्पो से गिरफ़्तार किया गया था.

    संबंधित कहानियां:

  16. अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत और पाकिस्तान को होने वाले नुक़सान पर बोले वायुसेना प्रमुख

    अमर प्रीत सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एयर चीफ़ मार्शल ने पाकिस्तान को हुए नुक़सान के बारे में भी बताया

    भारतीय वायुसेना के एयर चीफ़ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कहा है कि हमें 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत को हुए नुक़सान की बात नहीं करनी चाहिए.

    भारतीय वायुसेना की 93वीं वर्षगांठ के मौक़े पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयर चीफ़ मार्शल ने कहा, "उन्होंने (पाकिस्तान ने) कहा हमने इतने जेट गिराए, आपने कुछ नहीं कहा. मैं अभी भी कुछ नहीं बोल रहा और न ही कुछ बोलना चाहूंगा. अगर वो सोचते हैं कि मेरे 15 जेट गिराए हैं, तो उनको सोचने दो..."

    अमर प्रीत सिंह ने आगे कहा, "मुझे इस बारे में क्यों बात करनी चाहिए? मैं उसके बारे में आज भी कुछ नहीं बोलूंगा कि क्या हुआ, कितना नुक़सान हुआ. कुछ नहीं बताना चाहिए क्योंकि उनको पता करने दो. हम भी कुरेद-कुरेद के निकाल रहे हैं कि हम क्या कर पाए हैं, तो उनको भी निकालने दो."

    इसके साथ ही एयर चीफ़ मार्शल ने पाकिस्तान को हुए नुक़सान के बारे में भी बात की.

    उन्होंने बताया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत ने पाकिस्तान की चार जगहों पर रडार, कमांड और कंट्रोल नष्ट किए, जबकि दो जगहों पर रनवे को नुक़सान पहुंचाया.

    एयर चीफ़ मार्शल अमर प्रीत सिंह के मुताबिक़, भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी वायुसेना के एक सी130 प्लेन और एईडब्ल्यूसी प्लेन को नष्ट किया. साथ ही एक एसएएम सिस्टम (ज़मीन से हवा में मार करने वाला मिसाइल सिस्टम) को भी नुक़सान पहुंचाया गया.

    उन्होंने यह भी कहा कि संभवतः चार से पांच एफ़16 लड़ाकू विमानों को भी नुक़सान पहुंचा है.

  18. भारत-वेस्टइंडीज़ टेस्ट: केएल राहुल शतक लगाकर आउट, कप्तान गिल का अर्धशतक

    केएल राहुल

    इमेज स्रोत, R.SATISH BABU/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, केएल राहुल 100 रन बनाकर आउट हुए

    वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में केएल राहुल ने शतक जड़ दिया है. वह 100 रन बनाकर आउट हुए.

    दूसरे दिन लंच तक भारत ने तीन विकेट के नुक़सान पर 218 रन बनाए थे. कप्तान शुभमन गिल (50) अर्धशतक लगाकर रोस्टन चेज़ की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए.

    लंच के तुरंत बाद केएल राहुल ने अपना विकेट गंवा दिया. ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा अभी बल्लेबाज़ी कर रहे हैं.

    पहले दिन वेस्टइंडीज़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला लिया था. मेहमान टीम 162 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

    इसके जवाब में भारत, ख़बर लिखे जाने तक चार विकेट खोकर 251 रन बना चुका है. भारत के पास 89 रनों की बढ़त है.

  19. मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश में हिंदुओं के ख़िलाफ़ हुई हिंसा और भारत को लेकर ये कहा

    मोहम्मद यूनुस

    इमेज स्रोत, Habibul Haque/Drik/Getty

    इमेज कैप्शन, मोहम्मद यूनुस ने हिंसा की ख़बरों को फ़ेक बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि पिछले साल देश में अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हुई हिंसा को बढ़ा चढ़ाकर दिखाया गया. उन्होंने इस मुद्दे पर भारत को लेकर भी बयान दिया है.

    एक इंटरव्यू में मोहम्मद यूनुस से पूछा गया, "बांग्लादेश में पिछले साल नवंबर में 30 हज़ार से ज़्यादा हिंदू आपकी सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के लिए जुटे. उनका कहना था कि हिंदुओं पर हज़ारों हमले हो रहे हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने भी यह मुद्दा उठाया और बांग्लादेश में हुई हिंसा को बर्बर बताया. इस तरह की हिंसा को कंट्रोल करने के लिए क्या किया गया?"

    इस पर मोहम्मद यूनुस ने कहा, "सबसे पहली बात तो ये सब फ़ेक न्यूज़ हैं. आप इन्हें सही नहीं मान सकते."

    इस पर पत्रकार ने कहा, "मैंने इसे डोनाल्ड ट्रंप के हवाले से कहा और आप इसे फ़ेक न्यूज़ कह रहे हैं?"

    यूनुस ने कहा, "हां. चाहे डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा कुछ कहा हो या चाहे उनके पास इसकी जानकारी हो कि बांग्लादेश में अभी क्या कुछ हो रहा है."

    पत्रकार ने उनसे पूछा, "मतलब कि आप यह कह रहे हैं कि न केवल इसे बढ़ा चढ़ाकर पेश किया गया, बल्कि हिंदुओं के ख़िलाफ़ कोई हिंसा हुई ही नहीं. यहां तक कि न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी ख़बरें चलाईं कि बांग्लादेश में कई दौर की हिंसाएं हुईं. पुलिस ने एक हिंदू मॉन्क को पिछले नवंबर में गिरफ़्तार किया... ये सब चीज़ें हुईं, है ना? आप इससे मुकर नहीं सकते."

    इस पर यूनुस ने कहा, "वर्तमान में भारत की ख़ासियतों में एक है- फ़ेक न्यूज़. बहुत सारी फ़ेक न्यूज़."

    पत्रकार ने कहा, "मैं आपकी बात समझ रहा हूं. लेकिन मैं ये कह रहा हूं कि क्या बांग्लादेश में हिंदुओं के ख़िलाफ़ कोई हिंसा नहीं हुई?"

    इस पर यूनुस ने कहा, "जब सामान्य संबंध चल रहे हों तो कभी कभार विवाद, पारिवारिक समस्या, ज़मीनी विवाद और भी चीजे़ं हैं... अगर आप मेरे हिंदू पड़ोसी हैं और मैं मुस्लिस पड़ोसी. हमारे बीच ज़मीन को लेकर विवाद है, ठीक दो पड़ोसी की तरह. तो आप अगर इसे हिंदू-मुस्लिम के बीच विवाद बता रहे हैं, तो ऐसा नहीं है."

    पिछले साल बांग्लादेश में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के ख़िलाफ़ हुए देशव्यापी प्रदर्शनों के बाद उन्हें सत्ता छोड़नी पड़ी थी. इन प्रदर्शनों के दौरान अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हिंसा की घटनाएं भी हुईं थीं.

    संबंधित कहानियां:

  20. नेतन्याहू ने ब्रिटेन में यहूदियों पर हुए हमले पर क्या कहा?

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty

    इमेज कैप्शन, नेतन्याहू ने कहा कि सिर्फ़ ताक़त और एकता ही 'आतंकवाद' को हरा सकती है (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने ब्रिटेन में यहूदियों पर हुए हमले पर दुख जाहिर किया है. उन्होंने इस हमले को 'क्रूर आतंकवादी हमला' बताया है.

    नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, "मैनचेस्टर में हुए क्रूर आतंकवादी हमले के बाद इसराइल, ब्रिटेन के यहूदी समुदाय के साथ दुखी है. जिन लोगों की हत्या हुई हमारी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं."

    उन्होंने कहा, "जैसा कि मैंने संयुक्त राष्ट्र में चेतावनी दी थी: आतंकवाद के सामने कमज़ोरी दिखाने से और भी ज़्यादा आतंकवाद बढ़ता है. सिर्फ़ ताक़त और एकता ही इसे हरा सकती है."

    ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना स्थल) के पास 'आतंकवादी हमले' में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल हैं.

    यह घटना योम किप्पुर के दिन हुई है जिसे यहूदी कैलेंडर में सबसे पवित्र दिन माना जाता है.

    संबंधित कहानियां: