भारत ने न्यूज़ीलैंड को आख़िरी टी-20 मैच में 46 रन से हराकर 4-1 से जीती सिरीज़

तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें और अंतिम टी-20 मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी-20 सिरीज़ 4-1 से जीत ली है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और सौरभ यादव

  1. नमस्कार

    बीबीसी हिन्दी के आज के लाइव पन्ने को यही रोकने का समय आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को इजाज़त दीजिए.

    कल सुबह में हम फिर से एक नए लाइव पन्ने के साथ हाज़िर होंगे और आप तक देश दुनिया की तमाम बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. भारत ने न्यूज़ीलैंड को आख़िरी टी-20 मैच में 46 रन से हराकर 4-1 से जीती सिरीज़

    न्यूज़ीलैंड की टीम 225 रनों पर ऑल आउट हो गई थी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड की टीम 225 रनों पर ऑल आउट हो गई थी

    तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें और अंतिम टी-20 मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी-20 सिरीज़ 4-1 से जीत ली है.

    मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 271 रन बनाए थे.

    272 रन के टार्गेट का पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड की पूरी टीम दो गेंदें शेष रहते 225 रन पर ऑल आउट हो गई.

    भारत की ओर से ईशान किशन ने 43 बॉल पर 103 रन बनाए. उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 बॉल पर 63 रन बनाकर टीम को एक मज़बूत स्कोर खड़ा करने में मदद की.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से फ़िन एलन ने 38 बॉल पर 80 रन बनाए और ईश सोढ़ी ने 15 बॉल पर 33 रन का योगदान दिया.

  3. इसराइल के हमलों में ग़ज़ा में कम से कम 28 लोगों की मौत

    इसराइल हमास संघर्ष

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ग़ज़ा में शनिवार को इसराइल की ओर से किए गए हवाई हमलों में कम से कम 28 लोगों की मौत हुई है. ग़ज़ा के स्थानीय प्रशासन ने इसकी जानकारी दी है.

    हमास की ओर से संचालित सिविल डिफेंस एजेंसी का कहना है कि मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. एजेंसी ने आगे कहा है कि ख़ान यूनिस के दक्षिणी इलाके में विस्थापित लोगों के टेंट पर हेलिकॉप्टर से हमला किया गया.

    इसराइली सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि शुक्रवार को हमास द्वारा समझौते का उल्लंघन किए जाने के जवाब में कई हमले किए गए हैं.

    इसराइल और हमास के बीच संघर्ष की शुरुआत सात अक्तूबर 2023 को हुई, जब हमास के लड़ाकों ने इसराइल में हमला किया था. इन हमलों में 1200 इसराइली नागरिक मारे गए थे और हमास ने 251 लोगों को बंधक बना लिया था.

    हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उसके बाद से ग़ज़ा में इसराइल की ओर से चलाए गए सैन्य अभियानों में 71,660 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

  4. कांगो में खदान ढहने से 200 से अधिक लोगों की मौत

    कांगो

    इमेज स्रोत, Hassan Lali / BBC

    इमेज कैप्शन, कांगो की यह खदान बारिश के कारण बुधवार को ढह गई थी

    डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो के उत्तरी हिस्से में स्थित रुबाया शहर में खदान के ढहने से 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है.

    कांगो में विद्रोही समूह के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है.

    उत्तरी किवु इलाके़ के विद्रोही गुट के गर्वनर के प्रवक्ता लुमुम्बा कंबरे मुइसा ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार को बारिश के कारण यह खदान ढही है. उस समय मरने वालों की संख्या साफ़ नहीं थी.

    जब यह हादसा हुआ उस समय, महिलाएं और बच्चे भी कोल्टन की माइनिंग कर रहे थे. यह एक ऐसा मिनरल है जिसका इस्तेमाल स्मार्टफोन और कंप्यूटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने में होता है.

  5. महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनने के बाद ये बोलीं सुनेत्रा पवार

    सुनेत्रा पवार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुनेत्रा पवार ने शनिवार को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के पद की शपथ ली. वो महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम हैं.

    पद संभालने के बाद सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "आदरणीय अजीत दादा ने पूरी ज़िंदगी किसानों, मज़दूरों, महिलाओं, युवाओं और वंचितों के लिए जीने का मंत्र दिया. आज, उनके विचारों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए और 'शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर' के विचारों को मानते हुए, मैं कर्तव्य की भावना के साथ डिप्टी सीएम के पद की ज़िम्मेदारी स्वीकार कर रही हूं.”

    उन्होंने कहा, “हालांकि दादा के असमय निधन से मेरे दिल पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है, लेकिन उन्होंने जो कर्तव्य के प्रति वफ़ादारी, संघर्ष की ताकत और लोगों के प्रति कमिटमेंट सिखाया, वही मेरा सच्चा सहारा है. मैं उनके सपनों का एक न्यायपूर्ण, बराबर और विकसित महाराष्ट्र बनाने के लिए ईमानदारी से काम करती रहूंगी.”

    सुनेत्रा पवार ने कहा, “इस मुश्किल समय में महाराष्ट्र के लोगों का प्यार भरा साथ ही मेरी ताकत है. अपने विश्वास के बल पर, मैं दादा के विचारों को आगे बढ़ाती रहूंगी और नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ती रहूंगी."

  6. भारत बनाम न्यूजीलैंड: टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 271 रन बनाए

    ईशान किशन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईशान किशन ने 103 रन की पारी खेली

    तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे पांचवें टी 20 मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को जीत के लिए 272 रन का लक्ष्य दिया है.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय बल्लेबाज़ों ने रनों का अंबार लगा दिया.

    भारत की तरफ से ईशान किशन ने शतकीय पारी पारी खेली. उन्होंने 43 गेंदों पर 103 रन बनाएं जिसमें उन्होंने 10 छक्के और छह चौके लगाए.

    भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी अर्धशतकीय पारी खेली और 30 गेंदों पर 63 रन बनाए. इसके अलावा हार्दिक पंड्या ने भी 17 गेंदों पर 42 रन की पारी खेली

  7. एपस्टीन फ़ाइल्स में एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर की नई तस्वीरें आईं सामने

    एपस्टीन फ़ाइल्स

    इमेज स्रोत, US Department of Justice

    इमेज कैप्शन, एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर की जारी तस्वीर

    अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से पूर्व ड्यूक ऑफ़ यॉर्क, पूर्व प्रिंस और ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर की कुछ तस्वीरें जारी की गई हैं, जो कि एपस्टीन फ़ाइल्स का हिस्सा हैं.

    अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी की गई एपस्टीन फाइल्स के लेटेस्ट बैच में ऐसी तस्वीरें शामिल हैं जिनमें एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर ज़मीन पर लेटी एक महिला के पास हाथों और घुटनों के बल बैठे हुए दिख रहे हैं.

    एक तस्वीर में वह एक शख़्स के पेट पर छूते हुए दिख रहे हैं जिसकी पहचान नहीं हो पाई है. एक और तस्वीर में वह सीधे कैमरे की तरफ घूरते हुए दिख रहे हैं.

    एपस्टीन फाइलें

    इमेज स्रोत, US Department of Justice

    शुक्रवार को जारी किए गए अलग-अलग ईमेल से यह भी पता चलता है कि यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन ने माउंटबेटन-विंडसर को 26 साल की एक रूसी महिला के साथ डिनर करने के लिए आमंत्रित किया था.

  8. पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर टी-20 सिरीज़ पर बनाई अजेय बढ़त

    पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दूसरे टी-20 मैच में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 90 रन से हराया

    पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी-20 सिरीज़ को पाकिस्तान ने 2-0 से अपने नाम कर लिया है.

    लाहौर के ग़द्दाफ़ी स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने पांच विकट खोकर 198 रन बनाए थे.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम 108 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

    पाकिस्तान की तरफ़ से कप्तान सलमान आग़ा ने 40 गेंदों पर 76 रन की पारी खेली वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज़ उस्मान खान ने भी 36 गेंदों पर 53 रन बनाए.

    ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कैमरन ग्रीन ने सर्वाधिक 35 रन बनाए.

  9. आयकर विभाग की छापेमारी के बाद निजी कंपनी के चेयरमैन की आत्महत्या मामले में एसआईटी का गठन, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सीजे रॉय

    इमेज स्रोत, CV Lenin

    इमेज कैप्शन, रॉय की कंपनी कर्नाटक हाई कोर्ट में आयकर विभाग के टैक्स संबंधी मुक़दमे का सामना कर रही है

    बेंगलुरु पुलिस ने बिल्डिंग डेवलपर सीजे रॉय की मौत की जांच के लिए जॉइंट कमिश्नर की अगुवाई में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाई है.

    पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने जानकारी दी है कि जॉइंट कमिश्नर वमसी कृष्णा टीम का नेतृत्व करेंगे और डीसीपी (साउथ) लोकेश जगलासर चीफ़ इन्वेस्टिगेटिंग ऑफ़िसर होंगे.

    केरल की कोच्चि यूनिट के इनकम टैक्स ऑफ़िसरों की छापेमारी के वक़्त पूछताछ के दौरान शुक्रवार दोपहर को कॉन्फिडेंट ग्रुप के ऑफ़िस में सीजे रॉय ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी.

    घटना के बाद अधिकारी उन्हें नज़दीक के अस्पताल लेकर गए और उसके बाद उन्हें एक बड़े प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

    जॉइंट कमिश्नर वमसी कृष्णा और डीसीपी जगलसर नवंबर महीन में एटीएम वैन से दिनदहाड़े हुई 7.11 करोड़ रुपये की लूट के मामले को सुलझाने वाली टीम का नेतृत्व कर चुके हैं.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  10. एनसीपी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने अजित पवार की मां से मुलाक़ात की

    सुप्रिया सुले

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुप्रिया सुले का कहना है कि वो अजित पवार की मां से दिल्ली जाने की अनुमति लेने गई थीं

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने अजित पवार की मां से मुलाक़ात की है.

    मीडिया से बात करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा, "जैसा कि कल से बजट पेश होना है तो मैं उसके लिए दिल्ली जा रही हूं. मैं यहां पर आशा काकी से अनुमति लेने आई थी कि मैं दिल्ली जाऊं या नहीं."

    उन्होंने कहा, "यह देश का बजट है तुम्हें वहां ज़रूर जाना चाहिए."

    वहीं एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद शनिवार को उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की नई डिप्टी सीएम बन गई हैं.

    सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम के पद पर काबिज़ होने वाली पहली महिला हैं.

    उन्होंने शाम पांच बजे मुंबई के लोक भवन में शपथ ली. उन्हें राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पद की शपथ दिलाई.

    डिप्टी सीएम अजित पवार का 28 जनवरी को विमान हादसे में निधन हो गया था और उनके निधन के बाद ये पद ख़ाली हुआ था.

  11. पांचवां टी-20 मैच: भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ जीता टॉस, पहले बल्लेबाज़ी का फै़सला

    सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केरल के तिरुवनंतपुरम में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टी-20 मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फै़सला किया है.

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेली जा रही इस पांच टी-20 मैचों की सिरीज में अब तक भारत ने तीन और न्यूज़ीलैंड ने एक मैच जीता है.

    भारतीय प्लेइंग इलेवन-

    अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह.

  12. पाकिस्तान का दावा- बलूचिस्तान में 37 चरमपंथियों सहित 10 सुरक्षा कर्मियों की मौत

    बलूचिस्तान
    इमेज कैप्शन, पिछले दो दिनों में बलूचिस्तान में अलग-अलग जगहों पर 70 से अधिक चरमपंथियों के मारे जाने की ख़बरें सामने आई हैं

    पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने दावा किया है कि सुरक्षा बलों ने शनिवार को बलूचिस्तान के कई इलाक़ों में "आतंकवादियों की ओर से किए गए हमलों को नाकाम कर दिया है."

    मोहसिन नक़वी का कहना है कि इन हमलों के दौरान सुरक्षा बलों ने समय पर और प्रभावी कार्रवाई की जिसमें 37 चरमपंथी मारे गए.

    उनका कहना है कि इन हमलों को नाकाम करने के दौरान 10 सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं.

    दरअसल शनिवार सुबह बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा सहित कई शहरों से विस्फोटों और गोलीबारी की ख़बरें सामने आई थीं.

    बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने एक बयान जारी कर हमलों की ज़िम्मेदारी ली है और इन्हें ‘ऑपरेशन हेरोव’ का दूसरा चरण बताया है.

    बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के सलाहकार शाहिद रिंद ने अपने एक बयान में दावा किया कि, "पिछले दो दिनों में बलूचिस्तान में विभिन्न स्थानों पर 70 से अधिक आतंकवादियों के मारे जाने के बाद, आतंकवादियों ने बलूचिस्तान में कुछ स्थानों पर हमले का प्रयास किया, जिसे पुलिस और एफसी ने समय पर कार्रवाई करके नाकाम कर दिया."

  13. सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने पर पीएम मोदी ने एक्स पर क्या लिखा?

    सुनेत्रा पवार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने एक्स पर सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनने पर शुभकामनाएं दी हैं

    एनसीपी नेता सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की नई उपमुख्यमंत्री बन गई हैं. वो महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनी हैं.

    सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी है.

    पीएम मोदी ने कहा, "सुनेत्रा पवार जी को महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं, वह इस ज़िम्मेदारी को संभालने वाली पहली महिला हैं. मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए अथक प्रयास करेंगी और स्वर्गीय अजीत दादा पवार के विज़न को पूरा करेंगी.”

    डिप्टी सीएम अजित पवार का 28 जनवरी को विमान हादसे में निधन हो गया था और उनके निधन के बाद ये पद ख़ाली हुआ था.

  14. एलेना रिबकिना ने जीता ऑस्ट्रेलियन ओपन का ख़िताब

    ऑस्ट्रेलियन ओपेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह एलेना का दूसरा बड़ा ख़िताब है इससे पहले उन्होंने साल 2022 में विलबंडन जीता था.

    कज़ाकिस्तान की 26 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी एलेना रिबकिना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन का ख़िताब जीत लिया है.

    यह उनका दूसरा बड़ा ख़िताब है इससे पहले उन्होंने साल 2022 में विंबलडन जीता था.

    एलेना ने अपनी अपोनेंट बेलारूस की खिलाड़ी अरिना सबालिंका को हराकर यह ख़िताब अपने नाम किया है.

    ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के बाद एलेना कहा, "मेरे लिए कुछ भी बोलना काफ़ी कठिन है. मैं अरिना को बधाई देना चाहती हूं. मैं उम्मीद करती हूं कि हम भविष्य में भी कई फ़ाइनल साथ में खेलेंगे."

    उन्होंने कहा, "मैं अपनी टीम का धन्यवाद देना चाहती हूं बिना आपके यह संभव नहीं हो पाता. मैं बहुत खुश हूं कि हम यह रिज़ल्ट हासिल कर सके."

    एलेना ने अरिना सबालिंका को 4-6, 6-4, 4-6 से मात दी है.

  15. अरब देशों के विदेश मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाक़ात, क्या हुई बात?

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी ने ग़ज़ा में शांति के प्रयासों की सराहना की है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरब देशों के विदेश मंत्रियों, लीग ऑफ़ अरब स्टेट्स के महासचिव और अरब प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से मुलाक़ात की है.

    ये सभी लोग भारत-अरब विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए भारत आए हुए हैं.

    सरकार की ओर जारी की गई प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और अरब देशों के बीच के ऐतिहासिक और गहरे रिश्ते पर ज़ोर दिया है.

    प्रधानमंत्री ने फ़लस्तीनी लोगों के लिए भारत के लगातार समर्थन को दोहराया है और ग़ज़ा में चल रहे शांति के प्रयासों का स्वागत किया है जिसमें ग़ज़ा पीस प्लान भी शामिल है.

  16. सुनेत्रा पवार होंगी महाराष्ट्र की अगली डिप्टी सीएम, छगन भुजबल ने और क्या बताया?

    सुनेत्रा पवार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुनेत्रा पवार को एनसीपी के विधायक दल का नेता चुना गया है

    महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल ने बताया है कि सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री होंगी.

    उन्होंने पत्रकारों से बताया कि एनसीपी विधायक दल की बैठक हुई और प्रस्ताव पास करके उन्हें नेता चुना गया.

    उन्होंने बताया, “अब सीएम साहब के पास जाया जा रहा है."

    एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा है कि सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया है और हमने आज ही शपथ ग्रहण कराने के लिए निवेदन किया है.

  17. गृह मंत्री अमित शाह ने टीएमसी और ममता बनर्जी पर लगाए ये आरोप

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तरी 24 परगना में जनसभा को संबोधित किया है

    पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना में एक जनसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने टीएमसी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है.

    अमित शाह ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है. 12 नई ट्रेनें चलाई गईं और लगभग 10 लाख करोड़ से ज़्यादा रुपया हमने बंगाल सरकार को दिया है."

    उन्होंने कहा, "मुझे आप बताएंगे कुछ आपके गांव में आया है क्या, कहां गया ये सारा पैसा, जो पैसा नरेंद्र मोदी जी ने दिया वो टीएमसी के सिंडिकेट की भेंट चढ़ गया है. मैं आप लोगों से वादा करता हूं, आप भाजपा सरकार बना दीजिए, मोदी जी एक रुपये भेजेंगे तो वह रुपया बंगाल के गांवों और गरीब लोगों तक पहुंचेगा."

    अमित शाह ने कहा, "बंगाल के चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी के हाथों हमारे सात कार्यकर्ता मारे गए. सैकड़ों लोग घायल हुए, कई लोगों के घर जल गए और कई लोग गलत केसों में जेल में बंद हैं. ममता बनर्जी ने बंगाल में भ्रष्टाचार को संस्थागत कर दिया है."

  18. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  19. सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा के बीच क्या बोलीं प्रियंका चतुर्वेदी

    शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उन्होंने सुनेत्रा पवार को राज्यसभा में अपने सहयोगी के तौर पर देखा है

    एनसीपी नेता अजित पवार की पत्नी को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा के बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "अगर सुनेत्रा पवार ये ज़िम्मेदारी संभालेंगी, तो महाराष्ट्र में पहली महिला डिप्टी सीएम बनेंगी, मैं इसका स्वागत करती हूं."

    प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उन्होंने सुनेत्रा पवार को राज्यसभा में अपने सहयोगी के तौर पर देखा है.

    उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद करती हूं कि महाराष्ट्र के लिए अजित पवार का जो विज़न था, जो उनकी सोच थी और जो प्रतिबद्धता थी, उसमें सुनेत्रा पवार अपनी इस नई ज़िम्मेदारी में भागीदारी निभाएंगी और महाराष्ट्र को प्रगति और उन्नति की तरफ़ लेकर जाएंगी."

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायकों की 31 जनवरी की दोपहर दो बजे एक बैठक होने वाली है.

    उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक के तुरंत बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा.

  20. सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर क्या बोले छगन भुजबल

    छगन भुजबल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, छगन भुजबल ने कहा कि विधायकों की मांग है कि सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम बनें (फ़ाइल फ़ोटो)

    महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल ने सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "दिवंगत डिप्टी सीएम अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगी तो ये अच्छी बात है. लोगों की भी यही इच्छा है और विधायकों की तरफ से यही मांग हो रही है. इस हालात में सुनेत्रा पवार को ही डिप्टी सीएम बनाना चाहिए."

    इस बीच अजित पवार और सुनेत्रा पवार के बेटे पार्थ पवार बारामती में एनसीपी (एससीपी) प्रमुख शरद पवार के घर पहुंचे हैं.

    शरद पवार ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इस दौरान उनसे एनसीपी और एनसीपी (एससीपी) के विलय को लेकर सवाल किया गया.

    शरद पवार ने कहा, "पिछले चार महीनों से दोनों पार्टियों के बीच सकारात्मक चर्चा चल रही थी. अजित पवार और जयंत पाटिल इस पर विचार-विमर्श कर रहे थे."

    उन्होंने कहा कि अजित पवार की यही इच्छा थी और वह चाहते हैं कि उनकी ये इच्छा पूरी हो.